पुलिस ने कई कार्यकर्ताओं को लिया हिरासत में
गैरसैंण। उत्तराखंड की ग्रीष्मकालीन राजधानी गैरसैंण में विधानसभा सत्र के दौरान उत्तराखंड क्रांति दल (यूकेडी) के कार्यकर्ताओं ने विभिन्न मांगों को लेकर प्रदर्शन किया। स्थायी राजधानी की घोषणा, अंकिता भंडारी हत्याकांड और अन्य जन मुद्दों को लेकर कार्यकर्ताओं ने सरकार के खिलाफ नारेबाजी करते हुए विधानसभा घेराव का प्रयास किया।
सोमवार को दिवालीखाल क्षेत्र में बड़ी संख्या में यूकेडी कार्यकर्ता एकत्रित हुए और सरकार के खिलाफ विरोध प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारियों ने स्थायी राजधानी घोषित करने सहित विभिन्न मांगों को उठाते हुए रैली निकाली। इस दौरान कुछ कार्यकर्ता पुलिस को चकमा देकर विधानसभा की ओर बढ़ गए। स्थिति को नियंत्रित करने के लिए पुलिस ने करीब 10 से 15 कार्यकर्ताओं को हिरासत में ले लिया।
हिरासत में लिए गए कार्यकर्ताओं को पुलिस वाहनों से ले जाया जा रहा था, तभी अन्य कार्यकर्ताओं ने वाहनों को रोक दिया और अपने साथियों को उतारने का प्रयास किया। इस दौरान पुलिस और प्रदर्शनकारियों के बीच तीखी झड़प भी हुई। हालात को काबू में करने के लिए पुलिस ने पानी की बौछार का इस्तेमाल किया और प्रदर्शनकारियों को आगे बढ़ने से रोक दिया।
अल्फा से जुड़ी नई अपडेट सामने आई है। आलिया भट्ट स्टारर इस स्पाई थ्रिलर फिल्म का नया पोस्टर जारी कर दिया गया है, जिसके साथ इसकी रिलीज डेट का भी खुलासा किया गया है। यशराज फिल्म्स के स्पाई यूनिवर्स की यह पहली महिला-प्रधान जासूसी एक्शन फिल्म मानी जा रही है।
यशराज फिल्म्स के स्पाई यूनिवर्स की बहुप्रतीक्षित फिल्म अल्फा का नया पोस्टर जारी कर दिया गया है। अभिनेत्री आलिया भट्ट ने अपने सोशल मीडिया अकाउंट पर फिल्म की झलक साझा करते हुए इसकी रिलीज डेट की घोषणा की। पोस्टर में आलिया भट्ट का इंटेंस लुक दिखाई दे रहा है, जिसने दर्शकों के बीच उत्सुकता बढ़ा दी है।
निर्माताओं के अनुसार यह फिल्म 10 जुलाई 2026 को देशभर के सिनेमाघरों में रिलीज होगी। पोस्टर में फिल्म का टाइटल ‘Alpha’ उभरकर सामने आता है, जो इसके हाई-ऑक्टेन एक्शन और जासूसी मिशन की झलक देता है।
फिल्म की स्टारकास्ट की बात करें तो इसमें आलिया भट्ट के साथ अनिल कपूर, शरवरी वाघ और बॉबी देओलअहम भूमिकाओं में नजर आएंगे। इस फिल्म का निर्देशन शिव रवैल कर रहे हैं। बताया जा रहा है कि फिल्म में बॉबी देओल खलनायक की भूमिका निभाते दिखाई देंगे।
यशराज फिल्म्स के स्पाई यूनिवर्स की यह फिल्म एक हाई-ऑक्टेन जासूसी एक्शन थ्रिलर है, जिसमें दो महिला एजेंट्स के मिशन और उनके साहसिक ऑपरेशन को दिखाया जाएगा। फिल्म की घोषणा के बाद से ही दर्शकों के बीच इसे लेकर खासा उत्साह देखा जा रहा है।
(साभार)
राज्यसभा में बोले एस जयशंकर, पश्चिम एशिया के हालात पर सरकार सतर्क
