डोईवाला। लच्छीवाला टोल प्लाज़ा पर एक बार फिर हाथी के पहुंचने से हड़कंप मच गया। टोल कर्मियों और राहगीरों में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। टोल कर्मी राकेश नोटियाल ने बताया कि आए दिन हाथियों के आने से यहां खतरा बना रहता है। हाथी ने पहले टोल बैरियर पर हमला किया और फिर एक गाड़ी को पलटने की कोशिश भी की। गनीमत रही कि इस दौरान कोई भी व्यक्ति हताहत नहीं हुआ। पूरी घटना टोल प्लाज़ा पर लगे सीसीटीवी कैमरों में कैद हो गई है। स्थानीय लोगों ने वन विभाग से क्षेत्र में गश्त बढ़ाने और हाथियों की आवाजाही रोकने के लिए प्रभावी कदम उठाने की मांग की है।
उत्तरकाशी- धराली (उत्तरकाशी) में आई आपदा के दौरान कनेक्टिविटी की दृष्टि से अत्यंत महत्वपूर्ण लिमचीगाड पुल बह गया था, जिसकी वजह से आवागमन पूर्ण रूप से बाधित हो गया था। इसके बाद यहाँ बेली ब्रिज बनाने के लिए युद्ध स्तर पर काम किया जा रहा था।
पुलिस दलों, एसडीआरएफ, इंजीनियरों व अन्य बचाव दलों के अथक परिश्रम के फलस्वरुप अब इस पुल का निर्माण कार्य अंतिम चरण में है और कुछ ही घंटों में आवागमन के लिए खोल दिया जाएगा। यह पुल आपदा प्रभावित लोगों के लिए एक बड़ी राहत लेकर आएगा।
देहरादून- मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने रविवार को मुख्यमंत्री कैंप कार्यालय से कोटक महिंद्रा बैंक द्वारा धराली में राहत एवं पुनर्वास के लिए भेजी जा रही आपदा राहत सामग्री को रवाना किया।
कोटक महिंद्रा बैंक द्वारा सी.एस.आर के अंतर्गत 10 से 12 दिनों तक के लिए पर्याप्त कच्चा राशन-आटा, चावल, दालें, मसाले, खाद्य तेल-सहित दैनिक उपयोग की आवश्यक वस्तुएँ जैसे टूथपेस्ट, नहाने एवं कपड़े धोने का साबुन, आदि सम्मिलित हैं।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कोटक महिंद्रा बैंक का आभार जताते हुए कहा कि राज्य सरकार पीड़ितों की हर संभव सहायता के लिए प्रतिबद्ध है और राहत कार्यों में किसी भी प्रकार की कमी नहीं आने दी जाएगी। उन्होंने कहा इस दुख की घड़ी में पूरा राज्य आपदा प्रभावितों के साथ खड़ा है।
इस अवसर पर अपर सचिव मनमोहन मेंनाली, महिंद्रा बैंक के सर्किल हेड शोभित अग्रवाल, एरिया हेड अनुज कपूर, रजत जैन कोटक, महिंद्रा बैंक के इंप्लीमेंटे पार्टनर सेवा इंटरनेशनल के पदाधिकारी एवं अन्य लोग मौजूद रहे।
बेंगलुरु- प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी कर्नाटक की राजधानी बेंगलुरु में आज कई महत्वपूर्ण परियोजनाओं का शुभारंभ करेंगे। केएसआर रेलवे स्टेशन पर वे तीन वंदे भारत एक्सप्रेस ट्रेनों को हरी झंडी दिखाएंगे। इसके बाद बेंगलुरु मेट्रो की येलो लाइन का उद्घाटन करेंगे और आरवी रोड (रागीगुड्डा) से इलेक्ट्रॉनिक सिटी तक मेट्रो यात्रा करेंगे।
पीएम मोदी इस दौरे के दौरान शहरी संपर्क से जुड़ी कई परियोजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास करेंगे। दिनभर के कार्यक्रम के अंत में वे एक बड़े सार्वजनिक समारोह को संबोधित करेंगे, जिसमें विकास योजनाओं और कर्नाटक की प्रगति पर अपना दृष्टिकोण साझा करेंगे।
उत्तरकाशी- उत्तराखंड के धराली, सैंजी और बांकुड़ा गांवों में आपदा से प्रभावित परिवारों को सरकार अगले छह महीने तक मुफ्त राशन उपलब्ध कराएगी। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने बताया कि प्राथमिकता प्रभावित लोगों को सुरक्षित स्थानों तक पहुंचाने और उनकी मूलभूत आवश्यकताओं की पूर्ति करने की है।
अब तक खराब मौसम के बीच 1000 से अधिक लोगों का सफलतापूर्वक रेस्क्यू किया गया है, जिनमें स्थानीय नागरिकों के साथ देशभर से आए तीर्थयात्री भी शामिल हैं। घायलों को जिला अस्पताल और एम्स में भर्ती कर उपचार दिया जा रहा है। राहत सामग्रियों में दवाएं, दूध, कपड़े और राशन प्रभावित इलाकों में पहुंचा दिए गए हैं।
हर्षिल क्षेत्र में बिजली आपूर्ति बहाल करने के लिए उरेडा का पावर हाउस चालू कर दिया गया है, जबकि यूपीसीएल क्षतिग्रस्त लाइनों की मरम्मत में जुटा है। मोबाइल कनेक्टिविटी बहाल हो चुकी है और 125 केवी के दो जनरेटर भी क्षेत्र में लगाए गए हैं। सड़कों की मरम्मत तेज़ी से जारी है और मंगलवार तक हर्षिल तक मार्ग पूरी तरह खोलने की संभावना है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि केंद्र सरकार, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में, राज्य को हरसंभव सहयोग दे रही है और प्रभावित परिवारों को किसी भी तरह की कमी नहीं होने दी जाएगी।
सेना, आईटीबीपी, एनडीआरएफ और एसडीआरएफ ने जीपीआर रडार, ड्रोन और डॉग स्क्वॉड के साथ सर्च ऑपरेशन तेज किया
उत्तरकाशी- धराली आपदा के पांचवें दिन राहत और बचाव कार्य में तेजी आई है। विभिन्न स्थानों पर फंसे 480 लोगों को सुरक्षित निकाला गया, जबकि 49 अन्य की तलाश जारी है। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने प्रभावितों को तुरंत राहत देने की घोषणा की है और पुनर्वास व आजीविका सुधार के लिए तीन सदस्यीय समिति बनाई गई है।
हैदराबाद से भेजा गया जीपीआर रडार अब मलबे में दबे लोगों को खोजने में मदद करेगा। सेना, आईटीबीपी, एनडीआरएफ, एसडीआरएफ और जिला प्रशासन ड्रोन, डॉग स्क्वॉड और अन्य अत्याधुनिक उपकरणों की मदद से सर्च ऑपरेशन चला रहे हैं।
सरकार ने धराली, सैंजी और बांकुड़ा गांव में मकान खो चुके परिवारों को पांच लाख रुपये की तत्काल सहायता और मृतकों के परिजनों को समान राशि देने का ऐलान किया है। सचिव राजस्व डॉ. सुरेंद्र नारायण की अध्यक्षता में बनी समिति भूमि चयन से लेकर भवन निर्माण के मानक तय करने तक की योजना एक सप्ताह में पेश करेगी।
इस बीच, यूपीसीएल की टीम ने आपदा प्रभावित क्षेत्रों में बिजली बहाल कर दी है। मुख्यमंत्री ने विपक्ष से राजनीति से दूर रहकर प्रभावितों की मदद करने की अपील की है।
सोशल मीडिया पर आपत्तिजनक पोस्ट के मामले में चार लोगों के खिलाफ देहरादून में मुकदमा दर्ज किया गया है। आरोपियों ने बाढ़ को लेकर विवादित टिप्पणियां की थीं।
थायराइड गर्दन में स्थित एक महत्वपूर्ण ग्रंथि है, जो शरीर के मेटाबॉलिज्म और हार्मोन संतुलन को नियंत्रित करती है। आज के समय में इसकी समस्या पुरुषों की तुलना में महिलाओं में ज्यादा देखने को मिल रही है। वजन बढ़ना, थकान, गले में सूजन, तनाव और हार्मोनल असंतुलन इसके आम लक्षण हैं।
अच्छी खबर यह है कि कुछ आसान योगासन नियमित रूप से करने से थायराइड को प्राकृतिक तरीके से नियंत्रित किया जा सकता है। योग न केवल इस ग्रंथि को सक्रिय करता है, बल्कि मानसिक तनाव को भी कम कर हार्मोन बैलेंस बनाए रखने में मदद करता है। यहां पांच ऐसे असरदार योगासन बताए जा रहे हैं, जो थायराइड मरीजों के लिए खासतौर पर फायदेमंद हैं—
1. सर्वांगासन
थायराइड ग्रंथि को सक्रिय कर हार्मोन संतुलन बनाए रखने में मदद करता है। यह आसन मेटाबॉलिज्म को सुधारता है। पीठ के बल लेटकर पैरों को ऊपर उठाएं और कमर को हाथों से सपोर्ट दें। पूरा शरीर कंधों पर टिकाएं। हाई ब्लड प्रेशर या गर्दन की समस्या होने पर पहले डॉक्टर से सलाह लें।
2. मत्स्यासन
गले की मांसपेशियों को स्ट्रेच कर थायराइड ग्रंथि को उत्तेजित करता है। पद्मासन में बैठकर पीछे की ओर झुकें, पीठ के बल लेटें और कोहनियों को जमीन पर टिकाएं। सिर को पीछे की ओर उठाकर गहरी सांस लें और छोड़ें।
3. भुजंगासन
गले और छाती को खोलता है तथा ब्लड सर्कुलेशन बढ़ाता है। पेट के बल लेटें, हथेलियों को कंधों के पास रखें और सांस लेते हुए ऊपरी शरीर को उठाएं। 20–30 सेकंड तक रुकें। यह आसन रीढ़ की हड्डी को सीधा करता है और गर्दन-पीठ का तनाव कम करता है।
4. उष्ट्रासन
गले को पीछे की ओर स्ट्रेच कर थायराइड को सक्रिय करता है। घुटनों के बल बैठकर हाथों को पीछे ले जाकर एड़ियों को पकड़ें, फिर पेट को आगे की ओर निकालें और कुछ देर इस स्थिति में रहें।
5. भ्रामरी प्राणायाम
तनाव को कम करने और हार्मोनल संतुलन सुधारने में मदद करता है। आंखें बंद करें, गहरी सांस लें, दोनों कानों को अंगूठों से बंद करें और मधुमक्खी जैसी ध्वनि निकालें।
(साभार)
पहाड़ी से गिरे विशाल पत्थर के कारण हुआ दर्दनाक हादसा
चंबा। हिमाचल प्रदेश के भंजराड़ू-शहवा-भड़कवास मार्ग पर एक भीषण सड़क हादसे में छह लोगों की मौके पर ही मौत हो गई। बताया जा रहा है कि सफेद रंग की स्विफ्ट कार पर अचानक पहाड़ी से एक विशाल पत्थर गिरा, जिससे वाहन अनियंत्रित होकर साउआ पधरी के समीप करीब 500 मीटर गहरी खाई में जा गिरा।
हादसे में जान गंवाने वालों में एक ही परिवार के चार सदस्य—राजेश कुमार (40), उनकी पत्नी हंसो (36), बेटी आरती (17) और बेटा दीपक (15)—शामिल हैं। इनके साथ रिश्तेदार राकेश कुमार (44) और चालक हेम पाल (37) की भी मौत हो गई। सभी मृतक चंबा जिले के अलग-अलग गांवों के निवासी थे।
स्थानीय ग्रामीणों ने चीख-पुकार सुनते ही पुलिस और अग्निशमन विभाग को सूचना दी। राहत टीमों और ग्रामीणों ने मिलकर कठिन प्रयासों के बाद शवों को गहरी खाई से निकालकर सड़क तक पहुंचाया। पुलिस अधीक्षक अभिषेक यादव के अनुसार, सभी शवों का पोस्टमार्टम सिविल अस्पताल तीसा में किया जाएगा और बाद में परिजनों को सौंप दिया जाएगा।
जानकारी के अनुसार, मृतक राजेश कुमार जेबीटी अध्यापक थे और वर्तमान में प्राथमिक विद्यालय बुलवास में तैनात थे।
पुलिस ने दर्ज किया मुकदमा, छानबीन तेज, आसपास के इलाकों में दबिश, जल्द गिरफ्तारी का दावा
हरिद्वार। ज्वालापुर कोतवाली क्षेत्र में एक सराफा कारोबारी के घर काम करने वाली नेपाली मूल की दो घरेलू नौकरानियों ने परिवार के तीन सदस्यों को नशीला पदार्थ खिलाकर बेहोश कर दिया और घर से कीमती सामान लेकर फरार हो गईं। घटना का सीसीटीवी फुटेज सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है।
पुलिस के अनुसार, आरके एनक्लेव, आर्यनगर निवासी यशपाल मल्होत्रा के घर दोनों नौकरानियों ने यशपाल, उनकी पत्नी जीत मल्होत्रा और चार वर्षीय पोते शिवा को दोपहर का खाना परोसा। खाना खाने के बाद तीनों बेहोश हो गए। इस दौरान आरोपित महिलाएं घर से सामान चोरी कर भाग निकलीं।
शाम को होश आने पर पीड़ितों ने पुलिस को सूचना दी। वरिष्ठ उप निरीक्षक नितिन चौहान टीम के साथ मौके पर पहुंचे और आसपास के सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। इसमें दोनों आरोपित घर से निकलते हुए दिख रही हैं। पुलिस ने उनके खिलाफ मामला दर्ज कर तलाश शुरू कर दी है और जल्द गिरफ्तारी का दावा किया है।


