भाजपा सरकार का मेगा इवेंट आज,हर विस के लिए 12 लाख रुपये की व्यवस्था..
उत्तराखंड: आचार संहिता लागू होने से पहले शुक्रवार को राज्य की भाजपा सरकार का मेगा इवेंट होगा। राज्य के सभी 70 विधानसभा क्षेत्रों में सरकारी कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे, जिसमें राज्य सरकार की उपलब्धियों को पांच साल तक साझा किया जाएगा। साथ ही हर विधानसभा विकास कार्य का शिलान्यास व उद्घाटन भी होगा।
आपको बता दे कि मुख्यमंत्री अपने विधानसभा क्षेत्र खटीमा के कार्यक्रम में होंगे, जबकि हर विधानसभा में कार्यक्रम की अध्यक्षता पार्टी के विधायक करेंगे। जहां पार्टी का कोई विधायक नहीं है, वहां जिलाधिकारी अपने विवेक से एक जन प्रतिनिधि से कार्यक्रम की अध्यक्षता करेंगे। इस मेगा इवेंट के आयोजन के लिए राज्य सरकार ने 8.40 करोड़ रुपये का बजट भी प्रावधान किया है।
इसके साथ ही प्रत्येक विधानसभा के कार्यक्रम पर 12 लाख रुपये खर्च किए जाएंगे। कार्यक्रम के आयोजन के लिए सरकार की ओर से सभी जिलाधिकारियों को दिशा-निर्देश भी जारी कर दिए गए हैं। कार्यक्रम स्थल पर मुख्यमंत्री के लाइव संबोधन की व्यवस्था की गई है। मुख्यमंत्री खटीमा से संबोधित करेंगे। जो कि सभी 70 विधानसभा क्षेत्रों में सुना जाएगा। प्रत्येक विधानसभा में आयोजन स्थल पर एलईडी लगाई जाएगी।
साल की आखिरी कैबिनेट बैठक में आ सकता है सरकारी नौकरियों में क्षैतिज आरक्षण का प्रस्ताव..
उत्तराखंड: भाजपा सरकार की इस साल की आखिरी कैबिनेट बैठक आज शुक्रवार को राज्य सचिवालय में होगी। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी की अध्यक्षता में होने वाली यह बैठक विश्व कर्मा भवन स्थित वीरचंद्र सिंह गढ़वाल सभागार में अपराह्न 12 बजे से शुरू हो जाएगी। बताया जा रहा है कि बैठक में राज्य आंदोलनकारियों व उनके आश्रितों को सरकारी नौकरियों में क्षैतिज आरक्षण का प्रस्ताव आ सकता है।
इसके अलावा सरकार कोविड महामारी पर आधारित राज्य की नई स्वास्थ्य नीति का भी प्रस्ताव ला सकती है। इसके साथ ही बैठक में विभिन्न विभागों की सेवा संशोधित नियमावलियों पर भी कैबिनेट की मुहर लग सकती है। साथ ही कुछ अन्य प्रस्तावों पर भी विचार किया जा सकता है।
शासनादेश नहीं हुआ तो फिर सचिवालय कूच करेंगी महिलाएं..
4600 ग्रेड पे संबंधित शासनादेश नहीं हुआ तो महिलाएं शुक्रवार को भी सचिवालय कूच करेंगी। इसके लिए उन्होंने उग्र आंदोलन की भी चेतावनी दी है। पुलिस परिवार की यह महिलाएं दो दिनों से गांधी पार्क के सामने धरने पर बैठी हैं। गुरुवार रात को भी महिलाओं ने यहीं बैठने का फैसला किया है।
धरने पर बैठी महिलाओं की सरकार से नाराजगी कम नहीं हुई है। पिछले दिनों उन्हें सरकार की ओर से डीजीपी अशोक कुमार ने आश्वासन दिया था कि 31 दिसंबर को ग्रेड पे संबंधित मामला कैबिनेट की बैठक में आएगा, लेकिन अभी तक सरकार और शासन की ओर से उन्हें कोई आश्वासन सीधे तौर पर नहीं मिला है। महिलाओं का कहना है कि तीन दिन से पुलिस के परिजन गांधी पार्क के सामने धरने पर बैठे हैं, लेकिन अभी तक कोई उनसे वार्ता करने तक नहीं आया।
उनका कहना हैं कि पुलिस अधिकारियों ने उन्हें आश्वासन दिया था कि 31 दिसंबर तक शासनादेश जारी होंगे। शुक्रवार तक शासनादेश नहीं हुआ तो वे फिर से सचिवालय कूच करेंगी। इससे पूर्व पुलिस के परिजन ग्रेड पे के आदेश जारी करने की मांग को लेकर सीएम व सचिवालय कूच कर चुके हैं। सीएम कूच के दौरान उनकी गिरफ्तारी भी हुई थी।
नेता प्रतिपक्ष प्रीतम सिंह ने भाजपा सरकार पर जमकर हमला बोला..
उत्तराखंड: भाजपा सरकार पर नेता प्रतिपक्ष प्रीतम सिंह ने एक बार फिर से जमकर हमला बोला। भाजपा की डबल इंजन की सरकार में तेजी से महंगाई बढ़ रही है। अब लोग बदलाव चाहते हैं। उनका कहना है कि पार्टी ने बड़े-बड़े वायदे किए, जो आजतक पूरे नहीं हो पाए हैं।
नेता प्रतिपक्ष मंगलवार को अपने गृह क्षेत्र चकराता विधानसभा के जौनसार स्थित क्वांसी क्षेत्र के दौरे पर पहुंचे। मिनी स्टेडियम पर आयोजित कार्यक्रम में प्रतिपक्ष प्रीतम सिंह ने भाजपा को आड़े हाथ लिया। नेता प्रतिपक्ष का कहना हैं कि उत्तराखंड में सत्ता परिवर्तन की लहर चल रही है। लोग बदलाव चाहते हैं।
उनका कहना हैं कि जुमलेबाज भाजपा सरकार ने प्रदेशवासियों से कई बड़े वादे किए, जो आज तक पूरे नहीं हुए। उनका कहना है कि अगर भाजपा सरकार बनने से जनजाति क्षेत्र जौनसार बावर का विकास पूरी तरह ठप पड़ गया। पूर्ववर्ती कांग्रेस सरकार के शासन में जौनसार बावर में शुरू हुए तमाम बड़े विकास कार्य भाजपा सरकार आने से रुक गए हैं।