मुख्यमंत्री धामी ने 11 शिल्पियों को दिया ‘उत्तराखंड शिल्प रत्न पुरस्कार’
देहरादून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने बुधवार को उत्तराखंड हथकरघा एवं हस्तशिल्प विकास परिषद द्वारा आयोजित कार्यक्रम में प्रतिभाग किया। इस अवसर पर उन्होंने हस्तशिल्प आधारित विभिन्न स्टॉलों का अवलोकन किया और 11 शिल्पियों को उत्तराखंड शिल्प रत्न पुरस्कार से सम्मानित किया।
सम्मानित शिल्पियों में उत्तरकाशी से जानकी देवी, भागीरथी देवी और महिमानन्द तिवारी, बागेश्वर से इन्द्र सिंह, अल्मोड़ा से लक्ष्मण सिंह एवं भूपेन्द्र सिंह बिष्ट, हल्द्वानी (नैनीताल) से जीवन चन्द्र जोशी एवं मोहन चन्द्र जोशी, नैनीताल (नारायण नगर मल्लीताल) से जानकी बिष्ट, क्वालिटी कॉलोनी हल्दूचौड़ हल्द्वानी से जगदीश पाण्डेय तथा चमोली से प्रदीप कुमार व गुड्डी देवी शामिल हैं।
“वोकल फॉर लोकल से शिल्पियों को नई पहचान” – मुख्यमंत्री
मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तराखंड की बुनाई और हस्तशिल्प कला अपनी विविधता, परंपरागत डिज़ाइन और गुणवत्ता के लिए प्रसिद्ध है। उन्होंने शिल्पियों और बुनकरों को राज्य की सांस्कृतिक धरोहर का संवाहक बताते हुए कहा कि हर्षिल की ऊनी शाल, मुनस्यारी-धारचूला की थुलमा, अल्मोड़ा की ट्वीड, छिनका की पंखी और पिछौड़े के डिज़ाइन उत्तराखंड को राष्ट्रीय ही नहीं, वैश्विक बाजार तक पहचान दिला रहे हैं।
उन्होंने बताया कि भांग एवं बांस के रेशों से बने वस्त्रों की मांग देशभर में तेजी से बढ़ रही है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में “वोकल फॉर लोकल”, “लोकल टू ग्लोबल” और “मेक इन इंडिया” जैसी पहलें शिल्पियों और बुनकरों के सामाजिक-आर्थिक विकास में मील का पत्थर साबित हो रही हैं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार शिल्पी पेंशन योजना, शिल्प रत्न पुरस्कार, बुनकर क्लस्टर सशक्तिकरण, कौशल विकास प्रशिक्षण, मेलों-प्रदर्शनियों और ई-कॉमर्स प्लेटफॉर्म्स के माध्यम से स्थानीय उत्पादों को बढ़ावा दे रही है। उन्होंने जनता से स्वदेशी उत्पादों को अपनाने का आह्वान करते हुए कहा कि यह आत्मनिर्भर भारत के संकल्प को मजबूत करेगा और शिल्पियों, कारीगरों तथा किसानों को नई ऊर्जा देगा।
इस अवसर पर परिषद के उपाध्यक्ष वीरेंद्र दत्त सेमवाल, विधायक सरिता आर्य, सुरेश गड़िया, अध्यक्ष बाल आयोग डॉ. गीता खन्ना, सचिव उद्योग विनय शंकर पांडेय, महानिदेशक उद्योग डॉ. सौरभ गहरवार सहित प्रदेशभर से आए शिल्पी उपस्थित रहे।
लोक निर्माण विभाग के 62 मार्गों व 08 सेतु हुए हैं क्षतिग्रस्त
देहरादून-मसूरी रोड़ पर बैली ब्रिज बनाने का युद्ध स्तर पर चल रहा है काम
देहरादून। भारी वर्षा, भूस्खलन एवं बादल फटने के कारण जनपद में लोक निर्माण विभाग के 62 मार्ग एवं 08 सेतु क्षतिग्रस्त हुए हैं। प्रदेश के लोक निर्माण एवं सिंचाई मंत्री सतपाल महाराज ने बूद्धवार को देहरादून जनपद के भारी वर्षा, भूस्खलन एवं बादल फटने से प्रभावित क्षेत्रों केशरवाला-मालदेवता, कुमाल्डा-कद्दूखाल, खैरी मानसिंह मार्गों सहित देहरादून-मसूरी मार्ग पर शिव मंदिर के समीप क्षतिग्रस्त सेतु का स्थलीय निरीक्षण कर लोक निर्माण एवं सिंचाई विभाग के अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने बताया कि क्षतिग्रस्त 8 सेतुओं में से 05 सेतुओं पर स्थाई रूप से कार्य करवा कर यातायात हेतु चालू करवा दिया गया है, जबकि शेष 03 सेतु में से क्षतिग्रस्त देहरादून-मसूरी मोटर मार्ग में शिव मंदिर की पास क्षतिग्रस्त सेतु पर बैली ब्रिज निर्माण का कार्य युद्ध स्तर पर किया जा रहा है जिसे शीघ्र ही यातायात हेतु खोल दिया जायेगा।
स्थलीय निरीक्षण के दौरान उन्होंने मीडिया से बातचीत करते हुए कहा कि राष्ट्रीय राजमार्ग संख्या 72, उत्तरांचल यूनिवर्सिटी, झाझरा सेतु के समीप हयूम पाईप वायर क्रेट डायवर्जन तथा कार्लीगाड मझाडा़ मोटर मार्ग के क्षतिग्रस्त सेतु पर गैबियन लगाकर फिलिंग करके अस्थाई कार्य प्रारम्भ करवा दिया गया है। उन्होंने बताया कि 35 मार्गो पर यातायात बहाल कर दिया गया है जबकि से 27 मार्गो पर यातायात बहाल करने के लिए लगातार कार्य चल रहा है।

लोक निर्माण मंत्री महाराज ने कहा कि लोक निर्माण विभाग द्वारा मालदेवता-केशरवाला में 300 मीटर क्षतिग्रस्त मोटर मार्ग को खोलने का काम लगातार चल रहा है। उन्होंने कहा कि नदियों का चैनेलाइजेशन होना अति आवश्यक है। इसके लिए सिंचाई, आपदा एवं खनन विभाग आपस में मिलकर काम करें ताकि नदियों का पानी रिहायसी क्षेत्र में ना घुसने पाए। लोक निर्माण एवं सिंचाई मंत्री ने लोगों से अनुरोध किया है कि वह नदी-नालों के निकट निर्माण कार्य न करें।
भारी वर्षा, भूस्खलन एवं बादल फटने से प्रभावित क्षेत्रों का निरीक्षण करने के बाद उन्होंने बताया कि सबसे ज्यादा क्षति रायपुर, कुमाल्डा कद्दूखाल मोटर मार्ग, केसर वाला मार्ग, खैरी मानसिंह मार्ग एवं सहस्त्रधारा तथा मसूरी क्षेत्र के आसपास के मार्गों को हुई है। यातायात हेतु अवरुद्ध मोटर मार्गो को शीघ्र सुचारू करते हुए आवश्यक सुविधाओं को शीघ्र बहाल करने के निर्देश विभागीय अधिकारियों को दे दिए गए हैं।
स्थलीय निरीक्षण के दौरान लोक निर्माण विभाग के प्रमुख अभियंता राजेश कुमार शर्मा सहित लोक निर्माण एवं सिंचाई विभाग के अनेक अधिकारी मौके पर मौजूद रहे।
प्रदेश में शुरू हुआ स्वस्थ नारी सशक्त परिवार अभियान
देहरादून। बुधवार को दून मेडिकल कॉलेज सभागार में आयोजित स्वस्थ नारी सशक्त परिवार अभियान कार्यक्रम के साथ ही प्रदेश भर में भी महिलाओं की स्वास्थ्य जांच के लिए शिविर शुरू हो गए। महिला सशक्तिकरण एवं बाल विकास मंत्री रेखा आर्य ने प्रदेश की महिलाओं से मिशन मोड में इस अभियान के तहत अपनी स्वास्थ्य जांच कराने का आह्वान किया।
कार्यक्रम में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने मध्य प्रदेश की धरती से वर्चुअल माध्यम से संबोधित किया। उन्होंने देश की प्रगति के लिए महिलाओं के सशक्त होने की आवश्यकता पर जोर दिया। प्रधानमंत्री ने देश की खुशहाली के लिए महिलाओं के अच्छे स्वास्थ्य को अनिवार्य बताया।
कार्यक्रम के बाद महिला सशक्तिकरण एवं बाल विकास मंत्री रेखा आर्या ने कहा कि इस अभियान के तहत 2 अक्टूबर तक प्रदेश भर में मेडिकल शिविर चलेंगे। उन्होंने कहा कि प्रदेश की सभी किशोरियों और महिलाओं को इन शिविरों में अपने स्वास्थ्य का परीक्षण अवश्य करना चाहिए।
रेखा आर्या ने कहा कि महिलाएं पूरी तरह स्वस्थ होगी तो इसे पूरे परिवार की उत्पादकता बढ़ेगी और इससे प्रदेश सशक्त बनेगा।
इसके पहले कैबिनेट मंत्री रेखा आर्य ने आयोजन स्थल पर विभिन्न विभागों द्वारा लगाई गई प्रदर्शनियों और स्टालों का निरीक्षण किया और विभिन्न उत्पादों की जानकारी ली। उन्होंने नई किस्म की नगदी फसल उगाने वाले कई किसानों से भी बातचीत की और उनका अनुभव जाना। कैबिनेट मंत्री रेखा आर्या ने महिलाओं द्वारा तैयार किए गए विभिन्न उत्पादों की गुणवत्ता और उपयोगिता की प्रशंसा कर उनका उत्साह बढ़ाया।
इस अवसर पर राज्यपाल लेफ्टिनेंट जनरल (सेवानिवृत्त) गुरमीत सिंह, मुख्यमंत्री पुष्कर धामी, सांसद माला राज्य लक्ष्मी शाह, कैबिनेट मंत्री धन सिंह रावत, विधायक खजान दास, विनोद चमोली, सविता कपूर व अधिकारी गण मौजूद रहे।
आज के समय में बालों का झड़ना आम समस्या बन चुकी है। खराब खान-पान, तनाव और बिगड़ी हुई दिनचर्या इसके बड़े कारण हैं। लेकिन अक्सर लोग यह भी कहते हैं कि हेलमेट पहनने की वजह से बाल झड़ते हैं या गंजापन आता है। सुनने में यह अजीब लगता है कि जो हेलमेट सिर को सुरक्षा देता है, वही आपके बालों का दुश्मन बन सकता है। तो आखिर इस दावे में कितनी सच्चाई है? आइए जानते हैं।
क्या सच में हेलमेट से बाल झड़ते हैं?
हकीकत यह है कि हेलमेट बाल झड़ने का सीधा कारण नहीं है। बल्कि, हेलमेट पहनने से जुड़ी कुछ आदतें और लापरवाही हेयर फॉल को बढ़ावा दे सकती हैं।
क्यों बढ़ता है हेयर फॉल?
पसीना और गंदगी का जमाव
लंबे समय तक हेलमेट पहनने से सिर में पसीना जम जाता है। इससे बैक्टीरिया और फंगल इंफेक्शन हो सकते हैं, जो हेयर फॉल को बढ़ाते हैं।
स्कैल्प को हवा न मिलना
टाइट और बंद हेलमेट स्कैल्प को सांस लेने नहीं देता। इससे बालों की जड़ें कमजोर हो सकती हैं।
साफ-सफाई की कमी
धूलभरे या गंदे हेलमेट का इस्तेमाल स्कैल्प पर डैंड्रफ, खुजली और रैशेज का कारण बनता है, जिससे बाल झड़ते हैं।
खराब क्वालिटी की पैडिंग
सस्ते या नकली हेलमेट में लगी खराब फोम स्कैल्प पर एलर्जिक रिएक्शन कर सकती है और हेयर फॉल को बढ़ा देती है।
बालों को सुरक्षित रखने के आसान उपाय
हमेशा अच्छी क्वालिटी और साफ हेलमेट का इस्तेमाल करें।
हेलमेट पहनने से पहले बालों को बचाने के लिए कॉटन का स्कार्फ या सॉफ्ट कैप लगाएं।
समय-समय पर हेलमेट की सफाई करें।
बालों की मजबूती के लिए संतुलित डाइट, पर्याप्त नींद और सही हेयर केयर अपनाएं।
लंबे समय तक हेयर फॉल की समस्या हो तो डर्मेटोलॉजिस्ट से परामर्श लें।
(साभार)
देहरादून। उत्तराखंड की जानी-मानी सहकारिता नेता, समाजसेवी और महिला सशक्तिकरण की प्रतीक शिल्पी अरोड़ा हाल ही में कृभको (KRIBHCO – Krishak Bharati Cooperative Limited) के निदेशक पद पर निर्वाचित हुई हैं। यह उपलब्धि ऐतिहासिक है क्योंकि वे उत्तराखंड से पहली महिला निदेशक बनी हैं।
कृभको देश की अग्रणी बहु-राज्य सहकारी संस्था है, जो किसानों को खाद, बीज और कृषि उत्पाद उपलब्ध कराने के साथ-साथ सहकारिता आंदोलन को मजबूती देती है। इसके निदेशक मंडल में पूरे देश से 11 निदेशक चुने जाते हैं, जिससे यह संस्था राष्ट्रीय स्तर पर किसानों और सहकारिता की आवाज़ बनती है।
शिल्पी अरोड़ा पिछले दो दशकों से किसानों और महिलाओं के कल्याण के लिए सक्रिय रूप से कार्य कर रही हैं। किसान आंदोलन के दौरान उन्होंने ग़ाज़ीपुर बॉर्डर पर भी सक्रिय भूमिका निभाई थी और कृभको व नेफेड जैसे बड़े सहकारी संस्थानों से किसानों के हित में लगातार कार्य करती रही हैं। वे FICCI FLO उत्तराखंड की संस्थापक चेयरपर्सन और पंजाबी महिला महासभा की प्रदेश अध्यक्ष के रूप में भी महिलाओं की उन्नति और सामाजिक कार्यों में अपनी अहम भूमिका निभा चुकी हैं।
नव-नियुक्त अध्यक्ष सुधाकर चौधरी और उपाध्यक्ष डॉ. चंद्रपाल यादव को शुभकामनाएं देते हुए, श्रीमती शिल्पी अरोड़ा ने कहा कि वे पूर्ण निष्ठा और समर्पण के साथ संस्था व किसानों के हित में कार्य करती रहेंगी।
मुख्यमंत्री धामी ने दी पीएम मोदी को शुभकामनाएं, कहा– उत्तराखंड से है विशेष लगाव
देहरादून। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 75वें जन्मदिवस पर बुधवार को उत्तराखंड के चारों धामों के साथ ही प्रमुख तीर्थ स्थलों पर विशेष पूजा अर्चना की गई। इस अवसर पर तीर्थ पुरोहितों और श्रद्धालुओं ने प्रधानमंत्री की लंबी आयु और स्वस्थ जीवन की कामना की।
बदरीनाथ धाम में बीकेटीसी पदाधिकारियों की मौजूदगी में विशेष हवन का आयोजन किया गया, जिसमें पुरोहितों ने भगवान बदरी विशाल से प्रधानमंत्री के मंगलमय जीवन की प्रार्थना की। वहीं केदारनाथ धाम में महारुद्राभिषेक कर बाबा केदार से देश के नेतृत्वकर्ता के लिए आशीर्वाद मांगा गया।
गंगोत्री और यमुनोत्री धाम में भी बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं और स्थानीय निवासियों की उपस्थिति में विशेष पूजा-अर्चना संपन्न हुई। इस दौरान तीर्थ पुरोहितों ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में भारत की प्रतिष्ठा वैश्विक स्तर पर बढ़ी है और चार धामों में हुए विकास कार्य उनके व्यक्तिगत प्रयासों का परिणाम हैं।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने भी प्रदेशवासियों की ओर से प्रधानमंत्री को जन्मदिन की शुभकामनाएँ दीं। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी का उत्तराखंड से विशेष लगाव है और राज्य के लोग भी उनके प्रति गहरी श्रद्धा और सम्मान रखते हैं।
साउथ सुपरस्टार तेजा सज्जा की हालिया रिलीज फिल्म ‘मिराय’ दर्शकों के बीच जबरदस्त चर्चा में है। कार्तिक गट्टामनेनी के निर्देशन में बनी यह फिल्म 12 सितंबर को सिनेमाघरों में उतरी थी और पहले ही हफ्ते में बॉक्स ऑफिस पर अच्छा प्रदर्शन कर रही है। शानदार विजुअल इफेक्ट्स और दमदार कहानी की वजह से फिल्म ने दर्शकों का ध्यान खींच लिया है।
बॉक्स ऑफिस रिपोर्ट
‘मिराय’ ने रिलीज के पहले ही दिन 13 करोड़ रुपये का कलेक्शन कर मजबूत शुरुआत की। इसके बाद दूसरे दिन शनिवार को फिल्म की कमाई 15 करोड़ रुपये तक पहुंच गई। रविवार को छुट्टी का फायदा उठाते हुए इस फिल्म ने 16.6 करोड़ रुपये का कारोबार किया। चौथे दिन सोमवार को फिल्म का कलेक्शन घटकर 6.4 करोड़ रुपये रहा, जबकि मंगलवार यानी पांचवें दिन ‘मिराय’ ने 3.18 करोड़ रुपये कमाए। इस तरह फिल्म ने सिर्फ पांच दिनों में कुल 54.18 करोड़ रुपये का बिजनेस कर लिया है।
फिल्म की खासियत
60 करोड़ रुपये के बजट में बनी इस फिल्म के शानदार वीएफएक्स और एक्शन सीक्वेंस इसकी सबसे बड़ी ताकत हैं। कहानी एक योद्धा की है, जिसे एक चमत्कारी छड़ी की शक्ति मिलती है। उसे अपनी क्षमता साबित करने के लिए कई कठिन चुनौतियों का सामना करना पड़ता है। साथ ही उसे नौ पवित्र ग्रंथों की रक्षा करने की जिम्मेदारी भी निभानी होती है।
स्टार कास्ट
तेजा सज्जा के साथ फिल्म में श्रिया सरन, जयराम, मांचू मनोज, रितिका नायक, जगपति बाबू, राजेंद्रनाथ जुत्शी, पवन चोपड़ा और तन्जा केलर जैसे दिग्गज कलाकार भी अहम भूमिकाओं में नजर आए हैं।
(साभार)
‘‘स्वच्छ भारत, स्वस्थ भारत’’ का सपना साकार करना हर नागरिक की जिम्मेदारी है- सीएम धामी
देहरादून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने बुधवार को ‘स्वच्छ उत्सव-2025’ कार्यक्रम का शुभारंभ किया। इस अवसर पर उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को जन्मदिवस की शुभकामनाएँ देते हुए उनके स्वस्थ एवं दीर्घायु जीवन की कामना की। साथ ही प्रदेशवासियों को भगवान विश्वकर्मा जयंती की शुभकामनाएँ भी दीं।
