अटल बिहारी वाजपेयी की जयंती पर राष्ट्रपति मुर्मू, पीएम मोदी सहित कई नेताओं ने दी पुष्पांजलि..
देश-विदेश: देश में आज पूर्व पीएम अटल बिहारी वाजपेयी जी की जयंती है। इस मौके पर पूरा देश उन्हें याद कर रहा है। देश की राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू, उपराष्ट्रपति जगदीप धनखड़ और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने उन्हें सदैव अटल स्मारक पर जाकर पुष्पांजलि अर्पित की। इस दौरान रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह, भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा भी मौजूद थे। इसी के साथ केंद्रीय मंत्री अमित शाह, निर्मला सीतारमण, अश्विनी वैष्णव, अनुराग ठाकुर और अन्य नेताओं ने भी पूर्व प्रधानमंत्री को पुष्पांजलि अर्पित की।
पीएम मोदी ने सोशल मीडिया पर लिखा, पूर्व प्रधानमंत्री आदरणीय अटल बिहारी वाजपेयी जी को उनकी जयंती पर देश के सभी परिवारजनों की ओर से मेरा कोटि-कोटि नमन। वे जीवन भर राष्ट्र निर्माण को गति देने में जुटे रहे। मां भारती के लिए उनका समर्पण और सेवा भाव अमृतकाल में भी प्रेरणास्रत्रोत बना रहेगा। वही गृह मंत्री अमित शाह ने लिखा, पूर्व प्रधानमंत्री श्रद्धेय अटल बिहारी वाजपेयी जी की जयंत पर उनका स्मरण कर उन्हें नमन करता हूं। अटल जी ने निस्वार्थ भाव से देश व समाज की सेवा की और भाजपा की स्थापना के माध्यम से देश में राष्ट्रवादी राजनीति को नई दिशा दी। जहां एक ओर उन्होनें परमाणु परीक्षण और कारगिल युद्ध में विश्व को उभरते भारत की शक्ति का एहसास करवाया, तो वहीं दूसरी ओर देश में सुशासन की परिकल्पना को चरितार्थ किया। उनके विराट योगदान को देश हमेशा याद रखेगा।
अब घर बैठे ऐसे बनवाएं बच्चों का आधार कार्ड..
उत्तराखंड: अगर आपको आधार कार्ड बनवाना है तो आपके लिए काम की खबर है। अब आधार बनाने के लिए चक्कर नहीं काटने पड़ेगे। बताया जा रहा है कि पांच वर्ष से कम उम्र के बच्चों के आधार कार्ड अब घर पर ही आसानी से बन जाएंगे। जिसके लिए डाक विभाग ने बड़ी पहल शुरू की है। विभाग की टीम आपकी सूचना पर घर पहुंचेगी और निःशुल्क आधार संबंधी प्रक्रिया पूरी करेगी। ये सुविधा शुरू हो गई है।
आपको बता दे कि डाक विभाग की ओर पांच वर्ष से कम उम्र के बच्चों के घर बैठे आधार कार्ड बनाने की व्यवस्था तत्काल प्रभाव से लागू की गई है। आधार कार्ड बनाने के लिए स्वजन को अपने मोबाइल पर डाक विभाग का पोस्ट इन्फो एप डाउनलोड करना होगा। इसके बाद ऑनलाइन पूछी गई जानकारी जैसे नाम, पता आदि देनी होगी। यह प्रक्रिया पूर्ण होने के बाद विभाग की टीम बच्चे का आधार कार्ड बनाने घर पहुंचेगी। ये प्रक्रिया निः शुल्क होगी। इसके अलावा यदि कोई व्यक्ति आधार कार्ड को मोबाइल नंबर से लिंक कराता है, तो उन्हें 50 रुपये शुल्क देना होगा। इसके अलावा विभाग की ओर से सभी डाक केंद्रों में आधार कार्ड बनाने के सुविधा उपलब्ध कराई गई है।
गौरतलब है कि आधार कार्ड भारतीयों का वो कागज है जो हर काम में जरूरी है। बच्चों से लेकर बड़े तक के लिए आधार कार्ड बहुत जरूरी होता है। अब इसी आधार कार्ड को बनाने के लिए बड़ी पहल की गई है। बताया जा रहा है कि घर पर आधार कार्ड बनाने को लेकर तकरीबन 80 पोस्ट मास्टरों को प्रशिक्षित किया गया है। हर दिन बनने वाले आधार कार्ड की मॉनिटरिंग विभाग के अधिकारी करेंगे। बच्चों के आधार कार्ड का विभाग कोई शुल्क नहीं लेगा।
कर्मचारियों को पूरे सेवाकाल में एक बार प्रमोशन के मानकों में छूट..
उत्तराखंड: प्रदेश मंत्रिमंडल ने कर्मचारियों को पूरे सेवाकाल में एक बार के लिए प्रमोशन के मानकों में छूट देने का फैसला किया है। इसके लिए कार्मिक विभाग को अर्हकारी सेवा में शिथिलीकरण (संशोधन) नियमावली को एक जुलाई से 2023 से 30 जून तक के लिए प्रभावी कर दिया गया है। कैबिनेट के इस फैसले से हजारों कर्मचारियों की मुराद होने जा रही है। वे लंबे समय से प्रमोशन में शिथिलीकरण की मांग कर रहे थे। कर्मचारी संगठनों के स्तर पर ये मांग उठाई जा रही थी। राज्य कर्मचारी संयुक्त परिषद के प्रदेश अध्यक्ष अरुण पांडेय ने मंत्रिमंडल के फैसले पर सीएम पुष्कर सिंह धामी का आभार प्रकट किया है।
उनका कहना हैं कि सरकार के इस फैसले को यदि प्रभावी ढंग से लागू किया गया तो करीब 10 हजार कर्मचारियों की प्रमोशन की मुराद पूरी हो जाएगी। बता दें कि विभागों में बड़ी संख्या ऐसे कर्मचारी हैं जिनकी अगली पदोन्नति के पद खाली हैं, लेकिन मौजूदा पद पर प्रमोशन के जितने वर्ष की सेवा उन्हें पूरी करनी है, वह अभी बाकी है। अब उन्हें प्रमोशन के लिए मानकों में छूट मिल जाएगी।
धन्यवाद पर लाभ मिलना मुश्किल होगा- नौटियाल..
मिनिस्टीरियल फेडरेशन के प्रदेश अध्यक्ष पूर्णानंद नौटियाल ने भी सीएम का भार जताया, लेकिन साथ ही यह आशंका भी जताई कि जून 2024 तक इसे लागू करने पर कर्मचारियों को इसका लाभ मिल पाना मुश्किल होगा। पदोन्नति की प्रक्रिया शुरू होते ही लोकसभा चुनाव की आचार संहिता लागू हो जाएगी। इससे पदोन्नति के लिए कम समय मिलेगा। सरकार को इसे जून 2025 तक लागू करे।
हरिद्वार पहुंचे उपराष्ट्रपति, गुरुकुल कांगड़ी विवि में कार्यक्रम का किया उद्घाटन..
उत्तराखंड: उपराष्ट्रपति जगदीप धनखड़ गुरुकुल कांगड़ी सम विश्वविद्यालय में आयोजित महर्षि दयानंद सरस्वती की 200वीं जयंती पर बतौर मुख्य अतिथि पहुंचे। उपराष्ट्रपति जगदीप धनखड़ यहां कुल सवा घंटे रहेंगे। विशेष विमान से वह 10 बजकर 10 मिनट पर जौलीग्रांट एयरपोर्ट पहुंचे। यहां से वह 11 बजे विश्वविद्यालय परिसर में पहुंचे।
उद्घाटन सत्र में विद्वत पद संचलन और संबोधन के बाद वह 12 बजकर 15 मिनट पर जौलीग्रांट एयरपोर्ट के लिए रवाना होंगे। उद्घाटन सत्र की अध्यक्षता लोकसभा सांसद डॉ. सत्यपाल सिंह करेंगे। इसमें अति विशिष्ट अतिथि के रूप में राज्यपाल ले.ज. सेनि गुरमीत सिंह और सीएम पुष्कर सिंह धामी के साथ ही योग गुरु स्वामी रामदेव, विवि कुलपति प्रो. सोमदेव शतांशु के साथ ही कुलसचिव प्रो. सुनील कुमार मंच पर आसीन रहेंगे। कुलपति प्रो. सोमदेव शतांशु का कहना हैं कि 23 से 25 दिसंबर तक आयोजित वेद-विज्ञान एवं संस्कृति महाकुंभ को तीन सत्र में आयोजित किया जा रहा है। इसमें करीब 700 से अधिक शोध पत्र प्रस्तुति के लिए प्राप्त हो चुके हैं।
25 दिसंबर को केंद्रीय रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह, केरल के राज्यपाल आरिफ मलिक, सीएम उत्तर प्रदेश योगी आदित्यनाथ, सीएम पुष्कर सिंह धामी, सांसद रमेश पोखरियाल निशंक, शांतिकुंज प्रमुख डॉ. प्रणव पंड्या कार्यक्रम का समापन करेंगे। इस बीच 24 दिसंबर को देश-विदेश के तमाम विद्वानों का सेमिनार में व्याख्यान होगा।
राज्यपाल गुरमीत सिंह ने गढ़वाल में इन योजनाओं का किया गया लोकार्पण-शिलान्यास..
उत्तराखंड: राज्यपाल लेफ्टिनेंट जनरल गुरमीत सिंह (से.नि.) द्वारा गुरुवार को वानिकी महाविद्यालय रानीचौरी में वीर चंद्र सिंह गढ़वाली उत्तराखण्ड औद्यानिकी एवं वानिकी विश्व विद्यालय भरसार पौड़ी गढ़वाल के द्वितीय दीक्षांत समारोह में प्रतिभाग किया गया। इस मौके पर कुलाधिपति को गार्ड ऑफ ऑनर की सलामी दी गई, कुलाधिपति द्वारा शौर्य वॉल में वीर सैनिकों को पुष्पांजलि अर्पित कर श्रद्धाजंलि दी गई।
विश्व विद्यालय के कुलपति द्वारा कुलाधिपति से दीक्षान्त समारोह शुभारम्भ करने की अनुमति चाही गई। कुलाधिपति द्वारा वर्ष 2021, 2022 एवं 2023 के सफल 370 स्नातक/स्नातकोत्तर छात्र-छात्राओं को विभिन्न संकायों में उपाधि देकर सम्मानित किया गया, जिसमें 07 गोल्ड मेडलिस्टों को मेडल एवं प्रमाण पत्र देकर सम्मानित किया गया। इस मौके पर महामहिम राज्यपाल द्वारा विश्व विद्यालय की सोविनियर का विमोचन किया गया। इसके साथ ही 06 योजनाओं के धनराशि लागत रूपये 2961.92 लाख के लोकार्पण तथा एक योजना धनराशि लागत रूपये 542.15 लाख का शिलान्यास किया गया।
कुलाधिपति एवं राज्यपाल लेफ्टिनेंट जनरल गुरमीत सिंह (से.नि.) ने पेशावर कांड के नायक वीर चंद्र सिंह गढ़वाली को नमन करते हुए सभी को दीक्षांत समारोह की बधाई दी। उन्होंने कहा कि उत्तराखंड देवों और वीरों की भूमि है, यहां लोगों के हृदय में वीरता का जज्बा कूट कूट कर भरा हुआ है। यहां के स्थानीय जैविक उत्पादों की दिव्यता और गुणवत्ता के चलते देश विदेश में इनकी बहुत मांग है और इसी के चलते 78 देशों ने मिलेट्स को मान्यता दी है तथा इसे श्री अन्न कहा गया है। उन्होंने उपाधि और मेडल प्राप्त कर रहे छात्र-छात्राओं से कहा कि अपनी योग्यता को पहचाने और सकारात्मक सोच तथा ढृढ़ संकल्प के साथ आगे बढ़कर अपनी उड़ान को सफल बनाएं। उन्होंने डिग्रीधारकों से कहा कि अपने कौशल को बहुत ऊपर ले जाने में आपको कई चुनौतियों का सामना करना पड़ सकता है, उनका सामना धैर्य एवं लगन के साथ करें। कृषि और उद्यानीकरण के क्षेत्र में रिसर्च और शोध करें, इसमें उत्तराखंड का भविष्य छुपा है।
कुलाधिपति ने कहा कि मा. प्रधानमंत्री ने बाबा केदारनाथ जी की धरती से कहा कि 21वीं सदी का तीसरा दशक उत्तराखण्ड का दशक होगा और अब हमारी जिम्मेदारियां और बढ़ जाती है। कहा कि हमारा जीवन, स्वास्थ्य, समाज सबका आधार हमारी कृृषि व्यवस्था है। भारत, प्रकृति और संस्कृति से कृषि प्रधान देश रहा है। बागवानी एवं कृषि क्षेत्र में सुधार हेतु आधुनिक तकनीकी का प्रयोग कर भारत को विश्वगुरू एवं आत्मनिर्भर राष्ट्र बनने से कोई नही रोक सकता है। कहा कि भारत विश्व का दूसरा सबसे बड़ा बागवानी फसलों का उत्पादक बन चुका है।
शिलान्यास एवं लोकार्पण किये गये योजनाओं में औषधीय एवं सगंध पादप संस्थान गैरसैंण(भरारीसैंण) के शैक्षणिक भवन, कार्यालय कक्ष एवं सभागार निर्माण लागत धनराशि 542.15 लाख का शिलान्यास किया गया। वहीं लोकार्पण में औद्यानिकी महाविद्यालय भरसार पौड़ी गढ़वाल के 50 बैडेड बालक छात्रावास धनराशि लागत रू. 359.50 लाख, 50 बैडेड बालिका छात्रावास धनराशि लागत रू. 539.55 लाख, प्रशासनिक भवन के लागत धनराशि रू. 1144.23 लाख तथा कुलपति आवास एवं कैम्प कार्यालय धनराशि लागत रू. 325.77 लाख के लोकार्पण तथा वानिकी महाविद्यालय रानीचौरी टिहरी के टाइप आवासीय भवन धनराशि लागत रू. 111.65 लाख एवं 50 बैडेड बालिका छात्रावास धनराशि लागत रू. 481.22 लाख के लोकार्पण शामिल हैं।
इस अवसर पर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने वर्चुअल माध्यम से दीक्षान्त समारोह की बधाई दी। उन्होंने कहा कि कृषि, बागवानी क्षेत्र में भविष्य बनाने की कई सम्भावनाएं है और राज्य सरकार की मूल अवधारणा से जुडा विषय भी है। सभी छात्र-छात्राएं प्रदेश में शोध एवं अनुसंधान के कार्य जारी रखे। कहा कि प्रदेश की खुशहाली हेतु 27 उत्पादों का जीआई टैग कर देश का पहला राज्य बना चुका है। वर्ष 2025 तक उत्तराखण्ड ड्रग्स फ्री राज्य होगा, कार्बन उत्सर्जन को कम करने हेतु राज्य सरकार कार्य कर रही है, जिसमें सबकी सहभागिता जरूरी है। इकोनॉमिकी के साथ ही ग्रीन इकोनॉमिकी की बात भी कर रहे हैं, ताकि आने वाली पीड़ियां स्वस्थ पर्यावरण में जीवन जी सकें। कहा कि ग्लोबल इन्वेस्टर में निवेशकों द्वारा किये गये एमओयू एवं निवेश से निश्चित ही आर्थिकी एवं रोजगार सृजन में सहायक सिद्ध होगा। इस मौके पर कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी द्वारा सभी को बधाई देते हुए सम्बोधित किया गया। जबकि वानिकी महाविद्यालय परिसर रानीचौरी टिहरी गढ़वाल के कुलपति प्रो. प्रवेन्द्र कोशल ने महाविद्यालय के क्रिया-कलाप एवं शैक्षणिक उपलब्धियों से अवगत कराया गया।
देश में फिर कोरोना का कहर, इन राज्यों में मिले नए मरीज..
देश-विदेश: देश में कोरोनावायरस से एक बार फिर वापसी कर ली है। कई शहरों में मरीज मिल रहे हैं। अलग-अलग शहरों में मरीजों के मिलने से हड़कंप मच गया है। सरकार से लेकर प्रशासन अलर्ट है और लोगो को मास्क पहनने की और भीड़-भाड़ वाले इलाके में न जाने की सलाह दी जा रही है। देश में गुरुवार को पिछले 24 घंटे में 358 नए केस सामने आए हैं। कोविड ने नए सब वैरिएंट जेएन.1 की वजह से मरीजों की संख्या में इजाफा हो रहा है। पिछले 24 घंटे में 6 मरीजों की मौत हो गई है। इनमें तीन केरल, दो कर्नाटक और एक पंजाब का है।
आपको बता दे कि यूपी के गाजियाबाद में एक मरीज कोरोना से संक्रमित पाया गया है। मरीज की आयु 36 साल है। इससे पहले गाजियाबाद में एक और मरीज संक्रमित पाया गया था। परिवार के सदस्य की दुबई से लौटने की ट्रैवल हिस्ट्री है। स्वास्थ्य विभाग कोविड संक्रमित मरीजों के संपर्क में आए लोगों की पहचान और उनकी जांच में जुटा है। वहीं नोएडा में कोरोना के नए वैरिएंट जेएन.1 संक्रमित मरीज मिला है। 42 साल का मरीज नेपाल से लौटा था और यहां नोएडा के सेक्टर 36 में रहता है।
उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ में कोरोना से संक्रमित महिला मिली है। 75 साल की महिला मरीज मानक नगर थाना क्षेत्र के चंदननगर में रहती है। उसे दो दिन से सर्दी जुकाम और बुखार आ रहा था। वो हफ्ते पहले ही थाईलैंड से लौटी है। बिहार की राजधानी पटना में भी कोरोना के दो नए मरीज मिले हैं। एक मरीज की ट्रैवल हिस्ट्री केरला है और दूसरे की असम मिली है। दोनों के सैंपल की जीनोम सिक्वेंसिग करवाई जाएगी। दोनों युवकों की उम्र 25 और 29 साल है।
वही राजस्थान में भी कोरोना के नए सब वैरिएंट के 2 मामले सामने आए हैं। अब वहां नए कोरोना के नए सब वैरिएंट के 4 मरीज मिले हैं। स्वास्थ्य विभाग ने संक्रमण की रोकथाम के नियंत्रण के लिए एडवाइजरी जारी की है। लोगों को हल्की सर्दी, जुकाम, खांसी बुखार या गले में खराश होने पर समय पर चिकित्सकीय सलाह देने की अपील की है। बुधवार को जैसलमेर में जेएन.1 सब वैरिएंट के दो मामले सामने आए थे। गुरुवार को जयपुर में असी सब वैरिएंट के दो और मामले सामने आए थे। एक मरीज झुंझनू का निवासी है, जबकि दूसरा भरतपुर का रहने वाला है।
WHO ने जारी की एडवाइजरी..
स्वास्थ्य विभाग और WHO का कहना है कि फिलहाल पैनिक होने की जरुरत नहीं है। बस सावधानी जरुर बरतें। WHO ने बुधवार को वैरिएंट ऑफ इंटरेस्ट के रुप में वर्गीकृत किया है। गाइडलाइन में भीड़भाड़ वाले स्थान और दूषित हवा वाले इलाकों में मास्क पहनने की सलाह दी गई है।
प्रभास की मोस्ट अवेटेड फिल्म ‘सालार’ ने एडवांस बुकिंग में की इतनी कमाई..
देश-विदेश: साउथ के सुपरस्टार प्रभास की मोस्ट अवेटेड फिल्म ‘सालार’ सिनेमाघरों में कल यानी 22 दिसंबर को सिनेमाघरों में दस्तक देगी। फिल्म का क्रेज दर्शकों पर साफ़ दिखाई दे रहा है। ऐसे में एडवांस बुकिंग में फिल्म ने काफी टिकट बेच दिए है। प्रभास की फिल्में बॉक्स ऑफिस पर कुछ खास प्रदर्शन नहीं कर पा रही है। अभिनेता की पिछली कई सारी फिल्में फ्लॉप रही। ऐसे में इस फिल्म से उनके फैंस और अभिनेता दोनों को ही काफी उम्मीदें है। फिल्म का ट्रेलर दर्शकों को काफी पसंद आया था। साथ ही एडवांस बुकिंग में भी फिल्म के जमकर टिकट बिक रहे है। रिलीज़ से पहले ही फिल्म ने जबरदस्त वकलेक्शन कर लिया है।
एडवांस बुकिंग में ‘सालार’ ने किया इतना कलेक्शन..
फिल्म के एडवांस बुकिंग के शुरूआती आंकड़ें सामने आ गए है।जानकारी के अनुसार ‘सालार’ के 14 लाख 46 हजार 74 टिकट बुक किए जा चुके है। फिल्म ने एडवांस बुकिंग में ही 30.28 करोड़ की कमाई कर ली है। एडवांस बुकिंग में ‘सालार’ ने 30 करोड़ के करीब कमाई कर ली है। ऐसे में अनुमान लगाया जा रहा है की फिल्म ओपनिंग डे पर र 50 करोड़ से अधिक की कमाई कर सकती है। बता दें की ‘सालार’ ने एडवांस बुकिंग में शाहरुख खान की डंकी को पीछे छोड़ा है। डंकी ने एडवांस बुकिंग में 13 करोड़ के करीब कमाई की थी।
22 दिसंबर को दस्तक देगी सालार..
‘सालार’ को प्रशांत नील ने डायरेक्ट किया है। फिल्म में प्रभास के साथ श्रुति हासन, जगपति बाबू, पृथ्वीराज सुकुमारन आदि अहम रोल प्ले करते नज़र आएंगे। 22 दिसंबर को फिल्म सिनेमाघरों में धूम मचाने को तैयार है।
राज्य कर्मचारियों के मंहगाई भत्ते में हो सकती है इतनी बढ़ोतरी..
उत्तराखंड: राज्य कर्मचारियों को जल्द ही बड़ी सौगात मिल सकती है। बताया जा रहा है कि राज्य कर्मियों को भी केंद्रीय कर्मियों की भांति महंगाई भत्ते में चार प्रतिशत बढ़ोतरी हो सकती है। सीएम धामी ने राज्य कर्मचारी संयुक्त परिषद के प्रतिनिधिमंडल को आश्वासन दिया है। सीएम ने आश्वस्त किया कि एक-दो दिन के भीतर महंगाई भत्ते की किश्त का अनुमोदन कर दिया जाएगा।
जानकारी के अनुसार राज्य कर्मचारी संयुक्त परिषद ने सीएम धामी से मुलाकात की। इस दौरान उन्होंने सीएम से केंद्रीय कर्मचारियों की तरह चार फीसदी डीए की किस्त जारी करने का अनुरोध किया। इतना ही नहीं पदोन्नति में शिथिलीकरण की व्यवस्था अनुमन्य किए जाने के लिए तत्काल निर्णय लेने की भी मांग की। जिसपर सीएम ने उन्हें आश्वासन दिया है। बताया जा रहा है कि मंहगाई भत्ते की किस्त जारी होने के बाद डीए 42 फीसदी से बढ़कर 46 फीसदी हो जाएगा।
इतना ही नहीं परिषद के प्रतिनिधिमंडल ने अपर मुख्य सचिव वित्त आनंदवर्धन से भी मुलाकात की। अपर मुख्य सचिव की अध्यक्षता में परिषद के साथ आयोजित बैठक में कई निर्णय लिए गए। बताया जा रहा है कि निर्णयानुसार एसीपी के अंतर्गत 10, 16 एवं 26 वर्ष की सेवा पर पदोन्नति वेतनमान अनुमन्य किए जाने संबंधी बैठक आहूत करने की मांग की। जिस पर अपर मुख्य सचिव ने शीघ्र बैठक बुलाकर निर्णय लेने का आश्वासन दिया।
पीआरडी जवानों को अब 60 साल की आयु तक मिलेगा सेवा का अवसर..
