दिवाली के बाद लोकसभा चुनाव के लिए ताकत झोंकेगी भाजपा,मैदान में उतरेंगे सीएम..
उत्तराखंड: दिवाली के बाद भाजपा लोकसभा चुनाव के लिए पूरी ताकत झोंकेगी। एक मोर्चा सीएम पुष्कर सिंह धामी संभालेंगे और दूसरे मोर्चे पर भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट के नेतृत्व में संगठन की टीम डटेगी।पार्टी सांसदों, विधायकों और पदाधिकारियों को 2022 के विधानसभा चुनाव में 23 हारी हुई विधानसभा सीटों पर प्रवास करेंगे और पार्टी के पक्ष में वातावरण बनाने में जुटेंगे। पार्टी के पक्ष में माहौल बनाने के लिए सीएम पुष्कर सिंह धामी आने वाले कुछ दिनों में प्रदेश के दौरे पर निकलेंगे। इस दौरान वह विकास योजनाओं के लोकार्पण और शिलान्यास करेंगे। सीएम के ये कार्यक्रम लोकसभा वार करने का प्रस्ताव है।
मुख्यमंत्री कार्यालय सीएम के इस कार्यक्रम की रूपरेखा तैयार कर रहा है। सीएम दफ्तर ने सभी विभागों और जिलाधिकारियों से उन सभी योजनाओं की जानकारी मांगी हैं, जिनके जल्द शिलान्यास होने और जो योजनाएं तकरीबन पूरी हो चुकी हैं। उधर, संगठन ने लोकसभा चुनाव से पूर्व समाज के हर वर्ग को साधने के लिए अलग-अलग सम्मेलनों की कार्ययोजना तैयार कर ली है। पहले जातिगत सम्मेलन होंगे और उसके बाद अलग-अलग वर्गों के लिए सम्मेलन कराए जाएंगे। 19 नवंबर को देहरादून और 21 नवंबर को हल्द्वानी में अनुसूचित जाति के जनप्रतिनिधियों के सम्मेलन होंगे। 20 नवंबर को विकासनगर और 22 नवंबर को नानकमत्ता में अनुसूचित जनजाति जनप्रतिनिधियों के सम्मेलन होंगे। इसके बाद पार्टी समुदाय और वर्ग विशेष आधारित सम्मेलन करेगी।
हारी हुई सीटों पर पार्टी के लिए काम करने की जिम्मेदारी..
इन सम्मेलनों में सीएम, प्रदेश अध्यक्ष के साथ ही पार्टी प्रभारी व केंद्रीय नेता भी शामिल होंगे। प्रदेश की उन विधानसभा सीटों में जहां पिछले विधानसभा चुनाव में पार्टी को हार मिली या पार्टी की जीत का अंतर कम रहा, उनमें सभी लोकसभा व राज्यसभा सांसद प्रवास करेंगे। लोकसभा क्षेत्र के अंतर्गत विधानसभा सीटों के पार्टी विधायकों को उनके आसपास की हारी हुई सीटों पर पार्टी के लिए काम करने की जिम्मेदारी दी गई है।
लोकसभा चुनाव के दृष्टिगत सरकार और संगठन के स्तर पर अलग-अलग कार्यक्रम बनाए गए हैं। सभी सांसदों को प्रवास करने की जिम्मेदारी दी गई है। इस महीने पार्टी अलग-अलग कई सम्मेलन करेगी। पार्टी के सभी सांसद, विधायक अपने-अपने क्षेत्रों में प्रवास करेंगे और सांगठनिक गतिविधियों के माध्यम से ज्यादा से ज्यादा लोगों को पार्टी की जानकारी देंगे। दिवाली के बाद पार्टी कार्यकर्ता पूरे जोश और उत्साह के साथ चुनाव की तैयारी में जुट जाएंगे।
उत्तराखंड में मानव-वन्यजीव संघर्ष में मुआवजे की राशि में की जाएगी बढ़ोतरी, केंद्र सरकार ने संशोधित की दरें..
उत्तराखंड: प्रदेश में मानव वन्यजीव संघर्ष के तहत दी जाने वाली मुआवजा राशि में बढ़ोतरी की जाएगी। वन विभाग ने प्रस्ताव तैयार कर शासन को भेज दिया है। अब इसे मंजूरी के लिए कैबिनेट में रखा जाएगा। राज्य वन्यजीव बोर्ड प्रस्ताव को पहले ही मंजूरी दे चुका है। इसमें मानव वन्यजीव संघर्ष में व्यक्ति के घायल होने, अपंग होने, फसलों की क्षति और संपत्ति के नुकसान पर दिए जाने वाले मुआवजे में संशोधन किया गया है। मानव-वन्यजीव संघर्ष राहत वितरण निधि नियमावली 2023 की प्रस्तावित दरों में केंद्र सरकार के गृह मंत्रालय के आपदा प्रबंधन विभाग की ओर से निर्धारित दरों में जुलाई 2023 में संशोधन किया जा चुका है।
अब राज्यों को भी इसी के अनुरूप अपने यहां दरों में संशोधन करना अनिवार्य है। पूर्व में यह प्रस्ताव कैबिनेट में पास हो गया था, लेकिन इस बीच केंद्र सरकार के गृह मंत्रालय की ओर से दरों में संशोधन के बाद इसका शासनादेश जारी नहीं किया गया। अब संशोधित प्रस्ताव तैयार कर शासन को भेजा जा चुका है।
प्रस्तावित दरें..
मानव वन्यजीव संघर्ष में मृत्यु होने पर दी जानी वाली मुआवजा राशि को चार लाख रुपये से बढ़ाकर छह लाख रुपये किया जाना प्रस्तावित। इस प्रस्ताव में 18वीं वन्यजीव बोर्ड की बैठक में पहले ही मंजूरी दी जा चुकी है।
साधारण घायल होने पर मिलने वाला मुआवजा 15 हजार से बढ़ाकर 16 हजार रुपये प्रस्तावित किया गया है।
गंभीर रूप से घायल होने पर 50 हजार से बढ़ाकर एक लाख रुपये प्रस्तावित।
पूर्ण रूप से अपंग होने पर दो लाख से बढ़ाकर ढाई लाख रुपये प्रस्तावित।
दुधारू पशु की मृत्यु पर 30 हजार से बढ़ाकर 37 हजार 500 रुपये किया जाना प्रस्तावित।इसके अलावा फसलों के नुकसान और भवन, कच्चे-पक्के मकान इत्यादि की दरों में भी संशोधन का प्रस्ताव है।
दो नए पशु भी शामिल, मृत्यु पर मुआवजा..
वन्यजीवों की ओर से पशु क्षति में पहली बार उत्तराखंड के उच्च हिमालयी क्षेत्रों में पाए जाने वाले दो नए पशुओं को भी शामिल किया गया है। इसमें जबू (ज्वाॅ) और जुमो की मृत्यु होने पर 37 हजार 500 रुपये मुआवजे का प्रस्ताव है। इस प्रस्ताव को भी राज्य वन्यजीव बोर्ड की बैठक में मंजूरी प्रदान की जा चुकी है।मानव-वन्यजीव संघर्ष के तहत दी जाने वाली मुआवजा राशि में बढ़ोतरी के प्रस्ताव को 24 अगस्त 2023 को हुई कैबिनेट की बैठक में मंजूरी प्रदान की गई थी, लेकिन इस बीच केंद्र सरकार ने निधि की दरों में संशोधन कर दिया। इसके चलते पुन: प्रस्ताव को संशोधित कर शासन को भेजा गया है।
दिवाली पर उत्तराखंड में बड़ा हादसा, संकट में कई जानें..
उत्तराखंड: उत्तरकाशी में रविवार सुबह बड़ा हादसा हो गया। यमुनोत्री राष्ट्रीय राजमार्ग पर सिलक्यारा से डंडालगांव तक निर्माणाधीन सुरंग का हिस्सा टूट गया है। सुरंग के अंदर 36 से ज्यादा मजूदर फंसे होने की सूचना है। हादसे पर सीएम पुष्कर सिंह धामी भी अपनी नजर बनाए हुए हैं। रेस्क्यू टीम भी श्रमिकों को सुरक्षित बाहर निकालने के लिए रेस्क्यू अभियान चलाए हुए है। सीएम धामी भी हादसे पर अपनी नजर बनाए हुए हैं। सीएम धामी ने कहा कि वो खुद जिला प्रशासन के साथ संपर्क में हैं।
सीएम धामी ने जिलाधिकारी से बात कर रेस्क्यू मिशन को तेज करने के निर्देश भी दिए हैं। सीएम ने कहा ईश्वर से टनल में फंसे सभी कर्मचारियों के सकुशल बाहर निकलने की कामना करता हूं। जिला आपदा प्रबंधन उत्तरकाशी ने इसकी पुष्टि की है। हालांकि अभी इसकी सटीक सूचना नहीं है कि सुरंग के अंदर कितने मजदूर फंसे हुए हैं। कंपनी की ओर से मलबे को हटाने का कार्य किया जा रहा है। मौके पर पांच 108 एंबुलेंस तैनात की गई हैं।
सुरंग में फंसे श्रमिकों के लिए डाला ऑक्सीजन पाइप..
हादसे को लेकर एसपी उत्तरकाशी अर्पण यदुवंशी ने बताया कि रेस्क्यू किया जा रहा है। अंदर फंसे लोगों के लिए ऑक्सीजन पाइप डाल दिया गया है। फिलहाल किसी तरह की जनहानि की कोई सूचना नहीं है। जल्द ही सभी को सुरक्षित निकाला जाएगा।हादसे की वजह भूस्खलन होना बताई जा रही है। सिलक्यारा की ओर सुरंग के द्वार से 200 मीटर की दूरी पर यह भूस्खलन हुआ है। जबकि जो मजदूर काम कर रहे थे वो वाहन द्वार के 2800 मीटर अंदर हैं। रेस्क्यू के लिए जिला प्रशासन के साथ एसडीआरएफ की टीम और पुलिस भी मौके पर ही मौजूद है।
दिल्ली मेट्रो में छाया डेस्टिनेशन उत्तराखंड..
उत्तराखंड: पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए सूचना विभाग की पहल से दिल्ली मेट्रो में भी डेस्टिनेशन उत्तराखंड अपनी पहचान बना रहा है। दिल्ली मेट्रो में सूचना विभाग की ओर से किए प्रयास रंग लाते दिख रहे हैं। जिस वजह से उत्तराखंड में रहने वाला हर एक प्रदेशवासी गौरवान्वित महसूस कर रहा है।अगला दशक उत्तराखंड का दशक की परिकल्पना को साकार करते हुए देश एवं प्रदेश के सैलानियों के लिए डेस्टिनेशन उत्तराखंड अपनी विशेष जगह बना रहा है। दिल्ली मेट्रो में पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए प्रचार-प्रसार किया जा रहा है।दिल्ली मेट्रो में डेस्टिनेशन उत्तराखंड से देवभूमि उत्तराखंड का हर एक प्रदेशवासी जुड़कर गौरवान्वित महसूस कर रहा है। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने डेस्टिनेशन उत्तराखंड की सार्थक पहल से सभी से जुड़ने और योगदान देने की अपील की है।
छोटी दिवाली पर क्यों जलाया जाता है यम का दीपक,जानें शुभ मुहूर्त..
उत्तराखंड: खुशियों के त्योहार दीपावली की धनतेरस से शुरुआत हो चुकी है। धन त्रयोदशी के बाद यानि कि दीपावली के एक दिन पहले मनाई जाती है छोटी दीवाली। बता दें कि कार्तिक महीने की कृष्ण पक्ष के चतुर्दशी तिथि को प्रदोष काल में छोटी दिवाली मनाते हैं। इस दिन यम का दीपक जलाते हैं। छोटी दीपावली को नरक चतुर्दशी के नाम से भी जाना जाता है।
आज होती है मां काली और श्री कृष्ण की पूजा..
छोटी दीपावली पर मां काली की पूजा की जाती है। पुराणों के मुताबिक मां काली ने कई राक्षसों का वध कर अपने भक्तों को उनके अत्याचारों से मुक्ति दिलाई थी। जिस कारण दिवाली की अमावस्या तिथि पर मां लक्ष्मी की पूजा की जाती है। बड़ी दीपावली से ठीक एक दिन पहले छोटी दीपावली पर मां काली की पूजा की जाती है। आज 11 नवंबर को छोटी दीवाली मनाई जा रही है और आज मां काली की पूजा की जाएगी। इसके साथ ही आज भगवान श्री कृष्ण की पूजा भी की जाती है।
आज जलाया जाता है यम का दीपक..
ऐसा कहा जाता है कि कार्तिक महीने की कृष्ण पक्ष की चतुर्दशी को ही भगवान श्री कृष्ण ने नरकासुर का वध किया था। इस राक्षस ने देवताओं के साथ ही ऋषियों को भी बेहद ही परेशान किया हुआ था और 16000 कन्याओं को इसने बंधक बना लिया था।चतुर्दशी तिथि के दिन इसका वध होने के कारण ही आज के दिन को नरक चतुर्दशी और नरक चौदस भी कहा जाता है।
11 नवंबर 2023 को दोपहर 1:57 से कृष्ण पक्ष की चतुर्दशी तिथि प्रारंभ होगी और 12 नवंबर 2023 को दोपहर 2:44 तक रहेगी। नरक चतुर्दशी पर यमराज पूजन और चौमुखी दीपक जलाने का शुभ समय 5:40 से लेकर शाम 7:36 तक है। ऐसा कहा जाता है कि इस दिन यमराज की पूजा करने से और दीप जलाने से परिवार के ऊपर आने वाला अकाल मृत्यु का खतरा टल जाता है।
एक महीने में दूसरी बार उत्तराखंड पहुंचे गृहमंत्री अमित शाह..
उत्तराखंड: केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह गुरूवार देर शाम उत्तराखंड दौरे पर जौलीग्रांट एयरपोर्ट पहुंचे। जहां मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने गृहमंत्री का स्वागत किया। बताया जा रहा है कि शाह का एक महीने के अंदर यह दूसरी बार उत्तराखंड का दौरा है। वह खास कार्यक्रम से यहां पहुंचे हैं। उनके दौरे को लेकर सियासी गलियारों में हलचल तेज हो गई है।
मिली जानकारी के अनुसार देहरादून में आज आईटीबीपी का स्थापना दिवस मनाया जा रहा है। इस अवसर पर रेजिंग डे परेड का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह बतौर मुख्य अतिथि शामिल हुए। इस दौरान फाइव फ्रंटियर, ईस्ट फ्रंटियर, नॉर्थ ईस्ट फ्रंटियर, नॉर्दन फ्रांटियर्स, नक्सल फ्रंटियर, महिला नक्सल फ्रंटियर, स्की फोर्स, कमांडो दस्ता, पैरा ट्रूपर्स की टुकड़ियां परेड में शामिल हुईं।
वहीं, मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी, कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी, धन सिंह रावत और प्रेमचंद अग्रवाल भी परेड में शामिल हुए। इस दौरान गृहमंत्री ने सबसे पहले परेड का निरीक्षण किया। आईटीबीपी सीमाद्वार में आयोजित परेड को देखने के लिए यहां हजारों लोगों की भीड़ जुटी है। स्वागत के लिए महिलाएं पारंपरिक परिधानों में भी आई हैं। वहीं, कई बच्चे सेना की वर्दी पहनकर पहुंचे हैं। बताया जा रहा है कि गृहमंत्री आज उत्तराखंड में एमबीबीएस के छात्रों के लिए हिंदी मीडियम में पढ़ाई की शुरुआत भी करेंगे।
