कैलिफोर्निया के गवर्नर ने रेड स्टेट्स के नक्शे बदलने पर दी कानूनी कार्रवाई की धमकी
वॉशिंगटन। कैलिफोर्निया के गवर्नर गैविन न्यूज़ॉम ने पुनर्वितरण (रेडिस्ट्रिक्टिंग) विवाद को लेकर अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप पर सीधा और तीखा हमला बोला है। सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर पोस्ट करते हुए न्यूज़ॉम ने ट्रंप को “सेकंड-टू-लास्ट वॉर्निंग” जारी की और साफ चेताया कि कैलिफोर्निया, रेड स्टेट्स में बनाए गए गैरकानूनी निर्वाचन नक्शों को कानूनी कार्रवाई से खत्म कर देगा।
न्यूज़ॉम के प्रेस ऑफिस की ओर से किए गए पोस्ट में ट्रंप की सोशल मीडिया शैली की नकल करते हुए बड़े अक्षरों, असामान्य विराम चिह्नों और हल्के व्यंग्य का इस्तेमाल किया गया। संदेश में कहा गया— “हालिया इतिहास के सबसे कम लोकप्रिय राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप, यह आपकी दूसरी और आखिरी से पहले वाली चेतावनी है। अगली चेतावनी अंतिम होगी। अभी पीछे हटें, वरना कैलिफोर्निया कानूनी जवाब देगा।”
पुनर्वितरण विवाद की पृष्ठभूमि
न्यूज़ॉम ने हाल ही में ट्रंप को एक पत्र लिखकर टेक्सास समेत कई रिपब्लिकन-शासित राज्यों में निर्वाचन सीमाएं बदलने की कोशिश तुरंत रोकने की मांग की थी। उन्होंने इस कदम को अमेरिकी लोकतंत्र पर सीधा हमला बताया और कहा कि यह 2026 के चुनाव से पहले सत्ता बचाने की “रणनीतिक चाल” है।
ट्रंप की नीतियों पर सीधा वार
गवर्नर ने ट्रंप के हालिया आपातकालीन आदेश पर भी सवाल उठाए, जिसमें वॉशिंगटन डीसी में संघीय हस्तक्षेप की अनुमति दी गई थी। उन्होंने ट्रंप के इस दावे को “पुराना झूठ” बताया कि डेमोक्रेटिक शहरों में अराजकता फैली हुई है, साथ ही जोड़ा कि अपराध दर वास्तव में GOP-शासित राज्यों में अधिक है।
2028 के राजनीतिक संकेत
राजनीतिक विश्लेषकों का मानना है कि गैविन न्यूज़ॉम खुद को 2028 के डेमोक्रेटिक राष्ट्रपति पद के संभावित उम्मीदवार के रूप में मजबूत कर रहे हैं। उनका यह बयान सिर्फ ट्रंप की नीतियों की आलोचना नहीं, बल्कि पार्टी समर्थकों को एकजुट करने का संदेश भी है। व्हाइट हाउस ने इस विवाद पर अब तक कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया नहीं दी है।
‘हर घर तिरंगा’ बना राष्ट्रभक्ति का महाअभियान- सीएम
देहरादून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने बुधवार को मुख्यमंत्री आवास में ‘हर घर तिरंगा’ अभियान के अंतर्गत तिरंगा फहराया। मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की प्रेरणा से प्रारंभ हुआ ‘हर घर तिरंगा’ अभियान आज जन-जन तक पहुंचकर राष्ट्रभक्ति का एक महाअभियान बन चुका है। तिरंगा हमारी स्वतंत्रता, एकता और समृद्ध सांस्कृतिक धरोहर का जीवंत प्रतीक है।
मुख्यमंत्री ने प्रदेशवासियों से अपील की कि इस स्वतंत्रता दिवस पर सभी अपने घर, कार्यालय, दुकान आदि पर तिरंगा गर्व और सम्मान के साथ फहराएं तथा देश की स्वतंत्रता के लिए बलिदान देने वाले वीर सेनानियों को नमन करें। साथ ही तिरंगे के साथ अपनी फोटो लेकर harghartiranga.com पर अवश्य साझा करें।
स्मार्ट सिटी प्रोजेक्ट से दून के चौराहों का कायाकल्प
देहरादून। दून के प्रमुख चौराहों को पहाड़ी शैली में आकर्षक स्वरूप देने के साथ यातायात को सुगम बनाने के लिए तेजी से कार्य हो रहा है। मात्र तीन माह में कुठालगेट, साईं मंदिर तिराहा और दिलाराम चौक का चौड़ीकरण, अतिरिक्त साइड रोड निर्माण व राउंड अबाउट तैयार किए गए हैं, जबकि ऐतिहासिक घंटाघर का सौंदर्यीकरण भी लगभग पूर्ण है।
इन चौराहों पर गढ़वाल-कुमाऊं की पारंपरिक कला, राज्य की महान विभूतियों और आंदोलनकारियों की प्रतिमाओं के माध्यम से लोक संस्कृति का प्रदर्शन किया जा रहा है। कुठालगेट और साईं मंदिर तिराहे पर 10 मीटर चौड़ी दो अतिरिक्त मोटरेबल स्लिप रोड बनाकर यातायात व्यवस्था को और बेहतर किया गया है। स्मार्ट सिटी बजट से 10 करोड़ रुपये की व्यवस्था कर तीन वर्ष तक रखरखाव सहित निर्माण कार्य सुनिश्चित किया गया है।
जिलाधिकारी सविन बंसल ने बताया कि प्रथम चरण में चार प्रमुख चौराहों का आधुनिकीकरण किया जा रहा है। शहर के 11 प्रमुख जंक्शनों पर ट्रैफिक लाइट और पांच वर्षों में पहली बार पुलिस सीसीटीवी कैमरों का इंटीग्रेशन भी पूरा हो चुका है, जिससे यातायात की रीयल-टाइम मॉनिटरिंग संभव होगी।
निरीक्षण के दौरान वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अजय सिंह, मुख्य विकास अधिकारी अभिनव शाह और स्मार्ट सिटी लिमिटेड के अधिकारी उपस्थित रहे। जिला प्रशासन ने आश्वस्त किया कि शीघ्र ही सभी कार्य पूर्ण कर दून शहर को सुरक्षित, सुगम और सांस्कृतिक रूप से और आकर्षक स्वरूप दिया जाएगा।
6 साल से चुनाव न लड़ने और कार्यालय का पता न मिलने पर निर्वाचन आयोग की कार्रवाई
देहरादून। निर्वाचन आयोग ने उत्तराखण्ड के छह पंजीकृत अमान्यता प्राप्त राजनैतिक दलों (आर.यू.पी.पी.) को डीलिस्ट कर दिया है। वहीं, दूसरे चरण में 11 अन्य पंजीकृत अमान्यता प्राप्त दलों को नोटिस जारी किया गया है।
आयोग के अनुसार, ये दल पिछले छह वर्षों से न तो किसी चुनाव में शामिल हुए और न ही भौतिक सत्यापन के दौरान इनके कार्यालयों का कोई पता मिला। आदेश जारी होने की तिथि से इन दलों को 30 दिन के भीतर अंतिम अपील करने का अतिरिक्त समय दिया गया है।
डीलिस्ट किए गए दल
-
भारतीय जनक्रान्ति पार्टी, जनपद-देहरादून
-
हमारी जनमंच पार्टी, जनपद-देहरादून
-
मैदानी क्रान्ति दल, जनपद-देहरादून
-
प्रजा मण्डल पार्टी, जिला-पौड़ी गढ़वाल
-
राष्ट्रीय ग्राम विकास पार्टी, जनपद-हरिद्वार
-
राष्ट्रीय जन सहाय दल, जनपद-देहरादून
कोटद्वार। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के ‘हर घर तिरंगा’ अभियान के आह्वान पर कोटद्वार विधायक एवं उत्तराखंड विधानसभा अध्यक्ष श्रीमती ऋतु खण्डूड़ी भूषण ने कोटद्वार विधानसभा क्षेत्र में भव्य तिरंगा रैली में भाग लिया।
