खेल एवं युवा कल्याण विभाग ने 13 जिलों में प्रशिक्षण शुरू करने की तैयारी पूरी की
देहरादून। खेल एवं युवा कल्याण विभाग सेना में अग्निवीर बनकर देश की सेवा करने के इच्छुक युवक- युवतियों को भर्ती पूर्व निशुल्क प्रशिक्षण देगा। इसके लिए विभाग ने एसओपी तैयार कर ली है।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने बीते दिनों खेल एवं युवा कल्याण विभाग को प्रदेश के युवाओं को अग्निवीर भर्ती के लिए प्रशिक्षण देने के निर्देश दिए थे। ताकि वो उत्तराखंड की महान सैन्य परंपरा के अनुसार सेना में अपना करियर बना सके। इसी क्रम में विभाग ने युवाओं को अग्निवीर भर्ती पूर्व निशुल्क प्रशिक्षण देने की तैयारी पूरी कर ली है। जल्द ही 13 जिलों में अग्निवीरों का भर्ती पूर्व प्रशिक्षण प्रारंभ कर दिया जाएगा।
प्रमुख बातें
1.अग्निवीर भर्ती पूर्व प्रशिक्षण हेतु इच्छुक युवक- युवतियों के लिए उत्तराखण्ड राज्य का मूल / स्थायी निवासी अथवा उत्तराखण्ड राज्य में किसी संस्थान में अध्ययनरत / सेवारत होना अनिवार्य है।
2. प्रशिक्षण हेतु हाईस्कूल परीक्षा 45 प्रतिशत या उससे अधिक अंक के साथ उत्तीर्ण तथा प्रत्येक विषय में 33 प्रतिशत अंक अथवा उससे अधिक होना अनिवार्य है।
3. आयु 16 वर्ष से अधिक होना अनिवार्य है।
4. जिला खेल कार्यालय/जिला युवा कल्याण अधिकारी कार्यालय में पंजीकरण कराना अनिवार्य है।
5. छात्र/छात्रा को चिकित्सक द्वारा प्रदत्त स्वास्थ्य सम्बन्धी प्रमाण पत्र जमा करना होगा।
6. प्रशिक्षण के समय छात्र/छात्रा को खेल किट (वेशभूषा-टीशर्ट, नेकर, स्पोर्टस शूज, मौजा) मे उपस्थित होना अनिवार्य है।
7. छात्र/छात्रा के शरीर पर किसी प्रकार कोई टैटू अथवा किसी प्रकार अप्राकृतिक स्थायी निशान आदि न गुदा हो।
8. इच्छुक छात्र/छात्रा को खेल स्टेडियम /खेल मैदान में नियुक्त विभागीय प्रशिक्षक द्वारा ही प्रशिक्षण प्राप्त करना अनिवार्य होगा।
उत्तराखंड की शानदार सैन्य परंपरा रही है, यहां के प्रत्येक परिवार से कोई ना कोई सदस्य सेना में जाता ही है। इसीलिए सरकार अग्निवीर भर्ती पूर्व प्रशिक्षण प्रदान कर रही है। ताकि युवा अग्निवीर के जरिए सेना को अपनी सेवाएं दे सके। प्रदेश सरकार अग्निवीरों को सेवाकाल के बाद प्रदेश की सरकारी नौकरियों में आरक्षण भी प्रदान करने का फैसला ले चुकी है।
पुष्कर सिंह धामी, मुख्यमंत्री उत्तराखंड
1 नवंबर से 9 नवंबर तक पूरे प्रदेश में होंगे विभिन्न कार्यक्रम
रजत जयंती समारोह में दिखेगा उत्तराखंड का 25 साल का विकास सफर और भविष्य का रोडमैप
देहरादून। मुख्य सचिव आनन्द बर्द्धन ने नवम्बर माह में प्रस्तावित रजत जयंती समारोह की तैयारियों को लेकर अधिकारियों के साथ बैठक ली। मुख्य सचिव ने कहा कि राज्य स्थापना के 25 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में रजत जयंती समारोह का आयोजन प्रदेशभर में किया जाए। बैठक के दौरान 01 नवम्बर से 09 नवम्बर तक पूरे प्रदेश में आयेाजित होने वाले राज्य स्तरीय कार्यक्रमों की रूपरूरेखा तैयार की गयी।
मुख्य सचिव ने कहा कि पिछले 25 वर्षों में राज्य ने विभिन्न क्षेत्रों विशेषकर शिक्षा, स्वास्थ्य, उद्योग एवं पर्यटन के साथ ही सड़कों एवं नेटवर्क की कनेक्टिविटी के क्षेत्र में उपलब्धियां अर्जित की हैं। उन्होंने कहा कि प्रदर्शनी में पिछले 25 साल की उपलब्धियों के साथ ही अगले 25 सालों का रोडमैप भी प्रदर्शित किया जाए। उन्होंने कहा कि जनपद स्तरीय एवं राज्य स्तरीय कार्यक्रमों को सभी विभाग आपसी सामंजस्य के साथ आयोजित करें।
मुख्य सचिव ने कहा कि 01 नवम्बर से 09 नवम्बर तक प्रत्येक दिन विभिन्न सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन किया जाए। उन्होंने कहा कि कार्यक्रमों में श्रमिकों, किसानों, पूर्व सैनिकों और महिलाओं की सहभागिता सुनिश्चित की जाए। विभिन्न विभागों द्वारा आयोजित किए जाने वाले कार्यक्रमों में आमजन की सहभागिता सुनिश्चित की जाए।
इस अवसर पर प्रमुख सचिव आर.के. सुधांशु, एल. फैनाई, आर. मीनाक्षी सुन्दरम, विशेष प्रमुख सचिव अमित सिन्हा , सचिव नितेश कुमार झा, डॉ. पंकज कुमार पाण्डेय, डॉ. आर. राजेश कुमार, विनय शंकर पाण्डेय, दीपेन्द्र कुमार चौधरी, डॉ. सुरेन्द्र नारायण पाण्डेय, विनोद कुमार सुमन, युगल किशोर पंत एवं धीराज सिंह गर्ब्याल सहित अन्य वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित थे।
भारत ने 264 रन बनाए, लेकिन ऑस्ट्रेलिया ने 46.2 ओवर में पूरा किया लक्ष्य
नई दिल्ली। ऑस्ट्रेलिया ने भारत को दूसरे वनडे मैच में दो विकेट से हराकर तीन मैचों की सीरीज में 2-0 की अजेय बढ़त बना ली। टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का फैसला करने के बाद ऑस्ट्रेलियाई गेंदबाजों ने भारत को 50 ओवर में 264 रन पर रोकने में कामयाबी पाई। जवाब में ऑस्ट्रेलिया ने 46.2 ओवर में आठ विकेट पर 265 रन बनाकर मैच जीत लिया।
भारत ने रोहित शर्मा और श्रेयस अय्यर के अर्धशतकों की मदद से नौ विकेट पर 264 रन बनाए। जवाब में ऑस्ट्रेलियाई बल्लेबाजों ने शुरू में 54 रन पर दो विकेट खो दिए थे। लेकिन मैथ्यू शॉर्ट ने पारी को संभालते हुए 74 रन बनाए, वहीं कूपर कोनोली ने 61 रन बनाकर टीम को जीत दिलाई। मैट रेनशॉ और ट्रेविस हेड ने भी महत्वपूर्ण योगदान दिया।
भारतीय गेंदबाजों ने कई बार ऑस्ट्रेलियाई टीम पर दबाव बनाया। रेनशॉ और एलेक्स कैरी के विकेट निकालने के बाद हर्षित राणा ने शॉर्ट को पवेलियन भेजा, लेकिन कोनोली ने अंत तक टिककर ऑस्ट्रेलिया की जीत सुनिश्चित की।
ऑस्ट्रेलिया की ओर से सबसे ज्यादा रन शॉर्ट ने बनाए, जबकि कोनोली नाबाद रहे। भारत की तरफ से अर्शदीप सिंह, हर्षित राणा और वाशिंगटन सुंदर ने दो-दो विकेट लिए। मोहम्मद सिराज और अक्षर पटेल ने एक-एक विकेट हासिल किया।
इस जीत के साथ ऑस्ट्रेलिया ने सीरीज में निर्णायक बढ़त बना ली है।
संजय राउत बोले- भाजपा को हराना और मुंबई की अस्मिता को बचाना अब सबसे बड़ी जिम्मेदारी
मुंबई। शिवसेना (उद्धव बालासाहेब ठाकरे) गुट के सांसद संजय राउत ने गुरुवार को महाराष्ट्र में होने वाले निकाय चुनावों से पहले विपक्षी एकता की अपील की। उन्होंने कहा कि भाजपा को हराना और मुंबई की अस्मिता को बचाना अब सबसे बड़ी जिम्मेदारी है।
राउत ने कहा, “हमें लोकतंत्र, संविधान और मुंबई की पहचान को बचाने के लिए मिलकर लड़ना होगा। अगर विपक्ष एकजुट रहेगा, तो मराठी मानूस भी साथ देगा।”
कांग्रेस से तल्खी पर दी सफाई
कांग्रेस के एमएलसी भाई जगताप के इस बयान पर कि बीएमसी चुनाव में कांग्रेस न तो शिवसेना (यूबीटी) और न ही मनसे से गठबंधन करेगी, राउत ने कहा – “कांग्रेस हमारी सहयोगी पार्टी है, चाहे इंडिया गठबंधन हो या महा विकास आघाड़ी। ये केवल एक दल नहीं, कई दलों का समूह है।”
‘मुंबई को अदाणी के जबड़ों से बचाना होगा’
संजय राउत ने कहा, “हमारा मकसद स्पष्ट है — भाजपा को रोकना और मुंबई को अदाणी के जबड़ों से बचाना। अगर कोई पार्टी अलग रुख अपनाती है, तो वह उनका निर्णय है, पर हम अपने सहयोगियों को मुश्किल में डालने वाले बयान नहीं देंगे।”
‘कांग्रेस नेतृत्व से ही होगी बात’
उन्होंने कहा कि गठबंधन को लेकर बातचीत कांग्रेस के शीर्ष नेताओं राहुल गांधी, मल्लिकार्जुन खरगे, केसी वेणुगोपाल या रमेश चेन्निथला से ही होगी। हाल ही में उन्होंने वेणुगोपाल से मुलाकात की थी, जिसमें मनसे को महा विकास आघाड़ी में शामिल करने पर चर्चा हुई थी।
बिहार का उदाहरण देकर साधा निशाना
बिहार में सीट बंटवारे पर चल रहे विवाद को लेकर राउत ने कहा, “वहां कांग्रेस और राजद कई सीटों पर आमने-सामने हैं। क्या बिहार में कोई उद्धव ठाकरे या राज ठाकरे हैं?”
देहरादून। भाई-बहन के स्नेह, प्रेम और विश्वास के प्रतीक पर्व भाईदूज के अवसर पर आज कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी देहरादून स्थित अपने विधानसभा क्षेत्र के गल्जवाड़ी में बहनों के बीच पहुंचे। इस अवसर पर बहनों ने मंत्री जोशी का तिलक कर पारंपरिक रीति से उनका स्वागत किया।
मंत्री गणेश जोशी ने सभी बहनों को भाईदूज की हार्दिक शुभकामनाएं देते हुए कहा कि “यह पर्व भारतीय संस्कृति में भाई-बहन के अटूट प्रेम और सुरक्षा के वचन का प्रतीक है। हमारी संस्कृति में परिवार के मूल्यों और रिश्तों की जो गहराई है, वही समाज को सशक्त बनाती है।” उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में महिला सशक्तिकरण के लिए अनेक योजनाएं चलाई जा रही हैं, जिनका लाभ आज हर बहन तक पहुंच रहा है। उन्होंने कहा कि पिछले दिनों भीषण आपदा के कारण क्षेत्र में कई परिवार प्रभावित हुए हैं और इसके चलते मैंने फैसला लिया कि इस वर्ष भाईदूज का त्यौहार प्रभावित क्षेत्र में अपनी बहनों के साथ मनाऊं।