बताया जा रहा है कि केंद्रीय गृह मंत्री जौलीग्रांट एयरपोर्ट से आइटीबीपी परिसर स्थित विश्राम गृह पहुंचे, जहां उन्होंने रात्रि विश्राम किया। वह आज (शुक्रवार) को सीमाद्वार स्थित आइटीबीपी परिसर में स्थापना दिवस कार्यक्रम में शामिल हुए।वहीं एयरपोर्ट पर मुख्यमंत्री के साथ कैबिनेट मंत्री सुबोध उनियाल, गणेश जोशी, प्रेमचंद अग्रवाल, सौरभ बहुगुणा, धनसिंह रावत, सांसद एवं पूर्व मुख्यमंत्री डॉ. रमेश पोखरियाल निशंक भी मौजूद रहे। इसके अलावा पूर्व मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत, राजपुर रोड विधायक खजान दास, मेयर सुनील उनियाल गामा तथा बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट ने भी गृहमंत्री को पुष्पगुच्छ देकर स्वागत किया।
शाह का यह दौरा राजनीतिक सुगबुगाहट से भी भरा हुआ है क्योंकि आगामी लोकसभा चुनाव की तैयारी को लेकर भी चर्चा कर सकते हैं। पिछले महीने 7-8 अक्टूबर को शाह यहां आए थे। उस समय बीजेपी के पदाधिकारियों के साथ ही सोशल मीडिया टीम के साथ चर्चा भी की थी। कार्यक्रम के बाद वह गढ़ी कैंट स्थित हेलीपैड से जौलीग्रांट एयरपोर्ट के लिए रवाना होंगे और फिर वहां से दिल्ली वापस लौट जाएंगे।
भगवान धन्वंतरि को खुश करने के लिए पहने इस रंग के कपड़े..
देश-विदेश: इस साल 10 नवंबर यानी कि आज धनतेरस का त्यौहार मनाया जा रहा है। देशभर में आज बाजारों में धनतेरस के त्यौहार को लेकर रौनक नजर आ रही है। इस दिन अगर आप कुछ विशेष रंग के कपड़े पहनते हैं तो आप पर भगवान धन्वंतरि की विशेष कृपा होती है। धनतेरस का पर्व कार्तिक महीने के कृष्ण पक्ष की त्रयोदशी तिथि के दिन मनाया जाता है। इस दिन धन्वंतरि देव, लक्ष्मी जी और कुबेर महाराज की पूजा की जाती है। इस दिन को वस्तुओं की खरीदारी के लिए बेहद ही शुभ माना जाता है। ऐसी मान्यता है कि धनतेरस के दिन खरीदी गई चल-अचल संपत्ति में तेरह गुणा वृद्धि होती है। इस दिन लोग सोना-चांदी के साथ ही बर्तनों की खरीददारी भी करते हैं।
धनतेरस के दिन पूजा के दौरान कपड़ों के रंग का विशेष महत्व होता है। इस दिन काले रंग के कपड़े पहनना अशुभ माना जाता है। ऐसा कहा जाता है कि धनतेरस के दिन सोना खरीदना बेहद ही शुभ होता है। इस दिन अगर आप पीले या सुनहरे रंग के वस्त्र पहनते हैं तो ये आपके लिए बेहद ही लाभदायक होगा। इस से जिंदगी में सुख और समृद्धि का वास होता है। इसके साथ ही स्वास्थ्य भी अच्छा बना रहता है। गुलाबी और लाल रंग मां लक्ष्मी का बेहद ही प्रिय रंग है। अगर आप इन दोनों रंगों को पहन कर धनतेरस पर मां लक्ष्मी की पूजा करते हैं तो धनतेरस पर आप पर माँ लक्ष्मी की खूब कृपा होगी।
इस साल धनतेरस के लिए पूजा का शुभ मुहूर्त शाम 05 बजकर 47 मिनट से रात 07 बजकर 47 मिनट तक है। जबकि खरीददारी के लिए 10 नवंबर को धनतेरस के दिन सोना और चांदी खरीदने का सबसे शुभ समय दोपहर 2 बजकर 35 मिनट से 11 नवंबर 2023 की सुबह 6 बजकर 40 मिनट के बीच है। जबकि 11 नवंबर को सुबह 06 बजकर 40 मिनट से दोपहर 1 बजकर 57 मिनट के बीच सामान खरीद सकते हैं।
यूकेपीएससी ने 1097 पदों पर भर्ती को लेकर जारी किया बड़ा अपडेट..
उत्तराखंड: लोक सेवा आयोग ने युवाओं के लिए बड़ा अपडेट जारी किया है। ये अपडेट उत्तराखंड संयुक्त राज्य जूनियर इंजीनियर सेवा परीक्षा 2023 के माध्यम से जूनियर इंजीनियरों (जेई) की भर्ती को लेकर जारी किया गया है। बताया जा रहा है कि आयोग द्वारा इस भर्ती के लिए संशोधन / परिवर्तन (Edit/Correction) विंडो खुलने जा रही है। उम्मीदवार इसे अपडेट कर सकेंगे।
मिली जानकारी के अनुसार आयोग द्वारा जूनियर इंजीनियरों (जेई) की भर्ती के लिए आवेदन करने वाले युवाओं को एक मौका दिया जा रहा है। जिसका अपडेट जारी किया गया है। बताया जा रहा है कि आयोग द्वारा ऑनलाइन आवेदन की अंतिम तिथि 03.11.2023 तक आवेदन प्रक्रिया पूर्ण करने वाले अभ्यर्थियों को अंतिम अवसर प्रदान करते हुये अपने ऑनलाइन आवेदन पत्र में की गयी प्रविष्टियों में संशोधन / परिवर्तन (Edit/Correction) किये जाने हेतु केवल एक बार के लिए आयोग की बेवसाइट http://psc.uk.gov.inपर Online Edit Window लिंक दिनांक 10.11.2023 से दिनांक 19.11.2023 (रात्रि 11:59:59 बजे तक) तक खोला जायेगा।
बता दें कि यूकेपीएससी जेई अधिसूचना 2023 12 अक्टूबर को ऑफशियल साइट पर जारी की गई थी। ऑनलाइन आवेदन पत्र भरने की प्रक्रिया 14 अक्टूबर 2023 से शुरू हुई थी। योग्य उम्मीदवारों ने यूकेपीएससी जेई भर्ती 2023 के लिए वेबसाइट http://ukpsc.net.in से ऑनलाइन आवेदन किया था। इस भर्ती के लिए संबंधित क्षेत्र में इंजीनियरिंग में डिग्री या डिप्लोमा होना चाहिए था। इन पदों पर उम्मीदवारों का चयन लिखित परीक्षा, इंटरव्यू, दस्तावेज़ सत्यापन और मेडिकल टेस्ट में उनके प्रदर्शन के आधार पर किया जाएगा।
राज्य स्थापना दिवस पर गैरसैंण में में हुआ भव्य कार्यक्रम..
