गंगोत्री धाम कपाटोद्घाटन की तिथि घोषित, 30 अप्रैल को खुलेंगे कपाट..
उत्तराखंड: हिंदू नववर्ष और चैत्र प्रतिपदा के शुभ अवसर पर गंगोत्री धाम मंदिर समिति ने कपाटोद्घाटन की तिथि और समय निश्चित कर लिया है। गंगोत्री धाम के कपाट 30 अप्रैल को अक्षय तृतीया के दिन सुबह 10:30 बजे विधि-विधान के साथ श्रद्धालुओं के दर्शनार्थ खोल दिए जाएंगे। हर साल लाखों श्रद्धालु गंगा माता के दर्शन और आशीर्वाद प्राप्त करने के लिए गंगोत्री धाम की यात्रा करते हैं। कपाटोद्घाटन के साथ ही चारधाम यात्रा का शुभारंभ हो जाएगा।
गंगोत्री मंदिर समिति के सचिव सुरेश सेमवाल का कहना हैं कि पंचांग गणना के अनुसार कपाटोद्घाटन की तिथि और समय निर्धारित किया गया है। 29 अप्रैल दोपहर में माँ गंगा की विग्रह डोली शीतकालीन प्रवास मुखबा गांव से विधिवत पूजा-पाठ के साथ गंगोत्री धाम के लिए रवाना होगी। भैरों घाटी स्थित भैरव मंदिर में डोली का रात्रि प्रवास होगा। 30 अप्रैल सुबह डोली गंगोत्री धाम पहुंचेगी और सुबह 10:30 बजे कपाट श्रद्धालुओं के लिए खोल दिए जाएंगे। बता दे कि चारधाम यात्रा की आधिकारिक शुरुआत गंगोत्री धाम और यमुनोत्री धाम के कपाटोद्घाटन से होती हैं, जिसे लेकर श्रद्धालुओं में भी भारी उत्साह रहता है।
यमुना जयंती पर तय होगा यमुनोत्री धाम के कपाट खुलने का समय..
यमुनोत्री धाम के कपाट भी अक्षय तृतीय के अवसर पर ही खुलेंगे। यमुनोत्री मंदिर समिति के कोषाध्यक्ष प्रदीप उनियाल ने कहा कि यमुनोत्री धाम के कपाट खुलने का समय आगामी तीन अप्रैल को यमुना जंयती के अवसर पर निश्चित किया जाएगा।