हरिद्वार। उत्तराखंड सरकार के कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी ने आज हरिद्वार स्थित मनसा देवी मंदिर की सीढ़ियों पर हुई दुर्भाग्यपूर्ण भगदड़ की घटना में घायलों का हालचाल जाना और शोक संतप्त परिजनों के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त की। इस हादसे में छह लोगों की मृत्यु हो गई, जबकि कई अन्य श्रद्धालु घायल हुए हैं।
मंत्री गणेश जोशी ने घटना स्थल व अस्पताल में पहुंचकर घायलों के शीघ्र स्वास्थ्य लाभ की कामना की और उन्हें हर संभव मदद का आश्वासन दिया। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि घायलों का समुचित इलाज सुनिश्चित किया जाए तथा उन्हें हर प्रकार की चिकित्सकीय सुविधा तुरंत उपलब्ध कराई जाए।
कैबिनेट मंत्री ने कहा कि राज्य सरकार इस दुखद घड़ी में पीड़ित परिवारों के साथ खड़ी है। सरकार की ओर से मृतकों के परिजनों को दो-दो लाख रुपये तथा घायलों को 50-50 हजार रुपये की आर्थिक सहायता प्रदान की जाएगी।
मत्तूर/देहरादून। कर्नाटक राज्य के शिवमोग्गा जिले में स्थित मत्तूर ग्राम, भारत का एक अनूठा गाँव है जहाँ संस्कृत भाषा आज भी दैनिक जीवन की जीवंत धारा है। इस अद्वितीय ग्राम में आज उत्तराखंड सरकार के कैबिनेट मंत्री (शिक्षा एवं संस्कृत भाषा) डॉ. धन सिंह रावत ने अधिकारियों और प्रतिनिधिमंडल के साथ साक्षात भ्रमण किया।
इस अवसर पर डॉ. रावत ने गाँव की वैदिक जीवनशैली, गुरुकुल परंपरा, संस्कृत शिक्षण पद्धति और ग्रामवासियों की भाषा-निष्ठा का निकट से अवलोकन किया। उन्होंने ग्राम के विद्यालय, मंदिर एवं गुरुकुल में विद्यार्थियों और आचार्यों से संवाद भी किया।

डॉ. धन सिंह रावत ने कहा
“मत्तूर केवल एक ग्राम नहीं, बल्कि भारत की आत्मा का प्रतीक है। यहाँ संस्कृत केवल बोली नहीं जाती, बल्कि जीवित है – व्यवहार, शिक्षा और संस्कार में। यह भ्रमण हमारे लिए एक प्रेरणास्पद अनुभव है, जो उत्तराखंड में संस्कृत ग्राम की स्थापना की दिशा में मार्गदर्शक बनेगा।”
डॉ. रावत ने ग्राम के नागरिकों के साथ प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के ‘मन की बात’ कार्यक्रम को भी श्रद्धा एवं ध्यानपूर्वक सुना। उन्होंने इसे “जन-जन को जोड़ने वाला संवाद” बताया जो संस्कृति और राष्ट्रनिर्माण की चेतना को जीवित करता है।
भविष्य की योजना: उत्तराखंड में संस्कृत ग्राम की स्थापना
इस अध्ययन और संवाद के पश्चात डॉ. रावत ने संकेत दिया कि उत्तराखंड सरकार राज्य में एक “संस्कृत ग्राम” की स्थापना की ओर अग्रसर है। उन्होंने कहा कि:
संस्कृत ग्राम में संपूर्ण संवाद संस्कृत में होगा
गुरुकुल आधारित शिक्षा पद्धति को पुनः जीवंत किया जाएगा
संस्कृत के साथ आधुनिक कौशल और तकनीक का समन्वय किया जाएगा
यह ग्राम संस्कृति, शिक्षा और भाषाई गौरव का केंद्र बनेगा, जो आने वाली पीढ़ियों को भारतीय परंपराओं से जोड़ने में सहायक होगा।
मत्तूर ग्राम के भ्रमण ने यह प्रमाणित किया कि यदि इच्छा और सामाजिक सहयोग हो, तो संस्कृत जैसी प्राचीन भाषा को भी जीवन के केंद्र में लाया जा सकता है।
उत्तराखंड सरकार इस दिशा में सार्थक और ठोस प्रयास कर रही है।
कैबिनेट मंत्री डॉ धन सिंह रावत द्वारा संस्कृत ग्राम में एक पेड़ मां के नाम अभियान के तहत फलदार वृक्ष का रोपण भी किया
इस अवसर पर सचिव दीपक कुमार कुलपति दिनेश चंद्र शास्त्री की निदेशक आनंद भारद्वाज सचिव वाजश्रवा आर्य हरीश गुरुरानी किशोरी लाल उपस्थित रहे।
हरिद्वार। मनसा देवी मंदिर मार्ग पर हुई भगदड़ की दुर्भाग्यपूर्ण घटना में कई श्रद्धालु हताहत हुए, जिसकी सूचना मिलते ही हरिद्वार के सांसद एवं उत्तराखंड के पूर्व मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत तुरंत सक्रिय हुए और सिटी हॉस्पिटल, हरिद्वार पहुंचकर घायलों का हालचाल जाना। उन्होंने अस्पताल में उपस्थित चिकित्सकों से उपचार की विस्तृत जानकारी प्राप्त की।

सांसद रावत ने कहा कि कुशल चिकित्सकों की देखरेख में घायलों का समुचित उपचार चल रहा है। प्रशासन और अस्पताल प्रबंधन पूरी तत्परता से राहत कार्यों में जुटे हुए हैं। उन्होंने आगे कहा, माँ मनसा देवी से प्रार्थना है कि दिवंगत पुण्यात्माओं को अपने श्रीचरणों में स्थान दें और सभी घायल श्रद्धालुओं को शीघ्र स्वास्थ्य लाभ प्राप्त हो।
सांसद रावत ने आश्वस्त किया कि इस संकट की घड़ी में हर पीड़ित परिवार के साथ हम पूरी मजबूती और संवेदनशीलता के साथ खड़े हैं।
इस अवसर पर हरिद्वार विधायक मदन कौशिक भी उनके साथ उपस्थित रहे और घायलों की स्थिति की जानकारी ली।
शुभांशु शुक्ला की अंतरिक्ष से वापसी और चंद्रयान-3 की सफलता से देश में बढ़ी वैज्ञानिक चेतना- पीएम मोदी
नई दिल्ली। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने ‘मन की बात’ के 124वें एपिसोड में देशवासियों से संवाद करते हुए विज्ञान, खेल, संस्कृति और स्वाभिमान की मिसालों को साझा किया। उन्होंने युवाओं की उपलब्धियों, ऐतिहासिक धरोहरों की अहमियत और टेक्सटाइल सेक्टर की ताकत पर प्रकाश डालते हुए आत्मनिर्भर भारत की दिशा में बढ़ते कदमों को सराहा।
1. विज्ञान और अंतरिक्ष में भारत का परचम:
प्रधानमंत्री ने शुभांशु शुक्ला की अंतरिक्ष से वापसी और चंद्रयान-3 की सफलता का जिक्र करते हुए कहा कि इससे देश में वैज्ञानिक चेतना बढ़ी है। बच्चों के लिए ‘इंस्पायर मानक’ जैसे अभियानों ने इनोवेशन को नई उड़ान दी है।
2. ओलंपियाड्स में भारतीय प्रतिभाओं की चमक:
इंटरनेशनल केमिस्ट्री और मैथ ओलंपियाड में भारतीय छात्रों की शानदार जीत का उल्लेख करते हुए पीएम ने युवाओं की वैज्ञानिक क्षमता को सराहा। आने वाले एस्ट्रोनॉमी और एस्ट्रोफिजिक्स ओलंपियाड को भारत के लिए बड़ी उपलब्धि बताया।
3. ऐतिहासिक किले: संस्कृति और स्वाभिमान के प्रतीक:
पीएम मोदी ने यूनेस्को द्वारा मराठा किलों को वर्ल्ड हेरिटेज का दर्जा मिलने पर गर्व व्यक्त किया। उन्होंने भारत के अन्य किलों का भी उल्लेख किया जो इतिहास, वीरता और स्वाभिमान के प्रतीक हैं।
4. टेक्सटाइल सेक्टर में महिलाओं की भागीदारी:
प्रधानमंत्री ने पैठणी और संथाली साड़ियों का उदाहरण देकर कहा कि भारत का हैंडलूम सेक्टर सिर्फ कारोबार नहीं, सांस्कृतिक विरासत की पहचान है। आज 3000 से अधिक टेक्सटाइल स्टार्टअप देश को वैश्विक पहचान दिला रहे हैं।
5. लोक संस्कृति से पर्यावरण जागरूकता:
ओडिशा के क्योंझर जिले में भजन मंडलियों द्वारा जंगल की आग पर चेतना फैलाने के प्रयासों की सराहना की गई। पीएम मोदी ने कहा कि हमारी परंपराएं आज भी समाज को दिशा देने की ताकत रखती हैं।
6. पांडुलिपियों को डिजिटल बनाना जरूरी:
तमिलनाडु के मणि मारन के प्रयासों का जिक्र करते हुए पीएम ने भारतीय ज्ञान परंपरा को सहेजने के लिए पांडुलिपियों के डिजिटलीकरण पर जोर दिया।
7. मछलीपालन और काजीरंगा में पक्षी गणना की सराहना:
प्रधानमंत्री मत्स्य योजना और असम के काजीरंगा में पक्षियों की नई प्रजातियों की खोज को विकास की दिशा में महत्वपूर्ण बताया।
8. खेलों और स्वच्छता आंदोलन में भारत की छलांग:
वर्ल्ड पुलिस एंड फायर गेम्स में भारत के 600 मेडल और स्वच्छ भारत मिशन की सफलता का उल्लेख करते हुए पीएम ने इसे जन आंदोलन बताया।
9. स्वतंत्रता संग्राम और पर्वों की भावना:
खुदीराम बोस जैसे वीरों के बलिदान, भारत छोड़ो आंदोलन और विभाजन विभीषिका दिवस की याद दिलाते हुए पीएम ने अगस्त को ‘क्रांति का महीना’ कहा। साथ ही सावन और रक्षाबंधन जैसे त्योहारों की शुभकामनाएं भी दीं।
घायलों को 50-50 हजार की मदद
हादसे पर मजिस्ट्रियल जांच के आदेश
देहरादून। हरिद्वार के मनसा देवी मंदिर मार्ग पर हुए हृदय विदारक हादसे में 6 लोगों की मृत्यु का समाचार अत्यंत दुःखद है। ईश्वर से प्रार्थना है कि दिवंगतों की आत्मा को श्रीचरणों में स्थान एवं शोकाकुल परिजनों को यह असीम दुःख सहन करने की शक्ति प्रदान करें।
प्रदेश सरकार द्वारा मृतकों के परिजनों को 2-2 लाख रुपये एवं घायलों को 50-50 हजार रुपये की सहायता राशि प्रदान की जाएगी। साथ ही घटना के मजिस्ट्रियल जांच के निर्देश भी दिए हैं।
मुख्यमंत्री के निर्देश पर जिलाधिकारी हरिद्वार को घटना की मजिस्ट्रियल जांच के आदेश दिए गए हैं और जिलाधिकारी हरिद्वार को त्वरित कार्रवाई के निर्देश दिए गए हैं। साथ ही, भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने के लिए भीड़ प्रबंधन और सुरक्षा व्यवस्थाओं की गहन समीक्षा की जा रही है।
सचिव आपदा प्रबंधन विनोद कुमार सुमन ने घटना की जानकारी देते हुए बताया कि इस दुर्घटना में 05 गंभीर रूप से घायल श्रद्धालुओं को बेहतर चिकित्सा सुविधा के लिए एम्स ऋषिकेश रेफर किया गया है। इसके अतिरिक्त 23 अन्य घायल श्रद्धालुओं का उपचार जिला चिकित्सालय हरिद्वार में चल रहा है, जहां सभी घायलों को आवश्यक चिकित्सकीय सहायता उपलब्ध कराई जा रही है।
साउथ सुपरस्टार विजय देवरकोंडा एक बार फिर एक्शन अवतार में नजर आने वाले हैं। उनकी आगामी फिल्म ‘किंगडम’ का ट्रेलर रिलीज हो चुका है, जिसमें वह एक अंडरकवर एजेंट की दमदार भूमिका निभाते दिख रहे हैं। भाई के लिए लड़ाई, देश के लिए मिशन और दुश्मनों से टक्कर—इस ट्रेलर में हर मसाला मौजूद है।
जासूसी मिशन पर निकलते हैं विजय
फिल्म की शुरुआत होती है एक रहस्यमयी आवाज़ से, जो विजय को एक खतरनाक अंडरकवर ऑपरेशन का हिस्सा बनने का आदेश देती है। ट्रेलर में विजय को हथकड़ियों में पुलिस वैन में ले जाया जाता दिखाया गया है। इस दौरान संवाद आता है, “तुझे अपनी मां, काम और घर सब छोड़ना पड़ेगा।”
वर्दी में विजय, नई चुनौती का सामना
जल्द ही विजय देवरकोंडा पुलिस की वर्दी में दिखाई देते हैं, जो एक नए मिशन पर निकल चुके हैं। आवाज़ चेतावनी देती है कि यह ऑपरेशन न केवल मुश्किल, बल्कि जानलेवा भी हो सकता है। ट्रेलर में दिखाया गया है कि वह एक खतरनाक इलाके में कदम रखते हैं, जहां गोलियों और तोपों की आवाजें गूंजती हैं।
जब विजय बनते हैं विद्रोही योद्धा
एक दृश्य में कुछ लोग विजय पर हमला कर देते हैं, लेकिन अगला ही पल उन्हें आगबबूला कर देता है। विजय बोलते हैं, “जरूरत पड़ी तो सब कुछ जला कर रख दूंगा।” इसके बाद शुरू होता है एक्शन का तूफान—विजय बंदूक और हाथों से दुश्मनों की जमकर धुनाई करते हैं।
‘साम्राज्य’ का राजा कौन?
अंत में एक और रहस्यपूर्ण आवाज आती है, “इस मिट्टी में ही कुछ खराबी है… यहां रहने वाला हर इंसान राक्षस बन जाता है… और वह राक्षसों का राजा बन गया है।” इस संवाद के साथ ट्रेलर अपने चरम पर पहुंचता है और दर्शकों के बीच फिल्म को लेकर उत्सुकता बढ़ा देता है।
(साभार)
कहा, घटनाक्रम पर है सरकार की पैनी नजर
देहरादून। प्रदेश के कैबिनेट मंत्री और हरिद्वार के प्रभारी मंत्री सतपाल महाराज ने जनपद हरिद्वार स्थित मनसा देवी मंदिर की सीढ़ियों वाले मार्ग पर भगदड़ की घटना में 06 लोगों की मौत पर गहरी संवेदना व्यक्त करते हुए घायलों के शीघ्र स्वास्थ्य लाभ की कामना की है।
प्रदेश के कैबिनेट मंत्री और हरिद्वार के प्रभारी मंत्री सतपाल महाराज ने रविवार को जनपद हरिद्वार स्थित मनसा देवी मंदिर की सीढ़ियों वाले मार्ग पर भगदड़ मचने से दुर्घटना में मृत सभी 06 लोगों की मौत पर गहरी संवेदना व्यक्त की है। उन्होंने घायलों के शीघ्र स्वास्थ्य लाभ की कामना करते हुए उनके उचित इलाज के लिए प्रशासन एवं स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश भी दिए हैं।
