उत्तराखंड सरकार अगले दो साल में बनवाएगी 50 हजार पॉली हाउस..
उत्तराखंड: मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने रविवार को कहा कि सरकार की अगले दो साल में उत्तराखंड में 50 हजार पॉली हाउस बनाने की योजना है। सीएम धामी का कहना हैं कि राज्य सरकार राष्ट्रीय कृषि और ग्रामीण विकास बैंक (नाबार्ड) की मदद से इन पॉली हाउसों का निर्माण करेगी। मुख्यमंत्री ने योजना पर विश्वास जताते हुए कहा कि पॉली हाउस बनने से उत्तराखंड के किसानों को बड़े पैमाने पर लाभ मिलेगा। सीएम धामी रविवार को अपने सरकारी आवास में पॉली हाउस में उगाई जाने वाली सब्जियों का निरीक्षण कर रहे थे, तभी उन्होंने किसानों के लिए सरकार की पॉली हाउस बनाने की योजना के बारे में बताया।
पीएम की सुरक्षा में सेंधमारी, मुंबई की सभा में पकड़ा गया NSG का फर्जी जवान..
देश-विदेश: पीएम नरेंद्र मोदी के मुंबई दौरे के वक्त क्या किसी बड़ी साजिश को अंजाम दिया जाना था? क्या उस दिन मुंबई की सुरक्षा के लिए कोई बड़ा खतरा पैदा होने वाला था, जो टल गया? पीएम मोदी की मुंबई यात्रा के सभास्थल से दो व्यक्तियों को हिरासत में लिया गया। इनमें से एक के पास से घातक हथियार मिले हैं। पीएम मोदी के साथ बैठक दो दिन पहले बांद्रा कुर्ला कॉम्प्लेक्स के एमएमआरडीए मैदान (बीकेसी) में हुई थी।मुंबई पुलिस ने यहीं से दोनों आरोपियों को अरेस्ट किया है. इन आरोपियों के नाम कटराम चंद्रगाई कावड और रामेश्वर मिश्रा हैं।
कटराम की उम्र 39 साल है और वह मुंबई से सटे भिवंडी इलाके का रहने वाला है। वह होटल और परिवहन उद्योग से जुड़ा है। पीएम मोदी की सभा वाली जगह पर गश्त करते हुए पुलिस जवानों को उस पर शक हुआ तो उसे पकड़ा गया। पूछताछ की गई। उसके पास से स्मिथ एंड वैगन स्प्रिंगफील्ड पिस्टल और चार गोलियां बरामद हुई हैं। इसके पास रिवॉल्नर का लाइसेंस होने की भी जानकारी मिली है। बीकेसी पुलिस थाने में कटराम के खिलाफ धारा 37(1) ऑफ 135 मपोका 1951 के तहत मुंबई पुलिस के आदेश की अवहेलना करने का आरोप लगाया गया है। पुलिस जांच चल रही है।
NSG का जवान बता कर सभा स्थल के VVIP क्षेत्र में घुस आया था
एनएसजी जवान बनकर इमारत में घुसे एक अन्य शख्स को हिरासत में लिया गया है। रामेश्वर मिश्रा नाम का एक व्यक्ति नवी मुंबई से पीएम मोदी के सभा स्थल पहुंचने के करीब 90 मिनट पहले यहां पहुंचा। यह अपने आप को एनएसजी में नायक के पद पर कार्यरत बता कर सभा स्थल में घुस आया था। वह इस तरह भारी सुरक्षा वाले वीवीआईपी सेक्शन में घुसने की कोशिश कर रहा था। जब मुंबई क्राइम ब्रांच के अधिकारियों को इस पर शक हुआ तो उन्होंने इसे रोक लिया और पूछताछ शुरू की।
NSG के फर्जी आईडी के रिबन पर दिल्ली पुलिस सुरक्षा (PM) लिखा
अंदर जाने से पहले वह इधर-उधर भटक रहा था। तभी क्राइम ब्रांच के अधिकारियों ने इस पर नजर रखी।आधा घंटे तक उस पर नजरें बनाए रखने के बाद क्राइम ब्रांच के अधिकारियों ने पकड़ कर पूछताछ शुरू की। आरोपी के पास नकली राष्ट्रीय सुरक्षा गार्ड (NSG) पहचान पत्र थे जो 13 जनवरी को जारी किए गए थे। उसमें उसके रेंजर के तौर पर तैनाती का उल्लेख है। लेकिन आईडी के रिबन पर दिल्ली पुलिस सुरक्षा (PM) लिखा हुआ है।
बांद्रा कोर्ट ने आरोपी को पुलिस कस्टडी में भेजा
पुलिस पूछताछ में आरोपी दावा करता रहा कि वह एनएसजी के पठानकोट हब में नियुक्ति पर है। लेकिन जब मुंबई पुलिस ने इसकी पड़ताल की तो पता चला कि उसकी आईडी फर्जी है। आरोपी मिश्रा के खिलाफ आईपीसी की धारा 171, 465, 468 और 471 के तहत मामला दर्ज किया गया है। शुक्रवार को उन्हें बांद्रा कोर्ट लाया गया। अदालत ने उसे 24 घंटे की पुलिस कस्टडी में भेज दिया।
राष्ट्रीय युवा महोत्सव में शामिल होंगे 30 हजार युवा..
