चंदग्रहण के चलते आज बंद किए जाएंगे चारों धाम के कपाट..
उत्तराखंड: चंदग्रहण के चलते शनिवार यानी आज बद्रीनाथ और केदारनाथ धाम के कपाट शाम चार बजे बंद कर दिए जाएंगे। जिसके बाद मंदिरों के कपाट रविवार सुबह शुद्धिकरण के बाद खोले जाएंगे। बीकेटीसी के अध्यक्ष अजेंद्र अजय ने बताया कि चंद्रग्रहण 28 अक्टूबर को रात एक बजकर चार मिनट पर लगेगा। बद्रीनाथ और केदारनाथ धाम के कपाट नौ घंटे पहले सूतककाल लगने के कारण ही बंद कर दिए जाएंगे।
शनिवार को 11 बजे राजभोग लगेगा और दोनों मंदिरों की सफाई की जाएगी। दो बजे तक मंदिर बंद रहेगा। इसके बाद दोपहर दो बजे दोबारा मंदिर को खोला जाएगा और शाम के वक्त आरती की जाएगी। आरती के बाद चार बजे तक मंदिर के कपाट बंद कर दिए जाएंगे। 29 अक्टूबर को रविवार सुबह शुद्धिकरण के बाद ब्रह्ममुहुर्त में कपाट खोलकर महाभिषेक, रूद्राभिषेक सहित पूजा अर्चना के साथ खोले जाएंगे।
इसके साथ ही गंगोत्री और यमुनोत्री धाम के कपाट भी चंद्रग्रहण के चलते बंद किए जाएंगे। जानकारी के अनुसार श्री पांच गंगोत्री मंदिर समिति के अध्यक्ष हरीश सेमवाल ने कहा कि शनिवार शाम चार बजे के गंगोत्री मंदिर के कपाट बंद किए जाएंगे।शाम को होने वाली आरती चार बजे तक कर ली जाएगी। चंद्रग्रहण के बाद कपाट सीधे अगले दिन तड़के सुबह चार बजे पूजा अर्चना के बाद खोले जाएंगे।
जानिए कौन हैं कार्यवाहक मुख्य न्यायाधीश मनोज तिवारी..
उत्तराखंड: नैनीताल हाईकोर्ट के मुख्य न्यायधीश विपिन सांघी 26 अक्टूबर को सेवनिर्वित हो गए हैं। उनके रिटायर होने के बाद हाईकोर्ट के वरिष्ठ न्यायमूर्ति मनोज कुमार तिवारी को उत्तराखंड हाईकोर्ट का कार्यवाहक मुख्य न्यायाधीश बनाया गया है। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने इसके लिए आदेश भी जारी कर दिए हैं। मुख्य न्यायाधीश न्यायमूर्ति विपिन सांघी के सेवानिवृत्त होने के एक दिन बाद यानी शुक्रवार से अपना कार्यभार ग्रहण करेंगे।
मनोज कुमार तिवारी का पिथौरागढ़ से खास नाता रहा है। उनके पिता एनबी तिवारी भी नामी वकील रहे हैं। जबकि उनके दादा राम दत्त भी जिला पिथौरागढ़ में वकील थे। मनोज कुमार तिवारी ने अपनी दसवीं तक की पढ़ाई केंद्रीय विद्यालय पिथौरागढ़ और ग्रेजुएशन और पोस्ट ग्रेजुएशन भी राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय पिथौरागढ़ से ही किया है।
वरिष्ठ न्यायमूर्ति मनोज कुमार तिवारी का जन्म 19 सितंबर 1965 को पिथौरागढ़ में हुआ था। 1990 में उन्होंने दिल्ली विश्वविद्यालय से एलएलबी किया। 1990 में ही वह बार काउंसिल ऑफ यूपी इलाहाबाद में पंजीकृत हुए और उच्च न्यायालय, इलाहाबाद में प्रैक्टिस शुरू की। 2000 में वह उत्तराखंड उच्च न्यायालय बनने पर नैनीताल स्थानांतरित हुए। 20 मई 2009 को न्यायमूर्ति मनोज कुमार तिवारी को वरिष्ठ अधिवक्ता नामित किया गया था। 2008 में उन्हें हाईकोर्ट बार एसोसिएशन नैनीताल का अध्यक्ष बनाया गया। नौ मई 2017 में न्यायमूर्ति मनोज कुमार तिवारी को उत्तराखंड हाईकोर्ट के स्थायी न्यायाधीश बनाया गया था।
चेन्नई रोड शो में 10150 करोड़ के एमओयू किए गए..
उत्तराखंड: चेन्नई रोड शो के दौरान सीएम पुष्कर सिंह धामी की उपस्थिति में राज्य सरकार द्वारा विभिन्न उद्योग समूहों के साथ 10150 करोड़ के इनवेस्टमेंट एमओयू साइन किए गए। जिसमें प्रमुख रुप से हेल्थकेयर, फार्मा, एनर्जी सेक्टर से जुड़े विभिन्न उद्योग शामिल हैं।
चेन्नई में आज पहले सत्र में हुए एमओयू में क्रमशः स्टार्टअप एंड इक्यूवेटर हेतु जुलाई वेंचर्स के साथ 1000 करोड़ का एमओयू, हेल्थ केयर सेक्टर में निवेश हेतु क्षणा ग्रुप के साथ 1000 करोड़, उच्च शिक्षा में निवेश हेतु एसआरएम यूनिवर्सिटी के साथ 600 करोड़, हेलीपोर्ट एंव ऊर्जा क्षेत्र में रिफेक्स ग्रुप के साथ 500 करोड़, एरोमा पार्क हेतु ईन्फ्ला मोवी ग्रुप के साथ 250 करोड़, टूरिज्म सेक्टर में निवेश हेतु मिलटेक्स ग्रुप के साथ 100 करोड़ के एमओयू साइन किए गए।
दूसरे सत्र में सर्वोदय ग्रुप आफ हॉस्पिटल 01 हजार करोड़, अपोलो हॉस्पिटल 500 करोड़, क्राफ्ट स्मिथ इंडिया 01 हजार करोड़, इंफिनिटी ग्लोबल 4 हजार करोड़ और टीपीसीआई के साथ 200 करोड़ रुपया के एमओयू किए गए।
उत्तराखंड में संस्कृत विद्यालयों को मिलेगा अनुदान, शासन ने जारी किए संशोधित आदेश..
उत्तराखंड: शासन ने संस्कृत विद्यालयों और महाविद्यालयों के अलग-अलग संचालन के संबंध में स्थिति साफ की है। अब सभी संस्कृत विद्यालयों को अनुदान मिलेगा, बेशक उनमें 12वीं तक कक्षाएं संचालित नहीं हो रही हैं। इस संबध में शासन ने 16 अक्तूबर को जारी अपने शासनादेश में संशोधन कर दिया है। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट ने भी सीएम पुष्कर सिंह धामी से यह मसला उठाया था। सीएम के निर्देश पर सचिव संस्कृत शिक्षा चंद्रेश यादव ने नए सिरे आदेश जारी किया है। इसमें ऐसे 81 विद्यालयों और महाविद्यालयों की सूची भी शामिल है।
आपको बता दे कि संस्कृत शिक्षा निदेशक के आदेश में सभी विद्यालयों व कॉलेजों के प्रबंधन को बोर्ड या शिलापट बनाकर मुख्य भवन के प्रवेश द्वार पर स्थापित करने को कहा गया है। महाविद्यालय का दर्जा उन्हीं संस्थानों को मिलेगा जहां उच्च शिक्षा पढ़ाई जा रही है। वे सभी महाविद्यालय अब विद्यालयों के नाम से ही जाने जाएंगे, जो प्रथमा, पूर्व मध्यमा तक वित्त पोषित हैं और उत्तर मध्यमा तक वित्तविहीन मान्यता प्राप्त हैं। हालांकि इस आदेश को उन संस्कृत महाविद्यालयों के प्रबंधन व शिक्षकों में नाराजगी हैं जिन्हें अब विद्यालय का दर्जा दिया जा रहा है।
अब गढ़वाल मंडल में विकास की नब्ज टटोलेंगे मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी..
पौड़ी गढ़वाल में होगी बैठक..
उत्तराखंड: विकास कार्यों की गति की नब्ज टटोलने के लिए अब सीएम पुष्कर सिंह धामी गढ़वाल मंडल के अधिकारियों की बैठक लेंगे। यह बैठक पौड़ी गढ़वाल मुख्यालय में हो सकती है। शासन व प्रशासन के सभी प्रमुख अधिकारी इस बैठक में मौजूद रहेंगे। सीएम विशेष रूप से सड़कों, निर्माण योजनाओं व मानव वन्यजीव संघर्ष की घटनाओं के संबंध में रिपोर्ट लेंगे। बकौल मुख्यमंत्री सड़कें हमारी लाइफलाइन हैं, ये बेहतर हों, इसके लिए सबकी जिम्मेदारी तय होगी।
बता दें कि पिछले दिनों नैनीताल पहुंचकर मुख्यमंत्री ने कुमाऊं मंडल के विकास कार्यों की प्रगति जानी थी। बैठक में उन्होंने मंडलायुक्त दीपक रावत को खस्ताहाल व अधूरी सड़कों के संबंध में सख्त निर्देश दिए थे। विकास कार्यों को लेकर भी सीएम ने अफसरों को कड़ी हिदायत दी। कुमाऊं से लौटकर अब मुख्यमंत्री ने गढ़वाल मंडल के सभी जिलों में चल रहे विकास कार्यों की प्रगति जानने का निर्णय लिया है।
ग्रामीण सड़कों की स्थिति के बारे में लेंगे जानकारी..
इस संबंध में उन्होंने अधिकारियों को बैठक की तैयारी करने के आदेश दिए हैं। यह बैठक पौड़ी मुख्यालय में हो सकती है। इस बैठक में शासन के उच्चाधिकारियों के अलावा मंडलायुक्त व विभिन्न जिलों के जिलाधिकारी भी भागीदारी करेंगे। कई अधिकारी वर्चुअल माध्यम से भी जुड़ सकते हैं। इस बैठक में मुख्यमंत्री चारधाम ऑलवेदर रोड परियोजना, ऋषिकेश-कर्णप्रयाग रेल परियोजना के अलावा नेशनल व स्टेट हाईवे, जिला मोटर मार्ग व ग्रामीण सड़कों की स्थिति के बारे में जानकारी लेंगे।
सूत्रों के अनुसार सीएम सड़कों को गड्ढ़ामुक्त बनाए जाने के अभियान के बारे में विशेष रूप से जानकारी लेंगे। सड़कें हमारी लाइफ लाइन हैं। साल भर देश व दुनिया से लोग यहां आते हैं। उन्हें अच्छी सड़कें मिलनी चाहिए ताकि सुविधा हो। सड़कों के लिए हमने डेडलाइन तय की है। इस डेडलाइन के आधार पर सड़कों को ठीक करने का अभियान चलाया जा रहा है। इसमें सभी अधिकारियों की जिम्मेदारी तय होगी
दुबई के बाद देश के इन शहरों में रोड शो करेंगे सीएम धामी..
उत्तराखंड: सीएम पुष्कर सिंह धामी अपने कैबिनेट मंत्रियों के साथ वैश्विक निवेशक सम्मेलन से पहले निवेश लक्ष्य को साधने के लिए घरेलू रोड शो में उतरेंगे। धामी अपने तीन कैबिनेट मंत्रियों के साथ चेन्नई, अहमदाबाद और मुंबई में रोड शो करेंगे। इन तीनों रोड शो का नेतृत्व खुद मुख्यमंत्री धामी करेंगे। जिसके तहत वह बुधवार को चेन्नई जाएंगे। जहां मुख्यमंत्री व कैबिनेट मंत्री निवेशकों को उत्तराखंड में निवेश करने के लिए आमंत्रित करेंगे।
मिली जानकारी के अनुसार धामी सरकार अब निवेशक सम्मेलन से पूर्व सरकार हजारों करोड़ रुपये के निवेश की ग्राउंडिंग को पूरा करने के लिए घरेलू रोड शो में जुटेगी। अभी चेन्नई, मुंबई और अहमदाबाद के रोड शो तय हुए हैं। सोमवार को रोड शो की तैयारी बैठक हुई, जिसमें स्थान तय कर लिए गए। बताया जा रहा है कि 26 अक्तूबर को चेन्नई में होने वाले रोड शो में सीएम के साथ कैबिनेट मंत्री सतपाल महाराज शामिल होंगे। दूसरा रोड शो 28 अक्तूबर को मुंबई में होगा, जिसमें कैबिनेट मंत्री सुबोध उनियाल के साथ धामी भी रहेंगे। तीसरा रोड शो एक नवंबर को गुजरात के अहमदाबाद में होगा, जिसमें मुख्यमंत्री धामी के साथ कैबिनेट मंत्री प्रेमचंद अग्रवाल मौजूद रहेंगे।
गौरतलब है कि नई दिल्ली में निवेशकों को आकर्षित करने के अभियान के शुरुआत के साथ सरकार अब तक विदेश में रोड शो कर चुकी है। इसके लिए सरकार निवेशकों के साथ एमओयू भी कर रही है। ब्रिटेन और संयुक्त अरब अमीरात के दौरे पर प्रदेश सरकार को काफी कामयाबी मिली। इन तीनों ही स्थानों पर हुए रोड शो में सरकार 54,550 करोड़ रुपये के एमओयू कर चुकी है। सरकार ने निवेशक सम्मेलन के जरिये ढाई लाख करोड़ रुपये का निवेश का लक्ष्य रखा है।
धामी सरकार इन कर्मियों को देने वाली है दिवाली का तोहफा..
