अभिनेत्री शनाया कपूर और आदर्श गौरव की आगामी फिल्म ‘तू या मैं’ का ट्रेलर रिलीज कर दिया गया है। बेजॉय नाम्बियार के निर्देशन में बनी यह फिल्म रोमांस, सस्पेंस और थ्रिलर का अनोखा संगम पेश करती नजर आ रही है। फिल्म की कहानी दो सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर्स के इर्द-गिर्द घूमती है, जिनकी जिंदगी एक खतरनाक मगरमच्छ के कारण अचानक मुश्किलों में घिर जाती है।
कोलैबरेशन से शुरू होती है कहानी, खतरे में बदल जाता है सफर
ट्रेलर की शुरुआत 1988 की फिल्म ‘खून भरी मांग’ के मशहूर सीन से होती है, जिसमें रेखा को मगरमच्छों से भरे पानी में फेंका जाता है। इसके बाद कहानी में एंट्री होती है नालासोपारा के गली रैपर मारुति कदम उर्फ आला फ्लोपारा (आदर्श गौरव) और हाई-प्रोफाइल इन्फ्लुएंसर अवनी शाह उर्फ मिस वैनिटी (शनाया कपूर) की। दोनों की मुलाकात होती है और वे एक सोशल मीडिया कोलैबरेशन के लिए शहर से बाहर जाने का फैसला करते हैं।
हालांकि यह सफर जल्द ही डरावने मोड़ पर पहुंच जाता है, जब दोनों खुद को एक सुनसान स्विमिंग पूल में एक मगरमच्छ के साथ फंसा हुआ पाते हैं। ट्रेलर में रोमांस के साथ-साथ खौफ और सस्पेंस की झलक साफ नजर आती है।
मगरमच्छ से जंग और बढ़ता तनाव
ट्रेलर के आगे के हिस्सों में दिखाया गया है कि जैसे-जैसे दोनों के बीच नजदीकियां बढ़ती हैं, वैसे-वैसे हालात और ज्यादा खतरनाक हो जाते हैं। पूल में आराम के दौरान अवनी को मगरमच्छ की मौजूदगी का एहसास होता है और फिर शुरू होती है जान बचाने की जद्दोजहद। मगरमच्छ बार-बार हमला करता है और दोनों किरदार उससे बचने के तरीके तलाशते नजर आते हैं।
ट्रेलर के आखिरी सीन में खून से सनी अवनी और मगरमच्छ के हमले की झलक फिल्म की थ्रिलर कहानी को और ज्यादा रहस्यमय बना देती है।
13 फरवरी को सिनेमाघरों में दस्तक देगी फिल्म
आनंद एल राय और हिमांशु शर्मा द्वारा निर्मित ‘तू या मैं’ को सस्पेंस और रोमांटिक थ्रिलर के तौर पर पेश किया गया है। बेजॉय नाम्बियार के निर्देशन में बनी यह फिल्म 13 फरवरी को वैलेंटाइन डे के मौके पर सिनेमाघरों में रिलीज होगी।
(साभार)
हॉरर और थ्रिलर सिनेमा के शौकीनों के लिए बड़ी खबर सामने आई है। चर्चित फिल्म ‘तुम्बाड़’ के निर्देशक राही अनिल बर्वे की नई फिल्म ‘मायासभा’ का ट्रेलर रिलीज कर दिया गया। रहस्य, डर और सस्पेंस से भरपूर यह ट्रेलर दर्शकों के रोंगटे खड़े कर रहा है और फिल्म को लेकर उत्सुकता लगातार बढ़ती जा रही है।
जावेद जाफरी का बदला-बदला और खौफनाक अवतार
‘मायासभा’ के ट्रेलर में सबसे ज्यादा ध्यान खींचते हैं अभिनेता जावेद जाफरी, जो इस बार अपनी कॉमिक छवि से बिल्कुल अलग नजर आ रहे हैं। ट्रेलर में उनका किरदार रहस्यमयी और नकारात्मक रंग में दिखाया गया है, जो दर्शकों को डराने में पूरी तरह कामयाब होता है। कॉमेडी और एंकरिंग के लिए पहचाने जाने वाले जावेद जाफरी का यह गंभीर और डरावना अवतार उनके फैंस के लिए चौंकाने वाला है।
हॉरर और थ्रिलर का दमदार मिश्रण
फिल्म ‘मायासभा’ का ट्रेलर गहरे सस्पेंस, रहस्यमयी माहौल और डरावने दृश्यों से भरपूर है। ‘तुम्बाड़’ की तरह यह फिल्म भी दर्शकों को एक अनजानी और भयावह दुनिया में ले जाने का वादा करती है। बैकग्राउंड म्यूजिक और सिनेमैटोग्राफी ट्रेलर को और प्रभावशाली बनाते हैं।
30 जनवरी 2026 को रिलीज होगी फिल्म
मेकर्स ने ट्रेलर के साथ ही फिल्म की रिलीज डेट का भी ऐलान कर दिया है। ‘मायासभा’ 30 जनवरी 2026 को सिनेमाघरों में दस्तक देगी। फिल्म में जावेद जाफरी के साथ वीना जामकर, दीपक दामले और मोहम्मद समद अहम भूमिकाओं में नजर आएंगे, जिनका अभिनय ट्रेलर में प्रभावशाली दिखता है।
मजबूत क्रिएटिव टीम से सजी ‘मायासभा’
फिल्म का निर्देशन राही अनिल बर्वे ने किया है, जबकि गिरीश पटेल और अंकुर जे सिंह इसके निर्माता हैं। को-प्रोड्यूसर के रूप में शामराव भगवान यादव, चंदा यादव, केवल हांडा और मनीष हांडा जुड़े हैं। वहीं फिल्म के क्रिएटिव कंसल्टेंट की जिम्मेदारी आशीष निंगुरकर ने संभाली है।
कुल मिलाकर ‘मायासभा’ का ट्रेलर यह संकेत देता है कि दर्शकों को एक बार फिर डर और रहस्य से भरपूर सिनेमाई अनुभव मिलने वाला है।
(साभार)
ओटीटी दर्शकों के लिए एक नई और सस्पेंस से भरपूर क्राइम थ्रिलर सीरीज ‘दलदल’ का ट्रेलर जारी कर दिया गया है। मुंबई की अंधेरी गलियों और अपराध की जटिल दुनिया को केंद्र में रखकर बनी यह सीरीज एक महिला पुलिस अधिकारी की चुनौतीपूर्ण जांच की कहानी बयां करती है, जो एक सनसनीखेज सीरियल किलिंग केस को सुलझाने में जुटी है।
ट्रेलर में दिखी सस्पेंस और डर की दुनिया
रिलीज हुए ट्रेलर में डीसीपी रीटा फरेरा के किरदार में भूमि पेडनेकर का दमदार और गंभीर अवतार देखने को मिलता है। ट्रेलर में एक के बाद एक निर्मम हत्याओं की झलक दिखाई गई है, जो दर्शकों को रहस्य और रोमांच के भंवर में खींच लेती है। जैसे-जैसे हत्याओं की कड़ियां जुड़ती जाती हैं, जांच और अधिक पेचीदा होती चली जाती है और डीसीपी रीटा खुद को इस खतरनाक केस में गहराई तक उलझता हुआ पाती हैं।
किताब से पर्दे तक की कहानी
क्राइम थ्रिलर सीरीज ‘दलदल’ विश धामिजा की चर्चित किताब ‘भेंडी बाजार’ से प्रेरित है। इसका निर्देशन अमृत राज गुप्ता ने किया है, जबकि निर्माण की जिम्मेदारी विक्रम मल्होत्रा और सुरेश त्रिवेणी ने संभाली है। सीरीज की पटकथा श्रीकांत अग्निस्वरन, रोहन डिसूजा और प्रिया सग्गी ने लिखी है।
कब और कहां देख सकेंगे ‘दलदल’
भूमि पेडनेकर के साथ सीरीज में समारा तिजोरी और आदित्य रावल भी महत्वपूर्ण भूमिकाओं में नजर आएंगे। ‘दलदल’ का प्रीमियर 30 जनवरी को अमेज़न प्राइम वीडियो पर किया जाएगा।
(साभार)
नए वर्ष की शुरुआत के साथ ही टीवी इंडस्ट्री में भी दर्शकों की पसंद का पैमाना सामने आ गया है। साल 2026 के पहले सप्ताह की टीआरपी रेटिंग जारी कर दी गई है, जिसमें पारिवारिक ड्रामा और फैंटेसी शोज़ का दबदबा देखने को मिला। इस बार की सूची में कुछ पुराने लोकप्रिय धारावाहिकों ने मजबूत वापसी की है, तो वहीं नए शोज़ ने भी शानदार एंट्री मारी है।
‘क्योंकि सास भी कभी बहू थी 2’ बना नंबर वन
पहले सप्ताह की टीआरपी रेटिंग में ‘क्योंकि सास भी कभी बहू थी 2’ ने बाजी मारते हुए पहला स्थान हासिल किया है। सीरियल को 2.3 की टीआरपी मिली है। कहानी में चल रहे उतार-चढ़ाव, तुलसी (स्मृति ईरानी) और मिहिर (अमर उपाध्याय) के अलगाव और विरानी परिवार में तुलसी की वापसी ने दर्शकों को खूब बांधे रखा है।
दूसरे पायदान पर ‘नागिन 7’
एकता कपूर के प्रोडक्शन में बना फैंटेसी ड्रामा ‘नागिन 7’ दर्शकों की पसंद पर खरा उतरता नजर आ रहा है। प्रियंका चाहर चौधरी स्टारर इस सीरियल ने 2.1 की टीआरपी के साथ दूसरे नंबर पर जगह बनाई है। कम समय में ही इस शो ने टीआरपी रेस में अपनी मजबूत पहचान बना ली है।
‘अनुपमा’ को तीसरा स्थान
लगातार लंबे समय तक टीआरपी चार्ट में शीर्ष पर रहने वाला सीरियल ‘अनुपमा’ इस बार तीसरे स्थान पर खिसक गया है। शो को 2.1 की रेटिंग मिली है, लेकिन टाई होने के बावजूद यह ‘नागिन 7’ से पीछे रहा। बीते वर्ष तक यह धारावाहिक दर्शकों की पहली पसंद बना हुआ था।
टॉप-5 में रोमांटिक ड्रामा की एंट्री
टीआरपी सूची में चौथे और पांचवें स्थान पर ‘उड़ने की आशा’ और ‘तुम से तुम तक’ ने जगह बनाई है। दोनों ही रोमांटिक ड्रामा सीरियल्स को 1.9 की टीआरपी मिली है। नई कहानियों और ताजे अंदाज के चलते इन शोज़ को भी दर्शकों का अच्छा रिस्पॉन्स मिल रहा है।
(साभार)
आने वाले वैलेंटाइन सीज़न से पहले फिल्म ‘दो दीवाने सहर में’ का रोमांटिक टीज़र दर्शकों के बीच रिलीज कर दिया गया है। टीज़र में सिद्धांत चतुर्वेदी और मृणाल ठाकुर की केमिस्ट्री पहली झलक में ही ध्यान खींचती है। संजय लीला भंसाली के भंसाली प्रोडक्शंस और जी स्टूडियोज के बैनर तले बनी यह फिल्म प्यार के मौसम में एक भावनात्मक प्रेम कहानी पेश करने का वादा करती नजर आ रही है।
टीज़र में प्यार के साथ दर्द की झलक
फिल्म का निर्देशन ‘मॉम’ जैसी संवेदनशील फिल्म बना चुके रवि उदयावर ने किया है। टीज़र की शुरुआत फिल्म ‘घरौंदा’ के मशहूर गीत ‘दो दीवाने शहर में’ की धुन के साथ होती है, जो इसे एक अलग पहचान देती है। शुरुआती पलों में सिद्धांत और मृणाल के बीच नर्म, खूबसूरत रोमांस दिखाया गया है, लेकिन जैसे-जैसे टीज़र आगे बढ़ता है, कहानी में टूटन और जुदाई का दर्द उभरने लगता है। लगभग एक मिनट के इस टीज़र में प्रेम की मिठास और अधूरेपन का भाव दोनों को बखूबी पिरोया गया है।