देश-विदेश: केंद्रीय युवा मामले और खेल मंत्री अनुराग ठाकुर का कहना हैं कि राष्ट्रीय युवा महोत्सव के उद्घाटन समारोह में देशभर से तीस हजार से अधिक युवा शामिल होंगे। स्वामी विवेकानंद की जयंती के अवसर पर हर साल 12 जनवरी को राष्ट्रीय युवा उत्सव आयोजित किया जाता है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी कर्नाटक के हुबली में 12 जनवरी से शुरू होने वाले राष्ट्रीय युवा उत्सव का उद्घाटन करेंगे। महोत्सव 16 जनवरी तक चलेगा। केंद्रीय मंत्री अनुराग ठाकुर ने कहा कि इस दौरान कई प्रतियोगिताएं भी आयोजित की जाएंगी।
उनका कहना हैं कि देश स्वतंत्रता का अमृत महोत्सव मना रहा है। हमें उम्मीद है कि सशक्त होने के साथ ही युवा देश के विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे। ठाकुर ने कहा कि भारत के पांच पारंपरिक खेल जैसे, मलखम, योगासन, कलारेपट्टू, थंगटा और गटका को महोत्सव में शामिल किया जाएगा, ताकि लोगों को उनके बारे में पता चल सके और वे भविष्य में राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय खेल बन सकें।
1984 में राष्ट्रीय युवा दिवस घोषित..
भारत सरकार ने वर्ष 1984 में इस दिन को राष्ट्रीय युवा दिवस के रूप में घोषित किया था। 1985 से प्रति वर्ष देश 12 जनवरी को राष्ट्रीय युवा दिवस मना रहा है। स्वामी विवेकानंद के भाषण, उनकी शिक्षाएं और उद्धरण हमेशा युवाओं के लिए प्रेरणा का स्रोत रहे हैं। युवा दिवस की थीम, महत्व, भारत में कार्यक्रमों की समय-सारणी यहां देखी जा सकती है।
राष्ट्रीय युवा महोत्सव का आयोजन हर साल हमारे प्रतिभाशाली युवाओं को राष्ट्र निर्माण की दिशा में प्रेरित करने के साथ-साथ राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भारतीय संस्कृति का विश्व बंधुत्व का संदेश प्रदान करने के लिए किया जाता है। यह देश के सभी हिस्सों से विविध संस्कृतियों को एक साझा मंच पर लाता है और प्रतिभागियों को एक भारत, श्रेष्ठ भारत की भावना से जोड़ता है। इस वर्ष यह महोत्सव 12 जनवरी से 16 जनवरी तक कर्नाटक के हुबली-धारवाड़ में आयोजित किया जा रहा है, जिसकी थीम “विकसित युवा – विकसित भारत” है। यह दिन देश के युवाओं के लिए मनाया जाता है, और उन्हें विवेकानंद के विचारों और दर्शन को अपनाने के लिए प्रोत्साहित करता है। यह भारत का 26वां राष्ट्रीय युवा महोत्सव होगा।
कांग्रेस ने गृह मंत्री अमित शाह को लिखी चिट्ठी, सुरक्षा मुहैया कराने की मांग की..
देश-विदेश: कांग्रेस ने राहुल गांधी की सुरक्षा को लेकर केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह को पत्र लिखा है। बता दे कि पार्टी महासचिव केसी वेणुगोपाल की ओर से लिखे गए पत्र में राहुल गांधी की सुरक्षा के बारे में चिंता व्यक्ति की गई है। पत्र में कहा गया है कि दिल्ली में कई जगहों पर राहुल की सुरक्षा में लापरवाही हुई। इसलिए उनकी सुरक्षा के लिए कड़े इंतजाम किए जाएं।
वेणुगोपाल की चिट्ठी में क्या?
कांग्रेस नेता ने कहा- “भारत जोड़ो यात्रा के दिल्ली में 24 दिसंबर को पहुंचने के बाद यात्रा की सुरक्षा में कई बार छेड़छाड़ हुई है। दिल्ली पुलिस कई मौकों पर यात्रा में बढ़ती भीड़ को नियंत्रण करने और राहुल गांधी, जिन्हें जेड प्लस सुरक्षा मिली है, के आसपास सुरक्षा घेरा बनाए रखने में पूरी तरह नाकाम हुई है। यह स्थिति इतनी गंभीर है कि राहुल गांधी के साथ चल रहे यात्री और कांग्रेस कार्यकर्ताओं को उनके आसपास घेरा बनाना पड़ता है। जबकि इसी दौरान दिल्ली पुलिस मूकदर्शक बनी रहती है।
वेणुगोपाल ने चिट्ठी में आगे कहा, “इतना ही नहीं भारत जोड़ो यात्रा में भाग लेने वालों को परेशान करने और बड़ी हस्तियों को हिस्सा न लेने देने के लिए इंटेलिजेंस ब्यूरो (आईबी) यात्रा में शामिल होने वाले कई लोगों से पूछताछ कर रहा है। हमने 23 दिसंबर को हरियाणा को सोहना पुलिस स्टेशन में एक एफआईआर दर्ज कराई थी, जिसमें हरियाणा राज्य खुफिया विभाग के एक शरारती तत्व के भारत जोड़ो यात्रा के कंटेनर में अवैध तरीके से घुसने की बात कही गई थी।
चिट्ठी में कहा गया है कि भारत जोड़ो यात्रा देश में शांति और भाईचारे के लिए निकाली जा रही है। केंद्र सरकार को इसमें बदले की राजनीति नहीं करनी चाहिए और कांग्रेस नेताओं की सुरक्षा सुनिश्चित कराने पर जोर देना चाहिए। कांग्रेस पार्टी के दो प्रधानमंत्री- इंदिरा गांधी और राजीव गांधी पहले ही देश की एकता और अखंडता के लिए अपनी जान कुर्बान कर चुके हैं। छत्तीसगढ़ में 25 मई 2013 को जीरमघाटी हमले में कांग्रेस का एक पूरा नेतृत्व नक्सल हमले में खत्म हो चुका है।
साहिबजादों के साहस और शौर्य की गाथा जानेगी नई पीढ़ी- सीएम धामी..
उत्तराखंड: वीर बाल दिवस के उपलक्ष में आज उत्तराखंड के ऊधमसिंहनगर में कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में सीएम पुष्कर सिंह धामी ने बतौर मुख्य अतिथि शिरकत की। इस दौरान सीएम धामी ने कहा कि यह दिवस हमारी नई पीढ़ी को हमारे साहिबजादों के साहस, शौर्य और उनके पराक्रम से अवगत कराता है।
यह दिवस हमारी नई पीढ़ी को हमारे साहिबजादों के साहस, शौर्य एवं उनके पराक्रम से अवगत कराता है: ऊधमसिंहनगर में वीर बाल दिवस के उपलक्ष्य में आयोजित कार्यक्रम में उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी pic.twitter.com/sNzQqbqAPW
— ANI_HindiNews (@AHindinews) December 26, 2022
भाजपा के इस महामंत्री को जारी हुआ कुर्की का नोटिस..
