आज की भागदौड़ भरी जिंदगी में फैटी लिवर एक आम स्वास्थ्य समस्या बन चुकी है। लोग अक्सर मान लेते हैं कि इसका कारण केवल असंतुलित खानपान है, जबकि हकीकत यह है कि कई अन्य जीवनशैली से जुड़ी आदतें भी इस रोग का खतरा बढ़ाती हैं।
अगर लिवर में वसा की मात्रा 5–10% तक पहुंच जाए, तो इसे फैटी लिवर कहा जाता है। शुरुआती चरण में इसके लक्षण दिखाई नहीं देते, लेकिन समय रहते ध्यान न देने पर यह गंभीर लिवर रोग में बदल सकता है। इसलिए खानपान के साथ-साथ इन कारणों पर भी नज़र रखना जरूरी है—
1. शारीरिक निष्क्रियता और नींद की कमी
लंबे समय तक बैठे रहना, व्यायाम न करना और खराब नींद की आदतें लिवर में फैट जमा होने का कारण बन सकती हैं। इससे मेटाबॉलिज्म प्रभावित होता है और लिवर पर अतिरिक्त दबाव पड़ता है।
2. तनाव और दवाओं का अधिक सेवन
लगातार तनाव से शरीर में कोर्टिसोल हार्मोन का स्तर बढ़ता है, जो लिवर के कार्य को बाधित करता है। वहीं, कुछ दवाओं का लंबे समय तक या अधिक मात्रा में सेवन भी लिवर को नुकसान पहुंचा सकता है।
3. तेजी से वजन कम करना
कम समय में ज्यादा वजन घटाना भी लिवर के लिए हानिकारक हो सकता है। इस दौरान फैट मेटाबॉलिज्म की प्रक्रिया बिगड़ जाती है और लिवर को अधिक मेहनत करनी पड़ती है।
बचाव के उपाय
फैटी लिवर से बचने के लिए नियमित व्यायाम, संतुलित आहार, पर्याप्त नींद और तनाव प्रबंधन बेहद जरूरी है। अगर आपको फैटी लिवर के लक्षण महसूस हों, तो खुद से इलाज करने के बजाय डॉक्टर की सलाह लें। समय पर उपचार और सही जीवनशैली अपनाकर इस बीमारी से आसानी से बचा जा सकता है।
(साभार)
ऑटोरिक्शा और ट्रक की आमने-सामने टक्कर, एक महिला गंभीर रूप से घायल
रांची। झारखंड की राजधानी रांची में देर रात रांची–पुरुलिया मार्ग पर चामघाटी के पास एक दर्दनाक सड़क हादसा हुआ। ऑटोरिक्शा और ट्रक की आमने-सामने की टक्कर में एक ही परिवार के चार सदस्यों की मौके पर मौत हो गई, जबकि एक महिला गंभीर रूप से घायल हो गई।
अंगारा थाना प्रभारी हीरालाल साह ने बताया कि मृतकों में दो महिलाएं शामिल हैं। घायल महिला को गंभीर हालत में रांची के राजेंद्र आयुर्विज्ञान संस्थान (रिम्स) में भर्ती कराया गया है।
नियंत्रण खोने से हुआ हादसा
पुलिस के अनुसार, रांची की ओर जा रहे ऑटोरिक्शा को मुरी से आ रहे तेज रफ्तार ट्रक ने टक्कर मार दी। शुरुआती जांच में सामने आया है कि ट्रक चालक ने वाहन पर नियंत्रण खो दिया, जिसके चलते यह भीषण दुर्घटना हुई। टक्कर के बाद ट्रक पलट गया और चालक मौके से फरार हो गया।
मृतक और घायल की पहचान
मृतकों की पहचान ऑटोरिक्शा चालक शेख गयासुद्दीन, उनकी मां आयशा खातून, पत्नी जोराद्दीन और बेटे शेख अमन के रूप में हुई है। घायल महिला परिवार की रिश्तेदार बताई जा रही है। यह परिवार रांची के कांटाटोली इलाके में रहता था।
जांच जारी
पुलिस ने मृतकों के शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिए हैं और फरार ट्रक चालक की तलाश चल रही है।
भूस्खलन शमन, भूविज्ञान और भवन अनुसंधान संस्थानों के विशेषज्ञ कर रहे स्थलीय जांच
धराली। आपदा प्रभावित धराली क्षेत्र में नुकसान और घटना के संभावित कारणों की जांच के लिए शासन द्वारा गठित विशेषज्ञों की टीम मौके पर पहुँची। टीम में उत्तराखंड भूस्खलन शमन एवं प्रबंधन केंद्र (ULMMC) के निदेशक शांतनु सरकार, केंद्रीय भवन अनुसंधान संस्थान (CBRI) रुड़की के मुख्य वैज्ञानिक डॉ. डी.पी. कानूनगो, भारतीय भूवैज्ञानिक सर्वेक्षण (GSI) के निदेशक रवि नेगी, वाडिया हिमालय भूविज्ञान संस्थान के वैज्ञानिक डॉ. अमित कुमार और ULMMC के प्रधान सलाहकार मोहित कुमार शामिल रहे।
विशेषज्ञों ने प्रभावित क्षेत्रों का स्थलीय निरीक्षण करते हुए मलबे के नमूनों का संग्रह किया, खीरगाड़ के प्रवाह क्षेत्र और मलबे के फैलाव का अध्ययन किया तथा स्थानीय निवासियों से प्रत्यक्ष जानकारी जुटाई। जांच का कार्य आगे भी जारी रहेगा।
दुर्गंध, मच्छरों और जल प्रदूषण से महिलाओं-बच्चों की सेहत पर मंडरा रहा खतरा
देहरादून। उत्तराखंड महिला कांग्रेस अध्यक्ष ज्योति रौतेला ने आज धर्मपुर विधानसभा क्षेत्र में स्थित कारगी कूड़ा प्रबंधन यार्ड से उत्पन्न जनस्वास्थ्य और पर्यावरणीय संकट को लेकर जिलाधिकारी देहरादून को एक विस्तृत ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन में यार्ड के तत्काल विस्थापन की मांग की गई है।
रौतेला ने कहा, “कारगी यार्ड से उठती दुर्गंध, मच्छरों का प्रकोप और जल स्रोतों का प्रदूषण क्षेत्रीय जनता के लिए अभिशाप बन चुका है। महिलाएं, बच्चे और वृद्धजन इस संकट से सबसे अधिक प्रभावित हैं। यह केवल स्वच्छता का नहीं, बल्कि जीवन की गरिमा का प्रश्न है।”
ज्ञापन में निम्नलिखित प्रमुख बिंदुओं को रेखांकित किया गया:
– यार्ड से उत्पन्न दुर्गंध और प्रदूषण से अस्थमा, एलर्जी, डेंगू जैसी बीमारियाँ बढ़ रही हैं।
– बरसात के मौसम में कूड़े का रिसाव जल स्रोतों को प्रदूषित कर रहा है।
– मानसिक स्वास्थ्य पर प्रतिकूल प्रभाव, विशेषकर बच्चों और महिलाओं में चिंता और असहजता की स्थिति।
महिला कांग्रेस अध्यक्ष ज्योति रौतेला ने प्रशासन से मांग की कि यार्ड को किसी गैर-आवासीय, पर्यावरणीय रूप से उपयुक्त स्थान पर स्थानांतरित किया जाए और स्थानांतरण तक नियमित सफाई, छिड़काव और दुर्गंध नियंत्रण की व्यवस्था सुनिश्चित की जाए।
