भारत करेगा यूनेस्को की इस समिति की अध्यक्षता, दिल्ली में होगी बैठक..
देश-विदेश: भारत पहली बार यूनेस्को की वैश्विक धरोहर समिति की अध्यक्षता और मेजबानी करेगा। यूनेस्को में भारत के स्थाई प्रतिनिधि विशाल वी शर्मा ने इसकी जानकारी दी है। भारत 21 से 31 जुलाई तक इस समिति की अध्यक्षता करेगा। वैश्विक धरोहर समिति की बैठक वर्ष में एक बार होती है। यह समिति वैश्विक धरोहर सम्मेलन के कार्यन्वय को देखती है। राष्ट्रों के अनुरोध पर वित्तीय सहायता आवंटित करती है। किसी देश की संपत्ति को वैश्विक धरोहर सूची में शामिल किया जाना है या नहीं, इसमें इस समिति का अंतिम फैसला होता है। यह अंकित संपत्तियों के संरक्षण की स्थिति पर रिपोर्टों की जांच करता है और साथ ही संपत्तियों का उचित प्रबंधन नहीं होने पर कार्रवाई भी करता है। वैश्विक धरोहर सूची में संपतति को शामिल करने और हटाने का फैसला भी यही लेती है।
झाझरा में क्लोरीन गैस के रिसाव से मचा हड़कंप..
उत्तराखंड: राजधानी देहरादून के झाझरा में मंगलवार सुबह प्लाट में रखे गैस सिलिंडरों से क्लोरीन गैस का रिसाव हो गया। लोगों को सांस लेने में परेशानी होने लगी।जिससे मौके पर हड़कंप मच गया है। आसपास के इलाकों को खाली कराकर रेस्क्यू अभियान चलाया जा रहा है। स्थानीय लोगों को घरों से रेस्क्यू कर सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया जा रहा है।
जानकारी के अनुसार आज तड़के सुबह थाना प्रेम नगर को सूचना मिली कि झांझरा क्षेत्र में स्थित एक प्लॉट में रखें गैस सिलेंडरों से क्लोरीन गैस का रिसाव हो रहा है। सूचना पर थाना प्रेमनगर से पुलिस बल और पुलिस स्टेशन देहरादून से फायर कर्मियों की टीम तत्काल घटनास्थल पर पहुंची। इस बीच एनडीआरएफ और एसडीआरएफ की टीमो को सूचित करते हुए मौके पर बुलाया गया। रेस्क्यू टीमों ने मौके पर राहत एवं बचाव कार्य प्रारंभ करते हुए आस-पास के क्षेत्र में स्थित घरों से लोगों को रेस्क्यू पर करते हुए सुरक्षित स्थानों पर ले गए। लोगों को आंखों में जलन की शिकायत थी। इसके बाद दो लोगों को अस्पताल में भर्ती कराया गया।
वहीं घटना की सूचना पर वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अजय सिंह खुद मौके पर पहुंचे और रेस्क्यू कार्यो का जायजा लिया। मौके पर पुलिस ,फायर सर्विस व एन0डी0आर0एफ CBRN टीम भी मौजूद है। सभी के द्वारा संयुक्त आपरेशन चलाते हुए गैस लीकेज को रोकने व सिलिंडर को घटनास्थल से हटाने का प्रयास किया जा रहा है।
हरिद्वार में घटी यात्रियों की संख्या, रातभर गुलजार रहने वाले बाजार भी पड़े सूने..
उत्तराखंड: सर्दी में धर्मनगरी में यात्रियों की संख्या घट गई है। इससे गंगा घाटों पर कम यात्री नजर आ रहे हैं। होटल, धर्मशालाएं और आश्रम भी खाली चल रहे हैं। रातभर यात्रियों से गुलजार रहने वाले बाजार सूने पड़े हुए हैं। शहर में इन दिनों कड़ाके की सर्दी पड़ रही है। सुबह से कोहरे की सफेद चादर छा जाती है। हालांकि, दो दिन से सुबह दस बजे के बाद धूप निकल रही है, लेकिन इससे भी लोगों को ठंड से राहत नहीं मिल रही है। रविवार को भी शहर का अधिक तापमान 18 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान छह डिग्री दर्ज किया गया।
सर्दी से पारा गिरने से बेहद कम संख्या में यात्री शहर में पहुंच रहे हैं। इससे दुकानदारों की दुकादारी पर भी असर पड़ रहा है। ठंड के कारण हरकी पैड़ी क्षेत्र में भी गंगा स्नान करने के लिए सामान्य दिनों के मुकाबले कम श्रद्धालु आ रहे हैं। गंगा के अन्य घाटों पर तो बेहद कम संख्या में श्रद्धालु नजर आ रहे हैं। ठंड के चलते सामान्य दिनों की अपेक्षा काफी कम भीड़ गंगा घाटों पर दिख रही है। हालत यह है कि जहां ब्रह्मकुंड की धारा में स्नान करने की अपनी बारी का इंतजार करना पड़ता था, वहीं रविवार को दोपहर में इक्का दुक्का लोग दिखाई दिए। हरकी पैड़ी गंगा घाट पर भी स्नान करने वालों से अधिक स्थानीय लोग दिखे।
देहात क्षेत्र में दिनभर कड़ाके की सर्दी रहने से खेती का कार्य बुरी तरह से प्रभावित हो गया है। सबसे अधिक गन्ने की छिलाई करने में किसानों और मजदूराें को परेशानी हो रही हैं। क्योंकि, कड़ाके की ठंड में गन्ने की कटाई, छिलाई और फिर ढुलाई करने के लिए ठंड में लोगों के हाथ काम नहीं कर रहे हैं। लोग किसी तरह से रुक-रुक कर गन्ने के खेतों में कार्य कर रहे हैं।
उत्तराखंड में आज इन क्षेत्रों में होगी बारिश और बर्फबारी..
उत्तराखंड: प्रदेश में बीते दो महीनों से बारिश नहीं हुई है। जिस कारण प्रदेशभर में सूखी ठंड सता रही है और मौसम शुष्क बना हुआ है। मौसम विभाग के अनुसार आज से प्रदेश में मौसम का मिजाज बदल सकता है। प्रदेश में ऊंचाई वाले इलाकों में बर्फबारी और निचले इलाकों में बारिश होने की संभावना है। मौसम विभाग ने आज प्रदेश में मौसम के करवट लेने की संभावना जताई है। मौसम विभाग का कहना हैं कि राजधानी देहरादून समेत प्रदेश के ज्यादातर इलाकों में बारिश की संभावना है। इसके साथ ही प्रदेश के उच्च हिमालयी क्षेत्रों में बर्फबारी होने के आसार हैं जबकि निचले क्षेत्रों में बारिश हो सकती है। बारिश ना होने के कारण बीते कुछ समय से प्रदेश में मैदानी क्षेत्रों में कोहरा और पहाड़ों में पाला लोगों को परेशान कर रहा है। लेकिन बारिश और बर्फबारी होने के कारण आने वाले कुछ दिनों में प्रदेश में तापमान में गिरावट दर्ज की जाएगी। जिस से कड़ाके की ठंड पड़ेगी।
मौसम विज्ञान केंद्र के निदेशक बिक्रम सिंह ने कहा कि ताजा पश्चिमी विक्षोभ उत्तर भारत में सक्रिय होने के कारण मंगलवार को 3000 मीटर से अधिक ऊंचाई वाले क्षेत्रों में बर्फबारी होने के आसार हैं। इसके साथ ही निचले इलाकों में हल्की बारिश हो सकती है। जिस से न्यूनतम तापमान में भी एक से दो डिग्री सेल्सियस की गिरावट दर्ज की जा सकती है।
देहरादून में दो दिन में 10 पहुंची इन्फ्लुएंजा पीड़ितों की संख्या..
उत्तराखंड: सर्दी, खांसी और बुखार के मरीजों की कोविड और इन्फ्लुएंजा की जांच की जा रही है। रविवार को कोविड की 63 जांच हुईं। सभी संदिग्ध मरीजों की रिपोर्ट निगेटिव है। वहीं, इन्फ्लुएंजा के चार नए मरीज मिले हैं। सभी को अस्पताल में भर्ती किया गया है। इनमें एक बुजुर्ग और तीन वयस्क हैं। जिला सर्विलांस अधिकारी डॉ. सीएस रावत का कहना हैं कि रविवार को इन्फ्लुएंजा के चार मरीज मिले हैं। इसमें एक मरीज इंदिरेश अस्पताल, एक मरीज कैलाश अस्पताल और दो मरीज दून अस्पताल में भर्ती हैं। स्वास्थ्य विभाग ने इन सभी मरीजों के इन्फ्लुएंजा-ए पॉजिटिव होने की जानकारी दी है। मरीजों की एच-1 एन-1 रिपोर्ट पॉजिटिव के बारे में रिपोर्ट जारी नहीं की गई है।
इन दिनों कोविड के साथ ही स्वाइन फ्लू का खतरा भी बढ़ गया है। मरीजों की रिपोर्ट पॉजिटिव आ रही है। हालांकि स्वास्थ्य विभाग की ओर से मरीजों को इन्फ्लुएंजा-ए पॉजिटिव ही बताया जा रहा है। जबकि इन्फ्लुएंजा पॉजिटिव आने पर इन्फ्लुएंजा के सब टाइप की जांच की जाती है। इन्फ्लुएंजा के सब टाइप स्वाइन फ्लू को प्रजेंट करते हैं। शनिवार को भी जिले में इन्फ्लुएंजा के छह मरीज मिले थे। यह सभी मरीज अस्पतालों में भर्ती किए गए थे। जिले में रोजाना इन्फ्लुएंजा के मरीज बढ़ रहे हैं। पिछले दो दिन में 10 मरीज मिल चुके हैं।
डॉक्टरों की सेवानिवृत्ति आयु 65 वर्ष होगी,जल्द कैबिनेट में लाया जाएगा प्रस्ताव..
उत्तराखंड: सूबे में विशेषज्ञ चिकित्सकों की भारी कमी को देखते हुए सरकार ने उनकी सेवानिवृत्ति की अधिवर्षता आयु 60 वर्ष से बढ़ाकर 65 वर्ष करने का निर्णय लिया है। इसके साथ ही विशेषज्ञ चिकित्सकों का पृथक कैडर भी बनेगा। जिसका प्रस्ताव शीघ्र कैबिनेट में लाया जाएगा। शनिवार को स्वास्थ्य मंत्री डॉ. धन सिंह रावत की अध्यक्षता में सचिवालय में स्वास्थ्य विभाग की उच्चस्तरीय बैठक हुई। जिसमें विभाग के अंतर्गत प्रदेशभर में विशेषज्ञ चिकित्सकों की कमी को दूर करने के लिए पृथक कैडर बनाने, वेतन वृद्धि और सेवानिवृत्ति की आयु 60 वर्ष से बढ़ाकर 65 वर्ष किए जाने का निर्णय लिया गया। इसके लिए विभागीय अधिकारी एक सप्ताह के भीतर प्रस्ताव तैयार कर शासन को प्रस्तुत करेंगे। जिसे आगामी कैबिनेट में रखा जाएगा।
सभी 1300 पदों पर तकनीशियनों की आवश्यकता..
इसके साथ ही विभाग में चिकित्सकों के रिक्त पदों के सापेक्ष नियत वेतनमान पर चिकित्सकों की तैनाती करने और पीजी कोर्स करने गए एमबीबीएस डॉक्टरों के विकल्प के रूप में कुछ अस्थाई पदों की स्वीकृत का भी निर्णय लिया गया। इसका प्रस्ताव भी कैबिनेट में रखा जाएगा। डॉ. रावत का कहना हैं कि स्वास्थ्य विभाग के अंतर्गत तकनीकी संवर्ग के कुल 1300 पद रिक्त हैं, जिनके सापेक्ष विभाग को केवल 250 पद भरने की ही स्वीकृति कैबिनेट ने पूर्व में दी थी। जबकि विभाग को पूरे प्रदेश में सभी 1300 पदों पर तकनीशियनों की आवश्यकता है।
इसके लिए विभागीय अधिकारियों को सभी पदों को पुनर्जीवित करने व भरने की स्वीकृति संबंधी प्रस्ताव कैबिनेट में लाने के निर्देश दिए गए हैं। ताकि प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों से लेकर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों, उप जिला चिकित्सालयों व जिला चिकित्सालयों में तकनीशियनों की कमी को दूर किया जा सके।
कॉलेजों में सुपर स्पेशिलिस्टों का बढ़ेगा वेतनमान..
सूबे के विभिन्न राजकीय मेडिकल कॉलेजों में प्रोफेसर एवं एसोसिएट प्रोफेसर के रिक्त 156 पदों को भरने का रास्ता खुल गया है। सचिवालय में विभाग की उच्च स्तरीय बैठक में इन पदों को भरने के लिए न्यूनतम आयु सीमा 62 वर्ष करने का निर्णय लिया गया है। जिसका प्रस्ताव चिकित्सा शिक्षा विभाग शासन को भेजेगा। इससे पहले राज्य कैबिनेट भर्ती की अधिकतम आयु सीमा निर्धारित कर चुकी है। आने वाले समय में सूबे के मेडिकल कॉलेजों को 53 प्रोफेसर व 103 एसोसिएट प्रोफेसर मिल सकेंगे।
इसी प्रकार, चिकित्सा शिक्षा के अंतर्गत विभिन्न राजकीय मेडिकल कॉलेजों में सुपर स्पेशिलिस्टी विभागों के रिक्त पदों का वेतनमान बढ़ाने का निर्णय लिया गया है, जिसका विभाग कैबिनेट के लिए प्रस्ताव तैयार करेगा। इन सुपर स्पेशिलिटी संकायों में कार्डियोलॉजी, यूरोलॉजी, नेफ्रोलॉजी, रेडियोलॉजी, न्यूरोसर्जरी तथा प्लास्टिक एवं बर्न सर्जरी विभाग शामिल हैं।
उत्तराखंड हाईकोर्ट ने रुद्रप्रयाग के जिला जज को किया निलंबित..
उत्तराखंड: नैनीताल हाईकोर्ट ने रुद्रप्रयाग के जिला एवं सत्र न्यायाधीश अनुज कुमार संगल को निलंबित कर दिया है। आपको बता दे कि अनुज कुमार संगल पर उत्तराखंड हाईकोर्ट का रजिस्ट्रार (विजिलेंस) रहते अपने अधीन कार्यरत चतुर्थ श्रेणी कर्मचारी का उत्पीड़न करने का आरोप है। अनुज कुमार संगल पर आरोप है कि इस उत्पीड़न से त्रस्त होकर कर्मचारी ने जहर का सेवन कर लिया था। आरोप है कि उन्होंने आवास पर तैनात चतुर्थ श्रेणी कर्मचारी हरीश अधिकारी से गाली-गलौज कर और सेवा से हटाने की धमकी देकर प्रताड़ित किया था। परेशान होकर कर्मचारी ने जहर खा लिया था।
ढाई साल की बच्ची इन्फ्लुएंजा-ए के साथ ही एच-1 एन-1 पॉजिटिव..
उत्तराखंड: दून अस्पताल में एक ढाई साल की बच्ची इन्फ्लुएंजा-ए के साथ ही एच-1 एन-1 पॉजिटिव आई है। एच-1 एन-1 इन्फ्लुएंजा का सब टाइप है और यह स्वाइन फ्लू को प्रजेंट करता है। बच्ची को दून अस्पताल में भर्ती कर आइसोलेट किया गया है। इसकी रिपोर्ट स्वास्थ्य विभाग की ओर से शुक्रवार को रिपोर्ट जारी की गई है। जिले में कोविड की 47 जांच की गई। हालांकि सभी रिपोर्ट निगेटिव है।
जिला सर्विलांस अधिकारी डॉ. सीएस रावत का कहना हैं कि दून अस्पताल में एक ढाई साल की बच्ची इन्फ्लुएंजा पॉजिटिव पाई गई है। वहीं, दून अस्पताल की रिपोर्ट के अनुसार बच्ची एच-1 एन-1 पॉजिटिव भी है। बता दें कि इन दिनों बच्चों के साथ ही बुजुर्ग भी इन्फ्लुएंजा-ए, एच-1 एन-1 और एच-3 एन-2 पॉजिटिव आ रहे हैं।
बच्चों में कर रहे इन्फ्लुएंजा की जांच- डॉ. मुखीजा..
दून अस्पताल के बाल रोग विभाग के एसोसिएट प्रोफेसर मेजर डॉ. गौरव मुखीजा का कहना हैं कि बच्चों में इन्फ्लुएंजा की जांच हम इसलिए कर रहे हैं क्योंकि हमें बच्चों में एच-1 एन-1, एच-3 एन-1, एच-3 एन-2, एच-1 एन-2 का डर सता रहा है। यह सभी इन्फ्लुएंजा के सब टाइप है और स्वाइन फ्लू को प्रजेंट करते हैं। हालांकि हर साल बच्चों को सर्दी और जुकाम होता है तो इन्फ्लुएंजा-ए और बी की वजह से होता है। यह घातक नहीं होता है। इसके साथ ही इन्फ्लुएंजा के सब टाइप की जांच में बच्चे बहुत कम ही पॉजिटिव आते हैं। इन्फ्लुएंजा के सब टाइप मरीज के फेफड़ों पर असर डालते हैं। इसमें घातक निमोनिया होता है।
लक्षण
शरीर में दर्द होना
बुखार
बुखार के साथ ठंड लगना
सर्दी होना
उत्तराखंड के 4000 अतिथि शिक्षकों को सरकार का तोहफा,बढ़ने जा रहा है मानदेय..
उत्तराखंड: नए साल में प्रदेश के 4000 अतिथि शिक्षकों के लिए अच्छी खबर है। उन्हें मानदेय वृद्धि का तोहफा मिलने जा रहा है। शिक्षा मंत्री डॉ.धन सिंह रावत का कहना हैं कि मानदेय वृद्धि के लिए विभाग से प्रस्ताव मांगा गया है। जल्द ही इसे मंजूरी के लिए वित्त और कार्मिक विभाग को भेजा जाएगा। आपको बता दें कि प्रदेश के विभिन्न दुर्गम और अति दुर्गम विद्यालयों में अतिथि शिक्षक वर्ष 2015 से कार्यरत हैं। शुरूआत में इन्हें प्रतिवादन के हिसाब से मानदेय दिया गया। जिसे विभिन्न वर्षों में बढ़ाया गया है। वर्ष 2018 में इनका मानदेय बढ़ाकर 15000 हजार रुपये किया गया, जबकि वर्ष 2020-21 में इसे 25000 रुपये किया गया। अतिथि शिक्षक इसके बाद से उनके सुरक्षित भविष्य के लिए नीति बनाए जाने एवं उनका मानदेय बढ़ाए जाने की लगातार मांग करते आ रहे हैं।
शिक्षा मंत्री डॉ.धन सिंह रावत का कहना हैं कि अतिथि शिक्षकों के मसले पर सरकार का हमेशा सकारात्मक निर्णय रहा है। उनके मानदेय वृद्धि की मांग पर विभाग से इसका प्रस्ताव मांग लिया गया है। अधिकारियों को कहा गया है कि जल्द प्रस्ताव दिया जाए। इसके साथ ही उनकी कुछ अन्य मांगों को लेकर भी सकारात्मक निर्णय लिया गया है।
सीबीएसई ने बदली बोर्ड परीक्षा की डेटशीट, इन पेपरों की तारीख में हुआ बदलाव..
