एआर रहमान के नाम पर होगा कनाडा की एक और सड़क का नाम..
देश-विदेश: म्यूजिक डायरेक्टर एआर रहमान को सम्मानित करने के लिए कनाडा की एक सड़क का नाम उनके नाम पर रखने का फैसला लिया गया है। प्राप्त जानकारी के अनुसार कनाडा के मरखम शहर की एक सड़क का नाम बदलकर एआर रहमान कर दिया गया है। गौरतलब कि इससे पहले साल 2013 में मरखम (कनाडा) की ही अन्य सड़क को संगीतकार ए आर रहमान (47) के नाम पर – अल्लाह-रखा रहमान सेंट नाम दिया गया था। एआर रहमान ने खुद इस बात की जानकारी देते हुए सोशल मीडिया पर पोस्ट शेयर की है। म्यूजिक डायरेक्टर ने मरखम के मेयर के साथ तस्वीरें साझा करते हुए लिखा, मार्खम शहर, फ्रैंक स्कारपिट्टी और कनाडा के लोगों द्वारा दिए गए इस सम्मान के लिए आभारी हूं।
चेन्नई से दुबई जाने वाली इंडिगो फ्लाइट में बम की सूचना से हड़कंप..
देश-विदेश: चेन्नई से दुबई जाने वाली इंडिगो की फ्लाइट में बम की सूचना मिलने के बाद से हड़कंप मच गया। आनन-फानन में पुलिस ने जब अज्ञात कॉल के आधार पर फ्लाइट के अंदर जांच शुरू की तो यह फर्जी कॉल निकला। पुलिस ने फोन करने वाले का पता लगाने के लिए पूछताछ शुरू कर दी है। पुलिस ने उस आरोपी शख्स की पहचान कर ली है। पुलिस के अनुसार शख्स अपने परिवार के दो सदस्यों को दुबई जाने से रोकना चाहते थे और इसलिए उसने शहर के पुलिस नियंत्रण कक्ष को धमकी दी। जिसके चलते सुरक्षा एजेंसियों को इंडिगो की उड़ान के अंदर तलाशी करनी पड़ी।
हवाईअड्डे के अधिकारियों का कहना हैं कि पुलिस नियंत्रण कक्ष में अज्ञात कॉल आने के बाद सुरक्षा एजेंसियों ने यह पता लगाने के लिए गहन जांच की कि क्या इंडिगो विमान में सही में कोई विस्फोटक रखा गया था। हालांकि, विमान में ऐसा कोई सामान नहीं मिला, जिसके बाद अधिकारियों और अन्य लोगों ने राहत की सांस ली। उड़ान में लगभग 170 यात्री और चालक दल के सदस्य मौजूद थे। फोन करने वाले का पता लगाने के लिए पूछताछ की जा रही है।
योगी सरकार 50 एकड़ में बनाएगी इत्र पार्क..
देश-विदेश: योगी सरकार आगरा-लखनऊ एक्सप्रेस-वे पर इत्र पार्क का निर्माण कर रही है। 57 एकड़ में बना यह परफ्यूम पार्क कन्नौज की छोटी कंपनी के मालिकों के लिए एक मंच प्रदान करेगा जहां वे न केवल सरकारी सुविधाओं का उपयोग करके अपने सामान का निर्माण कर सकते हैं, बल्कि अंतरराष्ट्रीय स्तर पर उनका विपणन भी कर सकते हैं।
इस इत्र पार्क के जरिए सरकार का उद्देश्य है कि यहां जो इंडस्ट्रीज छोटे-छोटे स्केल पर घरों या दुकानों से काम कर रही हैं, उन्हें निकालकर एक ऐसी जगह पर लाया जाएगा जहां उन्हें एडवांस मशीनरी के साथ सामान्य सुविधाएं उपलब्ध कराई जा सकें। इसका उद्घाटन नवंबर के अंत तक होने की संभावना है। तब तक इसका प्रथम चरण पूर्ण हो जाएगा। पहले चरण में 30 एकड़ पर निर्माण होगा, जबकि दूसरे चरण में बाकी 27 एकड़ पर पार्क का निर्माण किया जाएगा।
कन्नौज के छोटे इत्र कारोबारी अपने घरों से काम कर रहे हैं। इत्र पार्क में उन्हें प्लॉट उपलब्ध कराए जाएंगे। यहां पर वो अपने उत्पादों को बड़े स्तर पर प्रदर्शित कर पाएंगे। इसके साथ ही छोटे कारोबारी आमतौर पर कोयले या लकड़ी का इस्तेमाल कर परफ्यूम बनाते हैं, जिसके चलते प्रदूषण होता है। ऐसे में उद्योग को बचाने के लिए जरूरी है कि इसका निर्माण गैस पर हो और ये सुविधा इत्र पार्क में उपलब्ध होगी।
इसके साथ ही यहां कॉमन फैसिलिटी लैब भी रहेगी, जिसके जरिए कारोबारी अपने उत्पाद का सर्टिफिकेट भी हासिल कर सकेंगे। इत्र पार्क में नए प्रोडक्ट डेवलपमेंट की भी सुविधा मिल सकेगी। ये पार्क थीमेटिक पार्क होगा। जो लोग एक्सप्रेस-वे से गुजरते हैं या बाहर से आते हैं, उन्हें दिखाया जाएगा कि इत्र कैसे बनता है। इसके साथ ही टूरिस्ट्स को कॉमन फैसिलिटी सेंटर (सीएफसी) ले जाया जाएगा, ताकि वो उत्पादों को खरीद भी सकें।
विजय देवरकोंडा की फिल्म लाइगर की हुई अच्छी शुरुआत..
लेकिन हिंदी बॉक्स ऑफिस पर नहीं किया कमाल..
देश-विदेश: विजय देवरकोंडा और अनन्या पांडे की फिल्म लाइगर गुरुवार को रिलीज हो गई है। फिल्म में विजय, अनन्या के अलावा राम्या कृष्णन, रोनित रॉय अहम किरदार में हैं। वहीं फाइटर माइक टायसन का फिल्म में कैमियो है। इस फिल्म के जरिए विजय ने बॉलीवुड डेब्यू किया है। फिल्म को मिक्स रिस्पॉन्स मिल रहा है। विजय की परफॉर्मेंस की भले ही तारीफ हो रही है, लेकिन फिल्म की स्टोरी को कुछ खास नहीं बता रहे। वैसे हिंदी से ज्यादा साउथ बेल्ट में फिल्म को ज्यादा अच्छा रिस्पॉन्स मिल रहा है। इसी बीच अब फिल्म का पहले दिन का बॉक्स ऑफिस कलेक्शन भी आ गया है।
जानकारी के अनुसार फिल्म ने पहले दिन 21-23 करोड़ तक का कलेक्शन किया है। सिर्फ तेलुगु में ही फिल्म ने लगभग 15 करोड़ कमाए हैं। हालांकि हिंदी में फिल्म का कलेक्शन कुछ खास नहीं रहा। ये हिंदी फिल्म है, लेकिन यहीं फिल्म ज्यादा नहीं चली। लाइगर के बारे में बता दें कि ये एक स्पोर्ट्स ड्रामा फिल्म है जिसे पुरी जग्गनाथ से डायरेक्ट किया है। इस फिल्म का ट्रेलर जब रिलीज हुआ था तो काफी पसंद किया गया था। लेकिन फिल्म को वैसा रिस्पॉन्स नहीं मिल रहा है।
ब्रह्मास्त्र का दशहरा स्पेशल सॉन्ग रिलीज..
देश-विदेश: अरिजीत सिंह की आवाज में रणबीर कपूर की फिल्म ब्रह्मास्त्र का तीसरा गाना रिलीज हो गया है। यूट्यूब पर जारी इस गाने का टाइटल है डांस का भूत’। बता दें इस गाने के लिरिक्स अमिताभ भट्टाचार्य ने लिखे हैं और संगीत प्रीतम ने दिया है.डांस का भूत’ गाने में रणबीर कपूर को दशहरा फेस्टिवल में बहुत से डांसर्स के साथ जबरदस्त एनर्जेटिक डांस करते हुए देखा जा सकता।
ना केवल डांस इस सॉन्ग के तीन मिनट के वीडियो में गाने में इस्तेमाल किया गया भव्य सेट भी ध्यान खीचता है। गाने में रणबीर को औरतों के साथ ट्रेडिशनल डांस धुनाची भी करते हुए देखा जा सकता है। इसके बाद रणबीर DJ के अवतार में हजारों डांसर्स को अपनी धुन पर थिरकने के लिए मजबूर करते दिख रहे हैं। बता दें इस गाने को जाने माने कोरियोग्राफर गणेश आचार्य ने कोरियोग्राफ किया है।
दशहरा फेस्टिवल के आस-पास इस गाने को रिलीज करना दर्शकों के लिए किसी ट्रीट से कम नहीं है। सबसे खास बात ये कि गाने के वीडियो में दशहरा त्योहार की सबसे प्रचलित परम्परा रावण दहन भी दिखाया गया है। वीडियो के सीन में रणबीर कपूर बहुत बड़े कई ड्रम से बने पिरामिड पर रावण के सामने खड़े होकर रावण दहन देखते हैं।
गाने का ये सीन रोमांचित करता है। रणबीर के इस गाने को फैन्स बेहद पसंद भी की रहे हैं। एक फैन ने लिखा है, वाह ये गाना कितना शानदार है, अयान मुखर्जी के निर्देशन में बनी फिल्म ब्रह्मास्त्र 9 सितंबर को हिंदी, तमिल, तेलुगु, कन्नड़ और मलयालम में सिनेमाघरों में रिलीज होगी। फिल्म में आलिया भट्ट, अमिताभ बच्चन, नागार्जुन और मौनी रॉय भी मुख्य भूमिकाओं में हैं।
भूपेंद्र सिंह चौधरी बने भाजपा के नए प्रदेश अध्यक्ष..
देश-विदेश: भाजपा ने लोकसभा चुनाव 2024 का एलान करते हुए यूपी भाजपा के अध्यक्ष की घोषणा कर दी है। वर्तमान सरकार में पंचायती राज मंत्री भूपेंद्र सिंह चौधरी को यह पद दिया गया है। इसके साथ पहली बार ऐसा हुआ है जब एक जाट नेता को कमान दी गई है। भाजपा के ‘एक व्यक्ति एक पद’ के अनुशासन के अनुसार, अध्यक्ष पद के लिए नाम घोषित होने के बाद चौधरी को मंत्री पद से इस्तीफा देना होगा। 54 वर्षीय भूपेंद्र चौधरी 2016 में पहली बार विधान परिषद सदस्य चुने गए थे। 2017 में प्रदेश में सरकार बनने पर उन्हें पंचायती राज विभाग का राज्यमंत्री स्वतंत्र प्रभार बनाया गया था।
आपको बता दे कि भाजपा के नवनियुक्त प्रदेश अध्यक्ष भूपेंद्र सिंह चौधरी का कहना हैं कि पार्टी और कार्यकर्ताओं की अपेक्षाओं के अनुसार काम करूंगा। भाजपा को आगे ले जाने के लिए काम करेंगे। उनका कहना हैं कि भाजपा के असंख्य कार्यकर्ता हमेशा चुनाव के मोड़ में रहते है। उन्होंने कहा कि बहुत से ऐसे कार्यकर्ता थे जो मुझसे अच्छा काम कर सकते थे लेकिन पार्टी ने उन्हें मौका दिया है नेतृत्व की अपेक्षाओं के अनुसार काम करेंगे। उन्होंने कहा कि पिछले चार चुनाव से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में अपार सफलता मिली है।
कार्यकर्ताओं ने मेहनत से अच्छे परिणाम दिए है। मोदी के नेतृत्व में सफलता के इस क्रम को लगातार जारी रखेंगें। उन्होंने कहा कि यूपी में बूथ स्तर तक भाजपा का संगठन खड़ा है। 2024 में सभी 80 सीटों पर पार्टी की जीत होगी। 2019 में मंत्रिमंडल फेरबदल में चौधरी को कैबिनेट मंत्री बनाया गया। योगी आदित्यनाथ सरकार 2.0 में चौधरी को पुनः कैबिनेट मंत्री बनाते हुए पंचायती राज विभाग की जिम्मेदारी दी गई। चौधरी हाल ही में पुनः विधान परिषद सदस्य निर्वाचित हुए हैं।
जयवीर शेरगिल का कांग्रेस पार्टी से इस्तीफा..
देश-विदेश: कांग्रेस नेता जयवीर शेरगिल ने कांग्रेस पार्टी के राष्ट्रीय प्रवक्ता के पद से इस्तीफा दे दिया है। शेरगिल ने सोनिया गांधी को लिखे अपने इस्तीफे में लिखा, “मुझे यह कहते हुए दुख हो रहा है कि निर्णय लेना अब जनता और देश के हित में नहीं है, बल्कि उन लोगों के स्वार्थ से प्रभावित है जो चाटुकारिता में लिप्त हैं।” और लगातार वास्तविक दुनिया की उपेक्षा कर रहा है।
इसके साथ ही उन्होंने दावा किया कि पार्टी राष्ट्र और लोगों के व्यक्तिगत हितों को प्राथमिकता देती है।जबकि सार्वजनिक और राष्ट्रीय हितों की अनदेखी की जा रही है। शेरगिल ने अपने पत्र में कहा कि प्राथमिक कारण यह है कि भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस के वर्तमान निर्णय निर्माताओं की विचारधारा और दूरदृष्टि अब युवाओं और आधुनिक भारत की आकांक्षाओं के अनुरूप नहीं है।
पेशे से वकील शेरगिल कांग्रेस के युवा नेताओं के जाने माने सदस्य थे। वह पंजाब का रहने वाला हैं। शेरगिल का इस्तीफा तब आया है जब लगातार युवा कांग्रेस के नेताओं ने संगठन से अपने प्रस्थान की घोषणा की है। पार्टी छोड़ने वाले प्रमुख कांग्रेस नेताओं में ज्योतिरादित्य सिंधिया और जितिन प्रसाद भी शामिल हैं, जो अब भाजपा सरकार में अहम पदों पर हैं।
कोरोना के सक्रिय केस घटकर 96 हजार हुए, 24 घंटे में 36 मौतें..
देश-विदेश: देश में कोरोना के नए मामलों व सक्रिय केस की संख्या में लगातार उतार चढ़ाव जारी है। बीते 24 घंटे में कोरोना संक्रमण के 10,649 नए मामले सामने आए। इस दौरान 36 लोगों की मौत हुई। वहीं, सक्रिय केस की संख्या घटकर 96,442 हो गई है। अब देश में संक्रमितों की कुल संख्या बढ़कर 4,43,68,195 हो गई है। केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय के बुधवार सुबह आठ बजे जारी आंकड़ों के अनुसार कुल मृतक संख्या बढ़कर 5,27,452 हो गई। बुधवार को सामने आए मौतों के 36 मामलों में चार वो लोग भी शामिल हैं, जिनके नाम केरल ने अब मृतकों की सूची में जोड़े हैं। पिछले 24 घंटे में सक्रिय केस में 64 मामलों की कमी आई है। मरीजों के ठीक होने की राष्ट्रीय दर 98.59 फीसदी है।
मुंबई के बड़े होटल में बम की सूचना से हड़कंप..
डिफ्यूज करने के लिए पांच करोड़ रुपये की मांग..
देश-विदेश: मुंबई के एक होटल में उस समय हड़कंप मच गया जब एक अज्ञात व्यक्ति ने फोन कर बताया कि होटल में चार जगहों पर बम रखे हैं। इतना ही नहीं अज्ञात कॉलर ने बम डिफ्यूज करने के लिए पांच करोड़ रुपए की मांग भी की हैं। वहीं कॉल के तुरंत बाद सहार थाने में इसकी सूचना दी गई जिसके बाद पुलिस ने धारा 336, 507 के तहत मामला दर्ज कर लिया। सहार पुलिस थाने के एक अधिकारी का कहना हैं कि प्रारंभिक जांच के अनुसार, यह एक शरारत और एक फर्जी कॉल लग रहा है। उन्होंने कहा कि कई टीमों का गठन किया गया है और फोन करने वाले को पकड़ने के प्रयास जारी हैं।
