सीएम धामी बोले—युवाओं के सपनों और मेहनत से कोई समझौता नहीं, सरकार पूरी पारदर्शिता के साथ खड़ी है छात्रों के साथ
देहरादून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने सोमवार को परेड ग्राउंड में आंदोलन कर रहे युवाओं के बीच पहुंचकर उत्तराखंड अधीनस्थ सेवा चयन आयोग की गत सप्ताह आयोजित परीक्षा प्रकरण की सीबीआई जांच कराने पर सहमति दे दी है।
सोमवार दोपहर बाद सीएम धामी अचानक, परेड ग्राउंड में आंदोलनरत युवाओं के बीच पहुंच गए। यहां सीएम ने युवाओं का पक्ष सुनने के बाद कहा कि युवा इस त्योहारी सीजन में इतनी गर्मी के बीच आंदोलन कर रहे हैं, इससे खुद उन्हें भी अच्छा नहीं लग रहा है। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि सरकार का एक ही संकल्प है कि परीक्षा प्रक्रिया पूरी तरह पारदर्शी होनी चाहिए। विगत चार साल में सरकार ने इसी संकल्प के अनुसार काम किया है।
मुख्यमंत्री धामी ने युवाओं से भावुक अपील करते हुए कहा कि वो जानते हैं कि उत्तराखंड के युवा और छात्र पढ़ाई के बाद सरकारी नौकरी के लिए तैयारी करते हैं। इसी आधार पर उनके पास जीवन के लिए खूबसूरत सपने होते हैं। मुख्यमंत्री ने कहा कि उन्होंने खुद ऐसी परिस्थितियों को देखा है, छात्रों और युवाओं के बीच काम करते हुए, इसका अनुभव लिया है।
युवाओं को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी कहा कि विगत दिनों सामने आए प्रकरण की जांच हाईकोर्ट के रिटायर्ड जज की निगरानी में एसआईटी द्वारा की जा रही है। कमेटी ने काम भी शुरु किया है, लेकिन फिर भी युवा सीबीआई जांच की मांग कर रहे हैं, इस कारण सरकार इस मामले में सीबीआई जांच की संस्तुति करेगी। इसमें कोई रुकावट नहीं आएगी।
मैं भी आया हूं धरना स्थल पर
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि वो चाहते तो ये बातचीत कार्यालय में भी हो सकती थी, लेकिन युवाओं के कष्ट को देखते हुए, उन्होंने खुद धरना स्थल पर आने का निर्णय लिया है, वो पूरी तरह युवाओं के साथ हैं। मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार ने पिछले चार साल में पारदर्शी तरीके से 25 हजार से अधिक सरकारी भर्तियां की है, इमसें कहीं कोई शिकायत नहीं आई है। सिर्फ एक प्रकरण में यह शिकायत आई है, इसलिए युवाओं के मन से हर तरह की शंका को मिटाने के लिए सरकार पूरी तरह प्रतिबद़ध है। सीएम धामी ने कहा कि विगत सप्ताह भी जब युवा उनसे मिले थे तो उन्होंने तब ही स्पष्ट कर दिया था कि सरकार चाहती है कि युवाओं के मन में कोई अविश्वास, संदेह या शंका न रहे। इसलिए वो बिना किसी को बताए सीधे यहां परेड ग्राउंड में चले आए हैं।
मुकदमें वापस होंगे
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि आंदोलन के दौरान यदि युवाओं पर कहीं कोई मुकदमें दर्ज हुए हैँ तो उन्हें वापस लिया जाएगा। मुख्यमंत्री ने कहा कि अमृतकाल के विकसित भारत में उत्तराखंड देश का सर्वश्रेष्ठ राज्य बने, इसमें युवाओं की सबसे महत्वपूर्ण भूमिका होगी।
