G-20 सम्मेलन की बैठक के लिए पहुंचने लगे विदेशी मेहमान..
उत्तराखंड: प्रदेश में 26 से 28 जून तक नरेंद्र नगर ऋषिकेश में इंफ्रास्ट्रक्चर वर्किंग ग्रुप तृतीय बैठक प्रस्तावित है। इस जी 20 सम्मेलन में प्रतिभाग करने के लिए प्रतिनिधिमंडल के सदस्य आने शुरू हो गए है। शनिवार सुबह जौलीग्रांट एयरपोर्ट पर ब्राजील से तीन प्रतिनिधिमंडल के सदस्य पहुंचे है। जिनका स्थानीय परंपराओं के साथ भव्य स्वागत किया गया है।
जानकारी के अनुसार देहरादून में जी20 के तहत विदेशी मेहमानों का एयरपोर्ट पर आवागमन प्रारंभ हो गया है। शनिवार को पहुंचे जी-20 के प्रतिनिधियों का उपजिलाधिकारी शेलेन्द्र सिंह नेगी ने एयरपोर्ट पर स्वागत किया। जौलीग्रांट एयरपोर्ट पर प्रातः की फ्लाइट से जी 20 सम्मेलन में प्रतिभाग करने ब्राजील से तीन प्रतिनिधिमंडल के सदस्य पहुंचे। जिनका स्थानीय संस्कृति एवं लोक परंपराओं से ढोल दमाऊ के साथ भव्य स्वागत किया गया।
जी-20 शिखर सम्मेलन दुनिया को राज्य की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत, पर्यटन और जैव विविधता से परिचित कराने का एक अवसर है। यहां एयरपोर्ट के अंदर और बाहर उन्हें उत्तराखंड की संस्कृति के दीदार कराने के लिए दीवारों पर सुंदर आकृतियां उकेरी गई हैं, तो एयरपोर्ट में लैंडस्केप आदि के कार्य भी नए सिरे से किये गए हैं। एयरपोर्ट से नरेन्द्र नगर जाने वाले मार्ग को भी सलीके से सजाया गया है।
केदारनाथ गर्भगृह मामला- सोने की परत मामले की जांच के लिए विशेषज्ञों की कमेटी होगी गठित..
उत्तराखंड: केदारनाथ मंदिर के गर्भगृह में सोने की परत चढ़ाने को लेकर उठे विवादों की जांच गढ़वाल कमिश्नर की अध्यक्षता में गठित कमेटी करेगी। कमेटी में तकनीकी विशेषज्ञों संग सोने की परत चढ़ाने का काम करने वाले सुनार को भी शामिल किया जाएगा। पर्यटन एवं धर्मस्व मंत्री सतपाल महाराज का कहना हैं कि गर्भगृह को स्वर्ण मंडित करने के मामले में अफवाह फैलाकर राजनीति की जा रही है। इससे धार्मिक आस्था आहत हो रही है। अफवाहों पर विराम लगाने और सच्चाई सामने लाने के लिए सचिव धर्मस्व को गढ़वाल कमिश्नर की अध्यक्षता में उच्च स्तरीय कमेटी गठित कर जांच करने के निर्देश दिए हैं।
कहा, विपक्षी दल आस्था से जुड़े मामले को अनावश्यक तूल देकर चारधाम यात्रा में खलल डालने की कोशिश कर रहे हैं। जांच में जो भी तथ्य सामने आएंगे, उसके आधार पर कार्रवाई की जाएगी। प्रदेश सरकार धार्मिक आस्था से जुड़े मामले को लेकर संवेदनशील है। मंत्री ने सभी से आग्रह किया कि केदारनाथ धाम पर विवाद खड़ा न करें।
सोने की परत चढ़ाने की अनुमति आस्था और भावना के अनुरूप गई थी..
सतपाल महाराज का कहना हैं कि बद्रीनाथ-केदारनाथ मंदिर समिति अधिनियम-1939 में निर्धारित प्रावधानों के अनुरूप ही दानदाता से दान को स्वीकारा है। समिति की बोर्ड बैठक में प्रस्ताव पारित कर गर्भगृह को स्वर्ण मंडित करने के लिए प्रदेश शासन से अनुमति ली।
भारतीय पुरातत्व सर्वेक्षण विभाग के विशेषज्ञों की देखदेख में ही स्वर्ण मंडित करने का कार्य किया गया था। बीकेटीसी की ओर से गर्भगृह की दीवारों पर सोने की परत चढ़ाने की अनुमति दानदाता की आस्था और भावना के अनुरूप गई थी। सोना खरीदने से लेकर गर्भगृह की दीवारों पर सोने की परत चढ़ाने का संपूर्ण कार्य दानी की ओर से अपने स्वर्णकार से कराया गया। स्वर्ण व तांबे की प्लेटों के आधिकारिक बिल और बाउचर भी बीकेटीसी को कार्य पूर्ण होने के बाद दिए गए।
पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत, हरक सिंह रावत सहित कई मंत्रियों को CBI का नोटिस..
उत्तराखंड: पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत , पूर्व मंत्री हरक सिंह रावत, कांग्रेस विधायक मदन सिंह बिष्ट और निर्दलीय विधायक उमेश कुमार को सीबीआई कोर्ट ने नोटिस भेजा है। ये नोटिस बहुचर्चित स्टिंग ऑपरेशन 2016 प्रकरण में जारी किया गया है। जिससे प्रदेश के सियासी गलियारों में हलचल तेज हो गई है।
लोकसभा चुनाव से पहले प्रदेश के दिग्गज नेताओं पर सीबीआई की कार्रवाई से सियासी गलियारों में चर्चाओं का बाजार गर्म हो गया है। उत्तराखंड का स्टिंग ऑपरेशन केस फिर चर्चा में आ गया है। सीबीआई कोर्ट ने पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत , पूर्व मंत्री हरक सिंह रावत, कांग्रेस विधायक मदन सिंह बिष्ट और स्टिंग ऑपरेशन के सूत्रधार निर्दलीय विधायक उमेश कुमार को नोटिस जारी करने के आदेश दिए हैं। सीबीआई ने हाईकोर्ट में इन चारों के वॉइस सैंपल लेने की अनुमति के लिए कोर्ट में प्रार्थना पत्र दिया था। जिसको लेकर नोटिस जारी किया गया है।
बताया जा रहा है कि 8 जून को भी इन्हें नोटिस जारी किए गए थे, हालांकि वो नोटिस अभी तक तामिल नहीं हो पाए हैं। इस पर कोर्ट ने दोबारा नोटिस जारी करने के साथ ही सीबीआई को इसकी पैरवी करने के आदेश दिए हैं। इन चारों में से दो वर्तमान विधायक हैं। इस मामले में दोनों वर्तमान विधायकों को नोटिस शामिल करने के लिए तय प्रक्रिया का पालन करने के निर्देश भी दिए गए हैं। विधायकों के विशेषाधिकार को देखते हुए सभी नियमों का पालन करने के लिए कहा है। इस मामले में अगली सुनवाई 4 जुलाई को होनी है।
गौरतलब है कि वर्ष 2016 में हरीश रावत के मुख्यमंत्री रहते उनका एक स्टिंग करने का दावा उमेश कुमार ने किया था। इसके बाद राज्य की राजनीति में भूचाल गया था। इसी दौरान एक और स्टिंग सामने आया था, इसमें विधायक मदन सिंह बिष्ट के होने का दावा किया जा रहा है। इस स्टिंग में डॉ. हरक सिंह रावत के भी शामिल होने का दावा किया गया था।
तब उमेश कुमार की ओर से दोनों ही स्टिंग को लेकर दावा किया गया था कि हरीश रावत सरकार को बचाने के लिए विधायकों की खरीद-फरोख्त की डीलिंग की जा रही थी। इसमें रुपयों के लेन-देन होने की बात का दावा भी स्टिंग प्रसारण के दौरान किया गया था। बाद में इस पूरे मामले की जांच सीबीआई को दे दी गई थी। और अब स्टिंग में जोन आवाजें हैं, उनके मिलान के लिए इन चारों ही नेताओं के वॉयस सैंपल लेने की अनुमति सीबीआई ने अदालत से मांगी है।
वहीं मामले में प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत का कहना हैं कि स्टिंग से जुड़े सीबीआई मामले में पूर्व मंत्री डाॅ. हरक सिंह रावत क्या कह रहे हैं, उन्हें मालूम नहीं है, लेकिन इतना जरूर है, चोरी, डकैती भी हमारे घर पर पड़ी और मुल्जिम भी हम हैं। सब सत्ता का खेल है। कहा, सीबीआई कोर्ट से नोटिस मिलने पर कानून का पालन किया जाएगा। दल बदल भी हमारे यहां हुआ और जिसे इससे लाभ मिला, उसके खिलाफ कुछ नहीं हुआ।
इस बार भी नया रिकॉर्ड बनाने की ओर यात्रा, श्रद्धालुओं का आंकड़ा 30 लाख पार..
उत्तराखंड: चारधाम यात्रा शुरू होने के बाद से ही तीर्थयात्रियों के उत्साह को देखते हुए इस बार भी चारधाम यात्रा नए रिकॉर्ड की तरफ बढ़ रही है। दो माह के यात्रा काल में दर्शन करने वाले श्रद्धालुओं का आंकड़ा 30 लाख पार हो गया है। अभी यात्रा चार महीने और चलेगी। पिछले साल पूरी यात्रा में 46 लाख यात्रियों ने दर्शन किए थे।
22 अप्रैल को गंगोत्री व यमुनोत्री के कपाट खुलने से चारधाम यात्रा का आगाज हुआ था। 25 अप्रैल को केदारनाथ और 27 अप्रैल को बद्रीनाथ धाम के कपाट खुलने के बाद पूर्ण रूप से चारधाम यात्रा शुरू हुई। जबकि 20 मई को हेमकुंड साहिब के कपाट खुले। दो माह के यात्रा काल में ही चारधामों में दर्शन करने वाले तीर्थयात्रियों का आंकड़ा 30 लाख पार हो गया है। इसमें सबसे अधिक 10.20 लाख यात्री केदारनाथ धाम में दर्शन कर चुके हैं। सरकार को इस बार यात्रा में 50 लाख से अधिक यात्रियों के आने की उम्मीद है। यात्रा के लिए पंजीकरण की संख्या भी 48 लाख से अधिक हो गई है।
चारधाम यात्रा के लिए https://www.tripsofindia.com/ यहां बुकिंग करें।
केदारनाथ हेली सेवा के लिए http://heliyatra.irctc.co.inयहां बुकिंग करें।
केदारनाथ यात्रा के लिए https://www.travelingkedarnath.com/ यहां बुकिंग करें।
धाम दर्शन कर चुके श्रद्धालुओं की संख्या
केदारनाथ 10.20 लाख
बद्रीनाथ 8.85 लाख
गंगोत्री 5.36 लाख
यमुनोत्री 4.66 लाख
हेमकुंड साहिब 85 हजार
देवीधुरा के मां वाराही धाम में पंच दिवसीय विश्व कल्याण महायज्ञ में शामिल हुए सीएम धामी..
उत्तराखंड: जनपद चम्पावत के मां वाराही धाम देवीधुरा में आयोजित पंच दिवसीय विश्व कल्याण महायज्ञ में पहुंचे प्रदेश के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने महायज्ञ में शामिल होकर माँ वाराही से प्रदेश व देश की खुशहाली, शांति व समृद्धि की मंगल कामना की। इस अवसर पर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी द्वारा ‘माँ वाराही धाम की वेबसाईट’ को लांच किया गया व हीरा वल्लभ जोशी द्वारा लिखित ‘श्री वाराही मंदिर देवीधुरा’ पुस्तक का विमोचन किया गया।
मुख्यमंत्री ने सभी को योग दिवस की हार्दिक बधाई व शुभकामना देते हुए कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के एक दृढ़ संकल्प से प्रारंभ हुई यह यात्रा यहां तक पहुंची है। 21 जून ही के दिन प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी जी के द्वारा योग को पूरे विश्व स्तर पर पहचान दिलाई गई और संयुक्त राष्ट्र संघ ने 21 जून 2015 को योग दिवस मनाने की घोषणा की। और अब 21 जून को पूरे विश्व के 175 देश अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के रूप में मना रहे हैं।
उन्होंने कहा कि हमारी गौरवशाली सनातन संस्कृति का मूल आधार ‘‘वसुदेव कुटुंबकम’’ है। जो सम्पूर्ण विश्व को एक परिवार का रूप मानता है। इसी सिद्धांत को केंद्र में रखते हुए इस वर्ष से अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस की थीम ‘‘वसुधैव कुटुंबकम के लिए योग’’ की गई है। योग आज पूरी दुनिया के करोड़ों लोगों की दिनचर्या का अहम हिस्सा बन गया है। जो विश्व को भारतीय संस्कृति के साथ और अधिक प्रगाढ़ता से जोड़ने का काम कर रहा है। उन्होंने कहा कि आज के दौर में सभी को अपनी दैनिक दिनचर्या में योग अपनाना चाहिये। जीवन का हर सुख निरोगी काया हैं। योग से ही निरोगी बना जा सकता है। इस दौरान मुख्यमंत्री द्वारा पाटी क्षेत्र में किए जा रहे विकास कार्यों के बारे में भी जनता को अवगत कराया गया।
इस अवसर पर सांसद अजय टम्टा द्वारा अपने संबोधन में कहा गया कि, 21 जून को पूरे विश्व में योग दिवस के रूप में मनाया जा रहा है। यह प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी जी की पहल पर ही हुआ है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में प्रदेश का निरंतर विकास हो रहा है। उनके द्वारा युवाओं के सुनहरे भविष्य को देखते हुए नकल विरोधी कानून लाया गया है। मानसखंड की श्रृंखला बनाकर कुमाऊं के सभी धामों को राष्ट्रीय एवं विश्व स्तर पर लाने हेतु मुख्यमंत्री जी द्वारा सराहनीय कार्य किया गया है। कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी द्वारा जनपद के विकास के लिए अनेक घोषणाएं भी की गयी।
जिसमें अंतरजनपदीय मोटर मार्ग जनपद चंपावत के वल्का- सिलयोड़ीगूठ मोटर मार्ग से ग्राम चौड़ागूठ के तोक अल्यूरा होते हुए जनपद अल्मोड़ा के तोक कनोली व सिरकोट से होते हुए जैती- भनोली मोटर मार्ग तक प्रस्तावित अल्यूरा जमाड़ सड़क का निर्माण, राजकीय आदर्श महाविद्यालय देवीधुरा में एम0ए की कक्षाओं का संचालन स्नातक स्तर पर भूगोल, इतिहास, शिक्षा शास्त्र विषयों की बढ़ोतरी महाविद्यालय को जोड़ने वाली सड़क का डामरीकरण, पखोटी बैंड से पखोटी बैरख 5 कि0मी0 कच्चे मोटर मार्ग का सुधारीकरण एवं डामरीकरण, केदारनाथ गैस गोदाम से भैसर्ख तक 2.5 किलोमीटर कच्चे मोटर मार्ग का सुधारीकरण एवं डामरीकरण, च्युरानी- जमरेड़ी मोटर मार्ग की मरम्मत एवं डामरीकरण किया जाएगा, लोहाघाट डाइट में डीएलएड का प्रशिक्षण शुरू कराया जाएगा जिसके लिए बच्चों को अब डीडीहाट नहीं जाना पड़ेगा लोहाघाट डाईट में ही प्रशिक्षण शुरू हो जाएगा, देवीधुरा स्थित चिकित्सालय के उच्चीकरण की औपचारिकताएं पूरी की जाएगी। इस अवसर पर विधायक भीमताल राम सिंह कैड़ा, अध्यक्ष जिला पंचायत ज्योति राय, भाजपा जिलाध्यक्ष निर्मल महरा, माँ वाराही धाम के चारों ख़ामो के प्रमुख, जिलाधिकारी नरेंद्र सिंह भंडारी, सहित अन्य गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।
पीएम मोदी ने राष्ट्रपति बाइडन को उत्तराखंड के चावल किए भेंट..
उत्तराखंड: पीएम नरेंद्र मोदी ने अमेरिका में राष्ट्रपति जो बाइडन और उनकी पत्नी अमेरिका की फर्स्ट लेडी जिल बाइडन के साथ डिनर किया। इस दौरान उन्होनें उन्हें खास उपहार भेंट किए। जिसमें ग्रीन डायमंड, भगवान गणेश की प्रतिमा, चांदी का दीया और दस दानम, उत्तराखंड के लंबे चावल समेत कई उपहार भेंट किए।
भारत के पीएम मोदी ने अमेरिका के राष्ट्रपति जो बाइडन और उनकी पत्नी जिल बाइडन से मुलाकात के दौरान ख़ास बॉक्स भेंट किया है। इस बॉक्स में दस दान राशि हैं। जिनमें गौदान (गाय का दान), भूदान (भूमि का दान), तिलदान (तिल के बीज का दान),राजस्थान में हस्तनिर्मित, 24K शुद्ध और हॉलमार्क वाला सोने का सिक्का हिरण्यदान (सोने का दान), रौप्यदान (चांदी का दान), लवंदन (नमक का दान), बॉक्स में गणेश जी की मूर्ति है, एक दीया (तेल का दीपक), डिब्बे में पंजाब का घी है, झारखंड के टसर रेशम का कपड़ा, उत्तराखंड से प्राप्त लंबे दाने वाला चावल और महाराष्ट्र का गुड़ है।
जिल बाइडन को किया ग्रीन डायमंड भेंट..
वहीं पीएम मोदी ने अमेरिका की फस्र्ट लेडी जिल बाइडन को उपहार में ग्रीन डायमंड भेंट किया है। इस डायमंड को लैब में तैयार किया गया है। यह डायमंड इको फ्रेंडली है। इसके साथ ही पीएम मोदी ने जिल बाइडन को पेपर मेशी भी गिफ्ट किया है। यह एक बॉक्स है जिसमें हीरा रखा जाता है। इसे कार-ए-कलमदानी के तौर पर जाना जाता है।
उत्तराखंड के लंबे चावल किए भेंट..
वहीं पीएम मोदी ने इस खास उपहार में अमेरिकी राष्ट्रपति बाइडन को उत्तराखंड के लंबे चावल भेंट किए हैं। जिसके लिए मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का धन्यवाद प्रकट किया और इसे अंतरराष्ट्रीय फलक पर उत्तराखंड और यहां की पहचान को स्थान देने के लिए प्रत्येक उत्तराखंड वासी की तरफ से गौरवपूर्ण पल बताया है।
ड्रग्स माफियों पर हो ताबड़तोड़़ कार्यवाही- सीएम धामी..
उत्तराखंड: मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने स्पष्ट किया है कि यदि राज्य में ड्रग्स माफिया को जड़ से समाप्त करने के लिए नकल विरोधी कानून की तरह कड़े से कड़े कानून को लाने की जरूरत पड़ी तो, यह भी लाया जा सकता है। सीएम श्री धामी ने उत्तराखण्ड में नशे की सप्लाई चैन तोड़ने के लिए पुलिस विभाग को नशे का व्यापार करने वाले अपराधियों व ड्रग्स माफिया पर ताबड़तोड़़ कार्यवाही के निर्देश दिए हैं।
इसके साथ ही सीएम ने आगामी 26 जून को वर्ल्ड एन्टी ड्रग्स डे के अवसर पर प्रदेशभर के युवाओं के एण्टी ड्रग ई प्लज के आंकड़े को 55300 से बढ़ाकर नया रिकॉड बनाने का लक्ष्य पुलिस विभाग को दिया है। उन्होंने कहा कि योग दिवस की भांति ही आगामी 26 जून को राज्यभर में वर्ल्ड एन्टी ड्रग्स डे मनाया जाएगा। मुख्यमंत्री श्री धामी ने सचिव स्वास्थ्य को निर्देश दिए कि राज्य में नशा मुक्ति केन्द्रों की स्थापना, संचालन, उपचार एवं चिकित्सकों की व्यवस्था हेतु स्पष्ट गाइडलाइन्स एवं वर्किंग प्लान को जल्द से जल्द कार्यान्वित करने में आ रही बाधाओं के समाधान हेतु मुख्यमंत्री स्तर पर सीधा सम्पर्क किया जाए।
वर्तमान में राज्य में निजी प्रयासों से 43 निजी नशा मुक्ति केन्द्र संचालित है। मंगलवार को सचिवालय में एनसीओआरडी (स्टेट लेवल नारकोटिक्स को-ऑर्डिनेशन मीटिंग) की चौथी राज्य स्तरीय बैठक में उन्होंने एण्टी ड्रग्स टास्क फोर्स को मजबूत करने की भी बात की। मुख्यमंत्री श्री पुष्कर सिंह धामी ने अधिकारियों को सख्त हिदायत दी कि 2025 तक ड्रग्स फ्री उत्तराखण्ड के लक्ष्य को पूरा करने के लिए अधिकारियों को मात्र बैठकों तक सीमित न रहकर कार्यो कों धरातल पर उतारने के लिए ऑनरशिप लेने की कार्य संस्कृति विकसित करनी होगी। यह अधिकारियों के कर्तव्य के साथ ही मानवता की सेवा का भी कार्य है। मुख्यमंत्री श्री धामी ने उत्तराखण्ड पुलिस विभाग के अधिकारियों व जवानों को नारकोटिक्स कन्ट्रोल ब्यूरों में प्रतिनियुक्ति व प्रशिक्षण हेतु भेजने हेतु कार्ययोजना पर गम्भीरता से कार्य करने के निर्देश भी दिए हैं।