देश-विदेश: केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड ने कक्षा 10वीं और 12वीं की बोर्ड परीक्षाओं की डेटशीट में बदलाव किया है। संशोधित डेटशीट बोर्ड की आधिकारिक वेबसाइट पर उपलब्ध है। छात्र और अभिभावक आधिकारिक वेबसाइट http://cbse.gov.in पर जाकर संशोधित डेटशीट डाउनलोड कर सकते हैं।
कब शुरू होंगी परीक्षाएं
सीबीएसई कक्षा 10वीं की परीक्षाएं 15 फरवरी से 13 मार्च 2024 तक आयोजित की जाएंगी।
सीबीएसई कक्षा 12वीं की परीक्षाएं 15 फरवरी से 2 अप्रैल 2024 तक आयोजित की जाएंगी।
परीक्षा शुरू होने का समय सुबह 10.30 बजे (आईएसटी) होगा।
ये हुए बदलाव
कक्षा 10 का तिब्बती पेपर जो 4 मार्च, 2024 को आयोजित होने वाला था, उसे 23 फरवरी के लिए पुनर्निर्धारित किया गया है और रिटेल पेपर जो 16 फरवरी के लिए निर्धारित किया गया था, अब 28 फरवरी, 2024 को आयोजित किया जाएगा। इसी तरह, कक्षा 12 के लिए, फैशन स्टडीज की परीक्षा जो कि 11 मार्च के लिए निर्धारित थी, उसे बदलकर 21 मार्च 2024 कर दिया गया है।
ऐसे डाउनलोड करें सीबीएसई संशोधित डेटशीट
आधिकारिक वेबसाइट http://www.cbse.gov.inपर जाएं।
होमपेज पर कक्षा 10वीं और कक्षा 12वीं डेट शीट लिंक पर क्लिक करें।
डेटशीट स्क्रीन पर दिखाई देगी।
परीक्षा कार्यक्रम जांचें और डाउनलोड करें।
भविष्य के संदर्भ के लिए एक प्रिंटआउट लें।
लिस्ट ऑफ कैंडिडेट फॉर्म में करें सुधार..
सीबीएसई ने कक्षा 10वीं और 12वीं की बोर्ड परीक्षा में शामिल होने जा रहे उम्मीदवारों के विवरण के लिए लिस्ट ऑफ कैंडिडेट फॉर्म जारी किया था। एलओसी फॉर्म 10वीं और 12वीं के सभी छात्रों को भरना अनिवार्य था। बोर्ड ने अब एलओसी फॉर्म करेक्शन विंडो भी खोल दी है।
यहां करें लिस्ट ऑफ कैंडिडेट फॉर्म में संशोधन..
एलओसी फॉर्म में सुधार करने के लिए आधिकारिक पोर्टल http://parikshasangam.cbse.gov.in पर जाना होगा। इसके लिए स्कूलों को 500 रुपये का जुर्माना भरना होगा, जबकि आवेदन फॉर्म में संशोधन करने वाले छात्रों को 1000 रुपये का शुल्क जमा करना होगा। सुधार विंडो के दौरान सिर्फ उम्मीदवार अपने नाम में हुई गलतियों को सिर्फ सुधार सकता है।