‘डोंट मिस ए बीट’ थीम पर आयोजित कार्यक्रम में विशेषज्ञों ने स्वस्थ जीवनशैली अपनाने का दिया संदेश
देहरादून। स्टेशन स्वास्थ्य संगठन ने मिलिट्री हॉस्पिटल (MH), देहरादून के साथ मिलकर देहरादून मिलिट्री स्टेशन में 29 सितंबर को विश्व हृदय दिवस 2025 मनाया। यह आयोजन वैश्विक थीम “डोंट मिस ए बीट” (“Don’t Miss a Beat.”) के तहत किया गया, जिसका मुख्य उद्देश्य हृदय रोगों और जीवनशैली से जुड़ी बीमारियों के बारे में जागरूकता बढ़ाना था।
कार्यक्रम का आरंभ एक उद्घाटन भाषण से हुआ, जिसके बाद कर्नल आलोक गुप्ता, ओसी एसएचओ देहरादून ने एक व्याख्यान दिया। उन्होंने स्वस्थ जीवनशैली को अपनाकर हृदय रोगों को रोकने के महत्व पर जोर दिया। ब्रिगेडियर परीक्षित सिंह, कमांडेंट एमएच देहरादून ने भी महत्वपूर्ण संबोधन दिया, जिसमें उन्होंने अच्छे स्वास्थ्य को बनाए रखने के लिए मुख्य सुझाव दिए और नियमित स्वास्थ्य जांच के महत्व को समझाया।

इस अवसर पर चिकित्सा स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण विभाग, उत्तराखंड द्वारा एक लघु नाटिका (स्किट) प्रस्तुत की गई। इसका उद्देश्य जीवनशैली से जुड़ी बीमारियों और एचआईवी/एड्स के बारे में जागरूकता पैदा करना था। यह प्रदर्शन लोगों को स्वस्थ जीवनशैली अपनाने के महत्व पर शिक्षित करने के लिए था, जैसे कि संतुलित पोषण, नियमित व्यायाम और तनाव प्रबंधन, ताकि मधुमेह (डायबिटीज), उच्च रक्तचाप (हाइपरटेंशन), और हृदय रोग जैसी स्थितियों को रोका जा सके। साथ ही, इसमें एचआईवी/एड्स की रोकथाम और प्रबंधन को भी संबोधित किया गया। यह लघु नाटिका “स्वस्थ महिला और सशक्त परिवार पखवाड़ा” पहल के तहत आयोजित की गई थी, जिसमें रोकथाम, सुरक्षित अभ्यास और सामाजिक कलंक (स्टिग्मा) को कम करने पर जोर दिया गया। स्वास्थ्य शिविर और समापन
कार्यक्रम स्थल पर एक निःशुल्क स्वास्थ्य शिविर का आयोजन किया गया, जिसमें रक्तचाप (ब्लड प्रेशर), रक्त शर्करा (ब्लड शुगर), ऊंचाई (हाइट), और वजन (वेट) की जांच की सुविधा प्रदान की गई। इसके अतिरिक्त, हृदय देखभाल और सामान्य स्वास्थ्य के लिए सुझावों को प्रदर्शित करने वाली एक स्वास्थ्य प्रदर्शनी भी लगाई गई।
इससे पहले केन्द्रीय विद्यालय (KV) अपर कैंप और केन्द्रीय विद्यालय बिरपुर में आयोजित चित्रकला प्रतियोगिताओं के विजेताओं को पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया। इसका उद्देश्य युवा प्रतिभागियों को रचनात्मकता के माध्यम से स्वास्थ्य जागरूकता को बढ़ावा देने के लिए प्रोत्साहित करना था।
कार्यक्रम का समापन स्वस्थ जीवनशैली अपनाने और जागरूकता फैलाने की शपथ के साथ हुआ, जो इस वर्ष की थीम “डोंट मिस ए बीट” की भावना को दर्शाता है।
125 दिनों तक 240 बहुउद्देशीय शिविरों के जरिए ग्रामीणों तक पहुँचेगी योजनाएं
