वायुसेना में 12वीं पास युवाओं के लिए निकली भर्ती..
देश-विदेश: भारतीय वायुसेना (IAF) में नौकरी करने की इच्छा रखने वाले युवाओं के लिए खुशखबरी है। भारतीय वायुसेना ने अग्निवीर वायु के पदों पर भर्ती के लिए आवेदन मांगे हैं। इच्छुक और योग्य उम्मीदवार जो इन पदों पर आवेदन करना चाहते हैं वो अधिकारिक वेबसाइट https://agnipathvayu.cdac.in/AV/पर जाकर रजिस्ट्रेशन करा सकते है। आवेदन करने की आखिरी तारीख 31 मार्च बताई जा रही है।
बता दे कि भारतीय वायु सेना (IAF) अग्निवीरवायु भर्ती 2023 के लिए ऑनलाइन पंजीकरण प्रक्रिया 17 मार्च से शुरू हो गई है। इस भर्ती के लिए केवल अविवाहित भारतीय पुरुष और महिला उम्मीदवारों आवेदन कर सकते हैं। रजिस्ट्रेशन कराने वाले उम्मीदवारों के लिए परीक्षा आयोजित की जाएगी। परीक्षा में पास होने वाले उम्मीदवारों को इंटरव्यू के बाद ट्रेनिंग के लिए सलेक्ट किया जाएगा. इस भर्ती से संबंधित हर जानकारी आपको नोटिफिकेशन में मिलेगी।
शैक्षिणिक योग्यता और आयु सीमा
उम्मीदवारों का जन्म 26 दिसंबर 2002 और 26 जून 2006 के बीच होना चाहिए। वहीं शैक्षिक योग्यता की बात करें तो विज्ञान स्ट्रीम में 12वीं पास होना चाहिए। 50 प्रतिशत कम से कम नंबर होने चाहिए।इसके अलावा उम्मीदवारों को सरकारी मान्यता प्राप्त पॉलिटेक्निक संस्थान से इंजीनियरिंग (मैकेनिकल / इलेक्ट्रिकल / इलेक्ट्रॉनिक्स / ऑटोमोबाइल / कंप्यूटर साइंस / इंस्ट्रूमेंटेशन टेक्नोलॉजी / सूचना प्रौद्योगिकी) में तीन साल का डिप्लोमा कोर्स कुल मिलाकर 50% अंकों के साथ और डिप्लोमा कोर्स में अंग्रेजी में 50% अंकों के साथ उत्तीर्ण होना चाहिए। (या इंटरमीडिएट/मैट्रिकुलेशन में, यदि डिप्लोमा पाठ्यक्रम में अंग्रेजी विषय नहीं है) भी आवेदन कर सकते हैं।
नाटू-नाटू’ की शानदार जीत के बाद देश लौटे राम चरण..
फैंस ने एयरपोर्ट पर किया ग्रैंड वेलकम..
देश-विदेश: इस वक्त पूरी दुनिया में एसएस राजामौली की फिल्म ‘आरआरआर’ अपना परचम लहरा रही है। हर तरफ केवल इस फिल्म का जलवा देखने को मिल रहा है। फिल्म के गाने ‘नाटू-नाटू’ ने ऑस्कर जीतकर देश का नाम गर्व से ऊंचा कर दिया है। इस गाने पर देश की जनता जोरों-शोरों से थिरक रही है। अब हाल ही में, देश का सम्मान बढ़ाकर फिल्म के अभिनेता रामचरण दिल्ली एयरपोर्ट पहुंचे, जहां उनका बहुत ही खास अंदाज में वेलकम किया गया।
12 मार्च का दिन हर देशवासी के लिए बहुत ही यादगार बन गया है क्योंकि इस दिन भारत ने दुनिया के सबसे बड़े अवॉर्ड शो में दो ऑस्कर जीता था। सबसे पहले तो गुनीत मोंगा की शॉर्ट फिल्म ‘द एलिफेंट व्हिस्परर्स’ ने अवॉर्ड अपने नाम किया। उसके बाद ‘आरआरआर’ के गाने ‘नाटू- नाटू’ ने पूरी दुनिया में अपनी सफलता का परचम लहराया और दूसरा ऑस्कर अपने नाम किया।
अब हाल ही में, सोशल मीडिया पर राम चरण की एक वीडियो तेजी से वायरल हो रही है, जिसमें अभिनेता लॉस एंजिल्स से भारत वापस लौट आए हैं। फैंस ने उनका भव्य स्वागत किया है। इस दौरान राम चरण ने मीडिया से भी बात की और कहा, मैं बहुत खुश हूं। हमारी इस खुशी का श्रेय एसएस राजमौली, एमएम कीरावनी और चंद्रबोस को जाता है, उनकी कड़ी मेहनत की वजह से हम आज यह दिन देख पाए हैं और ऑस्कर घर लेकर आ पाए हैं।
राम चरण ने आगे कहा, ‘फिल्म ‘आरआरआर’ को देखने और ‘नाटू-नाटू’ को अपना प्यार देने के लिए मैं सभी फैंस का शुक्रगुजार हूं। अभिनेता के रूप में जब हम शूटिंग कर रहे थे, हमने कभी नहीं सोचा था कि इस गाने का क्रेज लोगों के सिर चढ़कर बोलेगा। आज, यह हमारी फिल्म नहीं है. यह हमारा गीत नहीं है। यह लोगों का गीत बन गया है। इसने हमें ऑस्कर के लिए एक नया रास्ता दिया है।’
आपको बता दें कि इससे पहले जूनियर एनटीआर 15 मार्च को अमेरिका से लौटे थे। हैदराबाद एयरपोर्ट पर सैकड़ों फैंस ने उनका काफी उत्साह से स्वागत किया था। उनकी पत्नी, लक्ष्मी प्रणति उन्हें हवाई अड्डे पर लेने आई थीं। इस दौरान जूनियर एनटीआर ने मीडिया से बात करते हुए बताया था कि ऑस्कर मिलना उनकी जिन्दगी का सबसे अच्छा समय था।
उत्तराखंड की बेटी मानसी नेगी ने लगाई नौकरी की गुहार..
उत्तराखंड: देवभूमि उत्तराखंड की गोल्डन गर्ल के नाम से मशहूर मानसी नेगी ने हाल ही में अपनी एक पोस्ट में सरकार से नौकरी की गुहार लगाई हैं। बता दे की मानसी नेगी ने तमिलनाडु की राजधानी चेन्नई में नेशनल यूनिवर्सिटी एथलेटिक्स मीट में गोल्ड मेडल हासिल किया तो खुशी के साथ उनका दर्द भी छलक आया। आपको बता दे कि मानसी नेगी ने गोल्ड मेडल जीतने के बाद जहां एक तरफ अपने सारे प्रशंसकों और चाहने वालों का आभार व्यक्त किया है
और गोल्ड मेडल जीतने की खुशी जाहिर की तो वहीं एक ऐसा ट्वीट किया जो सोचने को मजबूर कर रहा है कि खिलाड़ी कितने उपेक्षित है, उन्होंने उत्तराखंड सरकार से नौकरी की मांग की है मानसी का कहना हैं कि एक बार नौकरी के सिलसिले में सरकारी लोगों से मुलाकात की है, लेकिन अभी तक उनकी नौकरी को लेकर कोई ठोस जवाब सरकार की तरफ से उन्हें नहीं मिल पाया हैं।
उत्तराखंड के चमोली जिले की रहने वाले मानसी नेगी के पिता अब इस दुनिया में नहीं हैं। उनकी मां गांव में रहती हैं।मानसी का भाई भी एक छोटी-मोटी नौकरी देहरादून में करता हैं। मानसी ने अपने शानदार प्रदर्शन की चलते देहरादून के रायपुर स्पोर्ट्स स्कूल से ग्रेजुएशन किया। उत्तराखंड के महाराणा प्रताप स्पोर्ट्स कॉलेज में रहते हुए मानसी नेगी ने कई उपलब्धियां हासिल कीं।
लेकिन जब वह स्कूल से पास आउट हुईं तो उच्च शिक्षा के साथ-साथ उसे खेल में भी सपोर्ट उत्तराखंड में नहीं मिला। मानसी गरीब परिवार से आती हैं, लिहाजा उसके एथलेटिक्स में उज्ज्वल भविष्य के नाते उत्तराखंड सरकार या फिर उत्तराखंड के किसी शिक्षण संस्थान को मानसी की मदद के लिए हाथ बढ़ाना चाहिए था। लेकिन मानसी का कहना है कि उत्तराखंड में उसे किसी का सपोर्ट नहीं मिला।
पंजाब की यूनिवर्सिटी से पढ़ रही हैं मानसी
