द्रौपदी मुर्मू ने ली देश के 15वें राष्ट्रपति के तौर पर शपथ..
देश-विदेश: द्रौपदी मुर्मू ने 25 जुलाई यानी आज देश के 15वें राष्ट्रपति के तौर पर शपथ ले ली हैं। वे देश की पहली महिला आदिवासी राष्ट्रपति हैं। चीफ जस्टिस ऑफ इंडिया एनवी रमणा ने संसद भवन के सेंट्रल हॉल में द्रौपदी मुर्मू को राष्ट्रपति पद की शपथ दिलाई। मुर्मू ओडिशा की रहने वाली हैं। वे इससे पहले झारखंड की राज्यपाल भी रही हैं। इस दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, पूर्व राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद, उपराष्ट्रपति वेंकैया नायडू, लोकसभा स्पीकर ओम बिड़ला समेत तमाम लोग मौजूद रहे। द्रौपदी मुर्मू ने संसद भवन के सेंट्रल हॉल में राष्ट्रपति पद की शपथ लेने के बाद पहला भाषण दिया।
द्रौपदी मुर्मू का कहना हैं कि मैं देश की पहली ऐसी राष्ट्रपति हूं, जिसका जन्म स्वतंत्र भारत में हुआ था। स्वतंत्र भारत के नागरिकों के साथ हमारे स्वतंत्रता सेनानियों की अपेक्षाओं को पूरा करने के लिए हमें अपने प्रयासों में तेजी लानी होगी। आदिवासी गांव में जन्म होने के बाद भी देश के लोकतंत्र की यह शक्ति है कि मुझे यहां तक पहुंचाया। मुझे राष्ट्रपति के रूप में देश ने एक ऐसे महत्वपूर्ण कालखंड में चुना है जब हम अपनी आजादी का अमृत महोत्सव मना रहे हैं। आज से कुछ दिन बाद ही देश अपनी स्वाधीनता के 75 वर्ष पूरे करेगा। ये भी एक संयोग है कि जब देश अपनी आजादी के 50वें वर्ष का पर्व मना रहा था तभी मेरे राजनीतिक जीवन की शुरुआत हुई थी और आज आजादी के 75वें वर्ष में मुझे ये नया दायित्व मिला है।
राष्ट्रपति मुर्मू का कहना हैं कि मैंने अपनी जीवन यात्रा ओडिशा के एक छोटे से आदिवासी गांव से शुरू की थी। मैं जिस पृष्ठभूमि से आती हूं, वहां मेरे लिये प्रारंभिक शिक्षा प्राप्त करना भी एक सपने जैसा ही था। लेकिन अनेक बाधाओं के बावजूद मेरा संकल्प दृढ़ रहा और मैं कॉलेज जाने वाली अपने गांव की पहली बेटी बनी। ये हमारे लोकतंत्र की ही शक्ति है कि उसमें एक गरीब घर में पैदा हुई बेटी, दूर-सुदूर आदिवासी क्षेत्र में पैदा हुई बेटी, भारत के सर्वोच्च संवैधानिक पद तक पहुंच सकती है। मुर्मू ने कहा, राष्ट्रपति के पद तक पहुंचना, मेरी व्यक्तिगत उपलब्धि नहीं है, ये भारत के प्रत्येक गरीब की उपलब्धि है। मेरा निर्वाचन इस बात का सबूत है कि भारत में गरीब सपने देख भी सकता है और उन्हें पूरा भी कर सकता है।
देश में लगातार तीसरे दिन भी 21 हजार से ज्यादा नए केस मिले, 24 घंटे में 67 लोगों की मौत..
देश-विदेश: शनिवार को देश में लगातार तीसरे दिन 21 हजार से ज्यादा नए कोरोना केस मिले हैं। बीते 24 घंटे में 67 और लोगों ने महामारी के आगे हार मान ली। शनिवार को सक्रिय केस में 618 की बढ़ोतरी हुई और ये बढ़कर 1,50,100 हो गए। दैनिक संक्रमण दर 4.46 फीसदी दर्ज की गई। केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय द्वारा शनिवार सुबह 8 बजे अपडेट आंकड़ों के अनुसार बीते 24 घंटे में 21,411 नए संक्रमित मिले हैं। हालांकि, इस दौरान 20,726 लोग महामारी से उबर गए।
बीते तीन दिनों से रोज 21 हजार से ज्यादा नए संक्रमित मिल रहे हैं। इससे पहले शुक्रवार को 60 लोगों ने कोरोना से दम तोड़ा था और 21,880 नए मामले सामने आए थे। जबकि, गुरुवार को देश में 21,566 नए केस मिले थे। हालांकि, शनिवार को नए केस शुक्रवार की तुलना में कुछ कम हैं, लेकिन लगातार तीसरे दिन ये 21 हजार से ज्यादा मिले हैं।
कैंसर पीड़ित बच्चे बनाए गए पुलिस अधिकारी बच्चों का सपना हुआ पूरा..
देश-विदेश: कर्नाटक के बेंगलुरू में दो कैंसर पीड़ित बच्चों का सपना पुलिस ने पूरा कर दिया। दोनों का सपना था कि वे पुलिस अधिकारी बनें। ‘मेक अ विश’ नाम के एनजीओ के माध्यम से उनके इस सपने को साकार करने के लिए पुलिस ने दरियादिली दिखाई और दोनों को एक दिन का पुलिस अधिकारी बनाया गया। आपको बता दे कि केरल के मोहम्मद सलमान और बेंगलुरू के मिथिलेस कैंसर से पीड़ित हैं।
दोनों का सपना है कि वे पढ़-लिखकर पुलिस अधिकारी बनें, लेकिन कैंसर के कारण न तो उनकी सही ढंग से पढ़ाई हो पा रही है और न ही उनके सपनों को पंख लग पा रहे हैं। ऐसे में दोनों बच्चों के सपनों को पूरा करने का बीड़ा एनजीओ मेक अ विश ने उठाया। संस्था ने पुलिस अधिकारियों से संपर्क किया, जिस पर उन्होंने हामी भर दी। इसके बाद दोनों को एक दिन का पुलिस अधिकारी बनाया गया। इस दौरान उन्हें पुलिस अधिकारियों द्वारा तोहफे भी दिए गए।
दर्शकों को फिर हंसाने के लिए तैयार कपिल शर्मा..
इस दिन आएगा नए शो का पहला एपिसोड..
देश-विदेश: पॉपुलर कॉमेडियन शो, ‘द कपिल शर्मा शो’ दर्शकों के बीच काफी पसंद किया जाता है। इस चैट शो के कई सीजन आ चुके हैं, जिसमें हमेशा ही सिनेमा जगत के सितारे अपनी फिल्म या फिर गानों का प्रमोशन करने आते हैं। लेकिन इन दिनों कपिल शर्मा का यह शो ऑफ एयर है। ऐसे में फैंस इस शो के नए सीजन का बेसब्री से इंतजार कर रहे हैं और अब दर्शकों का यह इंतजार जल्द ही खत्म होने वाला है। कपिल शर्मा जल्द ही अपने शो को नए रूप में दर्शकों के बीच लेकर आएंगे और मेकर्स ने इसकी तैयारी भी शुरू कर दी है।
बता दे कि कपिल शर्मा और उनकी पूरी टीम 3 सितंबर को टीवी पर वापसी कर रही है। इसी दिन उनके शो का पहला एपिसोड ऑनएयर होगा। बीते दिनों भी शो से जुड़ी एक रिपोर्ट सामने आई थी, जिसमें दावा किया गया था मेकर्स नए सीजन को सुपरहिट बनाना चाहते हैं। ऐसे में शो में कुछ और पॉपुलर कॉमेडियन को जोड़ा जाएगा, जिनकी कॉमिक टाइमिंग फैंस का दिल जीत लें।
बता दें कि कपिल शर्मा की टीम में भारती सिंह, किकू शारदा, कृष्णा अभिषेक, चंदन प्रभाकर, सुमोना चक्रवर्ती जैसे कलाकार हिस्सा रहे हैं। शो ऑफ एयर होने के बाद ये तमाम सितारे अमेरिका और कनाडा में अपना ब्रेक एंजॉय करते दिखे। इन दिनों ‘द कपिल शर्मा शो’ की टाइमिंग पर सोनी टीवी पर ‘इंडियाज लाफ्टर चैलेंज’ ऑनएयर हो रहा है, जिसमें अर्चना पूरन सिंह और शेखर सुमन बतौर जज नजर आ रहे हैं। जल्द ही शो का ग्रैंड फिनाले होने वाला है। कहा जा रहा है कि इसी स्लॉट पर कपिल अपने शो से वापसी करेंगे।
अफसर फोन नहीं उठाते, बीजेपी विधायक बंबा लाल दिवाकर का आरोप..
