सर्दी का मौसम आते ही किडनी स्टोन के मामले एक बार फिर तेजी से बढ़ने लगे हैं। डॉक्टरों का कहना है कि शरीर में पानी की कमी, गलत दिनचर्या और कुछ लाइफस्टाइल आदतें गुर्दे में पथरी बनने का सबसे बड़ा कारण बन रही हैं। विशेषज्ञों की मानें तो सिर्फ डाइट ही नहीं बल्कि लंबे समय तक बैठे रहना और बिना डॉक्टर सलाह के दवाएं लेना, यह सब मिलकर किडनी की सेहत को नुकसान पहुंचाता है। समय रहते ध्यान न दिया जाए तो समस्या गंभीर रूप ले सकती है।
विशेषज्ञ बताते हैं कि किडनी स्टोन तब बनता है जब मूत्र में मौजूद मिनरल्स और सॉल्ट आपस में मिलकर क्रिस्टल का रूप ले लेते हैं। यह स्थिति तब ज्यादा बनती है जब शरीर में पानी की कमी हो और किडनी उन्हें फ्लश आउट न कर पाए। इसीलिए सर्दियों में भी हाइड्रेशन बनाए रखना जरूरी है।
पानी की कमी बनेगी रिस्क फैक्टर
सर्दियों में प्यास न लगने की वजह से लोग पानी कम पीते हैं। हेल्थ एक्सपर्ट्स कहते हैं कि मूत्र गाढ़ा होने पर कैल्शियम और ऑक्सालेट जैसे तत्व तेजी से क्रिस्टल बना सकते हैं और यही से पथरी की शुरुआत होती है।
लंबे समय तक बैठे रहना भी खतरनाक
वर्क फ्रॉम होम और ऑफिस में घंटों एक ही जगह बैठना भी पथरी की बड़ी वजह बन रहा है। लगातार बैठे रहने से कैल्शियम मेटाबॉलिज्म बिगड़ता है और यह किडनी में जमा होने लगता है।
अपने आप दवाएं लेना बढ़ा रहा खतरा
बिना डॉक्टर की सलाह के विटामिन सप्लीमेंट्स या दवाएं लेना किडनी के लिए नुकसानदायक है। विशेषज्ञों के मुताबिक अत्यधिक विटामिन C भी ऑक्सालेट बढ़ाकर स्टोन बनाने में योगदान कर सकता है।
कैसे बचें?
दिन में 7-8 गिलास पानी पिएं
नींबू पानी और नारियल पानी शामिल करें
ऑक्सालेट वाले फूड्स सीमित करें (जैसे पालक, चॉकलेट आदि)
रोज कम से कम 30 मिनट शारीरिक गतिविधि करें
बिना सलाह दवा या सप्लीमेंट न लें
डॉक्टरों का कहना है — समय रहते सावधानियां अपनाई जाएं तो इस दर्दनाक समस्या को आसानी से रोका जा सकता है।
(साभार)
सीएम बोले– शहीदों के संघर्ष से साकार हुआ उत्तराखंड का सपना
देहरादून। राज्य स्थापना दिवस के अवसर पर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कचहरी स्थित शहीद स्मारक पर पहुंचकर उत्तराखंड राज्य आंदोलन में बलिदान देने वाले अमर शहीदों को श्रद्धांजलि दी। मुख्यमंत्री ने शहीदों की प्रतिमाओं पर पुष्प अर्पित कर उनके त्याग, साहस और संघर्ष को नमन किया।

सीएम धामी ने कहा कि जिन आंदोलनकारियों ने राज्य के लिए अपना सब कुछ न्योछावर किया, उन्हीं के बलिदान और संघर्ष की बदौलत उत्तराखंड राज्य का सपना साकार हुआ। उन्होंने कहा कि राज्य आंदोलनकारियों के सपनों को साकार करने के लिए सरकार पूरी प्रतिबद्धता के साथ कार्य कर रही है और राज्य के विकास को नई गति देने का प्रयास जारी है।
केरन सेक्टर में सर्च ऑपरेशन जारी
जम्मू। जम्मू-कश्मीर के कुपवाड़ा जिले के केरन सेक्टर में आज सुबह सेना और सुरक्षा एजेंसियों ने घुसपैठ की कोशिश को नाकाम कर दिया। विशेष इनपुट पर शुरू किए गए संयुक्त सर्च ऑपरेशन में सुरक्षाबलों ने जवाबी कार्रवाई करते हुए दो आतंकियों को मार गिराया। इलाका अभी भी सील है और ऑपरेशन जारी है। सेना ने जरूरत पड़ने पर अतिरिक्त बल भी तैनात कर दिए हैं।
सुरक्षा एजेंसियां पिछले कुछ हफ्तों से कुपवाड़ा-किश्तवाड़ बेल्ट में लगातार बढ़ी आतंकी हलचल पर नजर बनाए हुए हैं। 6 नवंबर को भी किश्तवाड़ के नाइदगाम के कालाबन जंगल में मुठभेड़ हुई थी, जिसमें एक जवान घायल हो गया था। सूत्रों के मुताबिक दो से तीन आतंकी अभी भी इस इलाके में सक्रिय बताए जा रहे हैं, जिनकी सपोर्ट चेन और नेटवर्क की जांच जारी है।
हल्द्वानी में आयोजित की गई थी मैराथन दौड़
हल्द्वानी। शनिवार को खेल मंत्री रेखा आर्या ने उत्तराखंड राज्य स्थापना के रजत जयंती वर्ष के अवसर पर इंपीरियम सीनियर सेकेंडरी स्कूल में आंचल मैराथन दौड़ प्रतियोगिता के विजेताओं को सम्मानित किया। प्रतियोगिता का आयोजन नैनीताल दुग्ध उत्पादक सहकारी संघ लिमिटेड द्वारा किया गया था।
मुख्य अतिथि के रूप में प्रदेश की खेल मंत्री रेखा आर्या ने विजेताओं को पुरस्कार देकर सम्मानित किया। कार्यक्रम में रेखा आर्य ने कहा कि मैराथन हमें फिटनेस, लगातार परिश्रम और प्रत्येक परिस्थिति में उम्मीद का दामन थामे रखने की सीख देती है। युवाओं को इन सभी गुणों को अपने अंदर विकसित करना चाहिए, जिससे वह प्रदेश और देश की विकास यात्रा में सहयात्री बन सकें।

कैबिनेट मंत्री रेखा आर्या ने कहा कि खेल के क्षेत्र में प्रदेश को देश का अग्रणी राज्य बनाने के लिए युवाओं को कड़ी मेहनत करनी होगी। उन्होंने कहा कि इस बड़े लक्ष्य की पूर्ति के लिए सरकार हर तरह से खिलाड़ियों को समर्थन दे रही है । उन्होंने कहा कि प्रदेश के लिए पदक जीतने वाले खिलाड़ियों को आउट ऑफ टर्न नौकरी दी जा रही है, साथ ही अन्य सरकारी नौकरियों में भी उन्हें 4% आरक्षण देने की व्यवस्था की गई है।
मैराथन दौड़ में बालक और बालिका वर्ग में पूजा बिष्ट और नीरज नेगी प्रथम स्थान पर रहे, जबकि मेघा गोस्वामी और तुषार ने दूसरा स्थान हासिल किया । अनु भट्ट और सौरभ रावत तीसरे स्थान पर रहे । इन सभी को मुख्य अतिथि कैबिनेट मंत्री रेखा आर्या ने सम्मानित किया।
इस अवसर पर दुग्ध संघ के अध्यक्ष मुकेश बोरा, पूर्व विधायक नवीन चंद्र दुमका, प्रदेश महामंत्री युवा मोर्चा दीपेंद्र कोश्यारी, मंडल अध्यक्ष पान सिंह मेवाड़ी, गोपाल सिंह गंगोला, लीला बिष्ट, त्रिलोक सिंह, प्रकाश गाजुला, दीपा रैक्वाल, गोविंद मेहता, दीपा बिष्ट, अशोक जोशी सहित अन्य गणमान्य अतिथिगण उपस्थित रहे।
बिग बॉस 19’ के इस हफ्ते के एपिसोड ने दर्शकों को चौंका दिया। सलमान खान के शो में जहां घरवालों की गुटबाजी, तनाव और आरोप-प्रत्यारोप पूरे हफ्ते सुर्खियों में रहे, वहीं वीकेंड में हुए डबल एलिमिनेशन ने फैंस को शॉक में डाल दिया। नीलम गिरी के बाहर होने के बाद अब एक और स्ट्रॉन्ग कंटेस्टेंट अभिषेक बजाज भी घर से बाहर हो गए हैं।
सूत्रों और सोशल मीडिया अपडेट्स के मुताबिक, अभिषेक को वोटों के आधार पर बाहर किया गया। शो की शुरुआत से ही उन्हें एक मजबूत खिलाड़ी माना जा रहा था, ऐसे में उनका एविक्शन फैंस को अनफेयर लग रहा है। इस बीच नीलम के जाते ही प्रणित मोरे की री-एंट्री ने गेम का मोड़ बदल दिया। बिग बॉस ने प्रणित को एक नॉमिनेटेड कंटेस्टेंट को बचाने की पावर दी थी, और उन्होंने अभिषेक की जगह अशनूर को सुरक्षित कर लिया।
ट्विटर-इंस्टाग्राम पर इस फैसले को लेकर बहस तेज है। कुछ दर्शक मेकर्स पर सवाल उठा रहे हैं, तो वहीं फरहाना भट्ट के फैंस खुशी मना रहे हैं। उधर घर के अंदर भी माहौल तप रहा है, तान्या, फरहाना, मृदुल और गौरव के बीच टकराव बढ़ा है। दो पावरफुल खिलाड़ी घर से बाहर होने के बाद अब आने वाले एपिसोड्स में गेम का समीकरण और रणनीतियां तेजी से बदलते दिख सकती हैं।
(साभार)
प्रदेश के विभिन्न जिलों से आने वाले वाहनों के लिए अलग-अलग रूट और पार्किंग स्थल तय किए गए
देहरादून। उत्तराखंड राज्य रजत जयंती समारोह के तहत 9 नवंबर को एफआरआई में होने वाले मुख्य कार्यक्रम में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी शामिल होंगे। इसे देखते हुए देहरादून पुलिस ने बड़ा ट्रैफिक प्लान जारी कर दिया है। प्रदेश के विभिन्न जिलों से आने वाले वाहनों के लिए अलग-अलग रूट और पार्किंग स्थल तय किए गए हैं।
यह ट्रैफिक प्लान 9 नवंबर को सुबह 6 बजे से शाम 4 बजे तक लागू रहेगा। इसके अलावा एफआरआई से आगे टी स्टेट पार्किंग तक शटल सेवा (हरे रंग की इलेक्ट्रिक बसें) चलाई जाएगी, जो कार्यक्रम के बाद लोगों को पार्किंग तक लेकर जाएगी।
शहर में 9 नवंबर को सुबह 6 बजे से रात 8 बजे तक भारी वाहनों की एंट्री पर प्रतिबंध रहेगा। पुलिस ने रूट मैप का क्यूआर कोड भी जारी किया है ताकि लोग मोबाइल पर पूरा प्लान देख सकें। साथ ही घंटाघर से प्रेमनगर, बल्लूपुर से कमला पैलेस, सेंट ज्यूड्स चौक और प्रेमनगर से धूलकोट के बीच ट्रैफिक रूटस में बदलाव रहेगा।
ट्रैफिक व्यवस्था को सुचारू रखने के लिए एफआरआई के पास ट्रैफिक पुलिस सहायता केंद्र भी स्थापित किया गया है। सड़कों पर ट्रैफिक सहायता टीम तैनात रहेंगी और सीसीटीवी से निगरानी भी की जाएगी।
एफआरआई आने वालों के लिए प्लान और पार्किंग स्थल :
– रुड़की की ओर से आने वाले वाहन आशारोडी, आईएसबीटी, शिमला बाइपास चौक, निरंजनपुर मंडी, कमला पैलेस, बल्लीवाला चौक, अनुराग चौक, शहीद विवेक गुप्ता चौक आएंगे।
पार्किंग स्थल : जोशी फार्म, बसंत विहार
-पौडी, रुद्रप्रयाग, ऋषिकेश, कुमाऊं जनपद से आने वाले वाहन जोगीवाला, रिस्पना पुल, पुरानी बाईपास चौकी, कारगी चौक, आईएसबीटी, निरंजनपुर मंडी, बल्लूपुर चौक, एफआरआई ब्रैडिंस गेट से रांघडवाला तिराहे पर आएंगे।
पार्किंग स्थल : टी स्टेट, मिट्ठी बेरी गांव
– उत्तरकाशी, मसूरी, राजपुर से आने वाले वाहन दिलाराम चौक, घंटाघर, किशननगर चौक, बल्लूपुर चौक, एफआरआई ट्रैवर गेट से रांघडवाला तिराहे पर आएंगे।
पार्किंग स्थल : टी स्टेट, मिट्ठी बेरी गांव
-चकराता, त्यूणी, सेलाकुई, प्रेमनगर से आने वाले वाहन धूलकोट तिराहा, सुद्धोवाला चौक, प्रेमनगर चौक, पंडितवाडी चौकी, रांघडवाला तिराहा, एफआरआई बाबू गेट आएंगे।
पार्किंग स्थल : क्लब ग्राउंड
-रायपुर, मालदेवता, सहस्रधारा से आने वाले वाहन महाराणा प्रताप चौक, छह नंबर पुलिया, फव्वारा चौक, घंटाघर, किशननगर चौक, बल्लुपूर चौक, एफआरआई ब्रेंडिस गेट, रांघडवाला तिराहे पर आएंगे।
पार्किंग स्थल : टी स्टेट, मिट्ठी बेरी गांव
अन्य के लिए ये रहेगा प्लान :
– पांवटा साहिब, विकासनगर, चकराता, सहसपुर से देहरादून शहर, दिल्ली, हरिद्वार, ऋषिकेश, कुमांऊ क्षेत्र की ओर जाने वाले वाहन धूलकोट तिराहा से नया गांव, बडोवाला, सेंट ज्यूड्स चौक, आईएसबीटी से जा सकेंगे।
– सुद्धोवाला, प्रेमनगर से देहरादून शहर, दिल्ली, हरिद्वार जाने वाले वाहन प्रेमनगर चौक से दरू चौक, मेहूंवाला, शिमला बाईपास चौक, आईएसबीटी जा सकेंगे।
– पंडितवाडी से दून शहर, दिल्ली, हरिद्वार जाने वाले वाहन पंडितवाडी से लवली मार्केट, अनुराग चौक, बल्लीवाला चौक, सहारनपुर चौक, आईएसबीटी, दिल्ली जा सकेंगे।
– मसूरी, राजपुर रोड, ईसी रोड, घंटाघर से पांवटा साहिब, विकासनगर की ओर जाने वाले वाहन घंटाघर से दर्शनलाल चौक, प्रिंस चौक, शिमला बाईपास चौक, मेंहूवाला, नयागांव, प्रेमनगर, विकासनगर जा सकेंगे।
– कैंट रोड, चकराता रोड से पांवटा साहिब, विकासनगर की ओर जाने वाले वाहन बल्लूपुर से बल्लीवाला फ्लाईओवर, कमला पैलेस, सेंट ज्यूड्स चौक, मेंहूवाला से नयागांच, प्रेमनगर, विकासनगर जा सकेंगे।
– आईएसबीटी से दिल्ली, सहारनपुर से पांवटा साहिब, विकासनगर जाने वाले वाहन शिमला बाईपास चौक से सेंट ज्यूड्स चौक, मेंहूवाला, नयागांव, प्रेमनगर और विकासनगर जा सकेंगे।
– पटेलनगर से पांवटा साहिब, विकासनगर की ओर जाने वाले वाहन कमला पैलेस से सेंट ज्यूड्स चौक, मेंहूवाला, नयागांव, प्रेमनगर, विकासनगर जा सकेंगे।
– सहारनपुर रोड, कांवली रोड से पांवटा साहिब, विकासनगर जाने वाले वाहन बल्लीवाला चौक से कमला पैलेस, सेंट ज्यूड्स चौक, मेंहूवाला, नयागांव, प्रेमनगर, विकासनगर जा सकेंगे।
– हरिद्वार, ऋषिकेश, जोगीवाला से पांवटा साहिब, विकासनगर, सहसपुर, सेलाकुई, प्रेमनगर जाने वाले वाहन रिस्पना से आईएसबीटी, सेंट ज्यूड्स चौक, मेंहूवाला, नयागांव, प्रेमनगर, विकासनगर जा सकेंगे।
वीआईपी के लिए ये रहेगा प्लान :
– चकराता, विकासनगर, सहसपुर, आईएसबीटी, जीएमएस रोड से आने वाले अतिथि बल्लूपुर चौक, कौलागढ़ चौक, कौलागढ़ गेट, एफआरआई से पार्किंग स्थल आएंगे।
– मसूरी, राजपुर क्षेत्र से आने वाले अतिथि राजपुर रोड, दिलाराम चौक, हाथीबड़कला, एनेक्सी तिराहा, सीएसडी तिराहा, कैंट चौक, कौलागढ़ चौक, कौलागढ़ गेट, एफआरआई से पार्किंग स्थल आएंगे।
– ऋषिकेश, हरिद्वार से आने वाले अतिथि घंटाघर होते हुए बिंदाल चौक, किशननगर चौक, कौलागढ़ चौक, कौलागढ़ गेट, एफआरआई से पार्किंग स्थल आएंगे।
अटल ने राज्य बनाया, मोदी संवार रहे हैं — धामी
देहरादून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने एफ आर आई पहुंचकर राज्य के रजत उत्सव आयोजन की तैयारियों का जायजा लिया। मुख्यमंत्री ने कहा कि यह हमारे लिए हर्ष का विषय है कि हम राज्य स्थापना दिवस के रजत वर्ष में प्रवेश करने जा रहे हैं। कहा कि हमारे राज्य को पूर्व प्रधानमंत्री अटल ने बनाया और प्रधानमंत्री मोदी इसको संवार रहे हैं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि यह हमारे लिए सौभाग्य की बात है कि प्रधानमंत्री हमारे राज्य के इस रजत उत्सव में प्रतिभाग करने आ रहे हैं और हमारे राज्य को हमेशा से उनका सानिध्य मिलता रहता है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य ने इन 25 वर्षों में अनेक उपलब्धियां हासिल की हैं और 2047 के विकसित भारत निर्माण की दिशा में हमारा राज्य अग्रणीय भूमिका निभाने को तत्पर है। उन्होंने जिला प्रशासन देहरादून, नगर निगम, लोक निर्माण विभाग और संबंधित अधिकारियों को रजत उत्सव की तैयारियों को समय से पूरा करने के निर्देश दिए।
इस अवसर पर कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी, विधायक मुन्ना सिंह चौहान, खजानदास, सहदेव पुंडीर सहित संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित थे।
राज्य निर्माण की 25 साल की यात्रा पर बोले CM- संघर्ष से समृद्धि तक पहुंचा उत्तराखंड
देहरादून। उत्तराखंड राज्य स्थापना की रजत जयंती के अवसर पर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने हिमालयन संस्कृति केंद्र, गढ़ी कैंट, देहरादून में आयोजित हिमालय निनाद उत्सव-2025 में कलाकारों के उत्थान और संस्कृति संरक्षण से जुड़ी चार महत्वपूर्ण घोषणाएं कीं। मुख्यमंत्री ने वृद्ध और अस्वस्थ कलाकारों की मासिक पेंशन ₹3000 से बढ़ाकर ₹6000 करने की घोषणा की। उन्होंने कहा कि वे कलाकार और लेखक जिन्होंने अपना जीवन कला व संस्कृति की सेवा में समर्पित किया है, अब सम्मानपूर्वक जीवन यापन कर सकेंगे।
उन्होंने प्रदेश के सभी जिलों में प्रेक्षागृह (ऑडिटोरियम) निर्माण की घोषणा करते हुए कहा कि इससे स्थानीय कलाकारों को मंच मिलेगा और सांस्कृतिक गतिविधियों को नई ऊर्जा प्राप्त होगी। मुख्यमंत्री ने बताया कि संस्कृति विभाग में सूचीबद्ध कलाकारों को अब नॉर्थ जोन कल्चरल सेंटर की तर्ज पर मानदेय दिया जाएगा। साथ ही, सांस्कृतिक धरोहरों के संरक्षण व प्रदर्शन हेतु प्रदेश में एक राज्य स्तरीय तथा दोनों मंडलों में एक-एक मंडल स्तरीय संग्रहालय स्थापित किए जाएंगे।

धामी ने कहा कि “हिमालय निनाद उत्सव” केवल सांस्कृतिक कार्यक्रम नहीं बल्कि हिमालय की आत्मा, विविध परंपराओं और साझा चेतना का उत्सव है। उन्होंने कहा कि राज्य के 25 वर्ष संघर्ष, विकास और स्वाभिमान की यात्रा के प्रतीक हैं, और यह अवसर आत्ममंथन व नए संकल्प का भी है।
इस अवसर पर राज्यसभा सांसद सोनल मानसिंह, नरेश बंसल, परिषद उपाध्यक्ष मधु भट्ट, संस्कृति सचिव युगल किशोर पंत सहित अनेक गणमान्य उपस्थित रहे।
राज्य सरकार “बीज से बाज़ार तक” किसानों की पूरी यात्रा को आसान, सुरक्षित व तकनीक आधारित बनाने के लिए प्रतिबद्ध- सीएम धामी
ऊधमसिंहनगर। उत्तराखंड राज्य स्थापना की रजत जयंती के अवसर पर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने पंतनगर में आयोजित ‘कृषक सम्मेलन’ में कृषि क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य कर रहे किसानों व “लखपति दीदीयों” को सम्मानित किया। मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार “बीज से बाज़ार तक” किसानों की पूरी यात्रा को आसान, सुरक्षित व तकनीक आधारित बनाने के लिए प्रतिबद्ध है।
सीएम धामी ने कहा कि कृषि क्षेत्र में नवाचार, आधुनिक तकनीक, प्रशिक्षण और मार्केट कनेक्टिविटी बढ़ाने के लिए निरंतर कार्य किए जा रहे हैं। इसी कड़ी में पॉलीहाउस निर्माण के लिए राज्य सरकार ने 200 करोड़ रुपये के प्रावधान को मंजूरी दी है, जिससे उत्पादन क्षमता के साथ किसानों की आमदनी में और वृद्धि होगी।

मुख्यमंत्री ने कहा कि यह किसानों की मेहनत और सरकार की नीतिगत दूरदृष्टि का परिणाम है कि उत्तराखंड आज मशरूम उत्पादन में देश में पांचवें और शहद उत्पादन में आठवें स्थान पर पहुंच चुका है।
कार्यक्रम में कृषि मंत्री गणेश जोशी भी उपस्थित रहे।
चंपावत भाजपा कार्यालय में गिनाई 25 साल की उपलब्धियां
युवा और महिला सशक्तिकरण पर दिया जोर
चंपावत। 2047 के विकसित भारत में उत्तराखंड की भूमिका सबसे अहम रहेगी इसके लिए हम सभी प्रदेशवासियों को अभी से तैयार होना होगा। यह बात कैबिनेट मंत्री रेखा आर्या ने शुक्रवार को चंपावत भाजपा कार्यालय में प्रेस वार्ता के दौरान कहीं। चंपावत जनपद में भारतीय जनता पार्टी जिला कार्यालय में आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में उत्तराखंड द्वारा पिछले 25 साल में हासिल की गई प्रमुख उपलब्धियों पर व्यापक चर्चा हुई।
मुख्य वक्ता कैबिनेट मंत्री रेखा आर्या ने कहा कि उत्तराखंड हिमालयी राज्यों में सबसे बेहतर प्रदर्शन कर रहा है और वह दिन दूर नहीं जब ये राज्य आर्थिक एवं सामाजिक संकेतकों में देश का अग्रणी बन जाएगा।
उन्होंने बताया कि उत्तराखंड देश का पहला राज्य है जिसने समान नागरिक संहिता लागू कर अन्य राज्यों के लिए मिसाल कायम की है। मंत्री रेखा आर्या ने कहा कि प्रदेश के युवाओं और महिलाओं को सशक्त बनाने के लिए किए गए कदम अनुकरणीय हैं।
उन्होंने 2047 में भारत को विकसित राष्ट्र बनाने के लक्ष्य की प्राप्ति में उत्तराखंड की महत्वपूर्ण भूमिका पर भी बल दिया। इस अवसर पर मंत्री ने प्रदेशवासियों से अपील की कि वे जो भी जिम्मेदारी मिली है, उसका ईमानदारी से पालन करते हुए देश को विकसित राष्ट्र बनाने में अपना पूरा सहयोग दें।
इस अवसर पर चंपावत भारतीय जनता पार्टी के जिला अध्यक्ष गोविंद सावंत, नगर पालिका अध्यक्ष प्रेमा पांडे, ब्लॉक प्रमुख अंचला बोरा, पूर्व जिला अध्यक्ष हिमेश, सतीश पांडे, शंकर पांडे, सुभाष बगोली, मुकेश कलखुड़िया, व्यापार संघ अध्यक्ष विकास शाह, सोहन सिंह जीना विश्वविद्यालय के छात्र अध्यक्ष विकास चौधरी, गोविंद प्रसाद, गौरव पांडे सहित अन्य गणमान्य नागरिक उपस्थित थे।