आपको बता दे कि पंजाब की लवली यूनिवर्सिटी ने मानसी की शिक्षा का जिम्मा उठाया। मानसी ने अपने एक इंटरव्यू में कहा कि पंजाब की लवली यूनिवर्सिटी उन्हें फ्री शिक्षा देती है। बदले में वह पंजाब की यूनिवर्सिटी के लिए एथलेटिक्स में प्रतिभाग करती हैं। यूनिवर्सिटी के लिए खेलती हैं। मानसी नेगी भले ही पंजाब की लवली यूनिवर्सिटी के लिए खेलती हैं, लेकिन उसका लगाव आज भी उत्तराखंड से है। लिहाजा वह चाहती हैं कि वह अपना कैरियर उत्तराखंड में सेट करें, जिसके लिए वह उत्तराखंड सरकार से सरकारी नौकरी की मांग कर रही हैं। वही मानसी का कहना हैं कि वह 3 बार इस दौरान मुख्यमंत्री से मिल से भी चुकी हैं। उसने तीनों बार मुख्यमंत्री से नौकरी के संबंध में बातचीत की। वह चाहती हैं कि वह उत्तराखंड में सेटल होकर उत्तराखंड के खिलाड़ियों को सपोर्ट करें।
इसके साथ ही मानसी का कहना हैं कि खेल मंत्री के माध्यम से भी उनके लिए ना तो कभी कोई सहयोग दिया गया और ना ही मुलाकात की गई। मानसी ने कहा कि सिर्फ एक कार्यक्रम के दौरान खेल मंत्री रेखा आर्य ने उन्हें कुछ पुरस्कार दिया था। उसके बाद खेल मंत्री द्वारा उनसे कोई भी बातचीत नहीं की गई। मानसी का कहना हैं कि वह गरीब परिवार से हैं और अपने परिवार के लिए उत्तराखंड में रहकर ही कुछ करना चाहती हैं।
लिहाजा उत्तराखंड सरकार से मानसी ने गुहार लगाई है कि उत्तराखंड में खिलाड़ियों के उज्ज्वल भविष्य और उत्तराखंड का राष्ट्रीय खेलों में बेहतर प्रदर्शन के लिए उत्तराखंड सरकार उन्हें उत्तराखंड में ही नौकरी दे। ताकि वह उत्तराखंड में रहकर ही अपने प्रदेश का नाम रोशन कर सकें।
विदेशों में दिखेगा भारत का उद्यमिता कौशल..
मंत्रालय की पहल पर युवा उद्यमियों को दिया जा रहा प्रशिक्षण..
देश-विदेश: भारत के उद्यमिता (आंत्रप्रेन्योरशिप) कौशल की तर्ज पर विश्व के अन्य देशों में भी युवाओं के लिए रोजगार के अवसर उपलब्ध होंगे। विदेश मंत्रालय की पहल पर भूटान, मैक्सिको, साउथ सूडान, सूडान, तजाकिस्तान, अफगानिस्तान, इथोपिया, कजाकिस्तान, उज्बेकिस्तान, बोस्वाना, एस्वातिनी, नाइजीरिया समेत 13 देशों के 29 युवा भारत में लघु उद्यम का प्रशिक्षण ले रहे हैं। इन्हें भारतीय उद्यमिता मॉडल भी दिखाया जा रहा है।
राष्ट्रीय उद्यमिता और लघु व्यवसाय विकास संस्थान (निसबड) में 8 हफ्ते का प्रशिक्षण 23 जनवरी को शुरू हुआ था, जो 17 मार्च को समाप्त होगा। इस दौरान विदेशी युवा उद्यमियों को भारत सरकार के विभिन्न विभागों के अधिकारियों व कर्मचारियों ने भी अलग-अलग सत्रों में सरकार के उद्यमिता मॉडल के बारे में बताया। इसमें बताया गया कि नए व युवा उद्यमियों को किस तरीके से भारत सरकार उद्यम के लिए प्रोत्साहित कर रही है और किस तरह से युवा अपना उद्यम स्थापित कर अन्य लोगों को रोजगार के अवसर दे रहे हैं।
विदेश मंत्रालय का 165 देशों से है समन्वय
विदेश मंत्रालय के इंडियन टेक्निकल एंड इकॉनमिक कॉपरेशन (आईटेक) डिविजन की तरफ से निसबड में यह कार्यक्रम चल रहा है। संस्थान की एक अधिकारी ने बताया कि विदेश मंत्रालय का समन्वय 165 देशों से है। प्रशिक्षण ले 13 देशों के युवाओं में से अधिकांश भावी उद्यमी हैं तो कुछ सरकारी कर्मचारी हैं। यहां युवाओं को स्वउद्यम के नए तरीके बता भारत सरकार की योजनाओं और कार्यप्रणाली की जानकारी दी जा रही है। विदेशी प्रतिनिधियों को अध्ययन भ्रमण भी कराया गया। युवा उद्यमी एनएसआईसी फरीदाबाद, सूरजकुंड, प्रगति मैदान पुस्तक मेले में भी पहुंचे तो देहरादून, ऋषिकेश व मसूरी की पर्यटन गतिविधियों में भी व्यवसाय की संभावनाओं का अध्ययन किया। युवाओं ने अक्षरधाम मंदिर, गुरुद्वारों, लोटस टेंपल आदि का दौरा कर भारत की सभ्यता-संस्कृति की जानकारी ली।
नई तकनीकों से युवा प्रभावित
भूटान के केजान छोर्डेन का कहना है कि यहां आकर स्व उद्यम के नए-नए तरीकों के बारे में जानने को मिल रहा है। भारत की महिला सशक्तिकरण के लिए किए जा रहे प्रयासों से बहुत प्रभावित हूं। अफगानिस्तान के अहमद स्कैप लुदिन ने कहा कि उद्यम के नए ट्रेंड के बारे में जानने को मिल रहा है। यहां की सरकार भी युवा उद्यमियों को प्रोत्साहन दे रही है।
क्षेत्रीय भाषाओं में क्लैट आयोजित करने की मांग संबंधी याचिका पर जवाब तलब
दिल्ली उच्च न्यायालय ने बुधवार को कंसोर्टियम ऑफ नेशनल लॉ यूनिवर्सिटीज और बार काउंसिल ऑफ इंडिया (बीसीआई) को कॉमन लॉ एडमिशन टेस्ट (क्लैट- 2024) को सभी क्षेत्रीय भाषाओं में आयोजित करने की मांग संबंधी पर याचिका पर नोटिस जारी कर जवाब मांगा है। मुख्य न्यायाधीश सतीश चंद्र शर्मा और न्यायमूर्ति सुब्रमण्यम प्रसाद की खंडपीठ ने याचिका पर जवाब देने के लिए अधिकारियों को चार सप्ताह का समय दिया है। मामले की अगली सुनवाई 19 मई को होगी। वर्तमान में क्लैट केवल अंग्रेजी में आयोजित किया जाता है। याचिका में तर्क दिया गया है कि इससे गैर-अंग्रेजी माध्यम के छात्रों के साथ घोर अन्याय होता है।
नेटफ्लिक्स की इन पॉपुलर सीरीज के तीसरे सीजन की हुई घोषणा..
देश-विदेश: ओटीटी बेव सीरिज लवर्स के लिए एक अच्छी खबर है। पॉपुलर स्ट्रीमिंग एप्प नेटफ्लिक्स ने मंगलवार को ओटीटी के सबसे पॉपुलर शोज ‘दिल्ली क्राइम’, ‘मिसमैच्ड’ और ‘कोटा फैक्ट्री’ के तीसरे सीजन का एलान किया है। इन शोज के नए सीजन की घोषणा नेटफ्लिक्स ने इंस्टाग्राम पर एक टीजर शेयर कर की है। इसके साथ ही मजेदार कैप्शन भी लिखा है कि अब आपके कॉफी कप को भरने का समय है क्योंकि आपके फेवरेट शोज इस बार पूरे नए ट्विस्ट के साथ वापस आ रहे हैं।
दिल्ली क्राइम- पॉपुलर शो दिल्ली क्राइम थ्रिल और सस्पेंस से भरा है। शेफाली शाह की यह सीरिज राजधानी में हाई-प्रोफाइल अपराधों की जांच करती हैं। शो के पहले दो सीज़न वास्तविक और काल्पनिक दोनों घटनाओं से प्रेरित थे
मिसमैच्ड- संध्या मेनन की साल 2017 में आई उपन्यास ‘व्हेन’ ‘डिंपल मेट ऋषि’ पर आधारित, ‘मिसमैच्ड’ में लोगों ने प्राजक्ता कोली और रोहित सराफ की जोड़ी को काफी पसंद किया है। शो के दो सीजन सफलतापूर्ण रहें। अब इसके बाद शो का तीसरा सीजन आने वाला है। ‘मिसमैच्ड’ ‘ऋषि’ और ‘डिंपल’ की लव स्टोरी पर आधारित है। ‘ऋषि’ ओल्ड स्कूल रोमांस में विश्वास करता है और वह ‘डिंपल’ से शादी करना चाहता है।
कोटा फैक्ट्री- राघव सुब्बू द्वारा निर्देशित ‘कोटा फैक्ट्री’ ‘वैभव ‘ के बारे में है, जो कोटा के प्रमुख प्रशिक्षण संस्थानों में से एक ‘माहेश्वरी’ की एडमिशन लेता है और कैसे वह अपनी दोस्ती, अपने गुरु के साथ अपने रिश्ते और आईआईटी में जाने के बढ़ते दबाव को संतुलित करने की कोशिश करता है। इस शो में जितेंद्र कुमार, मयूर मोरे, रंजन राज, आलम खान, एहसास चन्ना, रेवती पिल्लई और उर्वी सिंह हैं।
द फैबुलस लाइव्स ऑफ बॉलीवुड वाइव्स- ‘द फैबुलस लाइव्स ऑफ बॉलीवुड वाइव्स’ जीवन चार ‘बॉलीवुड पत्नियों’ के जीवन पर आधारित है। इस सीरिज में महीप कपूर ,संजय कपूर की पत्नी, भावना पांडे ,चंकी पांडे , सीमा खान ,सोहेल खान ,और नीलम कोठारी ,समीर सोनी हैं। यह शो फिल्म निर्माता करण जौहर के धर्मा प्रोडक्शन के डिजिटल लेबल धर्माटिक एंटरटेनमेंट द्वारा निर्मित है।
शी- वहीं, ‘शी’ फिल्म निर्माता इम्तियाज अली द्वारा लिखित और निर्मित, एक अंडरकवर मुंबई कांस्टेबल की केंद्रीय भूमिका में अदिति पोहनकर को पेश करती है। इसे वायाकॉम 18 स्टूडियोज के टिपिंग प्वाइंट और विंडो सीट फिल्म्स ने प्रोड्यूस किया है।
मेघालयः सरकार में हुआ विभागों का बंटवारा, मुख्यमंत्री संभालेंगे 10 पोर्टफोलियो..
देश-विदेश: बीती सात मार्च को मेघालय की कोनराड संगमा सरकार का शपथ ग्रहण समारोह हुआ था। अब सरकार में विभागों का बंटवारा हो गया है। जानकारी के अनुसार मुख्यमंत्री कोनराड संगमा के पास वित्त, वन एवं पर्यावरण और गृह विभाग (राजनीतिक) जैसे दस से ज्यादा विभागों की जिम्मेदारी रहेगी। वहीं उप मुख्यमंत्री प्रेस्टोन टिनसोंग के पास गृह विभाग (पुलिस), पब्लिक वर्क्स विभाग की जिम्मेदारी होगी। दूसरे उप मुख्यमंत्री एस धर कॉमर्स और इंडस्ट्रीज विभाग की कमान संभालेंगे।
मेघालय सरकार के कैबिनेट मंत्री एलेक्जेंडर लालू हेक को पशुपालन विभाग, मतस्य पालन, प्रकाशन और सचिव प्रबंधन विभाग सौंपे गए हैं। कैबिनेट मंत्री माजेल एमप्रीन लिंगदोह को कृषि विभाग, स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण, जनसंपर्क विभाग और कानून विभाग का कार्यभार सौंपा गया है। कैबिनेट मंत्री पॉल लिंगदोह को कला एवं संस्कृति, सामाजिक कल्याण विभाग, टेक्सटाइल और पर्यटन विभाग की जिम्मेदारी सौंपी गई है।
कैबिनेट मंत्री अबु ताहेर मंडल को ऊर्जा विभाग, किरमेन शाइला को गृह विभाग (पासपोर्ट), राजस्व विभाग सौंपा गया है। मार्क्यूज एन. माराक को आवास विभाग, सार्वजनिक स्वास्थ्य, इंजीनियरिंग विभाग और जल संरक्षण की जिम्मेदारी दी गई है। कैबिनेट मंत्री रक्काम ए. संगमा को सीमा क्षेत्र विकास, शिक्षा विभाग और शाकलायर वर्जरी को श्रम विभाग, खेल एवं युवा मामलों के विभाग की जिम्मेदारी सौंपी गई है। बता दें कि मेघालय में एनपीपी की सरकार को भाजपा के दो विधायकों समेत कुल 45 विधायकों का समर्थन हासिल है। 27 फरवरी को हुए मेघालय चुनाव में कोनराड संगमा के नेतृत्व वाली एनपीपी को 26 सीटें मिली और यह सबसे बड़ी पार्टी बनकर उभरी।
देश के हर क्षेत्र में महिलाओं की भागीदारी बढ़ी- पीएम मोदी…
देश-विदेश: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने आज महिलाओं के आर्थिक सशक्तिकरण पर महिला और बाल विकास मंत्रालय के वेबिनार को संबोधित किया। इस दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा कि देश में हर क्षेत्र में महिलाओं की भागीदारी बढ़ी है। कई क्षेत्र महिलाओं की शक्ति, निर्णय लेने की क्षमता का प्रदर्शन कर रहे हैं। नारी शक्ति भारत की प्रगति की गति और पैमाने को बढ़ाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही है।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा कि पिछले 9 वर्षों में भारत महिलाओं के नेतृत्व वाले विकास के विजन के साथ आगे बढ़ रहा है और इसे वैश्विक मंच पर ले जा रहा है। महिला सशक्तिकरण पर बजट के बाद वेबिनार में बोलते हुए पीएम मोदी ने कहा कि जी-20 शिखर सम्मेलन में महिलाओं के नेतृत्व वाला विकास महत्वपूर्ण विषयों में से एक है। पीएम ने कहा है कि इस बजट में प्रधानमंत्री आवास योजना के लिए 80 हजार करोड़ आवंटित किए गए हैं। पिछले 9 वर्षों में महिला स्वयं सहायता समूहों ने 6.15 लाख करोड़ रुपये का ऋण लिया है।
पीएम ने जिस वेबिनार को संबोधित किया उसका विषय- आने वाले कल में महिलाओं का आर्थिक सशक्तिकरण था। इसका लक्ष्य महिलाओं के स्वामित्व वाले और उनके नेतृत्व वाले व्यवसायों और उद्यमियों के सतत विकास के लिए मंथन और बजट प्रावधानों के अनुरूप एक मार्ग तैयार करना था। कार्यक्रम के पूर्व सरकार की ओर से जारी आधिकारिक बयान में बताया गया था कि वेबिनार का आयोजन महिला एवं बाल विकास मंत्रालय और ग्रामीण विकास मंत्रालय द्वारा किया जा रहा है। यह बजट के बाद के वेबिनार की श्रृंखला का हिस्सा है। केंद्रीय महिला एवं बाल विकास मंत्री स्मृति ईरानी, केंद्रीय ग्रामीण विकास मंत्री गिरिराज सिंह और महिला एवं बाल विकास राज्य मंत्री महेंद्रभाई मुंजपारा भी उद्घाटन सत्र में शामिल होंगे।
शाह आज अहमदाबाद में विकास कार्यों का करेंगे लोकार्पण..
उधर, केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह आज अहमदाबाद नगर निगम और अहमदाबाद शहरी विकास प्राधिकरण के विभिन्न विकास कार्यों का ऑनलाइन उद्घाटन करेंगे। गांधीनगर के सांसद शाह सुबह करीब साढ़े दस बजे वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिये 150 करोड़ के विकास कार्यों को शहर को समर्पित करेंगे।
फिल्मों के बाद अब ओटीटी पर एक्टिंग का जलवा दिखाएंगी डेजी शाह..
देश-विदेश: बॉलीवुड में अपने अभिनय का जलवा दिखाने के बाद अब डेजी शाह डिजिटल की दुनिया में कदम रखने जा रही हैं। जानकारी के मुताबिक एक्ट्रेस लाहोरा- द किंगडम नाम की वेब सीरीज में नजर आने वाली हैं। इसका निर्देशन शाहिद काजमी कर रहे हैं। यह सीरीज लाहोरा के राजा सिम्हाराजा की बेटी रानी दिद्दा के जीवन से प्रेरित है। डेजी रानी के रूप में इस सीरीज में मुख्य भूमिका में नजर आएंगी। अपनी सीरीज के बारे में बात करते हुए उन्होंने बताया, “कहानी और चरित्र ने मुझे इस प्रोजेक्ट में काम करने के लिए प्रेरित किया। जिस तरह से इस महिला ने उस युग में महिलाओं के लिए चीजों को बदल दिया, उससे मैं काफी चकित थी।”
दिलचस्प बात यह है कि मुख्य भूमिका के लिए शाहिद अपनी पसंद को लेकर स्पष्ट थे। वह रेस 3 में डेजी के एक्शन सीक्वेंस से प्रभावित थे। एक्ट्रेस ने आगे बताया, “शाहिद ने मुझे बताया कि सीरीज में मुझे बहुत सारे एक्शन सीक्वेंस करने होंगे और उन्होंने रेस 3 में मेरी परफॉर्मेंस को देखने के बाद मुझे इस रोल के लिए कास्ट करने का विचार किया। हालांकि, सीरीज के एक्शन सीक्वेंस उस फिल्म से बहुत अलग होने वाले हैं। मुझे तलवारबाजी और घुड़सवारी सीखने और एक्शन सीक्वेंस करने के लिए और मेहनत करनी होगी।”
सीरीज के बारे में शाहिद ने बताया, “यह रानी दिद्दा के जीवन पर आधारित है। इस कहानी ने मुझे बचपन से ही आकर्षित किया है, क्योंकि मैं कश्मीर में पैदा हुआ और पला-बढ़ा हूं। मैं उनके बारे में पढ़कर बड़ा हुआ हूं। करीब दो साल से मैं इस प्रोजेक्ट की स्क्रिप्ट पर काम कर रहा हूं। चुनौतियां होने के बावजूद मुझे विश्वास है कि मैं इस प्रोजेक्ट के साथ न्याय करूंगा। डेजी को कास्ट करने के बारे में बात करते हुए उन्होंने कहा, “मैंने उन्हें ‘रेस 3’ में कुछ हैरतअंगेज एक्शन सीक्वेंस करते देखा।
जब मैंने पटकथा पर काम करना शुरू किया तो वह पहली पसंद थीं। वह योद्धा राजकुमारी की भूमिका निभाने के लिए बिल्कुल उपयुक्त हैं।इस सीरीज में डेजी के अलावा सारा खान, अर्जुन मन्हास, रे परिहार, आरती भगत, फैजान खान और शोएब निकेश शाह भी नजर आएंगे। इसकी शूटिंग कश्मीर और मुंबई में होगी। इस प्रोजेक्ट के अप्रैल के पहले हफ्ते में फ्लोर पर जाने की उम्मीद है।
मुंबई-गोवा रूट पर वंदे भारत ट्रेन शुरू करने की तैयारी..
केंद्रीय मंत्री ने विधायकों से कही यह बात..
देश-विदेश: जल्द ही मुंबई-गोवा मार्ग पर वंदे भारत सेमी-हाई स्पीड एक्सप्रेस ट्रेन चलाई जाएगी। केंद्रीय रेल राज्य मंत्री रावसाहेब दानवे ने महाराष्ट्र के विधायकों के एक प्रतिनिधिमंडल को इस बारे में जानकारी दी। यह बात कोंकण स्नातक निर्वाचन क्षेत्र का प्रतिनिधित्व करने वाले महाराष्ट्र विधान परिषद के सदस्य निरंजन डावखरे की ओर से साझा की गई।
दावखरे का कहना हैं कि विधायकों के प्रतिनिधिमंडल ने दानवे से मुलाकात की। बैठक के दौरान केंद्रीय मंत्री ने प्रतिनिधिमंडल को बताया कि मुंबई और गोवा के बीच वंदे भारत एक्सप्रेस ट्रेन चलाई जाएगी। यह एक्सप्रेस ट्रेन मुंबई-शिरडी और मुंबई-सोलापुर मार्गों पर हाल ही में शुरू की गई ट्रेनों की तर्ज पर मुंबई और गोवा के बीच संचालित की जाएगी। केंद्रीय मंत्री ने प्रतिनिधिमंडल को कहा कि मुंबई-गोवा रेल मार्ग का विद्युतीकरण पूरा हो गया है और निरीक्षण के बाद नई ट्रेन सेवा शुरू की जाएगी। प्रतिनिधिमंडल ने बैठक के दौरान मंत्री के साथ ठाणे और कोंकण क्षेत्र में रेलवे से संबंधित कई मुद्दों पर चर्चा की।
बैठक के दौरान रेलवे परियोजना से प्रभावित व्यक्तियों या उनके रिश्तेदारों को स्टालों का आवंटन, किसानों के लिए प्रत्येक रेलवे स्टेशन पर मोबाइल स्टॉल, उनके और ट्रेनों के बीच के अंतर को कम करने के लिए प्लेटफॉर्मों की ऊंचाई बढ़ाना, रायगढ़ के महाड़ में रेलवे पुल के कारण बाढ़ को रोकने के उपाय करने जैसे मुद्दों पर भी चर्चा की गई।
प्रतिनिधिमंडल ने दानवे के साथ सावंतवाड़ी-दिवा ट्रेन सेवा को दादर तक बढ़ाने, झुग्गी पुनर्वास प्राधिकरण (एसआरए) योजना के तहत रेलवे पटरियों के किनारे रहने वालों के पुनर्वास और अन्य मुद्दों पर भी चर्चा की गई। विधायकों ने यह भी मांग की कि ठाणे के मुंब्रा स्टेशन का नाम बदलकर मुंब्रा देवी स्टेशन किया जाए। दानवे ने उन्हें आश्वासन दिया कि राज्य सरकार की ओर से इस प्रस्ताव को पेश करने के बाद कार्रवाई की जाएगी।
जल्द रिलीज होगा वेब सीरीज ‘फर्जी’ का सीक्वल, शाहिद कपूर ने खुद किया खुलासा..
देश-विदेश: शाहिद कपूर की वेब सीरीज फर्जी हाल ही में अमेजन प्राइम वीडियो पर रिलीज हुई है। इस सीरीज में अभिनेता के साथ विजय सेतुपति भी नजर आए थे। फर्जी के जरिए शाहिद कपूर ने ओटीटी डेब्यू किया है। यह सीरीज राज और डीके की बेहतरीन सीरीज की लिस्ट में शामिल हो गई है। फैंस को पहली सीरीज पसंद आई है और उनको इसके सीजन 2 का बेसब्री से इंतजार है। अब निर्माता ‘फर्जी’ के दूसरे पार्ट को लाने की तैयारी में जुट गए हैं और इस खबर की पुष्टि खुद शाहिद कपूर ने की है।
हाल ही में शाहिद कपूर एक कार्यक्रम में मौजूद थे, जहा उन्होंने फर्जी के सीजन 2 की पुष्टि की। इस बारे में शाहिद कपूर का कहना हैं कि फर्जी का सीजन 2 जरूर आएगा लेकिन चीजों में वक्त लगता है। क्योंकि शो खत्म होने के बाद उसके पोस्ट प्रोडक्शन में एक साल का वक्त लगता है। वो उसको 35-40 भाषाओं में और 200 देशों में रिलीज करते हैं। जब शूटिंग होगी तो सीरीज उसके एक साल के बाद रिलीज होगी। तो मुझे लगता है कि अभी फर्जी का सीजन 2 आने में डेढ़ से दो साल का समय लगेगा।
शाहिद कपूर की सीरीज फर्जी में विजय सेतुपति के साथ ही केके मेनन, राशि खन्ना, भुवन अरोड़ा, अमोल पालेकर और अन्य सितारों ने काम किया है। यह सीरीज 8 एपिसोड की है और हर एपिसोड लगभग एक घंटे का है। इसका निर्देशन राज और डीके की जोड़ी ने किया है, जो इससे पहले ‘द फैमिली मैन’ सीरीज का डायरेक्शन कर चुके हैं।
वर्कफ्रंट की बात करें तो शाहिद कपूर की पिछली फिल्म जर्सी साल 2022 में रिलीज हुई थी। जिसमें उन्होंने मृणाल ठाकुर और पंकज कपूर जैसे सितारों के साथ स्क्रीन शेयर किया था। हालांकि, यह फिल्म बॉक्स ऑफिस पर बुरी तरह फ्लॉप हो गई थी। अब शाहिद कपूर ‘ब्लडी डैडी’ में नजर आएंगे, जिसका डायरेक्शन अली अब्बास जफर कर रहे हैं।
