भारतीय वायुसेना में इन पदों पर निकली बंपर भर्ती..
देश-विदेश: वायुसेना में ऑफिसर के पदों पर भर्ती निकली है। बताया जा रहा है कि भारतीय वायुसेना ने AFCAT 01 2024 का नोटिफिकेशन जारी किया है। जिसके तहच इंडियन एयरफोर्स ने फ्लाइंग, ग्राउंड ड्यूटी (टेक्निकल) और ग्राउंड ड्यूटी (नॉन टेक्निकल) ब्रांच में रिक्त पदों पर भर्ती की जाएगी। बताया जा रहा है कि वायु सेना की ओर से AFCAT 2024 के लिए शॉर्ट नोटिफिकेशन जारी कर आवेदन तिथियों को घोषित कर दिया गया है। इस वर्ष कॉमन एडमिशन टेस्ट 2024 के माध्यम से कुल 327 (महिला एवं पुरुष) पदों पर भर्ती की जाएगी। योग्य अभ्यर्थी इस भर्ती में शामिल होने के लिए 1 दिसंबर से ऑनलाइन आवेदन कर सकेंगे। एप्लीकेशन फॉर्म भरने की अंतिम तिथि 30 दिसंबर 2023 तय की गयी है। उम्मीदवार ऑफिशियल वेबसाइट http://afcat.cdac.in/AFCATऔर http://careerindianairforce.cdac.inपर जाकर ऑनलाइन एप्लीकेशन फॉर्म भर सकते हैं।
एयरफोर्स कॉमन एडमिशन टेस्ट 2024 में भाग लेने के लिए उम्मीदवार ने पदानुसार संबंधित विषयों/ क्षेत्र में 10+2/ इंजीनियरिंग डिग्री/ स्नातक डिग्री/ एनसीसी सर्टिफिकेट आदि प्राप्त किया हो। इसके अलावा AFCAT Flying Batch पदों पर आवेदन करने वाले उम्मीदवारों की न्यूनतम आयु 20 वर्ष एवं अधिकतम आयु 24 वर्ष से अधिक नहीं होनी चाहिए। ग्राउंड ड्यूटी/ टेक्निकल पदों पर आवेदन करने वाले उम्मीदवारों के लिए अधिकतम आयु 26 वर्ष तय की गयी है। एनसीसी सर्टिफिकेट होल्डर उम्मीदवारों को आयु सीमा में छूट प्रदान की जाएगी। वहीं एएफसीएटी परीक्षा की डेट नोटिफिकेशन के जरिए ही अनाउंस की जाएगी।
सैलरी
एएफसीएटी पास करके इंडियन एयर फोर्स की फ्लाइंग ब्रांच में ऑफिसर पद चयनित कैंडिडेट्स को सैलरी के तौर पर हर महीने करीब 85,372 रुपये मिलेंगे। ग्राउंड ड्यूटी (Technical Branch) में करीब 74,872 सैलरी के तौर पर हर महीने दिए जाएंगे। ग्राउंड ड्यूटी (Non-Technical Branch) में करीब 71,872 रुपये हर महीने सैलरी मिलेगी। इस भर्ती में शामिल होने के लिए उम्मीदवार ऑनलाइन माध्यम से आवेदन पत्र भर सकेंगे। आवेदन पत्र भरने के साथ ही आपको निर्धारित शुल्क भी जमा करना होगा। AFCAT Entry पदों के लिए शुल्क 250 रुपये तय किया गया है। इसके अलावा NCC Special & Meteorology पदों पर आवेदन के लिए किसी भी प्रकार का शुल्क जमा नहीं करना होगा। भर्ती से जुड़ी विस्तृत जानकारी के लिए अभ्यर्थी एक बार ऑफिशियल नोटिफिकेशन का अवलोकन अवश्य कर लें।
पेटीएम और फोनपे करते है यूज तो पढ़ ले ये खबर, वरना बंद हो जाएगा अकाउंट..
देश-विदेश: अगर आप भी पेमेंट ऐप Google Pay, फोन पे, पेटीएम का इस्तेमाल करते हैं तो आपके लिए बड़ा अपडेट है। जिसे जानना आपके लिए जरुरी है। बताया जा रहा है कि 1 जनवरी, 2024 से कुछ लोग इसका इस्तेमाल नहीं कर पाएंगे। NPCI की ओर से इनएक्टिव यूपीआई नंबर्स और आईडी को बंद करने का आदेश दिया गया है। इसके बाद गूगल पे, पेटीएम और फोनपे जैसे थर्ड पार्टी यूपीआई ऐप के साथ बैंकों को भी इनएक्टिव यूपीआई नंबर को प्लेटफॉर्म से हटाना होगा।
जानकारी के अनुसार नेशनल पेमेंट्स कॉरपोरेशन ऑफ इंडिया (NPCI) ने PhonePe और Google Pay जैसी थर्ड पार्टी ऐप्स और बैंकों से कहा है कि ऐसी सभी यूपीआई आईडी बंद कर दें, जिनसे एक साल से किसी तरह का लेनदेन नहीं हुआ है। ऐसा करने से पहले यूजर्स को ईमेल या मैसेज के जरिए इसकी जानकारी देने को भी कहा गया है। एनपीसीआई ने 31 दिसंबर, 2023 तक का समय दिया है।बताया जा रहा है कि NPCI का यह फैसला यूपीआई ट्रांजैक्शन के और भी ज्याद सेफ बनाना है। इस कदम से कई गलत ट्रांजैक्शन पर भी रोक लग सकती है। इस निर्देश के आने के बाद अब सभी ऐप्स और बैंक एक साल से बिना लेनदेन वाले यूपीआई आईडी और उससे जुड़े मोबाइल नंबर को वैरिफाई कर उनकी आईडी बंद करेंगे।
गौरतलब है कि कई बार ऐसा होता है कि लोग अपना मोबाइल नंबर बदलते और उससे जुड़ी यूपीआईडी को बंद नहीं करते हैं। यह नंबर किसी और को मिल जाता है और यूपीआईडी वहां एक्टिवेटेड ही रहती है। ऐसे में उस नंबर पर अगर किसी ने पैसे भेजे तो वह उस इंसान को मिलेंगे जिसके पास अब वह नंबर है। बता दें, इनएक्टिव यूपीआई आईडी की मदद से पैसे रिसीव किया जा सकता है। ऐसे में अगर इन यूपीआई ऐप नंबर्स और आईडी को नेटवर्क से हटा दिया जाता है तो किसी प्रकार का कोई लेनदेन हीं हो पाएगा।
भगवान धन्वंतरि को खुश करने के लिए पहने इस रंग के कपड़े..
देश-विदेश: इस साल 10 नवंबर यानी कि आज धनतेरस का त्यौहार मनाया जा रहा है। देशभर में आज बाजारों में धनतेरस के त्यौहार को लेकर रौनक नजर आ रही है। इस दिन अगर आप कुछ विशेष रंग के कपड़े पहनते हैं तो आप पर भगवान धन्वंतरि की विशेष कृपा होती है। धनतेरस का पर्व कार्तिक महीने के कृष्ण पक्ष की त्रयोदशी तिथि के दिन मनाया जाता है। इस दिन धन्वंतरि देव, लक्ष्मी जी और कुबेर महाराज की पूजा की जाती है। इस दिन को वस्तुओं की खरीदारी के लिए बेहद ही शुभ माना जाता है। ऐसी मान्यता है कि धनतेरस के दिन खरीदी गई चल-अचल संपत्ति में तेरह गुणा वृद्धि होती है। इस दिन लोग सोना-चांदी के साथ ही बर्तनों की खरीददारी भी करते हैं।
धनतेरस के दिन पूजा के दौरान कपड़ों के रंग का विशेष महत्व होता है। इस दिन काले रंग के कपड़े पहनना अशुभ माना जाता है। ऐसा कहा जाता है कि धनतेरस के दिन सोना खरीदना बेहद ही शुभ होता है। इस दिन अगर आप पीले या सुनहरे रंग के वस्त्र पहनते हैं तो ये आपके लिए बेहद ही लाभदायक होगा। इस से जिंदगी में सुख और समृद्धि का वास होता है। इसके साथ ही स्वास्थ्य भी अच्छा बना रहता है। गुलाबी और लाल रंग मां लक्ष्मी का बेहद ही प्रिय रंग है। अगर आप इन दोनों रंगों को पहन कर धनतेरस पर मां लक्ष्मी की पूजा करते हैं तो धनतेरस पर आप पर माँ लक्ष्मी की खूब कृपा होगी।
इस साल धनतेरस के लिए पूजा का शुभ मुहूर्त शाम 05 बजकर 47 मिनट से रात 07 बजकर 47 मिनट तक है। जबकि खरीददारी के लिए 10 नवंबर को धनतेरस के दिन सोना और चांदी खरीदने का सबसे शुभ समय दोपहर 2 बजकर 35 मिनट से 11 नवंबर 2023 की सुबह 6 बजकर 40 मिनट के बीच है। जबकि 11 नवंबर को सुबह 06 बजकर 40 मिनट से दोपहर 1 बजकर 57 मिनट के बीच सामान खरीद सकते हैं।
पाकिस्तान के लिए खुशियां लाया मैक्सवेल का तूफान..
