नंबर वन यूट्यूबर भुवन बाम की ओटीटी पर एंट्री..
नए साल में दिखेगा इस अनोखे किरदार का जलवा..
देश-विदेश: सोशल मीडिया स्टार भुवन बाम भी आखिरकार ओटीटी पर आ ही गए। डिज्नी प्लस हॉटस्टार ने मंगलवार को उनकी पहली वेब सीरीज का ट्रेलर रिलीज कर दिया। ट्रेलर के हिसाब से भुवन बाम की पहली सीरीज ‘ताजा खबर’ काफी दिलचस्प दिखाई दे रही है। खबर के खेल से कारोबार का खेल बदल देने वाली इस कहानी के संवाद हालांकि थोड़े अटपटे से हैं लेकिन सीरीज का मूल विचार काफी दमदार है। और, ये विचार ये है कि आखिर आपको होनी की खबर पहले से ही लग जाए तो फिर क्या होगा? क्या ये वरदान साबित होगा या फिर कि ये किसी की जिंदगी का अभिशाप भी बन सकता है?
ट्रेलर में एक संवाद है, ‘जादू और चमत्कार में फर्क ये है कि जादू धोखे से होता है, चमत्कार यकीन से।’ करिश्मों से जुड़े वरदान और श्राप को उजागर करती आज के जमाने की दास्तान दिखाती वेब सीरीज ‘ताजा खबर’ के ट्रेलर के साथ ही इसकी रिलीज डेट की भी घोषणा कर दी गई है। रोहित राज और भुवन बाम की बनाई वेब सीरीज ‘ताजा खबर’ का निर्देशन हिमांक गौर ने किया है और इसे लिखा है, हुसैन और अब्बास दलाल ने। वेब सीरीज ‘ताजा खबर’ में भुवन बाम के साथ पिलगांवकर, महेश मांजरेकर, जेडी चक्रवर्ती, देवेन भोजानी, शिल्पा शुक्ला, प्रथमेश परब और नित्या माथुर जैसे कलाकारों ने महत्वपूर्ण भूमिकाएं निभाई हैं। इस सीरीज में भुवन बाम वसंत गावड़े नाम के एक चिड़चिड़े सफाईकर्मी के रोल में हैं, जो कुछ बड़ा करने की हसरत रखता है और फिर एक दिन उसके साथ एक जिंदगी बदल देने वाला करिश्मा होता है। सवाल ये है कि क्या कोई इंसान अपनी तकदीर के ज़ोर पर चल सकता है?
अपने ओटीटी डेब्यू के बारे में भुवन बाम कहते हैं, ” वेब सीरीज ‘ताजा खबर’ एक संपूर्ण एंटरटेनर है, जिसमें एक्शन, ड्रामा और रोमांस है। इस शो में इंसान की ख्वाहिशों और इच्छाओं का उतार-चढ़ाव है। यह मेरा डिजिटल डेब्यू है, जो अपने आप में एक खास एहसास है। इसके लिए मुझे सभी से, खास तौर पर अपने को-स्टार्स से जो प्यार मिला, वो कल्पना से परे है। सेट पर सभी अपने-अपने काम में माहिर हैं, लेकिन यह मेरे लिए पहली बार था और सेट पर मैंने जो रिश्ते बनाए हैं, उसके के लिए मैं सभी का शुक्रगुजार हूं. वहीं वेब सीरीज ‘ताजा खबर’ के निर्देशक हिमांक गौर बताते हैं, “हम सभी ने अपनी ज़िंदगी में कभी ना कभी यह जरूर सोचा होगा कि यदि हमें कोई सुपर पावर मिल जाए तो कैसा होगा? ‘ताजा खबर’ में इसी विचार को पेश किया गया है, जिसमें दमदार वन-लाइनर्स, अपनी-सी लगने वाली भावनाएं और भुवन का खास आकर्षण है। इसके सभी कलाकारों ने शानदार काम किया है, जिन्होंने अपने किरदारों के हर इमोशन में जान डाल दी है।
हल्द्वानी में सड़क हादसे में वन विभाग के डिप्टी रेंजर की मौत..
उत्तराखंड: प्रदेश में सड़क हादसों का सिलसिला थम नहीं रहा है। पहाड़ी क्षेत्रों से रोजाना दर्दनाक सड़क हादसे की खबर सामने आ रही है। ऐसी ही एक खबर हल्द्वानी से भी सामने आयी है। जहां लालकुआं के हल्दूचौड़ क्षेत्र में हुए सड़क हादसे में वन विभाग के डिप्टी रेंजर की मौत हो गई। जिससे मौके पर कोहराम मच गया है।
आपको बता दे कि हल्दूचौड़ में इंडियन ऑयल चौराहे पर लिंक रोड से नेशनल हाईवे की तरफ आ रही मोटरसाइकिल को लालकुआं से हल्द्वानी की ओर जा रही एक कार ने जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि हादसे में बाइक सवार की मौके पर ही मौत हो गई। मृतक की पहचान डिप्टी रेंजर होमेन्द्र मिश्रा के रूप में हुई है।
बताया जा रहा है कि वह हल्द्वानी डिवीजन के छकाता रेंज में तैनात थे और हल्दूचौड़ स्थित अपने घर पर आए हुए थे। हादसे की खबर से परिवार में कोहराम मच गया है। वहीं सूचना पर पहुंची पुलिस ने मौके पर पहुंच कर अग्रिम कार्यवाही प्रारंभ कर दी है जबकि कार को हल्दूचौड़ पुलिस चौकी पहुंचाया गया हैं।
आनन-फानन में बीकेटीसी अध्यक्ष अजेंद्र पर आरोप लगाकर अपने ही बुने जाल में फंसी कांग्रेस नेत्री सुजाता
देहरादून: श्री बदरीनाथ- केदारनाथ मंदिर समिति (बीकेटीसी) अध्यक्ष अजेंद्र अजय पदभार ग्रहण करने के बाद से लगातार समिति की कार्यप्रणाली में बदलाव करने में जुटे हुए हैं। मंदिर समिति के इतिहास में पहली बार उन्होंने अधिकारियों व कर्मचारियों के स्थानान्तरण किए हैं। आज तक मंदिर समिति में कुछ अपवादों को छोड़ दिया जाए तो कार्मिकों के कभी स्थानान्तरण नहीं हुए थे। अजेंद्र ने बिना काम के लाखों रुपए प्रतिमाह वेतन ले रहे तमाम कार्मिकों को हिला कर मंदिर समिति में उथल पुथल मचा दी। यही नहीं केदारनाथ व बदरीनाथ में तैनात कई ऐसे कार्मिकों का स्थानांतरण अथवा पटल चेंज कर दिया गया, जो यात्रियों से दर्शन करवाने के नाम पर मोटी अवैध कमाई कर रहे थे। ऐसे कई कार्मिकों को अध्यक्ष का यह निर्णय इतना नागवार गुजर रहा है कि उन्होनें भीतरखाने अजेंद्र के खिलाफ मोर्चा खोला हुआ है।
ऐसे कई कार्मिक अजेंद्र के खिलाफ लगातार दुष्प्रचार का सहारा ले रहे हैं। एक कथित मीडियाकर्मी और उसके पोर्टल के माध्यम से अजेंद्र के चरित्र हनन के लिए लगातार अभियान चलाया जा रहा है। हालांकि, उक्त मीडियाकर्मी के विरुद्ध अजेंद्र ने पुलिस महानिदेशक को एक पत्र भी भेजा है। मंदिर समिति के कार्मिक उक्त मीडियाकर्मी के माध्यम से अजेंद्र के खिलाफ आधी -अधूरी और तथ्यहीन जानकारी मीडिया और कांग्रेसी नेताओं तक पहुंचा रहे हैं। हालांकि, इक्का दुक्का नेताओं और मीडियाकर्मियों के अलावा कोई भी इन आरोपों को तवज्जो नहीं दे रहे हैं।
लेकिन इस बार एक ऐसी आधी -अधूरी और तथ्यविहीन जानकारी के आधार पर कांग्रेस नेत्री सुजाता पॉल बुरी तरह से घिर गई। उन्होनें जिस मुद्दे को लेकर मंदिर समिति अध्यक्ष अजेंद्र को घेरने की कोशिश की, वह कांग्रेस नेता और समिति के पूर्व अध्यक्ष गणेश गोदियाल के समय पारित हुआ था। 
दरअसल, कांग्रेस नेत्री सुजाता पॉल ने सोशल मीडिया में एक वीडियो वायरल किया है। जिसमें वो अजेंद्र पर आरोप लगाते हुए कहती हैं कि उन्होंने नियम कानूनों को ताक पर रख कर मंदिर समिति के लेखाधिकारी सुनील तिवारी को अपने हस्ताक्षर से उप मुख्य कार्याधिकारी बना दिया। सुजाता पाल का यह भी कहना है कि पदोन्नति के आदेश मुख्य कार्याधिकारी की ओर से ना जारी कर अजेंद्र ने खुद के हस्ताक्षर से जारी कर दिया। सुजाता ने इसे भ्रष्टाचार का बड़ा मामला बताते हुए अजेंद्र के खिलाफ कार्रवाई की मांग तक कर डाली।
जबकि तथ्य यह है कि लेखाधिकारी सुनील तिवारी को उप मुख्य कार्याधिकारी बनाने की कार्यवाही कांग्रेसनीत मंदिर समिति के समय में शुरू हो गई थी। काग्रेस के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष और तत्तकालीन मंदिर समिति अध्यक्ष गणेश गोदियाल के कार्यकाल में सुनील तिवारी को उप मुख्य कार्याधिकारी का प्रभार दे दिया गया था। 15 फरवरी, 2018 को संपन्न मंदिर समिति की बोर्ड बैठक में बाकायदा प्रस्ताव पारित कर कि सुनील तिवारी को प्रभारी उप मुख्य कार्याधिकारी बनाया गया था। इसके बाद तत्कालीन मुख्य कार्याधिकारी ने सुनील तिवारी को उप मुख्य कार्याधिकारी बना दिया।
यही नही इससे पूर्व 9 जनवरी 2015 आदेश संख्या- 574 द्वारा लेखाधिकारी सुनील तिवारी को कार्याधिकारी का प्रभार दिया गया था।
कांग्रेस की प्रवक्ता जानी-मानी सामाजिक राजनीतिक एक्टविस्ट है उनका दावा है कि वह सच को उजागर भी करती है। लेकिन जिस तरह से तथ्यों की पड़ताल किए बिना सुजाता ने अजेंद्र पर आरोप लगाए उससे कांग्रेस के लोग ही असहज हो गए हैं। सुजाता ने अपनी पार्टी के समय के मंदिर समिति के अध्यक्ष के समय के निर्णय पर प्रश्न चिह्न लगा दिया है।

सुजाता ने आरोप लगाने से पूर्व यह भी नहीं देखा कि गणेश गोदियाल के समय से सुनील तिवारी बतौर प्रभारी उपमुख्य कार्याधिकारी ( डिप्टी सीईओ) का काम संभाल रहे थे, तो वर्तमान मंदिर समिति अध्यक्ष किस आधार पर किसी अन्य को डिप्टी सीईओ बना देते। दूसरी बात, मंदिर समिति में जो भी पदोन्नतियां इत्यादि हुई हैं, उसके लिए मंदिर समिति के उपाध्यक्ष किशोर पंवार की अध्यक्षता में एक उप समिति गठित की हुई है। उप समिति ने कई दौर की बैठकों के बाद सुनील तिवारी समेत तमाम अन्य कार्मिकों की पदोन्नति की सिफारिश की थी।
इस सबके बावजूद माना कि लेखाधिकारी सुनील तिवारी के पदौन्नति, वेतनमान, एसीपी की जांच के लिए 2019 में अजेंद्र अजय ने भारतीय जनता पार्टी नेता बतौर शासन को जांच के लिए लिखा तो क्या गलत है। जांच शासन ने करनी थी न कि अजेंद्र अजय ने। फिर भी मंदिर समिति के हवाले से विगत दिनों स्पष्ट किया जा चुका है कि सुनील तिवारी के खिलाफ ऐसा कुछ नहीं था कि उनकी पदौन्नति डिप्टी सीईओ के पद पर न हो सके। कर्मचारियों की पदौन्नतियां कई वर्षो से रूकी थी। अत: नियुक्ति उप समिति की सिफारिशों के अनुरूप सभी पदोन्नतियां नियमानुसार हुई हैं।
कांग्रेस नेत्री सुजाता ने यह भी आरोप लगाया है कि मंदिर समिति अध्यक्ष ने पदोन्नति आदेेश अपने हस्ताक्षर से ही जारी कर दिया। यह आरोप लगाने में भी सुजाता ने तथ्यों की जानकारी नहीं ली। मंदिर समिति के एक्ट में अध्यक्ष को प्रशासनिक अधिकार हासिल हैं। मंदिर समिति में अध्यक्ष को विभागाध्यक्ष के रुप में कर्मचारियों की नियुक्ति से लेकर निलंबित करने और बर्खास्तगी तक का विशेष अधिकार प्राप्त है। इस आधार पर मंदिर समिति अध्यक्ष अजेंद्र ने पदोन्नति आदेश जारी किए हैं।
कोलकाता फिल्म महोत्सव 15 दिसंबर से, अमिताभ-शाहरुख बिखरेंगे रंग..
देश-विदेश: पश्चिम बंगाल के खेल एवं युवा मामलों के मंत्री अरूप बिस्वास का कहना हैं कि विश्व प्रसिद्ध कोलकाता फिल्म फेस्टिवल महोत्सव (केआईएफएफ) का 28वां संस्करण 15 दिसंबर को शुरू होगा और से 22 दिसंबर तक चलेगा। आठ दिनों तक चलने वाले इस महोत्सव में दस स्थानों पर 42 देशों की 52 लघु और डाक्यूमेंट्री सहित करीब 183 फिल्में दिखाई जाएंगी।
बिस्वास ने कहा कि उद्घाटन समारोह नेताजी इनडोर स्टेडियम में होगा और इसमें बॉलीबुड अभिनेता बिग बी पत्नी जया के साथ उपस्थित रहेंगे। उद्घाटन कार्यक्रम में राज्यपाल सी वी आनंद बोस, मुख्यमंत्री ममता बनर्जी और बॉलीवुड अभिनेता शाहरुख खान भी उपस्थित रहेंगे। मंत्री ने बताया कि समारोह में सबसे पहले ऋषिकेश मुखर्जी के निर्देशन वाली बच्चन की 1973 में आयी फिल्म अभिमान दिखायी जाएगी। बच्चन के सिने करियर के प्रदर्शन के तौर पर दीवार और काला पत्थर फिल्में भी दिखायी जाएगी।
इस बार महोत्सव में खेल से जुड़ीं सात फिल्में दिखाई जाएंगी। इसके तहत फिल्म ‘चक दे इंडिया’, ‘महेंद्र सिंह धोनी’, ‘मैरी कॉम’ सहित अन्य फिल्में दिखाई जाएंगी। महोत्सव के दौरान फिल्म जगत के दिग्गज कलाकार तरुण मजूमदार, प्रदीप मुखर्जी, शिव कुमार शर्मा और एंजेला लेंसबरी को विशेष श्रद्धांजलि दी जाएगी। जबकि एलेन रेसनेस, पियर पावलो पासोलीनी, माइकल कोकयानिस, दिलीप कुमार, असित सेन, ऋषिकेश मुखर्जी, भारती देवी, के असिफ और अली अकबर खान को सेंटेनरी ट्रिब्यूट दी जाएगी।
कोरोना के कारण पिछले वर्ष फिल्म महोत्सव का आयोजन नहीं हुआ था। इस वर्ष जब हालात बेहतर होने पर इसका 27वां संस्करण 25 अप्रैल होकर एक मई तक चला। उस दौरान उस दौरान फेस्टिवल में 40 देशों की 163 फिल्में दिखाई गई थीं।
सिद्धार्थ की ‘मिशन मजनू’ का पहला पोस्टर रिलीज..
देश-विदेश: बॉलीवुड के नामी फिल्म निर्माता रॉनी स्क्रूवाला इस दिनों अपनी बहुप्रतीक्षित फिल्म ‘मिशन मजनू’ को लेकर सुर्खियों में हैं। रॉनी की इस फिल्म में सिद्धार्थ मल्होत्रा एक भारतीय रॉ एजेंट की भूमिका निभाते नजर आने वाले हैं। जहां पिछले दिनों लंबे समय से चर्चित इस फिल्म की रिलीज डेट का खुलासा हो गया था, वहीं आज मेकर्स ने फिल्म का पहला पोस्टर रिलीज किया है। इस पोस्टर से फिल्म में सिद्धार्थ मल्होत्रा का लुक भी सामने आ गया है। इसके साथ ही इसकी रिलीज डेट का भी एलान कर दिया गया है।
नेटफ्लिक्स ने अपने आधिकारिक इंस्टाग्राम हैंडल पर सिद्धार्थ मल्होत्रा और रश्मिका मंदाना स्टारर इस फिल्म का पहला पोस्टर शेयर किया है। सच्ची घटनाओं से प्रेरित, यह फिल्म भारत के सबसे महत्वपूर्ण मिशन्स में से एक की कहानी सामने लाएगी। शांतनु बागची के निर्देशन में बनी यह फिल्म 20 जनवरी को स्ट्रीमिंग प्लेटफॉर्म पर नेटफ्लिक्स पर रिलीज होगी।
सामने आए पोस्टर में सिद्धार्थ मल्होत्रा भूरे रंग का पठानी सूट और जैकेट पहने नजर आ रहे हैं। अभिनेता हाथ में बंदूक लिए नजर आ रहे हैं। पोस्टर में नजर आ रही उनकी काजल लगी आंखें और गले में बंधा ताबीज आपको शाहरुख खान की फिल्म ‘रईस’ में उनके लुक की याद दिलाएगा। नेटफ्लिक्स पोस्ट साझा करते हुए कैप्शन लिखा,’एक जांबाज एजेंट की अनसुनी कहानी। मिशन मजनू, 20 जनवरी से केवल नेटफ्लिक्स पर। मेकर्स के अनुसार, ‘मिशन मजनू’ दर्शकों को ‘वफादारी, प्यार, बलिदान और विश्वासघात की भावनाओं के माध्यम से एक एक्शन से भरपूर सफर पर ले जाएगी, जहां एक गलत कदम मिशन को बना या बिगाड़ सकता है।
सिद्धार्थ की इस एक्शन पैक्ड फिल्म की कहानी बात करें तो यह पाकिस्तान की धरती पर भारत के सबसे महत्वपूर्ण रॉ ऑपरेशन पर आधारित है। यह फिल्म 1970 के दशक में असली घटनाओं से प्रेरित है। ‘मिशन मजनू’ देश के ऐसे जांबाज सिपाहियों की कहानी सबके सामने लेकर आएगी, जो देश सेवा में अपनी जान कुर्बान कर देते हैं, लेकिन उनकी कहानियां कभी किसी के सामने नहीं आती। इस फिल्म में सिद्धार्थ मल्होत्रा के साथ रश्मिका मंदाना नजर आएंगी।
नैनीताल में सड़क पर पलटी बारात की कार, 3 लोगों की हालत गंभीर..
उत्तराखंड: प्रदेश में सड़क हादसे रुकने का नाम नहीं ले रहे हैं। लगातार सड़क हादसे बढ़ते ही जा रहे हैं। हर रोज कही न कही से सड़क हादसे की खबर सामने आ रही हैं। ऐसी ही खबर उत्तराखंड के नैनीताल से भी सामने आयी हैं। यहां ताड़ीखेत ब्लॉक जा रही बारातियों की कार गाड़ी बैंड पर अनियंत्रित होकर पहाड़ी की ओर पलट गई।
जिसमें दूल्हे के फूफा समेत तीन बराती घायल हो गए। सभी को गंभीर हालत में अस्पताल पहुंचाया गया। अंदरूनी गहरी चोट के कारण तीनों को हल्द्वानी रेफर कर दिया गया है। बताया जा रहा है कि कंडारखुआ पट्टी के कालनू गांव में नीरज सती के घर सोमवार को नैनीताल से बारात पहुंची। बारातियों का स्वागत किया जा रहा था। उधर दूल्हे के देवलचौड़ा हल्द्वानी निवासी फूफा गिरीश जोशी की कार पीछे ही रह गई थी।
काकड़ीघाट का इलाका पार करने के बाद ये लोग कालनू गांव से लगभग 6 किमी पहले पहुंचे ही थे कि कार मोड़ पर अनियंत्रित होकर पलट गई। इसके बाद कार 15 फुट नीचे सड़क पर जा गिरी। दुर्घटना में तीनों कार सवार बुरी तरह घायल हो गए। वाहन भी क्षतिग्रस्त हो गया। एक घायल ने दूल्हन के घर पहुंच चुकी महिला को मोबाइल पर हादसे के बारे में बताया। इससे बारातियों में हड़कंप मच गया। घराती और बाराती घटनास्थल की ओर दौड़ पड़े। कार की छत के रास्ते घायलों को बाहर निकाला गया। इसके बाद 108 सेवा से उन्हें नजदीकी सीएचसी खैरना पहुंचाया गया। प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें हल्द्वानी रेफर कर दिया गया। चिकित्सक के अनुसार कार सवारों के सिर, छाती व पेट में गंभीर चोट पहुंची है।
सरकार ने एनएचएम के तहत जारी किया बजट..
उत्तराखंड: सरकार ने स्वास्थ्य सेवाओं को बढ़ाने और बुनियादी ढांचे के निर्माण के लिए राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन के तहत 136 करोड़ रुपये की राशि जारी कर दी हैं। इस राशि से स्वास्थ्य सेवाओं में सुधार की प्रक्रिया में तेजी आएगी। एनएचएम के तहत केंद्र व राज्य सरकार की कई स्वास्थ्य योजनाओं का बेहतर संचालन करने के लिए केंद्र सरकार ने वित्तीय वर्ष में 1129.35 करोड़ रुपये आवंटित किए हैं, जो पिछले वर्ष की तुलना में 280 करोड़ अधिक है।स्वीकृत बजट प्रावधानों के तहत सरकार ने 136 करोड़ की राशि जारी की है, जिसमें राष्ट्रीय बाल स्वास्थ्य कार्यक्रम में बच्चों के रेफरल वाहनों की शुल्क व्यवस्था, राष्ट्रीय किशोर स्वास्थ्य कार्यक्रम के तहत बालिका विद्यालयों में 50 सेनेटरी नैपकिन वेंडिंग मशीन और 50 इंसीनरेटर मशीन लगाए जाएंगे।
जिला अस्पताल उत्तरकाशी में डिस्ट्रिक्ट अर्ली इंटरवेंशन सेंटर, उत्तरकाशी व बागेश्वर में दो न्यू बोर्न स्टेबलिसेशन यूनिट का उच्चीकरण कर सिक न्यू बोर्न केयर यूनिट के रूप में विकसित करना, अल्मोड़ा, बागेश्वर व रुद्रप्रयाग के जिला अस्पताल में किशोर हेल्थ क्लीनिक स्थापित करने, हेल्थ एंड वेलनेस सेंटर, क्रिटिकल केयर यूनिट, उप जिला चिकित्सालय श्रीनगर में ट्रांजिट हॉस्टल समेत अन्य तमाम स्वास्थ्य सुविधाओं के लिए अवस्थापना विकास के काम होंगे। सचिव स्वास्थ्य एवं एनएचएम मिशन निदेशक डॉ. आर राजेश कुमार का कहना हैं कि राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन के माध्यम से संचालित कार्यक्रमों के साथ ही अवस्थापना विकास के लिए 136 करोड़ की राशि स्वास्थ्य विभाग को जारी की गई है।
18 को कर्णप्रयाग में आयोजित पुरानी पेंशन हुंकार रैली को लेकर बैठक..