उत्तराखंड: प्रांतीय रक्षक दल (पीआरडी) के जवानों की सेवानिवृत्ति की आयु 50 से बढ़ाकर 60 वर्ष करने की योजना है। इस संबंध में सेवा नियमों में बदलाव का प्रस्ताव तैयार किया गया हैं। सेवा नियमावली में संशोधन के अनुरोध की पुष्टि खेल एवं युवा कल्याण मंत्री रेखा आर्य ने की है। संभावना जताई जा रही है कि आगामी कैबिनेट बैठक में इस योजना का अनुमोदन लाया जा सकता है।
सेवा नियमावली में कुछ और संशोधनों के प्रस्ताव हैं। मंत्री का कहना हैं कि सेवा नियमावली में मृतक आश्रितों को सेवा में रखे जाने का भी प्रस्ताव है। इसके साथ ही उन्हें राष्ट्रीय छुट्टियों के लिए भी समय नहीं दिया जाता है। नियमावली में छुट्टी का प्रावधान भी शामिल होगा। महिला पीआरडी जवानों को बाल्य देखभाल अवकाश मिलेगा। नियमावली में यह प्रावधान भी किया जा रहा हैं। पिछले कुछ समय से नियमावली में संशोधन प्रस्तावों को लेकर विचार चल रहा था। अब इसका प्रस्ताव तैयार हो गया है।
संशोधन प्रस्ताव से होगा 9,300 जवानों का फायदा..
सेवा नियमावली में संशोधन से पीआरडी के करीब 9,300 जवानों को फायदा होगा। वे पिछले लंबे समय से रिटायरमेंट की आयु सीमा बढ़ाने की मांग करते आ रहे हैं। साथ ही उनकी मृतक आश्रित को सेवा में रखने की मांग भी है।
पीआरडी जवानों की ये प्रमुख मांगें थी लंबित
1. मानदेय से की जा रही 570 रुपये की कटौती बंद की जाए।
2. होमगार्ड की भांति मानदेय और अन्य सुविधाएं दी जाएं।
3. राष्ट्रीय पर्वों और अन्य अवकाश के दिनों में काम करने पर उनकी गैरहाजिरी न लगाई जाए।
4. मानदेय में बढ़ोत्तरी की जाए।
ऋषिकेश में इस दिन लगने वाला है रोजगार मेला..
उत्तराखंड: ऋषिकेश क्षेत्र के युवाओं के लिए रोजगार मेला लगने वाला है। ये मेला रोटरी क्लब के द्वारा लगवाया जा रहा है, इस मेले में सिडकुल पंतनगर, नोएडा, गुड़गांव की विभिन्न औद्योगिक कंपनियां प्रतिभाग करेगी। जिसके तहत युवाओं को सीधी नौकरी मिल सकेगी। साथ ही नौकरी के साथ ही उन्हें कई सुविधाएं मिलेगी।
आपको बता दे कि रोटरी क्लब संस्था ने करीब 500 युवाओं को रोजगार मेल के माध्यम से रोजगार देने का लक्ष्य निर्धारित किया है। बताया जा रहा है कि रोटरी क्लब ऋषिकेश की ओर से 22 दिसंबर को रेलवे रोड स्थित गुरुद्वारा सिंह सभा में वृहद रोजगार मेला का आयोजन किया जा रहा है। जिसमें सिडकुल पंतनगर, नोएडा, गुड़गांव की विभिन्न औद्योगिक कंपनियों को आमंत्रित किया गया है।
बताया जा रहा है कि मेले में अभ्यर्थियों का चयन मैरिट और साक्षात्कार के आधार पर किया जाएगा। मेले में हाईस्कूल और इंटरमीडिएट उत्तीर्ण अभ्यर्थियों ही प्रतिभाग कर सकते हैं। चयन होने पर युवाओं को न्यूनतम 12 हजार रुपये मासिक वेतन और रहने-खाने की व्यवस्था के साथ नौकरी की सुविधा मिलेगी। साथ ही दो साल तक काम करने वाले युवा को आईआईटी का डिप्लोमा भी दिया जाएगा। नोट- इच्छुक युवा 7409310931, 7409300994 और 9761310993 मोबाइल नंबर पर रजिस्ट्रेशन करा सकते हैं।