निर्माताओं ने साझा किया भावनात्मक संदेश
टीज़र जारी करते हुए निर्माताओं ने इसके साथ एक भावनात्मक कैप्शन भी साझा किया। उन्होंने लिखा, “क्योंकि हर ‘इश्क़’ परफेक्ट नहीं होता, लेकिन काफी होता है। इस शहर की एक अधूरी, फिर भी पूरी प्रेम कहानी के साक्षी बनिए।” यह पंक्तियां फिल्म के भावनात्मक मिज़ाज की झलक देती हैं।
कब रिलीज होगी फिल्म
‘दो दीवाने सहर में’ एक रोमांटिक ड्रामा फिल्म है, जिसकी कहानी अभिरुचि चंद ने लिखी है और निर्देशन रवि उदयावर ने किया है। फिल्म का निर्माण संजय लीला भंसाली, प्रेरणा सिंह, उमेश कुमार बंसल और भरत कुमार रंगा ने जी स्टूडियोज, रैनकॉर्प मीडिया और भंसाली प्रोडक्शंस के सहयोग से किया है। यह फिल्म 20 फरवरी 2026 को सिनेमाघरों में रिलीज होगी।
फिल्म की स्टारकास्ट
फिल्म में सिद्धांत चतुर्वेदी और मृणाल ठाकुर मुख्य भूमिकाओं में नजर आएंगे। इनके अलावा ईला अरुण, जॉय सेनगुप्ता, आयशा रजा, विराज गेहलानी, संदीपा धर, दीपराज राणा, मोना अम्बेगांवकर, अचिंत कौर और नवीन कौशिक जैसे कलाकार भी अहम भूमिकाओं में दिखाई देंगे।
(साभार)
कॉमेडी और ड्रामा का मिश्रण लेकर पुलकित सम्राट और वरुण शर्मा की बहुप्रतीक्षित फिल्म ‘राहु केतु’ शुक्रवार को सिनेमाघरों में रिलीज हो गई। ‘फुकरे’ के बाद एक बार फिर दोनों कलाकारों की जोड़ी बड़े पर्दे पर नजर आई है। रिलीज के पहले दिन फिल्म को दर्शकों की सीमित लेकिन उत्सुक प्रतिक्रिया मिली है और बॉक्स ऑफिस पर इसकी शुरुआत उम्मीद के मुताबिक नहीं मानी जा रही है।
पहले दिन बॉक्स ऑफिस पर धीमी रफ्तार
फिल्म ‘राहु केतु’ की ओपनिंग कलेक्शन के शुरुआती आंकड़े सामने आ चुके हैं। ट्रेड वेबसाइट सैकनिल्क के अनुसार फिल्म ने पहले दिन करीब 1 करोड़ रुपये की कमाई की है। अब सबकी नजर इस बात पर टिकी है कि वीकेंड पर फिल्म अपनी रफ्तार पकड़ पाती है या नहीं।
सीधी टक्कर में ‘हैप्पी पटेल’
बॉक्स ऑफिस पर ‘राहु केतु’ को उसी दिन रिलीज हुई वीर दास की फिल्म ‘हैप्पी पटेल: खतरनाक जासूस’ से कड़ी प्रतिस्पर्धा मिल रही है। वीर दास अभिनीत और निर्देशित इस फिल्म ने पहले दिन लगभग 1.25 करोड़ रुपये की कमाई कर ली है। ‘
कहानी में रहस्य और हास्य का तड़का
फिल्म की कहानी हिमाचल प्रदेश के एक छोटे कस्बे में बुनी गई है, जहां लेखक चूरू लाल शर्मा अपने जीवन और लेखन दोनों से निराश हैं। कहानी में मोड़ तब आता है, जब उनकी मुलाकात एक रहस्यमय फूफा से होती है, जिनके पास एक जादुई किताब होती है। इसी किताब के जरिए राहु और केतु नाम के दो अजीबोगरीब किरदार कहानी में प्रवेश करते हैं, जिन्हें कस्बे के लोग अपशकुन मानने लगते हैं। इसके बाद भ्रम, डर और हास्य का सिलसिला शुरू हो जाता है।
स्टारकास्ट और निर्देशन
विपुल विज के निर्देशन में बनी इस फिल्म को समीक्षकों से मिली-जुली प्रतिक्रिया मिल रही है। फिल्म में पुलकित सम्राट और वरुण शर्मा के साथ शालिनी पांडे, पीयूष मिश्रा, मनु ऋषि चड्ढा, चंकी पांडे, अमित सियाल और सुमित गुलाटी जैसे अनुभवी कलाकार अहम भूमिकाओं में नजर आ रहे हैं। फिल्म में हास्य से भरपूर संवाद और हल्के-फुल्के सीन दर्शकों को आकर्षित करने की कोशिश करते हैं।
अब देखना दिलचस्प होगा कि आने वाले दिनों में ‘राहु केतु’ बॉक्स ऑफिस पर कितनी मजबूती से टिक पाती है।
(साभार)
साल 2026 की बहुप्रतीक्षित फिल्मों में शामिल वॉर ड्रामा ‘बॉर्डर 2’ का ट्रेलर रिलीज कर दिया गया है। सनी देओल, वरुण धवन, दिलजीत दोसांझ और अहान शेट्टी स्टारर इस फिल्म को लेकर दर्शकों में लंबे समय से उत्सुकता बनी हुई थी। रिलीज से ठीक एक सप्ताह पहले सामने आए ट्रेलर ने देशभक्ति, जज्बे और बलिदान की भावना को प्रभावशाली ढंग से पेश किया है।
देशभक्ति के रंग में सनी देओल की दमदार वापसी
ट्रेलर की शुरुआत 1971 के भारत-पाकिस्तान युद्ध की पृष्ठभूमि से होती है, जहां भारतीय सेना दुश्मन के खिलाफ निर्णायक मोर्चा संभालती नजर आती है। सनी देओल एक बार फिर अपने परिचित जोशीले अंदाज में दिखाई देते हैं। तोपों के साए में खड़े उनके चेहरे पर डर नहीं, बल्कि देश के लिए मर-मिटने का जज्बा नजर आता है। उनकी गूंजती आवाज में बोले गए संवाद सैनिकों के हौसले को और ऊंचा करते हैं, जो फिल्म के मूल भाव को मजबूती से स्थापित करते हैं।
थल, जल और वायु—तीनों सेनाओं की एकजुटता
ट्रेलर में वरुण धवन थल सेना के अधिकारी, दिलजीत दोसांझ वायु सेना और अहान शेट्टी नौसेना अधिकारी की भूमिका में नजर आते हैं। तीनों कलाकार अलग-अलग मोर्चों पर तैनात होकर देश की रक्षा करते दिखते हैं। युद्ध के दृश्यों के बीच संवादों और एक्शन के जरिए भारतीय सशस्त्र बलों की एकता और साहस को दर्शाया गया है। हालांकि ट्रेलर का फोकस मुख्य रूप से सनी देओल के किरदार पर बना रहता है।
एक्शन के साथ भावनाओं की गहराई
‘बॉर्डर 2’ का ट्रेलर सिर्फ युद्ध और एक्शन तक सीमित नहीं है, बल्कि इसमें फौजियों और उनके परिवारों की भावनात्मक कहानी भी झलकती है। सैनिकों के घर-परिवार, उनके इंतजार और बलिदान की पीड़ा को भी संवेदनशीलता के साथ दिखाया गया है। फीमेल कास्ट में सोनम बाजवा, मोना सिंह और मेधा राणा की झलक ट्रेलर में नजर आती है।
23 जनवरी को होगी सिनेमाघरों में रिलीज
अनुराग सिंह के निर्देशन और जेपी दत्ता के निर्माण में बनी ‘बॉर्डर 2’ 23 जनवरी 2026 को सिनेमाघरों में रिलीज होगी। यह फिल्म साल 2026 की पहली बड़ी रिलीज मानी जा रही है और ट्रेलर के बाद दर्शकों की उम्मीदें और भी बढ़ गई हैं।
(साभार)
बॉलीवुड से हॉलीवुड तक अपनी अलग पहचान बना चुकीं प्रियंका चोपड़ा जोनस एक बार फिर अपने दमदार अवतार में दर्शकों के सामने आने को तैयार हैं। उनकी नई इंटरनेशनल फिल्म ‘द ब्लफ’ का ऑफिशियल ट्रेलर रिलीज कर दिया गया है, जिसमें प्रियंका का अब तक का सबसे खतरनाक और उग्र किरदार देखने को मिल रहा है। ट्रेलर सामने आते ही सोशल मीडिया पर इसे लेकर चर्चा तेज हो गई है।
ट्रेलर में प्रियंका चोपड़ा एक निर्दयी और ताकतवर महिला समुद्री डाकू के रूप में नजर आती हैं, जिसका नाम एर्सेल ‘ब्लडी मैरी’ बॉडेन है। खून से सने चेहरे, जख्मों से भरा शरीर और आंखों में बदले की आग—प्रियंका का यह अवतार पहले से कहीं ज्यादा आक्रामक दिखाई देता है। फिल्म में उनके साथ हॉलीवुड अभिनेता कार्ल अर्बन भी अहम भूमिका निभा रहे हैं, जिनके साथ प्रियंका के एक्शन सीक्वेंस खासे प्रभावशाली हैं।
‘द ब्लफ’ की कहानी सत्ता, अस्तित्व और विश्वासघात के इर्द-गिर्द घूमती है। एर्सेल अपने अतीत को पीछे छोड़कर नई जिंदगी शुरू करना चाहती है, लेकिन उसका खतरनाक अतीत फिर से उसके सामने खड़ा हो जाता है। पुराने साथी लौटते हैं और उसे वफादारी, हिंसा और जिंदा रहने की जंग में उतरना पड़ता है। कहानी में भावनात्मक टकराव के साथ-साथ जबरदस्त एक्शन और संघर्ष को प्रमुखता से दिखाया गया है।
निर्माताओं के मुताबिक यह फिल्म पारंपरिक पाइरेट फिल्मों से अलग एक गहरी, क्रूर और थ्रिल से भरपूर कहानी पेश करती है। इंस्टाग्राम पर ट्रेलर साझा करते हुए मेकर्स ने लिखा है कि इस कहानी का अंत खून से सनी रेत पर होगा। ‘द ब्लफ’ 25 फरवरी को ओटीटी प्लेटफॉर्म प्राइम वीडियो पर रिलीज की जाएगी, जहां दर्शकों को एक्शन, ड्रामा और डार्क ह्यूमर से भरपूर समुद्री डाकू थ्रिलर देखने को मिलेगी।
(साभार)
मार्वल स्टूडियो की बहुप्रतीक्षित फिल्म ‘एवेंजर्स: डूम्स डे’ को लेकर दर्शकों का उत्साह लगातार बढ़ता जा रहा है। बड़े पैमाने पर तैयार की जा रही इस फिल्म में कई लोकप्रिय सुपरहीरोज की वापसी और नई एंट्री देखने को मिल रही है। इसी कड़ी में जारी किए गए नए टीजर ने फैंस की उत्सुकता और बढ़ा दी है, जिसमें वकांडा और फैंटास्टिक फोर से जुड़े अहम किरदारों की झलक दिखाई गई है।
टीजर में दिखी सुपरहीरोज की नई जुगलबंदी
नए टीजर में फैंटास्टिक फोर का एक सुपरहीरो वकांडा पहुंचता नजर आता है, जहां उसकी मुलाकात वहां के लोगों से होती है। इसके बाद वकांडा और फैंटास्टिक फोर के सुपरहीरोज एक टीम के रूप में एकजुट होते दिखाई देते हैं। इससे पहले जारी टीजर में एक्स-मैन फ्रेंचाइज़ी के चर्चित किरदार प्रोफेसर जेवियर और मैग्नेटो की एंट्री ने भी दर्शकों को हैरान कर दिया था।
सुपरहीरोज की वापसी से बढ़ा रोमांच
फिल्म में कैप्टन अमेरिका के रूप में क्रिस इवांस की वापसी भी चर्चा का विषय बनी हुई है। अलग-अलग मार्वल यूनिवर्स के सुपरहीरोज को एक साथ देखने की संभावना ने फैंस के बीच जबरदस्त क्रेज पैदा कर दिया है। सोशल मीडिया पर टीजर को लेकर लगातार प्रतिक्रियाएं सामने आ रही हैं।
