भूकंप, बाढ़, आग, खोज-बचाव और CPR जैसे महत्वपूर्ण मॉड्यूल पर मिला विशेष प्रशिक्षण
देहरादून। गृह मंत्रालय, भारत सरकार की “युवा आपदा मित्र योजना” के तहत चल रहे युवा आपदा मित्र–आपदा प्रबंधन प्रशिक्षण कार्यक्रम का सफलतापूर्वक समापन हो गया। यह प्रशिक्षण 02 दिसंबर से 08 दिसंबर 2025 तक 11वीं एनसीसी बटालियन, देहरादून के 50 कैडेट्स की सहभागिता के साथ ओल्ड बुचड़ी, गढ़ीकैंट में आयोजित किया गया।
कार्यक्रम में प्रतिभागियों को आपदा की स्थिति में फर्स्ट रिस्पांडर के रूप में कार्य करने के लिए व्यापक प्रशिक्षण प्रदान किया गया। प्रशिक्षण गृह मंत्रालय, उत्तराखंड शासन, जिलाधिकारी एवं अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व) देहरादून के निर्देशों के अनुपालन में आयोजित किया गया।
समापन सत्र में मेजर जनरल रोहन आनंद, ए.डी.जी., एनसीसी निदेशालय उत्तराखंड, मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। उन्होंने कहा, “युवा आपदा मित्र राष्ट्र की मानव सेवा के सच्चे अग्रदूत हैं। संकट की घड़ी में आपके त्वरित निर्णय और साहस से अनगिनत जीवन बचाए जा सकते हैं। देश को आपकी निस्वार्थ सेवा भावना पर पूरा विश्वास है।” उनके प्रेरक संबोधन से कैडेट्स में विशेष उत्साह देखने को मिला।
प्रशिक्षण के मुख्य विषय
कैडेट्स को आपदा प्रबंधन से जुड़े कई महत्वपूर्ण विषयों पर प्रशिक्षण दिया गया, जिनमें शामिल रहे—
आपदा प्रबंधन अधिनियम 2005 एवं संस्थागत ढांचा
भूकंप, भूस्खलन, बाढ़ और त्वरित बाढ़ से निपटने की तकनीक
प्राथमिक उपचार, घायल प्रबंधन एवं CPR
खोज एवं बचाव कार्य, रस्सी तकनीक व स्ट्रेचर निर्माण
जंगल की आग व शहरी आग प्रबंधन
संचार प्रबंधन एवं चेतावनी तंत्र
भारी वस्तुओं का सुरक्षित स्थानांतरण
कार्यक्रम संचालन
प्रशिक्षण का संचालन मास्टर ट्रेनर राजू शाही, सुशील सिंह कैंतुरा और किशन राजगुरु (युवा आपदा मित्र) द्वारा किया गया। उन्होंने कहा कि इन 50 प्रशिक्षित युवा आपदा मित्रों के जुड़ने से जिले का आपदा प्रबंधन तंत्र और अधिक मजबूत होगा तथा आपात स्थिति में स्थानीय स्तर पर राहत-बचाव कार्यों में त्वरित सहायता मिल सकेगी।
कार्यक्रम के दौरान एनसीसी की ओर से कर्नल आदित्य जॉन पॉल, मेजर शशि मेहता, सूबेदार मेजर लक्ष्मण सिंह, सूबेदार मेजर जिया लाल, ऑनरी कप्तान कृष्ण तड़ियाल एवं हवलदार राकेश कुमार सहित कई अधिकारी मौजूद रहे। सभी अधिकारियों ने प्रशिक्षण कार्यक्रम के सफल संचालन के लिए गृह मंत्रालय एवं उत्तराखंड शासन के प्रति आभार व्यक्त किया।
स्थापना दिवस से पहले कैबिनेट मंत्री ने सुनी पीआरडी जवानों की समस्याएं
अधिकारियों को जवानों की मांगों पर उदारता से निर्णय करने का निर्देश दिया
देहरादून। बीमार होने पर अगर पीआरडी जवान अस्पताल में भर्ती रहता है तो अब 6 महीने तक उसका मानदेय नहीं रोका जाएगा। सोमवार को सचिवालय स्थित एफआरडीसी सभागार में कैबिनेट मंत्री रेखा आर्या ने अधिकारियों को इसके निर्देश दिए।
बैठक के बाद कैबिनेट मंत्री रेखा आर्या ने बताया कि विभाग पीआरडी जवानों की सभी जायज मांगों पर सहानुभूति पूर्वक विचार करेगा। उन्होंने कहा कि पीआरडी के लिए स्वयं सेवक के बजाय दूसरा उचित शब्द इस्तेमाल करने की मांग पर भी उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया है।
कैबिनेट मंत्री ने बताया कि पीआरडी जवानों को मिलने वाली सहायता राशि में इजाफा करने और बीमार होने की दशा में मानदेय नियमित रूप से देने के निर्देश जारी किए गए हैं। बैठक में पीआरडी संगठन के प्रतिनिधियों ने 365 दिन रोजगार दिए जाने का मुद्दा उठाया। इसके बाद कैबिनेट मंत्री ने विभागीय अधिकारियों को इस दिशा में कदम उठाने के लिए निर्देश दिए ।
कैबिनेट मंत्री ने कहा कि 11 दिसंबर को पीआरडी स्थापना दिवस के अवसर पर आयोजित होने वाले कार्यक्रमों की तैयारी की समीक्षा भी बैठक में की गई।
बैठक में विशेष प्रमुख खेल सचिव अमित सिन्हा, निदेशक आशीष चौहान, अपर निदेशक अजय अग्रवाल अन्य विभागीय अधिकारी एवं पीआरडी संगठनों के प्रतिनिधि मौजूद रहे।
सेवा प्रदत्त और दिवंगत कर्मियों के आश्रितों को चेक वितरित, विभाग की स्मारिका और कैलेंडर का विमोचन
होमगार्ड्स का भोजन भत्ता बढ़ा, महिला जवानों को प्रसूति अवकाश और ऊँचाई पर ड्यूटी करने वालों को प्रोत्साहन राशि की घोषणा
देहरादून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने सोमवार को होमगार्ड्स स्थापना दिवस पर आयोजित कार्यक्रम में प्रतिभाग कर रैतिक परेड का निरीक्षण किया। इस दौरान मुख्यमंत्री ने होमगार्ड्स एवं नागरिक सुरक्षा विभाग की स्मारिका 2025 और विभागीय कैलेंडर 2026 का विमोचन किया। मुख्यमंत्री ने सेवा प्रदत्त एवं दिवंगत होमगार्ड के आश्रितों को चेक भी वितरित किए।
मुख्यमंत्री ने कहा कि होमगार्ड्स स्वंयसेवकों को वर्दी भत्ता अनुमन्य किया जाएगा। राज्य में अर्न्तजनपदीय ड्यूटीयों में तैनात होने वाले होमगार्डस स्वयंसेवकों को मिलने वाले भोजन भत्ते को 100 रूपये से बढ़ाकर 150 रुपए प्रतिदिन किया जाएगा। नागरिक सुरक्षा संगठन के स्वयंसेवकों को मिलने वाले प्रशिक्षण भत्ते को 50 रुपए से बढ़ाकर 140 रुपए प्रतिदिन किया जाएगा।
मुख्यमंत्री ने 63वें होमगार्ड्स एवं नागरिक सुरक्षा स्थापना दिवस की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि प्रस्तुत की गई रैतिक परेड अत्यंत गौरवशील है। परेड में राष्ट्रसेवा के प्रति जवानों के समर्पण, साहस और उत्कृष्टता की शानदार झलक देखने को मिली।
मुख्यमंत्री ने कहा होमगार्ड जवान कठिन परिस्थितियों में भी धैर्य, समर्पण और अदम्य इच्छाशक्ति के साथ प्रदेश की सुरक्षा व्यवस्था और जनसेवा के दायित्वों को निभाते हैं। उन्होंने कहा राज्य सरकार ने होम गार्ड्स जवानों के कल्याण और संगठन के उत्थान के लिए अनेकों महत्वपूर्ण निर्णय लिए हैं।
मुख्यमंत्री ने कहा राज्य सरकार ने पहली बार होमगार्ड्स जवानों को 12 आकस्मिक अवकाश प्रदान करने का निर्णय लिया। महिला होमगार्ड्स को प्रसूति अवकाश प्रदान करने की सुविधा भी प्रारंभ की गई है। पुलिस कर्मियों और एनडीआरएफ की भांति 9 हजार फीट से अधिक ऊँचाई पर ड्यूटी करने वाले होमगार्ड्स स्वयंसेवकों को 200 रुपए प्रतिदिन प्रोत्साहन राशि देने का निर्णय भी लिया गया है। एसडीआरएफ के जवानों के साथ प्रशिक्षित हुए होमगार्ड्स के जवानों को 100 रुपए प्रतिदिन प्रोत्साहन राशि भी प्रदान की जा रही है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि होमगार्ड्स जवान बरसात, ठंड, गर्मी जैसी हर परिस्थितियों में अपने कर्तव्यों का निर्वहन पूरी निष्ठा और समर्पण से करते हैं। होमगार्ड्स जवान, यातायात प्रबंधन, कानून व्यवस्था बनाए रखने के साथ कुंभ और कांवड़ यात्रा जैसे विशाल धार्मिक आयोजनों को सफलतापूर्वक संपन्न कराने में अपनी भूमिका निभा रहे हैं। चारों धामों के साथ-साथ हरिद्वार में स्थापित होमगार्ड्स हेल्प डेस्क देश-विदेश से आने वाले श्रद्धालुओं और पर्यटकों को हर संभव मदद उपलब्ध करा रहा है।
मुख्यमंत्री ने कहा होमगार्ड्स के जवान प्राकृतिक आपदाओं के समय में भी आवश्यकता पड़ने पर त्वरित रूप से घटनास्थल पर पहुँचकर राहत और बचाव कार्य में पूरी तत्परता और समर्पण के साथ जुट जाते हैं। उन्होंने कहा जवानों के हौंसले और समर्पण को राज्य सरकार उचित सम्मान दे रही है। राज्य सरकार होमगार्ड जवानों के हितों के लिए आगे भी पूर्ण प्रतिबद्धता के साथ कार्य करते रहेगी।
इस अवसर पर विधायक उमेश शर्मा काऊ, खजान दास, सविता कपूर, मेयर सौरभ थपलियाल, मेयर ऋषिकेश शंभू पासवान, कैलाश पंत, श्रीमती मधु भट्ट, श्यामवीर सैनी, सचिव शैलेश बगोली, डीजीपी दीपम सेठ, डी.जी होमगार्ड पी.वी.के. प्रसाद एवं अन्य लोग मौजूद रहे।
मुख्यमंत्री ने कहा—भविष्य की पीढ़ियां उनके अनुशासन और कर्तव्यनिष्ठा से प्रेरणा लेती रहेंगी
देहरादून। उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने सोमवार को भारत के प्रथम चीफ ऑफ डिफेंस स्टाफ स्वर्गीय जनरल बिपिन रावत की चौथी पुण्यतिथि पर उनकी प्रतिमा पर पुष्पचक्र अर्पित कर उन्हें श्रद्धांजलि दी। इस मौके पर मुख्यमंत्री ने कहा कि जनरल रावत का अदम्य साहस, निर्णायक नेतृत्व और राष्ट्र के प्रति समर्पण हमेशा उत्तराखंड और पूरे देश के लिए गौरव का विषय रहेगा।

सीएम धामी ने जनरल रावत को अनुशासन, कर्तव्यनिष्ठा और देशभक्ति की अद्वितीय मिसाल बताते हुए कहा कि उनका जीवन आने वाली पीढ़ियों को राष्ट्रसेवा के रास्ते पर आगे बढ़ने के लिए निरंतर प्रेरित करता रहेगा।
श्रद्धांजलि कार्यक्रम के दौरान कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी, विधायक खजान दास और देहरादून की विधायक सविता कपूर भी उपस्थित रहीं। सभी जनप्रतिनिधियों ने जनरल रावत के योगदान को राष्ट्र की सुरक्षा और सैन्य व्यवस्था को सुदृढ़ करने में महत्वपूर्ण बताया।
गणित, हिंदी और अंग्रेजी की तरह हर दिन होगी गीता की क्लास
देहरादून। प्रदेश में शिक्षा के क्षेत्र में एक नई पहल के तहत झाझरा स्थित जनजातीय विद्यालय ने अपने नियमित पाठ्यक्रम में श्रीमद्भागवत गीता को शामिल कर दिया है। यह पहला मौका है जब किसी जनजातीय स्कूल में गीता को गणित, हिंदी और अंग्रेजी की तरह एक अनिवार्य विषय के रूप में पढ़ाया जाएगा। विद्यालय प्रबंधन ने इसे बच्चों में नैतिक मूल्यों और भारतीय सांस्कृतिक जड़ों के प्रति जागरूकता बढ़ाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम बताया है।
दून संस्कृति स्कूल, झाझरा में कक्षा चार से दसवीं तक के छात्रों के लिए गीता पाठ को पाठ्यक्रम का अनिवार्य हिस्सा बनाया गया है। इसके लिए पौंधा गुरुकुल के आचार्य अंकित आर्य को बतौर प्रशिक्षक नियुक्त किया गया है। विद्यालय प्रबंधन के अनुसार प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा विभिन्न अंतरराष्ट्रीय मंचों पर गीता को सम्मानपूर्वक प्रस्तुत करने और रूस के राष्ट्रपति पुतिन को गीता भेंट करने से प्रेरित होकर यह निर्णय लिया गया।
पूर्व सांसद तरुण विजय ने विद्यालय की इस पहल को राष्ट्रीय स्तर पर लागू किए जाने योग्य बताते हुए सभी स्कूलों में नियमित रूप से गीता शिक्षण को शामिल किए जाने की अपील की है। इस अभियान में आर्य समाज मंदिर धामावाला के प्रधान सुधीर गुलाटी का भी सहयोग रहा।
विद्यालय में शनिवार से गीता कक्षा का औपचारिक शुभारंभ हो चुका है। अब प्रतिदिन गणित, हिंदी और अंग्रेजी की तरह ही गीता का एक पीरियड लगाया जाएगा। इस जनजातीय स्कूल में उत्तर-पूर्वी राज्यों—नागालैंड, मणिपुर सहित विभिन्न क्षेत्रों के छात्र-छात्राएं पढ़ाई करते हैं, जो अब इस नए पाठ्यक्रम के माध्यम से भारतीय ग्रंथों से भी परिचित होंगे।
देहरादून। गोवा के अरपोरा क्षेत्र में हुए गंभीर नाइटक्लब अग्निकांड को लेकर प्राप्त मीडिया रिपोर्टों एवं स्थानीय स्तर की सूचनाओं के अनुसार, इस घटना में उत्तराखंड के कुछ नागरिकों के संभावित रूप से प्रभावित होने की आशंका व्यक्त की गई है। इस स्थिति को अत्यंत गंभीरता से लेते हुए उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने तत्काल गोवा के मुख्यमंत्री डॉ. प्रमोद सावंत से दूरभाष पर वार्ता कर विस्तृत जानकारी प्राप्त की।
मुख्यमंत्री धामी ने गोवा सरकार से अनुरोध किया है कि यदि किसी भी प्रभावित व्यक्ति की पहचान उत्तराखंड निवासी के रूप में होती है, तो उनके परिजनों से तुरंत संपर्क स्थापित किया जाए तथा आवश्यक सहायता—विशेष रूप से पहचान, उपचार, सहायता राशि एवं अन्य औपचारिकताओं—को प्राथमिकता के साथ सुनिश्चित किया जाए। गोवा के मुख्यमंत्री ने उन्हें आश्वस्त किया कि सभी प्रभावितों को आवश्यक चिकित्सा एवं प्रशासनिक सहयोग उपलब्ध कराया जा रहा है।
मुख्यमंत्री धामी ने उत्तराखंड सरकार के सभी संबंधित विभागों को निर्देशित किया है कि वे घटना पर लगातार नजर रखें और यदि राज्य के किसी नागरिक के प्रभावित होने की पुष्टि होती है तो परिजनों को हर आवश्यक सहायता—चिकित्सा, कानूनी, परामर्श अथवा अन्य किसी भी प्रकार की—तत्परता से प्रदान की जाए। राज्य सरकार पीड़ित परिवारों के साथ पूर्ण संवेदनशीलता और प्रतिबद्धता के साथ खड़ी है।
उत्तराखंड सरकार गोवा प्रशासन से सतत संपर्क में है और घटना से जुड़ी अद्यतन जानकारी प्राप्त होते ही आवश्यक कदम तुरंत उठाए जाएंगे।
हजारों युवाओ के साथ रुद्रपुर में संपन्न हुआ गौ रक्षा दल का महासम्मेलन व महायज्ञ
रुद्रपुर। कैबिनेट मंत्री रेखा आर्या ने रविवार को रुद्रपुर में गौ सेवा रक्षक संगठन के महासम्मेलन और महायज्ञ का उद्घाटन किया। उन्होंने कहा कि गौ सेवा ही सच्ची देश सेवा है। गौ माता रक्षा सम्मेलन का शुभारंभ करते हुए मुख्य अतिथि रेखा आर्या ने कहा कि भारतीय जीवन शैली में गे हमेशा अर्थव्यवस्था का आधार रही है। उन्होंने कहा कि आज भी प्रदेश में लाखों महिलाएं ऐसी हैं जिनकी अर्थव्यवस्था गाय पर आधारित है।
भारतीय जनता पार्टी ने गौभक्ति और राष्ट्रभक्त को हमेशा सर्वोपरि रखा है और समस्त विकास की नीतियां इसी दृष्टिकोण के साथ तैयार की है । कैबिनेट मंत्री रेखा आर्या ने कहा कि प्रदेश सरकार युवाओं और महिलाओं के सशक्तिकरण के लिए विशेष प्रयास कर रही है। उन्होंने कहा कि अर्थ और धर्म दोनों समान रूप से महत्वपूर्ण है, भाजपा इसी यश नीति को साथ लेकर चलती है। कैबिनेट मंत्री रेखा आर्य ने कहा कि गौ सेवा ही राष्ट्र की सच्ची सेवा है, समाज की सच्ची सेवा है। भारत में हमेशा गाय परिवार की अर्थव्यवस्था का आधार रही है।
इस दौरान जिलाध्यक्ष भाजपा कमल जिंदल , विधायक शिव अरोरा, बाल आयोग के सदस्य व कार्यक्रम संयोजक दीपक गुलाटी , पूर्व मेयर रामपाल सिंह, पूर्व विधायक राजकुमार ठुकराल,गौरक्षा दल के जिलाध्यक्ष विराट आर्य, पंडित प्रभात आर्य, पंकज बांगा, दूधिया मंदिर के महंत शिवानंद महाराज, राज्यमंत्री उत्तम दत्ता, मानस जायसवाल के साथ साथ हजारों युवा उपस्थित रहे I
सीएम ने स्थानीय व्यंजनों का स्वाद लेते हुए जलेबी का भी उठाया आनंद
बागेश्वर। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कपकोट बाजार में व्यापारियों के साथ संवाद कर प्रदेश सरकार की विभिन्न योजनाओं और कारोबारी सुविधाओं पर उनका फीडबैक लिया। इस दौरान सीएम ने स्थानीय व्यंजनों का स्वाद लेते हुए जलेबी का भी आनंद उठाया।
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र और राज्य की डबल इंजन सरकार व्यापार जगत को मजबूत बनाने के लिए लगातार काम कर रही है। उन्होंने बताया कि जीएसटी व्यवस्था को सरल और पारदर्शी बनाने, तथा छोटे और मध्यम व्यवसायों को कर-अनुदान सहित वित्तीय सहायता उपलब्ध कराने जैसे कदमों से कारोबार को नई गति मिली है।

सीएम धामी ने कहा कि इन नीतिगत सुधारों ने न केवल व्यापार में नई जान फूंकी है, बल्कि प्रदेश की अर्थव्यवस्था को भी मजबूती प्रदान की है। उन्होंने व्यापारी समुदाय के सहयोग और विश्वास को उत्तराखंड की विकास यात्रा का अहम आधार बताते हुए सभी का आभार व्यक्त किया।
घायलों को श्रीनगर बेस अस्पताल रेफर किया गया
थलीसैंण। पौड़ी गढ़वाल में बुंखाल मेले से लौट रहे लोगों का वाहन एक दर्दनाक हादसे का शिकार हो गया। थलीसैंण ब्लॉक में गाड़ी अनियंत्रित होकर गहरी खाई में गिर गयी। हादसे में दो लोगों की मौत हो गई, जबकि तीन अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों को प्राथमिक उपचार के बाद श्रीनगर बेस अस्पताल रेफर किया गया है, जहां उनका इलाज जारी है।
हादसे में जान गंवाने वालों की पहचान वीरेंद्र (23 वर्ष), पुत्र सरदार सिंह, निवासी ग्राम टीला पैठाणी, और संतोष सिंह (35 वर्ष), पुत्र रघुवीर सिंह, निवासी ग्राम टीला, थाना पैठाणी के रूप में हुई है। वहीं घायल हुए श्रद्धालुओं में सोहन सिंह, वीरेंद्र सिंह और सिताब सिंह शामिल हैं। बताया जा रहा है कि वीरेंद्र सिंह और सिताब सिंह रुद्रप्रयाग जनपद के रहने वाले हैं।
बुंखाल मेला, जो पाबौ ब्लॉक के प्रसिद्ध कालिंका मां मंदिर में आयोजित होता है, स्थानीय आस्था और परंपरा का एक बड़ा प्रतीक है। हर साल बड़ी संख्या में श्रद्धालु इस मेले में शामिल होने के लिए दूर-दराज के गांवों से यहां पहुंचते हैं। काली देवी को समर्पित यह मंदिर वर्षों से स्थानीय लोगों की आस्था और विश्वास का केंद्र रहा है।
मंत्री गणेश जोशी ने राज्यवासियों से ‘सशस्त्र सेना झंडा दिवस कोष’ में सैन्य परिवारों के कल्याण एवं उत्थान के लिए अपना योगदान देने की अपील की
देहरादून। सशस्त्र सेना झंडा दिवस के अवसर पर आज सैनिक कल्याण विभाग के निदेशक और अधिकारिगणों ने प्रदेश के सैनिक कल्याण मंत्री गणेश जोशी को फ्लैग लगाया।

इस दौरान सैनिक कल्याण मंत्री गणेश जोशी ने राज्यवासियों को सशस्त्र सेना झंडा दिवस की बधाई एवं शुभकामनाएं दी और सभी से ‘सशस्त्र सेना झंडा दिवस कोष’ में सैन्य परिवारों के कल्याण एवं उत्थान के लिए अपना योगदान देते हुए लोगों से भी योगदान देने की भी अपील की।
इस अवसर पर निदेशक सैनिक कल्याण श्याम सिंह, उप निदेशक निधि बधानी सहित अन्य अधिकारीगण उपस्थित रहे।