देश-विदेश: अफगानिस्तान और ऑस्ट्रेलिया के बीच आईसीसी वनडे वर्ल्ड कप 2023 का रोमांचक मुकाबला मुंबई के ऐतिहासिक वानखेड़े स्टेडियम में खेला गया। इस मैच से पहले किसी ने कल्पना भी नहीं की होगी कि ऑस्ट्रेलिया के स्टार ऑलराउंडर ग्लेन मैक्सवेल इस तरह से अपनी टीम को मैच जितवाएंगे। एक समय था जब ऑस्ट्रेलिया के 91 रन पर 7 विकेट थे और ऑस्ट्रेलिया को 292 रन का टारगेट चेज करना था। लेकिन वहां से ग्लेन मैक्सवेल को कप्तान पैट कमिंस का साथ मिला और फिर उन्होंने पीछे मुड़कर नहीं देखा।
मैक्सवेल ने दोहरा शतक (201*) ठोक ऑस्ट्रेलिया को 3 विकेट से मैच जितवा दिया। इसके साथ ही ऑस्ट्रेलिया ने अंतिम चार के लिए अपनी जगह को सुनिश्चित कर लिया है। वहीं दूसरी तरफ अफगानिस्तान की हार से पाकिस्तान क्रिकेट टीम की बल्ले-बल्ले हो गई है। वैसे तो टूर्नामेंट में पाकिस्तान का हाल बेहाल ही रहा है लेकिन पिछले दो मैचों में जीत और किस्मत के भरोसे वह खुद को सेमीफाइनल की रेस में अब तक बरकरार रखा है।
पाकिस्तानी टीम टूर्नामेंट में अपने 8 में से 4 मैच जीतकर 8 अंक जुटाए हैं और वह पॉइंट्स टेबल में 5वें स्थान पर है। पाकिस्तान से ऊपर 8 अंक के साथ ही न्यूजीलैंड की टीम चौथे स्थान पर है। ऐसे में मामला रन रेट पर आकर फंसा हुआ है। इंग्लैंड के खिलाफ मुकाबले में जब पाकिस्तानी टीम मैदान पर उतरेगी तो उसकी कोशिश बड़े अंतर से जीत पर होगी। वहीं अगर न्यूजीलैंड की टीम श्रीलंका से हार जाती है तो पाकिस्तान के लिए रास्ता साफ हो जाएगा अगर न्यूजीलैंड जीत जाती है फिर पाकिस्तान का सेमी में जाना मुश्किल हो जायेगा क्योंकि न्यूजीलैंड का रन रेट पाकिस्तान से काफी ज्यादा अधिक है वहीं पाकिस्तान के हारने पर नूजीलैंड का रास्ता साफ़ जाएगा। क्योंकि अफगानिस्तान टीम का रन रेट भी काफी कम है। अफगानिस्तान का भी अभी मौका बन रहा है। अगर नूजीलैंड और पाकिस्तान दोनों अपना मैच हार जाते हैं और अफगानिस्तान अपना मैच जीत जाती है तो उसका रास्ता एकदम साफ़ हो जायेगा।
जानिए कौन हैं कार्यवाहक मुख्य न्यायाधीश मनोज तिवारी..