इस अवसर पर बहनों ने मंत्री की आरती उतारकर तिलक लगाया और उनके दीर्घायु होने की कामना की। मंत्री ने भी बहनों को उपहार स्वरूप मिठाई व शुभकामनाऐं भेंट की।
इस अवसर पर कार्यक्रम आयोजन और पूर्व ग्राम प्रधान लीला शर्मा, भाजपा की मंडल महामंत्री किरण, पूर्व मंडल अध्यक्ष ज्योति कोटिया, शोभा अधिकारी, रेखा, मीरा, हरिकला, गंगा, चंद्रकला, रीता, गीता, शांति, हेमा, सपना, सीता, सावित्री और माया सहित बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक, महिलाओं एवं पार्टी कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
विशेष पूजा-अर्चना के बाद दोपहर 12.30 बजे बंद हुए मंदिर के कपाट
अब अगले छह माह तक श्रद्धालु खरसाली गांव में ही मां यमुना के दर्शन कर सकेंगे
उत्तरकाशी। भाईदूज के पावन अवसर पर आज यमुनोत्री धाम के कपाट शीतकालीन प्रवास के लिए बंद कर दिए गए। अब अगले छह माह तक श्रद्धालु खरसाली गांव में ही मां यमुना के दर्शन कर सकेंगे।
यमुनोत्री धाम में विशेष पूजा-अर्चना
यमुनोत्री मंदिर समिति के प्रवक्ता पुरुषोत्तम उनियाल, सचिव सुनील उनियाल और कोषाध्यक्ष प्रदीप उनियाल ने बताया कि सुबह 8 बजे खरसाली गांव से यमुना के भाई शनिदेव महाराज की डोली वाद्य यंत्रों के साथ धाम के लिए रवाना हुई।
दोपहर 12.30 बजे विशेष पूजाओं के बाद मंदिर के कपाट शीतकाल के लिए बंद किए गए। इस दौरान शनिदेव महाराज ने यमुना नदी में स्नान किया और अपनी बहन मां यमुना के साथ विशेष पूजा-अर्चना में भाग लिया। इसके बाद मां यमुना की उत्सव डोली अपने मायके खरसाली गांव के लिए रवाना हुई।
यमुनोत्री धाम में इस साल 6,45,000 श्रद्धालुओं ने मां यमुना के दर्शन कर पूजा अर्चना की। श्रद्धालुओं के चढ़ावे और भेंट से यमुनोत्री मंदिर समिति को करीब 50 लाख रुपए की आय हुई है। गत वर्ष की अपेक्षा श्रद्धालुओं की आवाजाही में थोड़ी कमी आई।
सर्दियों का मौसम न सिर्फ ठंड लाता है बल्कि हड्डियों के दर्द और जकड़न की शिकायत भी बढ़ा देता है। जैसे-जैसे उम्र बढ़ती है और सूर्य की किरणें कम मिलती हैं, हड्डियाँ कमजोर होने लगती हैं। ऐसे में योगासन एक प्राकृतिक उपाय हैं, जो हड्डियों को मजबूत, लचीला और सक्रिय रखने में मदद करते हैं।
सर्दियों में हड्डियों के दर्द को कम करने के लिए नियमित योग अभ्यास के साथ धूप से मिलने वाला विटामिन D भी जरूरी है। यह हड्डियों के लिए अत्यंत लाभकारी है और कैल्शियम के अवशोषण में मदद करता है। रोजाना 15 मिनट धूप में योग और 30 मिनट संतुलित योगाभ्यास हड्डियों की सेहत सुधारने और दर्द, कमजोरी या सूजन जैसी समस्याओं से बचने में मदद करते हैं।
सर्दियों में हड्डियों के लिए 5 असरदार योगासन
1. ताड़ासन
पूरा शरीर स्ट्रेच करता है और हड्डियों की बोन डेंसिटी बढ़ाता है। सीधे खड़े होकर हाथ ऊपर उठाएं, एड़ियों पर खड़े होकर शरीर को ऊपर की ओर खींचें।
2. त्रिकोणासन
कंधों, पीठ और पैरों की हड्डियों को मजबूती देता है। यह हिप्स और घुटनों के लिए फायदेमंद है और ऑस्टियोआर्थराइटिस के मरीजों के लिए उपयोगी है।
3. उष्ट्रासन
रीढ़ की हड्डी और गर्दन की लचीलापन बढ़ाता है। जोड़ों में जमा जकड़न को कम करता है। घुटनों के बल बैठें, हाथों को एड़ी की ओर ले जाएं और पेट को आगे की ओर निकालें।
4. वीरभद्रासन
पैरों, घुटनों और कूल्हों को मज़बूत बनाने वाला पावरफुल आसन। धीरे-धीरे अभ्यास करें और दर्द होने पर स्ट्रेच कम करें।
5. सेतुबंधासन
पीठ और कमर की हड्डियों को स्थिरता देता है और मांसपेशियों को टोन करता है। पीठ के बल लेटकर घुटनों को मोड़ें और कूल्हों को ऊपर उठाएं।
(साभार)
पर्यटन व्यवसायी पंजीकरण के लिए आवेदन पत्र 25 अक्टूबर तक उपलब्ध, जमा करने की अंतिम तिथि 30 अक्टूबर
पर्यटक 15 जून तक ले सकेंगे सफारी का आनंद
ऋषिकेश। प्रसिद्ध राजाजी टाइगर रिजर्व पार्क में इस साल 15 नवंबर से जंगल सफारी शुरू होगी। पर्यटक इस सफारी का आनंद 15 जून 2026 तक ले सकेंगे। पार्क प्रशासन ने कहा है कि इस साल पर्यटन व्यवसायी (सफारी वाहन स्वामी) के लिए पंजीकरण प्रक्रिया भी शुरू कर दी गई है।
पर्यटन व्यवसायी 25 अक्टूबर तक आवेदन पत्र वेबसाइट या प्रधान कार्यालय से प्राप्त कर सकते हैं, जबकि आवेदन जमा करने की अंतिम तिथि 30 अक्टूबर निर्धारित की गई है।
पार्क में क्या देख सकते हैं पर्यटक
राजाजी टाइगर रिजर्व एशियाई हाथियों और बाघों के लिए प्रसिद्ध है। इसके अलावा पार्क में तेंदुआ, जंगली बिल्ली, हिमालयी काला भालू, स्लॉथ भालू, धारीदार लकड़बग्घा, सांभर, जंगली सुअर, चित्तीदार हिरण, बार्किंग हिरण और अन्य कई जानवर बड़ी संख्या में पाए जाते हैं।
पार्क में वर्तमान में गेट और सड़क मरम्मत का काम चल रहा है। प्रशासन का कहना है कि 31 अक्टूबर तक सभी सफारी ट्रैक तैयार कर लिए जाएंगे और अन्य व्यवस्थाएं पूरी कर ली जाएंगी।
जंगल सफारी की चार रेंजें और स्थानीय रोजगार
राजाजी टाइगर रिजर्व में जंगल सफारी चार रेंजों में संचालित होती है—
चिल्लावाली रेंज: 30 किमी
हरिद्वार रानीपुर रेंज: 24 किमी
मोतीचूर रेंज: 22 किमी
चीला रेंज: 36 किमी
पार्क में 160 से अधिक जंगल सफारी वाहन हैं और करीब 200 स्थानीय निवासियों को रोजगार मिलता है।
सफारी पंजीकरण प्रक्रिया
पर्यटन व्यवसायी पंजीकरण के लिए फार्म 25 अक्टूबर तक राजाजी टाइगर रिजर्व के प्रधान कार्यालय या राजाजी टाइगर रिजर्व वेबसाइट से प्राप्त कर सकते हैं। आवेदन जमा करने की अंतिम तिथि 30 अक्टूबर है।
अजय लिंगवाल, एसीएफ, राजाजी टाइगर रिजर्व पार्क ने बताया कि सभी व्यवस्थाओं को समय से तैयार किया जा रहा है ताकि पर्यटक इस साल भी सुरक्षित और रोमांचक सफारी का अनुभव ले सकें।