नई दिल्ली। राज्यसभा में पश्चिम एशिया में बढ़ते तनाव और वहां फंसे भारतीय नागरिकों के मुद्दे पर चर्चा के दौरान विदेश मंत्री सुब्रह्मण्यम जयशंकर ने सरकार का पक्ष रखा। उन्होंने कहा कि सरकार क्षेत्र की स्थिति पर लगातार नजर बनाए हुए है और भारतीय नागरिकों की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है।
सदन में बयान देते हुए विदेश मंत्री ने बताया कि पश्चिम एशिया में बढ़ते तनाव को लेकर भारत ने पहले ही चिंता जताते हुए सभी पक्षों से संयम बरतने की अपील की थी। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी स्वयं स्थिति की लगातार समीक्षा कर रहे हैं और संबंधित मंत्रालय आपसी समन्वय के साथ आवश्यक कदम उठा रहे हैं।
जयशंकर ने कहा कि खाड़ी क्षेत्र भारत के लिए बेहद महत्वपूर्ण है, क्योंकि यहां बड़ी संख्या में भारतीय नागरिक रहते हैं और यह क्षेत्र देश की ऊर्जा आपूर्ति का प्रमुख स्रोत भी है। उन्होंने बताया कि खाड़ी देशों में करीब एक करोड़ भारतीय काम करते हैं, जबकि ईरान में भी हजारों भारतीय छात्र और कर्मचारी मौजूद हैं। ऐसे में क्षेत्र में तनाव बढ़ने से ऊर्जा आपूर्ति और व्यापारिक गतिविधियों पर असर पड़ने की आशंका है।
उन्होंने बताया कि मौजूदा संकट के कारण सुरक्षा हालात प्रभावित हुए हैं और इसका असर आम जनजीवन पर भी पड़ा है। इस दौरान भारत ने अपने दो नाविकों को खो दिया है, जबकि एक नाविक अभी भी लापता बताया जा रहा है।
विदेश मंत्री ने कहा कि ईरान में मौजूद भारतीयों की सुरक्षा के लिए तेहरान स्थित भारतीय दूतावास लगातार सक्रिय है। वहां पढ़ रहे छात्रों को सुरक्षित स्थानों पर भेजने में मदद की जा रही है और जरूरतमंद नागरिकों को पड़ोसी देशों के रास्ते स्वदेश लौटने में सहायता दी जा रही है। अब तक हजारों भारतीय नागरिक अंतरराष्ट्रीय सीमाएं पार कर सुरक्षित स्थानों तक पहुंच चुके हैं।
उन्होंने यह भी बताया कि मौजूदा हालात में ईरान के शीर्ष नेतृत्व से संपर्क करना चुनौतीपूर्ण है, हालांकि ईरान के विदेश मंत्री ने भारत के सहयोग के लिए आभार जताया है। भारत ने मानवीय आधार पर ईरान के युद्धपोत ‘लवन’ को कोच्चि बंदरगाह पर रुकने की अनुमति दी थी, जिसके लिए ईरान ने धन्यवाद दिया है।
टीम इंडिया ने तीसरी बार किया टी20 वर्ल्ड कप पर कब्जा
नई दिल्ली। आईसीसी टी20 विश्व कप 2026 में भारत ने ऐतिहासिक जीत दर्ज करते हुए खिताब अपने नाम कर लिया। अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में खेले गए फाइनल मुकाबले में भारत ने न्यूजीलैंड को 96 रन से हराकर तीसरी बार टी20 विश्व कप जीतने का गौरव हासिल किया। इस जीत के साथ भारत टी20 विश्व कप का खिताब तीन बार जीतने वाली दुनिया की पहली टीम बन गई।
फाइनल में पहले बल्लेबाजी करते हुए भारतीय टीम ने दमदार प्रदर्शन किया और 20 ओवर में 5 विकेट के नुकसान पर 255 रन का विशाल स्कोर खड़ा किया। भारत की ओर से संजू सैमसन ने शानदार बल्लेबाजी करते हुए 46 गेंदों में 89 रन की तेजतर्रार पारी खेली, जिसमें पांच चौके और आठ छक्के शामिल रहे। उनके अलावा अभिषेक शर्मा ने 21 गेंदों में 52 और ईशान किशन ने 25 गेंदों में 54 रन बनाकर टीम को मजबूत स्थिति में पहुंचाया। अंतिम ओवरों में शिवम दुबे ने भी तेज बल्लेबाजी करते हुए आठ गेंदों में नाबाद 26 रन जोड़े। हालांकि कप्तान सूर्यकुमार यादव खाता नहीं खोल सके और हार्दिक पंड्या 18 रन बनाकर आउट हुए।
न्यूजीलैंड की ओर से गेंदबाजी में जिमी नीशम सबसे सफल रहे। उन्होंने चार ओवर में 46 रन देकर तीन विकेट हासिल किए। उनके अलावा रचिन रविंद्र और मैट हेनरी को एक-एक सफलता मिली।
256 रन के विशाल लक्ष्य का पीछा करने उतरी न्यूजीलैंड टीम की शुरुआत अच्छी नहीं रही और टीम नियमित अंतराल पर विकेट गंवाती रही। सलामी बल्लेबाज फिन एलन जल्दी आउट हो गए, जबकि टिम साइफर्ट ने 26 गेंदों में 52 रन बनाकर टीम को संभालने की कोशिश की। कप्तान मिचेल सैंटनर ने भी 35 गेंदों में 43 रन की पारी खेली, लेकिन उन्हें दूसरे छोर से पर्याप्त सहयोग नहीं मिल सका। पूरी कीवी टीम 19 ओवर में 159 रन पर सिमट गई।
भारत की ओर से गेंदबाजी में जसप्रीत बुमराह ने शानदार प्रदर्शन करते हुए चार ओवर में मात्र 15 रन देकर चार विकेट लिए। अक्षर पटेल ने तीन विकेट झटके, जबकि हार्दिक पंड्या, वरुण चक्रवर्ती और अभिषेक शर्मा को एक-एक विकेट मिला।
सीएम धामी ने भोजन व्यवस्थाओं का लिया जायजा
गैरसैंण। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने भराड़ीसैंण (गैरसैंण) में प्रातःकाल भ्रमण के दौरान सफाई कर्मियों, पुलिस के जवानों तथा विधानसभा सत्र के सफल संचालन में अपना योगदान दे रहे अन्य कर्मचारियों से भेंट कर उनका कुशलक्षेम जाना और उनके साथ आत्मीय संवाद किया।
इस दौरान मुख्यमंत्री ने रसोई गृह का भी निरीक्षण किया, जहां सत्र से जुड़े लोगों के लिए भोजन तैयार किया जा रहा था। उन्होंने भोजन व्यवस्था का जायजा लेते हुए वहां कार्यरत कर्मचारियों से चर्चा की और उनकी कार्यप्रणाली व आवश्यकताओं की जानकारी ली।

इसके बाद मुख्यमंत्री ने परिसर में स्थित जिम का निरीक्षण किया और कुछ समय व्यायाम भी किया। उन्होंने वहां उपलब्ध सुविधाओं का अवलोकन करते हुए व्यवस्थाओं का जायजा लिया। मुख्यमंत्री ने विधानसभा सत्र के सुचारू संचालन में लगे सभी कर्मचारियों के प्रयासों की सराहना की।
हरिद्वार में बोले केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह, जो भारत के नागरिक नहीं हैं, उन्हें बाहर किया जाएगा
हरिद्वार। उत्तराखंड सरकार के चार वर्ष पूरे होने के अवसर पर आयोजित कार्यक्रम में केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह ने शिरकत की। इस दौरान उन्होंने विभिन्न विकास परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास किया तथा पाकिस्तान और अफगानिस्तान से आए पांच लोगों को भारत की नागरिकता के प्रमाणपत्र भी सौंपे। जनसभा को संबोधित करते हुए उन्होंने घुसपैठ, विकास कार्यों और समान नागरिक संहिता जैसे मुद्दों पर भी अपनी बात रखी।
