मुख्यमंत्री धामी ने व्यक्त किया शोक, पीड़ित परिवार को हरसंभव सहयोग का दिया आश्वासन
देहरादून। दिवंगत वरिष्ठ पत्रकार पंकज मिश्रा की पत्नी लक्ष्मी मिश्रा तथा उनके भाई अरविंद मिश्रा ने मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी से भेंट की। इस दौरान उन्होंने दिवंगत पत्रकार से जुड़े घटनाक्रम की जानकारी मुख्यमंत्री को दी।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने गहरा शोक व्यक्त करते हुए कहा कि दुख की इस घड़ी में राज्य सरकार शोक संतप्त परिवार के साथ पूरी मजबूती से खड़ी है। उन्होंने परिवार को हरसंभव सहयोग का आश्वासन देते हुए कहा कि इस प्रकरण में विधि सम्मत कार्यवाही सुनिश्चित की जाएगी तथा किसी भी स्तर पर लापरवाही नहीं बरती जाएगी।

मुख्यमंत्री ने ईश्वर से दिवंगत आत्मा को शांति प्रदान करने और शोकाकुल परिवार को इस अपार दुःख को सहन करने की शक्ति देने की प्रार्थना की।
प्राधिकरण क्षेत्र में बिना स्वीकृति किए गए किसी भी निर्माण को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा- उपाध्यक्ष एमडीडीए
देहरादून। मसूरी-देहरादून विकास प्राधिकरण (एमडीडीए) ने अपने अधीन क्षेत्र में अवैध निर्माण और बिना स्वीकृति किए जा रहे विकास कार्यों के विरुद्ध सख्त रुख अपनाते हुए विधिसम्मत कार्रवाई की है। प्राधिकरण द्वारा यह कार्रवाई ग्राम कण्डोगल, कुड़ियाल गाँव, थानों तहसील डोईवाला, देहरादून में स्थित एक प्रकरण में की गई है, जहां बिना अनुमति के पूर्व निर्मित आवासीय भवन के प्रथम एवं द्वितीय तल पर मस्जिद का संचालन किया जा रहा था।
प्राधिकरण के संज्ञान में आने पर यह पाया गया कि विपक्षी प्रबन्धक, इन्तजामिया कमेटी जामा मस्जिद ग्राम कण्डोगल द्वारा लगभग 20 गुणा 40 फीट के क्षेत्रफल में बिना मानचित्र स्वीकृति एवं बिना अनुमति के निर्माण एवं संचालन किया जा रहा है। इस पर एमडीडीए द्वारा उत्तराखण्ड नगर एवं ग्राम नियोजन तथा विकास अधिनियम, 1973 की सुसंगत धाराओं के अंतर्गत कारण बताओ नोटिस जारी करते हुए निर्माण एवं विकास कार्य पर रोक लगा दी गई थी।
प्रकरण में सुनवाई के लिए तिथियां नियत की गईं, लेकिन विपक्षी की ओर से किसी भी तिथि पर कोई संतोषजनक प्रतिउत्तर या आवश्यक दस्तावेज प्रस्तुत नहीं किए गए। अवर अभियन्ता एवं सहायक अभियन्ता की आख्या में यह भी स्पष्ट किया गया कि उत्तराखण्ड मदरसा शिक्षा परिषद, देहरादून के पत्र संख्या 673 दिनांक 25 मार्च 2025 के अनुसार थानो न्याय पंचायत क्षेत्र में कोई भी मदरसा परिषद में पंजीकृत अथवा मान्यता प्राप्त नहीं है। वहीं उत्तराखण्ड वक्फ बोर्ड के पत्र संख्या 1493 दिनांक 22 मार्च 2025 में भी संबंधित क्षेत्र में किसी मस्जिद के वक्फ अभिलेखों में दर्ज न होने की पुष्टि की गई है।
विपक्षी द्वारा आज तक कोई शमन मानचित्र प्रस्तुत न किए जाने और बार-बार शिकायतें प्राप्त होने के चलते यह प्रतीत हुआ कि प्रकरण को जानबूझकर लंबित रखा जा रहा है। उपलब्ध अभिलेखों, अभियन्ताओं की आख्या तथा उत्तराखण्ड नगर एवं ग्राम नियोजन तथा विकास अधिनियम, 1973 की विभिन्न धाराओं के अंतर्गत प्राधिकरण ने समस्त अवैध निर्माण के विरुद्ध सीलिंग आदेश पारित किए गये थे। जिसे पुलिस बल की मौजूदगी में प्राधिकरण की टीम द्वारा सील कर दिया गया।
उपाध्यक्ष एमडीडीए बंशीधर तिवारी का बयान
एमडीडीए उपाध्यक्ष बंशीधर तिवारी ने कहा कि प्राधिकरण क्षेत्र में बिना स्वीकृति किए गए किसी भी निर्माण को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने स्पष्ट किया कि संबंधित प्रकरण में सभी पक्षों को सुनवाई का पूरा अवसर दिया गया, लेकिन नियमों का पालन नहीं किया गया। शहर के सुनियोजित विकास, सुरक्षा और पारदर्शिता को बनाए रखने के लिए ऐसी विधिसम्मत कार्रवाई आवश्यक है और भविष्य में भी यह अभियान जारी रहेगा।
सचिव एमडीडीए मोहन सिंह बर्निया का बयान
एमडीडीए सचिव मोहन सिंह बर्निया ने कहा कि यह कार्रवाई उत्तराखण्ड नगर एवं ग्राम नियोजन तथा विकास अधिनियम के तहत की गई है। सभी तकनीकी आख्या और अभिलेखों के आधार पर निर्णय लिया गया है। नियमों के उल्लंघन पर प्राधिकरण आगे भी सख्ती से कार्रवाई करता रहेगा।
उत्तराखण्ड के विकास और सांस्कृतिक विषयों पर हुई चर्चा
देहरादून /नई दिल्ली | उत्तराखण्ड विधानसभा अध्यक्ष ऋतु खण्डूडी भूषण ने आज नई दिल्ली में देश के गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह से शिष्टाचार भेंट की। इस अवसर पर उन्होंने गृह मंत्री से मार्गदर्शन एवं आशीर्वाद प्राप्त किया।
भेंट के दौरान विधानसभा अध्यक्ष ऋतु खण्डूडी भूषण ने उत्तराखण्ड की समृद्ध लोकसंस्कृति एवं परंपरा की प्रतीक, यूनेस्को द्वारा मान्यता प्राप्त “रम्माण” लोकनाट्य पर आधारित एक पुस्तक गृह मंत्री को भेंट की। साथ ही उन्होंने इस अमूल्य सांस्कृतिक धरोहर के संरक्षण, संवर्धन एवं विस्तार की आवश्यकता पर अंतरराष्ट्रीय संसदीय अध्ययन, शोध एवं प्रशिक्षण संस्थान द्वारा किए जा रहे कार्यों की जानकारी देते हुए राज्य की विशिष्ट सांस्कृतिक विरासत से उन्हें अवगत कराया।
इस अवसर पर कोटद्वार के समग्र विकास, सांस्कृतिक संरक्षण तथा लोक परंपराओं के संवर्धन सहित विभिन्न महत्वपूर्ण विषयों पर भी सार्थक चर्चा हुई। गृह मंत्री अमित शाह ने इन सभी विषयों पर मार्गदर्शन प्रदान करते हुए आवश्यक सहयोग हेतु आश्वस्त किया।
गृह मंत्री द्वारा प्रदान किया गया स्नेह, प्रेरक मार्गदर्शन एवं अमूल्य समय उत्तराखण्ड के सर्वांगीण विकास तथा सांस्कृतिक पहचान को और अधिक सुदृढ़ करने की दिशा में निरंतर प्रेरणास्रोत बना रहेगा।
विधानसभा अध्यक्ष ऋतु खण्डूडी भूषण ने गृह मंत्री अमित शाह के प्रति हार्दिक आभार एवं कृतज्ञता व्यक्त की।
कृषि मंत्री गणेश जोशी ने गढ़वाल एवं कुमाऊं मंडल में एक-एक टिशू कल्चर लैब स्थापित करने के दिए निर्देश
कृषि योजनाओं की समीक्षा बैठक, मंत्री गणेश जोशी ने दिए अहम निर्देश
देहरादून। सूबे के कृषि मंत्री गणेश जोशी ने आज कृषि एवं उद्यान विभाग के अधिकारियों के साथ अपने कैंप कार्यालय में बैठक कर केंद्र एवं राज्य सरकार द्वारा संचालित विभिन्न योजनाओं की विस्तृत समीक्षा की। इस दौरान उन्होंने योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन को लेकर अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
बैठक में कृषि मंत्री ने प्रदेश में टिशू कल्चर को बढ़ावा देने पर विशेष जोर देते हुए गढ़वाल एवं कुमाऊं मंडल में एक-एक टिशू कल्चर लैब स्थापित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि टिशू कल्चर तकनीक किसानों को कम लागत, कम जोखिम और अधिक आय का अवसर प्रदान करेगी। यह खेती को आधुनिक, वैज्ञानिक और व्यावसायिक बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम भी साबित होगा।
कृषि मंत्री जोशी ने टिशू कल्चर को प्रोत्साहित करने हेतु विभागीय अधिकारियों को ठोस कार्ययोजना तैयार करने के साथ-साथ किसानों को अधिक लाभ देने वाली फसलों की ओर प्रेरित कर उन्हें आर्थिक रूप से सशक्त बनाने के निर्देश दिए। कृषि मंत्री गणेश जोशी ने एरोमा सेक्टर की संभावनाओं पर प्रकाश डालते हुए पहाड़ी क्षेत्रों में लैवेंडर, डेंडेलाइन जैसी फसलों पर भी जोर दिया। उन्होंने कहा कि एरोमा के क्षेत्र में अधिक से अधिक किसानों को जोड़ते हुए नवाचार आधारित कार्य किए जाएं। साथ ही कृषि एवं उद्यान क्षेत्र में उत्कृष्ट एवं इनोवेटिव कार्य कर रहे निजी संस्थानों को भी योजनाओं से जोड़ने पर बल दिया।
बैठक के दौरान मंत्री ने विदेशी बाजारों में निर्यात होने वाले कृषि एवं उद्यान उत्पादों की अंतर्राष्ट्रीय मानकों के अनुरूप जांच के लिए राज्य में टेस्टिंग लैब की डीपीआर शीघ्र तैयार करने तथा इसके लिए उपयुक्त भूमि चिन्हित करने के निर्देश दिए। इसके अलावा फूड प्रोसेसिंग यूनिट की स्थापना से संबंधित सभी आवश्यक कागजी कार्यवाही जल्द पूर्ण कर कार्य प्रारंभ करने के निर्देश भी दिए।
कृषि मंत्री गणेश जोशी ने अधिकारियों से कहा कि सभी योजनाएं समयबद्ध एवं प्रभावी ढंग से धरातल पर उतरें, इसके लिए अधिकारी पूरी निष्ठा और मनोयोग से कार्य करें, ताकि किसानों को योजनाओं का वास्तविक लाभ मिल सके।
इस अवसर पर कृषि उद्यान महानिदेशक वंदना सिंह, निदेशक बागवानी मिशन महेंद्र पाल, एके उपाध्याय, संयुक्त निदेशक दिनेश कुमार सहित अन्य अधिकारीगण उपस्थित रहे।
सोमेश्वर के रैत में किया मिनी स्टेडियम का शिलान्यास
सोमेश्वर/अल्मोड़ा। प्रदेश की खेल मंत्री रेखा आर्या ने अल्मोड़ा में सोमेश्वर विधानसभा क्षेत्र के रैत में मिनी स्टेडियम का शिलान्यास किया। इस स्टेडियम का निर्माण 97.89 लाख रुपए की लागत से किया जा रहा है ।
सोमेश्वर के रैत में मिनी स्टेडियम का शिलान्यास करते हुए कैबिनेट मंत्री रेखा आर्या ने कहा कि प्रदेश के कोने कोने में खेल सुविधाएं पहुंचना उनका प्राथमिक लक्ष्य है जिससे हर घर से खिलाड़ी तैयार करने का सपना पूरा हो सके।
उन्होंने कहा कि कांग्रेस सरकार ने सोमेश्वर में खेल मैदान के नाम पर महज एक जमीन का टुकड़ा छोड़कर खानापूर्ति कर ली थी लेकिन मौजूदा सरकार ने इस सपने को साकार करने का काम किया है। उन्होंने कहा कि भारतीय जनता पार्टी सरकार जो घोषणा करती है उसे अंजाम तक पहुंच कर ही रहती है।

खेल मंत्री रेखा आर्या ने कहा कि उच्च स्तरीय खेल सुविधा वाला मिनी स्टेडियम बनने के बाद इस क्षेत्र से राष्ट्रीय अंतरराष्ट्रीय स्तर के खिलाड़ियों के तैयार होने का रास्ता साफ होगा।
इस अवसर पर जिला अध्यक्ष महेश नयाल, मण्डल अध्यक्ष सुन्दर राणा, गणेश जलाल, खड़क सिंह, विधायक प्रतिनिधी भुवन जोशी, राजेन्द्र कैडा, अनिल राणा, चन्दन बोरा जी, भरत भाकुनी, विनोद मेहरा, शंकर बिष्ट, वन्दना आर्या, प्रकाश भण्डारी, बहादुर सिंह, नरेन्द्र नेगी, ग्राम प्रधान शंकर राम, गोपाल राणा, सुनील कुमार, कमल कैड़ा, बबलू बोरा, पंकज बजेली, कैलाश राणा, हरीश कुमार, दलीप रौतेला, कैलाश बोरा आदि उपस्थित रहे।
एक्स-रे मशीन का लोकार्पण किया
कैबिनेट मंत्री रेखा आर्या ने बुधवार को सोमेश्वर में नवनिर्मित उप जिला अस्पताल में एक्स-रे मशीन का लोकार्पण किया। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि जल्द ही यह अस्पताल अपनी पूरी क्षमता के साथ संचालित होने जा रहा है जिसके बाद क्षेत्र की जनता को स्वास्थ्य के क्षेत्र में बड़ी सुविधा मिलेगी। उन्होंने कहा कि अब सिर्फ बेहद गंभीर बीमारियों के उपचार के लिए ही क्षेत्र के लोगों को कहीं बाहर जाने की जरूरत होगी क्योंकि इस अस्पताल में लगभग सभी बीमारियों का उपचार संभव होगा। कैबिनेट मंत्री ने कहा कि अस्पताल का निर्माण कार्य लगभग पूरा हो चुका है और यहां स्टाफ की नियुक्ति संबंधी औपचारिकताएं पूरी करने की तैयारी चल रही है।
मुख्यमंत्री ने कहा- उत्तराखंड सरकार का लक्ष्य युवाओं को रोजगार मांगने वाला नहीं, बल्कि रोजगार देने वाला बनाना है
देहरादून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने बुधवार को राज्य के युवाओं और स्वरोजगार को बढ़ावा देने की दिशा में बड़ा कदम उठाते हुए मुख्यमंत्री स्वरोजगार योजना के तहत 3,848 लाभार्थियों के खातों में 33.22 करोड़ रुपये की सहायता राशि सीधे ऑनलाइन ट्रांसफर की। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तराखंड सरकार का लक्ष्य युवाओं को रोजगार मांगने वाला नहीं, बल्कि रोजगार देने वाला बनाना है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि यह योजना राज्य में पलायन रोकने और गांवों में आर्थिक गतिविधियों को मजबूत करने में प्रभावी साबित हो रही है। विशेष रूप से कोविड-19 के बाद लौटे प्रवासी, युवा उद्यमी, कारीगर, हस्तशिल्प से जुड़े लोग और शिक्षित बेरोजगार इस योजना से लाभान्वित हो रहे हैं। स्वरोजगार को बढ़ावा देकर राज्य सरकार रिवर्स माइग्रेशन को प्रोत्साहित कर रही है।

