उत्तराखंड

सीएम धामी ने हरीश रावत पर साधा निशाना..

सीएम धामी ने हरीश रावत पर साधा निशाना..

 

उत्तराखंड: रोजगार के आंकड़ों को लेकर कैबिनेट मंत्री सुबोध उनियाल के बाद अब मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत को निशाने पर लिया। उनका कहना हैं कि सरकार ने आंकड़े रख दिए हैं। अब हरीश रावत से पूछिए कि वह संन्यास लेंगे या नहीं। सहस्त्रधारा हेलिपैड पर राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा के स्वागत के लिए पहुंचे सीएम से इस दौरान रोजगार के आंकड़ों के संबंध में पूछा गया। मुख्यमंत्री का कहना हैं कि प्रदेश सरकार की ओर से रोजगार के आकंड़े रख दिए गए हैं। हमारे पास जो आंकड़े हैं, वह अधीनस्थ सेवा चयन आयोग के हैं। आंकड़े उसके पोर्टल पर भी होंगे।

 

पूर्व मुख्यमंत्री ने कहा था कि वह संन्यास ले लेंगे। उनसे यह पूछिये कि वह संन्यास लेंगे कि नहीं। यह पूछने पर कि हरीश रावत कह रहे हैं कि आंकड़े सही नहीं हैं, इस पर मुख्यमंत्री ने कहा कि हरीश रावत जी ने अपने समय में नारा दिया था कि खाता न बही जो मैं कहूं, वही सही। वे उसी पर अडिग हैं तो उसमें मैं क्या कह सकता हूं।

 

सरकार की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाए जाने से जुड़े प्रश्न पर मुख्यमंत्री ने कहा कि पिछले पांच साल से सरकार चल रही है। सरकार ने कई विकास कार्य किए। कोरोना महामारी से निपटने के लिए स्वास्थ्य सेवाओं और सुविधाओं का विस्तार किया। पार्टी की ओर से सेवा ही संगठन अभियान चलाया गया। उनका कहना हैं कि कुछ लोगों का काम ही राजनीतिक बयानबाजी करना है। चुनाव हैं इसलिए इस तरह के बयान आ रहे हैं। आज वह बड़ी-बड़ी बातें कर रहे हैं, लेकिन जब मुख्यमंत्री थे तो कोई काम नहीं कर पाए। हमेशा तुष्टिकरण का काम किया। हम उत्तराखंड के लिए जो जरूरी है, वह काम कर रहे हैं।

 

राष्ट्रीय नेताओं के दौरों से काम करने की शक्ति बढ़ेगी..

मुख्यमंत्री ने केंद्रीय नेताओं के दौरों पर कहा कि उनके आने से संगठन के लोगों के काम करने की शक्ति बढ़ती है। राष्ट्रीय अध्यक्ष नड्डा के दौरे पर उन्होंने कहा प्रधानमंत्री ने सैन्य धाम घोषित किया है। सैन्यधाम के लिए प्रत्येक शहीद सैनिक के गांव की माटी लाई जाएगी। राष्ट्रीय अध्यक्ष सम्मान यात्रा का शुभारंभ करने आए हैं।

 

 

Share Post

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *