पीएम मोदी आज करेंगे महापौर सम्मेलन का उद्घाटन..
देश-विदेश: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी मंगलवार को गुजरात की राजधानी गांधीनगर में होने वाले दो दिवसीय राष्ट्रीय महापौर सम्मेलन का ऑनलाइन उद्घाटन करेंगे। इसकी जानकारी भाजपा के राष्ट्रीय सचिव ऋतुराज सिन्हा ने दी। उनका कहना हैं कि देश भर में भाजपा शासित शहरी स्थानीय निकायों के 121 महापौर और उप महापौर इस दो दिवसीय कार्यक्रम में भाग लेंगे। सम्मेलन भाजपा के सुशासन प्रकोष्ठ द्वारा आयोजित किया जा रहा है।
ऋतुराज सिन्हा का कहना हैं कि प्रधानमंत्री मोदी ऑनलाइन मंगलवार सुबह राष्ट्रीय महापौर सम्मेलन का उद्घाटन करेंगे साथ ही वहां मौजूद लोगों को संबोधित करेंगे। साथ ही प्रधानमंत्री पीएम शहरी विकास योजना पर आमंत्रित अतिथियों का मार्गदर्शन करेंगे। उन्होंने कहा कि भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा भी उद्घाटन समारोह में शामिल होंगे, जबकि दो दिनों में भाग लेने वाले अन्य लोगों में महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस और केंद्रीय आवास और शहरी मामलों के मंत्री हरदीप सिंह पुरी शामिल हैं।
महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस शहरी विकास के लिए अपने दृष्टिकोण को साझा करेंगे और हरदीप पुरी मेहमानों को शहरी स्थानीय निकायों के लिए विभिन्न सरकारी योजनाओं के बारे में जानकारी देंगे। बता दे कि कुल मिलाकर, 18 राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों के महापौर, उप महापौर और अन्य निर्वाचित प्रतिनिधि इस सम्मेलन में भाग लेंगे और अपने विचार साझा करेंगे। साथ ही इस सम्मेलन में अपशिष्ट प्रबंधन, यातायात प्रबंधन और जल-जमाव आदि विषयों पर चिंतन किया जाएगा। सिन्हा ने कहा कि सूरत, इंदौर, कानपुर और पणजी के मेयर कचरा प्रबंधन, साफ-सफाई और राजस्व बढ़ाने के लिए अपने द्वारा किए गए कार्यों के बारे में वहां मौजूद लोगों को जानकारी देंगे।
कांग्रेस को लगा बड़ा झटका गोवा में पूर्व सीएम समेत आठ विधायक भाजपा में शामिल..
देश-विदेश: गोवा में कांग्रेस को बड़ा झटका लगा है। राज्य के पूर्व मुख्यमंत्री व वरिष्ठ कांग्रेस नेता दिगंबर कामत और नेता प्रतिपक्ष माइकल लोबो समेत कांग्रेस के आठ विधायक भाजपा में शामिल हो गए हैं। विपक्ष के नेता माइकल लोबो ने आज ही कांग्रेस विधायक दल की एक महत्वपूर्ण बैठक की थी। इस बैठक में कांग्रेस विधायक दल को भाजपा में विलय करने पर निर्णय लिया गया था। इसके बाद इन विधायकों ने मुख्यमंत्री प्रमोद सावंत से भी मुलाकात की थी।
कांग्रेस से भाजपा में शामिल होने वाले विधायकों में दिगंबर कामत, माइकल लोबो, डी लोबो, राजेश फलदेसाई, केदार नायक, संकल्प अमोनकर, अलेक्सो सिकेरा और रुडॉल्फ फर्नांडिस जैसे नाम शामिल हैं। ये सभी विधायक सीएम प्रमोद सावंत की मौजूदगी में भाजपा में शामिल हुए। इस मौके पर सीएम सावंत ने कांग्रेस पर तंज कसते हुए कहा कि राहुल गांधी भारत जोड़ो यात्रा निकाल रहे हैं, लेकिन गोवा से ‘कांग्रेस छोड़ो’ यात्रा शुरू हो चुकी है।
आपको बता दे कि 40 सीटों वाली गोवा विधानसभा में भाजपा के पास 20 विधायक थे। वहीं कांग्रेस के पास 11 सीटें थीं। इसके साथ ही महाराष्ट्रवादी गोमांतक के पास दो व गोवा फॉरवर्ड पार्टी की एक सीट है। वहीं अन्य के खाते में छह सीटें हैं। कांग्रेस के आठ विधायकों के भाजपा में शामिल होते ही कांग्रेस के पास विधानसभा में सिर्फ तीन सीटे ही बची हैं। वहीं भाजपा की संख्या बढ़कर 28 हो गई।
इसके साथ ही गोवा कांग्रेस विधायक दल ने विधानसभा के अंदर भाजपा में विलय का प्रस्ताव पारित किया। विपक्ष के नेता माइकल लोबो ने सात अन्य विधायकों की मौजूदगी में प्रस्ताव पेश किया, जिसके बाद पूर्व मुख्यमंत्री व विधायक दिगंबर कामत ने इस प्रस्ताव का समर्थन किया। बता दे कि 2019 में भी कांग्रेस को भाजपा ने इसी तरह का झटका दिया था। जुलाई, 2019 में कांग्रेस के 10 विधायक भाजपा में शामिल हो गए थे।
हरिद्वार से सैकड़ों लोगों ने ली भाजपा की सदस्यता..
उत्तराखंड: भारतीय जनता पार्टी की रीति नीति मे विश्वास रखते हुए हरिद्वार से सैकड़ों लोगो ने बहुजन समाज पार्टी को छोड़कर भाजपा में शामिल हुये। बसपा के वरिष्ठ नेता रविन्द्र पनियाला तथा जिलाध्यक्ष लोकेन्द्र चुड़ियाला के साथ सैकड़ों की संख्या में भाजपा प्रदेश मुख्यालय में प्रदेश अध्यक्ष महेन्द्र भट्ट, मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी, हरिद्वार सांसद एवं पूर्व मुख्यमंत्री डॉ. रमेश पोखरियाल निशंक की उपस्थिति में सभी को सदस्यता दिलाई गयी।
शामिल होने वाले इन लोगों में दलित समाज, पिछड़े वर्ग, अल्पसंख्यक समाज तथा सामान्य वर्ग के लोग भी शामिल हैं जो अब तक बहुजन समाज पार्टी के लिए काम कर रहे थे। भाजपा में शामिल होकर भाजपा प्रत्याशियों के लिए काम करने का मंतव्य दोहराया। हरिद्वार में त्रिस्तरीय चुनाव पंचायत के चुनाव घोषित हो गए हैं जिसमें सभी दलों ने अपने प्रत्याशियों की घोषणा कर दी है, ऐसे में लगातार भाजपा में लोगों का शामिल होना इस बात का संकेत है कि भाजपा पंचायत चुनाव भारी बहुमत से जीतेगी।
आज भाजपा प्रदेश मुख्यालय पर चौधरी रविंद्र सिंह पनियाला जो हरिद्वार के गुर्जर नेता हैं जिला सहकारी बैंक हरिद्वार के अध्यक्ष रहे हैं ने अपने सैकड़ों साथियों के साथ भाजपा की सदस्यता लीऔर भाजपा को जिताने की घोषणा की। उनके साथ ही लोकेन्द्र सिंह पूर्व जिलाध्यक्ष बसपा समेत तमाम ब्लाक प्रमुख, बीडीसी मेम्बर, प्रधान तथा अन्य लोग भी शामिल हुए हैं। लोकेन्द्र सिंह चुड़ियाला के साथ सैकड़ों की संख्या में युवाओं ने भाजपा की सदस्यता ग्रहण की।
प्रदेश के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि भाजपा ही एक ऐसा संगठन है जो सबको साथ लेकर चलने में सक्षम है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में आज पूरा विश्व उनके साथ जुड़ रहे हैं, इसका कारण प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी का व्यक्तित्व और कृतित्व है। लगातार जनता के लिए कार्य करने की शैली तथा जन कल्याणकारी नीतियों के माध्यम से वह लोगों का दिल जीत रहे हैं। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने प्रधानमंत्री के कार्यों की सराहना करते हुए कहा कि उत्तराखंड पर प्रधानमंत्री की विशेष अनुकंपा है। उन्होंने इस अवसर पर शामिल होने वाले लोगों तथा भाजपा कार्यकर्ताओं से आग्रह किया कि केन्द्र, राज्य के साथ पंचायत व निकायों में भाजपा की सरकार लाएं ताकि सरकार तेजी से कार्य कर सके। उन्होंने कहा कि हमें हर पंचायत स्तर तक कमल स्थापित करना है। इसका भाजपा का हर वर्ग, हर पंथ के साथ काम करना है। उन्होंने सेवा सुशासन और गरीब कल्याण की भी चर्चा की तथा कोरोना काल में किये गये कार्यों की चर्चा की। मुख्यमंत्री ने कहा कि कोरोना काल में महामारी का डर लोगों को सता रहा था लेकिन केन्द्र सरकार ने टीका विकसित करने वाली कंपनियों को प्रोत्साहित कर लोगों के लिए सर्व सुलभ टीके का प्रबंधन किया। यही भाजपा का सर्व समाज के लिए काम करने का तरीका है।
वही प्रदेश अध्यक्ष महेन्द्र भट्ट ने कहा कि भाजपा ही एक ऐसा संगठन है जो जन कल्याणकारी कार्यों के लिए समर्पित रहता है। उन्होंने यह भी आग्रह किया कि देश प्रदेश के बाद अब हमें पंचायतों व निकायों में भी अपना वर्चस्व कायम करना है। उन्होंने कहा कि भाजपा परिवार बहुत बड़ा परिवार है और हमारे परिवार में लगातार लोग शामिल हो रहे हैं जो इस बात का संकेत है कि हमारा परिवार अब और बड़ा हो रहा है। उन्होंने सबसे मिलजुलकर कार्य करने का आग्रह किया तथा कहा कि बड़े परिवार के लोग आपस में मिलकर काम करेंगे तो संगठन को और ऊंचाइयां मिलेगी। उन्होंने केन्द्र की शिक्षा, स्वास्थ्य समेत तमाम कल्याणकारी योजनाओं की चर्चा की तथा कहा कि हर वर्ग हर समाज का कल्याण ही हमारा मूल उद्देश्य है।
हरिद्वार सांसद एवं पूर्व मुख्यमंत्री डा. रमेश पोखरियाल निशंक ने चौधरी रविंद्र सिंह पनियाला तथा लोकेन्द्र सिंह चूड़ियाला के भाजपा में आने पर उनका स्वागत किया तथा कहा कि चौधरी उनियाल तथा लोकेन्द्र सिंह चूड़ियाला के भाजपा मे आने से भाजपा का प्रभाव और बढ़ेगा। उन्होंने कहा कि इन दोनों नेताओं व उनके सैकड़ों सहयोगियों के आने से संगठन तो मजबूत होगा ही हम हर क्षेत्र में प्रगति करेंगे। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी का धन्यवाद करते हुए कहा कि उनके उनकी नीतियों से स्वास्थ्य सेवाओं, मेडिकल कॉलेज, शिक्षा, सड़कों के क्षेत्र में प्रदेश प्रगति के पथ पर आगे बड़ा है । उन्होंने कहा कि हरिद्वार से देहरादून आने में पहले तीन घंटे लगते थे लेकिन अब 45 मिनट में देहरादून पहुंच रहे हैं। ठीक यही स्थिति पूरे देश की है। उन्होंने कहा कि आज देहरादून से दिल्ली की दूरी कम हो गई है। यह विकास के नये मानकों का ही प्रमाण है।
इस अवसर पर जो लोग शामिल हुए हैं उनमें चौधरी रविंद्र सिंह पनियाल, लोकेन्द्र सिंह, तेलू राम, विजेन्द्र सिंह, राशिद अली, धर्मपाल, समेत भारी संख्या में लोग शामिल थे। इस अवसर पर जो वरिष्ठ नेता उपस्थित थे उनमें प्रदेश उपाध्यक्ष देशराज कर्णवाल, प्रदेश महामंत्री खिलेन्द्र चौधरी, राजेन्द्र बिष्ट, कार्यालय सचिव कौस्तुभानंद जोशी, प्रदेश मीडिया प्रभारी मनवीर सिंह चौहान, प्रदेश प्रवक्ता विनोद सुयाल, विनय गोयल, हरिद्वार जिलाध्यक्ष डॉ. जयपाल समेत भारी संख्या में लोग उपस्थित थे।
भ्रष्टाचार पर ज्ञान देने वाली कांग्रेस अपने नेता पर मौन क्यों-मनवीर चौहान..
उत्तराखंड: भाजपा ने कांग्रेस पर भ्रष्टाचार पर दोहरा रवैया अपनाने का आरोप लगाते हुए कहा की कांग्रेस को विधान सभा मे उप नेता और खटीमा से विधायक भुवन कापड़ी पर स्थिति स्पष्ट करनी चाहिए। पार्टी के प्रदेश मीडिया प्रभारी मनवीर सिंह चौहान का कहना हैं कि सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो मे कांग्रेस विधायक खनन माफियाओ से डील करते नजर आ रहे है। वह किस स्थान पर पर खनन करना है इसके लिए स्थान भी चिन्हित करते दिख रहे है। उनका कहना हैं कि प्रदेश मे हर मामले की जांच की मांग करने वाले कांग्रेस अब चुप हो गयी है।
चौहान का कहना हैं कि मुख्यमंत्री हर काल खंड की निष्पक्ष रुप से जांच करवा रहे है और इसके नतीजे भी सामने आ रहे है। लेकिन विपक्ष अपने नुकसान को देखते हुए आरोप प्रत्यारोप की राजनीति कर रहा है। भर्ती गड़बड़ियों की जांच सरकार कर रही है, लेकिन कांग्रेस उसमे श्रेय लेने की कोशिश कर रही है।
चौहान ने कहा कि कांग्रेस और वायरल वीडियो मे खनन की डील कर रहे विधायक को लेकर अब कांग्रेस की नैतिकता कहां है? कांग्रेस नैतिकता के आधार पर विधायक पर कार्यवाही करे और विधायक भी अपनी स्थिति स्पष्ट करे।
उन्होंने कहा कि कांग्रेस का इतिहास घपले घोटालो का रहा है और पहले भी कैमरे पर कांग्रेस के घोटाले पकड़ मे आ चुके है। भर्ती गड़बड़ियों मे तमाम तरह के झूठे आरोप प्रत्यपरोप के जरिए कांग्रेस मे खुद को नायक बताने वाले विधायक की असलियत इससे उजागर हो गयी है और वह कितनी सफाई से जनता की आंखो मे धूल झोंक रहे है यह साफ है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस को नैतिकता के आधार पर इस पर स्थिति स्पष्ट करनी चाहिए और इसकी भी जांच की मांग करनी चाहिए।
प्रदेश अध्यक्ष का रुद्रप्रयाग आगमन पर ढोल-नगाड़ों से हुआ स्वागत..
उत्तराखंड: प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट के रुद्रप्रयाग आगमन पर भारतीय जनता पार्टी के कार्यकर्ताओं ने ढोल-नगाड़ों के साथ उनका भव्य स्वागत किया। उनके स्वागत में रुद्रा बैंड से मुख्य बाजार होते हुए पेट्रोल पंप तक स्वागत रैली निकाली गई। नगरासू में भी पार्टी के पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं ने प्रदेश अध्यक्ष का ढोल नगाड़ों के साथ फूल मालाओं से भव्य स्वागत किया। इससे पहले गुलाब राय रुद्रप्रयाग स्थित कार्यालय में जिला अध्यक्ष दिनेश उनियाल ने पुष्प गुच्छ एवं पार्टी का प्रतीक चिह्न कमल भेंट कर स्वागत किया। वहीं रुद्रप्रयाग विधायक भरत चौधरी एवं केदारनाथ विधायक शैला रानी रावत एवं पार्टी के पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं ने प्रदेश अध्यक्ष का स्वागत किया। इस दौरान प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट ने कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए कहा कि भारतीय जनता पार्टी कार्यकर्ताओं पर आधारित पार्टी है। जिसकी विचारधारा राष्ट्रवाद है।
उन्होंने कहा पार्टी जो वादा करती है उसे निभाती है अटल बिहारी बाजपेई जी की सरकार में हमने उत्तराखंड राज्य का निर्माण किया। आज हमी इसे धरातल पर सवार रहे हैं। प्रदेश सरकार भ्रष्टाचार को समाप्त करने के लिए प्रतिबद्ध है। केंद्र सरकार ने अपनी घोषणाओं के अनुसार राम मंदिर के निर्माण एवं धारा 370 हटाने आदि कई ऐतिहासिक कार्यो के साथ ही आज देश की आंतरिक एवं बाह्य सुरक्षा मजबूत हुई है । तथा देश विकास कार्यो में तेजी से आगे बढ़ रहा है। उन्होंने कहा कि पार्टी कार्यकर्ताओं के सामूहिक निर्णय के आधार पर कार्यकर्ताओं को जिम्मेदारियां दी जाएंगी । तथा आगामी स्थानीय निकाय, पंचायतों एवं लोकसभा चुनाव में भाजपा पुनः प्रचंड बहुमत से फतह हासिल करेगी। जिला अध्यक्ष दिनेश उनियाल ने स्वागत भाषण करते हुए कार्यक्रम की अध्यक्षता की। वहीं रुद्रप्रयाग विधायक भरत चैधरी जिला प्रभारी एवं प्रदेश उपाध्यक्ष शैलेंद्र बिष्ट ने भी अपना संबोधन दिया ।
इस दौरान प्रदेश उपाध्यक्ष मुकेश कोहली, प्रदेश सह मीडिया प्रभारी कमलेश उनियाल, पूर्व जिलाध्यक्ष विजय कपरवान ,वाचस्पति सेमवाल , प्रदेश कार्यसमिति सदस्य महावीर पवार , पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष अमर देई शाह, विक्रम पटवाल, चंडी प्रसाद भट्ट, जिला पंचायत सदस्य भारत भूषण भट्ट ,सविता भंडारी, महिला मोर्चा जिला अध्यक्ष कुंवरी बर्त्वाल, युवा मोर्चा जिला अध्यक्ष विकास डिमरी, अनुसूचित मोर्चा जिला अध्यक्ष कुंवर सत्यार्थी , अल्पसंख्यक मोर्चा अध्यक्ष अब्दुल रहीम, जिला उपाध्यक्ष भूपेंद्र भंडारी, तिलोक सिंह रावत, भाजपा के वरिष्ठ दरमियान जख्वाल , केदारनाथ नगर सलाहकार समिति के अध्यक्ष देव प्रकाश सेमवाल, पूर्व महामंत्री अजय सेमवाल, जिला मंत्री सुनिल नौटियाल, जिला मीडिया प्रभारी सतेन्द्र बर्त्वाल, जिला पूर्व मीडिया प्रभारी ओम प्रकाश बहुगुणा, जिला सोशल मीडिया प्रभारी पंकज कपरवान, रुद्रप्रयाग मंडल अध्यक्ष सुरेंद्र सिंह रावत सहित रुद्रप्रयाग विधानसभा के सभी मंडलों के मंडल अध्यक्ष एवं पार्टी कार्यकर्ता उपस्थित थे ।बैठक का संचालन जिला महामंत्री विक्रम कंडारी एवं अनूप सेमवाल ने किया।
गड़बड़ियों की सफाई कर रहे सीएम-महेंद्र भट्ट.
उत्तराखंड: कांग्रेस प्रभारी की ओर से राज्य में भर्ती के मुद्दे पर की गई घोषणा पर भाजपा की ओर से कड़ी प्रतिक्रिया आई है. भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट ने दावा किया कि जहां कांग्रेस ने केवल खेल खेलने और अपने राजनीतिक करियर का पुनर्निर्माण करने की मांग की, वहीं भाजपा ने धोखाधड़ी को देखते हुए बेरोजगार युवाओं के लिए न्याय मांगा।
भाजपा अध्यक्ष ने कहा कि उसे बेरोजगारों के हितों की कोई फिक्र नही है और वह मामले मे दिखावा कर रही है। उन्होंने कहा कि राज्य मे घपले घोटालों की नीव रखने की जनक कांग्रेस ही रही है। जबकि भाजपा इस भाव से कार्य कर रही है की गड़बड़ी जहाँ और जिस समय हुई उसकी जांच हो। मुख्यमंत्री पहले ही स्पष्ट कर चुके है कि घपला किस काल खंड का है इस भाव से नही देखा जाएगा। अधीनस्थ चयन सेवा आयोग के द्वारा की गयी परीक्षाओं की जांच मे जुटी एसटीएफ के बेहतर प्रदर्शन को सरहाने के बजाय कांग्रेस उसकी मंशा पर ही सवाल उठा रही है।
जबकि भाजपा ने नैतिक साहस दिखाकर खुद जांच को आगे आयी है। विधान सभा मे हुई नियुक्तियों पर हल्ला मचाने वाली कांग्रेस को यह सोचने की जरूरत है कि उसकी सरकार मे जब विधान सभा मे 158 नियुक्ति हुई तब वह उन नियुक्तियों को सही ठहराने मे लगी थी। उसमे तत्कालीन विधान सभा अध्यक्ष के परिवार के 13 लोगों जिनमें उनके पुत्र और पुत्र बधू को भी नौकरी मिली थी। इसके अलावा अन्य कई कांग्रेसी नेताओ के रिश्तेदारों को भी विधानसभा में नौकरियाँ दी गई हैं हालांकि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने विधान सभा मे भर्तियों की जांच को लेकर सहमति जता दी है। 2015-16 मे हुए दरोगा भर्ती घोटाले की जांच भी विजिलेंस को वर्तमान सरकार ने सौंपी है। कांग्रेस के कार्यकाल मे अनगिनत घपले घोटाले हुए और इसी वजह से उसे जनता ने हासिये पर डाल दिया।
महेंद्र भट्ट ने कहा कि 2012 से 2017 तक की स्टिंग तत्कालीन सरकार और सीएम के हुए लेकिन कांग्रेस हाईकमान खुली आँख से देखता रहा।
श्री भट्ट ने कहा कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने ऐसा साहस दिखाया है कि जिन भर्तियो मे गड़बड़ी की आशंका है उनकी जांच कराई जा रही है। वहीं कांग्रेस के समय जांच तो दूर महज लीपापोथी की जाती रही और कांग्रेस हाईकमान भी दूर से तमाशबीन बनकर चुप रहा।
उन्होंने कहा की कांग्रेस के वरिष्ठ नेता राज्य के नेताओ को समय पर सीख देते तो भ्रष्टाचार की बुनियाद नही पड़ती। पूर्व मे हुई गड़बड़ियों का संज्ञान लेकर सरकार जांच करा रही है। यह भविष्य मे एक नजीर बनेगी और राज्य में पारदर्शिता लाएगी। उन्होंने कहा कि अब भ्रष्टाचार पर उपदेश दे रहे कांग्रेस के केन्द्रीय नेता तब खामोश और चुप रहे जब राज्य मे उनके कर्ता धर्ता घोटालों की इमारत खड़े करते रहे।
भूपेंद्र सिंह चौधरी बने भाजपा के नए प्रदेश अध्यक्ष..
देश-विदेश: भाजपा ने लोकसभा चुनाव 2024 का एलान करते हुए यूपी भाजपा के अध्यक्ष की घोषणा कर दी है। वर्तमान सरकार में पंचायती राज मंत्री भूपेंद्र सिंह चौधरी को यह पद दिया गया है। इसके साथ पहली बार ऐसा हुआ है जब एक जाट नेता को कमान दी गई है। भाजपा के ‘एक व्यक्ति एक पद’ के अनुशासन के अनुसार, अध्यक्ष पद के लिए नाम घोषित होने के बाद चौधरी को मंत्री पद से इस्तीफा देना होगा। 54 वर्षीय भूपेंद्र चौधरी 2016 में पहली बार विधान परिषद सदस्य चुने गए थे। 2017 में प्रदेश में सरकार बनने पर उन्हें पंचायती राज विभाग का राज्यमंत्री स्वतंत्र प्रभार बनाया गया था।
आपको बता दे कि भाजपा के नवनियुक्त प्रदेश अध्यक्ष भूपेंद्र सिंह चौधरी का कहना हैं कि पार्टी और कार्यकर्ताओं की अपेक्षाओं के अनुसार काम करूंगा। भाजपा को आगे ले जाने के लिए काम करेंगे। उनका कहना हैं कि भाजपा के असंख्य कार्यकर्ता हमेशा चुनाव के मोड़ में रहते है। उन्होंने कहा कि बहुत से ऐसे कार्यकर्ता थे जो मुझसे अच्छा काम कर सकते थे लेकिन पार्टी ने उन्हें मौका दिया है नेतृत्व की अपेक्षाओं के अनुसार काम करेंगे। उन्होंने कहा कि पिछले चार चुनाव से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में अपार सफलता मिली है।
कार्यकर्ताओं ने मेहनत से अच्छे परिणाम दिए है। मोदी के नेतृत्व में सफलता के इस क्रम को लगातार जारी रखेंगें। उन्होंने कहा कि यूपी में बूथ स्तर तक भाजपा का संगठन खड़ा है। 2024 में सभी 80 सीटों पर पार्टी की जीत होगी। 2019 में मंत्रिमंडल फेरबदल में चौधरी को कैबिनेट मंत्री बनाया गया। योगी आदित्यनाथ सरकार 2.0 में चौधरी को पुनः कैबिनेट मंत्री बनाते हुए पंचायती राज विभाग की जिम्मेदारी दी गई। चौधरी हाल ही में पुनः विधान परिषद सदस्य निर्वाचित हुए हैं।
भाजपा ने धूमधाम से मनाया स्वतंत्रता दिवस..
उत्तराखंड: प्रदेश में भाजपा समेत विभिन्न संगठनों ने स्तंत्रता दिवस धूमधाम से मनाया। भाजपा महानगर महिला मोर्चा की अध्यक्ष कमली भट्ट ने विभिन्न स्थानो पर जाकर ध्वजारोहण किया। अंबेडकर नगर मंडल में मंडल अध्यक्ष विशाल गुप्ता के नेतृत्व में ध्वजारोहण किया गया। उधर, जीएमएस मंडल में मंडल अध्यक्ष विजेंद्र थपलियाल के नेतृत्व में तिरंगा यात्रा निकाली गई। इसमें राज्य सभा सांसद नेरश बसंल, कैंट विधायक सविता कपूर, राजेंद्र सिंह ढिल्लो, सिद्धार्थ बंसल, धनराज छेत्री, श्रवण वर्मा, अंकित अग्रवाल, मोहन भट्ट, विशाल शर्मा, रणजीत सेमवाल मौजूद रहे।
भाजपा अध्यक्ष के विवादित बयान पर सांसद रमेश पोखरियाल निशंक का बचाव..
उत्तराखंड: हरिद्वार सांसद डॉ. रमेश पोखरियाल निशंक ने भाजपा के नवनियुक्त प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट के ‘शक की निगाह’ वाले बयान पर बचाव करते हुए सफाई दी है। निशंक का कहना हैं कि प्रदेश अध्यक्ष के बयान में उनके भाव को समझना चाहिए। उसे अन्यथा नहीं लेना चाहिए। उन्होंने सवाल करते हुए कहा कि जो आदमी देश की आजादी का उत्सव नहीं मनाना चाहता है, ऐसा कोई व्यक्ति हो सकता है तो पहचान में आना चाहिए। फिर उसे देश में रहने का क्या हक है? जो अपने देश की आजादी और देश के प्रति वफादार नहीं हो सकता है तो उसे देश में रहना चाहिए? भाजपा अध्यक्ष ने यह कहा कि हर घर में यदि तिरंगा होगा तो कितना स्वाभिमान सम्मान होगा। निशंक ने यह बातें हरिद्वार में आयोजित तिरंगा यात्रा के दौरान कही।
निशंक का हैं कि प्रधानमंत्री मोदी के आह्वान के बाद हर छोटे बड़े राजनीतिक दल के नेताओं के हाथ में तिरंगा दिख रहा है। जनता में देश के लिए जुनून और जज्बा दिखाई दे रहा है। इस समय देश एकजुट है। प्रधानमंत्री मोदी ने कहा है कि हर दिल में तिरंगा होना चाहिए। जिस दिन हर हाथ और हर दिल में तिरंगा होगा, विश्व में भारत शिखर पर होगा।
सीएम धामी ने जनता से की घरों में तिरंगा लगाने की अपील..
उत्तराखंड: मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने आज देहरादून के गांधी पार्क में आजादी के अमृत महोत्सव के तहत आयोजित ‘हर घर तिरंगा’ अभियान व प्रभात फेरी में शिरकत की। इस दौरान सीएम धामी ने सभी लोगों से घरों पर तिरंगा लगाने की अपील की। कार्यक्रम व प्रभात फेरी में बड़ी संख्या में स्कूली बच्चे, डीजीपी अशोक कुमार, मंत्री धन सिंह रावत, मेयर सुनील उनियाल गामा समेत कई भाजपा कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
इस दौरान सीएम धामी ने कहा कि इस प्रभाव फेरी से पूरे प्रदेश में देशभक्ति का संदेश जाएगा। आजादी का अमृत महोत्सव हमारे लिए इसलिए महत्वपूर्ण है क्योंकि इस बार आजादी के 75 साल पूरे होने जा रहे हैं। ये समय हमारे वीरों को याद करने का है। भारत आज दुनिया में एक सशक्त भारत बनकर उभरा है। आने वाले 25 साल भारत का एक नव निर्माण करेंगे।
सीएम का कहना हैं कि प्रदेश के 20 लाख घरों में तिरंगा लगाया जाना है। इस अभियान में प्रदेश के गैर सरकारी संगठनों व संस्थाओं को भी साथ लिया जा रहा है। सचिवालय में सोमवार को ‘हर घर तिरंगा‘ कार्यक्रम के तहत प्रेरणा आजीविका स्वयं सहायता समूह की ओर से स्टाल लगाया गया।
इसका शुभारंभ अपर मुख्य सचिव राधा रतूड़ी ने किया। इस मौके पर अपर मुख्य सचिव रतूड़ी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने देश की जनता से हर घर तिरंगा अभियान को व्यापक स्तर पर चलाने की अपील की है। प्रदेश में 20 लाख घरों में तिरंगा फहराया जाएगा।