सालियर की कांवड़ लेकर पुलिस अलर्ट, ड्रोन से लिया जायजा..
उत्तराखंड: सालियर गांव की कांवड़ यात्रा को लेकर पुलिस-प्रशासन की ओर से सुरक्षा व्यवस्था के कड़े इंतजाम किए गए हैं। कांवड़ आने से पहले पुलिस ने रामपुर गांव में ड्रोन आसमान में उड़ाकर सुरक्षा का जायजा लिया। आपको बता दे कि वर्ष 2015 में सालियर गांव की कांवड़ ले जाते समय रामपुर गांव में बवाल हो गया था। बवाल में आगजनी की घटना हुई थी जिसमें पुलिस के सरकारी वाहनों से लेकर आम नागरिकों के वाहनों को फूंक दिया गया था।
कई पुलिसकर्मी घायल हो गए थे। तभी से हर साल सालियर गांव की कांवड़ को लेकर पुलिस प्रशासन अलर्ट रहता है। बता दे कि इस बार मंगलवार को महाशिवरात्रि के दिन हरिद्वार से कांवड़ यात्रा पैदल चलकर सालियर गांव पहुंचेगी। इसे लेकर पुलिस-प्रशासन ने सोमवार को सुरक्षा की दृष्टि से रामपुर गांव में ड्रोन से जायजा लिया।
कोतवाली प्रभारी ऐश्वर्य पाल का कहना हैं कि सुरक्षा की दृष्टि से ड्रोन से जायजा लिया गया है। मंगलवार को भारी फोर्स के साथ ही ड्रोन से भी कांवड़ पर नजर रखी जाएगी। जिसमें उन्होंने चेतावनी दी कि अगर किसी ने माहौल खराब करने का प्रयास किया तो कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
सीएम धामी ने सड़क परिवहन मंत्री नितिन गडकरी से विकास योजनाओं पर की चर्चा..
उत्तराखंड: सीएम पुष्कर सिंह धामी ने नई दिल्ली स्थित संसद भवन कक्ष में केंद्रीय सड़क परिवहन व राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी से मुलाकात कर राज्य की विकास योजनाओं पर चर्चा की। मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश के विभिन्न राजमार्गों को राष्ट्रीय राजमार्ग के रूप में अधिसूचित किए जाने के लिए अनुरोध किया गया है। पिछले कुछ वर्षों में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी के मार्गदर्शन में इन्फ्रास्ट्रक्चर विकास व कनेक्टिविटी में काफी काम हुआ है।
मुख्यमंत्री ने इसके लिए प्रधानमंत्री और केंद्रीय मंत्री का आभार व्यक्त किया। धामी ने केंद्रीय मंत्री गडकरी से एनएच-09 के अंतर्गत पिथौरागढ़-अस्कोट मोटर मार्ग (किमी0 2.81 से किमी0 50.00 ) के लिए बीआरओ द्वारा प्रस्तुत डीपीआर की स्वीकृति, सितारगंज-टनकपुर मोटर मार्ग को 04 लेन में निर्मित किए जाने और एनएच-731K के अंतर्गत मझौला खटीमा ( 13 किमी0) मोटर मार्ग को 04 लेन में परिवर्तित किए जाने के संबंध में भी अनुरोध किया।
उत्तराखंड में कोरोना संक्रमण की बढ़ती रफ़्तार को लेकर स्वास्थ्य विभाग ने जारी की एडवायजरी..
उत्तराखंड: प्रदेश में कोरोना ने एक बार फिर रफ्तार पकड़ ली है। प्रदेश में तेजी से बढ़ते मामलों को देखते हुए स्वास्थ्य विभाग ने सभी जिलों के लिए एडवायजरी जारी की है। प्रभारी सचिव स्वास्थ्य डॉ राजेश कुमार ने जिला अधिकारियों को दिए कोरोना को लेकर दिशा निर्देश दिए हैं। आपको बता दें, प्रदेश में बीते 24 घंटे के भीतर प्रदेश में 142 नए संक्रमित मिले हैं।
जबकि 38 मरीज ठीक हुए हैं। सक्रिय मरीजों की संख्या भी लगातार बढ़ रही है। प्रदेश में फिलहाल 1140 कोरोना मरीजों का इलाज चल रहा है। स्वास्थ्य विभाग के अनुसार रविवार को 914 सैंपलों की जांच रिपोर्ट निगेटिव आई है। वहीं, देहरादून जिले में सबसे ज्यादा 94, हरिद्वार में छह, नैनीताल में 15, अल्मोड़ा और पौड़ी में दो-दो, चमोली व चंपावत में एक-एक, टिहरी में सात, ऊधमसिंह नगर में तीन व उत्तरकाशी में 11 संक्रमित मरीज मिले हैं। प्रदेश की रिकवरी दर 94.96 प्रतिशत और संक्रमण दर 3.45 प्रतिशत दर्ज की गई।
स्वास्थ्य विभाग द्वारा जारी एडवायजरी..
1- सामाजिक दूरी का पालन करना और मास्क पहनना जरूरी।
2-कोरोना के लक्षण वाले रोगियों को होम आइसोलेशन में रखा जाए।
3- कोविड-19 टीकाकरण कवरेज को बढ़ाया जाए।
4-सभी जिलों को संक्रमित मरीजों के सैंपल जीनोम सिक्वेंसिंग के लिए भेजने के निर्देश।
5- जिलाधिकारियों को आरटी-पीसीआर टेस्ट बढ़ाने के लिए कहा गया।
6- बुखार फैल रहा तो तुरंत कोरोना जांच कराए
7- फ्लू और सांस की शिकायत वालों के टेस्ट किए जाने की सलाह भी दी गई है।
8- आईसीयू बेड की उपलब्धता सुनिश्चित की जाएगी।
9- आक्सीजन प्लांट की क्रियाशीलता सुनिष्चित की जाए।
द्रौपदी मुर्मू ने ली देश के 15वें राष्ट्रपति के तौर पर शपथ..
देश-विदेश: द्रौपदी मुर्मू ने 25 जुलाई यानी आज देश के 15वें राष्ट्रपति के तौर पर शपथ ले ली हैं। वे देश की पहली महिला आदिवासी राष्ट्रपति हैं। चीफ जस्टिस ऑफ इंडिया एनवी रमणा ने संसद भवन के सेंट्रल हॉल में द्रौपदी मुर्मू को राष्ट्रपति पद की शपथ दिलाई। मुर्मू ओडिशा की रहने वाली हैं। वे इससे पहले झारखंड की राज्यपाल भी रही हैं। इस दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, पूर्व राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद, उपराष्ट्रपति वेंकैया नायडू, लोकसभा स्पीकर ओम बिड़ला समेत तमाम लोग मौजूद रहे। द्रौपदी मुर्मू ने संसद भवन के सेंट्रल हॉल में राष्ट्रपति पद की शपथ लेने के बाद पहला भाषण दिया।
द्रौपदी मुर्मू का कहना हैं कि मैं देश की पहली ऐसी राष्ट्रपति हूं, जिसका जन्म स्वतंत्र भारत में हुआ था। स्वतंत्र भारत के नागरिकों के साथ हमारे स्वतंत्रता सेनानियों की अपेक्षाओं को पूरा करने के लिए हमें अपने प्रयासों में तेजी लानी होगी। आदिवासी गांव में जन्म होने के बाद भी देश के लोकतंत्र की यह शक्ति है कि मुझे यहां तक पहुंचाया। मुझे राष्ट्रपति के रूप में देश ने एक ऐसे महत्वपूर्ण कालखंड में चुना है जब हम अपनी आजादी का अमृत महोत्सव मना रहे हैं। आज से कुछ दिन बाद ही देश अपनी स्वाधीनता के 75 वर्ष पूरे करेगा। ये भी एक संयोग है कि जब देश अपनी आजादी के 50वें वर्ष का पर्व मना रहा था तभी मेरे राजनीतिक जीवन की शुरुआत हुई थी और आज आजादी के 75वें वर्ष में मुझे ये नया दायित्व मिला है।
राष्ट्रपति मुर्मू का कहना हैं कि मैंने अपनी जीवन यात्रा ओडिशा के एक छोटे से आदिवासी गांव से शुरू की थी। मैं जिस पृष्ठभूमि से आती हूं, वहां मेरे लिये प्रारंभिक शिक्षा प्राप्त करना भी एक सपने जैसा ही था। लेकिन अनेक बाधाओं के बावजूद मेरा संकल्प दृढ़ रहा और मैं कॉलेज जाने वाली अपने गांव की पहली बेटी बनी। ये हमारे लोकतंत्र की ही शक्ति है कि उसमें एक गरीब घर में पैदा हुई बेटी, दूर-सुदूर आदिवासी क्षेत्र में पैदा हुई बेटी, भारत के सर्वोच्च संवैधानिक पद तक पहुंच सकती है। मुर्मू ने कहा, राष्ट्रपति के पद तक पहुंचना, मेरी व्यक्तिगत उपलब्धि नहीं है, ये भारत के प्रत्येक गरीब की उपलब्धि है। मेरा निर्वाचन इस बात का सबूत है कि भारत में गरीब सपने देख भी सकता है और उन्हें पूरा भी कर सकता है।
देश में लगातार तीसरे दिन भी 21 हजार से ज्यादा नए केस मिले, 24 घंटे में 67 लोगों की मौत..
देश-विदेश: शनिवार को देश में लगातार तीसरे दिन 21 हजार से ज्यादा नए कोरोना केस मिले हैं। बीते 24 घंटे में 67 और लोगों ने महामारी के आगे हार मान ली। शनिवार को सक्रिय केस में 618 की बढ़ोतरी हुई और ये बढ़कर 1,50,100 हो गए। दैनिक संक्रमण दर 4.46 फीसदी दर्ज की गई। केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय द्वारा शनिवार सुबह 8 बजे अपडेट आंकड़ों के अनुसार बीते 24 घंटे में 21,411 नए संक्रमित मिले हैं। हालांकि, इस दौरान 20,726 लोग महामारी से उबर गए।
बीते तीन दिनों से रोज 21 हजार से ज्यादा नए संक्रमित मिल रहे हैं। इससे पहले शुक्रवार को 60 लोगों ने कोरोना से दम तोड़ा था और 21,880 नए मामले सामने आए थे। जबकि, गुरुवार को देश में 21,566 नए केस मिले थे। हालांकि, शनिवार को नए केस शुक्रवार की तुलना में कुछ कम हैं, लेकिन लगातार तीसरे दिन ये 21 हजार से ज्यादा मिले हैं।
कैंसर पीड़ित बच्चे बनाए गए पुलिस अधिकारी बच्चों का सपना हुआ पूरा..
देश-विदेश: कर्नाटक के बेंगलुरू में दो कैंसर पीड़ित बच्चों का सपना पुलिस ने पूरा कर दिया। दोनों का सपना था कि वे पुलिस अधिकारी बनें। ‘मेक अ विश’ नाम के एनजीओ के माध्यम से उनके इस सपने को साकार करने के लिए पुलिस ने दरियादिली दिखाई और दोनों को एक दिन का पुलिस अधिकारी बनाया गया। आपको बता दे कि केरल के मोहम्मद सलमान और बेंगलुरू के मिथिलेस कैंसर से पीड़ित हैं।
दोनों का सपना है कि वे पढ़-लिखकर पुलिस अधिकारी बनें, लेकिन कैंसर के कारण न तो उनकी सही ढंग से पढ़ाई हो पा रही है और न ही उनके सपनों को पंख लग पा रहे हैं। ऐसे में दोनों बच्चों के सपनों को पूरा करने का बीड़ा एनजीओ मेक अ विश ने उठाया। संस्था ने पुलिस अधिकारियों से संपर्क किया, जिस पर उन्होंने हामी भर दी। इसके बाद दोनों को एक दिन का पुलिस अधिकारी बनाया गया। इस दौरान उन्हें पुलिस अधिकारियों द्वारा तोहफे भी दिए गए।
राष्ट्रपति चुनाव- उत्तराखंड में क्रास वोटिंग से कांग्रेस में खलबली..
उत्तराखंड: राष्ट्रपति चुनाव में क्रास वोटिंग को लेकर उत्तराखंड कांग्रेस में खलबली मची है। चुनाव परिणाम के बाद कांग्रेस में उस काली भेड़ की तलाश शुरू हो गई है, जिसने राजग प्रत्याशी द्रौपदी मुर्मू के पक्ष में मतदान किया। पार्टी के नेता अब एक-दूसरे को ही शक की नजर से देख रहे हैं। इस मामले को गंभीर मानते हुए प्रदेश अध्यक्ष करन माहरा ने नेता प्रतिपक्ष यशपाल आर्य से एक कमेटी बनाकर मामले की जांच का अनुरोध किया।
बता दे कि इस बीच मामला हाईकमान तक भी पहुंच गया है। लेकिन जब तक पार्टी लाइन से बाहर जाकर वोट करने वाले की पहचान नहीं हो जाती, कोई भी बड़ा नेता खुलकर कुछ कहने से बच रहा है। पहले से बगावत के जख्मों से छलनी कांग्रेस को राष्ट्रपति चुनाव में बड़ा धक्का लगा है। उत्तराखंड से कुल 67 विधायकों ने बीती 18 जुलाई को राष्ट्रपति पद के लिए हुए चुनाव में मतदान किया था। कांग्रेस के राजेंद्र भंडारी और तिलकराज बेहड़ अलग-अलग कारणों से मतदान में भाग नहीं लिया था।
इसी तरह से भाजपा के विधायक व परिवहन मंत्री चंदनराम दास अस्पताल में भर्ती होने के कारण वोट नहीं दे पाए थे। इस तरह 70 में से कुल 67 विधानसभा सदस्यों ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया। विधानसभा में दलीय स्थिति देखें तो वर्तमान विधानसभा में सत्तारूढ़ भाजपा के 47, कांग्रेस के 19 विधायक हैं। इसके साथ ही बसपा के दो और दो निर्दलीय हैं।
राष्ट्रपति चुनाव में भाजपा ने दो निर्दलीय और दो बसपा सदस्यों का विश्वास भी जुटा लिया था। इस तरह राजग की प्रत्याशी मुर्मू को 50 मत ही मिलने चाहिए थे, लेकिन उन्हें 51 वोट मिले हैं। साफ है कि यह वोट कांग्रेस विधायक ने दिया है। कांग्रेस के दो विधायक मतदान में शामिल नहीं हुए थे। इस हिसाब से यूपीए उम्मीदवार यशवंत सिन्हा को 17 वोट मिलने चाहिए थे, लेकिन उन्हें 15 ही वोट मिले।
दर्शकों को फिर हंसाने के लिए तैयार कपिल शर्मा..
इस दिन आएगा नए शो का पहला एपिसोड..
देश-विदेश: पॉपुलर कॉमेडियन शो, ‘द कपिल शर्मा शो’ दर्शकों के बीच काफी पसंद किया जाता है। इस चैट शो के कई सीजन आ चुके हैं, जिसमें हमेशा ही सिनेमा जगत के सितारे अपनी फिल्म या फिर गानों का प्रमोशन करने आते हैं। लेकिन इन दिनों कपिल शर्मा का यह शो ऑफ एयर है। ऐसे में फैंस इस शो के नए सीजन का बेसब्री से इंतजार कर रहे हैं और अब दर्शकों का यह इंतजार जल्द ही खत्म होने वाला है। कपिल शर्मा जल्द ही अपने शो को नए रूप में दर्शकों के बीच लेकर आएंगे और मेकर्स ने इसकी तैयारी भी शुरू कर दी है।
बता दे कि कपिल शर्मा और उनकी पूरी टीम 3 सितंबर को टीवी पर वापसी कर रही है। इसी दिन उनके शो का पहला एपिसोड ऑनएयर होगा। बीते दिनों भी शो से जुड़ी एक रिपोर्ट सामने आई थी, जिसमें दावा किया गया था मेकर्स नए सीजन को सुपरहिट बनाना चाहते हैं। ऐसे में शो में कुछ और पॉपुलर कॉमेडियन को जोड़ा जाएगा, जिनकी कॉमिक टाइमिंग फैंस का दिल जीत लें।
बता दें कि कपिल शर्मा की टीम में भारती सिंह, किकू शारदा, कृष्णा अभिषेक, चंदन प्रभाकर, सुमोना चक्रवर्ती जैसे कलाकार हिस्सा रहे हैं। शो ऑफ एयर होने के बाद ये तमाम सितारे अमेरिका और कनाडा में अपना ब्रेक एंजॉय करते दिखे। इन दिनों ‘द कपिल शर्मा शो’ की टाइमिंग पर सोनी टीवी पर ‘इंडियाज लाफ्टर चैलेंज’ ऑनएयर हो रहा है, जिसमें अर्चना पूरन सिंह और शेखर सुमन बतौर जज नजर आ रहे हैं। जल्द ही शो का ग्रैंड फिनाले होने वाला है। कहा जा रहा है कि इसी स्लॉट पर कपिल अपने शो से वापसी करेंगे।
श्रद्धालुओं ने लगाए आदि कैलाश में कूड़े के ढेर..
उत्तराखंड: आदि कैलाश दर्शन के लिए हर साल बढ़ रही यात्रियों की भीड़ चिंता का सबब बन सकती है। यात्रियों के साथ भारी मात्रा में प्लास्टिक कचरा 15 हजार फीट तक की ऊंचाई पर पहुंच रहा है। बीते चार महीने में ही ग्रामीणों ने 5 कुंतल से अधिक कूड़ा इस क्षेत्र से एकत्र किया है। यात्रा के लिए इनरलाइन पास जारी कर रहे प्रशासन और यात्री दलों को लेकर पहुंच रहे कुमाऊं मंडल विकास निगम के पास इस कूड़े के निस्तारण के लिए फिलहाल कोई इंतजाम नहीं हैं।
साल 2020 में लिपूलेख तक सड़क बनने के बाद आदि कैलाश यात्रा पर जाने वालों की संख्या अचानक बढ़ गई है। आंकड़ों के अनुसार सड़क बनने से पहले यहां 2019 में महज 1200 यात्री पहुंचे थे। इस साल अप्रैल से अब तक यहां 4656 लोग पहुंच चुके हैं। ये लोग बड़ी संख्या में पैक्ड फूड, पालीथिन और अन्य प्लास्टिक की चीजें लेकर संवेदनशील आदि कैलाश तक पहुंच रहे हैं।
आदि कैलाश क्षेत्र में साफ-सफाई व अन्य व्यवस्थाएं देखने के लिए गठित आदि कैलाश विकास समिति के अध्यक्ष पुनीत कुटियाल का कहना हैं कि बीते चार महीनों में उन्होंने पांच कुंतल से अधिक कूड़ा एकत्र किया है। इसमें तीन कुंतल के बराबर प्लास्टिक कचरा निकला है। प्रशासन और केएमवीएन के पास कूड़ा निस्तारण की कोई नीति नहीं है। समिति प्लास्टिक कचरे को किसी तहर जमीन में दबाकर काम चला रही है।
गंगा नदी के तेज बहाव में बहे सात कांवड़िए..
उत्तराखंड: कांवड़ यात्रा शुरू होने के साथ ही हरिद्वार में गंगा नदी में बहने की खबरें भी सामने आने लगी हैं। बता दे कि हरिद्वार में गंगा नदी का बहाव तेज है। गुरुवार को तेज बहाव के चलते सात कावड़िए गंगी नदी में बह गए। इन्हें आनन-फानन में सेना और पुलिस टीम के संयुक्त अभियान में बचाया गया। जानकारी के अनुसार, सभी कांवड़िए उत्तर प्रदेश के गाजियाबाद के रहने वाले हैं। उत्तराखंड के पहाड़ी इलाकों में हो रही लगातार बारिश की वजह से नदी का जलस्तर तेजी से बढ़ गया है। नदी भी उफान पर है।
सावन का महीना चल रहा है। लगभग दो साल बाद कांवड़ यात्रा की अनुमति मिली है। ऐसे में भारी संख्या में लोग भगवान भोलेनाथ को जल अर्पित करने के लिए हरिद्वार पहुंच रहे हैं। जिला प्रशासन भी सतर्क है। अनहोनी से बचने के लिए चप्पे-चप्पे की निगरानी की जा रही है। सेना के तैराक दल ने अबतक 18 कांवड़ियों को नदी में बहने से बचाया है। जोनल मजिस्ट्रेट का कहना हैं कि हम घाटों पर लोगों से तेज प्रवाह में ना जाने की अपील करते हैं।