उत्तराखंड: धामी सरकार राज्य कर्मचारियों को दिवाली से पहले बड़ा तोहफा देने की तैयारी कर रही है। वित्त विभाग ने इसकी प्रक्रिया शुरू कर दी है। राज्य में लगभग 1.40 लाख कर्मचारी इस दायरे में आएंगे। राज्य सरकार कर्मचारियों को दिवाली के मौके पर बोनस के रूप में 7000 रुपये देती है। 4800 ग्रेड पे तक के कर्मचारियों को इसका लाभ मिलता है। चूंकि, नवंबर माह के दूसरे हफ्ते दिवाली का पर्व है।
मिली जानकारी के अनुसार प्रदेश के राज्य कर्मचारी, शिक्षकों और अराजपत्रित कर्मचारियों को नंवबर माह में बोनस दिया जा सकता है। प्रशासन की ओर से इस पर फाइल तैयार करने का काम किया जा रहा है। बताया जा रहा है कि नवंबर के पहले हफ्ते तक इसका भुगतान होने की उम्मीद है। राज्य सरकार पर बोनस के रूप में लगभग 100 करोड़ का वित्तीय बोझ पड़ेगा। उक्त बोनस का लाभ समूह ‘ग’ ‘घ’ व समूह ‘ख’ एवं कैजुअल/दैनिक वेतन भोगी लगभग 01 लाख 50 हजार से अधिक कर्मचारियों को प्राप्त होगा। उत्पादकता असंबद्ध बोनस (तदर्थ बोनस) पर लगभग रू0 120.00 करोड़ का एकमुश्त व्यय भार राज्य सरकार द्वारा वहन किया जाएगा।
वहीं कर्मचारियों द्वारा सरकार पर चार फीसदी महंगाई भत्ते के लिए भी दबाव बनाना शुरू कर दिया है। बताया जा रहा है कि केंद्र सरकार जुलाई से दिसंबर माह तक चार फीसदी महंगाई भत्ता केंद्रीय कर्मचारियों को इसी माह दे चुका है। अब कर्मचारियों ने भी मांग उठानी शुरू कर दी है। राज्य कर्मचारी संयुक्त परिषद के प्रदेश महामंत्री शक्ति प्रसाद भट्ट और उत्तरांचल मिनिस्टीरियल फेडरेशन के प्रदेश अध्यक्ष पूर्णानंद नौटियाल का कहना हैं कि मुख्यमंत्री को भेजे ज्ञापन में दिवाली से पहले महंगाई भत्ता देने की मांग की गई है।
यमुनोत्री धाम में बर्फबारी, हेमकुंड साहिब में जमीं चार इंच तक बर्फ..
उत्तराखंड: यमुनोत्री धाम सहित आसपास की चोटियों पर बर्फबारी का सिलसिला जारी है। धाम में पहुंचे श्रद्धालुओं इस मनमोहक दृश्य का लुत्फ उठा रहे हैं। यमुनोत्री धाम से तीर्थ पुरोहित मनमोहन उनियाल का कहना है कि धाम में एक घंटे से बर्फबारी के साथ ही ओले भी पड़ रहें हैं। दोपहर बाद रोजाना बारिश बर्फबारी से तापमान में गिरावट जारी है।
दूसरी तरफ बर्फबारी के बाद प्रसिद्ध हेमकुंड साहिब के प्राकृतिक सौंदर्य में निखार आ गया है। हेमकुंड साहिब के कपाट शीतकाल के लिए 11 अक्तूबर को बंद हो गए थे। कपाट बंंद होने के बाद निरीक्षण के लिए श्री गुरुद्वारा हेमकुंड साहिब ट्रस्ट की तीन सदस्यीय टीम हेमकुंड साहिब पहुंची।
चार इंच तक बर्फ जम गई..
गुरुद्वारे के वरिष्ठ प्रबंधक सरदार सेवा सिंह ने बताया कि इस वक्त यहां चार इंच तक बर्फ जम गई है, यहां चारों ओर बर्फ ही बर्फ नजर आ रही है। उन्होंने बताया कि हेमकुंड साहिब के कपाट बंद होने के बाद गोविंदघाट से किसी भी आम व्यक्ति को हेमकुंड साहिब जाने की अनुमति नहीं दी जाती है।
मौसम विज्ञान केंद्र ने उत्तरकाशी, चमोली और पिथौरागढ़ जिले के कुछ इलाकों में 23 और 24 अक्तूबर को हल्की बारिश की संभावना जताई है। हालांकि, अन्य जिलों में मौसम शुष्क रहेगा। बीते पांच सालों के आंकड़ों पर नजर डाले तो सिर्फ साल 2022 में दशहरा पर्व के दिन पूरे प्रदेश भर में बारिश हुई थी। जिसके चलते रावण दहन के लिए इंतजार करने के साथ आयोजन स्थल पर लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ा था।
इस दिन बंद होंगे विश्व प्रसिद्ध यमुनोत्री धाम के कपाट..
उत्तराखंड: दशहरा के पावन पर्व पर विश्व प्रसिद्ध यमुनोत्री धाम के कपाट बंद होने की तिथि व मुहूर्त तय किया गया। मंगलवार को मां यमुना के शीतकालीन प्रवास खरशाली गांव स्थित मंदिर परिसर में पुरोहित समाज की बैठक में मुहूर्त निकाला गया। यमुनोत्री धाम के कपाट 15 नवंबर बुधवार को भाई दूज के पावन पर्व पर 11 बजकर 57 मिनट पर अभिजीत मुहूर्त (मकर लग्न) में विशेष पूजा अर्चना के बाद छह माह के लिए बंद किए जाएंगे।
आपको बता दें कि गंगोत्री धाम के कपाट बंद होने की तिथि व मुहूर्त शारदीय नवरात्र के पहले दिन तय किया गया था। गंगोत्री धाम के कपाट शीतकाल के लिए 14 नवंबर को अन्नकूट के पावन पर्व पर अभिजीत मुहूर्त की शुभ बेला पर 11 बजकर 45 मिनट पर बंद किए जाएंगे। बद्रीनाथ धाम के कपाट बंद करने के शुभ मुहूर्त की घोषणा आज की जाएगी। जबकि 15 नवंबर को भैया दूज के दिन केदारनाथ धाम और यमुनोत्री धाम के कपाट बंद होंगे।
विजिलेंस ने परीक्षा कराने वालों से शुरू की पूछताछ..
जल्द हो सकती है कुछ लोगों की गिरफ्तारी..
उत्तराखंड: दरोगा भर्ती धांधली मामले में विजिलेंस ने शनिवार को छह लोगों से पूछताछ की। यह पूछताछ रविवार को भी जारी रहेगी। विजिलेंस जल्द ही आरोपियों और दरोगाओं को भी पूछताछ के लिए बुला सकती है। बताया जा रहा है कि विजिलेंस जल्द ही कुछ लोगों की गिरफ्तारी भी कर सकती है।
आपको बता दें कि अधीनस्थ चयन सेवा आयोग की ओर से कराई गई भर्तियों की जांच में पिछले साल दरोगा भर्ती धांधली का भी खुलासा हुआ था। पता चला था कि 339 पदों के लिए 2015 में हुई सीधी भर्ती में 30 से भी ज्यादा दरोगा नकल कर पास हुए थे। यह परीक्षा पंतनगर विवि के माध्यम से आयोजित की गई थी।
मामले में कार्रवाई तेज..
शुरुआती पड़ताल के बाद विजिलेंस ने पिछले साल आठ अक्तूबर को विवि के नरेंद्र सिंह जादौन, हाकम सिंह, आरएमएस कंपनी के मालिक समेत आठ लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया था। अगली कार्रवाई के क्रम में जनवरी 2023 में कुल 20 दरोगाओं को निलंबित भी कर दिया गया, लेकिन अभी तक विजिलेंस किसी ठोस नतीजे पर नहीं पहुंची थी। अब इस मामले में कार्रवाई तेज कर दी गई है।
एसपी विजिलेंस धीरेंद्र सिंह गुंज्याल ने बताया कि जांच में परीक्षा आयोजित कराने वाले कुल छह लोगों के नाम सामने आए हैं। इन लोगों को शनिवार को विजिलेंस कार्यालय बुलाया गया था। सुबह करीब 10 बजे से शाम छह बजे तक उनसे पूछताछ की गई। इसके बाद रविवार को भी इन लोगों को पूछताछ के लिए बुलाया गया है। एसपी ने बताया कि इस मामले में आरोपियों के बयान दर्ज करने के लिए भी उन्हें नोटिस जारी किए जाएंगे। साथ ही कुछ दरोगाओं से भी जल्द पूछताछ हो सकती है।
