सीएम धामी ने रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह सहित इन केंद्रीय मंत्रियों से की मुलाक़ात ..
उत्तराखंड: सीएम पुष्कर सिंह धामी दिल्ली दौरे पर गए हुए है। दिल्ली पहुंच उन्होंने केंद्रीय रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह सहित कई केंद्रीय मंत्रियों से मुलाकात क। इस दौरान उन्होंने राज्य के विकास के लिए कई अहम मुद्दों और प्रस्तावों पर चर्चा की। साथ ही इलैक्ट्रॉनिक चार्जिंग स्टेशन जल्द बनाने के लिए अनुरोध किया।
सीएम धामी ने आज नई दिल्ली में केंद्रीय रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह से उनके आवास पर और नई दिल्ली स्थित हिमाचल भवन में हिमाचल के पूर्व मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर से शिष्टाचार भेंट की। इसके साथ ही आज उन्होने धामी ने नई दिल्ली में केंद्रीय मंत्री, भारी उद्योग मंत्रालय महेन्द्र नाथ पाण्डेय से मुलाकात कर उत्तराखंड में औद्योगिक विकास के लिये मिल रहे केंद्र सरकार के सहयोग के लिए आभार व्यक्त किया।
मुख्यमंत्री ने उद्योग मंत्रालय महेन्द्र नाथ पाण्डेय से मुलाकात कर उत्तराखंड में इलेक्ट्रिकल व्हीकल्स एवं बैटरी उत्पाद में निवेश के लिए सहायता का अनुरोध किया। साथ ही ऑटोमोटिव उद्योग में नवाचार और नई तकनीक पर शोध एवं प्रोत्साहन के लिए उत्तराखंड में इंडस्ट्री पार्टनर के साथ सेंटर ऑफ एक्सीलेंस शुरू करवाने का आग्रह किया ताकि प्रदेश में दक्षता विकास, औद्योगिक विकास के साथ साथ औद्योगिक निवेश भी आये। राज्य में निवेश बढ़ने से रोज़गार सृजन के अवसर बढ़ सके ।
उत्तराखंड में सोलर प्लांट लगाने पर सरकार देगी विशेष रियायतें..
उत्तराखंड: प्रदेश में सूरज की रोशनी से सबसे ज्यादा समय लबरेज रहने वाले गांवों में सरकार बिजली पैदा करेगी। ऐसे 1000 गांवों की पहचान करने की प्रक्रिया शुरू हो गई है वहां सोलर प्लांट लगाने के लिए सरकार अतिरिक्त प्रोत्साहन राशि देगी। 14 जनवरी मकर संक्रांति पर सरकार सौर ऊर्जा के पक्ष में कई महत्वपूर्ण कदम उठाएगी। ऊर्जा सचिव आर. मीनाक्षी सुंदरम का कहना हैं कि राज्य में एक नई सौर ऊर्जा नीति विकसित की जा रही है जो कि इसी दिन लागू कर दी जाएगी। इससे 2000 मेगावाट से अधिक बिजली पैदा करना संभव होगा। इसके साथ ही 1000 गांवों को सोलर गांव घोषित किया जाएगा। इन गांवों का चिन्ह्किरण किया जा रहा है। उनका कहना हैं कि उरेडा की टीमें प्रत्येक जिले में ऐसी गांवों की पहचान कर रही हैं जहां सबसे अधिक समय तक सूर्य का प्रकाश मौजूद रहता है।जो भी गांव सोलर ग्राम घोषित होंगे, वहां सोलर प्रोजेक्ट लगाने वालों को सरकार विशेष रियायतें देगी। उन गांवों में होने वाले बिजली उत्पादन को ग्रिड तक ले जाने के लिए भी खास कार्ययोजना बनाई जाएगी।
भाजपा के इस महामंत्री को जारी हुआ कुर्की का नोटिस..
उत्तराखंड: टिहरी डीएम ने बीजेपी के प्रदेश महामंत्री आदित्य कोठारी को कुर्की का नोटिस जारी किया है। बताया जा रहा है कि उन पर जिला कॉपरेटिव बैंक से लिए लोन की रकम ना चुकाने पर नोटिस भेजा गया। इसके साथ ही डीएम ने एसडीएम नरेंद्रनगर व एसएसपी टिहरी को डीसीबी के महाप्रबंधक को पुलिस बल उपलब्ध कराने को कहा है। भाजपा के प्रदेश महामंत्री आदित्य कोठारी ने साल 2013 में नरेंद्रनगर ब्लॉक के गजा में होटल बनाने के लिए जिला सहकारी बैंक टिहरी की मुख्य शाखा नई टिहरी से 65 लाख रुपये का कमर्शियल ऋण लिया था। लेकिन 10 साल होने के बाद भी लोन नहीं भरा जा सका। ऐसे में 13 दिसंबर को जिला मजिस्ट्रेट ने कोर्ट प्रोसीडिंग के तहत सुनवाई करते हुए आदेश पारित किए ।
जारी आदेश में आदित्य कि गजा स्थित उक्त संपत्ति को प्राधिकृत अधिकारी व मुख्य प्रबंधक डीसीबी ऋणी से भौतिक कब्जा लेने को कहा गया है। बताया जा रहा है कि बैंक प्रबंधन ने 2021 में 98 लाख 7 हजार 276 रुपये की सरफेसी (पुर्नगठन जनहित का प्रवर्तन अधिनियम) की कार्रवाई के लिए जिला प्रशासन और सरफेसी कराने वाली कंपनी को पत्र भेज दिया। पर 10 वर्ष के अंतराल में यह लोन पूरी तरह से एनपीए हो चला है। ऐसे में मामला डीएम तक पहुंच गया। अब डीएम ने पुलिस बल के साथ संपत्ति पर कब्जा करने के आदेश दे दिए है।
वरिष्ठ पत्रकार योगेश भट्ट को राज्यपाल ने दिलाई सूचना आयुक्त पद की शपथ..
उत्तराखंड: राज्य आंदोलनकारी और अनुभवी पत्रकार योगेश भट्ट को धामी सरकार ने सूचना आयुक्त की भूमिका सौंपी है। राज्यपाल ने आज बुधवार को राजभवन में उन्हें पद की शपथ दिलाई। प्रभारी सचिव सुरेंद्र नारायण पांडेय ने इस बाबत आदेश जारी किए गए थे। उनका चयन सीएम के नेतृत्व वाली चयन समिति द्वारा सरकार को प्राप्त आवेदनों के आधार पर किया गया था। नेता प्रतिपक्ष यशपाल आर्य और कैबिनेट मंत्री चंदनराम दास भी समिति के सदस्य हैं। उनका कार्यकाल पद ग्रहण करने के दिन से अगले तीन साल तक रहेगा। योगेश की नियुक्ति पर तमाम पत्रकारों और राज्य आंदोलनकारी समूहों ने उनका स्वागत किया है।
पत्रकार योगेश भट्ट ने उत्तराखंड राज्य आंदोलन के दौरान छात्र जीवन में रहते हुए योगेश ने सक्रिय आंदोलनकारी की भूमिका निभाई। स्टूडेंट्स एंड यूथ एलायंस यानी साया के संचालनकर्ताओं में शामिल रहे भट्ट पर राज्य नहीं तो चुनाव नहीं आंदोलन के दौरान गैंगस्टर एक्ट भी लगाया गया था। योगेश राज्य बनने के बाद भी सभी मंचों पर उत्तराखंड से जुड़े मुद्दों को लेकर खुलकर बोलते रहे। 90 के दशक में अपना मीडिया करियर शुरू करने वाले योगेश की पहचान प्रखर पत्रकारों के रूप में भी बनी हुई है। विभिन्न पत्र-पत्रिकाओं के लिए काम करते हुए उन्होंने एक विशिष्ट पहचान विकसित की। योगेश पत्रकार हितों के मुद्दे पर भी हमेशा मुखर रहे हैं। उत्तरांचल प्रेस क्लब में महामंत्री और अध्यक्ष का दायित्व भी निभा चुके हैं।
टिहरी गढ़वाल में जल्द बनेगा मेडिकल कॉलेज..
उत्तराखंड: जिलाधिकारी टिहरी गढ़वाल डॉ. सौरभ गहरवार की अध्यक्षता एवं विधायक टिहरी किशोर उपाध्याय की उपस्थिति में आज जिला सभागार टिहरी गढ़वाल में मेडिकल कॉलेज स्थापना हेतु भूमि के लिए प्रस्ताव प्राप्त कर उन पर चर्चा की गई। इस मौके पर कुठ्ठा, पांगर, कोलधार, जुगड़गांव, बालमा खेमड़ा, भटकण्डा, गौसारी, भाटूसैंण, इण्डियान, देवरी तल्ली-मल्ली, तानगला, पुला लग्गा नवाकोट, सारज्यूला, लालसी चेक, जीजीआईसी/पीआईसी जिला मुख्यालय टिहरी, सावली, गौसारी आदि अन्य ग्राम पंचायतों द्वारा प्रस्ताव उपलब्ध कराये गये।
जिलाधिकारी द्वारा एसडीएम/तहसीलदार को निर्देशित किया गया कि सभी प्राप्त प्रस्तावों पर भूमि निरीक्षण को लेकर डेट वाईज रोस्टर बनाकर स्थलीय निरीक्षण कर लें तथा संबंधितों को भी उससे अवगत करा दें, ताकि भूमि निरीक्षण के समय वे उपस्थित रह सके और उनके बिन्दुओं को भी नोट किया जा सके। कहा कि मेडिकल कॉलेज हेतु कम से कम 10 हेक्टियर भूमि उपलब्ध हो और कोशिस की जाय कि उसमें वन भूमि या सामुदायिक भूमि न हो। भूमि चयन को लेकर जांच के बिन्दुओं में यथा जमीन तीव्र ढालदार न हो, धूप की कमी न हो, आवासीय परिसर हो, मार्केट स्थिर हो, केन्द्र बिन्दु, दूरी, आदि को सम्मिलित करें, ताकि निरीक्षण करने में सुविधा हो।
मुख्य चिकित्सा अधिकारी को निर्देशित किया गया कि भूमि चयन के दौरान स्वास्थ्य विभाग से नामित अधिकारी भी समन्वय कर उस क्षेत्र में स्थापित सीएचसी, पीएचसी उपयोगिता का जीपीएस का प्लान उपलब्ध कराये। कहा कि मेडिकल कॉलेज को लेकर भूगर्भीय जांच सहित अन्य मूलभूत आवश्यकताओं को लेकर भी संबंधित विभागों से चर्चा की जायेगी।
जिलाधिकारी ने कहा कि जनपद में मेडिकल कॉलेज बनाने की सोच मा. विधायक जी की है और मेडिकल कॉलेज स्थापना हेतु भूमि चयन की कार्यवाही जारी है, आज भी बैठक में भूमि चयन को लेकर काफी प्रस्ताव प्राप्त हुए हैं, जिनका विजिट कर जल्द ही रिपोर्ट तैयार कर शासन को उपलब्ध कराया जायेगा। जिलाधिकारी ने उपस्थित ग्राम पंचायतों से आये जनप्रतिनिधियों से कहा कि परिवहन विभाग के माध्यम से जनपद में टैªनिंग संेटर भी बनाया जाना है, उसके लिए भी भूमि की आवश्यकता होगी, जिसकी डिटेल शेयर कर दी जायेगी। कहा कि न्याय पंचायत स्तर पर ग्रामीण हाट भी लगा सकते हैं, जिससे वह टूरिस्ट स्पोर्ट भी बन सकता है।
विधायक किशोर उपाध्याय का कहना हैं कि जनपद में कई विकास योजनाओं के कार्य होंगे और आज भूमि के जितने भी प्रस्ताव प्राप्त हुए हैं, उन सभी का उपयोग किया जायेगा। कहा कि जिला प्रशासन द्वारा मेडिकल कॉलेज भूमि चयन को लेकर तत्परता से कार्य किया जा रहा है। कहा कि जनपद के अन्य क्षेत्रों में भी आयुर्वेदिक, यूनानी, होम्योपैथिक, नर्सिंग में हब रूप में बनायेंगे। टिहरी को अंतरराष्ट्रीय डेस्टिनेशन के रूप में विकसित किया जायेगा।
बैठक में सीडीओ मनीष कुमार, ब्लॉक प्रमुख चम्बा शिवानी बिष्ट, एडीएम रामजी शरण शर्मा, सीएमओ डॉ. संजय जैन, एसडीएम लक्ष्मीराज चौहान, तहसीलदार टिहरी आशीष घिल्डियाल, जिला महामंत्री भाजपा उदय रावत सहित खेम सिंह चौहान, मेहरबान सिंह रावत, विजय कठैत, ग्राम प्रधान, राजस्व विभाग के अधिकारी एवं अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।
पटियाला हाउस कोर्ट पहुंचीं जैकलीन, 200 करोड़ मनी लॉन्ड्रिंग मामले में होगी सुनवाई..
देश-विदेश: ठग सुकेश चंद्रशेखर से जुड़े 200 करोड़ के मनी लॉन्ड्रिंग मामले को लेकर बॉलीवुड अभिनेत्री जैकलीन फर्नांडीज का नाम काफी चर्चा में बना हुआ है। आज यानी 20 दिसंबर को अभिनेत्री जैकलीन फर्नांडीज पेशी के लिए दिल्ली के पटियाला हाउस कोर्ट पहुंची हैं। पटियाला हाउसकोर्ट में जैकलीन के साथ उनके वकील प्रशांत पाटिल और शक्ति पांडे भी मौजूद थे। साथ ही सुकेश चंद्रशेखर भी कोर्ट में मौजूद हैं।
क्या है मामला..
महाठग सुकेश चंद्रशेखर से जुड़े 200 करोड़ रुपये के मनी लॉन्ड्रिंग मामले में जैकलीन फर्नांडीज का नाम भी शामिल है। जैकलीन पर आरोप है कि उन्होने सुकेश चंद्रशेखर से कार और घर समेत कई महंगे गिफ्ट लिए हैं। अब ईडी और दिल्ली पुलिस इस मामले की जांच कर रही है।
कोर्ट में पिछली सुनवाई
जैकलीन फर्नांडीज इससे पहले मनी लॉन्ड्रिंग मामले में 12 दिसंबर को दिल्ली के पटियाला हाउस कोर्ट में पेश हुई थीं। कोर्ट में संक्षिप्त सुनवाई हुई थी। कोर्ट में विशेष न्यायाधीश शैलेंद्र मलिक ने शुरुआती दलीलें सुनने के बाद सुनवाई को स्थगित कर दिया गया था। इसके बाद केस की अगली सुनवाई 20 दिसंबर तक के लिए टाल दी गई थी।
नोरा का नाम भी शामिल..
जैकलीन फर्नांडीज के साथ इस केस में नोरा फतेही का नाम भी शामिल हो गया है। नोरा ने जैकलीन के खिलाफ दिल्ली की पटियाला हाउस कोर्ट में मानहानि का मुकदमा दायर किया है। साथ ही नोरा ने इस मामले में कई मीडिया हाउस पर भी मानहानि का केस किया है। नोरा फतेही का आरोप है कि महाठग सुकेश चंद्रशेखर से जुड़े 200 करोड़ के मनी लॉन्ड्रिंग केस में उनका नाम जबरन इस्तेमाल किया गया है। अभिनेत्री का कहना है कि सुकेश से उनका कोई सीधा संपर्क नहीं था। वो सुकेश की पत्नी लीना मारिया पॉल के जरिए सुकेश को जानती थीं। साथ ही नोरा ने सुकेश चंद्रशेखर से गिफ्ट्स लेने का खंडन किया है।
जबरदस्त है अजय देवगन की ‘भोला’ का मोशन पोस्टर..
देश-विदेश: सुपरस्टार अजय देवगन इन दिनों सिनेमाघरों में छाए हुए हैं। उनकी फिल्म दृश्यम 2 सिनेमाघरों में धमाल मचा रही है। इस फिल्म में अजय देवगन की एक्टिंग और उनका अंदाज फैंस को बेहद पसंद आया है। अब अजय देवगन अपनी आने वाली फिल्म भोला को लेकर सुर्खियों में बने हुए हैं। कुछ दिनों पहले इस फिल्म का टीजर जारी हुआ था अब भोला का मोशन पोस्ट रिलीज हो गया है। इस पोस्टर में अजय देवगन का दमदार लुक नजर आ रहा है।
कोटद्वार रेंज में चारापत्ती लेने गई महिलाओं को हाथी ने किया हमला..
उत्तराखंड: लैंसडाउन वन प्रभाग के कोटद्वार रेंज में मंगलवार की सुबह एक दर्दनाक हादसा हो गया हैं। यहां लालपुर क्षेत्र के जंगल में चारा लेने गई महिलाओं पर अचानक हाथी ने हमला कर दिया। इस दौरान एक महिला की मौत हो गई। तीन महिलाएं गंभीर रूप से घायल हुई हैं। घायल महिलाओं को अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
डीएफओ दिनकर तिवारी का कहना हैं कि घटना सुबह करीब 11 बजे की है। गांव से लालपुर क्षेत्र से चार महिलाएं मवेशियों के लिए चारापत्ती लेने जंगल जा रही थीं, इस दौरान आबादी से करीब एक किलोमीटर दूरी पर ही हाथी ने उन पर हमला कर दिया। इस दौरान लक्ष्मी चौधरी(48) पत्नी सुनील चौधरी की जान चली गई। वहीं, सुमन(37) पत्नी अजय कुमार सुनीता जखवाल(40) पत्नी सुनील जखवाल और अनिता देवी(42) पत्नी मुकेश घायल हो गईं। घायलों का इलाज चल रहा है।
नियुक्ति की मांग को लेकर धरने पर बैठे विधानसभा से बर्खास्त कर्मचारी..
उत्तराखंड: विधानसभा में बैकडोर भर्तियों के चलते बर्खास्त हुए कर्मचारी विधानसभा के बाहर पांच दिवसीय धरने पर बैठ गए। इस दौरान कर्मचारियों ने प्रदर्शन करते हुए सरकार के खिलाफ नारेबाजी की। वहीं, उन्होंने दोबारा नियुक्ति की मांग की। कर्मचारियों का कहना है कि एक ही नियमों के तहत राज्य गठन के बाद विधानसभा सचिवालय में तदर्थ आधार पर कर्मचारियों की नियुक्ति हुई है, लेकिन 2016 के बाद लगाए गए 228 कर्मचारियों को ही बर्खास्त किया गया। कर्मचारियों की मांग है कि या तो उन्हें बहाल किया जाए या राज्य गठन के बाद से 2016 तक लगे कर्मचारियों को भी बर्खास्त किया जाए।
विधानसभा में बैकडोर से भर्तियां करने पर सवाल उठने पर स्पीकर ऋतु खंडूड़ी भूषण ने 3 सितंबर 2022 को पूर्व आईएएस अधिकारी डीके कोटिया की अध्यक्षता में तीन सदस्य विशेषज्ञ जांच समिति का गठन किया था। जांच समिति ने राज्य गठन से 2021 तक तदर्थ आधार पर की गईं नियुक्तियों की जांच कर 20 दिन के भीतर 22 सितंबर 2022 को विधानसभा अध्यक्ष को रिपोर्ट सौंप दी थी। समिति ने जांच में पाया कि तदर्थ आधार पर नियुक्तियां नियम विरुद्ध की गई हैं। समिति की रिपोर्ट पर विधानसभा अध्यक्ष ने 23 सितंबर को तत्काल प्रभाव से 2016 से 2021 तक की गईं कुल 228 नियुक्तियां को रद्द कर कर्मचारियों को बर्खास्त कर दिया था। इसके बाद कर्मचारी हाईकोर्ट गए तो वहां भी उन्हें निराशा मिली। वहीं, हाल ही में सुप्रीम कोर्ट ने भी कर्मचारियों की याचिका खारिज कर दी।
विधानसभा में भर्ती प्रकरण में यदि मैं भी आरोपी तो दंड भुगतने को तैयार: कुंजवाल
पूर्व विधानसभा अध्यक्ष और कांग्रेस नेता गोविंद सिंह कुंजवाल ने विधानसभा में कर्मचारियों की बर्खास्तगी मामले में सरकार और स्पीकर ऋतु खंडूड़ी पर दोहरा चरित्र अपनाने का आरोप लगाया है। उन्होंने कहा कि यदि नियुक्तियां अवैध है तो नियुक्ति देने वालों पर भी हो कठोर कार्यवाही हो। यदि वह भी आरोपी हैं तो दंड भुगतने के लिए तैयार हैं। उन्होंने कहा कि विधानसभा ने मामले की जांच के लिए एक्सपर्ट कमेटी की टीम गठित की थी। एक्सपर्ट कमेटी ने साफ किया कि राज्य बनने के बाद विधानसभा में सभी नियुक्तियां गलत हैं। इन नियुक्तियों को यदि न्यायालय भी अवैध घोषित करता है तो नियुक्ति देने वाले स्पीकरों पर भी कार्यवाही होनी चाहिए। उनके और अन्य स्पीकर के खिलाफ जांच होनी चाहिए। ताकि भविष्य में युवाओं के साथ इस तरह का खिलवाड़ न हो सके।
अनुच्छेद 16 का स्पष्ट उल्लंघन
उन्होंने कहा कि समानता का अधिकार अनुच्छेद 16 स्पष्ट करता है कि राज्य के अधीन किसी भी कार्यालय में रोजगार या नियुक्ति से संबंधित मामलों में सभी नागरिकों के लिए अवसर की समानता होगी। ऐसे में 2001 से 2016 तक की नियुक्तियों को वैध और 2016 से आगे की नियुक्तियों को अवैध ठहराकर सरकार ने समानता के अधिकार अधिनियम की धज्जियां उड़ाई है जबकि वर्ष 2016 में हुई नियुक्तियों को हाईकोर्ट और सुप्रीम कोर्ट ने वैध करार दिया था
सभी नियुक्तियां तत्काल निरस्त हों
कुंजवाल ने कहा कि यदि विधानसभा में हुई नियुक्तियां गलत तरीके से की गई हैं तो 2001 से 2022 तक की गई सभी नियुक्तियों को तत्काल निरस्त किया जाए, वरना द्वेषपूर्ण राजनीति के तहत निकाले गये 2016 के बाद के कर्मचारियों को बहाल किया जाए। उन्होंने कहा कि हालांकि सरकार ऐसा नहीं करेगी क्योंकि 2016 से पहले विधानसभा में हुई नियुक्तियों में भाजपा के मंत्रियों के नजदीकियों को बंदरबांट की गई है।
स्पीकर ऋतु खंडूड़ी की भूमिका पर उठाए सवाल
कुंजवाल का कहना हैं कि विधानसभा में 2016 के बाद वाले कर्मचारियों की सेवाएं समाप्त कर वाहवाही लूटने वाली स्पीकर ऋतु खंडूड़ी सवालों के घेरे में हैं। उन्होंने कहा कि वह निजी कारणों से विधानसभा में 2016 से पहले के बैकडोर भर्ती वालों को बचाने का कार्य कर रही हैं। उनके द्वारा हाईकोर्ट में काउंटर फाइल कर खुद कबूलनामा किया है। इसके बाद भी 2016 से पहले वालों को बचाने के लिए उन्होंने अब अपनी साख तक दांव पर लगा दी है।
ये आरोप भी लगाए
2016 से पहले विधानसभा में अवैध रूप से भर्ती हुए कई कर्मचारी ऐसे हैं जिनकी विधानसभा में नियुक्ति बीसी खंडूड़ी के मुख्यमंत्री रहते हुईं। इसमें तत्कालीन सीएम बीसी खंडूड़ी के पर्यटन सलाहकार की बेटी सहित कई हाई प्रोफाइल लोगों के परिजन शामिल हैं।
जिस कार्यवाही को स्पीकर सत्य की जीत करार दे रहीं हैं वह एक अधूरा और झूठा सत्य है। खुद स्पीकर की ओर से बनाई डीके कोटिया समिति ने भी अपनी रिपोर्ट के नंबर 12 में साफ किया है कि राज्य गठन के बाद से लेकर अभी तक की सभी भर्तियां अवैध हैं।
एक्शन-थ्रिलर से भरपूर होगा यह हफ्ता..
क्रिसमस पर जलवा बिखेरेंगी ये फिल्में और वेब सीरीज..