महाराज ने कहा कि सरकार और स्थानीय प्रशासन पूरे घटनाक्रम पर अपनी पैनी नजर रखे हुए है और सरकार भगदड़ के कारणों की जांच करवायेगी।
जिलाधिकारी सविन बंसल ने 57.04 लाख रुपये की धनराशि की स्वीकृति दी
देहरादून। “नशा मुक्त उत्तराखंड” अभियान को मूर्त रूप देने की दिशा में देहरादून जिला प्रशासन द्वारा एक बड़ा कदम उठाया गया है। मुख्यमंत्री की प्रेरणा और निर्देशों पर जिले में उत्तराखंड का पहला सरकारी नशा मुक्ति एवं पुनर्वास केंद्र स्थापित किया जा रहा है। जिलाधिकारी सविन बंसल ने इसके लिए 57.04 लाख रुपये की धनराशि स्वीकृत कर दी है। यह केंद्र रायवाला स्थित राजकीय वृद्धाश्रम के प्रथम तल पर संचालित होगा।
30 बिस्तरों वाले इस केंद्र के संचालन के लिए जिला प्रशासन एक अनुभवी एनजीओ का चयन करेगा। डिस्ट्रिक्ट डी-एडिक्शन सेंटर के लिए एक विस्तृत एक्शन प्लान भी तैयार कर लिया गया है। अब तक राज्य में किसी भी जिले में कोई सरकारी नशा मुक्ति केंद्र नहीं था, ऐसे में यह पहल एक नई शुरुआत मानी जा रही है।
जिलाधिकारी सविन बंसल ने समाज कल्याण विभाग और संबंधित अधिकारियों के साथ बैठक कर संचालन की रणनीति तय की। रायवाला वृद्धाश्रम के प्रथम तल पर 13 कमरे, बाथरूम, एक हॉल और दो कार्यालय कक्ष मौजूद हैं, जिन्हें नशा मुक्ति केंद्र के रूप में विकसित किया जाएगा।
प्रस्तावित बजट में भारत सरकार की गाइडलाइन के अनुसार 30 बिस्तरों वाले केंद्र के लिए स्वीकृत 22 पदों के 6 माह के मानदेय हेतु 22.56 लाख, भवन अनुरक्षण, दवाइयां, विद्युत-पानी बिल, वाहन, स्टेशनरी, भोजन आदि के लिए 9.48 लाख और गद्दे, फर्नीचर, बर्तन, अलमारी, कम्प्यूटर, बायोमेट्रिक मशीन आदि आवश्यक सामग्री के लिए 25 लाख रुपये का प्रावधान किया गया है।
जिलाधिकारी ने समाज कल्याण अधिकारी को निर्देश दिए कि संचालन हेतु समिति के माध्यम से अनुभवी एनजीओ का चयन शीघ्र किया जाए। केंद्र में रजिस्ट्रेशन, ओपीडी, आइसोलेशन रूम, स्टाफ रूम, स्टोर रूम, वेटिंग एरिया आदि की समुचित व्यवस्था की जाएगी।
इस अवसर पर मुख्य विकास अधिकारी अभिनव शाह, मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. एम.के. शर्मा, जिला समाज कल्याण अधिकारी दीपांकर घिल्डियाल, निदेशक सोशल वेलफेयर जगमोहन सिंह कफोला, आरडब्लूडी के अधिशासी अभियंता विनीत कुरील सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।
हाई-वोल्टेज तार गिरने से मचा हड़कंप, दर्जनों घायल, राहत-बचाव कार्य जारी
हरिद्वार। उत्तराखंड के प्रसिद्ध धार्मिक स्थल मनसा देवी मंदिर में रविवार को उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब मंदिर मार्ग पर एक हाई-वोल्टेज बिजली का तार अचानक टूटकर गिर गया। इस हादसे के चलते भगदड़ मच गई, जिसमें छह श्रद्धालुओं की दर्दनाक मौत हो गई, जबकि दर्जनों लोग घायल हो गए।
घटना के तुरंत बाद पुलिस, प्रशासन और एसडीआरएफ की टीमें राहत और बचाव कार्य में जुट गईं। घायलों को प्राथमिक इलाज के बाद जिला अस्पताल पहुंचाया गया, जहां से गंभीर रूप से घायल लोगों को उच्च केंद्रों पर रेफर किया गया है।
गढ़वाल मंडल आयुक्त विनय शंकर पांडे ने बताया कि हादसे के वक्त मंदिर में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ थी। जैसे ही तार गिरा, लोगों में भगदड़ मच गई और कई लोग जमीन पर गिर पड़े, जिससे जानमाल का बड़ा नुकसान हुआ। आयुक्त ने कहा कि वे स्वयं घटनास्थल की ओर रवाना हो चुके हैं और विस्तृत रिपोर्ट की प्रतीक्षा की जा रही है।
हरिद्वार के एसएसपी प्रमेंद्र सिंह डोबाल के अनुसार, हादसे में कुल 35 लोग घायल हुए हैं, जिनमें से छह की मौत हो चुकी है। गंभीर रूप से घायल श्रद्धालुओं को विशेष चिकित्सा सुविधा वाले अस्पतालों में रेफर किया गया है।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने हादसे पर गहरा शोक व्यक्त करते हुए कहा कि वह लगातार स्थानीय प्रशासन के संपर्क में हैं और राहत एवं बचाव कार्यों की निगरानी कर रहे हैं। उन्होंने सभी घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना करते हुए माता रानी से प्रार्थना की।
इस दुर्भाग्यपूर्ण हादसे के बाद मंदिर क्षेत्र में भय और शोक का माहौल है। प्रशासन द्वारा घटना की जांच के आदेश दे दिए गए हैं।
यूसीसी में रोजाना हो रहे हैं 1600 से ज्यादा विवाह पंजीकरण
देहरादून। उत्तराखंड में 27 जनवरी 2025 से समान नागरिक संहिता (यूसीसी) के लागू होने के बाद विवाह पंजीकरण में अभूतपूर्व वृद्धि दर्ज की गई है। जहां पहले उत्तराखंड विवाह पंजीकरण अधिनियम-2010 के तहत प्रतिदिन औसतन 67 शादियां ही पंजीकृत होती थीं, वहीं यूसीसी लागू होने के बाद यह आंकड़ा बढ़कर प्रतिदिन औसतन 1,634 विवाह पंजीकरण तक पहुंच गया है।
यूसीसी के तहत 27 जनवरी से अब तक कुल 3,01,526 विवाहों का पंजीकरण हो चुका है। इसके मुकाबले वर्ष 2010 से लेकर 26 जनवरी 2025 तक केवल 3,30,064 शादियां ही पंजीकृत हुई थीं। नए कानून की स्पष्टता और प्रक्रियात्मक सरलता के चलते लोग अब विवाह पंजीकरण को लेकर अधिक जागरूक और उत्साहित नजर आ रहे हैं।
राज्य सरकार ने विवाह पंजीकरण की समयसीमा भी 6 माह से बढ़ाकर 1 वर्ष कर दी है, जिससे उन दंपतियों को राहत मिलेगी जो किसी कारणवश समय पर पंजीकरण नहीं करा सके थे। इस संबंध में विधायी एवं संसदीय कार्य विभाग द्वारा अधिसूचना जारी की जा चुकी है।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा, “यूसीसी के तहत हो रहे विवाह पंजीकरण समाज में समानता, पारदर्शिता और महिला सशक्तिकरण की दिशा में बड़ा कदम हैं। यह एक मजबूत और न्यायसंगत सामाजिक व्यवस्था की ओर अग्रसरता को दर्शाता है।”
