राष्ट्रीय

कोरोना महामारी : देश में सक्रिय मामलों की संख्‍या घटकर 3.63 लाख हुई, रिकवरी दर बढ़कर 94.84 प्रतिशत पहुंची

देश में कोविड-19 के सक्रिय मामलों की संख्‍या में गिरावट का रुख जारी है। शुक्रवार को कुल सक्रिय मामलों की संख्‍या महत्‍वपूर्ण रूप से घटकर 3,63,749 हो गई। 146 दिनों के बाद यह सबसे कम संख्‍या है। 18 जुलाई को कुल सक्रिय मामलों की संख्‍या 3,58,692 थी। केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय ने शुक्रवार को यह जानकारी दी है।

वर्तमान सक्रिय मामले देश के कुल पॉजिटिव मामलों के केवल 3.71 प्रतिशत हैं। पिछले 24 घंटों के दौरान 37,528 मरीज ठीक हुए हैं और उन्‍हें अस्‍पताल से छुट्टी दी गई है। इससे कुल सक्रिय मामलों की संख्‍या में 8,544 की गिरावट आई है।

पिछले 24 घंटों के दौरान 30,000 से भी कम दैनिक नये मामले सामने आए हैं। यानी दैनिक नये मामलों की संख्‍या 29,398 रही है।

कुल ठीक हुए मरीजों की संख्‍या अब लगभग 93 लाख (92,90,834) हो गई है। ठीक हुए रोगियों और सक्रिय मामलों के बीच अंतर लगातार बढ़ रहा है। आज यह बढ़कर 89 लाख से अधिक हो गया है। वर्तमान में यह संख्‍या 89,27,085 हो गई है। नये मामलों की तुलना में नई रिकवरी अधिक होने से रिकवरी दर बढ़कर 94.84 प्रतिशत हो गई है।

72.39 प्रतिशत नये मामले दस राज्‍यों के हैं। केरल में सबसे अधिक दैनिक नये मामले दर्ज हुए हैं। यहां 4,470 दैनिक नये मामलों का पता चला है। इसके बाद महाराष्‍ट्र में 3,824 नये मामले सामने आए।

पिछले 24 घंटों में 414 मरीजों की मौत होने का पता चला है। 79.95 प्रतिशत मौत के नये मामले दस राज्‍यों से हैं। महाराष्‍ट्र में सबसे अधिक 70 मरीजों की मौत हुई है। दिल्‍ली और पश्चिम बंगाल में क्रमश: 61 और 49 दैनिक मौत मामले दर्ज हुए हैं।

Share Post

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *