कैंसर आज दुनिया भर में एक गंभीर स्वास्थ्य संकट के रूप में उभर चुका है। विश्व स्वास्थ्य संगठन (WHO) के अनुसार, यह बीमारी वैश्विक स्तर पर मौतों के प्रमुख कारणों में शामिल है। वर्ष 2020 में करीब एक करोड़ लोगों की जान कैंसर के कारण गई, यानी हर छह में से एक मौत की वजह कैंसर रहा। ब्रेस्ट, फेफड़े, कोलन, रेक्टम और प्रोस्टेट कैंसर सबसे ज्यादा जानलेवा साबित हो रहे हैं। बीते कुछ दशकों में कैंसर के मामलों और इससे होने वाली मौतों में तेज़ बढ़ोतरी ने स्वास्थ्य विशेषज्ञों की चिंता बढ़ा दी है।
इसी गंभीरता को देखते हुए कैंसर के प्रति जागरूकता बढ़ाने और इसकी रोकथाम, समय पर पहचान व बेहतर इलाज को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से हर साल 4 फरवरी को वर्ल्ड कैंसर डे मनाया जाता है।
दिल्ली की रिपोर्ट ने बढ़ाई चिंता, युवाओं पर भारी पड़ रहा कैंसर
इस बीच दिल्ली से सामने आई एक सरकारी रिपोर्ट ने हालात को और चिंताजनक बना दिया है। रिपोर्ट के मुताबिक, पिछले 20 वर्षों में दिल्ली में कैंसर से होने वाली हर तीन में से एक मौत 44 वर्ष से कम उम्र के लोगों की हुई है। यह आंकड़ा युवाओं में कैंसर के बढ़ते खतरे की ओर साफ इशारा करता है।
स्वास्थ्य विशेषज्ञों का मानना है कि बीमारी की देर से पहचान, नियमित स्क्रीनिंग की कमी, तंबाकू और शराब का बढ़ता सेवन, प्रदूषण तथा तनाव जैसे कारण इस बढ़ते खतरे के लिए जिम्मेदार हैं। विशेषज्ञ समय से पहले होने वाली मौतों को रोकने के लिए शुरुआती जांच, जन-जागरूकता और जीवनशैली में सुधार पर जोर दे रहे हैं।
सरकारी आंकड़ों के अनुसार, बीते दो दशकों में दिल्ली में कैंसर से 1.1 लाख से अधिक लोगों की जान जा चुकी है।
मौतों का आंकड़ा लगातार बढ़ा
साल 2005 में जहां कैंसर से करीब 2,000 मौतें दर्ज की गई थीं, वहीं 2024 में यह संख्या बढ़कर लगभग 7,400 तक पहुंच गई।
साल 2011 में कैंसर से करीब 10,000 मौतें हुईं, जिनमें 45–64 वर्ष आयु वर्ग के लोग सबसे अधिक प्रभावित रहे। इसके अलावा, 14 साल से कम उम्र के बच्चों की हिस्सेदारी लगभग 8 प्रतिशत और 15–24 वर्ष के युवाओं की करीब 5.8 प्रतिशत रही।
दिल्ली में सालाना 7 प्रतिशत की दर से बढ़ रहीं कैंसर से मौतें
विशेषज्ञों के मुताबिक, दिल्ली में कैंसर से होने वाली मौतें हर साल औसतन 7 प्रतिशत की दर से बढ़ रही हैं, जो राजधानी की जनसंख्या वृद्धि दर से लगभग तीन गुना ज्यादा है।
कैंसर से होने वाली 90 प्रतिशत से अधिक मौतें अस्पतालों में दर्ज की गई हैं। वर्ष 2018 में यह आंकड़ा लगभग 98 प्रतिशत तक पहुंच गया था, जिससे यह स्पष्ट होता है कि समय के साथ कैंसर की रिपोर्टिंग और इलाज की पहुंच बढ़ी है।
2005 से 2024 के बीच अस्पतालों में 45–64 वर्ष आयु वर्ग के 38,481 लोगों की कैंसर से मौत हुई, जबकि 65 वर्ष से अधिक आयु के 23,141 और 25–44 वर्ष आयु वर्ग के 18,220 लोगों की जान गई।
कौन-सा कैंसर सबसे ज्यादा जानलेवा?
आंकड़ों के विश्लेषण से पता चलता है कि महिलाओं की तुलना में पुरुषों में कैंसर से मौत के मामले अधिक हैं।
पुरुषों में करीब 40 प्रतिशत मौतें 45–64 वर्ष आयु वर्ग में दर्ज की गईं
महिलाओं में इसी आयु वर्ग में यह आंकड़ा 43 प्रतिशत से अधिक रहा
महिलाओं में ब्रेस्ट कैंसर (411 मौतें) और ओवेरियन कैंसर (194 मौतें) प्रमुख कारण रहे
पुरुषों में प्रोस्टेट कैंसर (117) और सांस की नली के कैंसर (553) सबसे ज्यादा जानलेवा साबित हुए
मुंह और गले के कैंसर से पुरुषों में 607 और महिलाओं में 214 मौतें दर्ज की गईं, जो तंबाकू सेवन से जुड़े जोखिम को दर्शाता है
25–44 वर्ष आयु वर्ग की महिलाओं में कैंसर से होने वाली अधिकांश मौतों की वजह ब्रेस्ट और सर्वाइकल कैंसर रहे।
देर से पहचान बन रही सबसे बड़ी वजह
कैंसर विशेषज्ञों का कहना है कि अधिकतर मामलों में मौतों की मुख्य वजह बीमारी का देर से पता चलना है। लोग शुरुआती लक्षणों को नजरअंदाज कर देते हैं, यह सोचकर कि कम उम्र में कैंसर होना संभव नहीं। नतीजतन, बीमारी का पता तब चलता है जब वह एडवांस स्टेज में पहुंच चुकी होती है।
डॉक्टरों के अनुसार, युवाओं में कैंसर की बायोलॉजी अधिक आक्रामक होती है। शरीर में गांठ, असामान्य ब्लीडिंग, लंबे समय तक मुंह के छाले या आवाज में बदलाव जैसे संकेतों को सामान्य समझना इलाज में देरी का कारण बनता है।
डॉक्टरों की सलाह
विशेषज्ञ कैंसर से होने वाली मौतों को कम करने के लिए नियमित स्क्रीनिंग कार्यक्रम बढ़ाने, तंबाकू और शराब से दूरी बनाने, स्वस्थ जीवनशैली अपनाने और लक्षण दिखते ही डॉक्टर से संपर्क करने की अपील कर रहे हैं।
नोट: यह लेख विभिन्न मेडिकल रिपोर्ट्स और आधिकारिक आंकड़ों के आधार पर तैयार किया गया है।
(साभार)
तेजी से बदलती लाइफस्टाइल का असर अब केवल बड़ों तक सीमित नहीं रहा। जो बीमारियां कभी उम्र बढ़ने के साथ जुड़ी मानी जाती थीं, वे अब बच्चों और युवाओं में भी तेजी से देखने को मिल रही हैं। हाई ब्लड प्रेशर, मोटापा, तनाव और हार्मोनल असंतुलन जैसी समस्याएं कम उम्र में बढ़ना दुनियाभर के स्वास्थ्य विशेषज्ञों के लिए चिंता का विषय बन चुका है। विशेषज्ञों का मानना है कि इसकी सबसे बड़ी वजह शारीरिक गतिविधियों में कमी और बढ़ता स्क्रीन टाइम है।
बैठे-बैठे गुजर रहा दिन, बढ़ रहा खतरा
हेल्थ एक्सपर्ट्स के अनुसार, आज की सेंडेंटरी लाइफस्टाइल यानी अधिकतर समय बैठे रहकर काम करना या मोबाइल-कंप्यूटर पर समय बिताना कई गंभीर बीमारियों की जड़ बन चुका है। खासकर बच्चों में मोबाइल, टैबलेट, टीवी और कंप्यूटर का बढ़ता इस्तेमाल उनकी शारीरिक और मानसिक सेहत पर सीधा असर डाल रहा है। पहले ही कई अध्ययनों में स्क्रीन टाइम को सेहत के लिए ‘स्लो पॉयजन’ बताया जा चुका है।
स्क्रीन टाइम क्यों माना जाता है खतरनाक?
अध्ययनों से साफ हुआ है कि लंबे समय तक स्क्रीन के सामने रहने से शारीरिक, मानसिक और सामाजिक विकास प्रभावित होता है। बच्चों में डिजिटल आई स्ट्रेन की समस्या तेजी से बढ़ रही है, जिससे आंखों में जलन, धुंधलापन, सिरदर्द और ड्राई आई जैसी परेशानियां हो सकती हैं।
इसके अलावा ज्यादा स्क्रीन देखने से नींद का पैटर्न भी बिगड़ता है, जिससे मोटापा, डायबिटीज, तनाव और हृदय रोगों का खतरा बढ़ सकता है। बच्चों में ध्यान केंद्रित करने की क्षमता कम होना, चिड़चिड़ापन बढ़ना और भाषा व सामाजिक कौशल का कमजोर पड़ना भी हाई स्क्रीन टाइम से जुड़ी बड़ी समस्याएं हैं।
विश्व स्वास्थ्य संगठन (WHO) भी 5 साल से कम उम्र के बच्चों को स्क्रीन के अधिक संपर्क से दूर रखने की सलाह देता है।
स्क्रीन टाइम को लेकर चौंकाने वाला खुलासा
हालिया अध्ययन में स्क्रीन टाइम को लेकर एक अहम और चौंकाने वाला तथ्य सामने आया है। रिपोर्ट के अनुसार, बड़े भाई-बहनों की तुलना में घर के छोटे भाई-बहन मोबाइल, कंप्यूटर और टीवी जैसी स्क्रीन पर ज्यादा समय बिताते हैं। इसका सीधा असर उनके बौद्धिक विकास और जीवन की गुणवत्ता पर पड़ सकता है।
अध्ययन में क्या सामने आया?
यह निष्कर्ष ऑस्ट्रेलियन बच्चों पर की गई एक लॉन्गिट्यूडिनल स्टडी के डेटा के आधार पर निकाला गया। अध्ययन में 2 से 15 साल की उम्र के करीब 5,500 बच्चों की 24 घंटे की दिनचर्या का विश्लेषण किया गया।
शोध में पाया गया कि बाद में पैदा हुए बच्चे, पहले जन्मे बच्चों की तुलना में रोजाना 9 से 14 मिनट अधिक स्क्रीन पर बिताते हैं। भले ही यह समय कम लगे, लेकिन प्रतिशत के लिहाज से यह 7 से 10 प्रतिशत की बढ़ोतरी है, जो सप्ताह में लगभग 1 से 1.5 घंटे अतिरिक्त स्क्रीन टाइम के बराबर है।
छोटे बच्चों के लिए ज्यादा नुकसानदेह
विशेषज्ञों के मुताबिक, यह अतिरिक्त स्क्रीन टाइम बच्चों की फिजिकल एक्टिविटी, आउटडोर खेल और सामाजिक गतिविधियों के समय को कम कर देता है। इसका असर उनके शारीरिक विकास के साथ-साथ मानसिक स्वास्थ्य पर भी पड़ता है।
अध्ययन में यह भी संकेत मिले हैं कि ज्यादा स्क्रीन टाइम के कारण छोटे भाई-बहनों का आईक्यू लेवल और सीखने की क्षमता प्रभावित हो सकती है।
माता-पिता को किया गया अलर्ट
स्वास्थ्य विशेषज्ञों का मानना है कि परिवार बढ़ने के साथ माता-पिता के पास छोटे बच्चों के लिए समय कम हो जाता है, जिसके चलते स्क्रीन एक आसान विकल्प बन जाती है। हालांकि, विशेषज्ञ चेतावनी देते हैं कि यह आदत लंबे समय में बच्चों को नुकसान पहुंचा सकती है।
बढ़ता स्क्रीन टाइम बच्चों को ऑनलाइन गलत कंटेंट के संपर्क में भी ला सकता है, जिससे उनके बौद्धिक और सामाजिक विकास पर नकारात्मक असर पड़ने की आशंका रहती है।
(साभार)
मुंह में छाले होना आम बात मानी जाती है और अधिकतर लोग इसे पेट की गड़बड़ी या विटामिन की कमी समझकर नजरअंदाज कर देते हैं। लेकिन स्वास्थ्य विशेषज्ञों का कहना है कि यदि मुंह का कोई छाला लंबे समय तक ठीक न हो या बार-बार उसी जगह पर घाव बन रहा हो, तो यह गंभीर बीमारी की ओर इशारा कर सकता है। खासकर तीन सप्ताह से अधिक समय तक बने रहने वाले छाले को हल्के में लेना खतरनाक हो सकता है।
चिकित्सकों के अनुसार, लंबे समय तक न भरने वाले घाव ओरल कैंसर का शुरुआती संकेत हो सकते हैं। भारत में मुंह का कैंसर तेजी से बढ़ती स्वास्थ्य समस्याओं में शामिल है, जिसके पीछे तंबाकू, गुटखा, सुपारी और शराब का सेवन प्रमुख कारण माना जाता है। शुरुआती दौर में यह बीमारी अक्सर बिना दर्द के सफेद या लाल धब्बों के रूप में दिखाई देती है, जिसे लोग सामान्य छाला समझकर अनदेखा कर देते हैं। समय पर इलाज न होने की स्थिति में कैंसर जबड़े, गले और शरीर के अन्य हिस्सों तक फैल सकता है।
सामान्य छाले और कैंसर के घाव में क्या है फर्क
स्वास्थ्य विशेषज्ञ बताते हैं कि सामान्य छाले दर्दनाक होते हैं और कुछ दिनों में अपने आप ठीक हो जाते हैं। वहीं कैंसर से जुड़े शुरुआती घाव अधिकतर दर्द रहित होते हैं और लंबे समय तक बने रहते हैं। यदि छाले के साथ मुंह में गांठ महसूस हो, दांत ढीले होने लगें, आवाज में बदलाव आए या मुंह खोलने में परेशानी हो, तो तुरंत जांच कराना जरूरी है। इसकी पुष्टि केवल बायोप्सी जांच से ही संभव होती है।
तंबाकू और सुपारी से बढ़ता है खतरा
आंकड़ों के मुताबिक भारत में ओरल कैंसर के अधिकांश मामलों में तंबाकू सेवन अहम भूमिका निभाता है। तंबाकू में मौजूद हानिकारक तत्व मुंह की कोशिकाओं को नुकसान पहुंचाते हैं। वहीं सुपारी चबाने से मुंह की मांसपेशियां सख्त हो जाती हैं और धीरे-धीरे मुंह खुलना कम हो जाता है, जिसे गंभीर चेतावनी संकेत माना जाता है। शराब का सेवन इस खतरे को और बढ़ा देता है।
इन लक्षणों पर तुरंत दें ध्यान
ओरल कैंसर के अन्य लक्षणों में निगलने में दिक्कत, बिना वजह कान में दर्द, गले में सूजन, मुंह के अंदर सफेद या लाल पैच, जीभ सुन्न होना या हिलाने में परेशानी शामिल हैं। कई मामलों में गले या जबड़े में ऐसी गांठ बनती है जिसमें दर्द नहीं होता, जिससे मरीज को बीमारी का आभास देर से होता है।
समय पर पहचान से बचाई जा सकती है जान
विशेषज्ञों का कहना है कि ओरल कैंसर के इलाज में शुरुआती पहचान सबसे अहम है। यदि पहली अवस्था में बीमारी का पता चल जाए, तो इलाज के बाद मरीज के पूरी तरह स्वस्थ होने की संभावना काफी अधिक होती है। तंबाकू और शराब से दूरी बनाना, नियमित डेंटल जांच कराना और मुंह में किसी भी असामान्य बदलाव को नजरअंदाज न करना ही सबसे बड़ा बचाव है।
नोट: यह लेख विभिन्न मेडिकल रिपोर्ट्स और विशेषज्ञों की राय पर आधारित है।
(साभार)
आज के समय में हाई कोलेस्ट्रॉल सिर्फ बुज़ुर्गों की बीमारी नहीं रह गई है। बदलती लाइफस्टाइल, गलत खानपान और शारीरिक गतिविधियों की कमी के चलते यह समस्या अब युवाओं और यहां तक कि 20 साल से कम उम्र के लोगों में भी तेजी से देखी जा रही है। डॉक्टरों के मुताबिक, बढ़ा हुआ कोलेस्ट्रॉल सीधे तौर पर दिल की बीमारियों का खतरा बढ़ाता है, इसलिए इसे नजरअंदाज करना भारी पड़ सकता है।
दरअसल, कोलेस्ट्रॉल हमारे शरीर के लिए पूरी तरह नुकसानदायक नहीं है। यह हार्मोन बनाने, कोशिकाओं को मजबूत रखने और पाचन प्रक्रिया में अहम भूमिका निभाता है। लेकिन जब शरीर में बैड कोलेस्ट्रॉल यानी एलडीएल की मात्रा जरूरत से ज्यादा बढ़ जाती है, तब यह सेहत के लिए गंभीर खतरा बन जाता है।
अगर आपके ब्लड टेस्ट में भी बार-बार कोलेस्ट्रॉल हाई आ रहा है, तो इसकी एक बड़ी वजह आपकी रोजमर्रा की डाइट और किचन से जुड़ी कुछ आम गलतियां हो सकती हैं।
बैड कोलेस्ट्रॉल क्यों है खतरनाक
स्वास्थ्य विशेषज्ञों के अनुसार, तला-भुना खाना, फास्ट फूड, ट्रांस फैट, रिफाइंड ऑयल और जरूरत से ज्यादा घी-मक्खन का सेवन बैड कोलेस्ट्रॉल को तेजी से बढ़ाता है। इसके अलावा लंबे समय तक बैठे रहना, एक्सरसाइज न करना, मोटापा, धूम्रपान और शराब भी कोलेस्ट्रॉल लेवल बिगाड़ने वाले बड़े कारण हैं।
कहीं ज्यादा तेल-मक्खन तो नहीं खा रहे आप?