बैठक में नारकोटिक्स कन्ट्रोल ब्यूरों के डिप्टी डायरेक्टर जनरल श्री ज्ञानेश्वर सिंह ने जानकारी दी कि उत्तराखण्ड में वर्ष 2022 में 238 किलोग्राम चरस, 30 किलोग्राम डोडा, 12 किलोग्राम अफीम, 19.11 किलोग्राम स्मैक, 1.57 किलोग्राम हिरोइन, 1232.55 किलोग्राम गांजा, 105390 कैप्सूलस, 17506 इंजेक्शन, 32110 टैब्लेट्स सीज की गई। इसके साथ ही वर्ष 2022 में 141.5 एकड़ भांग तथा 108.5 भांग की फसल नष्ट की गई। इस वर्ष मई 2023 तक तक एनडीपीएस एक्ट के तहत 586 केस रजिस्टर्ड हो चुके हैं जिनमें 742 आरोपी गिरफतार हो चुके हैं।
समाज कल्याण विभाग उत्तराखण्ड द्वारा जानकारी दी गई कि एडीक्शन ट्रीटमेंट फैसिलिटी (एटीएफ) हेतु भारत सरकार द्वारा श्रीनगर, उत्तरकाशी, चम्पावत एवं अल्मोड़ा का चयन किया गया है। इसके तहत मादक पदार्थो के दुष्प्रभावो के उपचार हेतु राजकीय चिकित्सालय/स्वास्थ्य केन्द्रों में उपचार सहायता उपलब्ध करायी जाती है। बैठक में अपर मुख्य सचिव श्रीमती राधा रतूड़ी, पुलिस महानिदेशक अशोक कुमार, सचिव आर के सुधांशु, नारकोटिक्स कण्ट्रोल ब्यूरों तथा उत्तराखण्ड शासन के उच्चाधिकारी मौजूद रहे।
उत्तराखंड में ओवरस्पीड अब पड़ेगी भारी, अधिकतम रफ्तार हुई तय..
उत्तराखंड: प्रदेश में अब लोगों को ओवरस्पीड भारी पड़ेगी। आरटीए ने प्रदेश में पहली बार पर्वतीय रूट पर वाहनों की अधिकतम गति सीमा को तय कर दिया है। अब नियमों का पालन नहीं करने वालों पर कार्रवाई की जाएगी। प्रदेश में पहली बार संभागीय परिवहन प्राधिकरण ने पर्वतीय रूट पर वाहनों की अधिकतम गति सीमा तय कर दी है। इस फैसले का सीधा असर राजधानी दून, उत्तरकाशी और टिहरी जिले के पर्वतीय रूटों पर पड़ेगा। अब दोपहिया के लिए 20 और कार के लिए अधिकतम 45 किमी प्रति घंटे तय कर दी गई है।
ओवरस्पीड होने पर होगी कार्रवाई..
अब तक देहरादून समेत टिहरी व उत्तरकाशी जिले के पर्वतीय रूटों पर भी अधिकतम गति सीमा के सामान्य मानक के आधार पर कार्रवाई की जा रही थी। लेकिन अब तय की गई नई रफ्तार के आधार पर कार्रवाई की जाएगी। मंगलवार को संभागीय परिवहन प्राधिकरण की हुई बैठक में ये फैसला लिया गया।
आरटीए की बैठक मंगलवार को हुई थी। ये बैठक की बैठक मंडलायुक्त सुशील कुमार की अध्यक्षता में ईसी रोड स्थित कैंप कार्यालय में हुई। इस बैठक में सिटी बस, छोटी ओमनी बस व ई-रिक्शा के संचालन और नए रूटों को मंजूरी दी गई। इसके साथ ही बैठक में स्पीड लिमिट निर्धारण और ट्रैवल एजेंसी संचालकों के पंजीकरण जैसे विषयों के प्रस्ताव पर चर्चा की गई।
स्पीड लिमिट के बदले जाएंगे बोर्ड..