कोटद्वार भाभर के मोटाढांग से मालवीय उद्यान तक आयोजित कार एवं बाइक रैली में खण्डूड़ी भूषण ने कार्यकर्ताओं के साथ उत्साहपूर्वक सहभागिता करते हुए तिरंगा यात्रा निकाली। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी की सोच देश के हर नागरिक को एक सूत्र में जोड़ने की है। हर घर पर तिरंगा फहराना, हमारे स्वतंत्रता सेनानियों और क्रांतिकारियों को सच्ची श्रद्धांजलि है।
उन्होंने कहा, “तिरंगा यात्रा के माध्यम से हम कोटद्वार से यह संदेश दे रहे हैं कि हम सभी एकजुट हैं, और अपने वीर सैनिकों का मनोबल बढ़ाते रहेंगे, ताकि वे देश की सीमाओं पर उसी साहस और निष्ठा से रक्षा करते रहें। इस अवसर पर हमने उत्तरकाशी के धराली में हाल ही में आई आपदा के पीड़ितों को भी याद किया और उनके प्रति संवेदनाएं व्यक्त कीं।”
जिलाध्यक्ष राज गौरव नौटियाल ने कहा, “तिरंगा केवल एक ध्वज नहीं, बल्कि हमारे गर्व, सम्मान और बलिदान का प्रतीक है। कोटद्वार की जनता ने आज अद्भुत एकता और देशभक्ति का परिचय दिया है।”
मेयर शैलेंद्र सिंह रावत ने कहा, “तिरंगा यात्रा से देशभक्ति का जो ज्वार उमड़ा है, वह हमारे बच्चों और युवाओं में राष्ट्रप्रेम की भावना को और प्रबल करेगा।”
इस अवसर पर राज्यमंत्री राजेंद्र अन्थवाल, इफको डायरेक्टर उमेश त्रिपाठी, प्रदेश कार्यकारिणी सदस्य जगमोहन रावत, मण्डल अध्यक्ष आशीष रावत, विकाशदीप मित्तल, श्रीमती प्रेमा खंतवाल, पार्षद सौरव नौडियाल, राजेंद्र बिष्ट, शशिकांत जोशी, प्रमोद केष्टवाल, रजनीश बेबनी, नीरू बाला खंतवाल, सिमरन बिष्ट सहित अनेक कार्यकर्ता एवं नागरिक उपस्थित रहे।
ग्रैंड शतरंज टूर में संभावित छह में से चार अंक किए अपने नाम
नई दिल्ली। मौजूदा विश्व चैम्पियन डी. गुकेश ने ग्रैंड शतरंज टूर के तहत खेले जा रहे सेंट लुई रैपिड एवं ब्लिट्ज टूर्नामेंट के पहले दिन धीमी शुरुआत के बावजूद शानदार वापसी की। पहले दौर में अमेरिका के लेवोन अरोनियन से हार झेलने के बाद गुकेश ने ग्रिगोरी ओपेरिन और लिएम ले क्वांग को मात देकर संभावित छह में से चार अंक जुटाए और संयुक्त रूप से तीसरे स्थान पर पहुंचे।
पहले दौर में कैरो-कान डिफेंस के चलते पैदा हुई जटिलताओं में फंसकर अरोनियन से हारने वाले गुकेश ने दूसरे दौर में सफेद मोहरों से खेलते हुए ओपेरिन को मात देने के लिए अपनी रानी की बलि दे दी—जो जीत का निर्णायक मोड़ साबित हुआ। दिन के अंतिम मुकाबले में लिएम के खिलाफ काले मोहरों से खेलते हुए भी उन्होंने दबाव बनाए रखा और अंततः बाजी अपने नाम की।
टूर्नामेंट में अरोनियन अब तक अजेय रहे हैं और उज्बेकिस्तान के नोडिरबेक अब्दुसत्तोरोव व फ्रांस के मैक्सिम वाचियर-लाग्रेव को हराकर छह अंकों के साथ शीर्ष पर हैं। उनके हमवतन फैबियानो कारुआना पांच अंकों के साथ दूसरे स्थान पर हैं। गुकेश और अमेरिकी वेस्ली सो चार-चार अंकों के साथ तीसरे स्थान पर, जबकि वाचियर-लाग्रेव और लीनियर डोमिन्गुएज पेरेज तीन-तीन अंकों के साथ पांचवें स्थान पर हैं।
लिएम और ओपेरिन दो-दो अंकों पर हैं, नोडिरबेक के पास एक अंक है, जबकि सैम शैंकलैंड अपने सभी मुकाबले हारकर अंतिम स्थान पर हैं।
देहरादून। कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी ने आज हर घर तिरंगा अभियान के अंतर्गत अपने देहरादून स्थित शासकीय आवास पर तिरंगा फहराया। इस अवसर पर कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी ने समस्त प्रदेशवासियों से अभियान से जुड़कर 15 अगस्त तक अपने-अपने घरों व प्रतिष्ठानों पर तिरंगा फहराने का आव्हान भी किया।
कैबिनेट मंत्री जोशी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के प्रेरणादायी आह्वान पर विगत तीन वर्षों से हर घर तिरंगा अभियान राष्ट्रप्रेम को जन-जन के मन में जागृत करते हुए एक व्यापक जन-आंदोलन का रूप ले चुका है। मंत्री जोशी ने कहा कि हमारा राष्ट्रध्वज ‘तिरंगा’ भारत की एकता, अखंडता और गौरव का प्रतीक है, जो हर भारतीय के आत्मगौरव और स्वाभिमान की पहचान भी है। उन्होंने सभी से आग्रह किया कि इस राष्ट्रभक्ति से ओत-प्रोत अभियान में पूरी निष्ठा और उत्साह के साथ भाग लें तथा अपने घरों, दुकानों और प्रतिष्ठानों पर तिरंगा अवश्य फहराएँ।
इस अवसर पर मंडल अध्यक्ष राजीव गुरुंग, प्रदीप रावत, विष्णु गुप्ता, मनोज क्षेत्री, आशीष थापा सहित कई लोग उपस्थित रहे।
सीएम धामी ने प्रदेशवासियों से की तिरंगा फहराने की अपील
देहरादून। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की प्रेरणा से तीन वर्ष पहले शुरू हुआ ‘हर घर तिरंगा’ अभियान अब एक जन-जन तक पहुंचने वाला राष्ट्रभक्ति का महाअभियान बन चुका है। तिरंगा, जो स्वतंत्रता, एकता और सांस्कृतिक धरोहर का जीवंत प्रतीक है, इस पहल के माध्यम से हर घर, हर दिल में लहराने लगा है।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने भी इस अभियान में सक्रिय रूप से शामिल होते हुए प्रदेशवासियों से अपील की है कि इस स्वतंत्रता दिवस पर अपने घर, कार्यालय और दुकानों पर तिरंगे को गर्व और सम्मान के साथ फहराएं। साथ ही, स्वतंत्रता संग्राम में प्राण न्यौछावर करने वाले सेनानियों को नमन करते हुए तिरंगे के साथ अपनी तस्वीर खींचकर harghartiranga.com पर साझा करें, ताकि यह राष्ट्रभक्ति का जज़्बा पूरे देश में और प्रबल हो सके।
आज की तेज़ रफ़्तार ज़िंदगी में करियर, नौकरी का दबाव और व्यस्त दिनचर्या इस कदर हावी हो चुके हैं कि रिश्तों के लिए समय निकालना मुश्किल हो गया है। कई लोग अपने पार्टनर से अलग शहरों या देशों में रह रहे हैं, जबकि एक ही घर में रहने वाले लोग भी काम के बोझ के कारण एक-दूसरे को पर्याप्त समय नहीं दे पाते। नतीजा यह होता है कि एक साथी को अनदेखा महसूस होता है और वह भावनात्मक रूप से अकेलापन महसूस करने लगता है।
रिश्तों में दूरी कभी-कभी इतनी गहरी हो जाती है कि व्यक्ति अंदर से टूटने लगता है। ऐसे समय में योग न सिर्फ मानसिक संतुलन लौटाने में मदद करता है, बल्कि आत्म-स्वीकृति, आत्म-प्रेम और भावनात्मक मजबूती भी देता है। अगर आप भी पार्टनर से दूरी या अकेलेपन के कारण तनाव महसूस कर रहे हैं, तो कुछ आसान योगासन आपकी मानसिक सेहत को बेहतर बना सकते हैं।
पार्टनर से दूरी के भावनात्मक लक्षण
लगातार बेचैनी या घबराहट
खालीपन और अकेलेपन की भावना
मूड स्विंग या अनचाहा रोना
आत्मग्लानि या आत्म-संकोच
ध्यान की कमी और थकान
नींद में गड़बड़ी (बहुत कम या बहुत ज्यादा नींद)
इन लक्षणों को नज़रअंदाज़ करने से मानसिक स्वास्थ्य बिगड़ सकता है, इसलिए इन्हें समय रहते संभालना जरूरी है।
अकेलेपन और तनाव से राहत देने वाले योगासन
1. शवासन – यह रिलैक्सेशन पोज़ शरीर और दिमाग दोनों को शांत करता है। इससे थकान, अनिद्रा, सिरदर्द और तनाव में राहत मिलती है।
2. अनुलोम-विलोम प्राणायाम – गहरी सांसों का यह अभ्यास ब्लड प्रेशर नियंत्रित करता है, मानसिक स्थिरता देता है और चिंता को कम करता है।
3. बालासन – एक आरामदायक पोज़ जो तनाव, चिंता, पीठ दर्द और पाचन की समस्या में मदद करता है। यह डर और असुरक्षा की भावना को भी शांत करता है।
4. सेतुबंधासन – यह आसन हॉर्मोन बैलेंस करता है, मूड बेहतर बनाता है और ब्लड सर्कुलेशन बढ़ाता है।
5. ध्यान (मेडिटेशन) – रोज़ाना 10-15 मिनट ध्यान करने से एकाग्रता बढ़ती है, तनाव कम होता है और ओवरथिंकिंग पर काबू पाया जा सकता है।
अगर आप अपने रिश्ते को तुरंत सुधार नहीं पा रहे हैं, तो पहले खुद को संभालना ज़रूरी है। योग और ध्यान न सिर्फ आपके मानसिक स्वास्थ्य को बेहतर बनाएंगे, बल्कि आपको फिर से एक मजबूत और संतुलित जीवन की ओर ले जाएंगे।
(साभार)
देहरादून। उत्तराखंड सरकार ने एक बार फिर कर्नल अजय कोठियाल पर भरोसा जताया है और उन्हें एक महत्वपूर्ण ज़िम्मेदारी सौंपी है। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कर्नल अजय को हाल ही में भीषण आपदा से प्रभावित हर्षिल-धराली क्षेत्र के पुनर्निर्माण कार्यों में अपना प्रतिनिधि नियुक्त किया है।
कर्नल अजय ने इस फैसले पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा है कि वे इस ज़िम्मेदारी को पूरी ईमानदारी और लगन से निभाएंगे। जैसे उन्होंने केदारनाथ की भूमि को फिर से बसाया था, वैसे ही हर्षिल-धराली को भी फिर से जीवित किया जाएगा।
सबसे पहले कुछ मुख्य कार्य किए जाएंगे:
लापता लोगों की तलाश और उनका पता लगाना
गंगोत्री यात्रा को सुरक्षित तरीके से दोबारा शुरू करना
चीन सीमा से लगने वाले मार्गों को खोलना और उनकी मरम्मत करना
आपदा से प्रभावित जनता का पुनर्वास और जीवन पुनर्स्थापना
हर्षिल में बनी अस्थायी झील को ठीक करना और मलबा हटाना
आधारभूत ढांचे, सड़कों, पुलों और पर्यटन पुनरुद्धार के लिए दीर्घकालिक पुनर्निर्माण योजना तैयार करना
एक बार रिकी (recce) पूरी हो जाने के बाद इस योजना पर सरकार के साथ विस्तृत चर्चा की जाएगी
कर्नल अजय इससे पहले भी केदारनाथ में अपनी दूरदर्शी नेतृत्व क्षमता दिखा चुके हैं। और इन सबसे पहले, वे अपनी टीम के साथ धराली से भटवारी तक पैदल यात्रा कर हालात का ज़मीनी आकलन करेंगे, ताकि वास्तविक स्थिति को अच्छी तरह समझा जा सके।
