उत्तराखंड

बद्रीनाथ हाईवे के नरकोटा में निर्माणाधीन पुल की शटरिंग पलटी, दो मजदूरों की मौत..

बद्रीनाथ हाईवे के नरकोटा में निर्माणाधीन पुल की शटरिंग पलटी, दो मजदूरों की मौत..

आठ घायलों का जिला चिकित्सालय में चल हा इलाज..

आल वेदर परियोजना के तहत नरकोटा में चल रहा निर्माणाधीन डबल लेन पुल का कार्य..

64 करोड़ की लागत से आरसीसी कंपनी को दिया गया है पुल का कार्य..

आरसीसी कंपनी ने पेटी में दिया है सिंगला कंपनी को कार्य..

 

 

 

 

 

रुद्रप्रयाग। ऋषिकेश-बद्रीनाथ राष्ट्रीय राजमार्ग पर रुद्रप्रयाग से सात किमी दूर नरकोटा में आलवेदर सड़क के तहत निर्माणाधीन मोटरपुल की शटरिंग पलटने से बड़ा हादसा हो गया। हादसे में दो मजदूरों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि आठ मजदूर गंभीर घायल हो गये। दो गंभीर घायलों की स्थिति को नाजुक देखते हुए श्रीनगर के लिए रेफर किया गया। अन्य घायलों का कोटेश्वर अस्पताल में उपचार चल रहा है। घटना के बाद जिलाधिकारी भी मौके पर पहुंचे और मामले की उच्च स्तरीय जांच करने के साथ ही दोषियों के खिलाफ कार्यवाही करने का आश्वासन दिया।

बुधवार सुबह नौ बजे के करीब रुद्रप्रयाग जिला मुख्यालय से सात किमी की दूरी पर ऋषिकेश-बद्रीनाथ हाईवे के नरकोटा के पास निर्माणाधीन पुल की शटरिंग पलट गई। निर्माण कार्य में दस मजदूर लगे हुए थे। शटरिंग पलटने से सभी मजदूर सरियों के मोटे जाल के नीचे दब गये। सूचना मिलने के बाद रेस्क्यू टीम मौके पर पहुंची और रेस्क्यू अभियान शुरू किया। आठ मजदूरों को निकालने के बाद तुरंत जिला चिकित्सालय पहुंचाया गया, लेकिन दो मजदूर वहीं फंसे रहे। बाद में कटर मशीन से सरियों के जाल को काटा गया और दोनों को बाहर निकाला गया, लेकिन तब तक बहुत देर हो चुकी थी और दोनों मजदूरों की मौत हो चुकी थी। घटना में दो गंभीर घायलों को श्रीनगर बेस अस्पताल के लिए रेफर किया गया, जबकि अन्य घायलों का माधवाश्रम अस्पताल में इलाज चल रहा है।

बता दें कि नरकोटा में आल वेदर कार्य के तहत इस डबल लेन पुल का निर्माण किया जा रहा है। इस पुल का निर्माण लगभग 64 करोड़ की लागत से किया जाना है। पुल का निर्माण कार्य अभी शुरूआती चरणों में है, लेकिन आज हुए इस हादसे ने निर्माण कार्यों में सुरक्षा मानकों की पोल खोल दी है। हादसे में मृतक मजूदरों के परिजनों के रो-रोकर बुरे हाल हैं। निर्माण कार्य कर रही आरसीसी कंपनी के प्रोजेक्ट मैनेजर जेपी शर्मा भी मौके पर पहुंचे और उन्होंने कहा कि इस पुल का निर्माण कार्य किसी और कंपनी को पेटी पर दिया गया है।

इस पुल का निर्माण कार्य दो इंजीनियरों की देखरेख में हो रहा था। घटना के बाद पुलिस ने आरसीसी कंपनी के प्रोजेक्ट मैनेजर जेपी शर्मा को मौके से उठा लिया और पूछताछ के लिये थाने लाई। पुलिस अधीक्षक आयुष अग्रवाल ने कहा कि प्रोजेक्ट मैनेजर को पूछताछ के लिये लाया गया है। पूछताछ के बाद आगे की कार्यवाही जायेगी। जो मजदूर घटना में मरे हैं। उनके परिजनों द्वारा तहरीर देने के बाद मुकदमा दर्ज किया जायेगा।

 

वहीं घटना की सूचना मिलने के बाद जिलाधिकारी मयूर दीक्षित भी मौके पर पहुंचे। जिलाधिकारी ने कहा कि निर्माणाधीन पुल की क्षतिग्रस्त होने की उच्च स्तरीय जांच कराई जाएगी तथा इसमें कार्यदायी संस्था एनएच विभाग श्रीनगर एवं कार्य करा रही एजेंसी आरसीसी के अधिकारियों एवं कार्मिकों के विरुद्ध आवश्यक कार्यवाही की जाएगी। घटना स्थल के बाद डीएम मयूर दीक्षित ने अस्पताल पहुंचकर घायलों का हाल-चाल भी जाना। इस मौके पर पुलिस अधीक्षक आयुष अग्रवाल, उप जिलाधिकारी रुद्रप्रयाग अपर्णा ढौंडियाल, पुलिस उपाधीक्षक प्रबोध कुमार घिल्डियाल, जिला आपदा प्रबंधन अधिकारी नंदन सिंह रजवार सहित संबंधित अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद थे।

 

 

 

 

Share Post

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *