देहरादून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने खटीमा लोहियाहेड स्थित कैम्प कार्यालय में “शारदा कॉरिडोर विकास परियोजना” की विस्तृत समीक्षा बैठक की।
बैठक में मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को परियोजना से संबंधित सभी कार्यों को जनता की अपेक्षाओं एवं स्थानीय आस्था के अनुरूप करने के निर्देश दिए।
शारदा कॉरिडोर विकास परियोजना का उद्देश्य लगभग 200 वर्ग किलोमीटर क्षेत्र का समग्र विकास करना है, जिससे यह क्षेत्र धार्मिक, सांस्कृतिक, पर्यटन एवं पर्यावरणीय दृष्टि से सशक्त और आकर्षक बन सके।
मुख्यमंत्री ने परियोजना के अंतर्गत प्रस्तावित 38 प्रमुख कार्यों की प्रगति की विस्तार से समीक्षा की और अधिकारियों को कार्यों को समयबद्ध, गुणवत्तापूर्ण एवं पारदर्शिता के साथ पूरा करने के निर्देश दिए हैं। इन कार्यों में शारदा घाट का पुनर्विकास, सिटी ड्रेनेज प्लान–1, रणकोची माता मंदिर का पुनरुद्धार, बनबसा में हेलीपोर्ट का विकास, चूका से चल्थी माउंटेन बाइक ट्रेल निर्माण, बनबसा में अंतरराष्ट्रीय सीमा बाजार का विकास, श्रद्धा पथ नदी तट का सौंदर्यीकरण, शारदा रिवरफ्रंट के लिए मास्टर प्लान और एयरो स्पोर्ट्स सुविधाओं का सृजन शामिल हैं।
मुख्यमंत्री ने भूमि अधिग्रहण एवं हस्तांतरण कार्यों को शीघ्रता एवं प्राथमिकता से पूर्ण करने के निर्देश दिए। साथ ही, सभी निर्माण कार्यों के लिए निर्धारित समयांतराल में निष्पादन सुनिश्चित करने पर बल दिया।
मुख्यमंत्री श्री धामी ने कहा कि सभी निर्माण कार्यों में पर्यावरण संरक्षण सर्वोच्च प्राथमिकता पर रखा जाए और डिज़ाइन एवं ढाँचा क्षेत्र की पारंपरिक संस्कृति एवं स्थापत्य शैली के अनुरूप तैयार किया जाए। उन्होंने कार्यदायी संस्था को क्षेत्र में स्थानीय कार्यालय स्थापित करने के भी निर्देश दिए ताकि निर्माण कार्यों में तेजी आए और अनावश्यक विलंब न हो।
मुख्यमंत्री ने बताया कि भविष्य में लोहाघाट स्थित विवेकानंद सर्किट का विकास एवं माँ वाराही धाम को स्पिरिचुअल ज़ोन के रूप में विकसित करने की दिशा में भी कार्य किए जाएंगे। इसके अतिरिक्त क्षेत्र को डेस्टिनेशन वेडिंग हब के रूप में विकसित करने तथा सेना, पुलिस एवं अर्द्धसैनिक बलों के वीर शहीदों के सम्मान में “शौर्य स्थल” विकसित करने के निर्देश भी दिए।
मुख्यमंत्री ने कहा कि इस परियोजना का उद्देश्य टनकपुर की आध्यात्मिक, सांस्कृतिक एवं ऐतिहासिक पहचान को सहेजते हुए, पर्यटन, पर्यावरण एवं श्रद्धालुओं के अनुभव को और बेहतर बनाना है। उन्होंने कहा कि यह परियोजना स्थानीय रोजगार संवर्धन एवं जनजीवन स्तर सुधार का माध्यम बनेगी।
इस परियोजना में कुल लगभग ₹3300 करोड़ का निवेश प्रस्तावित है तथा योजना के निर्माण हेतु त्वरित गति से कार्य प्रारंभ किया जा रहा है। यह परियोजना टनकपुर शहर को नई पहचान देने में सहायक सिद्ध होगी।
बैठक में जिलाधिकारी चम्पावत मनीष कुमार, जिलाधिकारी उधम सिंह नगर नितिन सिंह भदौरिया, अपर जिलाधिकारी चम्पावत कृष्णा नाथ गोस्वामी, मुख्य विकास अधिकारी डॉ. जी. एस. खाती, अन्य वरिष्ठ अधिकारी एवं बड़ी संख्या में आमजन उपस्थित रहे।
देहरादून। भारत को विकसित देश बनाने के लिए हर नागरिक के स्तर से प्रयास जरूरी है, यह हम सब का सामूहिक लक्ष्य होना चाहिए। यह बात महिला सशक्तिकरण बाल विकास मंत्री रेखा आर्या ने मंगलवार को देहरादून के एक होटल में आयोजित सम्मान समारोह में कहीं। कैबिनेट मंत्री रेखा आर्या मंगलवार को “बेस्ट ऑफ माय सिटी” कार्यक्रम में बतौर मुख्य अतिथि बोल रही थी।
कार्यक्रम में प्रदेश के विभिन्न क्षेत्रों में विशिष्ट उपलब्धियां हासिल करने वाले अचीवर्स को सम्मानित किया गया।

इस अवसर पर मंत्री रेखा आर्या ने कहा कि वर्ष 2047 तक भारत को विकसित राष्ट्र बनाने के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के विजन को साकार करने के लिए हम सभी को अपने-अपने क्षेत्रों में पूरी निष्ठा और कर्मठता के साथ कार्य करना होगा।
उन्होंने कहा कि केवल व्यक्तिगत उपलब्धि ही नहीं, बल्कि संस्थागत एवं सामूहिक उपलब्धियां भारत को विकसित राष्ट्र बनाने में अहम भूमिका निभाएंगी। इस दिशा में महिलाओं और युवाओं की भूमिका सबसे महत्वपूर्ण होगी।
मंत्री रेखा आर्या ने कहा कि प्रदेश सरकार महिला सशक्तिकरण और बाल विकास के लिए नई योजनाएं चला रही है ताकि समाज के हर वर्ग को लाभ मिल सके। उन्होंने कहा कि महिलाओं की स्थिति मजबूत होने से परिवार, समाज और राष्ट्र का विकास संभव होगा।
कार्यक्रम में अमर उजाला के स्थानीय संपादक अनूप बाजपेई, महाप्रबंधक प्रवीण शर्मा, विनीत मिश्रा, नवीन शुक्ला सहित अन्य वरिष्ठ अधिकारी भी उपस्थित थे।
वॉशिंगटन। भारत और अमेरिका की नौसेनाओं ने हिंद-प्रशांत क्षेत्र में सुरक्षा और सामरिक सहयोग को और मजबूत करते हुए डिएगो गार्सिया के पास संयुक्त नौसैनिक अभ्यास किया। यह अभ्यास मुख्य रूप से पनडुब्बी-रोधी युद्ध (Anti-Submarine Warfare) और समुद्री क्षेत्र की निगरानी क्षमताओं पर केंद्रित रहा।
अमेरिकी नौसेना के सातवें बेड़े ने एक्स (पूर्व ट्विटर) पर जानकारी साझा करते हुए लिखा, “भारतीय और अमेरिकी नौसेनाएं एक साथ उड़ान भर रही हैं। डिएगो गार्सिया के पास हुआ संयुक्त पी-8 प्रशिक्षण न केवल पनडुब्बी-रोधी युद्ध कौशल को मजबूत करता है, बल्कि समुद्री जागरूकता और हिंद-प्रशांत क्षेत्र की सामूहिक सुरक्षा को भी सशक्त बनाता है।”
यह संयुक्त अभ्यास 22 से 28 अक्टूबर के बीच आयोजित किया गया। इसमें अमेरिकी नौसेना के P-8A Poseidon और भारतीय नौसेना के P-8I विमान ने हिस्सा लिया। दोनों देशों की टीमों ने एक साथ उड़ान भरते हुए समुद्री गश्त, संचार समन्वय और टोही अभियानों में सहयोग किया।
अमेरिकी रक्षा सूचना वितरण सेवा (DVIDS) के अनुसार, यह अभ्यास ‘कमांडर टास्क फोर्स 72 (CTF-72)’ के तहत हुआ, जो सातवें बेड़े के समुद्री गश्ती और टोही अभियानों का नियंत्रण केंद्र है। इसका उद्देश्य हिंद-प्रशांत क्षेत्र में बहुपक्षीय सहयोग के माध्यम से निगरानी, सुरक्षा और प्रतिक्रिया क्षमताओं को बढ़ाना है।
भारतीय P-8I विमान के डिएगो गार्सिया पहुंचने के बाद दोनों देशों के चालक दल ने अभ्यास के लिए संयुक्त योजना तैयार की। इस दौरान समुद्री खुफिया जानकारी साझा करने और समन्वित प्रतिक्रिया की रणनीतियों पर विशेष ध्यान दिया गया। अभ्यास का समापन एक संयुक्त उड़ान मिशन और द्विपक्षीय पनडुब्बी-रोधी अभियान के साथ हुआ।
यह प्रशिक्षण ‘टाइगर ट्रायम्फ 2025’ जैसे पहले हुए सहयोगी अभियानों पर आधारित रहा, जिनमें दोनों देशों ने संयुक्त संचार, उपग्रह और मानव रहित तकनीकों (Unmanned Systems) के इस्तेमाल से आपसी तालमेल और युद्ध तैयारी में उल्लेखनीय प्रगति हासिल की थी।
अमेरिकी नौसेना का सातवां बेड़ा हिंद-प्रशांत में अग्रिम पंक्ति पर तैनात सबसे बड़ा बेड़ा है, जो क्षेत्र में स्वतंत्र और खुले समुद्री क्षेत्र (Free and Open Indo-Pacific) की रणनीति को आगे बढ़ाने में अहम भूमिका निभा रहा है।
इस हफ्ते OTT प्लेटफॉर्म्स पर दर्शकों के लिए मनोरंजन की भरमार होने वाली है। चाहे एक्शन हो या हॉरर, मिस्ट्री हो या ड्रामा — हर जॉनर के प्रशंसकों के लिए कुछ न कुछ खास आने वाला है। नेटफ्लिक्स, अमेज़न प्राइम वीडियो, जियोसिनेमा, डिज़्नी+हॉटस्टार और एप्पल टीवी जैसे प्लेटफॉर्म्स पर इस हफ्ते कई बहुप्रतीक्षित फिल्में और सीरीज रिलीज हो रही हैं।
‘कांतारा चैप्टर 1’ – परंपरा और रहस्य की दुनिया में वापसी
पिछले साल धमाकेदार सफलता पाने वाली कन्नड़ फिल्म ‘कांतारा’ का प्रीक्वल ‘कांतारा चैप्टर 1’ अब डिजिटल प्लेटफॉर्म पर रिलीज़ होने जा रहा है। अभिनेता-निर्देशक ऋषभ शेट्टी इस बार दो अलग किरदारों में नजर आएंगे। कहानी प्राचीन काल में स्थापित है और ‘बूता कोला’ परंपरा की जड़ों को नए अंदाज़ में दिखाती है। इस फिल्म में जयाराम, रुक्मिणी वसंत और गुलशन देवैया भी अहम भूमिकाओं में हैं। रिलीज़ डेट — 31 अक्टूबर, अमेज़न प्राइम वीडियो।
‘लोकाह चैप्टर 1: चंद्रा’ – मलयालम सिनेमा की पहली महिला सुपरहीरो
निर्देशक डॉमिनिक अरुण की नई मलयालम फिल्म ‘लोकाह चैप्टर 1: चंद्रा’ एक रहस्यमयी महिला ‘चंद्रा’ की कहानी है जो स्वीडन से भारत लौटकर बेंगलुरु में मानव तस्करी के नेटवर्क के खिलाफ जंग छेड़ती है। अभिनेत्री कल्याणी प्रियदर्शन के दमदार अभिनय से सजी यह फिल्म 31 अक्टूबर को जियोहॉटस्टार पर स्ट्रीम होगी।
‘हेड्डा’ – एक महिला की आंतरिक जंग की कहानी
29 अक्टूबर को अमेज़न प्राइम वीडियो पर रिलीज हो रही फिल्म ‘हेड्डा’ समाज की बंधी परंपराओं और एक महिला की निजी इच्छाओं के बीच चल रहे संघर्ष को बारीकी से पेश करती है। सशक्त लेखन और शानदार संवाद इसे एक प्रभावशाली ड्रामा बनाते हैं।
‘It: Welcome to Derry’ – हॉरर की दुनिया में लौटेगा पेनीवाइज
दुनियाभर में मशहूर हॉरर फ्रेंचाइज़ी ‘It’ की नई सीरीज ‘Welcome to Derry’ अब दर्शकों को 1960 के दशक के भयावह शहर में ले जाएगी। जोकर पेनीवाइज की वापसी के साथ सिहरन भरी कहानी 27 अक्टूबर से डिज़्नी+हॉटस्टार पर देखी जा सकेगी।
‘The Witcher Season 4’ – जादू और राजनीति के नए संग्राम की शुरुआत
नेटफ्लिक्स की सुपरहिट फैंटेसी सीरीज ‘द विचर’ का चौथा सीजन 30 अक्टूबर से स्ट्रीम होगा। इस बार ‘गेराल्ट’ का किरदार नए कलाकार निभा रहे हैं। युद्ध, जादू और साज़िश से भरी कहानी में येनिफर और सिरी के अलगाव को मुख्य केंद्र बनाया गया है।
‘Down Symmetry Road’ – एक रहस्य जो सब बदल देगा
29 अक्टूबर को एप्पल टीवी पर आने वाली ब्रिटिश मिस्ट्री थ्रिलर ‘Down Symmetry Road’ दो महिलाओं की कहानी है जो एक लापता लड़की की तलाश में निकलती हैं और इस सफर में एक खतरनाक साज़िश का पर्दाफाश करती हैं।
नई दिल्ली। चुनाव आयोग ने सोमवार को मतदाता सूची विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) के दूसरे चरण की घोषणा कर दी है। इस चरण के तहत देश के 12 राज्यों में मतदाता सूचियों की गहन समीक्षा की जाएगी। आयोग के इस फैसले के बाद राजनीतिक हलचल तेज हो गई है और कई विपक्षी दलों ने इस प्रक्रिया पर सवाल उठाए हैं।
डीएमके ने उठाया असम और कटऑफ वर्ष पर सवाल
तमिलनाडु की सत्ताधारी पार्टी डीएमके ने चुनाव आयोग की मंशा पर ही संदेह जताया है। पार्टी प्रवक्ता सर्वानन अन्नादुरई ने कहा कि,
“असम में एसआईआर क्यों नहीं हो रहा? और यह प्रक्रिया नागरिकता जांचने का माध्यम कब से बन गई?”
उन्होंने 2003 को कटऑफ वर्ष मानने पर भी आपत्ति जताते हुए पूछा कि इस साल को आधार बनाने से आखिर किसे लाभ होगा। डीएमके ने आरोप लगाया कि आयोग भाजपा के दबाव में काम कर रहा है और उसकी विश्वसनीयता पर अब सवाल खड़े हो गए हैं।
टीएमसी ने चेताया – वैध मतदाताओं को परेशान किया गया तो करेंगे विरोध
पश्चिम बंगाल में भी एसआईआर प्रक्रिया शुरू की जाएगी। इस पर तृणमूल कांग्रेस (टीएमसी) ने कहा कि वह पारदर्शी मतदाता सूची के पक्ष में है, लेकिन वैध मतदाताओं को परेशान किया गया तो पार्टी सड़कों पर उतरेगी।
टीएमसी नेताओं ने कहा, “हम उम्मीद करते हैं कि चुनाव आयोग किसी राजनीतिक दबाव में नहीं आएगा और प्रक्रिया को निष्पक्ष रखेगा।”
भाजपा ने विपक्ष पर लगाया ‘डर’ का आरोप
वहीं, भाजपा ने विपक्ष के आरोपों को खारिज करते हुए कहा कि एसआईआर एक संवैधानिक प्रक्रिया है, जिसका उद्देश्य फर्जी और अवैध मतदाताओं को सूची से हटाना है।
भाजपा प्रवक्ता शहजाद पूनावाला ने कहा, “मतदाता सूची का शुद्धिकरण चुनाव आयोग का कर्तव्य है। इंडी गठबंधन इसका विरोध इसलिए कर रहा है ताकि अपने हितों की रक्षा कर सके।”
भाजपा नेता दिलीप घोष ने भी कहा कि “कोई भी बांग्लादेशी नागरिक भारत का मतदाता नहीं बन सकेगा। सही मतदाताओं को किसी प्रकार की परेशानी नहीं होगी।”
बंगाल भाजपा ने टीएमसी पर कसा तंज
पश्चिम बंगाल भाजपा की नेता केया घोष ने कहा कि “ममता बनर्जी सरकार एसआईआर से इसलिए डर रही है क्योंकि उनके वोट बैंक में अवैध घुसपैठिए शामिल हैं। एसआईआर के बाद फर्जी नाम स्वतः हट जाएंगे।”
देहरादून। उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी 30 अक्तूबर को बिहार विधानसभा चुनाव में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के पक्ष में दो बड़ी जनसभाओं को संबोधित करेंगे। मुख्यमंत्री की रैलियाँ मोतिहारी जिले के कल्याणपुर और हरसिद्धि विधानसभा क्षेत्रों में आयोजित की जाएंगी।
भाजपा नेतृत्व ने बिहार चुनाव प्रचार के लिए जिन प्रमुख चेहरों को जिम्मेदारी सौंपी है, उनमें सीएम धामी का नाम भी शामिल है। अपने तेज़ निर्णयों और समान नागरिक संहिता (UCC) जैसे बड़े कदमों से राष्ट्रीय स्तर पर सुर्खियाँ बटोर चुके मुख्यमंत्री धामी अब एक बार फिर पार्टी प्रत्याशियों के समर्थन में मैदान में उतरने जा रहे हैं।
इससे पहले वे गोरियाकोठी, वारसलीगंज और सिवान विधानसभा क्षेत्रों में प्रचार कर चुके हैं, जहां उनकी सभाओं में भारी जनसमर्थन देखने को मिला था।
भाजपा के कार्यक्रम विभाग संयोजक सुशील चौधरी ने मुख्यमंत्री धामी का प्रस्तावित कार्यक्रम जारी किया है। तय कार्यक्रम के अनुसार, मुख्यमंत्री 30 अक्तूबर को सुबह 11:15 बजे पटना हवाई अड्डे से निजी विमान द्वारा कल्याणपुर के लिए रवाना होंगे।
पहली सभा महात्मा गांधी मिडिल स्कूल ग्राउंड, कल्याणपुर में दोपहर 12:05 बजे आयोजित की जाएगी। इसके बाद मुख्यमंत्री 1:55 बजे सोनवर्षा (हरसिद्धि) स्थित महावीर रामेश्वर इंटर कॉलेज मैदान में दूसरी जनसभा को संबोधित करेंगे।
प्रदेश भाजपा कार्यकर्ताओं में सीएम धामी की रैलियों को लेकर उत्साह देखा जा रहा है। पार्टी का मानना है कि धामी का युवाओं से जुड़ाव और विकास के प्रति स्पष्ट दृष्टिकोण बिहार चुनाव में भाजपा की मजबूती का कारण बनेगा।
धौलास आवासीय परियोजना के अवशेष कार्यों को पूरा करने के लिए मिली ₹50 करोड़ ऋण की स्वीकृति, परियोजना आधुनिक आवासीय सुविधाओं को देगी नया आयाम
देहरादून का नियोजित और पारदर्शी विकास हमारी प्राथमिकता- विनय शंकर पांडेय
जनहित से जुड़े निर्माण कार्यों को तेजी से आगे बढ़ाया जाएगा- बंशीधर तिवारी
देहरादून- मसूरी-देहरादून विकास प्राधिकरण (एम.डी.डी.ए.) की 112वीं बोर्ड बैठक आयुक्त गढ़वाल मंडल एवं बोर्ड के अध्यक्ष विनय शंकर पांडेय की अध्यक्षता में सचिवालय स्थित उनके कार्यालय में सम्पन्न हुई। बैठक की शुरुआत में उपाध्यक्ष बंशीधर तिवारी ने अध्यक्ष महोदय एवं सभी माननीय सदस्यों का स्वागत किया। इसके उपरांत सचिव मोहन सिंह बर्निया ने पिछली 111वीं बोर्ड बैठक की अनुपालन आख्या बोर्ड के समक्ष प्रस्तुत की। बोर्ड द्वारा उसे अनुमोदित किए जाने के पश्चात 112वीं बैठक की कार्यवाही औपचारिक रूप से प्रारंभ हुई।
विकास से जुड़े 41 प्रस्तावों पर हुई व्यापक चर्चा
बैठक में एमडीडीए से संबंधित लगभग 41 महत्वपूर्ण प्रकरणों पर विचार-विमर्श किया गया। इनमें ईको-रिज़ॉर्ट, होटल, व्यावसायिक निर्माण, आवासीय मानचित्र स्वीकृति, तलपट अनुमोदन आदि प्रस्ताव शामिल थे। गहन चर्चा के उपरांत, जनहित और नियामकीय दृष्टि से उपयुक्त प्रस्तावों को सैद्धांतिक स्वीकृति प्रदान की गई। वहीं, कुछ प्रकरणों को बोर्ड की सहमति न मिलने के कारण निरस्त कर दिया गया तथा कुछ को आगामी बैठक हेतु विचाराधीन रखा गया।
देहरादून महायोजना 2041 पर गहन मंथन
बैठक में देहरादून महायोजना-2041 (प्रारूप) से संबंधित आपत्तियों और सुझावों पर विशेष रूप से चर्चा की गई। अध्यक्ष ने अवगत कराया कि महायोजना के संबंध में पूर्व में प्राप्त आपत्तियों के अतिरिक्त वर्तमान में भी अनेक सुझाव एवं अभ्यावेदन प्राधिकरण में प्राप्त हो रहे हैं। विशेष रूप से उत्तराखंड इंजीनियर्स एवं आर्किटेक्ट्स एसोसिएशन द्वारा दिए गए प्रत्यावेदन में प्रारूप महायोजना में भौगोलिक स्तर पर पाई जा रही विषमताओं का उल्लेख किया गया है। बोर्ड ने इस पर विचार करते हुए निर्णय लिया कि प्राप्त सभी आपत्तियों की सुनवाई शीघ्र उपाध्यक्ष एमडीडीए के समक्ष कराई जाए तथा प्राप्त निष्कर्षों से शासन को अवगत कराया जाए, ताकि महायोजना के क्रियान्वयन में पारदर्शिता और व्यवहारिकता सुनिश्चित की जा सके।
हुडको से ₹50 करोड़ ऋण लेने का प्रस्ताव शासन द्वारा स्वीकृत
मसूरी-देहरादून विकास प्राधिकरण (एमडीडीए) की धौलास आवासीय परियोजना को शीघ्र पूर्ण करने की दिशा में बड़ी पहल की गई है। परियोजना की संशोधित लागत ₹102.74 करोड़ (जीएसटी एवं समस्त करों सहित) निर्धारित की गई है। इसके वित्त पोषण के लिए ₹50 करोड़ का ऋण हाउसिंग एंड अर्बन डेवलपमेंट कॉरपोरेशन (हुडको) से लेने का प्रस्ताव शासन द्वारा सशर्त स्वीकृत कर दिया गया है। प्रमुख सचिव, आवास अनुभाग-02 द्वारा जारी आदेश में स्पष्ट किया गया है कि ऋण की प्रतिपूर्ति की जिम्मेदारी शासन की नहीं होगी और इस प्रस्ताव पर प्राधिकरण बोर्ड का अनुमोदन अनिवार्य रहेगा। एमडीडीए उपाध्यक्ष बंशीधर तिवारी ने बताया कि बोर्ड की स्वीकृति के बाद अब परियोजना के अवशेष कार्यों को तेजी से पूरा किया जाएगा। उन्होंने कहा कि धौलास आवासीय परियोजना देहरादून में आधुनिक आवासीय सुविधाओं को नया आयाम देगी।
अध्यक्ष विनय शंकर पांडेय का बयान
आयुक्त गढ़वाल मंडल एवं एमडीडीए अध्यक्ष विनय शंकर पांडेय ने कहा एमडीडीए राजधानी देहरादून के सुनियोजित और संतुलित विकास के लिए कार्य कर रहा है। हमारी प्राथमिकता है कि सभी विकास परियोजनाएं पारदर्शी ढंग से, नियमों के अनुरूप और आम नागरिकों के हित में क्रियान्वित हों। देहरादून महायोजना-2041 से संबंधित सभी आपत्तियों की निष्पक्ष सुनवाई होगी ताकि शहर का विकास वैज्ञानिक दृष्टिकोण और जनहित के अनुरूप हो सके। उन्होंने कहा कि बोर्ड बैठक में पारित निर्णय राजधानी के विकास को गति देंगे और नागरिकों की सुविधा को केंद्र में रखकर शहर को एक सस्टेनेबल अर्बन मॉडल के रूप में विकसित करने की दिशा में सहायक सिद्ध होंगे।
उपाध्यक्ष बंशीधर तिवारी का बयान
एमडीडीए के उपाध्यक्ष बंशीधर तिवारी ने कहा प्राधिकरण का लक्ष्य है कि आम नागरिकों को सुविधा देने वाली योजनाओं को प्राथमिकता के साथ आगे बढ़ाया जाए। ईको-रिज़ॉर्ट, होटल और आवासीय प्रोजेक्ट जैसे प्रस्ताव न केवल प्रदेश की अर्थव्यवस्था को मज़बूती देंगे, बल्कि स्थानीय युवाओं के लिए रोजगार के नए अवसर भी पैदा करेंगे। उन्होंने कहा कि एमडीडीए की टीम शहर के सौंदर्यीकरण, यातायात प्रबंधन, पर्यावरण संरक्षण और जनसुविधाओं को ध्यान में रखते हुए सभी निर्माण कार्यों की नियमित समीक्षा और निगरानी कर रही है।
जनसहभागिता और पारदर्शिता पर बल
बोर्ड बैठक में यह भी निर्णय लिया गया कि विकास योजनाओं में जनसहभागिता को बढ़ावा देने के लिए सुझाव प्राप्त करने की प्रक्रिया को और अधिक सुलभ बनाया जाएगा। ऑनलाइन माध्यमों से आवेदन और अनुमोदन प्रक्रिया को सशक्त करने पर भी बल दिया गया, ताकि नागरिकों को पारदर्शी एवं समयबद्ध सेवा मिल सके।
बैठक में रहे ये सदस्य उपस्थित
बैठक में विजय कुमार (संयुक्त सचिव वित्त, नामित प्रतिनिधि), कृष्ण कुमार मिश्र (एडीएम, एफआर), धीरेन्द्र कुमार सिंह (संयुक्त सचिव, आवास), संतोष कुमार पांडेय (उपनगर अधिकारी, नगर निगम देहरादून), एस.एम. वास्तव (मुख्य नगर एवं ग्राम नियोजक, उत्तराखंड), मोहन सिंह बर्निया (सचिव एमडीडीए), गौरव चटवाल (संयुक्त सचिव एमडीडीए), संजीव कुमार सिंह (वित्त नियंत्रक एमडीडीए), एच.सी.एस. राणा (मुख्य अभियंता एमडीडीए),
सुनील कुमार (अधिशासी अभियंता), तथा अजय कुमार मलिक (सहायक अभियंता) सहित प्राधिकरण के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।
बैठक के अंत में अध्यक्ष विनय शंकर पांडेय ने सभी सदस्यों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि बोर्ड द्वारा लिए गए निर्णय राजधानी देहरादून के संतुलित, हरित और योजनाबद्ध विकास की दिशा में मील का पत्थर साबित होंगे।
देहरादून। उत्तराखण्ड के कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी ने आज देहरादून स्थित अपने आवास पर पूर्व सांसद एवं भारतीय कुश्ती संघ के अध्यक्ष बृजभूषण शरण सिंह का हार्दिक स्वागत किया। इस अवसर पर मंत्री जोशी ने पुष्पगुच्छ भेंट कर उनका अभिनंदन किया और उनके साथ विभिन्न सामाजिक एवं राजनीतिक विषयों पर विचार-विमर्श किया। उन्होंने सम्मान स्वरूप गणेश जी की मूर्ति भेंट की।
मंत्री जोशी ने कहा कि बृजभूषण सिंह का अनुभव और जनसेवा के प्रति समर्पण हम सभी के लिए प्रेरणास्रोत है। उन्होंने प्रदेश के विकास और जनकल्याण के मुद्दों पर निरंतर मार्गदर्शन देने के लिए उनका आभार व्यक्त किया।

इस दौरान मंत्री जोशी की धर्मपत्नी निर्मला जोशी, भाजपा के प्रदेश मंत्री नेहा जोशी, मंडल अध्यक्ष राजीव गुरुंग, प्रदीप रावत, विष्णु गुप्ता, ज्योति कोटिया, निरंजन डोभाल, डॉ बबीता सहोत्रा, कमली भट्ट, सुरेन्द्र राणा, समीर डोभाल, सिकंदर सिंह सहित मंडल महामंत्रियों और पार्षदों ने भी पूर्व सांसद का स्वागत किया।
देहरादून। उत्तराखंड विधानसभा एक बार फिर ऐतिहासिक क्षण की साक्षी बनने जा रही है। राज्य स्थापना के 25 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में तीन और चार नवंबर को विधानसभा का विशेष सत्र आयोजित किया जा रहा है, जिसमें राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू तीन नवंबर को सुबह 11 बजे सदन को संबोधित करेंगी। यह राज्य के इतिहास में दूसरी बार होगा जब किसी राष्ट्रपति का संबोधन विधानसभा में होगा।
इससे पहले वर्ष 2015 में तत्कालीन राष्ट्रपति स्व. प्रणव मुखर्जी ने विशेष सत्र में उपस्थित होकर सदन को संबोधित किया था। अब लगभग एक दशक बाद, एक बार फिर यह गौरवपूर्ण अवसर उत्तराखंड को मिलने जा रहा है।
राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू तीन दिवसीय दौरे पर उत्तराखंड आ रही हैं। दो नवंबर को वह हरिद्वार में आयोजित एक कार्यक्रम में भाग लेंगी, इसके बाद देहरादून में विधानसभा सत्र के विशेष अभिभाषण में शामिल होंगी। राष्ट्रपति का अभिभाषण समाप्त होने के पश्चात वह नैनीताल के लिए रवाना होंगी।
विधानसभा सचिवालय ने विशेष सत्र की तैयारियों को अंतिम चरण में पहुंचा दिया है। विधानसभा अध्यक्ष ऋतु खंडूड़ी भूषण ने बताया कि रजत जयंती वर्ष का यह सत्र राज्य के विकास और भविष्य की दिशा पर मंथन का अवसर बनेगा। इस दौरान सदन में पक्ष और विपक्ष दोनों राज्य की यात्रा और उपलब्धियों की समीक्षा करेंगे।
उन्होंने कहा कि सत्र के पहले दिन राष्ट्रपति का अभिभाषण होगा, जबकि दूसरे दिन राज्य के विकास के मुद्दों पर विस्तृत चर्चा की जाएगी। इस विशेष सत्र में कोई विधायी कार्य नहीं होगा, बल्कि इसे पूरी तरह राज्य के गौरव और विकास की दिशा को समर्पित किया गया है।