देश-विदेश: योगी सरकार में पहले मंत्री दिनेश खटीक ने सरकार पर आरोप लगाते हुए इस्तीफा दिया और अब बीजेपी विधायक ने ऐसी ही शिकायत दर्ज की है। आपको बता दे कि बीजेपी विधायक का आरोप है कि अधिकारी उनका फोन नहीं उठाते और गलत भाषा का इस्तेमाल करते हैं। उन्नाव के सफीपुर से विधायक बंबा लाल दिवाकर ने डीएम और सीडीओ को चिट्ठी लिखकर अपने इलाके के एक्जीक्यूटिव इंजीनियर पर गंभीर आरोप लगाए हैं।
विधायक बंबा लाल दिवाकर का आरोप है कि एक्जीक्यूटिव इंजीनियर रजनीश चंद्र अनुरागी उनका फोन नहीं उठाते और अगर फोन उठाते भी हैं तो उसने अनुचित और असभ्य भाषा में बात करते हैं। विधायक बंबा लाल दिवाकर ने एक्जीक्यूटिव इंजीनियर रजनीश चंद्र अनुरागी को अक्षम बताते हुए डीएम और सीडीओ से उनका ट्रांसफर करने की मांग की है। साथ ही उनके खिलाफ अनुशासनात्मक कार्यवाही की मांग की है।
आपको बता दे कि योगी सरकार में मंत्री दिनेश खटीक ने भी बुधवार को केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह को इस्तीफा सौंपते हुए आरोप लगाया था कि दलित होने की वजह से पार्टी में उनका सम्मान नहीं किया जाता। यही नहीं, उन्होंने कहा था कि अधिकारी उनकी बात नहीं सुनते। दिनेश खटीक की बुधवार रात बीजेपी अध्यक्ष जेपी नड्डा से भी मुलाकात हुई।
बताया जा रहा है कि जेपी नड्डा के आवास पर हुई इस बैठक में जेपी नड्डा ने उनकी बात सुनी और समस्या के समाधान का आश्वासन भी दिया। बताया जा रहा है कि जेपी नड्डा ने दिनेश खटीक से ये भी कहा कि पार्टी और सरकार के मसले पार्टी फोरम पर ही उठाएं। इस तरह सार्वजनिक तौर पर मुद्दे ना उठाएं।
पुंछ में हुआ ग्रेनेड विस्फोट, सेना के कप्तान और JCO शहीद, पांच जवान घायल..
देश-विदेश: जम्मू-कश्मीर के पुंछ जिले में नियंत्रण रेखा के पास अचानक ग्रेनेड विस्फोट हो गया। इसमें सेना के एक कप्तान और एक जूनियर कमीशंड अधिकारी की मौत हो गई। साथ ही इस हादसे में पांच अन्य जवान घायल हुए हैं। अधिकारियों ने सोमवार को इसकी जानकारी दी। सेना के पीआरओ का कहना हैं कि रविवार देर रात पुंछ के मेंढर सेक्टर में यह घटना हुई।
जिस समय यह घटना हुई, उस वक्त सेना के जवान ड्यूटी पर थे। उन्होंने कहा कि घायलों को तुरंत हेलीकॉप्टर से इलाज के लिए उधमपुर ले जाया गया। इलाज के दौरान सेना के कप्तान आनंद और नायब-सूबेदार (जेसीओ) भगवान सिंह ने दम तोड़ दिया। जबकि पांच अन्य जवानों का इलाज जारी है।
इससे पहले रविवार को दक्षिण कश्मीर के पुलवामा जिले में दोपहर बाद आतंकियों ने सीआरपीएफ की नाका पार्टी पर हमला किया। इस हमले में एक सहायक उप निरीक्षक (एएसआई) शहीद हो गए। एक अन्य राहगीर घायल हो गया। घटना के तत्काल बाद पूरे इलाके को घेरकर तलाशी अभियान चलाया गया। शहीद एएसआई विनोद कुमार उत्तर प्रदेश के फर्रूखाबाद जिले के रहने वाले थे। अमरनाथ यात्रा शुरू होने के बाद जुलाई महीने आतंकियों ने सुरक्षा बलों पर दो बार हमला किया है।
भाजपा महिला नेता पर बीच सड़क में बाइक सवारों ने किया हमला..
देश-विदेश: भाजपा के अल्पसंख्यक मोर्चे की महिला प्रदेश अध्यक्ष सुल्ताना खान पर रविवार रात करीब 11 बजे हमला हुआ हैं। पुलिस अधिकारियों ने बताया, सुल्ताना खान पर धारदार हथियार से हमला किया गया। हालांकि, हमलावर कौन थे? इस बारे में जानकारी नहीं हो पाई है। सुल्ताना खान रविवार रात अपने पति के साथ डॉक्टर के यहां जा रहीं थीं।
तभी मुंबई की मीरा रोड के पास दो बाइक सवारों ने उनकी गाड़ी रोक ली और सुल्ताना खान पर हमला किया। इस दौरान उनके पति ने हमलावरों का विरोध किया, जिसके बाद उनसे भी गाली गलौच की गई। हमले के बाद पति के शोर मचाने पर वहां पर काफी भीड़ इकट्ठा हो गई, जिसके बाद सुल्ताना खान को अस्पताल में भर्ती कराया गया।
आपको बता दे कि सुल्ताना के पति ने शक जाहिर किया है कि इस हमले के पीछे पार्टी के कुछ कार्यकर्ता भी हो सकते हैं। दरअसल, सुल्ताना ने कुछ दिन पहले ही लिखित रूप से पार्टी के आला अधिकारियों से शिकायत की थी। हालांकि, पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। अधिकारियों का कहना हैं कि पीड़िता काफी डरी हुई है, इसलिए वह अभी बयान देने की स्थिति में नहीं है।
पहुंचा सुप्रीम कोर्ट पहुंचा अग्निपथ योजना का मामला..
देश-विदेश: युवाओं को सेना में भर्ती करने के लिए केंद्र सरकार द्वारा शुरू की गई अग्निपथ योजना का मामला सुप्रीम कोर्ट पहुंच गया है। एक याचिका दायर कर इसे अवैध घोषित करने की मांग की गई है। याचिका में दावा किया गया है कि यह योजना अवैध है, क्योंकि यह संविधान के प्रावधानों के विपरीत है। इसे संसद की मंजूरी व गजट अधिसूचना जारी किए बगैर लाया गया है। यह याचिका वकील मनोहर लाल शर्मा ने दायर की है। शर्मा ने याचिका में कहा है कि सरकार ने एक सदी पुरानी सेना भर्ती प्रक्रिया को खारिज कर दिया है। यह संविधान के खिलाफ है। आपको बता दें, यह योजना 24 जून से शुरू हो चुकी है। इसके खिलाफ देश के कई हिस्सों में युवाओं ने उग्र प्रदर्शन व आगजनी की। आंदोलन बीते पांच दिनों से जारी है।
देश में बीते 24 घंटों में मिले 9923 कोरोना संक्रमित, 17 की मौत..
देश-विदेश: देश में कोरोना संक्रमितों की संख्या बीते 24 घंटों में 9,923 के पार पहुंच गयी हैं। इस दौरान 17 मरीजों की जान चली गई। बता दें कल 18 मरीजों की मौत हुई थी। हालांकि, बीते 24 घंटों में 7,293 लोग डिस्चार्ज भी हुए। देश में सक्रिय मरीजों की संख्या 79,313 हो गई है जो कि कल की तुलना में 2613 अधिक है। महामारी की शुरुआत से लेकर अब तक कुल 5,24,890 लोगों की मौत हुई है। आपको बता दे कि दिल्ली में कोरोना के मामले लगातार बढ़ते ही जा रहे हैं। बीते 24 घंटों में यहां 1060 मामले दर्ज किए गए जबकि छह लोगों की मौत हो गई। संक्रमण दर 10 फीसदी के पार चली गई है। पिछले कुछ दिनों से ये आंकड़ा छह से सात फीसदी के बीच चल रहा था। ऐसे में एक ही दिन में संक्रमण दर में बड़ा उछाल देखने को मिला है जो कि आने वाले दिनों के लिए खतरे की घंटी है।
वही अगर मुंबई की बात करें तो देश की आर्थिक राजधानी में बीते 24 घंटों में कोरोना के 1310 मामले सामने आए। मुंबई में आज कोरोना से संक्रमित 2 मरीजों की मृत्यु भी हुई है। बीएमसी की तरफ से आज कुल 9,949 लोगों की कोरोना जांच की गई।
स्वास्थ्य मंत्रालय के अनुसार देश में दैनिक सकारात्मकता दर 2.55 प्रतिशत और साप्ताहिक सकारात्मकता दर 2.67 प्रतिशत दर्ज की गई। वहीं महामारी ठीक होने वालों की संख्या बढ़कर 4,27,15,193 हो गई, जबकि मामले की मृत्यु दर 1.21 प्रतिशत थी। मंत्रालय के अनुसार, राष्ट्रव्यापी टीकाकरण अभियान के तहत अब तक देश में 196.32 करोड़ वैक्सीन की खुराक दी जा चुकी है।
अमेरिका में फिर गोलीबारी, पुलिस अधिकारी सहित कई लोगों को लगी गोली..
देश-विदेश: अमेरिका में गोलीकांड रुकने का नाम नहीं ले रहा है। वाशिंगटन डीसी में हुए गोलीकांड से पहले इसी सप्ताह कई जगह पर गोलीबारी की घटनाएं सामने आई हैं। इसमें करीब आठ लोगों की मौत हुई है। हाल ही में शिकागो में पांच जगह हुई गोलीबारी में पांच लोगों की मौत हो गई थी।
वहीं बीते रविवार को लॉस एंजेलिस में एक पार्टी के दौरान हुई गोलीबारी में तीन लोगों की मौत हो गई और चार अन्य घायल हो गए। इससे पहले भी कई बड़ी घटनाएं सामने आई हैं। पिछले महीने ही एक स्कूल में हुई गोलीबारी में 19 मासूम बच्चों समेत 21 लोगों को गोली मार दी गई थी।
जिसके बाद अमेरिका के वाशिंगटन डीसी में एक बार फिर से गोलीबारी हुई है। यहां रविवार रात हुई घटना में एक पुलिस अधिकारी समेत कई लोगों को गोली मार दी गई। बताया जा रहा है कि जूनटींथ म्यूजिक कॉन्सर्ट के दौरान यह घटना घटी। हमलावर ने म्यूजिक कॉन्सर्ट की साइट पर लोगों पर गोली चला दी।
वाशिंगटन के पुलिस विभाग का कहना हैं कि म्यूजिक कॉन्सर्ट की साइट पर तलाशी अभियान जारी है। घायलों को नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। वाशिंगटन पुलिस ने प्रेसवार्ता के दौरान कहा कि इस घटना में एक युवक की गोली लगने से मौत हो गई है। वहीं एक पुलिस अधिकारी के अलावा दो अन्य लोग घायल हुए हैं। जिनका उपचार चल रहा है।