रुद्रप्रयाग। राष्ट्रीय पुरानी पेंशन बहाली संयुक्त मोर्चा जनपद रुद्रप्रयाग की बैठक में 18 दिसम्बर को कर्णप्रयाग में होने वाली पुरानी पेंशन हुंकार रैली को सफल बनाने पर चर्चा की। राष्ट्रीय पुरानी पेंशन बहाली संयुक्त मोर्चा के जनपद अध्यक्ष अंकित रौथाण की अध्यक्षता में हुई बैठक में रैली के लिए रणनीति पर चर्चा की गई। इस अवसर पर मोर्चा के मंडलीय महासचिव नरेश कुमार भट्ट ने कहा कि कर्णप्रयाग की हुंकार रैली उत्तराखंड सरकार को लोकसभा चुनाव से पहले चेतावनी होगी।
उन्होंने गढ़वाल मंडल से हर कार्मिक को बढ़-चढ़ कर रैली में प्रतिभाग करने का आह्वान किया। प्रांतीय कोषाध्यक्ष रणवीर सिंधवाल ने कहा कि हुंकार रैली पुरानी पेंशन बहाली की दिशा में मील का पत्थर साबित होगी। जनपदीय संरक्षक शंकर भट्ट ने कहा कि हिमाचल प्रदेश के कार्मिकों ने सरकार बदल कर पुरानी पेंशन प्राप्ति का रास्ता पकड़ा है, मगर उत्तराखंड का कार्मिक सड़क से सदन तक सरकार को घेर कर पुरानी पेंशन हासिल करके रहेगा। बैठक में सर्वसम्मति से निर्णय लिया गया कि राष्ट्रीय पुरानी पेंशन बहाली संयुक्त मोर्चा की जिला कार्यकारणी व तीनों ब्लॉकों की कार्यकारणी हुंकार रैली को सफल बनाने के लिए प्रत्येक विभाग के कार्मिकों को जागरूक करेगी।
जिला मीडिया प्रभारी एवं ऊखीमठ ब्लॉक अध्यक्ष कैलाश गार्गी ने संयुक्त रूप कहा कि रैली में महिला कार्मिकों की अधिकतम भागेदारी सुनिश्चित की जाएगी। इस मौके पर राजकीय शिक्षक संघ जनपद रुद्रप्रयाग अध्यक्ष नरेश कुमार भट्ट ने राष्ट्रीय पुरानी पेंशन बहाली संयुक्त मोर्चा को राजकीय शिक्षक संघ का पूर्ण समर्थन प्रदान किया। इस मौके पर एनपीएस के तहत सेवानिवृत कार्मिक खेम सिंह रावत ने ऐलान किया कि वह अपनी एक महीने की पेंशन उत्तराखंड के मुख्यमंत्री और जनपद के विधायक को सौंपेंगे कि वह इस राशि से एक महीने अपना घर चलाकर देखें। राजकीय शिक्षक संघ जनपद रुद्रप्रयाग से जिलाध्यक्ष नरेश कुमार भट्ट, उपाध्यक्ष शीशपाल पंवार ने पुरानी पेंशन हुंकार रैली को पूर्ण समर्थन प्रदान किया।
मिनिस्ट्रियल फेडरेशन जिलाध्यक्ष रणजीत गुसाईं, जिला महामंत्री सुखदेव सिंह बिष्ट, उपाध्यक्ष अंकित रावत, सदस्य भरोसी भारती ने सामूहिक रूप से पुरानी पेंशन हुंकार रैली को पूर्ण समर्थन देते हुए कहा कि पुरानी पेंशन योजना जरूरी है। बैठक का संचालन जिला मंत्री अंकुश नौटियाल ने किया। बैठक को जखोली ब्लॉक अध्यक्ष प्रवीण घिल्डियाल, राजकीय शिक्षक संघ उपाध्यक्ष शीशपाल पंवार, आशीष शुक्ला, विरेंद्र बिष्ट, नरेंद्र बिष्ट, पूर्व अध्यक्ष रणवीर पंवार, प्रमोद जगवाण, खेम सिंह रावत, सुधांशु बेंजवाल आदि ने संबोधित किया।
हरिद्वार में अपहृत आठ माह के बच्चे को पुलिस ने किया बरामद..