कॉमेडी किंग कपिल शर्मा एक बार फिर बड़े पर्दे पर हंसी का तूफान लेकर लौटने वाले हैं। उनकी अपकमिंग फिल्म ‘किस किसको प्यार करूं 2’ को लेकर बड़ी अपडेट सामने आई है। मेकर्स ने फिल्म की रिलीज डेट का एलान कर दिया है। यह फिल्म 12 दिसंबर 2025 को सिनेमाघरों में रिलीज होगी।
कपिल ने शेयर किया पोस्ट
कपिल शर्मा ने अपने इंस्टाग्राम अकाउंट पर एक वीडियो पोस्ट शेयर किया है। वीडियो में फिल्म के सभी मुख्य कलाकार नजर आ रहे हैं। कपिल ने पोस्ट में लिखा—
“दोगुने कन्फ्यूजन और चार गुना मस्ती के लिए तैयार हो जाइए। ‘किस किसको प्यार करूं 2’ 12 दिसंबर 2025 से सिनेमाघरों में हंसी का धमाल मचाने आ रही है।”
फैंस ने जताई खुशी
फिल्म की रिलीज डेट सामने आते ही सोशल मीडिया पर फैंस ने जमकर रिएक्शन दिए। एक यूजर ने लिखा— “फिल्म से ज्यादा हनी सिंह के नए गाने का इंतजार है।” वहीं, दूसरे ने कहा— “कपिल शर्मा की फिल्म मतलब हंसी की गारंटी।” कई फैन्स ने कमेंट किया कि उन्हें कपिल के कॉमिक टाइमिंग और मजेदार एक्सप्रेशन का बेसब्री से इंतजार है।
फिल्म से क्या उम्मीद
‘किस किसको प्यार करूं 2’ का निर्देशन अनुकल्प गोस्वामी कर रहे हैं, जबकि फिल्म को रतन जैन और गणेश जैन ने प्रोड्यूस किया है। इसमें कॉमेडी, कन्फ्यूजन और पारिवारिक ड्रामा का तड़का देखने को मिलेगा।
पहले पार्ट ‘किस किसको प्यार करूं’ को दर्शकों ने खूब पसंद किया था, और अब इसके सीक्वल से उम्मीदें दोगुनी हैं। फिल्म का निर्माण वीनस वर्ल्डवाइड एंटरटेनमेंट और अब्बास-मस्तान फिल्म प्रोडक्शन के बैनर तले किया जा रहा है।
(साभार)
हादसे में दो युवक गंभीर रूप से घायल
देहरादून। कुंडिया गांव के पास एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। एक स्कार्पियो कार 150 मीटर गहरी खाई में जा गिरी। हादसे में तीन लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दो युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। यह हादसा मुनि की रेती थाना क्षेत्र के पावकी देवी मोटर मार्ग पर रात करीब आठ बजे हुआ।
जानकारी के अनुसार, गुमानीवाला से नरेंद्र नगर के नाई गांव जा रही बारात में शामिल पांच युवक स्कार्पियो से रवाना हुए थे। गूलर से करीब 18 किलोमीटर पहले कुंडिया गांव के पास वाहन अचानक अनियंत्रित होकर गहरी खाई में जा गिरा।
हादसे के बाद कार में सवार एक युवक ने अपने दोस्त को फोन कर दुर्घटना की सूचना देने के साथ लोकेशन भी भेजी, लेकिन थोड़ी देर बाद उसका मोबाइल स्विच ऑफ हो गया। सूचना मिलने पर पुलिस और एसडीआरएफ की टीमें मौके पर पहुंचीं और रेस्क्यू अभियान शुरू किया।
अंधेरा होने की वजह से बचाव कार्य में काफी दिक्कतें आईं। एसडीआरएफ निरीक्षक कविंद्र सजवाण ने बताया कि रेस्क्यू के दौरान तीन शव बरामद किए गए हैं, जबकि दो युवकों को गंभीर हालत में अस्पताल भेजा गया है। मृतक और घायल सभी श्यामपुर क्षेत्र के बताए जा रहे हैं।