उन्होंने चेतावनी दी कि यदि प्रशासन शीघ्र कार्रवाई नहीं करता, तो महिला कांग्रेस जनहित में आंदोलनात्मक कदम उठाने को बाध्य होगी। इस मौके में आशा मनोरमा शर्मा वरिष्ठ उपाध्यक्ष, नजमा खान वरिष्ठ उपाध्यक्ष, पूनम सिंह जिला अध्यक्ष, पुष्पा पंवार प्रदेश महासचिव, सुशीला शर्मा प्रदेश महासचिव, दीपा चौहान सचिव, भावना सचिव, अनुराधा तिवारी महासचिव, देवेंद्र कोर सचिव,आदि मौजूद रहे।
सात मिनट 34.49 सेकंड में पूरी की दौड़, पिछला रिकॉर्ड 7:38.26 सेकंड
नई दिल्ली। अलीगढ़ के स्टार धावक गुलवीर सिंह ने एक बार फिर इतिहास रच दिया है। उन्होंने सात मिनट 34.49 सेकंड का समय लेकर अपने ही पिछले राष्ट्रीय रिकॉर्ड (7:38.26 सेकंड) को तोड़ दिया, जो इस साल फरवरी में बोस्टन विश्वविद्यालय में आयोजित डेविड हेमरी वैलेंटाइन आमंत्रण प्रतियोगिता में बना था। यह शानदार प्रदर्शन उन्होंने यूरोप में अपनी पहली ट्रैक रेस के दौरान किया, जो विश्व एथलेटिक्स की कॉन्टिनेंटल टूर स्वर्ण स्तर की प्रतियोगिता थी।
प्रतियोगिता में कीनिया के किपसांग मैथ्यू किपचुम्बा ने 7:33.23 मिनट में स्वर्ण पदक जीता, जबकि मैक्सिको के एडुआर्डो हेरेरा (7:33.58), युगांडा के ऑस्कर चेलिमो (7:33.93) और उरुग्वे के वैलेन्टिन सोका (7:34.28) क्रमशः दूसरे से चौथे स्थान पर रहे। गुलवीर पांचवें स्थान पर रहे, लेकिन उन्होंने एक बार फिर भारत का नाम ऊँचा कर दिया।
रिकॉर्ड्स के बादशाह
गुलवीर पुरुषों की 5000 मीटर (12:59.77) और 10,000 मीटर (27:00.22) में भी राष्ट्रीय रिकॉर्ड धारक हैं। वे इन दोनों इवेंट्स में मौजूदा एशियाई चैंपियन भी हैं। मई में उन्होंने महाद्वीपीय चैंपियनशिप में स्वर्ण पदक जीता था और वे 13 से 21 सितंबर तक टोक्यो में होने वाली विश्व एथलेटिक्स चैंपियनशिप के 5000 मीटर वर्ग में पहले ही क्वालीफाई कर चुके हैं।
कौन हैं गुलवीर सिंह
अलीगढ़ जिले के छर्रा क्षेत्र के गांव सिरसा के रहने वाले गुलवीर ने अमेरिका के पोर्टलैंड में 5000 मीटर दौड़ में भी कीर्तिमान स्थापित किया था। 19वें एशियन गेम्स (हांगझाऊ, चीन) में उन्होंने 10,000 मीटर दौड़ में 28.17 मिनट का समय लेकर कांस्य पदक जीता था। भारतीय सेना में हवलदार पद पर तैनात गुलवीर अब तक राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर 30 से ज्यादा पदक जीत चुके हैं। एशियन गेम्स में कांस्य पदक जीतने पर उत्तर प्रदेश दिवस पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने उन्हें 75 लाख रुपये का पुरस्कार भी प्रदान किया था।
मालन, सुखरो, सिद्धबली समेत सात पुलों पर लाइटें हुई चालू
कोटद्वार। उत्तराखंड विधानसभा अध्यक्ष एवं कोटद्वार विधायक ऋतु खण्डूड़ी भूषण ने आज ₹1 करोड़ 29 लाख की लागत से कोटद्वार विधानसभा क्षेत्र के सात प्रमुख पुलों पर स्थापित एल.ई.डी. स्ट्रीट लाइट्स का लोकार्पण किया। कार्यक्रम के तहत सुखरो नदी के पुल पर क्षेत्रीय जनता की उपस्थिति में स्ट्रीट लाइट का स्विच ऑन कर इन्हें औपचारिक रूप से जनसमर्पित किया गया।
खण्डूड़ी भूषण ने बताया कि मुख्यमंत्री घोषणा संख्या-337 के अंतर्गत, राज्य वित्त आयोग से स्वीकृत इस परियोजना को प्रशासनिक वर्ष में शासन से अनुमोदन प्राप्त कराया गया था, जिसके बाद कार्य प्रारम्भ हुआ और आज यह सफलतापूर्वक पूर्ण हुआ है। उन्होंने मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी का इस परियोजना की स्वीकृति और समर्थन के लिए हृदय से आभार व्यक्त किया।
उन्होंने कहा, “कोटद्वार के सभी सातों पुल — मालन, सुखरो, सिद्धबली, ग्रस्टानगंज, बीएल, गुल्लर और गाड़ीघाट — अब रात्रि में भी सुरक्षित और प्रकाशमान रहेंगे। इसके साथ ही प्रमुख चौराहों पर भी लाइटें लगाई गई हैं, जिससे यातायात और नागरिकों की सुविधा में उल्लेखनीय सुधार होगा।”
इस अवसर पर जिलाध्यक्ष राज गौरव नौटियाल, महापौर शैलेंद्र सिंह रावत, नगर आयुक्त पी.एल. शाह, मण्डल अध्यक्ष प्रेमा खंतवाल, पार्षद प्रमोद केष्टवाल, कमल नेगी सहित अनेक जनप्रतिनिधि एवं क्षेत्रवासी उपस्थित रहे।
भाजपा सांसद अनुराग ठाकुर ने राहुल गांधी के चुनाव आयोग पर लगाये आरोपों को बताया निराधार और भ्रामक
नई दिल्ली। लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी द्वारा चुनाव आयोग पर लगाए गए आरोपों पर भाजपा सांसद अनुराग ठाकुर ने बुधवार को कड़ा जवाब दिया। उन्होंने कहा कि कांग्रेस और उसके नेता चुनावी हार के बाद हमेशा नए बहाने ढूंढते हैं। ठाकुर ने तंज कसते हुए कहा, “कल कुछ कांग्रेस के लोग कह रहे थे कि राहुल गांधी और विपक्ष के नेताओं ने बवंडर खड़ा किया। बवंडर नहीं, ब्लंडर है। धूल चेहरे पर थी और आप आईना साफ करते रहे।”
भाजपा सांसद ने दावा किया कि राहुल गांधी के नेतृत्व में कांग्रेस 90 से अधिक चुनाव हार चुकी है। “जब भी हार मिलती है, कांग्रेस कभी ईवीएम पर सवाल उठाती है, कभी मतदाताओं को दोषी ठहराती है। पहले कहा कि भाजपा के लिए ईवीएम में हेरफेर हुई, फिर कहा ईवीएम पर प्रतिबंध लगाओ, और अब दावा करते हैं कि मशीनों को रिमोट से हैक किया जा सकता है,”।
ठाकुर ने कांग्रेस पर इतिहास से उदाहरण देते हुए भी निशाना साधा। उन्होंने कहा कि 1952 के पहले आम चुनाव में कांग्रेस और सीपीआई ने मिलकर संविधान निर्माता डॉ. भीमराव अंबेडकर को चुनाव में हराया था। “74,333 वोट खारिज हुए और अंबेडकर जी सिर्फ 14,561 वोट से हारे। कांग्रेस ने पहले ही चुनाव में चुनावी भ्रष्टाचार की नींव रखी थी,”।