मुख्यमंत्री उत्तराखंड श्री पुष्कर सिंह धामी ने लिया था हरिद्वार में बच्चे के अपहरण पर सख्त रुख..
एसएसपी हरिद्वार को बच्चे की बरामदगी हेतु कार्यवाही हेतु सख्त निर्देश दिए गए थे।
उत्तराखंड: हरिद्वार में अपहृत आठ माह के बच्चे को पुलिस ने बरामद कर लिया है। बच्चे के अपहरण संबंधी जानकारी मिलने पर मुख्यमंत्री श्री पुष्कर सिंह धामी ने हरिद्वार एसएसपी को जल्द से जल्द बच्चे का पता लगाये जाने के निर्देश दिये थे।
हरिद्वार पुलिस ने क्षेत्र के सभी सीसीटीवी खंगालने के साथ ही विभिन्न मुखबिर तंत्र, मीडिया, जनता के मध्य सूचना प्रचारित प्रसारित की।
इसका परिणाम भी देखने को मिला और बच्चे के संबंध में जानकारी मिलने पर 8 माह के बच्चे को पुलिस ने सकुशल बरामद कर लिया है। अन्य कार्यवाही जारी है।
इस हफ्ते ओटीटी पर धमाल मचाएंगी ये फिल्में और वेब सीरीज..
देश-विदेश: कई लोग सिनेमाघरों में बैठकर फिल्मों का मजा नहीं ले पाते हैं। वे घर बैठे ही रोमांचक शो और फिल्में देखना पसंद करते हैं। वहीं कई लोग ऐसे भी होते हैं जो ओटीटी पर पसंदीदा वेब सीरीज और फिल्में रिलीज होने का इंतजार करते हैं। अब उनके इंतजार पर विराम लगने वाला है। दर्शकों के लिए दिसंबर का यह दूसरा हफ्ता धमाकेदार साबित होने वाला है, क्योंकि इस हफ्ते ओटीटी पर कई वेब सीरीज और फिल्में रिलीज होने वाली है। चलिए आपको बताते हैं कि कौन से फिल्में और वेब सीरीज कहां और कब रिलीज होने वाली हैं?
ब्लर
तापसी पन्नू की फिल्म ‘ब्लर’ की फिल्म ओटीटी पर धमाल मचाने को तैयार है। हालांकि तापसी पन्नू की पिछली कुछ फिल्में बॉक्स ऑफिस पर कुछ खास कमाल नहीं दिखा पाईं। इस बार वे ओटीटी पर अपनी नई फिल्म ‘ब्लर’ के साथ आई हैं। ‘ब्लर’ एक हॉरर फिल्म है। ‘ब्लर’ को 9 दिसंबर को जी फाइव के ओटीटी प्लेटफार्म पर रिलीज किया जाएगा। इस फिल्म में तापसी पन्नू एक ऐसी लड़की का किरदार निभा रही हैं, जो अपनी जुड़वां बहन की हत्या का पता लगाती हैं।
कैट
इस हफ्ते लोगों को ओटीटी प्लेटफार्म पर फिल्म ‘कैट’ भी देखने को मिलेगी। इस फिल्म में रणदीप हुड्डा ने मुख्य भूमिका निभाई है। फिल्म ‘कैट’ की कहानी पंजाब में नशे के अवैध कारोबार पर आधारित है। यह फिल्म दर्शकों को ओटीटी प्लेटफार्म नेटफ्लिक्स पर 9 दिसंबर को देखने मिलेगी।
‘फाडू: एक लव स्टोरी’
‘फाडू: एक लव स्टोरी’ एक प्रेम कहानी पर आधारित वेब सीरीज है। इसमें एक लड़के को एक लड़की से प्यार हो जाता है। वह लड़की एक कवयित्री है। दोनों एक दूसरे से प्यार करते हैं, लेकिन उनकी सोच एक-दूसरे से काफी अलग है। जिंदगी को लेकर दोनों अपनी अलग सोच और समझ रखते हैं। यह वेब सीरीज 9 दिसंबर को सोनी लिव के ओटीटी प्लेटफार्म पर रिलीज होगी।