नई स्पीड लिमिट तय होने के बाद अब सभी साइन बोर्ड बदले जाएंगे। बता दें कि पर्वतीय रूटों पर गति सीमा के निर्धारण के लिए परिवहन, लोनिवि व पुलिस विभाग की संयुक्त टीम का गठन किया गया था। लोगों को जानकारी देने के लिए स्पीड लिमिट के साइन बोर्ड बदले जाएंगे। जिसके बाद इसी के मुताबिक चालान और अन्य कार्रवाई की जाएगी।
अनियंत्रित होकर खाई में गिरी कार, चालक की मौत..
उत्तराखंड: लगातार उत्तराखंड हादसों का जिला बनता जा रहा हैं। आये दिन यहाँ सड़क हादसे हो रहे हैं। हर दिन कही न कही से सड़क हादसे की खबर सामने आ रही हैं। ऐसी ही खबर अल्मोड़ा-पिथौरागढ़ हाईवे से भी सामने आयी हैं। यहां अल्मोड़ा-पिथौरागढ़ हाईवे पर मंगलवार को हादसा हो गया। फलसीमा के पास एक कार खाई में गिर गई। इस दौरान चालक की मौत हो गई। जानकारी के अनुसार, कार संख्या यूके 01 सी 4290 एनटीडी से अल्मोड़ा की तरफ आ रही थी।तभी कार अनियंत्रित होकर करीब 300 मीटर गहरी खाई में जा गिरी। खाई में गिरते ही कार के परखच्चे उड़ गए। सूचना के बाद पुलिस, फायर यूनिट, एसडीआरएफ की टीम और एसएसबी की टीम मौके पर पहुंची।
घटना में कार सवार सुनील आर्या पुत्र प्रेम राम आर्या, निवासी उडयारी, हवालबाग गंभीर रूप से घायल हो गया। टीम ने घायल को खाई से निकालकर बेस अस्पताल पहुंचाया। लेकिन चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। कार में अन्य लोगों के सवार होने की आशंका के चलते टीम ने खाई में घंटों खोजबीन की। लेकिन कोई अन्य व्यक्ति नहीं मिला। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है।
सीएम ने किया दून मेडिकल कॉलेज का निरीक्षण,इस बात पर जताई नाराजगी..
उत्तराखंड: मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने मंगलवार को राजकीय दून मेडिकल कॉलेज चिकित्सालय का औचक निरीक्षण। इस दौरान सीएम ने चिकित्सालय परिसर में फैली गंदगी पर नाराजगी जाहिर करते हुए अधिकारियो को परिसर को स्वच्छ एवं सुंदर बनाए रखने के निर्देश दिए। मुख्यमंत्री ने अस्पताल में आए मरीजों का हालचाल जाना। साथ ही मरीजों के तीमारदारों से बातचीत कर अस्पताल में मौजूद संसाधनों, डॉक्टरों की उपलब्धता, दवाइयों की उपलब्धता, एवं खाने-पीने की व्यवस्थाओं के बारे में जानकारी ली।
सीएम ने अस्पताल में मौजूद मरीजों के लिए बन रहे खाने को स्वयं जाकर देखा। उन्होंने कहा कि मरीजों को मिलने वाले भोजन में किसी तरह की कोई कमी नहीं होनी चाहिए। सभी तरह के पोषक तत्व भोजन में पाए जाएं, इसका भी विशेष ध्यान रखा जाए। उन्होंने रजिस्ट्रेशन डेस्क में जाकर प्रतिदिन आने वाले मरीजों की संख्या के बारे में जानकारी ली। अधिकारियों को निर्देशित करते हुए कहा कि स्वास्थ संबंधित जांच के लिए अस्पताल आए मरीजों को लंबी लाइन में ना लगाना पड़े इसके लिए रजिस्ट्रेशन डेस्क की संख्या में भी बढ़ोतरी की जाए।
सीएम ने इमरजेंसी वार्ड में जाकर वहां मौजूद डॉक्टरों, नर्सिंग स्टाफ, से भी वार्ता की। उन्होंने अस्पताल में मौजूद डॉक्टरों की उपस्थिति के बारे में भी जानकारी ली। मरीजों के इलाज में इस्तेमाल हो रही विभिन्न आधुनिक मशीनों के बारे में भी जानकारी ली। कहा कि अस्पताल में यह व्यवस्था भी सुनिश्चित किया जाए कि मरीजों को बेवजह घूमना ना पड़े। एक ही स्थान पर मरीज अधिक से अधिक लाभ लें।