अधिक तेल या मक्खन का सेवन दिल की सेहत के लिए नुकसानदायक साबित हो सकता है।
मक्खन में मौजूद सैचुरेटेड फैट कोलेस्ट्रॉल लेवल को तेजी से बढ़ाता है। वहीं ज्यादा तली-भुनी चीजें, खासकर रिफाइंड ऑयल में बनी चीजें, धमनियों में फैट जमा होने का कारण बनती हैं। ऐसे में इनका सेवन सीमित करना बेहद जरूरी है।
प्रोसेस्ड फूड बढ़ा रहा है दिल की बीमारियों का खतरा
पैकेज्ड मसाले, रेडीमेड सॉस, नमकीन और अन्य प्रोसेस्ड फूड भी बैड कोलेस्ट्रॉल बढ़ाने में बड़ी भूमिका निभाते हैं।
इन चीजों में अधिक मात्रा में फैट, नमक और प्रिजर्वेटिव्स होते हैं, जो न सिर्फ वजन बढ़ाते हैं बल्कि हार्ट से जुड़ी बीमारियों का खतरा भी कई गुना बढ़ा देते हैं। विशेषज्ञ फाइबर से भरपूर अनाज, फल और हरी सब्जियां ज्यादा खाने की सलाह देते हैं।
बार-बार इस्तेमाल किया गया तेल भी है नुकसानदायक
कई घरों में एक ही कुकिंग ऑयल को बार-बार गर्म कर इस्तेमाल किया जाता है, जो सेहत के लिए बेहद खतरनाक है।
तेल को दोबारा गर्म करने से उसमें ट्रांस फैट और फ्री रेडिकल्स बन जाते हैं, जो बैड कोलेस्ट्रॉल को तेजी से बढ़ाते हैं। इससे दिल की धमनियों में सूजन, फैट जमा होने और यहां तक कि कैंसर का खतरा भी बढ़ सकता है।
हाई कोलेस्ट्रॉल से बचाव कैसे करें
कोलेस्ट्रॉल को कंट्रोल में रखने के लिए संतुलित आहार और एक्टिव लाइफस्टाइल सबसे जरूरी है। रोजाना फल, हरी सब्जियां, साबुत अनाज, ओट्स और दालें डाइट में शामिल करें। सीमित मात्रा में हेल्दी फैट जैसे नट्स, बीज और मछली का सेवन करें।
इसके साथ ही रोज कम से कम 30 मिनट वॉक या एक्सरसाइज करें और धूम्रपान व शराब से दूरी बनाएं।
नोट: यह लेख विभिन्न मेडिकल रिपोर्ट्स और स्वास्थ्य विशेषज्ञों की जानकारी के आधार पर तैयार किया गया है।
(साभार)
छाती में अचानक दबाव, जकड़न या भारीपन महसूस होना आम लग सकता है, लेकिन यह शरीर का एक अहम चेतावनी संकेत भी हो सकता है। कई बार लोग इसे गैस, थकान या हल्का अपच मानकर नजरअंदाज कर देते हैं, जबकि यही लक्षण किसी गंभीर बीमारी की शुरुआत भी हो सकते हैं। स्वास्थ्य विशेषज्ञों के अनुसार छाती में भारीपन दिल, फेफड़ों, पाचन तंत्र या मानसिक तनाव से जुड़ी समस्याओं का संकेत हो सकता है।
अगर यह परेशानी बार-बार हो रही है या दर्द बाएं हाथ, गर्दन, पीठ या जबड़े तक फैल रहा है, तो इसे बिल्कुल भी हल्के में नहीं लेना चाहिए। हालांकि यह भी सच है कि हर छाती दर्द का कारण हार्ट अटैक ही हो, ऐसा जरूरी नहीं। सही वजह जानने के लिए समय पर जांच बेहद जरूरी है।
आज की तेज़ रफ्तार जिंदगी, बढ़ता तनाव और अनियमित दिनचर्या के चलते पैनिक अटैक और एंग्जायटी के मामले भी तेजी से बढ़े हैं, जिनमें छाती में भारीपन एक आम लक्षण बन चुका है। ऐसे में यह जानना जरूरी हो जाता है कि छाती में भारीपन किन-किन बीमारियों का संकेत हो सकता है।
दिल से जुड़ी बीमारियों का संकेत
हृदय की धमनियों में जब चर्बी या प्लाक जमा हो जाता है, तो रक्त प्रवाह बाधित होने लगता है। इस स्थिति को कोरोनरी आर्टरी डिजीज कहा जाता है। इसके कारण छाती में दबाव, भारीपन, सांस फूलना, ठंडा पसीना और मतली जैसी शिकायतें हो सकती हैं। विशेषज्ञों का कहना है कि ऐसे लक्षण दिखाई दें तो बिना देरी किए डॉक्टर से संपर्क करना चाहिए। समय रहते ईसीजी और अन्य जांच कराने से हार्ट अटैक जैसे गंभीर खतरे से बचा जा सकता है।
फेफड़ों और श्वसन तंत्र से जुड़ी समस्याएं
फेफड़ों से जुड़ी बीमारियां जैसे अस्थमा, ब्रोंकाइटिस, निमोनिया या फेफड़ों में संक्रमण भी छाती में जकड़न और भारीपन पैदा कर सकते हैं। सांस लेने में दिक्कत, खांसी या सीने में दर्द इसके सामान्य लक्षण हैं।
वहीं पल्मोनरी एम्बोलिज्म यानी फेफड़ों की धमनी में खून का थक्का एक गंभीर और आपात स्थिति है, जिसमें अचानक तेज दर्द और भारीपन महसूस होता है। ऐसी स्थिति में तुरंत मेडिकल मदद जरूरी होती है।
पेट की समस्याएं और एसिड रिफ्लक्स
कई बार छाती में भारीपन की वजह दिल नहीं बल्कि पेट से जुड़ी होती है। एसिडिटी या एसिड रिफ्लक्स की स्थिति में पेट का एसिड भोजन नली में ऊपर आ जाता है, जिससे सीने में जलन और दबाव महसूस होता है।
यह परेशानी अक्सर खाने के बाद बढ़ती है और डकार या एंटासिड लेने से कुछ राहत मिलती है। लेकिन बिना जांच के इसे केवल गैस समझ लेना जोखिम भरा हो सकता है।
तनाव, चिंता और पैनिक अटैक
मानसिक तनाव, घबराहट और पैनिक अटैक भी छाती में भारीपन का एक बड़ा कारण बनते जा रहे हैं। ऐसी स्थिति में दिल की धड़कन तेज हो जाती है, सांस लेने में परेशानी होती है और व्यक्ति को घबराहट महसूस होती है। सही काउंसलिंग, योग और तनाव प्रबंधन से इस समस्या पर काबू पाया जा सकता है।
समय पर जांच ही सबसे सुरक्षित रास्ता
छाती में भारीपन को कभी भी घरेलू उपायों या अंदाज़े के भरोसे नहीं छोड़ना चाहिए। लक्षण हल्के हों या गंभीर, डॉक्टर की सलाह लेना बेहद जरूरी है। संतुलित खान-पान, नियमित व्यायाम और तनाव से दूरी बनाकर कई जोखिमों को कम किया जा सकता है।
याद रखें, बीमारी की समय पर पहचान न सिर्फ इलाज को आसान बनाती है, बल्कि जान बचाने में भी अहम भूमिका निभाती है।
नोट: यह लेख विभिन्न मेडिकल रिपोर्ट्स और विशेषज्ञों की सलाह के आधार पर तैयार किया गया है।
(साभार)
आज की बदलती जीवनशैली में मोटापा एक गंभीर स्वास्थ्य चुनौती बनता जा रहा है। यह समस्या अब केवल उम्रदराज़ लोगों तक सीमित नहीं रही, बल्कि बच्चे, युवा और कामकाजी वर्ग भी तेजी से इसकी चपेट में आ रहा है। मोटापा न सिर्फ शारीरिक बनावट को प्रभावित करता है, बल्कि हृदय रोग, मधुमेह, उच्च रक्तचाप जैसी कई गंभीर बीमारियों का खतरा भी बढ़ा देता है।
वजन घटाने के लिए लोग अक्सर बिना सही जानकारी के कठोर डाइट, जरूरत से ज्यादा व्यायाम या गलत उपाय अपनाने लगते हैं, जिससे लाभ की जगह नुकसान होने की आशंका बढ़ जाती है। विशेषज्ञों का कहना है कि मोटापे को लेकर समाज में कई तरह की गलतफहमियां फैली हुई हैं, जिन पर आंख बंद कर भरोसा करना सेहत के लिए खतरनाक हो सकता है।
यदि सही जानकारी के साथ संतुलित आहार और स्वस्थ जीवनशैली को अपनाया जाए, तो मोटापे से बचाव संभव है। आइए जानते हैं मोटापे से जुड़ी कुछ आम मिथक और उनके पीछे का सच।
मिथ: मोटापा केवल जंक फूड खाने से होता है
यह मानना पूरी तरह सही नहीं है। असंतुलित आहार मोटापे का एक कारण जरूर है, लेकिन यह अकेला कारण नहीं है। आनुवांशिक कारण, शारीरिक गतिविधियों की कमी, नींद पूरी न होना, मानसिक तनाव और लंबे समय तक स्क्रीन के सामने बैठना भी मोटापे के जोखिम को बढ़ाते हैं। अध्ययनों में पाया गया है कि जो लोग घंटों मोबाइल, लैपटॉप या टीवी का उपयोग करते हैं, उनमें शारीरिक निष्क्रियता बढ़ जाती है, जिससे वजन तेजी से बढ़ने लगता है।
मिथ: वजन घटाने के लिए खाना कम कर देना ही काफी है
मोटापा कम करने के लिए केवल खाना छोड़ देना या बहुत कम खाना समाधान नहीं है। शरीर को सही मात्रा में पोषक तत्वों की आवश्यकता होती है। विशेषज्ञों के अनुसार संतुलित आहार के साथ नियमित शारीरिक गतिविधि सबसे प्रभावी उपाय है।
दिन में कम से कम 30 मिनट टहलना, योग या हल्का व्यायाम करना और पौष्टिक भोजन लेना वजन नियंत्रित रखने में मदद करता है।
मिथ: मोटापे से ग्रस्त हर व्यक्ति को डायबिटीज हो जाती है
मोटापा टाइप-2 डायबिटीज का एक जोखिम कारक जरूर है, लेकिन यह जरूरी नहीं कि हर मोटे व्यक्ति को मधुमेह हो ही जाए। कई लोग मोटापे के बावजूद स्वस्थ रहते हैं, जबकि कुछ सामान्य वजन वाले लोगों को भी डायबिटीज हो सकती है। स्वस्थ खानपान, नियमित व्यायाम और सक्रिय जीवनशैली अपनाकर मोटापा और डायबिटीज दोनों के खतरे को कम किया जा सकता है।
मिथ: अगर परिवार में मोटापा है तो आपको भी होगा
आनुवांशिकता का प्रभाव जरूर पड़ता है, लेकिन यह तय नहीं करता कि आपको मोटापा होगा ही। विशेषज्ञों का कहना है कि जिन लोगों के परिवार में मोटापे का इतिहास रहा है, उन्हें अपने आहार और दिनचर्या को लेकर अधिक सतर्क रहने की जरूरत होती है। सही आदतें अपनाकर मोटापे के जोखिम को काफी हद तक कम किया जा सकता है।
नोट: यह लेख विभिन्न मेडिकल रिपोर्ट्स और स्वास्थ्य विशेषज्ञों की सलाह पर आधारित है।
(किसी भी बदलाव से पहले डॉक्टर की सलाह अवश्य लें।)
(साभार )
आज की भागदौड़ भरी जिंदगी, गलत खान-पान और शारीरिक निष्क्रियता ने जोड़ों से जुड़ी बीमारियों को तेजी से बढ़ा दिया है। कभी केवल उम्र बढ़ने से जुड़ी मानी जाने वाली गठिया (Arthritis) की समस्या अब युवाओं को भी तेजी से अपनी चपेट में ले रही है। जोड़ों के बीच मौजूद कार्टिलेज जब धीरे-धीरे कमजोर होने लगता है, तो हड्डियां आपस में टकराने लगती हैं, जिससे घुटनों में दर्द, सूजन और अकड़न की शिकायत शुरू हो जाती है। सुबह उठते समय, लंबे समय तक बैठने के बाद या सीढ़ियां चढ़ते-उतरते समय यह दर्द और अधिक परेशान करता है।
विशेषज्ञों के अनुसार, शरीर में यूरिक एसिड का बढ़ना, ऑटोइम्यून डिसऑर्डर, मोटापा और पोषक तत्वों की कमी भी गठिया को बढ़ावा देने वाले प्रमुख कारण हैं। यदि शुरुआती लक्षणों को नजरअंदाज किया जाए, तो स्थिति धीरे-धीरे गंभीर हो सकती है और चलना-फिरना भी मुश्किल हो जाता है। हालांकि, समय रहते जीवनशैली में सुधार, संतुलित आहार और कुछ प्राकृतिक उपाय अपनाकर जोड़ों के दर्द को काफी हद तक नियंत्रित किया जा सकता है।
गठिया में राहत देने वाले असरदार घरेलू मसाले
रसोई में मौजूद कुछ सामान्य मसाले गठिया के दर्द में रामबाण की तरह काम कर सकते हैं। हल्दी में पाया जाने वाला करक्यूमिन सूजन को कम करने वाला शक्तिशाली तत्व है, जो जोड़ों की अकड़न और दर्द को घटाने में मदद करता है। रोजाना गुनगुने दूध में हल्दी मिलाकर पीने से सूजन कम होती है। वहीं, अदरक का सेवन शरीर में सूजन पैदा करने वाले तत्वों को कम करता है और जोड़ों की कार्यक्षमता को बेहतर बनाता है। अदरक का काढ़ा या चाय नियमित रूप से लेने से आराम महसूस होता है।
मालिश और तेल से कैसे बढ़ेगा जोड़ों का लचीलापन?
नियमित तेल मालिश गठिया के मरीजों के लिए बेहद लाभकारी मानी जाती है। मालिश से प्रभावित हिस्से में रक्त संचार बेहतर होता है, जिससे जकड़न और दर्द में राहत मिलती है। लहसुन को सरसों के तेल में पकाकर उससे घुटनों की मालिश करना एक पुराना और असरदार घरेलू उपाय है। इसके अलावा जैतून का तेल और अरंडी का तेल भी सूजन कम करने में सहायक होते हैं। तेल की गर्माहट मांसपेशियों को आराम देती है और जोड़ों को लचीला बनाए रखने में मदद करती है।
खान-पान और व्यायाम में जरूरी बदलाव
गठिया से पीड़ित लोगों को अपने आहार पर विशेष ध्यान देना चाहिए। ओमेगा-3 फैटी एसिड से भरपूर खाद्य पदार्थ जैसे अखरोट, अलसी और मछली सूजन को कम करने में मदद करते हैं। इसके साथ ही हल्का और नियमित व्यायाम बेहद जरूरी है। तैराकी, योग और साइकिलिंग जैसे लो-इम्पैक्ट एक्सरसाइज जोड़ों पर अधिक दबाव डाले बिना उन्हें मजबूत बनाते हैं। वजन नियंत्रित रखना भी आवश्यक है, क्योंकि अतिरिक्त वजन सीधे घुटनों पर दबाव डालता है। रातभर भिगोए हुए मेथी दानों का पानी पीना यूरिक एसिड को संतुलित रखने में सहायक माना जाता है।
क्या रखें सावधानी?
यदि घुटनों में लगातार दर्द, अत्यधिक सूजन या जोड़ों से आवाज आने लगे, तो इसे नजरअंदाज न करें। घरेलू उपायों के साथ-साथ समय पर चिकित्सकीय सलाह लेना बेहद जरूरी है। योग, संतुलित आहार और अनुशासित दिनचर्या अपनाकर लंबे समय तक जोड़ों को स्वस्थ रखा जा सकता है।
नोट: यह लेख विभिन्न मेडिकल रिपोर्ट्स और स्वास्थ्य विशेषज्ञों द्वारा दी गई जानकारियों के आधार पर तैयार किया गया है। किसी भी उपचार को अपनाने से पहले डॉक्टर की सलाह अवश्य लें।
(साभार)
अक्सर लोग सोकर या लंबे समय तक बैठने के बाद जैसे ही अचानक खड़े होते हैं, तो आंखों के सामने अंधेरा छा जाता है या सिर घूमने लगता है। अधिकांश लोग इसे कमजोरी, थकान या नींद पूरी न होने का असर मानकर टाल देते हैं। लेकिन चिकित्सकीय दृष्टि से यह स्थिति केवल सामान्य नहीं, बल्कि शरीर के भीतर चल रही किसी गड़बड़ी का संकेत भी हो सकती है। मेडिकल भाषा में इसे ऑर्थोस्टेटिक हाइपोटेंशन कहा जाता है, जिसमें खड़े होते ही रक्तचाप अचानक गिर जाता है।
जब व्यक्ति अचानक खड़ा होता है, तो गुरुत्वाकर्षण के प्रभाव से रक्त तेजी से पैरों की ओर चला जाता है। सामान्य परिस्थितियों में शरीर का नर्वस सिस्टम तुरंत प्रतिक्रिया देता है—हृदय की धड़कन बढ़ाकर और रक्त वाहिकाओं को संकुचित कर मस्तिष्क तक रक्त प्रवाह बनाए रखता है। लेकिन जब यह तंत्र सही ढंग से काम नहीं करता, तो कुछ क्षणों के लिए मस्तिष्क तक पर्याप्त ऑक्सीजन नहीं पहुंच पाती, जिससे चक्कर, धुंधलापन या बेहोशी जैसी स्थिति बन जाती है।
अचानक चक्कर आने के पीछे क्या हो सकते हैं चिकित्सीय कारण?
विशेषज्ञों के अनुसार खड़े होने पर चक्कर आने के कई कारण हो सकते हैं। इनमें सबसे आम कारण डिहाइड्रेशन यानी शरीर में पानी की कमी है। इसके अलावा एनीमिया (खून की कमी), विटामिन B12 की कमी, लो ब्लड शुगर, या लंबे समय से ली जा रही ब्लड प्रेशर की दवाएं भी इसकी वजह बन सकती हैं।
कुछ मामलों में हृदय संबंधी समस्याएं, हार्ट वाल्व की खराबी या नर्वस सिस्टम से जुड़ी बीमारियां भी इसके पीछे जिम्मेदार हो सकती हैं।
क्या यह दिल या नर्वस सिस्टम की गंभीर बीमारी का संकेत हो सकता है?
डॉक्टरों का कहना है कि यदि यह समस्या बार-बार हो रही है, तो इसे नजरअंदाज करना खतरनाक हो सकता है। बार-बार चक्कर आना इस बात का संकेत हो सकता है कि शरीर का बैरोरिफ्लेक्स सिस्टम, जो रक्तचाप को नियंत्रित करता है, सही से काम नहीं कर रहा।
यह स्थिति दिल की धड़कन में अनियमितता, नसों की क्षति या पार्किंसंस जैसी न्यूरोलॉजिकल बीमारी की शुरुआती चेतावनी भी हो सकती है। खासतौर पर बुजुर्गों में इसके कारण अचानक गिरने का खतरा बढ़ जाता है, जिससे गंभीर चोट या जान का जोखिम भी हो सकता है।
इस समस्या से बचाव के लिए अपनाएं ये आसान उपाय
इस समस्या को नियंत्रित करने के लिए जीवनशैली में कुछ बदलाव बेहद कारगर साबित हो सकते हैं—
धीरे उठें: बिस्तर से उठते समय पहले कुछ देर बैठें, फिर धीरे-धीरे खड़े हों
पर्याप्त पानी पिएं: दिनभर शरीर को हाइड्रेट रखें, जरूरत पड़ने पर इलेक्ट्रोलाइट्स लें
नमक का संतुलन: डॉक्टर की सलाह से आहार में नमक की मात्रा संतुलित रखें
नियमित व्यायाम: पैरों की मांसपेशियों को मजबूत करने वाले व्यायाम करें, जिससे रक्त संचार बेहतर हो
शरीर के संकेतों को हल्के में न लें
अचानक आने वाले चक्कर को मामूली समझकर नजरअंदाज करना भविष्य में गंभीर समस्या का कारण बन सकता है। यदि सावधानियां बरतने के बावजूद चक्कर आना बंद न हो, तो बिना देर किए डॉक्टर से संपर्क करें। चिकित्सक जरूरत पड़ने पर टिल्ट टेबल टेस्ट, ब्लड टेस्ट या अन्य जांच की सलाह दे सकते हैं।
याद रखें, शरीर समय-समय पर संकेत देता है—उन्हें समझना और समय पर कदम उठाना ही बेहतर स्वास्थ्य की कुंजी है।
नोट: यह लेख विभिन्न मेडिकल रिपोर्ट्स और विशेषज्ञों की जानकारियों के आधार पर तैयार किया गया है।
(साभार)
बदलती जीवनशैली और अनियमित दिनचर्या के चलते कब्ज (कॉन्स्टिपेशन) आज एक आम लेकिन गंभीर स्वास्थ्य समस्या बनती जा रही है। विशेषज्ञों का मानना है कि दिनभर की भागदौड़ के बीच लोग रात के समय की छोटी-छोटी आदतों को नजरअंदाज कर देते हैं, जिसका सीधा असर पाचन तंत्र पर पड़ता है। यही लापरवाही धीरे-धीरे कब्ज, गैस, एसिडिटी और अन्य पाचन संबंधी परेशानियों को जन्म देती है।
स्वास्थ्य विशेषज्ञों के अनुसार, रात का समय शरीर की प्राकृतिक सफाई और डिटॉक्स प्रक्रिया के लिए बेहद अहम होता है। इस दौरान आंतों की सक्रियता बनी रहती है, जिससे सुबह पेट साफ होने की प्रक्रिया सुचारू रहती है। लेकिन देर रात भारी भोजन, पानी की कमी और तुरंत सो जाने जैसी आदतें इस प्रक्रिया को बाधित कर देती हैं। इससे आंतों में नमी कम होने लगती है और मल सख्त हो जाता है।
आयुर्वेद और आधुनिक चिकित्सा दोनों ही इस बात पर जोर देते हैं कि यदि रात में पाचन तंत्र पर अतिरिक्त दबाव डाला जाए, तो पेरिस्टालसिस की गति धीमी पड़ जाती है। इसका परिणाम सुबह पेट साफ न होने के रूप में सामने आता है, जो लंबे समय में बवासीर, क्रोनिक कब्ज और सूजन जैसी समस्याओं का कारण बन सकता है।
विशेषज्ञों का कहना है कि रात के समय की कुछ गलत आदतें सीधे मेटाबॉलिज्म को प्रभावित करती हैं। इनमें देर रात तला-भुना या भारी भोजन करना, पर्याप्त पानी न पीना, भोजन के तुरंत बाद सो जाना और रात में चाय या कॉफी जैसे कैफीन युक्त पेय का सेवन शामिल है। ये आदतें आंतों की कार्यक्षमता को कमजोर कर देती हैं।
यदि ये गलतियां लंबे समय तक जारी रहती हैं, तो आंतों की दीवारें अपनी लचीलापन खोने लगती हैं। इससे क्रोनिक कॉन्स्टिपेशन की स्थिति बन जाती है, जिसमें शरीर से विषैले तत्व बाहर नहीं निकल पाते। ऐसे टॉक्सिन्स रक्त में मिलकर त्वचा संबंधी समस्याएं, लगातार थकान और सिरदर्द जैसी दिक्कतें पैदा कर सकते हैं। साथ ही आंतों में संक्रमण और सूजन का खतरा भी बढ़ जाता है।
कब्ज से बचाव के लिए विशेषज्ञ सोने से पहले कुछ सावधानियां अपनाने की सलाह देते हैं। रात के भोजन में फाइबर युक्त आहार जैसे सलाद, सब्जियां या दलिया शामिल करना चाहिए। भोजन के बाद हल्की सैर या कम से कम 100 कदम चलना पाचन क्रिया को सक्रिय रखता है। इसके अलावा सोने से पहले एक गिलास गुनगुना पानी पीना आंतों को हाइड्रेटेड रखने में मदद करता है। भोजन और नींद के बीच कम से कम 2 से 3 घंटे का अंतर रखना भी जरूरी बताया गया है।
विशेषज्ञों का कहना है कि कब्ज कोई असाध्य बीमारी नहीं, बल्कि शरीर की ओर से दी गई चेतावनी है। यदि समय रहते अपनी रात की दिनचर्या में सुधार कर लिया जाए, तो न केवल कब्ज से राहत मिल सकती है, बल्कि ऊर्जा स्तर और मानसिक शांति में भी सुधार होता है। एक स्वस्थ पाचन तंत्र ही स्वस्थ शरीर और संतुलित जीवन की नींव माना जाता है।
नोट: यह लेख विभिन्न मेडिकल रिपोर्ट्स और स्वास्थ्य विशेषज्ञों की जानकारियों पर आधारित है।
(साभार)
वजन घटाने को लेकर आमतौर पर लोगों के मन में जिम, कठिन एक्सरसाइज और सख्त डाइट की तस्वीर उभरती है, लेकिन मशहूर चिकित्सक डॉ. मल्हार गणला ने इस सोच को चुनौती दी है। सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे एक वीडियो में उन्होंने दावा किया है कि सही पोषण और जीवनशैली में छोटे बदलाव अपनाकर बिना भारी वर्कआउट के मात्र ढाई महीने में 10 किलो तक वजन कम किया जा सकता है।
डॉ. गणला का कहना है कि वजन बढ़ने और घटने की प्रक्रिया केवल एक्सरसाइज पर निर्भर नहीं करती, बल्कि यह शरीर के अंदर पोषक तत्वों के संतुलन और रोजमर्रा की आदतों से जुड़ी होती है। गलत डाइट और भूखे रहने की आदत मेटाबॉलिज्म को कमजोर कर देती है, जिससे वजन घटने के बजाय बढ़ने लगता है।
जिम न जा पाने वालों के लिए राहत की खबर
यह तरीका खासतौर पर उन लोगों के लिए कारगर बताया जा रहा है, जो व्यस्त दिनचर्या या समय की कमी के कारण जिम नहीं जा पाते। डॉक्टर ने तीन बुनियादी सिद्धांत बताए हैं, जिन्हें अपनाकर शरीर को प्राकृतिक रूप से फैट बर्न करने की स्थिति में लाया जा सकता है।
भूख को दबाने की बजाय समझने की सलाह
डॉ. गणला के अनुसार, वजन घटाने की शुरुआत भूख को मारने से नहीं, बल्कि उसे समझने से होती है। जब शरीर को जरूरी पोषक तत्व नहीं मिलते, तो वह बार-बार खाने के संकेत देता है। इस समस्या से निपटने के लिए उन्होंने ओमेगा-3 और 6, विटामिन D, विटामिन K2, मैग्नीशियम और रोजाना मल्टीविटामिन लेने की सलाह दी है। उनका दावा है कि इससे शरीर की न्यूट्रिएंट की कमी पूरी होती है और अनावश्यक खाने की इच्छा कम हो जाती है।
बाहर का खाना छोड़ना है जरूरी
वजन घटाने का दूसरा अहम नियम है बाहर के जंक और प्रोसेस्ड फूड से दूरी। डॉक्टर का कहना है कि घर का बना संतुलित भोजन न केवल सुरक्षित होता है, बल्कि यह मेटाबॉलिज्म को स्थिर रखने में भी मदद करता है। ऑफिस या बाहर जाते समय घर से खाना लेकर निकलने की आदत वजन घटाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकती है।
शुरुआती दौर में भारी एक्सरसाइज से परहेज
डॉ. गणला का सुझाव है कि शुरुआती ढाई महीनों तक भारी जिम वर्कआउट करने की जरूरत नहीं होती। इस दौरान हल्की वॉक, सीढ़ियों का इस्तेमाल और योग जैसे सूर्य नमस्कार पर्याप्त हैं। जब शरीर इन बदलावों के साथ तालमेल बिठा ले, तब एक्सरसाइज को धीरे-धीरे बढ़ाया जा सकता है।
स्वस्थ और स्थायी वजन घटाने का संदेश
विशेषज्ञों के मुताबिक, यह तरीका “क्रैश डाइट” और जरूरत से ज्यादा कसरत के खतरों से बचाता है। सही पोषण, संतुलित भोजन और नियमित दिनचर्या अपनाकर वजन घटाना न केवल आसान बनता है, बल्कि लंबे समय तक बना भी रहता है।
नोट: यह लेख सामान्य जानकारी के उद्देश्य से तैयार किया गया है। किसी भी प्रकार के सप्लीमेंट या डाइट प्लान को अपनाने से पहले चिकित्सक की सलाह लेना आवश्यक है।
(साभार)