मुख्यमंत्री ने स्वयं झाड़ू लगाकर स्वच्छता का संदेश दिया और प्रदेशवासियों से इस अभियान से जुड़ने की अपील की। उन्होंने बताया कि 17 सितम्बर से 2 अक्टूबर तक प्रदेशभर में सेवा एवं स्वच्छता से संबंधित नियमित कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। इस दौरान उन्होंने राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की प्रतिमा पर पुष्पांजलि अर्पित की, स्वच्छता की शपथ दिलाई, पौधारोपण किया तथा स्वच्छता रथ को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। कार्यक्रम में पर्यावरण मित्रों को सम्मानित भी किया गया।
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में स्वच्छता आंदोलन ने देश को नई दिशा दी है। ‘स्वच्छ उत्सव-2025’ इसी संकल्प का हिस्सा है, जो आने वाली पीढ़ियों को स्वस्थ और स्वच्छ भविष्य देने का वचन है। उन्होंने कहा कि ‘‘स्वच्छ भारत, स्वस्थ भारत’’ का सपना साकार करना हर नागरिक की जिम्मेदारी है।
सीएम धामी ने बताया कि हाल ही में राष्ट्रीय वायु कार्यक्रम के अंतर्गत घोषित स्वच्छ वायु सर्वेक्षण में नगर निगम देहरादून को देश में 19वाँ स्थान प्राप्त हुआ है, जबकि स्वच्छता रैंकिंग में नगर निगम ने 62वाँ स्थान हासिल किया है, जो पिछले वर्षों की तुलना में बेहतर है। राज्य में अब तक छह लाख से अधिक शौचालयों का निर्माण किया जा चुका है। देहरादून नगर निगम ने सफाई संबंधी समस्याओं के त्वरित निस्तारण हेतु स्वच्छता कंट्रोल रूम की स्थापना की है तथा कूड़ा उठान, सीसीटीवी निगरानी और नियमित सफाई व्यवस्था से शहर को नई दिशा दी जा रही है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि स्वच्छता केवल सरकारी कार्यक्रम नहीं, बल्कि हमारी जीवनशैली और संस्कारों का हिस्सा होना चाहिए। उन्होंने नागरिकों से घर, मोहल्ले और गाँव-शहर को साफ-सुथरा रखने की जिम्मेदारी निभाने का आह्वान किया। उन्होंने ‘‘एक पेड़ माँ के नाम’’ अभियान का उल्लेख करते हुए पर्यावरण संरक्षण के महत्व पर बल दिया और कहा कि पौधारोपण जीवन की गुणवत्ता सुधारने का माध्यम है।
इस अवसर पर कैबिनेट मंत्री सतपाल महाराज, गणेश जोशी, सुबोध उनियाल, सांसद माला राज्यलक्ष्मी शाह, मेयर देहरादून सौरभ थपलियाल, विधायक सविता कपूर, सुरेश गड़िया, सचिव नीतेश झा, नगर आयुक्त नमामि बंसल समेत कई जनप्रतिनिधि और अधिकारी उपस्थित रहे।
गृहमंत्री अमित शाह ने दी बधाई, पीएम मोदी को बताया “त्याग और समर्पण का प्रतीक”
नई दिल्ली। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी बुधवार को अपना 75वां जन्मदिन मना रहे हैं। इस अवसर पर राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू, केंद्रीय मंत्रियों, भाजपा नेताओं के साथ-साथ विपक्षी दलों के नेताओं ने भी उन्हें शुभकामनाएं दीं। देशभर में भाजपा कार्यकर्ताओं और समर्थकों ने विभिन्न कार्यक्रमों का आयोजन कर प्रधानमंत्री के दीर्घायु और स्वस्थ जीवन की कामना की।
राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर शुभकामनाएं देते हुए लिखा कि प्रधानमंत्री मोदी ने अपने असाधारण नेतृत्व और अथक परिश्रम से देश में बड़े लक्ष्यों को हासिल करने की संस्कृति स्थापित की है। उन्होंने कहा कि आज विश्व समुदाय भी मोदीजी के मार्गदर्शन पर विश्वास प्रकट कर रहा है।
गृहमंत्री अमित शाह ने अपने संदेश में प्रधानमंत्री मोदी को “त्याग और समर्पण का प्रतीक” बताते हुए कहा कि उन्होंने पांच दशक से अधिक समय तक निरंतर देश और समाज की सेवा की है।
वहीं, रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने उन्हें “दूरदर्शी और संवेदनशील नेता” बताते हुए लिखा कि मोदीजी ने भारत को नई ऊर्जा, नई दिशा और विश्व पटल पर नई पहचान दिलाई है। उन्होंने गरीब और लोक कल्याण के प्रति मोदीजी की प्रतिबद्धता को भी अद्वितीय बताया।
पीएम मोदी के जन्मदिन पर दुनियाभर से बधाई संदेश आ रहे हैं। कई देशों के नेताओं ने पीएम मोदी को जन्मदिन की शुभकामनाएं दी हैं और उनके लंबे और सुखमय जीवन की कामना की।
अतिवृष्टि से निपटने को CM धामी सक्रिय, SEOC पहुँचकर राहत-बचाव कार्यों की समीक्षा की, अधिकारियों को सतर्क रहने के निर्देश
देहरादून। प्रदेशभर में लगातार हो रही अतिवृष्टि के बीच मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी राज्य आपदा परिचालन केंद्र (SEOC) पहुँचे। उन्होंने आपदा प्रबंधन विभाग, SDRF, जिला प्रशासन और अन्य संबंधित एजेंसियों के अधिकारियों के साथ बैठक कर राहत एवं बचाव कार्यों की समीक्षा की।
मुख्यमंत्री ने राजधानी देहरादून सहित सभी प्रभावित जिलों में हुए नुकसान की जानकारी लेते हुए निर्देश दिए कि राहत और बचाव कार्यों में किसी भी प्रकार की ढिलाई न बरती जाए। उन्होंने कहा कि आपदा की इस घड़ी में सरकार हर पीड़ित के साथ खड़ी है और प्रभावित परिवारों को तत्काल हर संभव सहायता उपलब्ध कराई जाएगी।
उन्होंने लापता लोगों की तलाश और फंसे नागरिकों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाने के निर्देश दिए। साथ ही राहत शिविरों में भोजन, पानी, चिकित्सा और बिजली की व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा। सीएम धामी ने SDRF, पुलिस, स्वास्थ्य विभाग और नगर निगम की कार्यशैली की सराहना करते हुए टीमों से समन्वित रूप से कार्य करने की अपील की।
सीएम ने पेयजल विभाग को प्रभावित क्षेत्रों में स्वच्छ पेयजल की आपूर्ति और गुणवत्ता की जांच सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। स्वास्थ्य विभाग को भी आपदा के बाद संभावित बीमारियों के प्रति विशेष सतर्क रहने को कहा। उन्होंने यह भी कहा कि आपदा बचाव में साहसिक कार्य करने वाले नागरिकों को सम्मानित किया जाएगा।
मुख्यमंत्री ने बताया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने फोन पर बातचीत कर उत्तराखंड की स्थिति की जानकारी ली और हरसंभव सहयोग का आश्वासन दिया। उन्होंने अधिकारियों से कहा कि अगले तीन दिनों में सभी जिलों में पूरी सतर्कता बरती जाए और मौसम पूर्वानुमान को और अधिक सुदृढ़ किया जाए।
बैठक में कैबिनेट मंत्री सतपाल महाराज, मुख्य सचिव, पुलिस महानिदेशक, प्रमुख सचिव, सचिव आपदा प्रबंधन, NDRF-SDRF अधिकारी तथा वर्चुअल माध्यम से सभी जिलों के जिलाधिकारी व अन्य वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।
