कल राजनाथ सिंह गौचर में करेंगे जनसभा, भाजपा ने शुरू की तैयारी..
उत्तराखंड: लोकसभा चुनाव के लिए पार्टियों का प्रचार छह दिनों बाद थम जाएगा। ऐसे में भाजपा अब चमोली जिले में स्टार प्रचारकों को उतारने वाली है। इसकी शुरुआत गौचर से होगी। गौचर में 12 अप्रैल को केंद्रीय रक्षामंत्री राजनाथ सिंह गढ़वाल लोकसभा सीट से भाजपा प्रत्याशी अनिल बलूनी के पक्ष में जनसभा को संबोधित करेंगे। भाजपा ने इसकी तैयारी शुरू कर दी है।
रक्षामंत्री के कार्यक्रम को लेकर भाजपा के प्रदेश प्रवक्ता सतीश लखेड़ा ने बुधवार को गौचर पहुंचे।उनका कहना हैं कि राजनाथ सिंह की सभा के बाद श्रीनगर में उत्तरप्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ जनसभा करेंगे। वहीं गोपेश्वर व अन्य स्थानों पर भी पार्टी स्टार प्रचारकों को उतारेगी। इस दौरान नगर अध्यक्ष सुभाष चमोली, आलम सिंह पंवार, चेतन मनोड़ी आदि मौजूद थे।
बाबा रामदेव को झटका! सुप्रीम कोर्ट ने अस्वीकार किया हलफनामा.
उत्तराखंड: सुप्रीम कोर्ट ने 10 अप्रैल को दवाओं के भ्रामक विज्ञापन मामले में बाबा रामदेव और आचार्य बालकृष्ण के खिलाफ अवमानना याचिका पर सुनवाई की. सुनवाई के दौरान दोनों ने बिना शर्त माफी मांग ली। हालांकि, अदालत ने बाबा रामदेव की ओर से दिए गए हलफनामे को स्वीकर करने से इनकार कर दिया। सुनवाई के दौरान जस्टिस हिमा कोहली ने कहा, “हलफनामा हमारे सामने आने से पहले मीडिया में प्रकाशित हो गया। इसे प्रचार के लिए दाखिल किया गया या हमारे लिए?”
रामदेव और बालकृष्ण के वकील मुकुल रोहतगी ने अदालत में कहा, “हमने 6 अप्रैल को ही हलफनामा दाखिल कर दिया था. रजिस्ट्री ने शायद इसे जजों के सामने नहीं रखा.” इसके बाद रोहतगी ने हलफनामे का अंश पढ़कर सुनाया जिसमें बाबा रामदेव और आचार्य बालकृष्ण की ओर से माफी मांगी गई है. जज ने दाखिल हलफनामे पर एतराज जताया. इसमें रामदेव ने देश से बाहर जाने के अपने एक कार्यक्रम की जानकारी दी है. जजों ने इसे देखकर कहा कि इस तरह से सारी प्रक्रिया को हल्के में लिया गया है.
जस्टिस अमानुल्लाह ने सुनवाई के दौरान कहा, “कोर्ट से झूठ बोला गया. इसके बाद जस्टिस हिमा कोहली ने कहा कि हम इस हलफनामे को स्वीकार करने से मना करते हैं। वहीं रोहतगी ने सुनवाई टालने का अनुरोध किया ताकि यह देखा जा सके कि रामदेव और बालकृष्ण को और क्या लिख कर देने की जरूरत है।इस पर जस्टिस कोहली ने कहा कि हम कितनी बार समय दें? मामला सुप्रीम कोर्ट में आने से पहले उत्तराखंड सरकार ने जब आपको विज्ञापन रोकने को कहा था तो आप उनसे भी कहा था कि कानूनन आपके खिलाफ कोई कार्रवाई नहीं हो सकती। क्या आपको कानून नहीं पता था?
सुप्रीम कोर्ट ने मामले की सुनवाई के दौरान उत्तराखंड सरकार को भी कड़ी फटकार लगाई। जजों ने कहा कि केंद्र सरकार ने 2020 में मामला उत्तराखंड सरकार को भेजा था, लेकिन उत्तराखंड के अधिकारियों ने इस मामले में निष्क्रियता दिखाई। अब उन अधिकारियों पर भी कार्रवाई होनी चाहिए जिन्होंने इस मामले में कोई कार्रवाई नहीं की।
रामदेव और बालकृष्ण के वकील ने जजों के सामने दलील देते हुए कहा कि उन्होंने माफी मांगी है। उसे स्वीकार किया जाए। अब जब अधिकारियों से पूछताछ हो रही है। निश्चित रूप से उनकी तरफ से कुछ कार्रवाई होगी। सॉलिसीटर जनरल तुषार मेहता ने पूछा कि माफीनामा लिखी बातों के लिए उन्होंने वकीलों को सलाह दी थी। क्या उसमें कुछ कमी रह गई है? रामदेव और बालकृष्ण के वकील ने भी यही पूछा। इस पर जज ने कहा कि हम आपकी सलाह में कमी नहीं बता रहे, लेकिन पूरे मामले को उसके तथ्यों के आधार पर देख रहे हैं।
उत्तराखंड कांग्रेस के प्रचार को धार देंगी प्रियंका गांधी, 13 अप्रैल को है चुनावी कार्यक्रम..
उत्तराखंड: 13 अप्रैल को कांग्रेस की स्टार प्रचारक और पार्टी राष्ट्रीय महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा की गढ़वाल संसदीय क्षेत्र के रामनगर और हरिद्वार सीट के रुड़की में चुनावी रैली होगी। प्रदेश कांग्रेस कमेटी ने रैली की तैयारियां शुरू कर दी हैं, जिसमें उन्हें समर्थन और उत्साह से स्वागत किया जाएगा। यह रैली न केवल निर्वाचन में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी, बल्कि स्थानीय जनता को भी संबोधित कर राजनीतिक उत्साह को बढ़ावा देगी।
प्रदेश कांग्रेस उपाध्यक्ष मथुरा दत्त जोशी का कहना हैं कि 13 अप्रैल को राष्ट्रीय महासचिव प्रियंका गांधी की चुनावी जनसभा का कार्यक्रम तय हो गया है। गढ़वाल सीट के रामनगर में पार्टी प्रत्याशी गणेश गोदियाल के लिए वोट मांगेंगी। इसी दिन हरिद्वार सीट के रुड़की में चुनावी जनसभा में पार्टी प्रत्याशी वीरेंद्र सिंह के लिए प्रचार करेंगी। चुनावी घोषणा के बाद कांग्रेस की यह पहली चुनावी रैली होगी।
पीसीएस भर्ती परीक्षा के आवेदन में आज से कर सकेंगे संशोधन..
लोक सेवा आयोग ने खोली ऑनलाइन एडिट विंडो..
उत्तराखंड: पीसीएस भर्ती परीक्षा के आवेदनों में अभ्यर्थी मंगलवार से संशोधन कर सकेंगे। इसके लिए उत्तराखंड लोक सेवा आयोग ने ऑनलाइन एडिट विंडो खोल दी है। उत्तराखंड सम्मिलित राज्य सिविल प्रवर अधीनस्थ सेवा (पीसीएस) परीक्षा-2024 के तहत कई विभागों में रिक्त 189 पदों पर सीधी भर्ती के माध्यम से चयन के लिए 14 मार्च 2024 को प्रकाशित विज्ञापन प्रकाशित किया गया था।
इसके लिए अभ्यर्थियों ने तीन अप्रैल तक ऑनलाइन आवेदन जमा कराए थे। ऑनलाइन आवेदनों की प्रक्रिया पूर्ण करने वाले अभ्यर्थियों को अंतिम अवसर प्रदान किया गया है। अभ्यर्थी केवल एक बार नौ अप्रैल से 18 अप्रैल तक आयोग की वेबसाइट पर ऑनलाइन एडिट विंडो पर जाकर संशोधन और त्रुटियों को ठीक कर सकते हैं। आयोग के सचिव गिरधारी सिंह रावत का कहना हैं कि एडिट विंडो पर किया संशोधन ही अंतिम माना जाएगा। इसके बाद आवेदनों में किसी भी प्रकार का बदलाव करने का अवसर अभ्यर्थियों को नहीं दिया जाएगा।
चुनाव प्रचार गरमाने उत्तराखंड आएंगे योगी आदित्यनाथ, इन शहरों में भरेंगे हुंकार..
उत्तराखंड: सीएम योगी आदित्यनाथ ने उत्तर प्रदेश के तीन जनसभाओं की तारीखें तय की गई हैं। भाजपा उनके लिए दो अतिरिक्त जनसभाओं का आयोजन कराने की कोशिश कर रही है। योगी आदित्यनाथ 13 और 14 अप्रैल को उत्तराखंड में चुनावी प्रचार के लिए कार्यक्रम आयोजित करेंगे। वहाँ पर रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह भी जनसभाओं को संबोधित करेंगे।प पार्टी के प्रदेश महामंत्री आदित्य कोठारी ने घोषणा की कि योगी आदित्यनाथ 13 अप्रैल को हल्द्वानी में जनसभा करेंगे, जिसके बाद 14 अप्रैल को उनकी श्रीनगर गढ़वाल में और उसके बाद रुड़की में जनसभा होगी। पार्टी उनकी एक जनसभा अल्मोड़ा और दूसरी सहसपुर में कराने का प्रयास कर रही है। पहले योगी के आगमन से एक दिन पहले, रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह 12 अप्रैल को चुनाव प्रचार के लिए आएंगे।
लोकसभा चुनाव के महापर्व के दौरान प्रधानमंत्री ने 11 अप्रैल को ऋषिकेश में एक विशाल जनसभा का आयोजन किया है। यह जनसभा एक ऐसी व्यवस्था के साथ आयोजित की गई है कि इसमें तीन लोकसभा सीटों के 24 विधानसभा क्षेत्रों के नागरिक शामिल होंगे। पार्टी ने इस आयोजन को सफल बनाने के लिए एक लाख की भीड़ को आमंत्रित करने का लक्ष्य रखा है।
ऋषिकेश पुलिस चौकी कैंपस में लगी भीषण आग..
उत्तराखंड: कोतवाली ऋषिकेश क्षेत्र के अंतर्गत आईडीपीएल पुलिस चौकी कैंपस में अचानक से आग लग गई। चौकी कैंपस में खड़े पुराने वाहनों में सुबह-सुबह आग लगने से हड़कंप मच गया। आग ने देखते ही देखते तेजी ये चौकी में खड़े पांच वाहनों को अपनी चपेट में ले लिया। शनिवार की सुबह अचानक कोतवाली ऋषिकेश क्षेत्र के अंतर्गत आईडीपीएल पुलिस चौकी कैंपस में खड़े पुराने वाहनों में आग लग गई। आग ने अपनी चपेट में कई वाहनों को ले लिया। फायर ब्रिगेड की टीम को बुलाया गया। कैंपस में और भी वाहन खड़े थे जिन्हें बचा लिया गया।
फायर ब्रिगेड की टीम ने आग पर पाया काबू..
ड्यूटी पर तैनात पुलिसकर्मियों ने अधिकारियों को आग लगने की सूचना दी। बता दें कि आईडीपीएल पुलिस चौकी कैंपस में विभिन्न दुर्घटनाओं और अपराधों में प्रयुक्त वाहनों को पकड़ने के बाद खड़ा किया जाता है और इन्हीं वाहनों में आग लग गई। वाहनों की संख्या काफी अधिक है। बता दें कि शनिवार की सुबह करीब 8:30 बजे कैंपस में खड़े वाहनों में आग लगी थी। हालांकि सूचना मिलने पर फायर ब्रिगेड की टीम ने आग पर काबू पा लिया। मिली जानकारी के अनुसार आग के कारण पांच से ज्यादा वाहन जलकर खाक हो गए हैं। चौकी प्रभारी ज्योति प्रसाद उनियाल का कहना हैं कि कैंपस में पुराने वाहनों को खड़ा किया गया था जिनमें अचानक आग लग गई। उन्होंने बताया कि पांच पुरानी कारें आग सके कारण क्षतिग्रस्त हुई हैं। आग लगने के कारणों का अब तक पता नहीं चल पाला है। आग किन कारणों से लगी इसकी जांच की जा रही है।
कांग्रेस ने जारी किया घोषणापत्र, अग्निवीर भर्ती को खत्म करने का दावा..
उत्तराखंड: कांग्रेस ने अपना घोषणापत्र जारी किया है। इस घोषणापत्र के माध्यम से कांग्रेस ने अपनी नीतियों और कार्यक्रमों का सारांश प्रस्तुत किया है। टिहरी लोकसभा समन्वयक मंत्री प्रसाद नैथानी ने इस संबंध में पत्रकारवार्ता की। उन्होंने मीडिया के सामने कांग्रेस की पांच न्याय 25 गारंटी की जानकारी दी, जिससे लोगों को पारदर्शिता और निष्पक्षता की दिशा में भरोसा मिला।
इस घोषणापत्र के माध्यम से कांग्रेस ने अपने विचार और विचारों को सार्वजनिक रूप से जाने दिया है, जिससे लोगों को उनकी राजनीतिक दृष्टि और नीतियों की जानकारी मिली है। शनिवार को पत्रकारवार्ता में मंत्री प्रसाद नैथानी ने बताया कि सत्ता में आने पर कांग्रेस पुरानी पेंशन योजना को लागू करेगी। सैनिकों को वन रैंक वन पेंशन दी जाएगी और अग्निवीर भर्ती को खत्म करने के सथ पूर्व की भांति फौज की भर्ती शुरू की जाएगी।
राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा ने विकासनगर में जनसभा को किया संबोधित..
उत्तराखंड: आज गुरुवार के दिन भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा उत्तराखंड के चुनाव प्रचार को गरमाएंगे। पिथौरागढ़ में जनसभा के बाद, उन्होंने साढ़े चार बजे विकासनगर का दौरा किया। यहां वे टिहरी लोकसभा के प्रत्याशी माला राज्य लक्ष्मी शाह के समर्थन में जनसभा को संबोधित करेंगे। राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा के साथ मंच पर पूर्व मुख्यमंत्री तीरथ सिंह रावत, कैबिनेट मंत्री धन सिंह रावत, गणेश जोशी, टिहरी लोकसभा प्रत्याशी माला राज्य लक्ष्मी शाह, राज्यसभा सांसद नरेश बंसल, विधायक सहसपुर सहदेव सिंह पुंडीर, पूर्व जिला पंचायत सदस्य रामशरण नौटियाल, भाजपा प्रदेश अध्यक्ष महेन्द्र भट्ट, भाजपा प्रदेश प्रभारी दुष्यंत गौतम उपस्थित हैं।
जेपी नड्डा की बाबूगढ़ स्थित हाईवे मैदान पर होने वाली चुनाव सभा को देखते हुए भारी वाहनों का रूट डायवर्ट किया गया है। एक बजे से ही डाकपत्थर और कालसी की ओर से आने वाले भारी वाहनों को मुख्य बाजार विकासनगर में प्रवेश नहीं दिया गया। ये वाहन सैयद रोड होते हुए निकाले गए। हरबर्टपुर की ओर से आने वाले भारी वाहनों को हरबर्टपुर चौक से हरिपुर कैनाल रोड पर डायवर्ट किया गया। इस उपाय के प्रति लोगों में चिंता और असंतोष की भावना है, क्योंकि इससे यातायात में बड़ी असुविधा हो रही है और दुकानदारों को भी नुकसान हो रहा है।
पिथौरागढ़ के प्राइमरी स्कूलों में टीचरों की कमी, धामी सरकार ने हाईकोर्ट से मांगी रिपोर्ट..
उत्तराखंड: हाईकोर्ट ने पिथौरागढ़ के 292 प्राइमरी स्कूलों में अध्यपकों की कमी को लेकर दायर जनहित याचिका पर राज्य सरकार से पूछा है कि ऐसे कितने स्कूल है जिनमें टीचरों की कमी है। ऐसे कितने स्कूल हैं जिनमें छात्र नहीं हैं और ऐसे कितने स्कूल है जिनके भवन जीर्णशीर्ण हालत में है। कोर्ट ने इसकी रिपोर्ट चार सप्ताह के भीतर तलब की है। कोर्ट ने इस संबंध में केंद्र सरकार को भी रिपोर्ट देने के लिए कहा है।
मुख्य न्यायाधीश रितु बाहरी एवं न्यायमूर्ति राकेश थपलियाल की खंडपीठ के समक्ष मामले की सुनवाई हुई। मामले के अनुसार पिथौरागढ़ निवासी राजेश पांडे ने हाईकोर्ट में जनहित याचिका दायर कर कहा था कि पिथौरागढ़ जनपद में 292 ऐसे प्राइमरी स्कूल हैं, जिनमें एक-एक शिक्षक नियुक्त हैं। कुछ स्कूल ऐसे हैं जिनमें छात्रों की संख्या 11, 21, 24 हैं लेकिन उनमें अध्यापक नहीं हैं। कुछ स्कूलों के भवन खस्ताहाल हैं जो कभी भी गिर सकते हैं। याचिका में कहा गया कि सरकार उनके बच्चों के भविष्य से खेल रही है।
सरकार ने स्कूल तो खोल दिए लेकिन अध्यापकों की नियुक्ति नहीं की। जनहित याचिका में कोर्ट से प्रार्थना की गई कि स्कूलों में अध्यापकों की नियुक्ति कराई जाए और स्कूल भवनों को सुधारा जाए। सुनवाई पर सरकार की ओर से कहा गया कि जिन स्कूलों में छात्र नही हैं और जिनमें छात्रों की संख्या कम रह गई है उनको दूसरे स्कूलों में मर्ज कर दिया गया है। कोर्ट ने केंद्र सरकार से भी रिपोर्ट पेश करने को कहा है। ताकि छात्रों के भविष्य को सुधारा जा सके।
हरक सिंह रावत ने फिर बदले रंग, भाजपा का दामन थामने की तैयारी..
उत्तराखंड: कांग्रेस नेता हरक सिंह रावत एक बार फिर भाजपा का दामन थामने की तैयारी कर रहे हैं। बता दें बीते कुछ समय से हरक सिंह रावत ईडी से परेशान चल रहे थे। आपको बता दें कांग्रेस नेता हरक सिंह रावत को दो अप्रैल को ईडी के सामने पेश होना था, लेकिन ईडी की ओर से हरक सिंह को राहत दे दी गई थी। ईडी ने फिलहाल अगले आदेश तक कांग्रेस नेता हरक सिंह रावत की पेशी को टाल दिया है। अब हरक सिंह को मिली इस राहत को लेकर सियासी गलियारों में चर्चाओं का बाजार गर्म हो गया है।
BJP का दामन थाम सकते हैं हरक सिंह रावत..
सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार हरक सिंह रावत आज भाजपा का दामन थाम सकते हैं। बता दें कभी बीजेपी सरकार में कैबिनेट मंत्री रहे कद्दावार नेता हरक सिंह रावत कांग्रेस ज्वाइन करने के बाद से ही परेशानी में हैं। विजलेंस, CBI से लेकर ED तक उनके दरवाजे पर पहुंच चुकी है। हालांकि हरक सिंह रावत ने भाजपा में शामिल होने की बात पर हामी नहीं भरी है। लेकिन राजनीति में कुछ भी हो सकता है। बद्रीनाथ से पार्टी विधायक राजेंद्र भंडारी 12 घंटे पहले कांग्रेस प्रत्याक्षी के साथ भाषण दे रहे थे और 12 घंटे बाद बीजेपी में भी शामिल हो गए।