सभा को संबोधित करते हुए अमित शाह ने कहा कि देश में अवैध रूप से रह रहे लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी रहेगी और जो भारत के नागरिक नहीं हैं, उन्हें बाहर किया जाएगा। उन्होंने विपक्ष पर भी निशाना साधते हुए कहा कि कुछ लोग हर निर्णय में नकारात्मकता ढूंढते हैं, जबकि केंद्र सरकार विकास और सुशासन के लिए काम कर रही है।
गृहमंत्री ने कहा कि उत्तराखंड समान नागरिक संहिता लागू करने वाला देश का पहला राज्य बना है और यह कानून सामाजिक संतुलन बनाए रखने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा। उन्होंने बताया कि इस कानून के प्रभावी क्रियान्वयन के लिए एक हाई पावर कमेटी गठित करने का निर्णय लिया गया है।
अमित शाह ने राज्य में केंद्र सरकार द्वारा कराए गए विकास कार्यों का भी उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि पिछले वर्षों में चारधाम परियोजनाओं, राष्ट्रीय राजमार्गों और अन्य बुनियादी ढांचे के विकास पर हजारों करोड़ रुपये खर्च किए गए हैं। इससे प्रदेश में पर्यटन और तीर्थाटन को भी बढ़ावा मिला है।
कार्यक्रम के दौरान पाकिस्तान और अफगानिस्तान से आए शरणार्थियों—शैलेष, जसपाल परमार, दुर्गा लाली राजपूत और हसेरी बाई समेत पांच लोगों को भारतीय नागरिकता के प्रमाणपत्र प्रदान किए गए। साथ ही उत्कृष्ट कार्य के लिए पांच पुलिस कर्मियों को भी सम्मानित किया गया।
इस अवसर पर लगभग 1100 करोड़ रुपये की विभिन्न विकास परियोजनाओं का शिलान्यास और लोकार्पण किया गया। कार्यक्रम में हाल ही में नियुक्त हुए करीब 2000 पुलिस कर्मियों ने भी भाग लिया और गृहमंत्री का स्वागत किया।
प्रदेश सरकार के चार वर्ष पूरे होने के उपलक्ष्य में राज्यस्तरीय प्रदर्शनी भी लगाई गई, जिसमें सरकार द्वारा लागू किए गए विभिन्न कानूनों और विकास कार्यों की झलक प्रस्तुत की गई। इनमें समान नागरिक संहिता, नकलरोधी कानून, धर्मांतरण रोकथाम कानून और अन्य महत्वपूर्ण फैसलों को प्रमुखता से दर्शाया गया।
गिलगिट-बाल्टिस्तान के स्कार्दू में विरोध-प्रदर्शन के दौरान भड़की हिंसा, गोलीबारी में 38 लोगों की मौत
स्कार्दू में हालात तनावपूर्ण, कई इलाकों में कर्फ्यू लागू
इस्लामाबाद। पाकिस्तान के कब्जे वाले गिलगिट-बाल्टिस्तान क्षेत्र में हालात तनावपूर्ण हो गए हैं। क्षेत्र के प्रमुख शहर स्कार्दू में विरोध-प्रदर्शनों के दौरान हिंसा भड़क उठी, जिसमें पाकिस्तानी सेना और अर्द्धसैन्य बलों की गोलीबारी में कई लोगों की मौत की खबर है। घटनाओं के बाद आक्रोशित प्रदर्शनकारियों ने सरकारी कार्यालयों और सैन्य प्रतिष्ठानों को निशाना बनाया, जिसके चलते प्रशासन को कई इलाकों में कर्फ्यू लागू करना पड़ा।
जानकारी के अनुसार पहली मार्च से शुरू हुए विरोध प्रदर्शन उस समय उग्र हो गए जब प्रदर्शन कर रहे लोगों पर सुरक्षा बलों द्वारा कार्रवाई की गई। शुरुआती रिपोर्ट में 13 लोगों की मौत की बात सामने आई थी, लेकिन बाद में घायल लोगों के दम तोड़ने से मृतकों की संख्या बढ़कर 38 तक पहुंचने की जानकारी सामने आई है। बड़ी संख्या में लोग घायल भी हुए हैं।
घटनाओं से नाराज प्रदर्शनकारियों ने स्कार्दू और आसपास के क्षेत्रों में कई सरकारी और सैन्य ठिकानों पर हमला कर दिया। इस दौरान कई भवनों में तोड़फोड़ की गई और कुछ जगहों पर आगजनी भी की गई। स्थिति को नियंत्रण में रखने के लिए प्रशासन ने सुरक्षा बलों की अतिरिक्त तैनाती की है।
इसी बीच, ईरान के सर्वोच्च नेता आयतुल्ला अली खामनेई की कथित मौत को लेकर पाकिस्तान में भी विरोध प्रदर्शन देखने को मिले। अल्पसंख्यक शिया समुदाय के लोगों ने राजधानी इस्लामाबाद सहित कई शहरों में रैलियां निकालकर अमेरिका और इस्राइल के खिलाफ नारेबाजी की।
स्थिति को देखते हुए पाकिस्तान स्थित अमेरिकी दूतावास ने अपने नागरिकों के लिए सुरक्षा परामर्श जारी किया है। दूतावास ने बलोचिस्तान, खैबर पख्तूनख्वा और पाकिस्तान के कब्जे वाले कश्मीर जैसे संवेदनशील क्षेत्रों की यात्रा से बचने की सलाह दी है।
स्कार्दू में हिंसा के दौरान कई महत्वपूर्ण भवनों को नुकसान पहुंचा है। इनमें सैन्य अधिकारियों के आवास, नॉर्दर्न लाइट इन्फैंट्री से जुड़े कार्यालय, आर्मी पब्लिक स्कूल, पुलिस अधिकारियों के कार्यालय, सॉफ्टवेयर टेक्नोलॉजी पार्क और पर्यटन विभाग के दफ्तर शामिल बताए जा रहे हैं। कुछ स्थानों पर संचार से जुड़े संस्थानों और अंतरराष्ट्रीय संगठनों के कार्यालयों को भी आग के हवाले कर दिया गया।
फिलहाल पूरे क्षेत्र में सुरक्षा कड़ी कर दी गई है और हालात को सामान्य करने के प्रयास जारी हैं।
चारधाम यात्रा में हेली सेवाओं पर नियंत्रण, 8–9 कंपनियां ही होंगी ऑपरेटर — डॉ. आशीष चौहान
देहरादून। आगामी अप्रैल माह से प्रारंभ होने जा रही चारधाम यात्रा 2026 से पूर्व हेली शटल सेवाओं को लेकर उत्तराखंड नागरिक उड्डयन विकास प्राधिकरण (यूकाडा) की टेंडर प्रक्रिया अंतिम चरण में पहुंच चुकी है। इस वर्ष श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए लगभग 8 से 9 हेली कंपनियां अपनी सेवाएं प्रदान करेंगी।
यात्रा के दौरान हेलीकॉप्टर सेवाओं की ऑनलाइन बुकिंग व्यवस्था भारतीय रेलवे खानपान एवं पर्यटन निगम (IRCTC) के सहयोग से संचालित की जाएगी, जिससे श्रद्धालुओं को पारदर्शी और सुगम बुकिंग सुविधा उपलब्ध हो सकेगी।
19 अप्रैल से प्रारंभ हो रही चारधाम यात्रा को देखते हुए हेली सेवाओं के टिकटों की बुकिंग केवल आधिकारिक वेबसाइट heliyatra.irctc.co.in / IRCTC के माध्यम से ही ऑनलाइन की जाएगी। इसका उद्देश्य फर्जी एजेंटों और कालाबाजारी पर प्रभावी रोक लगाना तथा श्रद्धालुओं को पारदर्शी और सुव्यवस्थित तरीके से टिकट उपलब्ध कराना है।
