बीरोखाल घटनास्थल पहुंचे सीएम धामी..
उत्तराखंड: देवभूमि उत्तराखंड के पौड़ी गढ़वाल जिले के बीरोंखाल इलाके में करीब 45 से 50 लोगों को ले जा रही एक बस के खाई में गिर गई। इस झकझोर कर रख देने वाले पौड़ी दर्दनाक बस हादसे से कई परिवारों में मातम पसर गया है। बस दुर्घटना में 25 लोगों की मृत्यु हो गई है। घायलों को अस्पतालों में भर्ती कराया गया है। तो वहीं सीएम धामी और हरिद्वार सांसद रमेश पोखरियाल निशंक दुर्घटना स्थल बीरोखाल ब्लॉक के सिमड़ी पहुंचे है और बस दुर्घटना स्थल का निरीक्षण कर रहें हैं।
आपको बता दे कि पौड़ी में दुल्हन लेने जा रही बारातियों की बस हादसे का शिकार हो गई। मंगलवार देर शाम जैसे ही घर पर इस हादसे की सूचना मिली तो जश्न की जगर मातम पसर गया। हादसे में 25 लोगों की मौत हो गई और 20 घायलों को खाई से निकालकर अस्पतालों में पहुंचाया गया है। हादसे की खबर मिलते ही मुख्यमंत्री पुष्कर धामी भी एक्टिव हो गए। उन्होंने एसडीआरएफ को लोगों को बचाने के अभियान में तत्काल जुटने का निर्देश दिया।
बुधवार सुबह ही सीएम धामी सभी कार्यक्रम रद्द कर दुर्घटना स्थल पहुंचे है। सीएम के साथ सांसद रमेश पोखरियाल निशंक भी हैं। सीएम धामी मौके पर खाई से निकाले जा रहें शवों के रेस्क्यू कार्य और दुर्घटना के कारणों के बारे में अधिकारियों से जायजा लें रहें हैं। दोनों ने दुर्घटना पर गहरा शोक व्यक्त किया और घायलों के प्रति अपनी संवेदना व्यक्त की है। सीएम धामी का कहना हैं कि सरकार घायलों को हर संभव मदद देगी। जिन परिवारों ने दुर्घटना में अपनों को खोया है, सरकार हर वक्त उनके साथ खड़ी रहेगी।
उत्तराखंड में जल्द 19 हजार पदों पर होगी भर्ती..
उत्तराखंड: सरकारी नौकरी का इंतजार कर रहे युवाओं के लिए सीएम धामी ने बड़ी घोषणा की है। राज्य में जल्द 19 हजार पदों पर भर्ती होने वाली है। जिसकी कवायद शुरू कर दी गई है। सीएम धामी ने साफ कहा है कि पहले चरण में सात हजार पदों पर भर्ती होगी फिर 12000 हजार पदों पर भर्ती प्रक्रिया शुरू की जाएगी। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने ऐलान किया है कि जल्द ही 7 हजार पदों के लिए भर्ती प्रक्रिया शुरू होने जा रही है। उत्तराखंड के सरकारी विभागों में खाली पदों पर तेजी से भर्ती अभियान शुरू होगा। उन्होंने साफ कहा की आगामी अक्टूबर माह तक लोक सेवा आयोग 7000 पदों पर भर्ती प्रक्रिया की विज्ञप्ति अक्टूबर माह में निकाल दी जाएगी। वही दिसंबर महीने तक सभी परीक्षाएं संपन्न करा ली जाएंगी वही उसके बाद 12000 पदों पर फिर भर्ती प्रक्रिया खोली जाएगी।
बताया जा रहा है कि सरकार की इस समय प्राथमिकता यही है कि भर्ती परीक्षाएं समय पर संपन्न कराई जाए। सीएम ने साफ तौर पर कहा कि हमारी कोशिश थी कि युवाओं को बिल्कुल भी परेशान ना होना पड़े और भर्तियां भी जल्द से जल्द हो इसलिए उत्तराखंड अधीनस्थ सेवा चयन आयोग से तेज भर्तियों को लेकर लोक सेवा आयोग को सौंपी है। जिससे उम्मीद है जल्द से जल्द भर्तियां पूरी हो जाएंगी। इसके लिए जल्द परीक्षा कैलेंडर जारी हो रहा है। अक्तूबर में विज्ञप्ति जारी हो जाएगी। सरकार भर्तियों को लेकर बेहद पारदर्शी सिस्टम तैयार कर रही है। भर्ती का जिम्मा लोक सेवा आयोग को दे दिया गया है। समय पर सभी परीक्षाएं पूरी हो सकें, इसके लिए आयोग को मजबूत किया जा रहा है। कर्मचारियों की संख्या बढ़ाई जा रही है। सरकार की प्राथमिकता है कि दिसंबर तक हर हाल में परीक्षा पूरी हो जाएं।
भर्ती के प्रकरणों में पायी गई अनियमितताओं की जांच की जा रही-सीएम धामी
उत्तराखंड: मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा है कि हमारे भाई बहन जो परीक्षार्थी है उनकी परीक्षाओं में कोई विलम्ब न हो, साथ ही उनकी रोजगार की आशा, निराशा में न बदले, इसके लिये लम्बित परीक्षाओं का आयोजन अधीनस्थ चयन आयोग की अर्हताओं के आधार पर लोक सेवा आयोग अथवा अन्य संस्थाओं से भर्ती प्रक्रिया सुनिश्चित कराये जाने के संबंध में शीघ्र प्रस्ताव कैबिनेट के समक्ष रखा जायेगा। मुख्यमंत्री ने कहा कि समूह ग के 7 हजार पदों पर अधीनस्थ चयन आयोग के माध्यम से भर्ती होनी थी।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा है कि अधीनस्थ सेवा चयन आयोग द्वारा की गई भर्ती के प्रकरणों में पायी गई अनियमितताओं की जांच की जा रही है, साथ ही विधानसभा अध्यक्ष द्वारा भी विधानसभा में की गई नियुक्तियों की जांच के सम्बंध में उच्च स्तरीय समिति का गठन किया गया है।हमारी सरकार युवाओं के हितों को लेकर सजग है।जिन्होंने ग़लत किया है उनके खिलाफ कठोर कार्यवाही जारी है। शीघ्र ही पारदर्शी भर्ती प्रक्रिया के साथ रिक्त पदों को भरने का अभियान चलाया जाएगा। उन्होंने कहा कि ऑनलाइन वन दरोगा भर्ती की जांच कराने के लिए भी पुलिस महानिदेशक को निर्देशित किया गया है। डीजीपी द्वारा उक्त प्रकरण की जांच एसटीएफ को सौंपी गई।
मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार ज़ीरो टॉलरन्स ऑन करप्शन की नीति से कोई समझौता न करने पर दृढ़ संकल्पित है। कोई भी दोषी बख्शा नहीं जाएगा। प्रदेश के ईमानदार और परिश्रमी युवाओं के साथ हमारी सरकार अन्याय नहीं होने देगी। राज्य के सभी नौजवानों और नागरिकों को मुख्यमंत्री ने आश्वस्त किया है राज्य सरकार उनकी आशाओं और अपेक्षाओं के अनुसार इन सभी मामलों में कड़ी कार्रवाई करेगी। किसी भी मेहनतकश युवा के साथ अन्याय नहीं होने दिया जायेगा।
मुख्यमंत्री ने कहा कि यह हमारे राज्य के लिये बहुत ही गंभीर विषय है तथा हमारे प्रदेश के सभी नौजवानों के रोजगार से जुड़ा मामला है। अधीनस्थ सेवा चयन आयोग की भर्तियों में जहां भी गड़बड़ी की शिकायत प्राप्त हो रही है वहां हमने सख्त जांच के आदेश दे दिये हैं। सभी मामलों पर कार्यवाही चल रही है जिसका परिणाम आप सभी के सामने आ भी रहा है। उन्होंने कहा कि भर्ती घोटालों में किसी को भी नही बख्शा जायेगा, चाहे किसी के हाथ कितने भी लम्बे क्यों न हो कानून द्वारा अपना काम किया जायेगा।
मुख्यमंत्री ने कहा कि हम इससे आगे के लिये भी एक नजीर बनाना चाहते हैं जिससे ऐसी घटनाओं की पुनरावृति न हो क्योंकि हमें अपने बेटे-बेटियों के आज और कल की चिंता है, उनके वर्तमान एवं भविष्य का सवाल है। हमें प्रदेश में भर्ती प्रक्रियाओं का ऐसा सिस्टम बनाना होगा कि आगे भविष्य में कोई इस तरह का कृत्य करने की सोच भी न सके।
सीएम धामी ने जनता से की घरों में तिरंगा लगाने की अपील..
उत्तराखंड: मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने आज देहरादून के गांधी पार्क में आजादी के अमृत महोत्सव के तहत आयोजित ‘हर घर तिरंगा’ अभियान व प्रभात फेरी में शिरकत की। इस दौरान सीएम धामी ने सभी लोगों से घरों पर तिरंगा लगाने की अपील की। कार्यक्रम व प्रभात फेरी में बड़ी संख्या में स्कूली बच्चे, डीजीपी अशोक कुमार, मंत्री धन सिंह रावत, मेयर सुनील उनियाल गामा समेत कई भाजपा कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
इस दौरान सीएम धामी ने कहा कि इस प्रभाव फेरी से पूरे प्रदेश में देशभक्ति का संदेश जाएगा। आजादी का अमृत महोत्सव हमारे लिए इसलिए महत्वपूर्ण है क्योंकि इस बार आजादी के 75 साल पूरे होने जा रहे हैं। ये समय हमारे वीरों को याद करने का है। भारत आज दुनिया में एक सशक्त भारत बनकर उभरा है। आने वाले 25 साल भारत का एक नव निर्माण करेंगे।
सीएम का कहना हैं कि प्रदेश के 20 लाख घरों में तिरंगा लगाया जाना है। इस अभियान में प्रदेश के गैर सरकारी संगठनों व संस्थाओं को भी साथ लिया जा रहा है। सचिवालय में सोमवार को ‘हर घर तिरंगा‘ कार्यक्रम के तहत प्रेरणा आजीविका स्वयं सहायता समूह की ओर से स्टाल लगाया गया।
इसका शुभारंभ अपर मुख्य सचिव राधा रतूड़ी ने किया। इस मौके पर अपर मुख्य सचिव रतूड़ी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने देश की जनता से हर घर तिरंगा अभियान को व्यापक स्तर पर चलाने की अपील की है। प्रदेश में 20 लाख घरों में तिरंगा फहराया जाएगा।
सीएम धामी ने सड़क परिवहन मंत्री नितिन गडकरी से विकास योजनाओं पर की चर्चा..
उत्तराखंड: सीएम पुष्कर सिंह धामी ने नई दिल्ली स्थित संसद भवन कक्ष में केंद्रीय सड़क परिवहन व राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी से मुलाकात कर राज्य की विकास योजनाओं पर चर्चा की। मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश के विभिन्न राजमार्गों को राष्ट्रीय राजमार्ग के रूप में अधिसूचित किए जाने के लिए अनुरोध किया गया है। पिछले कुछ वर्षों में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी के मार्गदर्शन में इन्फ्रास्ट्रक्चर विकास व कनेक्टिविटी में काफी काम हुआ है।
मुख्यमंत्री ने इसके लिए प्रधानमंत्री और केंद्रीय मंत्री का आभार व्यक्त किया। धामी ने केंद्रीय मंत्री गडकरी से एनएच-09 के अंतर्गत पिथौरागढ़-अस्कोट मोटर मार्ग (किमी0 2.81 से किमी0 50.00 ) के लिए बीआरओ द्वारा प्रस्तुत डीपीआर की स्वीकृति, सितारगंज-टनकपुर मोटर मार्ग को 04 लेन में निर्मित किए जाने और एनएच-731K के अंतर्गत मझौला खटीमा ( 13 किमी0) मोटर मार्ग को 04 लेन में परिवर्तित किए जाने के संबंध में भी अनुरोध किया।
इन लोगों सीएम धामी आज करेंगे सम्मानित..
उत्तराखंड: सीएम पुष्कर सिंह धामी आज 27 व्यक्तियों और संस्थाओं को सतत विकास लक्ष्य के तहत आजीविका, मानव व सामाजिक विकास के क्षेत्र में नवाचार और अनूठा कार्य करने पर एसडीजी गोलकीपर अवार्ड से सम्मानित करेंगे। इन सभी चयनित संस्थाओं व व्यक्तियों का चयन चार चरणों की प्रक्रिया के बाद किया गया। नियोजन विभाग के लोक नीति एवं सुशासन केंद्र (सीपीपीजीजी) व संयुक्त राष्ट्र विकास कार्यक्रम (यूएनडीपी) के संयुक्त तत्वावधान में गोलकीपर अवार्ड के लिए व्यक्तिगत एवं संस्थागत श्रेणी में आवेदन मांगे गए।
सीपीपीजीजी के अपर मुख्य कार्यकारी अधिकारी डॉ. मनोज कुमार पंत का कहना हैं कि सतत विकास लक्ष्यों का महत्वाकांक्षी एजेंडा है, जिसमें वर्ष 2030 तक गरीबी एवं कुपोषण समाप्त करते हुए स्वास्थ्य, शिक्षा, पर्यावरणीय क्षेत्रों में विशेष कार्य किए जाने की आवश्यकता है। इन प्रमुख लक्ष्यों को निर्धारित समय में प्राप्त करने के लिए अधिक से अधिक सामाजिक क्षेत्र की सहभागिता भी जरूरी है। राज्य में तमाम स्वयंसेवी संस्थाएं, व्यक्ति, गैरसरकारी संगठन, नागरिक, शोध एवं अकादमिक संस्थाएं अपने-अपने क्षेत्रों में काम कर रही हैं, जो सतत विकास लक्ष्यों को पूरा करने में योगदान दे रही हैं या योगदान दे सकती हैं।
साथ ही समाज में दूसरी संस्थाओं और व्यक्तियों को प्रेरित कर सकती हैं। ऐसी संस्थाओं और व्यक्तियों की पहचान कर उन्हें एसडीजी गोलकीपर अवार्ड देने की योजना बनाई गई। इसके लिए समाचार पत्र, एफएम रेडियो, कम्युनिटी रेडियो के माध्यम से प्रचार कर आवेदन मांगे गए थे। जिसमें से 176 आवेदन प्राप्त हुए। इनमें 100 संस्थाओं व व्यक्तियों को छांटा गया। सीपीपीजीजी की टीम ने भ्रमण कर संस्थाओं और व्यक्तियों के काम का सत्यापन किया। उन स्थानों और लोगों से बातचीत की जहां संस्थाएं और व्यक्ति काम कर रहे थे। इसके बाद 27 संस्थाओं और व्यक्तियों का एसडीजी गोलकीपर अवार्ड के लिए चयन किया गया।
भाजपा की टीम-22 पर दिखी सीएम धामी की छाप..
उत्तराखंड : विधानसभा चुनाव-22 के लिए गुरुवार को घोषित भाजपा की टीम पर सीएम पुष्कर सिंह धामी की युवा छाप साफ-साफ झलक रही है। पूर्व सीएम भगत सिंह कोश्यारी के ओएसडी और धामी के करीबी रहे सुरेश गढ़िया, दुर्गेश्वर लाल समेत 15 युवाओं पर भाजपा ने मैदान में उतारा है। सीएम पुष्कर सिंह धामी युवा नेतृत्व के प्रतीक के रूप में खुद खटीमा से चुनाव मैंदान में हैं।
भाजपा शुरू से धामी को युवा नेतृत्व के रूप में पेश करती आ रही है। धामी को धाकड़ बल्लेबाज की उपमा दे चुके भाजपा हाईकमान ने उम्मीदवार तय करने में धामी को युवा चेहरे चुनने की पूरी छूट दी। सूत्रों के अनुसार पार्टी द्वारा कराए गए सर्वें में कई टिकट काटने की सिफारिश की गई थी।
भाजपा ने बुजुर्गो के टिकट काटने में भले ही देर नहीं लगाई, लेकिन युवाओं पर कैंची चलाने में हिचकी है। कपकोट में गढिया पहली बार चुनाव मैदान में उतर रहे है। जबकि भाजपा ने युवा दुर्गेश लाल पर विश्वास जताते हुए उसे पार्टी से टिकट दिया है। 2017 में वे निर्दलीय चुनाव लड़े थे। इसके बाद कुछ समय पहले ही कांग्रेस ने अपनी पार्टी में ज्वाइन कराया था।
कांग्रेस से टिकट न मिलता देख वे गुरुवार को ही भाजपा में शामिल हुए और टिकट ले गए। द्वाराहाट से उम्मीदवार बनाए गए अनिल शाही ने भी चौंकाया है। शाही को भी भाजपा ने युवा चेहरे के रूप में आगे बढ़ाया है। भाजपा के युवा उम्मीदवारों में अगला नाम देवप्रयाग से विनोद कंडारी और सितारगंज सौरभ बहुगुणा का नाम है।
वर्ष 2017 की जंग में कामयाब रहे कंडारी और बहुगुणा पर भाजपा ने दोबारा विश्वास जताया है। इस कड़ी आगे वर्तमान विधायक भेल रानीपुर से आदेश चौहान, रुड़की से प्रदीप बत्रा, श्रीनगर से धन सिंह रावत, लैंसडौन से दिलीप रावत, भीमताल राम सिंह कैड़ा भी धामी की यूथ टीम का हिस्सा है।
सीएम धामी ने हरीश रावत पर साधा निशाना..
उत्तराखंड: रोजगार के आंकड़ों को लेकर कैबिनेट मंत्री सुबोध उनियाल के बाद अब मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत को निशाने पर लिया। उनका कहना हैं कि सरकार ने आंकड़े रख दिए हैं। अब हरीश रावत से पूछिए कि वह संन्यास लेंगे या नहीं। सहस्त्रधारा हेलिपैड पर राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा के स्वागत के लिए पहुंचे सीएम से इस दौरान रोजगार के आंकड़ों के संबंध में पूछा गया। मुख्यमंत्री का कहना हैं कि प्रदेश सरकार की ओर से रोजगार के आकंड़े रख दिए गए हैं। हमारे पास जो आंकड़े हैं, वह अधीनस्थ सेवा चयन आयोग के हैं। आंकड़े उसके पोर्टल पर भी होंगे।
पूर्व मुख्यमंत्री ने कहा था कि वह संन्यास ले लेंगे। उनसे यह पूछिये कि वह संन्यास लेंगे कि नहीं। यह पूछने पर कि हरीश रावत कह रहे हैं कि आंकड़े सही नहीं हैं, इस पर मुख्यमंत्री ने कहा कि हरीश रावत जी ने अपने समय में नारा दिया था कि खाता न बही जो मैं कहूं, वही सही। वे उसी पर अडिग हैं तो उसमें मैं क्या कह सकता हूं।
सरकार की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाए जाने से जुड़े प्रश्न पर मुख्यमंत्री ने कहा कि पिछले पांच साल से सरकार चल रही है। सरकार ने कई विकास कार्य किए। कोरोना महामारी से निपटने के लिए स्वास्थ्य सेवाओं और सुविधाओं का विस्तार किया। पार्टी की ओर से सेवा ही संगठन अभियान चलाया गया। उनका कहना हैं कि कुछ लोगों का काम ही राजनीतिक बयानबाजी करना है। चुनाव हैं इसलिए इस तरह के बयान आ रहे हैं। आज वह बड़ी-बड़ी बातें कर रहे हैं, लेकिन जब मुख्यमंत्री थे तो कोई काम नहीं कर पाए। हमेशा तुष्टिकरण का काम किया। हम उत्तराखंड के लिए जो जरूरी है, वह काम कर रहे हैं।
राष्ट्रीय नेताओं के दौरों से काम करने की शक्ति बढ़ेगी..
मुख्यमंत्री ने केंद्रीय नेताओं के दौरों पर कहा कि उनके आने से संगठन के लोगों के काम करने की शक्ति बढ़ती है। राष्ट्रीय अध्यक्ष नड्डा के दौरे पर उन्होंने कहा प्रधानमंत्री ने सैन्य धाम घोषित किया है। सैन्यधाम के लिए प्रत्येक शहीद सैनिक के गांव की माटी लाई जाएगी। राष्ट्रीय अध्यक्ष सम्मान यात्रा का शुभारंभ करने आए हैं।
सीएम धामी बोले, उत्तराखंड में पटरी पर लौट रही चारधाम यात्रा..
उत्तराखंड: चारधाम यात्रा अब धीरे-धीरे पटरी पर लौट रही है। इससे चारधाम से जुड़े तीर्थ पुरोहितों, व्यवसायियों की उम्मीद भी बढ़ गई है। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी का कहना हैं कि चारधाम यात्रा प्रांरभ होने से कोविड की दूसरी लहर के बाद बंद पड़े कारोबार को संजीवनी मिलेगी। शनिवार से अब तक चारों धामों में साढ़े पांच हजार लोग दर्शन कर चुके हैं, जबकि 42 हजार से अधिक व्यक्तियों को ई-पास जारी किए गए हैं।
मुख्यमंत्री ने कुछ समय पहले कोविड संक्रमण के कारण आर्थिक दिक्कतों से जूझ रहे चारधाम यात्रा व पर्यटन से जुड़े कारोबारियों के लिए दो सौ करोड़ रुपये का राहत पैकेज जारी किया। इसके तहत चारधाम यात्रा मार्गों से जुड़े होटल, रेस्टोरेंट, टैक्सी संचालकों समेत अन्य व्यक्तियों के साथ ही पर्यटन से जुड़े व्यक्तियों को एकमुश्त सहायता राशि उपलब्ध कराई जा रही है।
पर्यटन विभाग की ओर से ही अब तक 15 हजार व्यक्तियों को सात करोड़ की राशि दी जा चुकी है। मुख्यमंत्री ने कहा कि यात्रा से जुड़े व्यवसायियों, तीर्थ पुरोहितों की परेशानियों को दूर करने के लिए सरकार प्रतिबद्ध है। उनका कहना हैं कि चारधाम देवस्थानम प्रबंधन बोर्ड को लेकर तीर्थ पुरोहितों के मन में उठ रहे संशय को दूर करने के लिए उच्च स्तरीय समिति गठित की गई है।
समिति में चारों धामों से दो-दो तीर्थ पुरोहितों को भी शामिल किया जा रहा है। तीर्थ पुरोहितों की बात सुनकर समिति सरकार के समक्ष रिपोर्ट रखेगी। फिर इसके आधार पर फैसला लिया जाएगा। मुख्यमंत्री ने दोहराया कि चारधाम से जुड़े तीर्थ पुरोहितों व हक-हकूकधारियों के हित किसी भी प्रकार से प्रभावित नहीं होने दिए जाएंगे।