प्रधानमंत्री ने कहा, जो भी भारतीयों का खून बहाएगा, उसके लिए दुनिया में कोई सुरक्षित पनाहगाह नहीं बचेगा
नई दिल्ली। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने मंगलवार को श्री नारायण गुरु और महात्मा गांधी के बीच ऐतिहासिक संवाद की शताब्दी समारोह का उद्घाटन करते हुए इसे भारत के आध्यात्मिक इतिहास का प्रेरक क्षण बताया। इस दौरान उन्होंने ‘ऑपरेशन सिंदूर’ की सफलता का उल्लेख करते हुए भारत की सैन्य क्षमता और आतंकवाद के प्रति सख्त नीति पर जोर दिया।
पीएम मोदी ने कहा कि भारत अब निर्णायक और आत्मविश्वासी राष्ट्र बन चुका है। उन्होंने ‘ऑपरेशन सिंदूर’ का उदाहरण देते हुए कहा कि हाल ही में भारत ने मात्र 22 मिनट में आतंकवादियों को करारा जवाब दिया और पूरी दुनिया ने देखा कि आज का भारत क्या कर सकता है। यह ऑपरेशन भारत की स्पष्ट नीति का प्रतीक है — जो भी भारतीयों का खून बहाएगा, उसके लिए दुनिया में कोई सुरक्षित पनाहगाह नहीं बचेगा।
समारोह के मुख्य विषय पर बोलते हुए प्रधानमंत्री ने कहा कि 100 वर्ष पहले हुई महात्मा गांधी और श्री नारायण गुरु की ऐतिहासिक भेंट ने स्वतंत्रता संग्राम को नई दिशा दी थी। आज भी यह मुलाकात सामाजिक समरसता और राष्ट्र निर्माण के लिए ऊर्जा का स्रोत है।
उन्होंने आगे कहा कि श्री नारायण गुरु जैसे संतों ने भारतीय समाज को दिशा देने का कार्य किया है। वे शोषित, वंचित और पीड़ित वर्ग के उत्थान के प्रतीक हैं और उनके आदर्श आज भी सामाजिक नीतियों की प्रेरणा हैं।
मोदी ने यह भी बताया कि भारत अब ‘वन अर्थ, वन हेल्थ’ और ‘वन सन, वन वर्ल्ड, वन ग्रिड’ जैसे वैश्विक विचारों का नेतृत्व कर रहा है। G20 की अध्यक्षता के दौरान भारत ने “वन अर्थ, वन फैमिली, वन फ्यूचर” का मंत्र दिया, जो वसुधैव कुटुम्बकम की भावना से प्रेरित है।
ई-पासपोर्ट से बदलेगा सफर का तरीका, मिलेगी तेज और सुरक्षित सेवा
नई दिल्ली। 13वें पासपोर्ट सेवा दिवस के अवसर पर विदेश मंत्री एस. जयशंकर ने भारत और विदेशों में कार्यरत पासपोर्ट अधिकारियों के प्रयासों की सराहना की। इस मौके पर उन्होंने पासपोर्ट सेवा कार्यक्रम के उन्नत संस्करण PSP V2.0 और ई-पासपोर्ट सेवा की राष्ट्रव्यापी शुरुआत की घोषणा की।
विदेश मंत्री एस. जयशंकर ने मंगलवार को 13वें पासपोर्ट सेवा दिवस पर एक अहम घोषणा करते हुए कहा कि भारत की पासपोर्ट सेवा प्रणाली अब तकनीक के नए युग में प्रवेश कर रही है। उन्होंने ‘सेवा, सुशासन और गरीब कल्याण’ को पासपोर्ट सुधारों का आधार बताते हुए PSP 2.0 और ई-पासपोर्ट को नागरिकों की सशक्तिकरण यात्रा का महत्वपूर्ण पड़ाव करार दिया।
जयशंकर ने बताया कि 2014 में जहां 91 लाख पासपोर्ट जारी हुए थे, वहीं 2024 में यह संख्या 1.46 करोड़ तक पहुंच गई है। उन्होंने बताया कि पासपोर्ट सेवा कार्यक्रम 2.0 को अब पूरे देश में लागू कर दिया गया है, जो पारदर्शिता और दक्षता को और मजबूत बनाएगा।
ई-पासपोर्ट सेवा की शुरुआत को उन्होंने ‘डिजिटल इंडिया’ के तहत एक बड़ी उपलब्धि बताया। यह चिप आधारित तकनीक न केवल यात्रा को सरल बनाएगी, बल्कि आव्रजन प्रक्रिया को भी तेज करेगी।
विदेश मंत्री ने यह भी जानकारी दी कि अब तक 450 पासपोर्ट सेवा केंद्र खोले जा चुके हैं, जिनमें सबसे हालिया केंद्र कुशीनगर में अप्रैल 2025 में शुरू हुआ। उन्होंने पुलिस वेरिफिकेशन को तेज़ करने वाले एमपासपोर्ट ऐप और मोबाइल वैन सेवा के विस्तार का भी उल्लेख किया, जिससे दूरदराज के नागरिकों को भी यह सुविधा मिल रही है।
चांडिल डैम से छोड़े गए पानी ने चार ब्लॉकों में मचाई तबाही, 50,000 से ज्यादा लोग प्रभावित
नावों की मदद से सुरक्षित स्थानों तक पहुंचाए जा रहे लोग
बालासोर। ओडिशा के बालासोर जिले में अचानक आई बाढ़ ने जनजीवन को बुरी तरह से प्रभावित किया है। झारखंड स्थित चांडिल डैम से बिना पूर्व सूचना के छोड़े गए पानी के चलते बालियापाल, भोगराई, बस्ता और जलेश्वर ब्लॉकों में व्यापक जलभराव हो गया है। अब तक 50 से अधिक गांव जलमग्न हो चुके हैं और 50,000 से ज्यादा लोग बाढ़ की चपेट में आ गए हैं। शनिवार को तेज बहाव में एक युवक बह गया, जिसकी तलाश में बचाव टीमें जुटी हैं।
नदी के जलस्तर में गिरावट, पर संकट बरकरार
रविवार को सुवर्णरेखा नदी के जलस्तर में थोड़ी गिरावट दर्ज की गई है। सुबह 10 बजे राजघाट पर जलस्तर 9.94 मीटर था, जो खतरे के निशान (10.36 मीटर) से थोड़ा नीचे है। हालांकि शनिवार को जलस्तर 11 मीटर पार कर गया था, जिससे खेतों में पानी भर गया और सड़क संपर्क पूरी तरह टूट गया।
राजनीतिक आरोप और प्रशासनिक तैयारी
बालासोर के सांसद प्रताप सारंगी ने झारखंड प्रशासन पर बिना अलर्ट के डैम से पानी छोड़ने का आरोप लगाया और इसे गंभीर लापरवाही बताया। उन्होंने कहा कि यह अचानक आई बाढ़ हजारों लोगों के लिए संकट बन गई। सड़कें डूब जाने के कारण नावों से राहत और बचाव कार्य किए जा रहे हैं।
राहत व बचाव कार्य जारी
राज्य सरकार ने राहत कार्यों में तेजी लाते हुए दमकल विभाग की 5, ODRAF की 3 और NDRF की 1 टीम को प्रभावित क्षेत्रों में तैनात किया है। नावों के जरिए लोगों को सुरक्षित स्थानों तक पहुंचाया जा रहा है। कई ग्रामीण बांधों पर अस्थायी आश्रयों में रह रहे हैं।
स्वास्थ्य सेवाएं और प्रशासन की सतर्कता
प्रशासन ने स्वास्थ्य केंद्रों को सक्रिय कर प्राथमिक चिकित्सा, ORS और हायलीन टैबलेट की व्यवस्था की है। भोगराई, दहमुंडा, घंटुआ और जमकुंडा जैसे क्षेत्रों के दर्जनों गांवों में दवाएं और आवश्यक स्वास्थ्य सेवाएं पहुंचाई गई हैं।
स्थिति सामान्य होने में लगेंगे कुछ दिन
हालात नियंत्रण में बताए जा रहे हैं, लेकिन प्रशासन का मानना है कि पूरी तरह सामान्य स्थिति बनने में 4 से 5 दिन लग सकते हैं। राहत सामग्री का वितरण जारी है और लोगों से प्रशासन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पालन करने की अपील की गई है।
सेना प्रमुख मुनीर और ट्रंप की मुलाकात पर भी उठाए गंभीर सवाल
नई दिल्ली। AIMIM प्रमुख असदुद्दीन ओवैसी ने अमेरिका द्वारा ईरान के तीन प्रमुख परमाणु ठिकानों पर किए गए हमले के बहाने पाकिस्तान और डोनाल्ड ट्रंप पर तीखा हमला बोला है। ओवैसी ने सवाल उठाया कि क्या ऐसे ही आक्रामक कदमों के लिए पाकिस्तान ने डोनाल्ड ट्रंप को नोबेल शांति पुरस्कार के लिए नामित करने की बात की थी? उन्होंने इस्राइल-ईरान संघर्ष में अमेरिका की सैन्य कार्रवाई को लेकर भी चिंता जताई।
ईरानी ठिकानों पर अमेरिकी हमले:
बताया गया है कि अमेरिका ने बी-2 स्टील्थ बॉम्बर से 30,000 पाउंड वजनी बंकर बस्टर बमों का उपयोग करते हुए ईरान के फोर्डो, नतांज और इस्फाहान स्थित परमाणु ठिकानों को निशाना बनाया। यह कदम उस वक्त सामने आया, जब इस्राइल के हमलों के बावजूद ईरान के भूमिगत परमाणु ठिकानों को खास नुकसान नहीं पहुंचा था।
ओवैसी ने पाकिस्तान की भूमिका पर उठाए सवाल:
ओवैसी ने कहा कि पाकिस्तान ने जिस व्यक्ति (डोनाल्ड ट्रंप) को नोबेल शांति पुरस्कार के लिए नामित करने की बात की है, वह अब ईरान जैसे देश के खिलाफ युद्ध जैसी कार्रवाई करवा रहा है। उन्होंने यह भी पूछा कि क्या इसी उद्देश्य से पाकिस्तानी सेना प्रमुख असीम मुनीर को अमेरिका में ट्रंप के साथ लंच पर आमंत्रित किया गया था?
डोनाल्ड ट्रंप को नामित करने की पृष्ठभूमि:
गौरतलब है कि पाकिस्तान 2026 के नोबेल शांति पुरस्कार के लिए डोनाल्ड ट्रंप का नाम प्रस्तावित करने की तैयारी में है। पाकिस्तानी दावे के मुताबिक, ट्रंप की मध्यस्थता ने भारत-पाक संघर्ष के दौरान बड़े युद्ध को टालने में भूमिका निभाई थी। हालांकि, भारत ने इस दावे को कई बार खारिज किया है और कहा है कि संघर्षविराम भारत की सैन्य कार्रवाई के दबाव में आया था।
शैक्षणिक भारत दर्शन के लिए विद्यार्थियों का पहला दल रवाना, उच्च शिक्षा सचिव ने हरी झंडी दिखाई..
उत्तराखंड: उच्च शिक्षा सचिव डॉ. रंजीत कुमार सिन्हा ने दून विश्वविद्यालय में विद्यार्थी शैक्षिक भारत दर्शन योजना के पहले दल को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। 120 छात्रों के इस दल में से कुछ छात्र भारतीय विज्ञान शिक्षा एवं अनुसंधान संस्थान, मोहाली तथा कुछ जवाहरलाल नेहरू विश्वविद्यालय, नई दिल्ली जाएंगे।
उच्च शिक्षा सचिव का कहना हैं कि विद्यार्थी शिक्षक भारत दर्शन योजना छात्रों को कुछ नया सीखने और करने के लिए प्रेरित करेगी। उन्होंने छात्रों से इन संस्थानों से अधिक से अधिक सीखने और राज्य में उच्च शिक्षा की गुणवत्ता में सुधार के लिए प्रयास करने पर जोर दिया। दून विश्वविद्यालय की कुलपति सुरेखा डंगवाल का कहना हैं कि राज्य सरकार के अभिनव प्रयासों से उच्च शिक्षा के क्षेत्र में नया विश्वास पैदा हुआ है।
बताया गया कि छात्रों का दल 21 मार्च तक भ्रमण पर रहेगा। कार्यक्रम में रूसा सलाहकार प्रो. केडी पुरोहित, प्रो. एमएसएम रावत, संयुक्त निदेशक प्रो. एएस उनियाल, उप निदेशक एवं नोडल अधिकारी डॉ. ममता नैथानी, सहायक निदेशक डॉ. दीपक कुमार पांडे, प्राचार्य डॉ. विनोद अग्रवाल, डीपी भट्ट, डीएन तिवारी, प्रो. कुलदीप सिंह आदि मौजूद रहे। शिक्षा मंत्री डा.धन सिंह रावत का कहना हैं कि छात्र राज्य के ब्रांड एंबेसडर हैं। सरकार राष्ट्रीय शिक्षा नीति 2020 को प्रभावी रूप से लागू करने की दिशा में लगातार सकारात्मक प्रयास कर रही है। मुख्यमंत्री उच्च शिक्षा विद्यार्थी शैक्षिक भ्रमण योजना इसी प्रयास की एक कड़ी है।
राष्ट्रीय खेल के लिए आईओसी देगा उत्तराखंड को स्पाॅन्सरशिप..
उत्तराखंड: 38 वें राष्ट्रीय खेलों की मेजबानी कर रहे उत्तराखंड के लिए एक अच्छी खबर आई है। उत्तराखंड को इंडियन ऑयल काॅरपोरेशन (IOC) का साथ मिला है। आईओसी इस आयोजन के लिए उत्तराखंड को स्पाॅन्सरशिप देगा। प्रारंभिक सहमति की सूचना उत्तराखंड को आधिकारिक रूप से मिल गई है। इसके बाद उत्तराखंड ने आईओसी को राष्ट्रीय खेलों का ब्राॅन्ज स्पाॅन्सर बना दिया है। आयोजन के प्रचार-प्रसार में अब आईओसी भी नजर आएगा।
काॅर्पोरेट सोशल रिस्पाॅन्सिबिलिटी (सीएसआर) मद में आईओसी जल्द ही यह तय करेगा कि इस आयोजन के लिए उसकी स्पाॅन्सरशिप का आकार क्या होगा। 28 जनवरी को जिस दिन राष्ट्रीय खेलों का उद्घाटन हो रहा है, उसी दिन आईओसी की बोर्ड बैठक भी प्रस्तावित है। माना जा रहा है कि इस बैठक में ही स्पाॅन्सरशिप के आकार पर निर्णय ले लिया जाएगा। बहरहाल आईओसी ने स्पाॅन्सरशिप के लिए प्रारंभिक सहमति दे दी है। राष्ट्रीय खेलों के मुख्य कार्यकारी अधिकारी अमित सिन्हा के अनुसार आईओसी का स्पाॅन्सरशिप के संबंध में आधिकारिक मेल प्राप्त हुआ है। इसके बाद आईओसी अब राष्ट्रीय खेलों का ब्राॅन्ज स्पाॅन्सर होगा।
सीएम धामी की पैरवी से बनी बात..
राष्ट्रीय खेलों के लिए स्पाॅन्सरशिप जुटाने के मामले में सीएम पुष्कर सिंह धामी मोर्चे पर खुद जुटे। केंद्र सरकार में मजबूत पैरवी की, तो बात बन गई। बता दे कि कुछ दिन पहले अपने दिल्ली प्रवास के दौरान सीएम पुष्कर सिंह धामी ने केंद्रीय पेट्रोलियम व प्राकृतिक गैस मंत्री हरदीप पुरी से मुलाकात की थी। उन्होंने पुरी को राष्ट्रीय खेलों के लिए आमंत्रित किया था। साथ ही आईओसी व ओएनजीसीसी से सीएसआर में स्पाॅन्सरशिप दिलवाने का अनुरोध किया था। इस पर मंत्री ने हरसंभव मदद का भरोसा दिलाया था। सीएम धामी ने केंद्रीय पेट्रोलियम व प्राकृतिक गैस मंत्रालय के प्रति आभार प्रकट किया है।
क्या होता है इवेंट में ब्राॅन्ज स्पाॅन्सर..
बता दे कि किसी बडे़ इवेंट या कार्यक्रम में प्रायोजक से मिलने वाली स्पाॅन्सरशिप की राशि के हिसाब से उसकी श्रेणी तय की जाती है। आईओसी के स्तर पर राष्ट्रीय खेलों में हमेशा स्पाॅन्सरशिप दी जाती रही है। राष्ट्रीय खेल सचिवालय से जुडे़ अधिकारी प्रतीक जोशी के अनुसार-पिछले अनुभवों का अध्ययन करने के बाद आईओसी को ब्राॅन्ज कैटेगरी में स्पाॅन्सर बनाने का निर्णय लिया गया है। इस कैटेगरी के हिसाब से ही राष्ट्रीय खेलों के प्रचार-प्रसार में आईओसी नजर आएगा।
दिल्ली विधानसभा चुनाव- बीजेपी ने जारी किया घोषणापत्र, गर्भवती महिलाओं को 21 हजार देने का वादा..
देश-विदेश: बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा ने आगामी दिल्ली विधानसभा चुनावों के लिए पार्टी के घोषणापत्र का पहला हिस्सा जारी कर दिया है। बीजेपी ने वादा किया है कि अगर पार्टी सत्ता में आई तो वो महिलाओं को 2,500 रुपए का मासिक भत्ता देगी। जेपी नड्डा ने बताया कि पार्टी गरीबों के लिए LPG सिलेंडर पर 500 रुपये की सब्सिडी और होली और दिवाली के दौरान एक-एक मुफ्त सिलेंडर देगी।
भाजपा के संकल्प पत्र में प्रेग्नेंट महिलाओं को 21,000 रुपये की एकमुश्त वित्तीय सहायता के साथ-साथ छह पोषण किट देने का वादा किया गया है। इसके साथ हीपहले बच्चे के लिए 5,000 रुपए और दूसरे बच्चे के लिए 6,000 रुपए की सहायता देने का वादा किया गया है। पार्टी ने महिला समृद्धि योजना की भी घोषणा की। जिसके तहत महिलाओं को हर महीने 2,500 रुपये की सहायता मिलेगी। पार्टी अध्यक्ष जेपी नड्डा ने AAP पर आरोप लगाते हुए कहा कि सत्तारूढ़ दल ने 2021 में महिलाओं को 1,000 रुपये देने का वादा किया था लेकिन ये वादा पूरा नहीं किया गया, न तो पंजाब में और न ही दिल्ली में। इसके साथ ही नड्डा ने ये आश्वासन दिया कि अगर भाजपा दिल्ली में सत्ता में आती है, तो वो अपनी पहली कैबिनेट बैठक में केंद्र की प्रमुख आयुष्मान भारत स्वास्थ्य योजना को लागू करेगी। बता दें कि AAP सरकार केंद्र की इस योजना का ये कहते हुए विरोध कर रही थी कि शहर में पहले से ही ‘बेहतरीन’ स्वास्थ्य योजनाएं हैं।
सीनियर सिटिजन्स के लिए ये खास प्लान
भाजपा के घोषणापत्र के अनुसार वरिष्ठ नागरिकों को 5 लाख रुपए का अतिरिक्त स्वास्थ्य कवर भी दिया जाएगा। इससे बुजुर्गों को दिया जाने वाला कुल स्वास्थ्य कवर बढ़कर 10 लाख रुपए हो जाएगा। नड्डा ने आरोप लगाया कि AAP के मोहल्ला क्लीनिक ‘भ्रष्टाचार के अड्डे’ हैं, जहां ‘300 करोड़ रुपये का घोटाला’ हुआ है। उन्होंने वादा किया कि दिल्ली में भाजपा के सत्ता में आने पर सभी आरोपों की जांच की जाएगी और इसमें शामिल लोगों को जेल भेजा जाएगा।
पेंशन और अटल कैंटीन भी
पार्टी ने एक पेंशन योजना की भी घोषणा की जिसके तहत 60-70 आयु वर्ग के वरिष्ठ नागरिकों को 2,000-2,500 रुपये दिए जाएंगे। वहीं 70 वर्ष से अधिक आयु वालों को 3,000 रुपये मिलेंगे। विकलांगों और विधवाओं के लिए सहायता राशि बढ़ाकर 3,000 रुपए की जाएगी। बीजेपी अध्यक्ष ने वादा किया कि हर एक झुग्गी-झोपड़ी में अटल कैंटीन स्थापित की जाएंगी, जहां मात्र 5 रुपये में पूरा भोजन उपलब्ध होगा।
पुंछ में बड़ा हादसा- सेेना का वाहन 350 फुट गहरी खाई में गिरा, पांच जवान शहीद और पांच घायल..
देश-विदेश: जम्मू कश्मीर में हुए एक सड़क हादसे में पांच जवानों की मौत हो गई है जबकि पांच जवान गंभीर रूप से घायल हो गए हैं। हादसा जवानों को लेकर जा रहे वाहन के खाई में गिरने से हुआ है। वाहन में कुल 10 जवान सवार थे। मिली जानकारी के अनुसार जम्मू कश्मीर के पुंछ के मेंढर सब डिविजन के बलनोई क्षेत्र में भारतीय सेना का वाहन 300 फीट गहरी खाई में गिर गया है। मिली जानकारी के अनुसार सेना के जवान वाहन में सवार होकर एलओसी पर अपनी पोस्ट की ओर जा रहे थे, जब रास्ते में चालक ने वाहन से नियंत्रण खो दिया और यह हादसा हो गया। इस वाहन में कुल 10 जवान सवार थे जिनमें से पांच जवान हादसे में बलिदान हो गए जबकि पांच जवान गंभीर रूप से घायल हो गए।
सेना ने दी श्रद्धांजलि..
सेना की व्हाइट नाइट कोर ने एक्स पर बलिदानी जवानों को श्रद्धांजलि देते हुए लिखा, दुर्घटना ऑपरेशनल ड्यूटी के दौरान हुई। पांच बहादुर सैनिकों की दुखद मौत पर व्हाइट नाइट कोर के सभी रैंक अपनी गहरी संवेदना व्यक्त करते हैं। बचाव अभियान जारी है और घायल कर्मियों को चिकित्सा देखभाल मिल रही है।
जानिए क्या हैं सुभद्रा योजना? जिसके तहत महिलाओं को मिलेंगे 50 हजार रुपये..
देश-विदेश: ओडिशा सरकार महिलाओं को सशक्त बनाने के लिए सुभद्रा योजना शुरु कर रही है। इस योजना का उद्देश्य महिलाओं को आर्थिक सहायता प्रदान करना और उन्हें डिजिटल ट्रांजेक्शन की ओर प्रोत्साहित करना है। बता दें कि सुभद्रा योजना ओडिशा सरकार की एक महत्तवकांक्षी पहल है। इस योजना का लक्ष्य महिला सशक्तिकरण को बढ़ावा देना है। इस योजना के तहत राज्य की एक करोड़ महिलाओं को लाभान्वित किया जाएगा।
ऐसे दी जाएगी महिलाओं को सहायता..
इस योजना के तहत महिलाओं को सालाना 10 हजार रुपये की आर्थिक सहायता दी जाएगी।
यह राशि दो किस्तों में दी जाएगी।
प्रत्येक किस्त 5 हजार रुपये की होगी।
यह योजना 2024-25 से लेकर 2028-29 तक होगी।
इसमें पांच सालों में कुल 50 हजार रुपये महिलाओं के बैंक खातों में डायरेक्ट बेनिफिट ट्रांसफर के माध्यम से भेजे जाएंगे।
इस योजना का लाभ उठाने के लिए नियम..
महिला की उम्र 21 से 60 साल होना।
ओडिशा राज्य का मूल निवासी होना।
सरकारी नौकरी वाली महिलाओं को नहीं मिलेगा लाभ।
इनकम टैक्स भरने वाली महिलाओं को नहीं मिलेगा लाभ
जो पहले से राज्य की कोई अन्य योजना के तहत 1500 रुपये का लाभ ले रही हो वो नहीं होंगी पात्र।
हरियाणा में बनेगा पतंजलि से भी बड़ा आचार्यकुलम और गुरुकुलम- बाबा रामदेव..
उत्तराखंड: रविवार को आवासीय शिक्षण संस्थान आचार्यकुलम के 12वें वार्षिकोत्सव में बतौर मुख्य अतिथि पहुंचे हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने कहा कि आज का दिन हरियाणा के लिए गौरवशाली है। योग गुरु रामदेव हरिद्वार से बड़े पतंजलि के संस्थान हरियाणा में बनाने जा रहे हैं। इससे हरियाणा में सभी देश से बच्चे शिक्षा ग्रहण करने तो आएंगे ही, इसी के साथ संस्कार भी उन्हें मिलेंगे, जो हरियाणा के लिए बहुत ही बड़ी बात है। सीएम नायब सैनी का कहना हैं कि योग गुरु बाबा रामदेव अपनी जन्मभूमि हरियाणा की धरती पर वर्तमान से सौ गुना अधिक क्षमता के ग्लोबल आचार्यकुलम, पतंजलि विश्वविद्यालय और वेलनेस निर्माण की योजना पर कार्य कर रहे हैं। हरियाणा सरकार इन महत्वाकांक्षी परियोजनाओं की पूर्ति में पूरा सहयोग करेगी।
योग गुरु स्वामी रामदेव ने कहा कि हरियाणा में आचार्यकुलम की घोषणा की आधारशिला जल्द ही हरियाणा में दिखने लगेगी। एक लाख से अधिक बच्चे इस आचार्यकुलम में शिक्षा ग्रहण करेंगे। किसी के साथ चरित्र निर्माण और किस तरह से देश के लिए कार्य कर सकते हैं, ये सब बच्चों को सिखाया जाएगा। मुझे उम्मीद है कि हरियाणा में बनने वाला आचार्यकुलम विश्व का बहुत बड़ा केंद्र बनेगा। इस दौरान भगवान श्रीराम, श्रीकृष्ण, आचार्य चाणक्य, सम्राट चन्द्रगुप्त, विरजानंद, महर्षि दयानंद सहित स्वामी रामदेव व आचार्य बालकृष्ण के चरित्रों व नेतृत्व से समाहित प्रेरक झांकी का मंचन किया गया।
वही कार्यक्रम में स्वामी रामदेव की ओर से सत्र 2023-24 के कक्षा 5-12 में प्रथम, द्वितीय, तृतीय स्थान प्राप्त करने वाले विद्यार्थियों को 1.5 लाख रुपये के नकद पुरस्कार प्रदान किए गए। साथ ही विविध योग, क्रीड़ा व कला प्रतियोगिताओं में विजयी विद्यार्थियों को भी सम्मानित किया गया। आदर्श विद्यार्थी सम्मान अनमोल व प्रतिभा को और सर्वश्रेष्ठ सदन का पुरस्कार आपस सदन को मिला।
