उत्तराखंड

जी-20 समिट में आए विदेशी मेहमानों को हुए बाघ के दर्शन..

जी-20 समिट में आए विदेशी मेहमानों को हुए बाघ के दर्शन..

जंगल सफारी कर हुए गदगद..

 

 

 

उत्तराखंड: जी-20 सम्मेलन के लिए रामनगर पहुंचे विदेशी मेहमानों ने आज कॉर्बेट टाइगर रिजर्व में जंगल सफारी की। मेहमान बिजरानी जोन में 30 जिप्सियों में सवार होकर सफारी के लिए निकले। इस दौरान कॉर्बेट पार्क में उन्हें बाघ के दर्शन हुए। बिजरानी जोन में विदेशी डेलीगेट को अलग-अलग मार्गों से ले जाया गया। कॉर्बेट पार्क के निदेशक डॉ. धीरज पांडे ने बताया कि बाघ के साथ ही उन्होंने हाथी हिरण सांभर सहित विभिन्न प्रकार की चिड़ियों को भी देखा। जंगल सफारी के दौरान उनके साथ पीसीसीएफ हॉफ विनोद सिंघल, पीसीसीएफ वाइल्ड लाइफ समीर सिन्हा, कॉर्बेट पार्क निदेशक डॉ. धीरज पांडेय, उपनिदेशक दिगांथ नायक, पार्क वार्डन अमित ग्वासीकोटी आदि रहे।

वहीं, समिट में शिरकत करने के बाद तीन डेलिगेट्स सुबह पंतनगर एयरपोर्ट पहुंचे। एयरपोर्ट में कर्मियों ने उनके साथ सेल्फी ली। जिसके बाद वे इंडिगो की फ्लाइट से देहरादून के लिए रवाना हुए।जंगल सफारी के साथ ही विदेशी सैलानियों ने कॉर्बेट टाइगर रिजर्व की जैव विविधता, जनसहभागिता और सामंजस्य के बारे में भी जाना।

इस दौरान पार्क प्रशासन की ओर से उनका भव्य स्वागत किया गया। पार्क के आमडंडा गेट पर स्थानीय महिलाओं ने विदेशी मेहमानों का पारंपरिक परिधानों में तिलक कर स्वागत किया। जिससे विदेशी मेहमान काफी प्रभावित हुए। बता दें कि कॉर्बेट टाइगर रिजर्व विश्व विख्यात है। यहां हर साल देश-विदेश से पर्यटक जंगल सफारी के लिए आते हैं। यह भारत में बाघों की राजधानी के नाम से भी मशहूर है।

 

 

Share Post

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *