बिहार में SIR प्रक्रिया को लेकर विपक्ष और आयोग आमने-सामने
नई दिल्ली। चुनाव आयोग ने आज यानि रविवार को नेशनल मीडिया सेंटर में प्रेस वार्ता आयोजित करने का ऐलान किया है। माना जा रहा है कि इस प्रेस कॉन्फ्रेंस में आयोग, बिहार में चल रहे मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) को लेकर विपक्ष द्वारा उठाए जा रहे सवालों का जवाब देगा। यह पहली बार है जब आयोग बिना किसी विधायी कार्य के प्रेस वार्ता करने जा रहा है। संयोग यह भी है कि इसी दिन राहुल गांधी बिहार से अपनी 16 दिवसीय ‘वोट अधिकार यात्रा’ की शुरुआत कर रहे हैं।
आयोग से जुड़े सूत्रों ने बताया कि विपक्षी दलों के आरोप निराधार और तथ्यों से परे हैं। उनका कहना है कि बिना ठोस जांच के अफवाह फैलाना और निर्वाचन आयोग की साख पर सवाल खड़े करना उचित नहीं है।
उत्तर प्रदेश के निर्वाचन अधिकारी के अनुसार, सोशल मीडिया पर यह दावा किया जा रहा है कि एक ही व्यक्ति के नाम पर कई वोटर कार्ड बने हैं, जबकि वास्तविकता यह है कि मतदाता सेवा पोर्टल या वोटर हेल्पलाइन ऐप पर किसी नाम को दर्ज करने पर उस नाम के सभी मतदाताओं का विवरण सामने आ जाता है। इसका अर्थ यह नहीं है कि सभी कार्ड एक ही व्यक्ति के हैं।
उदाहरण के तौर पर “संदीप पुत्र गुलाब” नाम से जुड़े इलाहाबाद पश्चिम विधानसभा क्षेत्र के सात अलग-अलग वोटर कार्डों को लेकर लगाए गए आरोपों को भी आयोग ने खारिज कर दिया है। आयोग ने स्पष्ट किया कि ये कार्ड अलग-अलग व्यक्तियों के हैं जिनके फोटो, पते और अभिभावक का नाम अलग-अलग दर्ज है।
सेमीफाइनल मुकाबले में अब नॉर्थईस्ट यूनाइटेड से भिड़ेगी शिलांग लाजोंग एफसी
शिलांग। डूरंड कप फुटबॉल टूर्नामेंट में शिलांग लाजोंग एफसी ने रोमांचक मुकाबले में भारतीय नौसेना को 2-1 से हराकर लगातार दूसरे साल सेमीफाइनल में जगह बना ली। एक गोल से पिछड़ने के बावजूद घरेलू टीम ने शानदार वापसी करते हुए जीत दर्ज की और अब उसका सामना गत चैंपियन नॉर्थईस्ट यूनाइटेड से होगा।
भारतीय नौसेना की ओर से विजय मरांडी ने पहले हाफ में गोल दागकर टीम को बढ़त दिलाई थी। हालांकि, दूसरे हाफ में शिलांग लाजोंग एफसी ने दामाइटफांग लिंगदोह और एवरब्राइटसन सना मायलिएमपाड के गोल की बदौलत मैच पलट दिया। दोनों टीमों के गोलकीपरों ने बेहतरीन बचाव किए, लेकिन 79वें मिनट में बढ़त लेने के बाद शिलांग लाजोंग ने अपनी डिफेंस को मजबूत कर नौसेना को वापसी का कोई मौका नहीं दिया। अब 19 अगस्त को सेमीफाइनल में शिलांग लाजोंग का मुकाबला नॉर्थईस्ट यूनाइटेड से होगा।
देहरादून में पहली बार होगा एशियन ओपन शॉर्ट ट्रैक स्पीड स्केटिंग ट्रॉफी 2025 का आयोजन
देहरादून। भारत पहली बार शीतकालीन खेलों का सबसे बड़ा अंतरराष्ट्रीय आयोजन करने जा रहा है। एशियन ओपन शॉर्ट ट्रैक स्पीड स्केटिंग ट्रॉफी 2025 का आयोजन 20 से 23 अगस्त तक राजधानी देहरादून में होगा। ISAI के अध्यक्ष अमिताभ शर्मा ने कहा इस ऐतिहासिक प्रतियोगिता में एशिया के 11 देश चीन, जापान, हांगकांग, इंडोनेशिया, सिंगापुर, थाईलैंड, चीनी ताइपे, वियतनाम, मलेशिया, फिलीपींस और भारत हिस्सा लेंगे। खिलाड़ी 222 मीटर स्प्रिंट से लेकर 5000 मीटर रिले तक की 9 अलग-अलग प्रतिस्पर्धाओं में दमखम दिखाएंगे।
ISAI के अध्यक्ष अमिताभ शर्मा ने कहा देहरादून स्तिथ महाराणा प्रताप स्पोर्ट्स कॉलेज में हिमाद्री आइस रिंक, जो देश की इकलौती ओलंपिक साइज आइस रिंक है, इस आयोजन का केंद्र होगा। लंबे समय से बंद रही यह रिंक अब पूरी तरह तैयार है और हाल ही में राष्ट्रीय चैंपियनशिप की मेज़बानी भी कर चुकी है। इस टूर्नामेंट में 190 से अधिक स्केटर्स उतरेंगे, जिनमें भारत की ओर से 90 स्केटर्स की टीम भी शामिल होगी। खास बात यह है कि राष्ट्रीय चैंपियन और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर पदक जीत चुके खिलाड़ी भी इसमें हिस्सा लेंगे। खिलाड़ियों को कोरिया से आए अंतरराष्ट्रीय कोच प्रशिक्षण देंगे। यह आयोजन भारत में शीतकालीन खेलों की तस्वीर बदलने जा रहा है। आइस स्केटिंग अब पहाड़ी इलाकों से निकलकर महाराष्ट्र, तमिलनाडु और कर्नाटक तक पहुँच चुकी है। इस साल हार्बिन (चीन) में हुए एशियन विंटर गेम्स में देश का प्रतिनिधित्व कर चुके खिलाड़ी एकलव्य जगल, सोहन टरकर, साई सहाना, सुयोग तापकीर, डेशियल कॉन्सेसाओ, नॉयल सी. चेरियन और अन्य भी इस भव्य आयोजन का हिस्सा होंगे। यानी, देहरादून में होने वाला यह टूर्नामेंट सिर्फ मेडल की जंग नहीं, बल्कि भारत में विंटर स्पोर्ट्स के नए युग की शुरुआत है।
शिक्षा मंत्री डॉ. धन सिंह रावत ने 14.39 करोड़ की धनराशि जारी की
देहरादून। माध्यमिक शिक्षा विभाग के अंतर्गत जर्जर हो चुके विद्यालयों का कायाकल्प किया जायेगा। इसके लिये विभागीय स्तर पर जनपदवार क्षतिग्रस्त विद्यालयों को ए,बी,सी व डी श्रेणी में चिन्हित किया गया है। ‘सी’ श्रेणी में चिन्हित चार जनपदों के 10 विद्यालयों में निर्माण एवं मरम्मत आदि कार्यों के लिये कार्यदायी संस्था नामित कर कुल 14 करोड़ 39 लाख की धनराशि के आगणन को विभागीय मंत्री डॉ. धन सिंह रावत ने मंजूरी दे दी है। इसके अलावा ‘डी’ श्रेणी में चिन्हित 6 विद्यालयों के लिये भी कार्यदायी संस्था का चयन कर दिया गया है।
विद्यालयी शिक्षा विभाग में मरम्मत योग्य विद्यालयों का सरकार द्वारा जीर्णोद्धार किया जा रहा है। इसके लिये क्षतिग्रस्त विद्यालयों को चार श्रेणियों में बंटा गया है। इसके लिये खण्ड शिक्षा अधिकारियों को अपने-अपने विकासखण्ड के अंतर्गत ऐसे विद्यालयों का चिन्हिकरण कर प्रस्ताव शिक्षा महानिदेशायल को उपलब्ध कराने के निर्देश पूर्व में जारी किये गये थे। इसी क्रम में टिहरी, पौड़ी, देहरादून व ऊधमसिंह नगर जनपद के अंतर्गत ‘सी’ श्रेणी में चिन्हित 10 क्षतिग्रस्त विद्यालयों में भवन निर्माण एवं अन्य अवस्थापना कार्य हेतु कार्यदायी संस्था नामित कर दी गई है। साथ ही विभगाय मंत्री डॉ. धन सिंह रावत ने इन विद्यालयों में निर्माण कार्यों हेतु 14 करोड़ 39 लाख की धनराशि के आगणन को अनुमोदित कर दिया है। जिसमें जनपद टिहरी के अंतर्गत राजकीय इंटर कॉलेज नकुर्ची, जौनपुर हेतु 2 करोड़ 77 लाख, राजकीय इंटर कॉलेज न्यूली अकरी 1 करोड़ 59 लाख, राजकीय इंटर कॉलेज लम्बगांव 2 करोड़ 53 लाख तथा राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय पिन्सवाड़ हेतु 2 करोड़ 35 लाख की धनराशि का आगणन किया गया है। इसी प्रकार देहरादून के राजकीय इंटर कॉलेज जस्सोवाला में निर्माण व मरम्मत कार्ये हेतु 3 करोड़, ऊधमसिंह नगर के राजकीय इंटर कॉलेज बरहैनी हेतु 96 लाख, राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय पूरनपुर 59 लाख, राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय जगदीशपुर, गदरपुर 15 लाख तथा पौड़ी जनपद के राजकीय इंटर कॉलेज सिलोगी, द्वारीखाल में विभिन्न निर्माण कार्यों हेतु 43 लाख की धनराशि का आगणन किया गया है। इन चारों जनपदों टिहरी व देहरादून में सिंचाई विभाग तथा ऊधमसिंह नगर व पौड़ी में ग्रामीण निर्माण विभाग को कार्यदायी संस्था नामित किया गया है। सी श्रेणी के अंतर्गत चयनित इन विद्यालयों में कक्षा-कक्ष, आर्ट एंड क्राफ्ट कक्ष, वैकल्पिक विषय कक्ष, प्रधानाचार्य कक्ष, कार्यालय कक्ष, स्टॉफ कक्ष, पुस्तकालय, कम्प्यूटर कक्ष, विभिन्न विषयों की प्रयोगशालाएं, एमडीएम किचन, शौचालय निर्माण सहित वृहद व पुराने भवनों की मरम्मत की जायेगी।
इसके अलावा माध्यमिक शिक्षा विभाग के अंतर्गत हरिद्वार, अल्मोड़ा व नैनीताल जनपद के अंतर्गत ‘डी’ श्रेणी में चिन्हित 6 पूर्ण रूप से क्षतिग्रस्त विद्यालयों में निर्माण कार्य हेतु कार्यदायी संस्था नामित कर दी है, जिसका अनुमोदन विभागीय मंत्री डॉ. रावत ने दे दिया है। जिसके तहत हरिद्वार जनपद में राजकीय बालिका इंटर कॉलेज गुलाबशाहपीर, राजकीय बालिका इंटर कॉलेज भगवानपुर, राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय मानकचौक, नारसन तथा राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय मानकपुर आदमपुर तथा नैनीताल के राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय हेतु कृषि मंडी जबकि अल्मोड़ा जनपद के राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय में जाख में निर्माण कार्य हो ग्रामीण निर्माण विभाग को कार्यदायी संस्था के तौर पर नामित किया गया है।
वॉशिंगटन। अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने रूस-यूक्रेन युद्ध पर अपनी कूटनीतिक पहल को लेकर बड़ा बयान दिया है। उन्होंने कहा कि इस संघर्ष को समाप्त करने के लिए केवल युद्धविराम नहीं, बल्कि एक स्पष्ट और स्थायी शांति समझौता जरूरी है। ट्रंप ने यह टिप्पणी रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन से अलास्का में मुलाकात के बाद की।
डोनाल्ड ट्रंप ने शनिवार को ट्रुथ सोशल पर पोस्ट करते हुए जानकारी दी कि उनकी अलास्का में रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन के साथ एक सकारात्मक बैठक हुई। इसके साथ ही उन्होंने यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोदिमिर जेलेंस्की और यूरोपीय नेताओं से भी टेलीफोन पर बातचीत की।
ट्रंप ने कहा, “सभी पक्ष इस बात पर सहमत हैं कि युद्ध को समाप्त करने का सबसे कारगर और स्थायी तरीका एक स्पष्ट शांति समझौता है। केवल युद्धविराम पर भरोसा करना खतरनाक हो सकता है, क्योंकि हालात फिर से खराब हो सकते हैं।”
ट्रंप ने यह भी पुष्टि की कि यूक्रेन के राष्ट्रपति जेलेंस्की सोमवार को वॉशिंगटन डीसी स्थित व्हाइट हाउस में उनसे मुलाकात करेंगे। उन्होंने कहा कि अगर यह बैठक सकारात्मक रही, तो इसके बाद वह रूस के राष्ट्रपति पुतिन के साथ अगली वार्ता का शेड्यूल भी तय करेंगे। राष्ट्रपति ट्रंप ने नाटो महासचिव समेत अन्य यूरोपीय नेताओं के साथ भी विचार-विमर्श करने की बात कही और दावा किया कि सभी इस युद्ध को खत्म करने के इच्छुक हैं।
प्रार्थिनी ने पुलिस व पड़ोसियों पर अभद्रता और मारपीट का लगाया आरोप
देहरादून। राजधानी देहरादून के रेसकोर्स क्षेत्र में बिजली के पोल से केबल डालने को लेकर हुए विवाद ने तूल पकड़ लिया है। इस मामले में उत्तराखंड राज्य महिला आयोग ने सख्ती दिखाते हुए गंभीर जांच के आदेश दिए हैं।
जानकारी के अनुसार, एक परिवार के घर में बिजली की समस्या आने पर विद्युत कर्मियों को बुलाया गया था। इसी दौरान पड़ोसियों के साथ विवाद हो गया। शिकायतकर्ता ने महिला आयोग में दर्ज शिकायत में आरोप लगाया कि दोपहर करीब 1:30 बजे पुलिस कर्मियों और पड़ोसी उनके घर के पास बिजली के तार डालने लगे। आपत्ति जताने पर प्रार्थिनी और उनकी बेटी से अभद्र व्यवहार किया गया और धमकियां दी गईं।
शिकायत में यह भी कहा गया है कि शाम करीब 4 बजे पुलिस वाहन और अन्य गाड़ियों से 8-10 लोग मौके पर पहुंचे। आरोप है कि इस दौरान प्रार्थिनी और उनकी बेटी के साथ मारपीट की गई, फोन छीन लिए गए और उन्हें घसीटकर नीचे लाया गया। शिकायत के मुताबिक, महिला पुलिस भी मौके पर पहुंची और प्रार्थिनी को जबरन गाड़ी में बैठा लिया, जबकि बेटी को पीटकर घायल कर दिया गया।
मामले की जानकारी मिलते ही राज्य महिला आयोग की अध्यक्ष कुसुम कंडवाल ने थानाध्यक्ष नेहरू कॉलोनी और वरिष्ठ अधिकारियों से फोन पर वार्ता कर कार्रवाई के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि यह अत्यंत निंदनीय घटना है और मामले की गंभीर व निष्पक्ष जांच की जाएगी। आयोग ने दोनों पक्षों को सोमवार को तलब किया है।
कुसुम कंडवाल ने स्पष्ट किया कि दोषी कोई भी हो, उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने कहा कि कानून समाज की सुरक्षा के लिए है और उसका दुरुपयोग किसी भी हाल में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
मौसम विभाग ने कई जिलों में बाढ़ की आशंका जताते हुए अलर्ट जारी किया
रुद्रप्रयाग। केदारनाथ धाम की यात्रा के दौरान दुखद हादसा हो गया। गौरीकुंड से लगभग एक किलोमीटर आगे छौड़ी गधेरे के पास पहाड़ी से अचानक पत्थर गिरने से महाराष्ट्र से आए एक यात्री की मौत हो गई।
पुलिस और जिला प्रशासन की यात्रा मैनेजमेंट फोर्स ने तुरंत कार्रवाई करते हुए घायल यात्री को गौरीकुंड अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। मृतक की पहचान 38 वर्षीय परमेश्वर भीम राव खावाल, निवासी औरंगाबाद (महाराष्ट्र) के रूप में हुई है।
राज्य में बाढ़ का अलर्ट
इस बीच मौसम विभाग के हाइड्रोमेट डिवीजन ने राज्य के कई जिलों – अल्मोड़ा, बागेश्वर, चमोली, चंपावत, देहरादून, हरिद्वार, नैनीताल, पौड़ी, पिथौरागढ़, रुद्रप्रयाग, टिहरी और उत्तरकाशी – में बाढ़ की आशंका जताते हुए अलर्ट जारी किया है।
राज्य आपदा प्रबंधन प्राधिकरण ने सभी जिलाधिकारियों को सतर्क रहने, लोगों को समय-समय पर चेतावनी देने और सुरक्षा उपायों को पुख्ता करने के निर्देश दिए हैं।
भराड़ीसैंण विधानसभा में 19 अगस्त से सुरु होगा मानसून सत्र
देहरादून। उत्तराखंड में ग्रीष्मकालीन राजधानी गैरसैंण के भराड़ीसैंण विधानसभा में आगामी 19 अगस्त से शुरू होने वाले मानसून सत्र को लेकर तैयारियां अंतिम चरण में हैं। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि विधानसभा सत्र को लेकर सरकार पूरी तरह से तैयार है।
अब तक 32 विधायकों की ओर से 547 प्रश्न विधानसभा को प्राप्त हो चुके हैं। सत्र की व्यवस्थाओं की समीक्षा के लिए विधानसभा अध्यक्ष ने उच्च स्तरीय अधिकारियों के साथ बैठक की और सुरक्षा व्यवस्था को लेकर विशेष निर्देश दिए। अध्यक्ष ने कहा कि विधानसभा परिसर में प्रवेश के दौरान किसी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
इस बार सत्र का संचालन नेवा (नेशनल इलेक्ट्रोल वेब एप्लीकेशन) के तहत किया जाएगा। इसके लिए आईटीडीए को आवश्यक निर्देश दिए गए हैं। संचार कंपनियों की मदद से विधानसभा परिसर में हाई-स्पीड नेटवर्क और वाई-फाई सुविधा उपलब्ध कराई जाएगी।
वाहन प्रवेश पर भी सख्ती बरती जाएगी। बिना अनुमति-पत्र के किसी भी कर्मचारी का वाहन परिसर में नहीं जाएगा। मंत्रियों और विधायकों की सिफारिश पर सीमित संख्या में ही आगंतुकों को प्रवेश मिलेगा। साथ ही, सत्र के दौरान स्वास्थ्य सेवाएं, बिजली और पेयजल आपूर्ति निर्बाध रखने के निर्देश भी दिए गए हैं।
निर्देशक विवेक अग्निहोत्री, जिन्होंने ‘द ताशकंद फाइल्स’ और ‘द कश्मीर फाइल्स’ जैसी चर्चित फिल्में बनाई थीं, अब अपनी अगली फिल्म ‘द बंगाल फाइल्स’ लेकर आए हैं। हाल ही में इसका ट्रेलर जारी किया गया, जिसमें बंगाल में हुए दंगों और वहां हिंदू समुदाय पर हुए अत्याचारों की झलक दिखाई गई है।
1946 के दंगों और नरसंहार की कहानी
यह फिल्म 1946 में कोलकाता में हुए दंगों और नोआखाली नरसंहार की घटनाओं पर आधारित है। ट्रेलर सामने आते ही फिल्म चर्चा और विवादों का विषय बन गई है। मेकर्स का आरोप है कि फिल्म की घोषणा के बाद से उन्हें लगातार धमकियां मिल रही हैं और कई तरह की मुश्किलें खड़ी की जा रही हैं।
पुरानी स्टारकास्ट फिर से साथ
‘द बंगाल फाइल्स’ 5 सितंबर को रिलीज होगी। इसमें मिथुन चक्रवर्ती, पल्लवी जोशी, अनुपम खेर और दर्शन कुमार जैसे कलाकार मुख्य भूमिकाओं में नजर आएंगे। खास बात यह है कि यही कलाकार पहले ‘द कश्मीर फाइल्स’ में भी दर्शकों को दिखाई दिए थे।
(साभार)
मुख्यमंत्री ने कहा— अटल जी का जीवन देशभक्ति, समर्पण और सेवा का अनुपम उदाहरण है
देहरादून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने पूर्व प्रधानमंत्री “भारत रत्न” अटल बिहारी वाजपेयी की पुण्यतिथि पर मुख्यमंत्री कैंप कार्यालय में उनके चित्र पर पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि दी।
मुख्यमंत्री ने कहा कि अटल जी का जीवन देशभक्ति, समर्पण और सेवा का अनुपम उदाहरण है, जो हमें सदैव राष्ट्र निर्माण के पथ पर आगे बढ़ने की प्रेरणा देता रहेगा।
