राष्ट्रीय

देश में कोरोना संक्रमण के मामलों में लगातार कमी, अब तक साढ़े बारह करोड़ से भी अधिक टेस्ट

देश में कोरोना संक्रमण के मामलों में गिरावट दर्ज की जा रही है। लगातार दूसरे दिन कोरोना के नये मामले 30,000 के आस-पास दर्ज किए गए हैं। पिछले 24 घंटों की बात करें तो देश में कोरोना के 29,163 मामले सामने आए हैं। केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय ने मंगलवार को यह आंकड़ें जारी किए हैं।

मंत्रालय के अनुसार कोरोना के मामलों में यह गिरावट इस बात को दर्शाती है कि देश के लोगों ने कोरोना से बचने के लिए उपयुक्‍त व्‍यवहार को अपने जीवन का हिस्‍सा बना लिया है। इसके विपरीत यूरोप व अमेरिकी देशों में प्रतिदिन कोरोना के मामले बढ़ते जा रहे हैं।

देश में कोरोना से प्रतिदिन ठीक होने वाले लोगों की संख्‍या में इजाफा हो रहा है। पिछले 24 घंटों में जहां, 29,163 नये मामले दर्ज किए गए, वहीं इसी अवधि में ठीक होने वाले मरीजों की संख्‍या 40,791 दर्ज की गई।

सरकार ने पूरे देश में कोरोना जांच का उच्‍च स्‍तर लगातार बरकरार रखा है। मंगलवार तक कोरोना के कुल 12,65,42,907 परीक्षण किए जा चुके हैं। इसे मिलाकर कोरोना मामलों की कुल समग्र पॉ‍जिटिविटी दर घटकर 7.01 प्रतिशत हो गई है।

देश में कोरोना के सक्रिय मामले (एक्टिव केस लोड) इस समय 4,53,401 है, जो कुल मामलों का मात्र 5.11 प्रतिशत है। अब तक कोरोना से 82,90,370 मरीज ठीक हो चुके हैं। रिकवरी दर बढ़कर 93.42 प्रतिशत हो गई है।

पिछले 24 घंटों में कोरोना से जितने मरीज ठीक हुए हैं, उनमें से 72.87 प्रतिशत मरीज दस प्रदेशों से हैं। केरल में सबसे अधिक लोग ठीक हुए हैं, जहां 6,567 पुष्‍ट मामले अब निगेटिव पाए गए हैं। इसके बाद पश्चिम बंगाल में 4376 मरीज प्रतिदिन ठीक हुए हैं और दिल्‍ली में यह आंकड़ा 3560 है।

कोरोना के नये मामलों में से 75.14 प्रतिशत भी दस राज्‍यों से हैं। दिल्‍ली में पिछले कुछ दिनों से कोरोना के मामलों में बढ़ोतरी देखी जा रही थी, लेकिन कल केवल 3,797 नये मामले दर्ज किए गए और पश्चिम बंगाल में 3012 मामले सामने आए थे। केरल में कोरोना के 2,710 नये मामले दर्ज किए गए।

कोरोना से पिछले 24 घंटों में 449 लोगों की मौत हुई है। इनमें से 78.40 प्रतिशत मामले दस राज्‍यों और संघशासित प्रदेशों से हैं। मौतों के नये मामलों में दिल्‍ली में यह आंकड़ा 22.76 प्रतिशत है, जहां 99 मरीजों की मृत्‍यु हुई है। महाराष्‍ट्र में 60 तथा पश्चिम बंगाल में 53 मरीजों की मृत्‍यु हुई है।

Share Post

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *