उत्तराखंड में निवेश लाने के लिए सीएम धामी आज UAE के लिए होंगे रवाना..
उत्तराखंड: दिसंबर में होने जा रहे इन्वेस्टर समिट को लेकर सरकार की तैयारियां जोरों पर हैं। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी सोमवार को दुबई पहुंच गए हैं। एयरपोर्ट पहुंचने पर उनका भव्य स्वागत किया गया। सीएम धामी दुबई और अबूधाबी में निवेशकों से मुलाकात करेंगे। बता दें दुबई दौरे पर सीएम धामी के साथ शिक्षा मंत्री धन सिंह रावत भी मौजूद हैं। निवेशकों को आकर्षित करने के लिए सीएम देश के साथ ही विदेशों मे भी रोड शो करेंगे।
निवेशकों से करेंगे मुलाकात
आपको बता दें कि पूर्व में सीएम धामी लंदन दौरे पर थे। वहीं सोमवार को सीएम धामी दुबई पहुंच गए हैं। 17 अक्टूबर को सीएम धामी दुबई में बड़े औद्योगिक घरानों से वन टू वन निवेश को लेकर बातचीत करेंगे।बातचीत के बाद शाम को दुबई में रोड शो का भी आयोजन किया जाएगा। जबकि 18 अक्टूबर को सीएम अबूधाबी में इसी तरह निवेशकों के साथ उत्तराखंड में निवेश को लेकर बातचीत करेंगे।
UKPSC में एक हजार से ज्यादा पदों पर निकली भर्ती..
उत्तराखंड: लोक सेवा आयोग (UKPSC) की तरफ से सीधी भर्तियों को लेकर विज्ञप्ति जारी की गई है। ये भर्ती यूकेपीएससी जूनियर इंजीनियर के पदों पर निकली है। इस भर्ती परीक्षा पात्रता पूरी करने वाले 14 अक्टूबर 2023 से 03 नवंबर 2023 तक ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं। जानकारी के अनुसार विभिन्न विभागों के अंतर्गत अभियंत्रण की शाखाओं के कुल 1097 खाली पदों पर सीधी भर्ती की जा रही है।
जिसके लिए उत्तराखंड लोक सेवा आयोग की तरफ से फिलहाल विज्ञप्ति जारी कर परीक्षा कार्यक्रम को लेकर जानकारी दे दी गई है। आयोग ने उत्तराखंड जेई परीक्षा 2023 की विज्ञप्ति जारी की है। भर्ती के लिए आयु सीमा, पाठ्यक्रम, संस्थानवार पद, चयन प्रक्रिया, वेतनमान से संबंधित जानकारी दी गई है।
ऐसे कर सकते है आवेदन..
उम्मीदवार 14/10/2023 से 03/11/2023 के बीच आवेदन कर सकते हैं
कृपया सभी दस्तावेज़ – पात्रता, आईडी प्रमाण, पता विवरण, मूल विवरण जांचें और एकत्र करें।
भर्ती परीक्षा फॉर्म से संबंधित कृपया तैयार स्कैन दस्तावेज़ – फोटो, हस्ताक्षर, आईडी प्रमाण, आदि।
आवेदन पत्र जमा करने से पहले पूर्वावलोकन और सभी कॉलम को ध्यान से जांच लें।
अंतिम रूप से सबमिट किए गए फॉर्म का प्रिंट आउट ले लें।
इस ARTO ऑफिस में अचानक पहुंचे CM धामी, अधिकारियों को दिए ये निर्देश..
उत्तराखंड: मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी आज रामनगर पहुंचे थे। यहां उन्होंने कार्बेट पार्क में जहां जंगल सफारी की तो वहीं वह अचानक सहायक सम्भागीय परिवहन कार्यालय रामनगर पहुंच गए। सीएम के औचक निरीक्षण से मौके पर हड़कंप मच गया तो वहीं उन्होंने अधिकारियों को कई सख्त निर्देश दिए है।
मिली जानकारी के अनुसार रामनगर एआरटीओ कार्यालय का सीएम धामी ने शुक्रवार को औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान मुख्यमंत्री धामी ने कार्यालय के रिक्त पदों के साथ ही कार्यालय के अभिलेखों के बारे में विस्तृत जानकारी ली। साथ ही उन्होंने एआरटीओ रामनगर संदीप वर्मा को दुर्घटनाओं पर लगाम लगाने के लिए ओवललोडिंग ,हाईस्पीड व गलत तरीके से नशे मे वाहन चलाने वालों के खिलाफ चालान की कार्यवाही करने के निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान मुख्यमंत्री को एआरटीओ कार्यालय की सभी व्यवस्थायें सही पाई गई जिस पर उन्होंने संतुष्टि भी जताई। उन्होंने कहा कि सरकार सचिवालय से लेकर ब्लाक स्तर के सभी कार्यालयों में एक कार्य संस्कृति के तहत कार्य को अंजाम दे रही है साथ ही आम जनमानस के कार्य सुगमता से हो तथा बिचौलियों के द्वारा कार्यप्रणाली को लगाम लगे तथा आमजनमानस के जनता के कार्य लम्बित ना हो। सरकार की यही प्राथमिकता है कि आमजनता के कार्य बिना रूकावट व सरलता के साथ हों।
अपर मुख्य सचिव ने ली अधिकारियों की समीक्षा बैठक..
उत्तराखंड: अपर मुख्य सचिव राधा रतूड़ी ने मुख्यमंत्री की घोषणा पर की गई कार्रवाई की रिपोर्ट घोषणा पोर्टल पर अपलोड न करने पर गहरी नाराजगी जाहिर की है। उन्होंने सभी नोडल अफसरों को ताकीद किया कि वे हर दिन पोर्टल पर प्रगति रिपोर्ट अपलोड करें। वह राज्य सचिवालय में मुख्यमंत्री की घोषणा को किस तरह क्रियान्वित किया गया, इसका निरीक्षण कर रही थीं। उन्होंने पेयजल, आपदा प्रबंधन, सिंचाई, स्कूली शिक्षा और शहरी विकास विभाग के सचिव सचिव को निर्देश दिए कि वे सीएम घोषणा के संबंध में हर महीने बैठक करेंगे और इसमें लिए गए फैसलों की जानकारी उन्हें उपलब्ध कराएंगे।
उनका कहना हैं कि विभागों को विलोपित अथवा हस्तांतरित की जाने वाली घोषणाओं को अपने स्तर पर लंबित न रखा जाए। घोषणाओं के क्रियान्वयन के लिए वित्तीय संसाधनों तथा उनकी फिजिबिलटी आंकलन भी विभाग अपने स्तर पर कराएं। जो घोषणाएं एक से अधिक विभागों से संबंधित हैं, उन पर विभाग आपसी तालमेल काम करे। एसीएस ने पेयजल विभाग को वर्तमान में हैंडपंप लगाने की योजनाओं के औचित्य के आधार पर पुनः समीक्षा करने के निर्देश दिए। उन्होंने पेयजल की लंबित योजनाओं की स्थिति को दो सप्ताह की टाइमलाइन के भीतर पूरा करने को कहा। शहरी विकास विभाग को प्रधानमंत्री आवास शहरी योजना पर विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए।
बद्रीनाथ धाम पहुंचे उद्योगपति मुकेश अंबानी, किया पांच करोड़ रुपये का दान..
उत्तराखंड: रिलायंस इंडस्ट्रीज लिमिटेड के प्रमुख व देश के प्रसिद्ध उद्योगपति मुकेश अंबानी गुरुवार को बद्रीनाथ धाम पहुंचे। कड़ी सुरक्षा के बीच मुकेश अंबानी अपनी छोटी पुत्रवधू राधिका के साथ भगवान के दर्शन किए। धाम पहुंचने के बाद मंदिर के पुजारी ने मुकेश अंबानी से विशेष पूजा अर्चना कराई। बद्रीनाथ के दर्शन कर उन्होंने मंदिर समिति को पांच करोड़ रुपये की राशि दान की है।देश के सबसे अमीर आदमी और उद्योगपति मुकेश अंबानी कड़ी सुरक्षा के बीच बद्रीनाथ धाम पहुंचे। इस दौरान उनके निजी सुरक्षा गार्ड भी मौजूद रहे।
आपको बता दे कि आजकल बद्रीनाथ-केदारनाथ धाम में सेलिब्रिटीज, स्पोर्ट्समैन आदि वीआईपी लोगों का आना जाना लगा हुआ है। बुधवार को क्रिकेटर सुरेश रैना भगवान बद्री विशाल के दर्शन के लिए बद्रीनाथ धाम पहुंचे थे। जहां बद्रीनाथ धाम के प्रभारी अधिकारी अनिल ध्यानी ने क्रिकेटर का वहां पहुंचने पर भव्य स्वागत किया। क्रिकेटर ने धाम पहुंचकर रावल से आशीर्वाद भी लिया और पूजा अर्चना की। उन्होंने देश की खुशहाली की कामना की। मुकेश अंबानी, सुरेश रैना के अलावा बुधवार को उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री स्व. मुलायम सिंह यादव के बेटे प्रतीक यादव भी बाबा बद्रीनाथ के दर्शन करने पहुंचे थे। प्रतीक ने पूजा अर्चना के बाद ब्रह्मकपाल में पिता स्व. मुलायम सिंह यादव और मां साधना यादव का पिंडदान किया।
जिले के अस्पतालों में जल्द भरे जायेंगे रिक्त पद-स्वास्थ्य सचिव..
उत्तराखंड: स्वास्थ्य सचिव डॉ आर राजेश कुमार अपने कुमांउ मंडल दौरे के तीसरे दिन जनपद बागेश्वर पहुंचे। स्वास्थ्य सचिव आर. राजेश कुमार का आज जनपद बागेश्वर पहुंचने पर स्वास्थ्य सचिव डॉ आर राजेश कुमार का मुख्य चिकित्सा अधिकारी, बागेश्वर डॉ0 डी0पी0 जोशी, डॉ0 देवेश चौहान एवं डॉ0 हरीश पोखरिया, अपर मुख्य चिकित्सा अधिकारी, बागेश्वर द्वारा पुष्पगुच्छ भेट कर स्वागत किया गया। स्वास्थ्य सचिव ने जनपद में स्वास्थ्य सेवाओं का जमीनी परीक्षण किया और सुधार के दिशा निर्देश दिए। इसके साथ ही स्वास्थ्य सचिव डॉ आर राजेश कुमार ने विधायक कपकोट सुरेश गडिया के साथ जनपद अस्पताल में लगे स्वास्थ्य चौपाल में क्षेत्रीय जनता की समस्याओं को सुना और तत्काल समस्याओं के निराकरण के लिए संबधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा निर्देश दिये।
इसके बाद स्वास्थ्य सचिव ने विधायक कपकोट सुरेश गडिया, जिलाधिकारी अनुराधा पाल के साथ सीएचसी कांडा, जिला चिकित्सालय, प्रा.स्वा. केंद्र रवापखाल व सीएचसी बैजनाथ का निरीक्षण किया गया। स्वास्थ्य सचिव ने डेंगू बीमारी को रोकने के लिए अस्पताल के डेंगू वार्ड में मच्छरदानी सहित अन्य व्यवस्था दुरुस्त रखने के निर्देश दिए। चिकित्सालय में पानी की निकासी, साफ सफाई और दवा के छिडकाव की उचित व्यवस्था करने को कहा। निरीक्षण के दौरान उन्होंने जिला चिकित्सालय में निर्माणाधीन क्रिटिकल केयर सेंटर के कार्यो में तेजी लाते हुए डायलिसिस सेंटर के पास की खाली भूमि पर अतिरिक्त कक्षों के निर्माण के लिए प्रस्ताव तैयार करने के निर्देश मुख्य चिकित्सा अधीक्षक को दिए। उन्होंने चिकित्सालय में इमरजेंसी, दंत रोग विभाग,ईएनटी, बाल रोग विभाग, पैथोलॉजी लैब, महिला वॉर्ड में भर्ती महिलाओं एवं प्रसव से सम्बंधित विभिन्न प्रकार की व्यवस्थाएं व भर्ती मरीजों का हाल जाना।
राजेश कुमार ने अस्पताल में भर्ती मरीजों से वार्ता करने के साथ ही अस्पताल से उन्हें दी जा रही विभिन्न सुविधाओं की जानकारी ली।
इस दौरान चिकित्सालयों में प्रत्येक मरीज को बेहतर उपचार के लिए स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों को निर्देश दिए। कहा कि जिन उपकरणों की आवश्यकता है उनके प्रस्ताव बनाकर शीघ्र भेजे जाय। जिला चिकित्सालय में तैयार किए जा रहे अत्याधुनिक ओटी के लिए चिकित्सकों के प्रशिक्षण की व्यवस्था की जाय। उन्होंने कहा जल्द विशेषज्ञ डॉक्टरों की तैनाती भी की जाएगी। स्वास्थ्य सचिव ने स्थानीय जनता से संवाद स्थापित कर केन्द्र एवं राज्य सरकार द्वारा स्वास्थ्य के क्षेत्र में संचालित विभिन्न योजनाओं एवं सुविधाओं की जानकारी दी साथ ही उनसे योजनाओं का फीडबैक भी लिया। इस दौरान कांडा क्षेत्र के लोगों द्वारा सचिव स्वास्थ के सामने नर्सिग ट्रेनिंग सेंटर खोलने की मांग रखी। स्वास्थ्य सचिव ने वैलनेस सेंटरों में जाकर अवस्थपना सुविधाओं आवश्यक चिकित्सा उपकरणों, औषधियों एवं विभिन्न संवर्गों में कार्यरत कार्मियों की स्थिति का अवलोकन किया। स्वास्थ्य सचिव के साथ विभागीय अधिकारियों ने आयुष्मान कार्ड एवं आभा आईडी बनाने के लिए आम लोगों को प्रेरित किया साथ ही टीबी मुक्त उत्तराखंड की दिशा में राज्य सरकार द्वारा अब तक किए गए प्रयासों की भी जानकारी दी।
इसके बाद स्वास्थ्य सचिव ने अपने टीम के साथ सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र काण्डा का निरीक्षण किया गया। उन्होंने अस्पताल में भर्ती मरीजों से स्वास्थ्य सम्बन्धी जानकारी प्राप्त की। इसके साथ ही स्वास्थ्य सचिव ने अधिकारियों से अस्पताल में रिक्त पदो के सम्बन्ध में जानकारी ली। स्वास्थ्य सचिव ने महानिदेशालय को अवगत कराया गया कि चिकित्सालय में विशेषज्ञ चिकित्सकों की यथाशीघ्र तैनाती की जाए। स्वास्थ्य सचिवचिकित्सालय में लगे स्वास्थ्य चैपाल में क्षेत्रीय जनता की समस्याओं को सुना। इसके साथ ही तत्काल समस्यों के निराकरण हेतु सम्बन्धि प्रभारी को निर्देशित किया गया। आशाओं कार्यक्रर्ताओं द्वारा मानदेय बढ़ाये जाने के सम्बन्ध में अवगत कराया गया। स्वास्थ्य सचिव द्वारा मानदेय बढ़ाये जाने का आसवान दिया गया।
जिला चिकित्सालय, बागेश्वर में निरीक्षण के दौरान निर्माणाधीन कार्यों पर असंतोष व्यक्त करते हुए, यथाशीघ्र, गुणवत्तापूर्ण कार्य पूरा किये जाने हेतु निर्देशित किया गया। स्वास्थ्य सचिव ने डेंगू बीमारी को रोकने के लिए अस्पताल के डेंगू वार्ड में मच्छरदानी सहित अन्य व्यवस्था दुरुस्त रखने के निर्देश दिए।
चिकित्सालय में पानी की निकासी, साफ सफाई और दवा के छिडकाव की उचित व्यवस्था करने को कहा। उन्होंने चिकित्सालय में इमरजेंसी, दंत रोग विभाग,ईएनटी, बाल रोग विभाग, पैथोलॉजी लैब, महिला वॉर्ड में भर्ती महिलाओं एवं प्रसव से सम्बंधित विभिन्न प्रकार की व्यवस्थाएं व भर्ती मरीजों का हाल जाना।
राजेश कुमार ने अस्पताल में भर्ती मरीजों से वार्ता करने के साथ ही अस्पताल से उन्हें दी जा रही विभिन्न सुविधाओं की जानकारी ली। इस दौरान चिकित्सालयों में प्रत्येक मरीज को बेहतर उपचार के लिए स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों को निर्देश दिए। कहा कि जिन उपकरणों की कपकोट विधायक माननीय सुरेश गडिया द्वारा स्वास्थ्स विभाग कि प्रशंसा कि गयी व क्षेत्रीय जनता के समस्याओ को सुन उनका तत्काल निवारण किया गया। निरीक्षण के दौरान स्वास्थ्य निदेशक कुमाऊं मंडल डॉ. तारा आर्या, सीएमओ डॉ. डीपी जोशी, उपजिलाधिकारी मोनिका, सीएमएस डॉ. वीके टम्टा, एसीएमओ डॉ.हरीश पोखरिया, डॉ. देवेश चैहान, तहसीलदार दीपिका आर्या,तितिक्षा जोशी सहित अन्य मौजूद रहे।
हेमकुंड साहिब आए पाकिस्तानी यात्रियों की बस हुई हादसे का शिकार..
उत्तराखंड: हेमकुंड साहिब की यात्रा पर पाकिस्तान से आए जत्थे की बस हादसे का शिकार हो गई। गोविंद घाट गुरुद्वारे की ओर आते समय बस अचानक तेज ढलान पर अनियंत्रित होकर सड़क के किनारे बिजली के तारों के साथ खाई की तरफ लटक गई। गनीमत रही कि बस खाई में नहीं गिरी, वरना बड़ा हादसा हो सकता था।
जानकारी के अनुसार, बस में 15 महिला, पुरुष व बच्चे सवार थे। बस हादसे की सूचना मिलते ही थानाध्यक्ष गोविन्दघाट पुलिस फोर्स के साथ वहां पहुंचे। उन्होंने विभाग से बात कर बिजली सप्लाई बंद कराई। इसके बाद सभी यात्रियों को बस से बाहर निकाला गया। पुलिस द्वारा तत्काल मिली सहायता से संगत खुश हुई और उनका आभार जताया।
स्वास्थ्य सचिव ने अपने पिथौरागढ़ भ्रमण पर अधिकारियों को दिए ये निर्देश..
उत्तराखंड: राज्य के स्वास्थ्य सचिव डॉ आर राजेश कुमार आज कल कुमांउ मंडल के चंपावत और पिथौरागढ़ जनपद के भ्रमण पर है। चंपावत में स्वास्थ्य सुविधाओं की जमीनी हकीकत परखने के बाद आज चिकित्सा स्वास्थ्य एवं चिकित्सा शिक्षा के सचिव डॉ आर राजेश कुमार पिथौरागढ़ जिले के एक दिवसीय भ्रमण पर रहे। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के पिथौरागढ़ जनपद के प्रस्तावित दौरे को देखते हुए स्वास्थ्य सचिव ने अधिकारियों-कर्मचारियों के संग समीक्षा बैठक कर अहम निर्देश दिये।
सबसे पहले प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्र इग्यारदेवी का निरीक्षण किया और वहां पर स्थित लैब का निरीक्षण कर जरूरी निर्देश दिये। उसके बाद विकास भवन स्थित सभागार में प्रधानमंत्री के जनपद आगमन की तैयारियों से संबंधित जिला प्रशासन व स्वास्थ्य विभाग की समीक्षा बैठक ली। उन्होंने मुख्य चिकित्सा अधिकारी डा एचएस ह्यांकी से जिले के बाहर से आने वाली कार्डियक एंबुलेंस व स्पेशलिस्ट डॉक्टर्स की तैनाती की जगह के विषय में जानकारी ली व इस दौरान सभी कार्मिकों को एलर्ट मोड में रखने के निर्देश दिए।
स्वास्थ्य सचिव डॉ आर राजेश कुमार ने जिले में सबसे अधिक ऑर्गन डोनर बनाए जाने पर खुशी जताई। वहीं जनपद में आयुष्मान योजना की धामी प्रगति पर नाराजगी जाहिर करते हुए उन्होंने सुधार के निर्दश दिये। स्वास्थ्य सचिव ने कहा कि योजना में जनजागरूकता को लेकर व्यापक कंपेन चालया जाये। जनपद में 100 फीसदी आयुष्मान कार्ड का लक्ष्य लेकर पूरी व्यापक कार्य योजना बनाई जाये। हर घर आयुष्मान कार्ड की सुविधा को लेकर अधिकारी-कर्मचारी कार्य करें। योजना के महत्व के बारे में आम जनमानस को बतायें। इससे मिलने वाले लाभों को समझायें।
मेडिकल कॉलेज के धीमे निर्माण पर जाहिर की नाराजगी..
इसके साथ ही स्वास्थ्य सचिव डॉ आर राजेश कुमार ने पिथौरागढ़ जनपद के निर्माणाधीन मेडिकल कॉलेज का औचक निरीक्षण किया। स्वास्थ्य सचिव ने बारीकी से निर्माणाधीन मेडिकल कॉलेज का निरीक्षण किया। उन्होंने कार्यदायी संस्था से निर्माण कार्य की धीमी प्रगति पर नाराजगी जाहिर की। उन्होंने कहा कि निर्माण कार्य तय समय पर पूरा होना चाहिए ताकि आम जनमानस को इसका पूरा लाभ मिले। स्वास्थ्य सचिव ने कार्यदायी संस्था को मजदूरों और मशीनरी की संख्या बढ़ाने के निर्दश दिये। साथ ही हिदायत दी कि निर्माणकार्य की गुणवत्ता से किसी भी प्रकार का समझौता न किया जाये।
केरल में निपाह वायरस की दस्तक के बाद उत्तराखंड में अलर्ट..
उत्तराखंड: केरल में निपाह वायरस से छह लोगों की मौत के बाद अब उत्तराखंड में अलर्ट जारी कर दिया है। इस से पहले उधम सिंह नगर जिले के लिए अलर्ट जारी किया गया था। जहां एक ओर प्रदेश में डेंगू से त्रस्त हैं तो वहीं अब निपाह वायरस के अलर्ट ने लोगों को परेशान कर दिया है। डेंगू के डंक के बीच निपाह वायरस के खतरे के कारण स्वास्थ्य विभाग अलर्ट हो गया है। स्वास्थ्य विभाग ने इसे लेकर प्रदेश के अस्पतालों में अलर्ट जारी किया है। बता दें कि केरल में निपाह वायरस के कारण छह लोगों की मौत हो गई है। जिसे देखते हुए देश के अन्य राज्यों में सावधानी बरती जा रही है।
लक्षण दिखने पर लोगों को किया जाएगा क्वारंटीन..
कोविड-19 के बाद निपाह वायरस ने देश में दस्तक दी है। कोविड की ही तरह निपाह वायरस भी संक्रमित इंसान से दूसरे इंसान को फैलता है। जिस कारण इसके लक्षण दिखने पर मरीजों को क्वारंटीन किया जाएगा। निपाह वायरस के लक्षण दिखने पर जांच के लिए सैंपल ऋषिकेश एम्स भेजे जाएंगे। निपाह वायरस अब से पहले भी भारत में आ चुका है। 2001 से लेकर अब तक निपाह वायरस छह बार आ चुका है। जबकि केरल में 2018 के बाद ये चौथी बार आया है। साल 2001 में जब पश्चिम बंगाल के सिलीगुड़ी में निपाह वायरस फैला था तो तब 45 लोगों की मौत हो गई थी।
इसके बाद साल 2007 में पश्चिम बंगाल के नादिया जिले में निपाह वायरस फैला जिसमें पांच लोग संक्रमित हुए थे और सभी की मौत हो गई थी। साल 2018 में केरल में फिर निपाह वायरस ने दस्तक दी। जिसमें 18 लोग संक्रमित हुए थे। जिसमें से 17 लोगों की मौत हो गई थी। इसके बाद केरल में ही साल 2019 और साल 2021 में फिर से निपाह वायरस का संक्रमण फैला जिसमें दो लोगों की मौत हो गई थी।
क्या है निपाह वायरस ?
निपाह वायरस एक जूनोटिक वायरस है। जो कि जानवरों से इंसानों में फैलता है। इसके साथ ही ये वायरस संक्रमित इंसानों से दूसरे लोगों में फैल जाता है। साल 1999 में मलेशिया में सुनगई निपाह गांव में इस वायरस का पहला मामला सामने आया था। मलेशिया में मिलने के कारण इसका नाम निपाह वायरस रखा गया था। विशेषज्ञों के मुताबिक निपाह वायरस फ्लाइंग फॉक्स नाम के चमगादड़ से इंसानों में फैलता है।
निपाह वायरस कुछ हद तक कोविड के लक्षणों से मेल खाते हैं। इस से संक्रमित होने पर बुखार, सिर में दर्द, कफ, गले में खराश, उल्टी, सांस लेने में दिक्कत, निमोनिया और दिमाग में सूजन आदि लक्षण दिखाई देते हैं। इसका उपचार मरीज के लक्षणों के आधार पर होता है। सबसे पहले इसमें मरीज को अन्य लोगों से अलग 21 दिन के लिए क्वारंटीन किया जाता है। किसी को भी संक्रमित के संपर्क में आने से मना किया जाता है। इसके साथ ही मास्क पहनना और सोशल डिस्टेंसिंग इसमें सबसे जरूरी होती है।
राष्ट्रीय स्तर की प्रथम रेड रन मैराथन 2023 में उत्तराखंड का बजा डंका..
उत्तराखंड: राष्ट्रीय एड्स नियंत्रण कार्यक्रम, स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्रालय भारत सरकार के अन्तर्गत आज दिनांक 08 अक्टूबर 2023 को राष्ट्रीय स्तर की प्रथम रेड रन मैराथन 2023 का आयोजन गोवा में किया गया, जिसमें उत्तराखण्ड राज्य एड्स नियंत्रण समिति उत्तराखंड की ओर से युवा प्रतिभागी प्रियांशु चौधरी, आदर्श यादव सोनिया एवं अनीशा द्वारा प्रतिभाग किया गया।
उत्तराखण्ड राज्य के हरिद्वार जनपद की धावक कुमारी सोनिया ने राष्ट्रीय स्तर की रेड रेन प्रतियोगिता में प्रथम स्थान प्राप्त किया जो कि उत्तराखण्ड के लिए बहुत की गौरव की बात है क्योंकि इस प्रतियोगिता में पूरे भारत के 28 प्रदेशों एवं 08 संघ शासित प्रदेशों के द्वारा प्रतिभाग किया गया था।इससे पूर्व राज्य स्तर पर रेड रेन प्रतियोगिता का आयोजन दिनांक 30 सितम्बर 2023 को जनपद देहरादून में किया गया था
जिसमे बालक वर्ग में प्रयांशु चौधरी द्वारा प्रथम एवं आदर्श यादव द्वारा द्वितीय तथा बालिका वर्ग में सोनिया द्वारा प्रथम तथा अनीशा द्वारा द्वितीय स्थान प्राप्त किया गया। गोवा में आयोजित राष्ट्रीय स्तर की रेड रन मैराथन प्रतियोगिता में बालिका वर्ग में प्रथम स्थान प्राप्त करने वाली उत्तराखंड की धावक कुमारी सोनिया को गोवा के माननीय मुख्यमंत्री डॉ प्रमोद सावंत द्वारा ट्रॉफी, प्रशस्ति पत्र एवं पचास हजार रूपये का नकद पुरस्कार प्रदान कर सम्मानित किया गया।
इस अवसर पर गोवा के स्वास्थ्य मंत्री विश्वजीत पी० राने, राष्ट्रीय एड्स नियंत्रण कार्यक्रम की अपर सचिव एवं महानिदेशक हेकाली जिगोमी, निदेशक, निधि केशरवानी आदि मौजूद थे। कार्यक्रम में उत्तरखंड राज्य एड्स नियंत्रण समिति के अपर परियोजना निदेशक डॉ0 अजय कुमार नगरकर, उप निदेशक वित्त, महेन्द्र कुमार, अनुभाग सहायक विनोद कुमार स्पोटर्स कॉलेज के कोच हेमराज सिंह उप-प्रधानाचार्या श्रीमती मीना सिंह उपस्थित थे।
इस अवसर पर पूरे कार्यक्रम में उत्तराखंड राज्य की टोपी छायी रही जिसे उत्तराखंड राज्य एड्स नियंत्रण समिति के अपर परियोजना निदेशक डॉ० अजय कुमार द्वारा राष्ट्रीय एड्स नियंत्रण कार्यक्रम की अपर सचिव एवं महानिदेशक हेकाली जिमोमी, नाको भारत सरकार की निदेशक निधि केशरवानी सहित कई राज्यों के वरिष्ठ अधिकारियों को भेट की गई।
इस अवसर पर उत्तराखण्ड के सचिव स्वास्थ्य/ परियोजना निदेशक डॉ आर राजेश कुमार ने राज्य की तरफ से प्रतिभा करने वाले सभी प्रतिभागियों को भविष्य हेतु शुभकामनाएं । इसके साथ ही एड्स नियंत्रण हेतु सक्रिय रूप से प्रतिभाग करने वाले अधिकारियों कर्मचारियों की हौसला अफजाई की। उन्होंने कहा यह राज्य के लिए बड़ी उपलब्धि है।
इसे एक सकारात्मक संदेश न सिर्फ उत्तराखंड बल्कि पूरे देश में जाएगा। एड्स नियंत्रण को लेकर उत्तराखंड में अन्य राज्यों के मुकाबले बेहतर काम हो रहा है। हमारा प्रयास है कि जनसहभागिता व सरकारी प्रयासों से आने वाले समय में इसको पूरी तरह नियंत्रित किया जा सके।