उत्तराखंड: टिहरी डीएम ने बीजेपी के प्रदेश महामंत्री आदित्य कोठारी को कुर्की का नोटिस जारी किया है। बताया जा रहा है कि उन पर जिला कॉपरेटिव बैंक से लिए लोन की रकम ना चुकाने पर नोटिस भेजा गया। इसके साथ ही डीएम ने एसडीएम नरेंद्रनगर व एसएसपी टिहरी को डीसीबी के महाप्रबंधक को पुलिस बल उपलब्ध कराने को कहा है। भाजपा के प्रदेश महामंत्री आदित्य कोठारी ने साल 2013 में नरेंद्रनगर ब्लॉक के गजा में होटल बनाने के लिए जिला सहकारी बैंक टिहरी की मुख्य शाखा नई टिहरी से 65 लाख रुपये का कमर्शियल ऋण लिया था। लेकिन 10 साल होने के बाद भी लोन नहीं भरा जा सका। ऐसे में 13 दिसंबर को जिला मजिस्ट्रेट ने कोर्ट प्रोसीडिंग के तहत सुनवाई करते हुए आदेश पारित किए ।
जारी आदेश में आदित्य कि गजा स्थित उक्त संपत्ति को प्राधिकृत अधिकारी व मुख्य प्रबंधक डीसीबी ऋणी से भौतिक कब्जा लेने को कहा गया है। बताया जा रहा है कि बैंक प्रबंधन ने 2021 में 98 लाख 7 हजार 276 रुपये की सरफेसी (पुर्नगठन जनहित का प्रवर्तन अधिनियम) की कार्रवाई के लिए जिला प्रशासन और सरफेसी कराने वाली कंपनी को पत्र भेज दिया। पर 10 वर्ष के अंतराल में यह लोन पूरी तरह से एनपीए हो चला है। ऐसे में मामला डीएम तक पहुंच गया। अब डीएम ने पुलिस बल के साथ संपत्ति पर कब्जा करने के आदेश दे दिए है।
नियुक्ति की मांग को लेकर धरने पर बैठे विधानसभा से बर्खास्त कर्मचारी..
उत्तराखंड: विधानसभा में बैकडोर भर्तियों के चलते बर्खास्त हुए कर्मचारी विधानसभा के बाहर पांच दिवसीय धरने पर बैठ गए। इस दौरान कर्मचारियों ने प्रदर्शन करते हुए सरकार के खिलाफ नारेबाजी की। वहीं, उन्होंने दोबारा नियुक्ति की मांग की। कर्मचारियों का कहना है कि एक ही नियमों के तहत राज्य गठन के बाद विधानसभा सचिवालय में तदर्थ आधार पर कर्मचारियों की नियुक्ति हुई है, लेकिन 2016 के बाद लगाए गए 228 कर्मचारियों को ही बर्खास्त किया गया। कर्मचारियों की मांग है कि या तो उन्हें बहाल किया जाए या राज्य गठन के बाद से 2016 तक लगे कर्मचारियों को भी बर्खास्त किया जाए।
विधानसभा में बैकडोर से भर्तियां करने पर सवाल उठने पर स्पीकर ऋतु खंडूड़ी भूषण ने 3 सितंबर 2022 को पूर्व आईएएस अधिकारी डीके कोटिया की अध्यक्षता में तीन सदस्य विशेषज्ञ जांच समिति का गठन किया था। जांच समिति ने राज्य गठन से 2021 तक तदर्थ आधार पर की गईं नियुक्तियों की जांच कर 20 दिन के भीतर 22 सितंबर 2022 को विधानसभा अध्यक्ष को रिपोर्ट सौंप दी थी। समिति ने जांच में पाया कि तदर्थ आधार पर नियुक्तियां नियम विरुद्ध की गई हैं। समिति की रिपोर्ट पर विधानसभा अध्यक्ष ने 23 सितंबर को तत्काल प्रभाव से 2016 से 2021 तक की गईं कुल 228 नियुक्तियां को रद्द कर कर्मचारियों को बर्खास्त कर दिया था। इसके बाद कर्मचारी हाईकोर्ट गए तो वहां भी उन्हें निराशा मिली। वहीं, हाल ही में सुप्रीम कोर्ट ने भी कर्मचारियों की याचिका खारिज कर दी।
विधानसभा में भर्ती प्रकरण में यदि मैं भी आरोपी तो दंड भुगतने को तैयार: कुंजवाल