देश-विदेश: वेब सीरीज और फिल्मों के शौकीन दर्शकों के लिए दिसंबर का यह हफ्ता डबल धमाकेदार साबित होने वाला है। एक तरफ क्रिसमस का त्योहार है। वहीं, दूसरी तरफ क्रिसमस पर दर्शकों के लिए ओटीटी प्लेटफॉर्म सेंटा क्लॉज बनकर आ रहे हैं। इसका मतलब यह है कि क्रिसमस के मौके पर दर्शकों को कई बेहतरीन फिल्में और वेब सीरीज देखने को मिलेंगी। जानिए कि कौन सी फिल्में और वेब सीरीज कहां और कब रिलीज होने वाली हैं?
जैक रयान सीजन 3
टॉम क्लेंसी की ‘जैक रयान सीजन 3’ अमेरिकी राजनीतिक एक्शन थ्रिलर सीरीज है, जिसका तीसरा सीजन तीन साल बाद रिलीज किया जा रहा है। जैक रयान ने अपने रोमांचक विषय और एक्शन सीन्स के लिए लोकप्रियता हासिल की है। जॉन क्रेसिंस्की अहम भूमिका में नजर आए हैं। यह सीरीज 21 दिसंबर को ओटीटी प्लेटफॉर्म अमेजन प्राइम वीडियो पर रिलीज होगी। इसका पहला भाग 2018 में रिलीज किया गया था।
ग्लास अनियन: ए नाइव्स आउट मिस्ट्री..
‘ग्लास अनियन: ए नाइव्स आउट मिस्ट्री’ अमेरिकी और रहस्यों से भरपूर फिल्म है। यह फिल्म रियान जॉनसन द्वारा लिखित और निर्देशित है। इसका निर्माण जॉनसन और राम बर्गमैन ने किया है। ‘ग्लास अनियन: ए नाइव्स आउट मिस्ट्री’ 2019 में आई फिल्म ‘नाइव्स आउट का स्टैंडअलोन’ का सीक्वल है। यह फिल्म 23 दिसंबर को ओटीटी प्लेटफॉर्म नेटफ्लिक्स पर स्ट्रीम होगी।
विचर ब्लड: ओरिजिन..
वेब सीरीज ‘विचर ब्लड: ओरिजिन’ का दर्शकों को काफी समय से इंतजार था। यह वेब सीरीज अपने दर्शकों को 1200 साल पहले की रहस्यमयी दुनिया में लेकर जाने वाली है। इस वेब सीरीज में रहस्य की अनोखी कहानी को दिखाया जाएगा। इस शानदार वेब सीरीज को दर्शक 25 दिसंबर को ओटीटी प्लेटफॉर्म नेटफ्लिक्स पर देख सकते हैं।
स्ट्रेंज वर्ल्ड
‘स्ट्रेंज वर्ल्ड’ अमेरिकी कंप्यूटर-एनिमेटेड साइंस-फिक्शन एडवेंचर फिल्म है। इसे वॉल्ट डिज्नी एनिमेशन स्टूडियो द्वारा निर्मित और डॉन हॉल द्वारा निर्देशित किया गया है। इस सीरीज में बहुत ही शानदार और अनोखी चीजें दिखाई जाने वाली हैं। इसमें एक बहादुर परिवार की कहानी दिखाई जाएगी। दर्शक इस वेब सीरीज को 23 दिसंबर को ओटीटी प्लेटफॉर्म डिज्नी प्लस हॉटस्टार पर देख सकते हैं।
टीवीएफ पिचर्स..
वेब सीरीज ‘टीवीएफ पिचर्स’ के पहले भाग की सफलता के बाद अब इसके निर्माता दूसरा भाग लेकर आ रहे हैं। इस सीरीज का ट्रेलर जब रिलीज हुआ था, तब दर्शकों ने उसे खूब पसंद किया। अब वे बेसब्री से इस वेब सीरीज के रिलीज होने का इंतजार कर रहे हैं। वेब सीरीज ‘टीवीएफ पिचर्स’ को ओटीटी प्लेटफॉर्म जी5 पर 23 दिसंबर को देख सकते हैं।