उत्तराखंड: नैनीताल हाईकोर्ट के मुख्य न्यायधीश विपिन सांघी 26 अक्टूबर को सेवनिर्वित हो गए हैं। उनके रिटायर होने के बाद हाईकोर्ट के वरिष्ठ न्यायमूर्ति मनोज कुमार तिवारी को उत्तराखंड हाईकोर्ट का कार्यवाहक मुख्य न्यायाधीश बनाया गया है। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने इसके लिए आदेश भी जारी कर दिए हैं। मुख्य न्यायाधीश न्यायमूर्ति विपिन सांघी के सेवानिवृत्त होने के एक दिन बाद यानी शुक्रवार से अपना कार्यभार ग्रहण करेंगे।
मनोज कुमार तिवारी का पिथौरागढ़ से खास नाता रहा है। उनके पिता एनबी तिवारी भी नामी वकील रहे हैं। जबकि उनके दादा राम दत्त भी जिला पिथौरागढ़ में वकील थे। मनोज कुमार तिवारी ने अपनी दसवीं तक की पढ़ाई केंद्रीय विद्यालय पिथौरागढ़ और ग्रेजुएशन और पोस्ट ग्रेजुएशन भी राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय पिथौरागढ़ से ही किया है।
वरिष्ठ न्यायमूर्ति मनोज कुमार तिवारी का जन्म 19 सितंबर 1965 को पिथौरागढ़ में हुआ था। 1990 में उन्होंने दिल्ली विश्वविद्यालय से एलएलबी किया। 1990 में ही वह बार काउंसिल ऑफ यूपी इलाहाबाद में पंजीकृत हुए और उच्च न्यायालय, इलाहाबाद में प्रैक्टिस शुरू की। 2000 में वह उत्तराखंड उच्च न्यायालय बनने पर नैनीताल स्थानांतरित हुए। 20 मई 2009 को न्यायमूर्ति मनोज कुमार तिवारी को वरिष्ठ अधिवक्ता नामित किया गया था। 2008 में उन्हें हाईकोर्ट बार एसोसिएशन नैनीताल का अध्यक्ष बनाया गया। नौ मई 2017 में न्यायमूर्ति मनोज कुमार तिवारी को उत्तराखंड हाईकोर्ट के स्थायी न्यायाधीश बनाया गया था।
सरकार ने इन देशों को दी गैर-बासमती चावल के निर्यात की मंजूरी..
देश-विदेश: सरकार ने नेपाल, कैमरून और मलेशिया सहित सात देशों को 10,34,800 टन गैर-बासमती चावल के निर्यात की मंजूरी दे दी है। विदेश व्यापार महानिदेशालय की जारी अधिसूचना के अनुसार यह निर्यात राष्ट्रीय सहकारी निर्यात लि. एनसीईएल के जरिए किया जा सकता है। हालांकि भारत ने घरेलू आपूर्ति बढ़ाने के लिए 20 जुलाई से गैर-बासमती चावल के निर्यात पर प्रतिबंध लगाया हुआ है, लेकिन कुछ देशों की खाद्य सुरक्षा जरूरत के मद्देनजर सरकार उनके लिए गैर-बासमती चावल के निर्यात की अनुमति देती है।
आपको बता दे कि सरकार ने जिन देशों को अनुमति दी है उनमें नेपाल, कैमरून, कोटे डी आइवर, गिनी, मलेशिया, फिलिपीन और सेशल्स शामिल है। जानकारी के अनुसार नेपाल को 95,000 टन, कैमरून को 1,90,000 टन, कोटे डी आइवर को 1,42,000 टन गिनी को 1,42,000 टन, मलेशिया को 1,70,000 टन, फिलिपीन को 2,95,000 टन और सेशेल्स को 800 टन गैर-बासमती चावल का निर्यात किया जाएगा।
उत्तराखंड बोर्ड परीक्षाओं के लिए बड़ा अपडेट, 9वीं-11वीं कक्षा के विद्यार्थियों को करना होगा ये काम..