मुख्यमंत्री ने जानकारी दी कि योजना के तहत उत्तराखंड के स्थायी निवासियों को विनिर्माण, सेवा और व्यापार क्षेत्रों में बैंक ऋण की सुविधा उपलब्ध कराई जा रही है। विनिर्माण इकाइयों के लिए 25 लाख रुपये तक और सेवा व व्यापार इकाइयों के लिए 10 लाख रुपये तक की परियोजनाओं को मंजूरी दी जा रही है। इसके साथ ही परियोजना लागत का 15 से 25 प्रतिशत तक अनुदान सरकार द्वारा दिया जा रहा है।
उन्होंने बताया कि योजना के अंतर्गत अब तक 35 हजार से अधिक लोग लाभ उठा चुके हैं, जबकि कुल 1,389 करोड़ रुपये से ज्यादा का ऋण वितरित किया जा चुका है। इससे प्रदेश में करीब 65 हजार नए रोजगार के अवसर सृजित हुए हैं। मुख्यमंत्री ने कहा कि ये आंकड़े साबित करते हैं कि योजना केवल घोषणा तक सीमित नहीं, बल्कि जमीनी स्तर पर प्रभावी ढंग से लागू हो रही है।
मुख्यमंत्री ने यह भी कहा कि सब्सिडी की राशि सीधे लाभार्थियों के खातों में ऑनलाइन ट्रांसफर की जा रही है, जिससे पारदर्शिता बनी है और भ्रष्टाचार की संभावना खत्म हुई है। उन्होंने जोर देते हुए कहा कि मुख्यमंत्री स्वरोजगार योजना आत्मनिर्भर उत्तराखंड की दिशा में एक मजबूत आधार है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के आत्मनिर्भर भारत के विजन को आगे बढ़ाते हुए डबल इंजन सरकार राज्य के हर जिले, हर गांव और हर युवा तक रोजगार पहुंचाने के लिए निरंतर कार्य कर रही है।
सीरीज जीतने के इरादे से उतरेगी टीम इंडिया
नई दिल्ली। भारत और दक्षिण अफ्रीका के बीच जारी पांच मैचों की टी20 सीरीज का चौथा मुकाबला आज खेला जाएगा। भारतीय टीम फिलहाल सीरीज में 2-1 से आगे है और इस मैच में जीत के साथ सीरीज अपने नाम करने के इरादे से मैदान में उतरेगी। हालांकि, टीम प्रबंधन की चिंता कप्तान सूर्यकुमार यादव और उपकप्तान शुभमन गिल के लगातार कमजोर प्रदर्शन को लेकर बनी हुई है।
सूर्यकुमार की फॉर्म पर सवाल
भारतीय कप्तान सूर्यकुमार यादव पिछले काफी समय से अपनी लय तलाशते नजर आ रहे हैं। मौजूदा टी20 सत्र में उनका औसत उम्मीदों से काफी नीचे रहा है और लंबे समय से कोई बड़ी पारी नहीं आई है। अगले साल होने वाले टी20 विश्व कप को ध्यान में रखते हुए टीम के लिए यह जरूरी है कि कप्तान जल्द रन बनाना शुरू करें, ताकि मध्यक्रम को मजबूती मिल सके।
उपकप्तान गिल का संघर्ष जारी
उपकप्तान शुभमन गिल का बल्ला भी इस सीरीज में खामोश रहा है। ओपनिंग में लगातार असफल रहने से भारतीय शीर्ष क्रम पर दबाव बढ़ा है। गिल के खराब फॉर्म का असर टीम संयोजन पर भी पड़ा है, जिसके चलते संजू सैमसन जैसे खिलाड़ी को बाहर बैठना पड़ा। हालांकि, टीम प्रबंधन फिलहाल संयम बनाए हुए है और गिल को एक और मौका दिए जाने की संभावना है।
गेंदबाजी में भारतीय आक्रमण मजबूत
अक्षर पटेल के बीमारी के कारण सीरीज से बाहर होने के बाद शाहबाज अहमद को टीम में शामिल किया गया है। इससे कुलदीप यादव की भूमिका और अहम हो सकती है। वहीं, निजी कारणों से पिछला मैच नहीं खेलने वाले जसप्रीत बुमराह की उपलब्धता पर अब भी संशय बना हुआ है। उनकी गैरमौजूदगी में अर्शदीप सिंह ने शानदार प्रदर्शन करते हुए पिछले मुकाबले में प्लेयर ऑफ द मैच का पुरस्कार जीता था, जबकि हर्षित राणा ने भी प्रभावी गेंदबाजी की।
प्लेइंग-11 में बड़े बदलाव की संभावना नहीं
टीम सूत्रों के मुताबिक, यदि जसप्रीत बुमराह वापसी नही कर पाते हैं, तो भारतीय टीम अपने संयोजन में किसी बड़े बदलाव के मूड में नहीं है। ऐसे में एक बार फिर संजू सैमसन को बाहर बैठना पड़ सकता है। भारतीय टीम की रणनीति साफ है—मौजूदा संयोजन के साथ जीत दर्ज कर सीरीज पर कब्जा जमाना।
मैच से जुड़ी जरूरी जानकारी
भारत और दक्षिण अफ्रीका के बीच चौथा टी20 मुकाबला 17 दिसंबर को खेला जाएगा। यह मैच शाम 7 बजे से शुरू होगा, जबकि टॉस शाम 6:30 बजे होगा। मुकाबले का सीधा प्रसारण स्टार स्पोर्ट्स नेटवर्क पर किया जाएगा, वहीं जियोहॉटस्टार ऐप पर लाइव स्ट्रीमिंग उपलब्ध रहेगी।
नौणी–सोलन विश्वविद्यालय में मिलेगा आधुनिक सेब और कीवी उत्पादन का प्रशिक्षण
देहरादून। प्रदेश के कृषि मंत्री गणेश जोशी ने अपने कैंप कार्यालय से जिला योजना के अंतर्गत जनपद देहरादून के 28 कृषकों के दल और दो उद्यान कार्मिकों को 05 दिवसीय सेब एवं कीवी उत्पादन प्रशिक्षण हेतु डॉ. वाईएस परमार कृषि एवं वानिकी विश्वविद्यालय, नौणी–सोलन (हिमाचल प्रदेश) के लिए हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।
इस अवसर पर कृषि मंत्री गणेश जोशी ने कहा कि प्रदेश में सेब और कीवी जैसी उच्च मूल्य वाली फसलों की अपार संभावनाएं हैं। ऐसे प्रशिक्षण कार्यक्रमों से कृषकों को आधुनिक तकनीक, उन्नत किस्मों, पौध संरक्षण एवं विपणन की जानकारी प्राप्त होगी, जिससे उनकी आय में वृद्धि होगी। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार कृषकों को आत्मनिर्भर बनाने के लिए निरंतर प्रयासरत है।
गौरतलब है कि इसी क्रम में जनपद देहरादून में पूर्व में 56 कृषकों को संरक्षित खेती (पाली हाउस) के प्रशिक्षण हेतु पंतनगर विश्वविद्यालय भेजा जा चुका है। मंत्री ने विश्वास जताया कि प्रशिक्षण प्राप्त कर लौटने के बाद कृषक अपने अनुभवों का लाभ अन्य किसानों को भी देंगे, जिससे जनपद एवं प्रदेश में बागवानी को नई दिशा मिलेगी।
खरगे का आरोप- जांच एजेंसियों का दुरुपयोग कर रही है सरकार
नई दिल्ली। नेशनल हेराल्ड मामले में कांग्रेस को बड़ी कानूनी राहत मिली है। दिल्ली की राउज एवेन्यू कोर्ट ने धनशोधन के आरोपों से जुड़ी प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) की याचिका पर संज्ञान लेने से इनकार कर दिया है। अदालत के इस फैसले के बाद कांग्रेस ने इसे राजनीतिक प्रतिशोध की राजनीति करार दिया है, वहीं पार्टी नेताओं ने कहा कि कानून ने अपना काम किया है और आरोपों में कोई ठोस आधार नहीं पाया गया।
कांग्रेस ने बताया राजनीतिक उत्पीड़न का मामला
कांग्रेस के वरिष्ठ नेता अभिषेक सिंघवी ने अदालत के फैसले पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि नेशनल हेराल्ड मामला शुरू से ही राजनीतिक बदले और उत्पीड़न की कहानी रहा है। उन्होंने कहा कि अदालत का रुख यह स्पष्ट करता है कि शोर-शराबे के बजाय कानून तथ्यों के आधार पर निर्णय करता है।
खरगे का आरोप—जांच एजेंसियों का हो रहा दुरुपयोग
कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने कहा कि केंद्र सरकार ईडी और सीबीआई जैसी एजेंसियों का इस्तेमाल कर विपक्षी नेताओं को बदनाम करने का प्रयास कर रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि गांधी परिवार को निशाना बनाने के लिए इस तरह के मामले खड़े किए गए हैं, जबकि इनमें कोई ठोस एफआईआर तक दर्ज नहीं है। खरगे ने दावा किया कि कई कांग्रेस नेताओं पर इसी तरह दबाव बनाने की कोशिश की गई है।
सोनिया और राहुल गांधी को मिली बड़ी राहत
अदालत के फैसले से कांग्रेस नेता सोनिया गांधी और राहुल गांधी को राहत मिली है। कोर्ट ने ईडी द्वारा दाखिल आरोपपत्र पर संज्ञान लेने से इनकार करते हुए कहा कि फिलहाल आरोप तय करने का आधार नहीं बनता। ईडी ने दोनों नेताओं पर एसोसिएटेड जर्नल्स लिमिटेड (एजेएल) से जुड़ी करीब 2000 करोड़ रुपये की संपत्तियों के कथित दुरुपयोग का आरोप लगाया था।
हालांकि, अदालत ने ईडी को जांच जारी रखने की अनुमति दी है और स्पष्ट किया है कि एजेंसी आगे तथ्यों और साक्ष्यों को एकत्र कर सकती है। कोर्ट ने यह भी कहा कि ईडी का मामला किसी प्राथमिकी पर नहीं, बल्कि एक निजी शिकायत और मजिस्ट्रेट के समन आदेश पर आधारित है।
नेशनल हेराल्ड मामला क्या है?
एसोसिएटेड जर्नल्स लिमिटेड (एजेएल) की स्थापना 1937 में पंडित जवाहरलाल नेहरू द्वारा की गई थी। इसका उद्देश्य स्वतंत्रता आंदोलन के दौरान अलग-अलग भाषाओं में समाचार पत्रों का प्रकाशन करना था। एजेएल के अंतर्गत अंग्रेजी में नेशनल हेराल्ड, हिंदी में नवजीवन और उर्दू में कौमी आवाज प्रकाशित होते थे। यह कंपनी किसी एक व्यक्ति की नहीं, बल्कि हजारों स्वतंत्रता सेनानियों की हिस्सेदारी वाली संस्था थी। समय के साथ अखबार आर्थिक संकट में आ गए और 2008 में प्रकाशन बंद करना पड़ा। इसके बाद कंपनी की संपत्तियों और कर्ज को लेकर विवाद खड़ा हुआ।
2012 में दर्ज हुआ था मामला
वर्ष 2012 में भाजपा नेता और वरिष्ठ अधिवक्ता सुब्रमण्यम स्वामी ने सोनिया गांधी, राहुल गांधी समेत कई कांग्रेस नेताओं के खिलाफ मामला दर्ज कराया। स्वामी ने आरोप लगाया कि यंग इंडिया लिमिटेड के माध्यम से एजेएल की बहुमूल्य संपत्तियों को गलत तरीके से हासिल किया गया।
स्वामी का दावा था कि एजेएल पर कांग्रेस पार्टी का करीब 90 करोड़ रुपये का कर्ज था, जिसे नाममात्र की राशि में अपने अधिकार में लिया गया। वहीं कांग्रेस का कहना है कि पूरा मामला राजनीतिक उद्देश्य से प्रेरित है और इसमें कोई आपराधिक तत्व नहीं है।
अदालत के ताजा फैसले के बाद यह मामला एक बार फिर राजनीतिक बहस के केंद्र में आ गया है, जबकि कानूनी प्रक्रिया अपने स्तर पर आगे बढ़ती रहेगी।
भारतीय सेना के साहस और बलिदान की कहानी एक बार फिर बड़े पर्दे पर लौटने को तैयार है। लंबे इंतजार के बाद सनी देओल, वरुण धवन, दिलजीत दोसांझ और अहान शेट्टी स्टारर फिल्म ‘बॉर्डर 2’ का टीजर रिलीज कर दिया गया है। टीजर सामने आते ही सोशल मीडिया पर देशभक्ति और एक्शन से भरे दृश्यों को लेकर जबरदस्त चर्चा शुरू हो गई है। करीब दो मिनट के इस टीजर में युद्ध की गंभीरता, जवानों का जज्बा और भावनात्मक जुड़ाव साफ झलकता है।
सनी देओल की आवाज ने बांधा समां
टीजर की शुरुआत सनी देओल के दमदार वॉइस ओवर से होती है, जो दर्शकों को सीधे देशभक्ति के माहौल में ले जाता है। संवादों के साथ युद्ध की पृष्ठभूमि दिखाई जाती है, जिसमें 1971 के भारत-पाक युद्ध से जुड़े अहम मोर्चों की झलक नजर आती है। शकरगढ़ सेक्टर, श्रीनगर एयरफोर्स बेस और समुद्री सीमाओं पर होने वाले हमलों को तेज रफ्तार एक्शन सीक्वेंस के जरिए पेश किया गया है।
थल, वायु और नौसेना के जांबाज एक साथ
टीजर से यह साफ होता है कि फिल्म में तीनों सेनाओं की अहम भूमिका दिखाई जाएगी। वरुण धवन थल सेना के अधिकारी के रूप में नजर आते हैं, दिलजीत दोसांझ वायु सेना के पायलट की भूमिका में दिखते हैं, जबकि अहान शेट्टी नौसेना के जांबाज अफसर के किरदार में दिखाई देते हैं। वहीं सनी देओल अपने परिचित देशभक्त अंदाज में दुश्मनों से लोहा लेते नजर आते हैं।
किरदारों की निजी कहानियों को भी मिला स्थान
टीजर में केवल युद्ध ही नहीं, बल्कि जवानों के निजी जीवन की झलक भी दिखाई गई है। सनी देओल के साथ मोना सिंह, दिलजीत दोसांझ के साथ सोनम बाजवा, वरुण धवन के साथ मेधा राना और अहान शेट्टी के साथ आन्या सिंह नजर आती हैं। इससे साफ है कि फिल्म में भावनात्मक पहलू और पारिवारिक रिश्तों को भी खास जगह दी गई है।
‘बॉर्डर’ की विरासत को आगे बढ़ाएगी फिल्म
अनुराग सिंह के निर्देशन में बनी ‘बॉर्डर 2’, 1997 में आई सुपरहिट फिल्म ‘बॉर्डर’ की अगली कड़ी है। जेपी दत्ता की उस फिल्म ने देशभक्ति सिनेमा को नई पहचान दी थी। अब ‘बॉर्डर 2’ उसी विरासत को आधुनिक तकनीक और नए कलाकारों के साथ आगे बढ़ाने की कोशिश कर रही है।
23 जनवरी 2026 को रिलीज होगी ‘बॉर्डर 2’
फिल्म को गणतंत्र दिवस से पहले 23 जनवरी 2026 को सिनेमाघरों में रिलीज किया जाएगा। टीजर के बाद दर्शकों की उम्मीदें काफी बढ़ गई हैं और फिल्म को लेकर उत्साह अपने चरम पर है।
‘संदेसे आते हैं’ की वापसी से बढ़ी उम्मीदें
खास बात यह भी है कि फिल्म में ‘बॉर्डर’ का लोकप्रिय गीत ‘संदेसे आते हैं’ नए अंदाज में दोबारा पेश किया जाएगा। चर्चा है कि इस गाने को सोनू निगम के साथ अरिजीत सिंह, दिलजीत दोसांझ और विशाल मिश्रा अपनी आवाज देंगे, जबकि संगीत मिथुन तैयार कर रहे हैं। फैंस अब इस आइकॉनिक गीत के नए वर्जन का बेसब्री से इंतजार कर रहे हैं।
(साभार)