रिलीज डेट का हुआ खुलासा
मेकर्स ने नए टीजर के साथ फिल्म की रिलीज डेट भी घोषित कर दी है। ‘एवेंजर्स: डूम्स डे’ 18 दिसंबर 2026 को सिनेमाघरों में रिलीज होगी। हालांकि रिलीज में अभी समय है, लेकिन टीजर ने ही यह साफ कर दिया है कि यह फिल्म मार्वल सिनेमैटिक यूनिवर्स की सबसे बड़ी पेशकशों में से एक होने वाली है।
(साभार)
सिनेमाघरों में 9 जनवरी को रिलीज हुई प्रभास स्टारर फिल्म ‘द राजा साब’ को लेकर शुरुआत में जबरदस्त माहौल देखने को मिला। पैन इंडिया स्तर पर रिलीज हुई इस मेगा बजट फिल्म ने पहले ही दिन मजबूत ओपनिंग दर्ज कर बॉक्स ऑफिस पर बड़ी उम्मीदें जगा दी थीं। हालांकि, शुरुआती जोश के बाद फिल्म की रफ्तार तेजी से धीमी होती नजर आ रही है और मंडे टेस्ट में इसका असर साफ दिखाई दिया है।
शुरुआती दिनों में कैसा रहा कारोबार
‘द राजा साब’ ने रिलीज से पहले पेड प्रिव्यू के जरिए अच्छी कमाई की थी, जिससे फिल्म के प्रति दर्शकों की उत्सुकता जाहिर हुई। शुक्रवार को फिल्म ने दमदार शुरुआत की, लेकिन इसके बाद कलेक्शन में लगातार गिरावट दर्ज की गई। वीकएंड पर फिल्म ने भले ही 100 करोड़ क्लब में एंट्री कर ली हो, लेकिन कमाई का ग्राफ उम्मीदों के मुताबिक ऊपर नहीं चढ़ पाया।
चार दिनों का बॉक्स ऑफिस हाल
पेड प्रिव्यू (गुरुवार): 9.15 करोड़ रुपये
रिलीज डे (शुक्रवार): 53.75 करोड़ रुपये
दूसरा दिन (शनिवार): 26 करोड़ रुपये
तीसरा दिन (रविवार): 19.1 करोड़ रुपये
मंडे टेस्ट में फिसली फिल्म
वीकएंड खत्म होते ही फिल्म को जोरदार झटका लगा। रिपोर्ट के अनुसार, रिलीज के चौथे दिन यानी सोमवार को फिल्म की कमाई घटकर 6.29 करोड़ रुपये रह गई। इसके साथ ही फिल्म का कुल नेट कलेक्शन 114 करोड़ रुपये तक पहुंच गया है। इतनी जल्दी आई गिरावट ने फिल्म के आगे के बॉक्स ऑफिस सफर पर सवाल खड़े कर दिए हैं।
बजट के मुकाबले कमजोर प्रदर्शन
मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक ‘द राजा साब’ का बजट करीब 400 करोड़ रुपये बताया जा रहा है। ऐसे में दूसरे, तीसरे और चौथे दिन का प्रदर्शन लागत के हिसाब से कमजोर माना जा रहा है। आने वाले दिनों में नई फिल्मों की रिलीज से मुकाबला और कड़ा होने वाला है, जिससे फिल्म के लिए चुनौती बढ़ सकती है।
दमदार स्टारकास्ट, लेकिन परीक्षा अभी बाकी
फिल्म में प्रभास के साथ संजय दत्त, निधि अग्रवाल, मालविका मोहनन, रिद्धि कुमार, बोमन ईरानी और जरीना वहाब अहम भूमिकाओं में नजर आ रहे हैं। निर्देशन और लेखन की कमान मारुति ने संभाली है, जबकि निर्माता टी.जी. विश्व प्रसाद हैं। अब देखना होगा कि वीकडेज में फिल्म खुद को संभाल पाती है या बॉक्स ऑफिस पर इसकी मुश्किलें और बढ़ती हैं।
(साभार)