उत्तराखंड बोर्ड परीक्षाओं के लिए बड़ा अपडेट, 9वीं-11वीं कक्षा के विद्यार्थियों को करना होगा ये काम..
उत्तराखंड: बोर्ड परीक्षाओं के लिए छात्रों के पंजीकरण की प्रक्रिया शुरू की जा रही है। इसके लिए उत्तराखंड विद्यालयी शिक्षा परिषद की तरफ से आदेश और दिशानिर्देश जारी किए गए है। बताया जा रहा है कि प्रदेश में आगामी 2025 की दसवीं और बारहवीं की बोर्ड परीक्षा के लिए कक्षा 9वीं और 11वीं में अध्ययरत छात्र-छात्राओं को ऑनलाइन रजिस्ट्रेशन कराना होगा। जिसके लिए प्रक्रिया शुरू हो गई है।
जानकारी के अनुसार उत्तराखंड शिक्षा परिषद की ओर से जारी किए गए निर्देशों में कहा गया है की पंजीकरण शुल्क की दर प्रति छात्र / छात्रा रू0 10.00 होगी। पंजीकरण शुल्क दिनांक 16 अक्टूबर 2023 तक राजकोष में जमा किया जा सकेगा। निर्धारित अंतिम तिथि के पश्चात कोई शुल्क जमा करने की अनुमति नहीं होगी। परिषद् द्वारा निर्धारित अंतिम तिथि तक जितने छात्रों का पंजीकरण शुल्क चालान द्वारा राजकोष में जमा किया गया है केवल उतने ही छात्रों के पंजीकरण आवेदन-पत्र भरे जा सकेगें।
ऑन-लाइन पंजीकरण हेतु पोर्टल दिनांक 17 अक्टूबर 2023 से 06 नवम्बर 2023 तक खुला रहेगा। परिषद् की अधिकृत वेबसाइट पर ऑन-लाइन पंजीकरण आवेदन पत्र विद्यालय द्वारा पूर्व में उन्हें उपलब्ध करायी गयी आईडी से ही भरे जायेंगे। यदि आपके जनपद में किसी विद्यालय में कक्षा 9/11 का संचालन इसी सत्र से प्रारंभ हुआ है तो इसकी सूचना (विद्यालय का नाम, विद्यालय कोड, वि०खं० का नाम आदि) संकलित कर इस कार्यालय का उपलब्ध कराएं ताकि पंजीकरण प्रक्रिया हेतु उन्हें आई०डी० एवं पासवर्ड उपलब्ध कराया जा सके ।
गौरतलब है कि उत्तराखंड में बोर्ड परीक्षा से पहले कक्षा 9वी और 11वीं में पढ़ने वाले छात्रों के पंजीकरण करने की प्रक्रिया को किया जाता है। इस दौरान बोर्ड परीक्षा के लिए पहले ही छात्रों की संख्या और उनकी सूचनाओं को जमा किया जाता है। यह व्यवस्था उत्तराखंड बोर्ड के तहत पंजीकृत विद्यालयों में पढ़ने वाले छात्रों के लिए ही लागू की गई है। इस पंजीकरण डाटा का प्रयोग वर्ष 2025 की कक्षा 10 एवं कक्षा 12 की परीषदीय (बोर्ड) परीक्षा के लिए किया जाएगा। अतः वर्तमान में कक्षा 09 एवं कक्षा 11 में में संस्थागत छात्र / छात्रा के रूप में अध्ययनरत समस्त छात्र / छात्राओं का पंजीकरण ऑन-लाइन किया जायेगा।
स्टेडियम खाली कराकर कुत्ता टहलाने वाली IAS को सरकार ने रिटायर कर दिया..
देश-विदेश: केंद्र सरकार ने IAS रिंकू दुग्गा को जबरन रिटायर कर दिया है। 54 साल की रिंकू अरुणाचल प्रदेश में इंडीजीनस अफेयर्स की प्रिंसिपल सेक्रेटरी थीं। रिंकू दुग्गा वहीं अफसर हैं जो एक साल पहले दिल्ली में अपने कुत्ते को घुमाने के लिए एथलीटों से स्टेडियम खाली कराए जाने को लेकर चर्चा में आईं थीं
आपको बता दे कि रिंकू दुग्गा को जो पिछले साल कथित तौर पर अपने कुत्ते को घुमाने के लिए एथलीटों का स्टेडियम खाली करने को लेकर विवादों में आई थीं, उन्हे सरकार ने अनिवार्य रूप से सेवानिवृत्त कर दिया है। नौकरशाह रिंकू दुग्गा अरुणाचल प्रदेश में कार्यरत थीं, जब सरकार ने उन्हें अनिवार्य रूप से सेवानिवृत्त कर दिया। पीटीआई ने एक अफसर के हवाले से कहा कि सरकार को किसी भी सरकारी कर्मचारी को सेवानिवृत्त करने का अधिकार है। रिंकू दुग्गा को सेंट्रल सिविल सर्विसेज (पेंशन) 1972 के नियम 56(J) के तहत जबरन रिटायर किया गया है।
1994 बैच की IAS थीं रिंकू दुग्गा..
बता दे कि रिंकू दुग्गा 1994 बैच के AGMUT (अरुणाचल प्रदेश-गोवा-मिजोरम और केंद्र शासित प्रदेश) कैडर के अधिकारी हैं। उनके पति संजीव खिरवार 1994 बैच के आईएएस अफसर हैं। खिरवार को पिछले साल दिल्ली से ट्रांसफर कर दिया गया था।बताया जा रहा हैं कि दिल्ली के त्यागराज स्टेडियम में एथलीटों को अपना प्रशिक्षण जल्दी खत्म करने के लिए मजबूर किया जा रहा था, ताकि आईएएस दंपत्ति वे अपने कुत्ते को शाम की सैर के लिए सुविधा केंद्र में ला सकते हैं।
कुत्ता टहलाने और एथलीटों को बाहर किए जाने के मामले की केंद्र सरकार ने जांच कराई थी। रिपोर्ट रिंकू दुग्गा और उनके पति खिरवार के खिलाफ थी। इस रिपोर्ट से एथलीटों और जनता में भारी आक्रोश फैल गया। इसके बाद दिल्ली सरकार में प्रमुख सचिव (राजस्व) के रूप में काम करने वाले खिरवार को लद्दाख में स्थानांतरित कर दिया गया था। वहीं दुग्गा को अरुणाचल प्रदेश में स्वदेशी मामलों के प्रमुख सचिव के रूप में तैनात किया गया था।
चंद्रयान 3- क्या फिर से सक्रिय हो पाएंगे विक्रम लैंडर, प्रज्ञान रोवर?
इसरो के पूर्व अध्यक्ष ने बताई चुनौतियां..
देश-विदेश: चंद्रमा के दक्षिणी ध्रुव पर उतरे भारत के लैंडर विक्रम और रोवर प्रज्ञान से इसरो आज फिर से संपर्क स्थापित करने का प्रयास कर सकता है। इसरो के अहमदाबाद स्थित अंतरिक्ष उपयोग केंद्र (एसएसी) के निदेशक नीलेश देसाई का कहना हैं कि अगर भाग्य ने साथ दिया तो दोनों से न केवल फिर संपर्क होगा, बल्कि उनके उपकरण भी उपयोग करने की दशा में मिलेंगे। हालांकि, इसके सामने काफी बड़ी चुनौतियां हैं। इसे लेकर इसरो के पूर्व अध्यक्ष जी माधवन नायर कुछ जरूरी बातें बताईं।
चिंता का विषय..
जी माधवन नायर का कहना हैं कि विक्रम लैंडर और प्रज्ञान रोवर लगभग दो सप्ताह से स्लीप मोड में हैं। वहां तापमान माइनस 150 डिग्री से भी ज्यादा हो सकता है। यह लगभग फ्रीजर से कुछ निकालने और और फिर उसका उपयोग करने की कोशिश करने जैसा है। उस तापमान पर बैटरी, इलेक्ट्रॉनिक्स और तंत्र कैसे एक्टिव रहते हैं, यह वास्तव में चिंता का विषय है। उन्होंने कहा कि ऐसी परिस्थितियों के लिए पर्याप्त परीक्षण किए गए हैं। इसमें कोई शक नहीं है। इस पर भी काम किया गया कि ऐसी स्थिति के बाद भी काम करता रहे। फिर भी हमें अपना ध्यान रखना होगा। हमें भाग्य का साथ चाहिए होगा।
अगले 14 दिनों में कुछ और दूरी तक घूम सकते हैं..
बता दे कि चांद पर सूर्योदय के बाद सौर ताप उपकरणों और चार्जर बैटरियों को भी गर्म कर देगा। यदि ये दोनों शर्तें सफलतापूर्वक पूरी हो जाती हैं, तो यह काफी अच्छा मौका है कि सिस्टम फिर से चालू हो जाएगा। एक बार यह चालू हो जाए, तो यह काफी संभव है कि हम अगले 14 दिनों में कुछ और दूरी तक घूम सकते हैं और चंद्रमा के दक्षिणी ध्रुव के पास चंद्रमा की सतह पर अधिक डेटा एकत्र कर सकते हैं।
चार सितंबर को पूरी तरह चार्ज करने के बाद स्लीप मोड में डाल दिया था..
इसरो ने इन दोनों को दो और चार सितंबर को पूरी तरह चार्ज करने के बाद स्लीप मोड में डाल दिया था, क्योंकि चंद्रमा पर रात्रि काल शुरू हो चुका था, जिसमें भयानक सर्दी और विकिरण से उन्हें गुजरना था। बीते 20 दिन में दोनों ने माइनस 120 से माइनस 200 डिग्री सेल्सियस जितनी सर्दी को सहन किया है। अब पृथ्वी के समय अनुसार 20 सितंबर की शाम से चंद्रमा के दक्षिणी ध्रुव पर सूर्योदय शुरू हो गया है।
हंसल मेहता की फिल्म में इस भूमिका में नजर आएंगी करीना..
देश-विदेश: हंसल मेहता ने हिंदी सिनेमा में एक से बढ़कर एक फिल्में दी हैं। वह अलीगढ़, शाहिद और फराज जैसी बेहतरीन फिल्मों के लिए भी जाने जाते हैं। उन्होंने स्कैम 1992: द हर्षद मेहता स्टोरी और स्कूप के लिए भी काफी प्रशंसा हासिल की है। इसके बाद अब हंसल मेहता अपने अगले प्रोजेक्ट की तैयारी में लगे हुए हैं। वह करीना कपूर के साथ अपनी अगली फिल्म को लेकर सुर्खियों में हैं। अब हंसल मेहता ने खुलासा कर दिया है कि उनकी फिल्म में करीना कपूर का क्या किरदार होने वाला है।
मेहता ने जब से करीना के साथ अपनी अगली फिल्म की शूटिंग शुरू की है, वह कई बार उनकी तारीफों के पुल बांध चुके हैं। हाल ही में उन्होंने करीना और फिल्म में उनकी भूमिका को लेकर बातचीत की। मेहता ने इस फिल्म में करीना कपूर के रोल का भी खुलासा कर दिया है। उन्होंने कहा, करीना का किरदार फिल्म में ऐसा है, जो उन्होंने इससे पहले आज तक नहीं किया। इस थ्रिलर फिल्म में करीना पुलिस की वर्दी पहने नजर आएंगी। वह फिल्म में एक दमदार पुलिसकर्मी की भूमिका में दिखेंगी।
कैसी होगी फिल्म की कहानी
बता दें कि हंसल मेहता की इस फिल्म की कहानी लंदन में सेट की गई है, जो पुलिस के इर्द-गिर्द घूमती है। करीना इस फिल्म में मुख्य भूमिका में नजर आएंगी। मेहता का कहना हैं कि अभी तक करीना को दर्शकों ने ज्यादातर मसालेदार या रोमांटिक फिल्मों में देखा होगा, लेकिन इतने संजीदा किरदार में उन्हें देखना दर्शकों के लिए बेशक किसी तोहफे से कम नहीं होगा। वहीं करीना के वर्कफ्रंट की बात करें तो वह अक्षय कुमार की फिल्म द क्रू में नजर आएंगी। इसके अलावा वह सिंघम अगेन में भी दिखाई देंगी।