देहरादून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने सोमवार को मुख्यमंत्री कैंप कार्यालय से डॉ० भीमराव अम्बेडकर समाज कल्याण बहुउद्देशीय शिविर रथ को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। मुख्यमंत्री ने कहा कि यह रथ 125 दिनों तक राज्य के विभिन्न ग्रामीण क्षेत्रों में 240 बहुउद्देशीय शिविरों के माध्यम से गरीब, जरूरतमंद एवं वंचित वर्ग के लोगों तक केंद्र एवं राज्य सरकार की कल्याणकारी योजनाओं का लाभ पहुँचाएगा।
मुख्यमंत्री ने कहा कि इन शिविरों के माध्यम से ग्राम पंचायत एवं ब्लॉक स्तर की समस्याओं का मौके पर ही समाधान किया जायेगा, जिससे ग्रामीण क्षेत्रों में लाभार्थियों को सीधा लाभ मिलेगा।मुख्यमंत्री ने सभी जिलाधिकारियों को निर्देशित किया कि शिविरों में जनपदों के वरिष्ठ अधिकारियों की उपस्थिति में सभी लाभार्थी योजनाओं एवं सेवाओं का त्वरित निस्तारण सुनिश्चित किया जाए।
इस अवसर पर समाज कल्याण अनुश्रवण समिति के उपाध्यक्ष देशराज कर्णवाल, माटी कला बोर्ड के उपाध्यक्ष शोभाराम प्रजापति, पूर्व विधायक प्रणव चैंपियन सहित अन्य जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे।
सोमेश्वर में किया ब्लॉक स्तरीय खेल प्रतियोगिता का उद्घाटन
सोमेश्वर। सोमेश्वर में सोमवार को दो दिवसीय ब्लॉक स्तरीय खेलकूद प्रतियोगिता की शुरुआत प्रदेश की खेल मंत्री रेखा आर्या ने की। मैदान में खिलाड़ियों का उत्साह देखते हुए उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में प्रदेश सरकार खेल और खिलाड़ियों के उत्थान के लिए पूरी ताकत से काम कर रही है।
रेखा आर्या ने कहा कि खेल केवल मनोरंजन नहीं हैं, बल्कि अनुशासन, आत्मविश्वास और जीवन में आगे बढ़ने की प्रेरणा देते हैं। सरकार ने खिलाड़ियों को प्रोत्साहित करने के लिए मुख्यमंत्री उदीयमान खिलाड़ी उन्नयन योजना और खिलाड़ी प्रोत्साहन योजना शुरू की है। पदक जीतने वाले खिलाड़ियों को सरकारी नौकरी देने का प्रावधान भी हमारी प्रतिबद्धता को दर्शाता है।

कैबिनेट मंत्री रेखा आर्या ने कहा कि खेल का मैदान जीवन की असली पाठशाला है। जो युवा अनुशासन और परिश्रम के साथ मैदान में उतरते हैं, वे केवल पदक ही नहीं जीतते, बल्कि हजारों-लाखों लोगों के लिए आदर्श भी बनते हैं। आने वाले समय में यही खिलाड़ी उत्तराखंड का गौरव बढ़ाएंगे।
खेल मंत्री रेखा आर्या ने कहा कि सरकार उनकी हरसंभव मदद के लिए तैयार है। अगर खिलाड़ी मेहनत करेंगे तो खेल ही आपके लिए करियर का नया रास्ता खोलेगा। प्रदेश सरकार आपके सपनों को पूरा करने के लिए आपके साथ खड़ी है।
इस अवसर पर विधायक प्रतिनिधि भुवन जोशी, मंडल अध्यक्ष सुंदर राणा, ज्येष्ठ प्रमुख राजेंद्र कैड़ा, जिला पंचायत सदस्य संतोष कुमार, खंड शिक्षा अधिकारी हरीश रौतेला, क्षेत्र पंचायत सदस्य विनोद मेहरा, कृष्णा भंडारी, भरत भाकुनी, भूपाल मेहरा, शंकर बिष्ट, पंकज जोशी, कमल गिरी सहित बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि और खेल प्रेमी मौजूद रहे।
दो अक्टूबर को मंदिर परिसर में भव्य धार्मिक आयोजन के दौरान तिथि का ऐलान किया जाएगा
चमोली। बदरीनाथ धाम के कपाट बंद होने की तिथि इस साल दो अक्टूबर, विजयदशमी को निर्धारित की जाएगी। इस अवसर पर मंदिर परिसर में भव्य धार्मिक आयोजन किया जाएगा, जिसमें पंचांग गणना और धर्माचार्यों की उपस्थिति में आगामी वर्ष के लिए कपाट बंद होने की तिथि का ऐलान होगा।
बदरीनाथ के मुख्य पुजारी रावल और केदारनाथ-बदरीनाथ मंदिर समिति के पदाधिकारी तिथि की घोषणा करेंगे। बीकेटीसी के मीडिया प्रभारी डॉ. हरीश गौड़ ने बताया कि कार्यक्रम में पंज पूजा, उद्धव व कुबेर जी के पांडुकेश्वर प्रस्थान, आदि गुरु शंकराचार्य की गद्दी और भगवान विष्णु के वाहन गरुड़ जी के नृसिंह मंदिर ज्योतिर्मठ गद्दी स्थल के लिए प्रस्थान का मुहूर्त तय किया जाएगा।
साथ ही, अगले वर्ष 2026 में होने वाली यात्रा के लिए भंडार सेवा हेतु पगड़ी भेंट भी दी जाएगी। इस प्रकार, विजयदशमी का यह अवसर न केवल धार्मिक बल्कि भव्य सांस्कृतिक आयोजन का प्रतीक बन जाएगा।
बेरोजगार संगठन के मंच पर शिक्षकों का अपमान, सोशल मीडिया पर शिक्षिका उत्तरा पंत बहुगुणा के भड़के स्वर
उत्तरा पंत बहुगुणा ने सरकार से की युवती के शैक्षिक प्रमाणपत्रों के जांच की मांग, नहीं हुई जांच तो भूख हड़ताल की दी चेतावनी
देहरादून। उत्तराखंड की चर्चित सेवानिवृत्त अध्यापिका उत्तरा पंत बहुगुणा बेरोजगार युवाओं के आंदोलन में समर्थन देने पहुँचीं, लेकिन मंच से एक युवती द्वारा शिक्षकों के खिलाफ की गई अभद्र टिप्पणी पर उन्होंने कड़ा विरोध जताया है।
उत्तरा पन्त बहुगुणा ने अपने फेसबुक पोस्ट में लिखा कि आंदोलन का मुद्दा पेपर लीक था, लेकिन मंच पर अचानक धार्मिक और राजनीतिक बयानबाजी शुरू हो गई और फिर शिक्षकों को लेकर मर्यादा तोड़ते हुए अपशब्द कहे गए। उन्होंने कहा कि वे चाहतीं तो उसी समय सख्त प्रतिक्रिया देतीं, लेकिन संघर्षरत युवाओं की तपस्या को देखते हुए चुप रहीं। उन्होंने चेतावनी दी है कि अब वे मानहानि का मुकदमा दायर करेंगी और सरकार से मांग की कि उनकी और संबंधित युवती की शैक्षिक योग्यता की जांच कराई जाए। बहुगुणा ने साफ कहा, “यदि जांच नहीं हुई तो मैं भूख हड़ताल पर बैठ जाऊंगी।”

उन्होंने आरोप लगाया कि यदि किसी शिक्षक पर व्यक्तिगत आरोप हैं तो उसका नाम लेकर बात की जानी चाहिए थी, न कि पूरे शिक्षकीय समुदाय को कलंकित किया जाए। साथ ही युवती की डिग्री की सत्यता पर भी सवाल उठाए।

इस विवाद पर अभी तक न तो आंदोलन संचालकों और न ही सरकार की ओर से कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया आई है। हालांकि सोशल मीडिया पर बहुगुणा का समर्थन करने वालों की संख्या लगातार बढ़ रही है और लोग इस घटना को शिक्षकों की गरिमा पर हमला मान रहे हैं।

जब तक मैं जीवित हूँ, तब तक उत्तराखंड के एक-एक छात्र को न्याय दिलाना मेरा संकल्प- सीएम धामी
देहरादून। उत्तराखंड अधीनस्थ सेवा चयन आयोग (UKSSSC) की 21 सितम्बर को हुई स्नातक स्तरीय परीक्षा पेपर लीक प्रकरण में फंस गई है। इस मामले को लेकर युवाओं का आक्रोश बढ़ता जा रहा है और वे लगातार सीबीआई जांच की मांग कर रहे हैं।
भाजपा प्रदेश कार्यालय में मीडिया से अनौपचारिक वार्ता के दौरान मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि इस प्रकरण में किसी भी आरोपी को छोड़ा नहीं जाएगा। SIT गठित कर दी गई है और जो भी दोषी पाया जाएगा, उसके खिलाफ कठोर कार्रवाई होगी।
मुख्यमंत्री ने कहा, “उत्तराखण्ड की देवतुल्य जनता और मीडिया जगत इस बात के साक्षी हैं कि हमारी सरकार ने देश का सबसे सख्त नकल विरोधी कानून लागू किया और 100 से अधिक नकल माफियाओं को सलाखों के पीछे भेजा। बीते चार सालों में 25,000 से अधिक युवाओं को योग्यता व प्रतिभा के आधार पर सरकारी नौकरी दी गई है, जो पूरी तरह पारदर्शी तरीके से हुईं।”
सीएम धामी ने छात्रों को भरोसा दिलाते हुए कहा कि उनकी सरकार छात्रों के हित में निर्णय लेने के लिए एक प्रतिशत भी पीछे नहीं हटेगी। उन्होंने कहा, “जब तक मैं जीवित हूँ, तब तक उत्तराखंड के एक-एक छात्र को न्याय दिलाना मेरा संकल्प है। आने वाली परीक्षाओं में नकल कराने का प्रयास करने वालों के खिलाफ कठोरतम कार्रवाई होगी।”
मुख्यमंत्री ने बताया कि प्रदेश में अगले एक वर्ष में 10,000 नई नियुक्तियाँ की जानी हैं और इनका कैलेंडर जारी किया जा चुका है। सभी नियुक्तियाँ पारदर्शिता और निष्पक्षता के साथ कराई जाएँगी।
सीबीआई जांच के सवाल पर मुख्यमंत्री ने कहा, “अभी SIT जांच कर रही है, पहले उसे पूरा होने दिया जाए। हमें किसी भी जांच से परहेज नहीं है। छात्रों के हित में जो भी जरूरी होगा, हम करेंगे। CBI जांच से भी कोई परहेज नहीं है।”
मुख्यमंत्री धामी ने गढ़ी कैंट बाजार में व्यापारियों से की जीएसटी पर चर्चा
देहरादून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने गढ़ी कैंट बाज़ार पहुंचे, जहाँ उन्होंने स्थानीय व्यापारियों और आमजन से जीएसटी पर संवाद किया। मुख्यमंत्री ने व्यापारियों से नए जी.एस.टी. स्लैब पर सुझाव व फीडबैक लिया और उनसे आग्रह किया कि वे आम जनता को घटे हुए जी.एस.टी. दरों की जानकारी दें। मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार ने जनता को सीधा लाभ पहुंचाने के उद्देश्य से कई आवश्यक वस्तुओं और सेवाओं पर जी.एस.टी. दरों में कमी की है। “नेक्स्ट जनरेशन जी.एस.टी” की यह पहल व्यापार और अर्थव्यवस्था को गति देने के साथ ही जनता को राहत भी प्रदान करेगी।
स्वदेशी उत्पादों को बढ़ावा देने की अपील
मुख्यमंत्री ने उपस्थित लोगों से कहा कि स्थानीय और स्वदेशी उत्पादों को बढ़ावा देना हर नागरिक का कर्तव्य है। इससे किसानों, कारीगरों और छोटे व्यापारियों को मजबूती मिलेगी तथा भारत की अर्थव्यवस्था और अधिक मजबूत बनेगी।
उन्होंने कहा कि उत्तराखंड जैसे पहाड़ी राज्य के लिए स्वदेशी उत्पादों को बढ़ावा देना विशेष महत्व रखता है, क्योंकि यहां के उत्पाद देशभर में अपनी अलग पहचान रखते हैं। मुख्यमंत्री ने सभी से अपील की कि वे स्थानीय उत्पादों को अपनाएं और दूसरों को भी इसके लिए प्रेरित करें।
इस अवसर पर कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी भी मौजूद रहे।
अल्मोड़ा/सोमेश्वर। कैबिनेट मंत्री रेखा आर्या ने रविवार को निजी आवास सोमेश्वर में पार्टी कार्यकर्ताओं के साथ मन की बात कार्यक्रम का 126 वां एपिसोड सुना।
कैबिनेट मंत्री रेखा आर्या ने कहा कि प्रधानमंत्री ने महिला सशक्तिकरण को आगे बढ़ाने का आह्वान किया और दो महिला नौसेना अधिकारियों से संवाद कर उनके साहस का उत्साहवर्धन किया। यह देश की महिलाओं को आत्मबल और प्रेरणा देने वाला संदेश है।
त्योहारी सीजन को देखते हुए प्रधानमंत्री का स्थानीय स्तर पर बने स्वदेशी उत्पादों को अपनाने और “वोकल फॉर लोकल” का आह्वान हर नागरिक के लिए मार्गदर्शक है। यह न केवल देश की अर्थव्यवस्था को सशक्त करेगा बल्कि ‘आत्मनिर्भर भारत’ के निर्माण में भी मील का पत्थर सिद्ध होगा।
कैबिनेट मंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री ने महर्षि वाल्मीकि के जीवन और उनकी शिक्षाओं को याद करते हुए समाज को समानता, न्याय और करुणा के मार्ग पर चलने की अपील की। इससे समाज में सकारात्मक सोच और एकता का वातावरण बनेगा।
रेखा आर्या ने अपील की कि हम सभी को महिला सशक्तिकरण, स्वदेशी उत्पादों का प्रयोग और महापुरुषों की शिक्षाओं को अपने जीवन का हिस्सा बनाना चाहिए। यही प्रधानमंत्री जी के ‘मन की बात’ कार्यक्रम का वास्तविक संदेश है, जो हर भारतीय को आत्ममंथन और समाजहित में योगदान करने की दिशा दिखाता है।
पुलिस ने चलाया रेस्क्यू अभियान, सभी सकुशल घर पहुंचे
देहरादून। भद्रराज मंदिर की ओर ट्रैकिंग पर निकले कुछ युवक-युवतियां शनिवार देर रात रास्ता भटक गए। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और रेस्क्यू अभियान चलाकर सभी को सुरक्षित बाहर निकाल लिया। बाद में उन्हें सकुशल घर भेज दिया गया।
ऐसे चला रेस्क्यू
सूचना मिलने के बाद पुलिस टीम तुरंत मंदिर क्षेत्र में पहुंची और तलाशी अभियान शुरू किया। कुछ ही देर में सभी युवक-युवतियों को सुरक्षित ढूंढ लिया गया।
रेस्क्यू किए गए युवक-युवतियां
-
पंकज कुमार (23) पुत्र आसाराम, निवासी रतनपुर चौकी नयागांव, थाना पटेल नगर, देहरादून
-
उज्जवल पांडे (21) पुत्र दीपक पांडे, निवासी नंद की चौकी, थाना प्रेम नगर, देहरादून
-
सोमेश श्रीवास्तव (24) पुत्र मनोज श्रीवास्तव, निवासी बल्लूपुर, थाना कैंट, देहरादून
-
मनीष जोशी (24) पुत्र वीरेंद्र जोशी, निवासी वसंत विहार, थाना वसंत विहार, देहरादून
-
कमल मित्तल (23) पुत्री संजय मित्तल, निवासी ब्रह्मपुरी सहस्त्रधारा, थाना रायपुर, देहरादून
-
खुशी पंवार (20) पुत्री बलवंत सिंह, निवासी करी गांव, थाना प्रेम नगर, देहरादून
-
रिया मेहरा (22) पुत्री राजेंद्र सिंह, निवासी गोकुल कुंज स्मिथ नगर, थाना प्रेम नगर, देहरादून
-
संध्या बिष्ट (22) पुत्री बालम सिंह बिष्ट, निवासी पूजा बिहार, आईएसबीटी के पास, देहरादून
पुलिस ने अपील की है कि ट्रैकिंग पर जाने वाले लोग मौसम, समय और रास्ते की पूरी जानकारी लेकर ही निकलें, ताकि इस तरह की घटनाओं से बचा जा सके।
