नगर निकायों के प्रशासकों का कार्यकाल तीन माह और बढ़ा..
उत्तराखंड: प्रदेश के नगर निकाय चुनाव न हो पाने के कारण शासन ने प्रशासकों का कार्यकाल तीन माह और बढ़ा दिया है। इसके आदेश जारी कर दिए गए हैं। 31 मई को प्रशासकों का छह माह का कार्यकाल पूरा हो गया था। प्रदेश में नौ नगर निगम समेत कुल 102 नगर निकाय हैं, इनमें आठ नगर निगम समेत 93 नगर निकायों में चुनाव न होने से दिसंबर 2023 में प्रदेश सरकार ने छह माह के लिए जिलाधिकारियों को प्रशासक तैनात कर दिया था। लेकिन इस बीच भी निकाय चुनाव नहीं हो पाए और 31 मई को प्रशासकों का कार्यकाल पूरा हो गया। अब शहरी विकास विभाग के प्रमुख सचिव आरके सुंधाशु ने तीन माह के लिए प्रशासकों का कार्यकाल बढ़ाने के आदेश जारी कर दिए हैं।
आदेश के अनुसार लोकसभा चुनाव की आचार संहिता लागू होने से नगर निकाय चुनाव की प्रक्रिया संपन्न कराने में देरी हुई है। इससे देखते हुए प्रशासकों का कार्यकाल बढ़ाया गया। बता दें कि 2018 में प्रदेश में नगर निकायों में चुनाव हुए थे। जिनका पांच साल का कार्यकाल एक दिसंबर को खत्म हो गया था। लेकिन निकाय चुनाव नहीं हो पाए। नगर निकायों का कामकाज सुचारू से चलाने के लिए जिलाधिकारियों को छह माह के लिए प्रशासक नियुक्ति किया था।
टोल पर ज्यादा ढीली होगी जेब, आज से बढ़ गया टैक्स..
उत्तराखंड: देश भर में टोल टैक्स में हो रही वृद्धि क्षेत्र के टोल प्लाजा पर भी रविवार की मध्य रात्रि के बाद लागू हो गई है। ऐसे में देहरादून से हरिद्वार और हरिद्वार से दिल्ली की ओर जाने वाले वाहनों को करीब दस-दस रुपये ज्यादा चुकाने होंगे। भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण के परियोजना निदेशक पीएस गुंसाई का कहना हैं कि टोल टैक्स में पांच से 10 प्रतिशत तक की वृद्धि हुई है। सभी टोल प्लाजा पर बढ़ी हुई दरें रविवार की रात से लागू होंगी। देहरादून से हरिद्वार जाने के लिए के लिए करीब 10 रुपये टोल में वृद्धि होगी। इसी तरह हरिद्वार से दिल्ली जाने के लिए बहादराबाद में पड़ने वाले टोल पर भी करीब इतने ही रुपये अधिक चुकाने होंगे। जबकि देहरादून से वाया भगवानपुर रुड़की होकर दिल्ली पहुंचने वाले यात्रियों को भगवानपुर स्थित टोल पर करीब पांच रुपये अधिक चुकाने होंगे।