कोरोना का नया वेरिएंट ओमिक्रोन नहीं है खतरनाक,दक्षिण अफ्रीका के डॉक्टर ने की घोषणा..
देश-विदेश: भारत में कोरोना के नए वेरिएंट ओमिक्रोन के बढ़ते मामलों को देखकर सरकार सहित आम लोग भी चिंतित हैं। भारत में अब तक ओमिक्रोन के 24 केस सामने आ चुके हैं और लगातार हर दिन बढ़ते ही जा रहे हैं। एक तरफ इस नए वायरस को लेकर जहां लोग डरे हुए हैं तो वहीं दूसरी तरफ दक्षिण अफ्रीका की एक डॉक्टर ने राहत देने वाली बात कही है।
दक्षिण अफ्रीका के डॉ. कोएत्ज़ी उन डॉक्टरों की टीम में से एक हैं जिन्होंने दक्षिण अफ्रीका में कोरोना के नए रूप ओ मिक्रोन की खोज की थी। डॉ. एंजेलिक कोएत्ज़ी का कहना हैं कि,”कोरोना का ओमेक्रोन वेरिएंट डेल्टा वेरिएंट से अधिक खतरनाक नहीं है। ओमिक्रोन वेरिएंट से पीड़ित मरीज में डेल्टा से पीड़ित मरीज की तुलना में हल्के लक्षण वाले होते हैं।
डॉ. एंजेलिक कोएत्ज़ी साउथ अफ्रीकी मेडिकल एसोसिएशन की अध्यक्ष हैं। कोएत्ज़ी की टीम ने सबसे पहले कोरोना के इस नए रूप की खोज की थी। वह उस देश में वैक्सीन अनुसंधान पर सलाहकार समिति के सदस्य भी हैं। इस समय ओमाइक्रोन कोरोना के नए वेरिएंट को लेकर दुनिया भर में दहशत है। यह दक्षिण अफ्रीका से दुनिया के कई देशों में फैल चुका है। भारत के कुछ राज्यों में ओमाइक्रोन के मरीज भी मिले हैं। इसलिए देश इस नए वेरिएंट को लेकर सतर्क है।
कोरोना के अल्फा, बीटा, डेल्टा वेरिएंट को दुनिया अब तक देख चुकी है। जिसमें से डेल्टा संस्करण सबसे अधिक खतरनाक था, इसी वायरस ने भारत में तबाही मचाई थी। अब जबकि दुनिया भर में टीकाकरण का कार्य युद्ध स्तर पर चल रहा है तो इसी दौरान ओमिक्रोन भी लगातार अपने पैर पसार रहा है और फिर से दुनिया के लिए एक चुनौती पेश कर रहा है। वैज्ञानिकों का कहना हैं कि ओमाइक्रोन डेल्टा से ज्यादा घातक नहीं है। हालांकि, यह अन्य वेरिएंट की तुलना में तेजी से फैलता है। इसलिए जरूरी है कि कोरोना के नियमों का पालन करें, टीका लगवाएं और सतर्क रहें
भारत ने न्यूजीलैंड को 372 रन से हराया,टेस्ट में हासिल की सबसे बड़ी जीत..
देश-विदेश: भारत ने न्यूजीलैंड को मुंबई में खेले गए टेस्ट में 372 रन से हरा दिया। यह टेस्ट क्रिकेट में भारत की सबसे बड़ी जीत रही। इस मैच में एक अजब संयोग निकलकर सामने आया है। इस टेस्ट से पहले रन के अंतर से भारत को सबसे बड़ी जीत दिल्ली के फिरोज शाह कोटला मैदान पर मिली थी।
3 दिसंबर से हुई टेस्ट मैच की शुरुआत
तब 2015 में दक्षिण अफ्रीका को 337 रन से हराया था। संयोग की बात यह है कि भारत और दक्षिण अफ्रीका के बीच टेस्ट मैच की शुरुआत भी 3 दिसंबर से हुई थी। भारत-न्यूजीलैंड के बीच मुंबई में खेला गया दूसरा टेस्ट भी इसी तारीख से खेला गया। अंतर बस यह रहा कि भारत ने दक्षिण अफ्रीका को पांच दिन में हराया था। वहीं न्यूजीलैंड टीम चार दिन में टेस्ट हार गई।
एक और संयोग भी आया सामने..
आपको बता दे कि एक और संयोग भी सामने आया है। न्यूजीलैंड को टेस्ट में सबसे बड़ी हार भारत के खिलाफ मिली है। हालांकि, इससे पहले कीवी टीम को दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ सबसे बड़ी हार मिली थी। यानी भारत के नाम दो सबसे बड़ी जीत न्यूजीलैंड और दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ मिली है और न्यूजीलैंड टीम को टेस्ट में सबसे बड़ी हार भारत और दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ मिली।
दक्षिण अफ्रीका से जुड़ा रहा है तार..
दक्षिण अफ्रीका ने 2007 में जोहानिसबर्ग में खेले गए टेस्ट में न्यूजीलैंड को 358 रन से हराया था। दोनों ही टीमों का संयोगवश जीत और हार में दक्षिण अफ्रीका से रिकॉर्ड जुड़ा है। भारत ने न्यूजीलैंड को मुंबई टेस्ट में हराकर सीरीज भी 1-0 से जीत ली। न्यूजीलैंड के खिलाफ घरेलू सरजमीं पर बतौर कप्तान कोहली की ये लगातार चौथी जीत रही। न्यूजीलैंड के खिलाफ भारत ने पिछले आठ में से सात टेस्ट जीते हैं।
टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए भारत ने पहली पारी में 325 रन बनाए। जवाब में न्यूजीलैंड की टीम पहली पारी में 62 रन पर ढेर हो गई। इसके बाद दूसरी पारी भारत ने सात विकेट पर 276 रन बनाकर डिक्लेयर कर दी। 540 रन के विशाल लक्ष्य का पीछा करते हुए न्यूजीलैंड की टीम चौथे दिन 167 रन पर सिमट गई।
IMF की फर्स्ट डिप्टी मैनेजिंग डायरेक्टर गीता गोपीनाथ 21 जनवरी से संभालेंगी अपना नया पद..
वर्तमान में आईएमएफ की प्रमुख अर्थशास्त्री के रूप में कार्यरत हैं गीता गोपीनाथ..
देश-विदेश: प्रमुख अर्थशास्त्री गीता गोपीनाथ अंतर्राष्ट्रीय मुद्रा कोष (IMF) की बड़ी जिम्मेदारी संभालेंगी। वे जल्द ही आईएमएफ की नई फर्स्ट डिप्टी मैनेजिंग डायरेक्टर बनेंगी। आईएमएफ की ओर से इसका ऐलान किया गया हैं। गोपीनाथ यह बड़ी जिम्मेदारी 21 जनवरी 2022 से संभालेंगी। आपको बता दे कि अंतर्राष्ट्रीय मुद्रा कोष का कहना हैं कि संस्था के वर्तमान फर्स्ट डिप्टी मैनेजिंग डायरेक्टर जियोफ्रे ओकामोटो अगले साल की शुरूआत में अपने पद से इस्तीफा दे देंगे और उनकी जगह आईएमएफ की चीफ इकोनॉमिस्ट के तौर पर कार्यकरत गीता गोपीनाथ लेंगी।
हालांकि बीते अक्टूबर में संस्था की मैनेजिंग डायरेक्टर क्रिस्टैलिना जियोर्जिवा ने कहा था कि गीता गोपीनाथ जनवरी 2022 में IMF छोड़ना चाहती हैं और वे वापस हार्वर्ड यूनिवर्सिटी के इकोनॉमिक्स डिपार्टमेंट में लौटना चाहती हैं। हार्वर्ड यूनिवर्सिटी ने अपवाद के आधार पर गीता गोपीनाथ की अनुपस्थिति से जुड़ी छुट्टियां एक साल के लिए बढ़ा दी थी। इसी की बदौलत वह IMF में तीन साल तक चीफ इकोनॉमिस्ट के पद से जुड़ी रही।
आपको बता दें कि 2021 के अंत तक सभी देशों में कम से कम 40 फीसदी आबादी का टीकाकरण करके महामारी को समाप्त करने के लिए 50 अरब डॉलर के प्रस्ताव का मसौदा तैयार करने के लिए गोपीनाथ की सराहना की गई है। उनकी इस योजना को बाद में विश्व बैंक, विश्व व्यापार संगठन और विश्व स्वास्थ्य संगठन ने मंजूरी दी।
गीता गोपीनाथ वर्ष 2019 से अंतरराष्ट्रीय मुद्रा कोष की प्रमुख अर्थशास्त्री हैं। इससे पहले वे हार्वर्ड यूनिवर्सिटी में इंटरनेशनल स्टडीज ऑफ इकनॉमिक्स में प्रोफेसर रह चुकी हैं। भले ही वे अमेरिका की निवासी हैं, पर भारत से उनका करीबी नाता है। उनका जन्म भारत में हुआ था। उन्होंने दिल्ली विश्वविद्यालय के लेडी श्रीराम कॉलेज से अर्थशास्त्र में ऑनर्स की पढ़ाई की है। इसके बाद उन्होंने दिल्ली स्कूल ऑफ इकोनॉमिक्स अर्थशास्त्र में ही मास्टर की पढ़ाई पूरी की।
देश में कोरोना के नए वैरिएंट की एंट्री, कर्नाटक में मिले दो मामले..
देश-विदेश: दुनिया के कई देशों में सामने आ रहे कोरोना के नए वैरिएंट ओमिक्रॉन दहशत मचा दी है। अब देश में भी ओमिक्रॉन की एंट्री हो गई है। स्वास्थ्य मंत्रालय ने कहा कि पिछले 24 घंटे में देश में ओमिक्रॉन के दो मामले सामने आए हैं। दोनों मामले कर्नाटक मे मिले हैं। इनमें एक संक्रमित की उम्र 66 और दूसरे की 46 साल है।
जिसकी रिपोर्ट बुधवार को देर रात मिली। दोनों का इलाज चल रहा है और उनकी मॉनिटरिंग की जा रही है। स्वास्थ्य मंत्रालय का कहना हैं कि हमें डर या भय का माहौल नहीं बनाना है। कोरोना प्रोटोकॉल का पालन करते हुए वैक्सीन को अपनाना है। सरकार हालत पर नजर बनाए हुए है। इसके साथ ही केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय में संयुक्त सचिव लव अग्रवाल का कहना हैं कि लगभग 29 देशों में अब तक ओमिक्रॉन वैरिएंट के 373 मामले दर्ज किए गए हैं। इसके पांच गुना और संक्रामक होने की आशंका है।
यूरोप में कोरोना के सबसे अधिक मामले..
दुनिया भर में समग्र रूप से देखे जा रहे मामलों में सबसे अधिक वृद्धि यूरोप में हुई है। यहां पिछले एक सप्ताह में दुनिया के 70 फीसदी मामले सामने आए हैं। 28 नवंबर को समाप्त सप्ताह में यूरोपीय क्षेत्र में लगभग 2.75 लाख नए मामले और 31,000 से अधिक मौतें दर्ज की गईं। इसकी तुलना में दक्षिण पूर्व एशियाई क्षेत्र जिसमें भारत और 11 अन्य देश शामिल हैं, वहां पिछले एक सप्ताह में केवल 1.2 लाख मामले दर्ज किए गए। दुनिया के कुल मामलों का केवल 3.1 फीसदी है। दक्षिण पूर्व एशियाई क्षेत्र में मामलों में कमी दर्ज की जा रही है।
लव अग्रवाल ने कहा कि देश में कोरोना के मामले लगातार कम हो रहे हैं। हालांकि दो राज्यों में अभी भी संक्रमण के आंकड़े अधिक हैं। केरल और महाराष्ट्र दो ऐसे राज्य हैं जहां 10,000 से अधिक सक्रिय मामले हैं। देश के 55 फीसदी मामले इन दो राज्यों में दर्ज किए गए हैं। लव अग्रवाल का कहना हैं कि टीकाकरण की दूसरी खुराक में वृद्धि हुई है। देश भर में टीकाकरण की संख्या बढ़ाने के लिए कई पहल की गई हैं। यूरोप क्षेत्र में बढ़ रहे कोरोना वायरस मामलों की संख्या, वैश्विक कोविड 19 मामलों के 70 फीसदी इसी क्षेत्र में दर्ज किए गए हैं।
उत्तर भारत की इन जगहों पर उठाएं बर्फबारी का लुत्फ..
देश-विदेश: सर्दियों का मौसम आ गया है। बर्फ के सुंदर दृश्यों को देखने और अनोखे अनुभव के लिए लोग कई ऐसी जगहों पर जाने का प्लान बनाते हैं, जहां बर्फबारी होती हैं। गर्म चाय की चुस्की लेते हुए आप न केवल सुंदर बर्फ से ढके पहाड़ों की प्रशंसा कर सकते हैं बल्कि बर्फ से खेल भी सकते हैं।
गुलमर्ग- गुलमर्ग एक बर्फीला स्वर्ग और सर्दियों का वंडरलैंड है। यहां लुभावने दृश्य और सभी के लिए कुछ न कुछ है। हालांकि, दिसंबर और जनवरी में बर्फबारी के साथ ये जगह पूरी तरह से शानदार हो जाती है। बर्फ से ढके पहाड़, पहाड़ी के ऊपर छोटे स्की रिसॉर्ट और सुखद सर्दियों की हवा सभी इस हिल स्टेशन के आकर्षण बन जाते हैं। इन सबका अपना-अपना आकर्षण है जो गुलमर्ग की खूबसूरती में चार चांद लगा देता है।
मनाली- मनाली में नवंबर के अंत या दिसंबर की शुरुआत में मौसम की पहली बर्फबारी होती है। ये शहर को सफेद बर्फ की एक प्यारी सी चादर से ढक देती है। ये शहर लुभावने नजारे प्रदान करता है जो बहुत ही खूबसूरत होते हैं।
औली- औली उत्तराखंड का एक विंटर वंडरलैंड है। इसके लुभावने नजारे आप कभी नहीं भूल पाएंगे। इस शानदार शहर का रास्ता ओक के पेड़ों और जंगलों से भरा हुआ है। जैसे ही आप हिल स्टेशन के करीब पहुंचेंगे, आपको पूरे क्षेत्र में एक सुंदर सफेद बर्फ की चादर बिछी हुई दिखाई देगी।
औली की यात्रा के लिए दिसंबर के अंत और जनवरी की शुरुआत के महीने अच्छे हैं। क्योंकि इस दौरान यहां पर बर्फबारी की संभावना अधिक होती है। बर्फ की मस्ती के लिए आपको इस जगह की यात्रा जरूर करनी चाहिए।
धनोल्टी- टिहरी जिले का एक हिल स्टेशन धनोल्टी, गढ़वाल हिमालयी रेंज की तलहटी में स्थित है। धनोल्टी में आप बर्फ से ढके इलाकों में स्कीइंग करने जा सकते हैं। शहर में रोडोडेंड्रोन, देवदार के पेड़ और विशाल ओक के जंगल हर प्रकृति प्रेमी को लुभाएंगे।दिसंबर से फरवरी के बीच आप धनोल्टी की यात्रा कर सकते हैं। दिसंबर में धनोल्टी में मौसम सुहावना होता है, इस दौरान मौसम की पहली बर्फबारी की अच्छी संभावना होती है।
अल्मोड़ा- उत्तराखंड में अल्मोड़ा का हिल स्टेशन बर्फ से ढके हिमालय का सुंदर दृश्य प्रदान करता है। अल्मोड़ा देवदार और पुराने ओक के पेड़ों से घिरा हुआ है और अपनी समृद्ध सांस्कृतिक विविधता के लिए जाना जाता है। यहां सर्दियों के दौरान मौसम काफी ठंडा होता है, तापमान -3 डिग्री सेल्सियस तक कम होता है। यहां दिसंबर के अंतिम सप्ताह में और जनवरी के महीने में बर्फबारी होने की संभावना होती है।
ओमिक्रॉन से युवाओं को ज्यादा खतरा-दक्षिण अफ्रीका वैज्ञानिक..
उत्तराखंड: कोरोना के नए वैरिएंट ओमिक्रॉन ने एक बार फिर दुनिया में सनसनी फैला दी है। 20 से अधिक देशों में इसके मामले पाए जाने की पुष्टि हुई है। इस नए वेरिएंट के मामले में दक्षिण अफ्रीका के वैज्ञानिकों का कहना है कि ओमिक्रॉन कितना घातक है और इसका लोगों पर क्या प्रभाव पड़ेगा फिलहाल यह कहना मुश्किल है।
उनका कहना हैं कि कोरोना के नए वैरिएंट ने अब तक ज्यादातर युवा लोगों को प्रभावित किया है। वैज्ञानिकों ने यह भी चेतावनी दी है कि अभी यह निर्धारित करना जल्दबाजी होगी कि ओमिक्रॉन केवल हल्की बीमारी का कारण बनेगा। उन्होंने कहा कि हम इसके बारे में और अधिक जानकारी जुटा रहे हैं। दो से तीन हफ्तों के बाद ही हम इसके बारे में अधिक जान पाएंगे।
उनका कहना हैं कि कुछ मरीज भर्ती हुए हैं और ये सभी युवा हैं, जिनकी आयु 40 या इससे कम है। इसके साथ ही एनआईसीडी में सार्वजनिक स्वास्थ्य निगरानी और प्रतिक्रिया के प्रमुख मिशेल ग्रोम का कहना है कि कोरोना वायरस के नए वैरिएंट ओमिक्रॉन का शिकार ज्यादातर कम उम्र के लोग हुए हैं। मगर हम वृद्धावस्था समूहों में भी इसकी पड़ताल करना शुरू कर चुके हैं। इससे पहले नेशनल इंस्टीट्यूट फॉर कम्युनिकेबल डिजीज ने कहा था कि पिछले 24 घंटों में दक्षिण अफ्रीका में नए मामलों की दैनिक संख्या लगभग दोगुनी होकर 8,561 हो गई है। ओमिक्रॉन अब तक देश में प्रमुख स्ट्रेन है।
दक्षिण अफ्रीकी सरकार और वैज्ञानिकों ने 25 नवंबर को कोरोना के नए वैरिएंट की घोषणा की थी। इसके बाद डब्ल्यूएचओ ने इसे ओमिक्रॉन का नाम दिया था। नए वेरिएंट का पता लगने के बाद अमेरिका, यूरोपीय संघ, कनाडा, इस्राइल, ऑस्ट्रेलिया और अन्य देशों ने कई दक्षिण अफ्रीकी देशों से यात्रा पर रोक लगा दी थी। वहीं, कुछ देशों ने दक्षिण अफ्रीका से आने वाली उड़ानों पर प्रतिबंध लगा दिया है।
अलीगढ़ मुस्लिम यूनिवर्सिटी के छात्र को पीएम की तारीफ करना पड़ा महंगा..
देश-विदेश: AMU के पीएचडी छात्र दानिश रहीम को पीएम मोदी की तारीफ करना महंगा पड़ गया है। PHD स्कॉलर ने AMU प्रबंधन पर आरोप लगाया है कि प्रबंधन ने उन्हें पीएचडी की डिग्री वापस करने के लिए नोटिस भेजा है।
दानिश ने इस मामले को लेकर हाईकोर्ट में गुहार लगाई है और साथ ही पीएम मोदी और सीएम योगी से भी मदद की अपील की है। वहीं AMU प्रबंधन का कहना है कि छात्र को गलती से है गलत नाम की डिग्री दी गई थी, जिसे सही कराने के लिए उन्हें नोटिस भेजा गया है।
दानिश का कहना है कि उन्हें 9 मार्च 2021 को डिग्री मिली थी और करीब 6 महीने बाद उन्हें डिग्री लौटाने के लिए नोटिस भेजा गया है। दानिश का आरोप है कि अलीगढ़ मुस्लिम यूनिवर्सिटी के 100 साल पूरे होने पर प्रधानमंत्री मोदी ने जो भाषण दिए थे, उसकी उन्होंने तारीफ की थी जिसकी सजा उन्हें दी जा रही है।
हाईकोर्ट का दरवाजा खटखटाया..
पीएचडी के छात्र दानिश रहीम ने मामले पर हाईकोर्ट में भी गुहार लगाई है और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को भी एक पत्र भेज कर न्याय की मांग की है। वही AMU प्रशासन का कहना है कि छात्र को गलती से गलत नाम की डिग्री आवंटित हो गई थी। छात्र को उसको सही करने के लिए नोटिस भेजा गया है।
ओमिक्रॉन वैरिएंट के लिए सीरम इंस्टीट्यूट बूस्टर डोज ला सकता है..
देश-विदेश: कोरोना के ओमिक्रॉन वैरिएंट के खिलाफ सीरम इंस्टीट्यूट बूस्टर डोज लाने की तैयारी में है। हालांकि, अभी इस नए वैरिएंट के बारे में हो रहे अध्ययनों और उनके निष्कर्षों का इंतजार किया जा रहा है। सीरम इंस्टीट्यूट के प्रमुख अदार पूनावाला का कहना हैं कि ओमिक्रॉन पर हो रहे शोध को पूरा होने में एक से दो सप्ताह का समय लगेगा। हम उन निष्कर्षों का इंतजार कर रहे हैं, अगर जरूरत पड़ी तो हम नया टीका तैयार करेंगे।
बूस्टर डोल के रूप में दिया जाएगा टीका..
अदार पूनावाला ने कहा कि अगर जरूरत पड़ी तो जो नया टीका तैयार होगा वह बूस्टर डोज के रूप में दिया जाएगा। उनका कहना हैं कि उसे तैयार करने में छह महीने का समय लग सकता है। शोध के आधार पर ही हम तय करेंगे कि यह तीसरा या चौथा टीका होगा या बूस्टर डोज। हो सकता है कि ओमिक्रॉन के लिए अतिरिक्त टीके की आवश्यकता ही न पड़े।
आवश्यकता पड़ी तो हमारे पास पर्याप्त खुराक..
पूनावाला का कहना हैं कि एक अध्ययन में सामने आया है कि कोविशील्ड 63 प्रतिशत तक कोरोना पर असरदार है और यह अस्पताल में भर्ती होने की संभावना को भी कम करती है। इसके बावजूद अगर लोगों को बूस्टर डोज देने की आवश्यकता पड़ी तो हमारे पास पर्याप्त खुराक आरक्षित है। हमारे पास दो करोड़ से ज्यादा खुराक अभी मौजूद हैं, सरकार घोषणा करती है तो हम उसे उपलब्ध कराएंगे।
इसके साथ ही पूनावाला ने कहा कि जिन लोगों ने टीके की एक ही खुराक ली है या एक भी नहीं ली है। उन्हें दोनों खुराक लेनी चाहिए। इसके बाद ही अगर आवश्यकता पड़ती है तो बूस्टर डोज का इस्तेमाल किया जा सकता है। आपको बता दे कि फिलहाल सरकार की बूस्टर डोज देने की कोई योजना नहीं है। उनका कहना हैं कि भारत और यूरोपियन देशों की स्थितियों में बहुत अंतर है।
पराग अग्रावल ट्विटर के नए सीईओ बनते ही एक्शन में आ गए..
देश-विदेश: पराग अग्रावल ट्विटर के नए सीईओ बनते ही एक्शन में आ गए हैं। निजी सूचना सुरक्षा नीति में मंगलवार को एक नया अपडेट किया है ताकि निजी व्यक्तियों की सहमति के बिना उनकी तस्वीरों या वीडियो को साझा करने की अनुमति किसी अन्य को नहीं दी जा सके। कंपनी ने एक पोस्ट के माध्यम से सूचित किया कि अब कंपनी अपनी निजी सूचना नीति के दायरे का विस्तार कर रही है, जिसमें निजी मीडिया में तस्वीरें और वीडियो को शामिल किया गया है।
अभी तक कोई भी यूजर दूसरे यूजर के वीडियोज और फोटोज को बिना उसकी अनुमति भेज देते थे। फोटो और वीडियोज को लेकर कंपनी की ओर से लिए गए फैसले का मकसद उत्पीड़न विरोधी नीतियों को और मजबूत करना और महिला यूजर्स को सुरक्षित रखना।
पर्सनल फोटोज और वीडियोज नहीं होंगे शेयर..
ट्विटर का कहना हैं कि “पर्सनल मीडिया जैसे कि चित्र या वीडियो साझा करना संभावित रूप से किसी व्यक्ति की गोपनीयता का उल्लंघन कर सकता है और इससे भावनात्मक या शारीरिक नुकसान भी हो सकता है।” सोशल मीडिया फर्म ने पहले ही उपयोगकर्ताओं को दूसरों की व्यक्तिगत जानकारी जैसे उनका पता या स्थान, पहचान दस्तावेज, गैर-सार्वजनिक संपर्क जानकारी, वित्तीय जानकारी, या चिकित्सा डाटा साझा करने से प्रतिबंधित कर दिया है।
क्यों लागू किए गए नए नियम..
कंपनी का कहना हैं कि “पर्सनल मीडिया का दुरुपयोग सभी को प्रभावित कर सकता है, लेकिन महिलाओं, असंतुष्टों और अल्पसंख्यक समुदायों के सदस्यों पर इसका प्रतिकूल प्रभाव पड़ सकता है। इसका मतलब यह नहीं है कि ट्विटर पर पोस्ट करने से पहले किसी फोटो या वीडियो में सभी व्यक्तियों की सहमति की आवश्यकता होगी, लेकिन अगर कोई व्यक्ति इन्हें हटाना चाहता है, तो प्लेटफॉर्म इसे प्रतिबंधित कर देगा
कोलकाता की महिला ने पाकिस्तान में प्रेमी से की शादी, भारतीय पति ने पढ़वा दिया पत्नी का निकाह..
देश-विदेश: श्री गुरु नानक देव जी के प्रकाश पर्व पर पाकिस्तान गए जत्थे के साथ गई कोलकाता की महिला ने पाकिस्तान में अपने प्रेमी के साथ शादी कर ली। महिला ने अपने पति की अनुमति से प्रेमी के साथ पुलिस की मौजूदगी में लाहौर की मस्जिद में निकाह किया। इससे पहले महिला ने वहां इस्लाम धर्म कबूल किया। महिला और उसका पहला पति दोनों ही मूक बधिर हैं। महिला का दूसरा पति मूक बधिर है। हालांकि शादी के बाद पाकिस्तान सरकार द्वारा वहां रहने की मंजूरी नहीं दिए जाने पर महिला अपने भारतीय पति के साथ वाघा-अटारी सरहद के रास्ते वापस कोलकाता लौट गई।
जानकारी के अनुसार कोलकाता की रहने वाली महिला का जन्म लखनऊ (उत्तर प्रदेश) में हुआ। वह 17 नवंबर को अटारी के रास्ते सीमा पार कर पाकिस्तान में श्री गुरु नानक देव जी के प्रकाश पर्व में हिस्सा लेने के लिए जत्थे के साथ गई थी। 23 नवंबर को जब जत्था लाहौर पहुंचा, तो महिला वहां के मोहम्मद इमरान के पास पहुंच गई। उसने दस्तावेज तैयार करवाए और 24 नवंबर को इमरान के साथ लाहौर में शादी कर ली। शादी से पहले उसने इस्लाम धर्म कबूल किया और अपना नाम प्रवीण सुल्ताना रखा।
शादी के बाद इस महिला और उसके पाकिस्तानी पति ने लाहौर की अदालत में अपील दायर करते हुए महिला के पाकिस्तान में रहने की इजाजत मांगी जिसे अदालत ने खारिज कर दिया। जिसके बाद यह महिला अपने भारतीय पति के साथ लौट आई। यहां पहुंचने के बाद उसने पाकिस्तान का वीजा अप्लाई करने के संकेत दिए।
आपको बता दे कि कोलकाता की रहने वाली महिला दो साल पहले सोशल मीडिया पर इमरान के संपर्क में आई। दोनों चैटिंग करने लगे और दोनों में प्यार हो गया। इसके बाद से ही वह पाकिस्तान जाने का प्रयास कर रही थी। 17 नवंबर को जत्थे के साथ वह पाकिस्तान जाने में सफल हो गई। यह पहला मामला नहीं जिसमें भारतीय महिला ने पाकिस्तान के युवक से शादी की है।