चारधाम यात्रा 2026 के दौरान बड़ी संख्या में श्रद्धालु केदारनाथ सहित बद्रीनाथ, गंगोत्री और यमुनोत्री धाम के दर्शन के लिए पहुंचते हैं। अन्य राज्यों से आने वाले बुजुर्गों और दिव्यांग श्रद्धालुओं को हेली सेवाओं के माध्यम से बेहतर सुविधा प्रदान करने के उद्देश्य से व्यवस्थाओं को और अधिक सुदृढ़ किया गया है। यात्रियों के साथ किसी भी प्रकार की धोखाधड़ी या कालाबाजारी की घटनाओं को रोकने के लिए उत्तराखंड नागरिक उड्डयन विकास प्राधिकरण (यूकाडा) ने अपने स्तर पर एक कंट्रोल रूम भी स्थापित किया है, जो यात्रा के दौरान बुकिंग से संबंधित शिकायतों के निवारण के लिए तत्पर रहेगा।
यूकाडा के सीईओ डॉ. आशीष चौहान ने बताया कि हेली शटल सेवाओं को लेकर टेंडर प्रक्रिया अंतिम चरण में है। उन्होंने जानकारी दी कि इस वर्ष चारधाम यात्रा के दौरान लगभग 8 से 9 कंपनियां हेली शटल सेवाएं प्रदान करेंगी। उन्होंने यह भी बताया कि हेली टिकटों की बुकिंग आईआरसीटीसी (IRCTC) के सहयोग से संचालित आधिकारिक पोर्टल के माध्यम से की जाएगी। यात्री हेलीकॉप्टर सेवा के लिए heliyatra.irctc.co.in वेबसाइट के माध्यम से ऑनलाइन टिकट बुक कर सकते हैं।
डॉ. चौहान ने आगे बताया कि टिकट बुकिंग से संबंधित किसी भी समस्या या शिकायत के समाधान के लिए यूकाडा का कंट्रोल रूम सक्रिय रहेगा। इसके अलावा, हेली सेवा से यात्रा करने वाले यात्री अपनी शिकायत दर्ज कराने के लिए आईआरसीटीसी के कस्टमर केयर से भी सीधे संपर्क कर सकते हैं।
बदलती जीवनशैली और खान-पान की आदतों के कारण किडनी में पथरी यानी किडनी स्टोन की समस्या तेजी से बढ़ रही है। पहले जहां यह बीमारी अधिकतर वयस्कों में देखी जाती थी, वहीं अब कम उम्र के युवाओं और बच्चों में भी इसके मामले सामने आ रहे हैं। स्वास्थ्य विशेषज्ञों का कहना है कि पर्याप्त पानी न पीना, असंतुलित आहार और अनियमित दिनचर्या इसके प्रमुख कारण हैं। इसलिए समय रहते सावधानी और इलाज बेहद जरूरी है।
विशेषज्ञों के अनुसार किडनी में पथरी तब बनती है जब शरीर में कैल्शियम, ऑक्सलेट और यूरिक एसिड जैसे खनिज पदार्थ अधिक मात्रा में जमा होकर धीरे-धीरे क्रिस्टल का रूप ले लेते हैं। पर्याप्त पानी न पीने से इन तत्वों का जमाव बढ़ जाता है, जिससे पथरी बनने का खतरा अधिक हो जाता है। किडनी स्टोन का समय पर उपचार न कराने पर यह गंभीर स्वास्थ्य समस्याओं का कारण बन सकता है।
कम उम्र में भी बढ़ रहे मामले
वरिष्ठ नेफ्रोलॉजिस्ट डॉ. कुलदीप राय के अनुसार अस्पतालों की ओपीडी में अब कम उम्र के लोगों में भी किडनी स्टोन के मरीज बढ़ते दिखाई दे रहे हैं। कई बार शुरुआती चरण में इसके स्पष्ट लक्षण नहीं होते, लेकिन जैसे-जैसे पथरी का आकार बढ़ता है, मरीज को कमर या पेट में तेज दर्द, पेशाब में जलन और अन्य समस्याएं होने लगती हैं। कई लोग इस दर्द को सामान्य पेट दर्द समझकर नजरअंदाज कर देते हैं, जिससे बीमारी का पता देर से चलता है।
छोटी और बड़ी पथरी का इलाज अलग
डॉक्टरों के मुताबिक 3 से 4 मिलीमीटर से छोटी पथरी कई बार अधिक पानी पीने, दवाइयों और खान-पान में बदलाव से अपने-आप निकल सकती है। लेकिन बड़ी पथरी या लंबे समय तक किडनी में मौजूद पथरी गंभीर जटिलताएं पैदा कर सकती है। ऐसे मामलों में सर्जरी की जरूरत भी पड़ सकती है। कुछ मरीजों में एक से अधिक पथरी होने पर भी ऑपरेशन की सलाह दी जाती है।
इलाज में देरी से बढ़ सकता है खतरा
विशेषज्ञ बताते हैं कि बड़ी पथरी किडनी और मूत्राशय को जोड़ने वाली नलिका (यूरेटर) में फंस सकती है, जिससे पेशाब का रास्ता अवरुद्ध हो जाता है। इससे पेशाब में रुकावट, संक्रमण और तेज दर्द जैसी समस्याएं हो सकती हैं। लंबे समय तक यह स्थिति रहने पर किडनी को स्थायी नुकसान या किडनी फेलियर का खतरा भी बढ़ सकता है। इसलिए समय रहते जांच और इलाज बेहद जरूरी है।
बीयर से पथरी निकलने का दावा गलत
कई लोग मानते हैं कि बीयर पीने से पेशाब ज्यादा आता है और इससे किडनी स्टोन निकल सकता है। हालांकि डॉक्टर इस धारणा को गलत बताते हैं। विशेषज्ञों का कहना है कि किडनी स्टोन का इलाज केवल चिकित्सकीय सलाह और उचित उपचार से ही संभव है, इसलिए किसी भी घरेलू धारणा के बजाय डॉक्टर से परामर्श लेना जरूरी है।
नोट: यह जानकारी विभिन्न मेडिकल रिपोर्ट और विशेषज्ञों की सलाह के आधार पर तैयार की गई है।
(साभार)
देहरादून। केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह की अध्यक्षता में हरिद्वार में आयोजित “जन-जन की सरकार, चार साल बेमिसाल” कार्यक्रम में सहभागिता के लिए कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी ने देहरादून स्थित अपने कैंप कार्यालय से पार्टी कार्यकर्ताओं को बस द्वारा हरिद्वार के लिए रवाना किया।
इस अवसर पर कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी स्वयं बस में भारतीय जनता पार्टी परिवार के सदस्यों का हाल-चाल जाना। उन्होंने कार्यकर्ताओं का उत्साहवर्धन करते हुए कार्यकर्ताओं के प्रति आत्मीय भाव का परिचय दिया। कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी ने कहा कि केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के उत्तराखण्ड आगमन से पार्टी कार्यकर्ताओं में विशेष उत्साह और ऊर्जा का माहौल है। उन्होंने कहा कि “जन-जन की सरकार, चार साल बेमिसाल” कार्यक्रम सरकार की उपलब्धियों को जनता तक पहुंचाने का महत्वपूर्ण अवसर है।
उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में प्रदेश सरकार के चार वर्ष सेवा, सुशासन और विकास को समर्पित रहे हैं। इन चार वर्षों में राज्य सरकार ने जनहित में अनेक ऐतिहासिक और साहसिक निर्णय लिए हैं, जिनसे उत्तराखण्ड विकास की नई ऊंचाइयों की ओर अग्रसर हुआ है। कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी ने कहा कि प्रदेश में बुनियादी ढांचे के विकास, युवाओं के लिए रोजगार के अवसर, किसानों के कल्याण, महिलाओं के सशक्तिकरण तथा पारदर्शी एवं प्रभावी शासन व्यवस्था को सुदृढ़ करने के लिए सरकार निरंतर कार्य कर रही है। उन्होंने विश्वास जताया कि सरकार आगे भी इसी प्रकार जनसेवा और विकास के मार्ग पर कार्य करती रहेगी।