भाजपा नेता ने कांग्रेस परिवार पर चुनाव आयोग और मतदाताओं को बदनाम करने की पुरानी परंपरा का आरोप लगाया। “इंदिरा गांधी ने मतदाताओं को मूर्ख कहा, राजीव गांधी ने बैलेट पेपर को दोष दिया, और अब राहुल गांधी कभी ईवीएम, कभी बैलेट पेपर की बात करते हैं,”।
ममता बनर्जी पर भी हमला बोलते हुए ठाकुर ने याद दिलाया कि 2005 में उन्होंने लोकसभा में दस्तावेज फेंककर आरोप लगाया था कि मतदाता सूची में अवैध बांग्लादेशी प्रवासियों के नाम हैं। “अब जब हम उस गड़बड़ी को दूर कर रहे हैं, तो वह बाधाएं खड़ी कर रही हैं। सवाल यह है कि वह तब झूठ बोल रही थीं या अब?” ठाकुर ने पूछा।
उत्तराखंड में 136 सड़कें बंद, बहाली में लगी 124 जेसीबी
देहरादून। ग्राम्य विकास मंत्री गणेश जोशी ने प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना (पीएमजीएसवाई) के अंतर्गत बरसात से बाधित सड़कों को प्राथमिकता के साथ खोलने के लिए अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए हैं।
बुधवार को हाथीबड़कल स्थित कैंप कार्यालय में यूआरआरडीए की समीक्षा बैठक में मंत्री गणेश जोशी ने पीएमजीएसवाई के अंतर्गत बरसात से हुई क्षति और बंद सड़कों की स्थिति की विस्तार से जानकारी ली। बैठक में मंत्री जोशी ने कहा कि बरसात के कारण बंद हुई सड़कों को प्राथमिकता के आधार पर युद्धस्तर पर खोला जाए। उन्होंने बरसात से क्षतिग्रस्त हुए सड़क मार्गों एवं पुलों के पुनर्निर्माण के कार्यों को शीघ्रता से पूर्ण किया जाए। विभागीय मंत्री जोशी ने निर्देश दिए कि अधिग्रहित भूमि का मुआवजा ग्रामीणों को मौसम खुलते ही शिविर लगाकर शीघ्रता से वितरित किया जाए और मलबा निस्तारण के लिए उचित स्थानों पर डंपिंग यार्ड की व्यवस्था की जाए, ताकि सड़कों की बहाली के साथ पर्यावरणीय संतुलन भी बना रहे।
बैठक में अधिकारियों ने जानकारी दी कि भारी वर्षा के कारण गढ़वाल क्षेत्र में 106 सड़कें बंद हुई हैं, जिन पर 92 जेसीबी मशीनें लगाई गई हैं, जबकि कुमाऊं क्षेत्र में बंद 30 सड़कों को खोलने के लिए 32 जेसीबी कार्यरत हैं। पूरे प्रदेश में इस समय कुल 136 सड़कें बंद हैं, जिन्हें युद्धस्तर पर खोलने का कार्य जारी है। बैठक के दौरान मंत्री जोशी ने कर्णप्रयाग विधानसभा क्षेत्र के अंतर्गत पीएमजीएसवाई की सड़कों, पुलों और अप्रोच रोड से जुड़े निर्माण कार्यों को भी समयबद्ध तरीके से पूरा करने के निर्देश दिए।
इस अवसर पर मुख्य अभियंता गढ़वाल मनीष मित्तल, अधिक्षण अभियंता अरुण कुमार, अधिशासी अभियंता रघुवीर सिंह गुसाई सहित अन्य अधिकारीगण उपस्थित रहे।
एनिमेटेड फिल्म ‘महावतार नरसिम्हा’ ने रिलीज के 19वें दिन भी बॉक्स ऑफिस पर अपनी पकड़ बनाए रखी है। कम बजट में बनी यह फिल्म दर्शकों को सिनेमाघरों की ओर खींचने में लगातार सफल हो रही है। ‘सैयारा’ जैसी बड़ी फिल्मों के बीच भी इसका प्रदर्शन चौंकाने वाला है।
रक्षाबंधन वीकेंड पर फिल्म ने जोरदार कमाई की—शनिवार को 20.5 करोड़ और रविवार को 23.5 करोड़ रुपये का कलेक्शन। सोमवार को भी इसने 5.25 करोड़ रुपये जुटाए, जबकि मंगलवार (19वें दिन) को इसकी कमाई 4.19 करोड़ रुपये रही। अब तक फिल्म का कुल नेट कलेक्शन 179.09 करोड़ रुपये हो चुका है।
अश्विन कुमार के निर्देशन और क्लीम प्रोडक्शंस व होम्बले फिल्म्स के बैनर तले बनी यह फिल्म 200 करोड़ के क्लब की ओर तेज़ी से बढ़ रही है। अगर यही रफ्तार जारी रही तो इस हफ्ते इसकी एंट्री 200 करोड़ में लगभग तय मानी जा रही है।
अब सबकी नज़र 14 अगस्त को रिलीज हो रही ‘वॉर 2’ पर है, जो ‘महावतार नरसिम्हा’ की कमाई के ग्राफ को प्रभावित कर सकती है। हालांकि, मौजूदा ट्रेंड देखकर लग रहा है कि यह एनिमेटेड फिल्म अभी कुछ समय तक बॉक्स ऑफिस पर अपना जलवा बनाए रखेगी।
(साभार)
जिलाधिकारी ने वर्षों से लंबित प्रस्ताव को निकाला, अब भीड़भाड़ से मिलेगी राहत
देहरादून। जिलाधिकारी सविन बंसल ने वर्षों से लंबित पड़ी सरकारी सस्ते गल्ले की नई दुकानों से जुड़ी फाइल को निकालते हुए टेंडर प्रक्रिया शुरू कर दी है। पहले जनमानस को भीड़भाड़ में एक ही दुकान से राशन लेने की मजबूरी थी, लेकिन अब नई दुकानों के खुलने से उपभोक्ताओं को राहत मिलेगी।
जिला पूर्ति कार्यालय द्वारा विभिन्न नगर निगम और नगर पालिका क्षेत्रों में नई सरकारी सस्ता गल्ला दुकानों के आवंटन हेतु इन्वेस्ट उत्तराखण्ड पोर्टल पर ऑनलाइन आवेदन आमंत्रित किए गए थे। इसके तहत 17 नई दुकानों का आवंटन किया जा चुका है, जबकि 12 दुकानों के लिए टेंडर प्रक्रिया जारी है।
जिलाधिकारी ने बताया कि उचित दर विक्रेताओं की मृत्यु या त्यागपत्र, बढ़ती आबादी और विद्यमान दुकानों पर उपभोक्ताओं का बढ़ता भार देखते हुए सार्वजनिक वितरण प्रणाली को सुदृढ़ बनाने का निर्णय लिया गया है। चयन समिति की संस्तुति पर जनपद के विभिन्न शहरी क्षेत्रों और मोहल्लों में 17 नए विक्रेताओं को दुकानें आवंटित की गई हैं।
अब 12 नई दुकानों के लिए आवेदन आमंत्रित किए गए हैं, जिनमें शामिल हैं—
नगर निगम देहरादून: डालनवाला क्षेत्र (दून विहार, जाखन), कनाटप्लेस (चुक्खुवाला), मियावाला क्षेत्र (बालावाला, मोहकमपुर, ब्रहमणवाला), रायपुर प्रथम (डांडा लखौण्ड – खुदानेवाला)
नगर पालिका मसूरी: बार्लोगंज
नगर निगम ऋषिकेश: अम्बेडकर चौक, अद्वैतानन्द मार्ग, मुखर्जी चौक, इन्द्रा नगर, आशुतोष नगर
जिला प्रशासन ने इच्छुक आवेदकों से समयसीमा के भीतर ऑनलाइन आवेदन करने की अपील की है।