पूर्व विधानसभा अध्यक्ष और कांग्रेस नेता गोविंद सिंह कुंजवाल ने विधानसभा में कर्मचारियों की बर्खास्तगी मामले में सरकार और स्पीकर ऋतु खंडूड़ी पर दोहरा चरित्र अपनाने का आरोप लगाया है। उन्होंने कहा कि यदि नियुक्तियां अवैध है तो नियुक्ति देने वालों पर भी हो कठोर कार्यवाही हो। यदि वह भी आरोपी हैं तो दंड भुगतने के लिए तैयार हैं। उन्होंने कहा कि विधानसभा ने मामले की जांच के लिए एक्सपर्ट कमेटी की टीम गठित की थी। एक्सपर्ट कमेटी ने साफ किया कि राज्य बनने के बाद विधानसभा में सभी नियुक्तियां गलत हैं। इन नियुक्तियों को यदि न्यायालय भी अवैध घोषित करता है तो नियुक्ति देने वाले स्पीकरों पर भी कार्यवाही होनी चाहिए। उनके और अन्य स्पीकर के खिलाफ जांच होनी चाहिए। ताकि भविष्य में युवाओं के साथ इस तरह का खिलवाड़ न हो सके।
अनुच्छेद 16 का स्पष्ट उल्लंघन
उन्होंने कहा कि समानता का अधिकार अनुच्छेद 16 स्पष्ट करता है कि राज्य के अधीन किसी भी कार्यालय में रोजगार या नियुक्ति से संबंधित मामलों में सभी नागरिकों के लिए अवसर की समानता होगी। ऐसे में 2001 से 2016 तक की नियुक्तियों को वैध और 2016 से आगे की नियुक्तियों को अवैध ठहराकर सरकार ने समानता के अधिकार अधिनियम की धज्जियां उड़ाई है जबकि वर्ष 2016 में हुई नियुक्तियों को हाईकोर्ट और सुप्रीम कोर्ट ने वैध करार दिया था
सभी नियुक्तियां तत्काल निरस्त हों
कुंजवाल ने कहा कि यदि विधानसभा में हुई नियुक्तियां गलत तरीके से की गई हैं तो 2001 से 2022 तक की गई सभी नियुक्तियों को तत्काल निरस्त किया जाए, वरना द्वेषपूर्ण राजनीति के तहत निकाले गये 2016 के बाद के कर्मचारियों को बहाल किया जाए। उन्होंने कहा कि हालांकि सरकार ऐसा नहीं करेगी क्योंकि 2016 से पहले विधानसभा में हुई नियुक्तियों में भाजपा के मंत्रियों के नजदीकियों को बंदरबांट की गई है।
स्पीकर ऋतु खंडूड़ी की भूमिका पर उठाए सवाल
कुंजवाल का कहना हैं कि विधानसभा में 2016 के बाद वाले कर्मचारियों की सेवाएं समाप्त कर वाहवाही लूटने वाली स्पीकर ऋतु खंडूड़ी सवालों के घेरे में हैं। उन्होंने कहा कि वह निजी कारणों से विधानसभा में 2016 से पहले के बैकडोर भर्ती वालों को बचाने का कार्य कर रही हैं। उनके द्वारा हाईकोर्ट में काउंटर फाइल कर खुद कबूलनामा किया है। इसके बाद भी 2016 से पहले वालों को बचाने के लिए उन्होंने अब अपनी साख तक दांव पर लगा दी है।
ये आरोप भी लगाए
2016 से पहले विधानसभा में अवैध रूप से भर्ती हुए कई कर्मचारी ऐसे हैं जिनकी विधानसभा में नियुक्ति बीसी खंडूड़ी के मुख्यमंत्री रहते हुईं। इसमें तत्कालीन सीएम बीसी खंडूड़ी के पर्यटन सलाहकार की बेटी सहित कई हाई प्रोफाइल लोगों के परिजन शामिल हैं।
जिस कार्यवाही को स्पीकर सत्य की जीत करार दे रहीं हैं वह एक अधूरा और झूठा सत्य है। खुद स्पीकर की ओर से बनाई डीके कोटिया समिति ने भी अपनी रिपोर्ट के नंबर 12 में साफ किया है कि राज्य गठन के बाद से लेकर अभी तक की सभी भर्तियां अवैध हैं।
उत्तराखंड बीजेपी ने इन नेताओं को सौंपी अहम जिम्मेदारी..
उत्तराखंड: बीजेपी पार्टी संगठन ने अपनी जिलों की टीम की घोषणा कर दी है। बताया जा रहा है कि कई जिलों के पदाधिकारियों की लिस्ट जारी कर दी हैं। बता दे कि बीजेपी ने अपने संगठनात्मक जिलों में कार्यकारिणी की घोषणा कर दी है। इस लिस्ट में सभी जिलों में जिला उपाध्यक्ष महामंत्री जिला मंत्री और उपाध्यक्ष सहित कोषाध्यक्ष और मीडिया प्रभारी की घोषणा की गई है।बताया जा रहा है कि बीजेपी संगठन ने कई जिलों के पदाधिकारियों की लिस्ट जारी कर दी हैं लेकिन कोटद्वार , रानीखेत, और देहरादून महानगर जिलों की टीम भी अभी घोषित नहीं की गई हैं। रिपोर्ट की माने तो सोशल मीडिया टीम की घोषणा भी बाद में होगी।
सदन मे पारित महिला आरक्षण और धार्मिक स्वतंत्रता विधेयक पर जन संवाद करेगी भाजपा-चौहान..
उत्तराखंड: भाजपा सदन मे पारित ऐतिहासिक महिला आरक्षण एवं धार्मिक स्वतंत्रता संशोधन विधेयक समेत समस्त विधेयकों की उपयोगिता को लेकर व्यापक पैमाने पर जनता के साथ संवाद बनाने जा रही है । पार्टी प्रदेश मीडिया प्रभारी श्री मनवीर सिंह चौहान ने जानकारी दी कि प्रदेश अध्यक्ष श्री महेन्द्र भट्ट के निर्देश अनुशार पार्टी के वरिष्ठ पदाधिकारी, नेता व प्रदेश प्रवक्ता सभी जनपदों में जाकर तमाम विधेयकों पर पत्रकार वार्ता कर जनता से संवाद बनाएंगे ।
मनवीर चौहान ने बताया कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी सरकार का महिलाओं को 30 फीसदी क्षेतिज आरक्षण का कदम प्रदेश में मातृ शक्ति की आर्थिक व सामाजिक सहभागिता की वृद्धि में निर्णायक साबित होगा । इसके साथ धर्मांतरण के खिलाफ कानून को सख्त बनाना जनसांख्यकीय संतुलन कायम रखने व कानून व्यवस्था की दृष्टि से दूरदर्शिता वाला कदम है ।
उन्होंने कहा इसी तरह विधानसभा में पारित जनसरोकारों से जुड़े अन्य विधेयकों की विस्तृत जानकारी व उनसे प्राप्त होने वाले लाभ को जनता के मध्य समन्वित करने की जरूरत पार्टी द्वारा महसूस की गई । इसी उद्देश्य के साथ एक कार्यक्रम के तहत पार्टी के वरिष्ठ नेताओं व प्रदेश प्रवक्ता 6 दिसंबर से 10 दिसंबर तक सभी जिलों में प्रवास कर विषय आधारित पत्रकार वार्ता को संबोधित करेंगे ।
पार्टी द्वारा तय कार्यक्रम के अनुसार प्रदेश उपाध्यक्ष कैलाश शर्मा पिथौरागढ़, बलवंत भौंर्याल अल्मोड़ा, प्रदेश मीडिया प्रभारी मनवीर सिंह चौहान टिहरी, देवेन्द्र भसीन रुड़की, प्रदेश प्रवक्ता खजान दास हरिद्वार, सुरेश जोशी नैनीताल(हल्द्वानी) व चंपावत, श्रीमती मधु भट्ट देहरादून ग्रामीण(विकास नगर), कर्नल अजय कोठियाल देहरादून महानगर, विनोद सुयाल ऋषिकेश, हेमंत द्धिवेदी चमोली व रुद्रप्रयाग, वीरेंद्र बिष्ट रुद्रपुर, नवीन ठाकुर काशीपुर, विपिन कैंथोला पौड़ी(श्रीनगर), प्रकाश रावत रानीखेत व बागेश्वर, श्रीमती हनी पाठक उत्तरकाशी, श्रीमती सुनीता विद्यार्थी कोटद्वार में मुख्य वक्ता के रूप में पत्रकारों से रूबरू होंगे।
महिला आरक्षण विधेयक पास होने पर पार्टी मुख्यालय में जमकर जश्न..
उत्तराखंड: भाजपा महिला मोर्चा की कार्यकर्ताओं ने महिला आरक्षण विधेयक पास होने पर मुख्यमंत्री धामी का धन्यवाद करते हुए पार्टी मुख्यालय में जमकर जश्न मनाया । इस कार्यक्रम को वर्चुअली संबोधित करते हुए महिला मोर्चा प्रदेश अध्यक्ष श्रीमती आशा नौटियाल ने कहा कि यह ऐतिहासिक फैसला महिलाओं के सशक्तिकरण व संवर्द्धन में मील का पत्थर साबित होगा।
श्रीमती नौटियाल ने विधेयक पास होने पर खुशी जताते हुए कहा कि इस निर्णय से प्रदेश की मातृ शक्ति का विश्वास श्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व वाली भाजपा सरकार और पार्टी के प्रति बढ़ा है। उनके इस कदम के लिए समस्त महिला मोर्चा कार्यकर्ता समेत प्रदेश की सभी महिलाएं सरकार का हार्दिक धन्यवाद करती हैं। भाजपा सरकार “सशक्त महिला – समर्थ समाज” की भावना को आत्मसात करते हुए महिला हितों के लिए हमेशा संवेदनशील एवं क्रियाशील रही है। अब इस महिलाओं को सरकारी नौकरियों में 30 प्रतिशत क्षैतिज आरक्षण का लाभ मिलेगा जो उनको आर्थिक व सामाजिक रुप से और अधिक सशक्त बनाने वाला साबित होगा । भाजपा सरकार हमेशा ही महिला हितों के प्रति संवेदनशील रही है।
महिलाओं का सम्मान अगर कहीं है तो वह केवल भाजपा की सरकार में है। महिला मोर्चा प्रदेश अध्यक्ष ने जोर देते हुए कहा कि मुख्यमंत्री श्री पुष्कर सिंह धामी ने पहले ही स्पष्ट कर दिया था कि विषम भौगोलिक परिस्थिति वाले इस इस प्रदेश में महिलाओं को आरक्षण का लाभ दिया जाएगा, जिस पर वह आज खरे उतरे हैं । भाजपा सरकार का यह कदम “सशक्त महिला – समर्थ समाज” की भावना को परिलक्षित करने वाला है ।
इस ऐतिहासिक निर्णय पर सीएम को धन्यवाद देने के लिए बड़ी संख्या में पार्टी की महिला मोर्चा कार्यकर्ताएं प्रदेश मुख्यालय में एकत्र हुई । इस अवसर पर उन्होंने एक दूसरे को बधाई देते व मिष्ठान खिलाते हुए मुख्यमंत्री धामी व मातृ शक्ति एकता के पक्ष में जबरदस्त नारेबाजी कर उत्साहवर्धन किया ।
इस मौके पर पार्टी राज्यसभा सांसद नरेश बंशल, प्रदेश महामंत्री आदित्य कोठारी, प्रवक्ता श्रीमती मधु भट्ट, श्रीमती विनोद उनियाल, डॉक्टर इंदुबाला, महिला मोर्चा सोशल मीडिया प्रभारी श्रीमती पूनम शर्मा, श्रीमती सविता गौड़, श्रीमती मंजु नेगी, श्रीमती सरिता जोशी, श्रीमती लक्ष्मी पंवार, श्रीमती शमीना सिद्दकी समेत बड़ी संख्या में महिला कार्यकर्ता मौजूद थी ।