उत्तराखंड: गैरसैंण के भराड़ीसैंण में राज्य स्थापना दिवस पर कार्यक्रम का आयोजन किया गया। जिसमें सीएम पुष्कर सिंह धामी ने प्रतिभाग किया। जहां एक ओर सीएम धामी कार्यक्रम में पहुंचे तो वहीं विधानसभा अध्यक्ष कार्यक्रम में नजर नहीं आईं।भराड़ीसैंण में राज्य स्थापना दिवस पर भव्य कार्यक्रम का आयोजन किया गया। जिसमें सीएम पुष्कर सिंह धामी ने शिरकत की। सीएम धामी ने यहां परेड की सलामी ली। बता दें कि इस से पहले सीएम धामी ने राजधानी देहरादून में पुलिस लाइन में आयोजित कार्यक्रम में प्रतिभाग किया था। जिसमें मुख्य अतिथि के तौर पर महामहिम राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू शामिल हुई थी।
जहां एक ओर भराड़ीसैंण में आयोजित राज्य स्थापना दिवस के कार्यक्रम में सीएम धामी नजर आए तो वहीं दूसरी ओर इस कार्यक्रम में विधानसभा अध्यक्ष रितु खंड्डूरी नजर नहीं आई। इस बारे में बज विस अध्यक्ष से बात की गई तो उन्होंने कहा कि चमोली जिला प्रशासन के द्वारा कार्यक्रम का आयोजन किया जाता है। लेकिन कार्यक्रम का निमंत्रण उन्हें प्राप्त नहीं हुआ।
पाकिस्तान के लिए खुशियां लाया मैक्सवेल का तूफान..
देश-विदेश: अफगानिस्तान और ऑस्ट्रेलिया के बीच आईसीसी वनडे वर्ल्ड कप 2023 का रोमांचक मुकाबला मुंबई के ऐतिहासिक वानखेड़े स्टेडियम में खेला गया। इस मैच से पहले किसी ने कल्पना भी नहीं की होगी कि ऑस्ट्रेलिया के स्टार ऑलराउंडर ग्लेन मैक्सवेल इस तरह से अपनी टीम को मैच जितवाएंगे। एक समय था जब ऑस्ट्रेलिया के 91 रन पर 7 विकेट थे और ऑस्ट्रेलिया को 292 रन का टारगेट चेज करना था। लेकिन वहां से ग्लेन मैक्सवेल को कप्तान पैट कमिंस का साथ मिला और फिर उन्होंने पीछे मुड़कर नहीं देखा।
मैक्सवेल ने दोहरा शतक (201*) ठोक ऑस्ट्रेलिया को 3 विकेट से मैच जितवा दिया। इसके साथ ही ऑस्ट्रेलिया ने अंतिम चार के लिए अपनी जगह को सुनिश्चित कर लिया है। वहीं दूसरी तरफ अफगानिस्तान की हार से पाकिस्तान क्रिकेट टीम की बल्ले-बल्ले हो गई है। वैसे तो टूर्नामेंट में पाकिस्तान का हाल बेहाल ही रहा है लेकिन पिछले दो मैचों में जीत और किस्मत के भरोसे वह खुद को सेमीफाइनल की रेस में अब तक बरकरार रखा है।
पाकिस्तानी टीम टूर्नामेंट में अपने 8 में से 4 मैच जीतकर 8 अंक जुटाए हैं और वह पॉइंट्स टेबल में 5वें स्थान पर है। पाकिस्तान से ऊपर 8 अंक के साथ ही न्यूजीलैंड की टीम चौथे स्थान पर है। ऐसे में मामला रन रेट पर आकर फंसा हुआ है। इंग्लैंड के खिलाफ मुकाबले में जब पाकिस्तानी टीम मैदान पर उतरेगी तो उसकी कोशिश बड़े अंतर से जीत पर होगी। वहीं अगर न्यूजीलैंड की टीम श्रीलंका से हार जाती है तो पाकिस्तान के लिए रास्ता साफ हो जाएगा अगर न्यूजीलैंड जीत जाती है फिर पाकिस्तान का सेमी में जाना मुश्किल हो जायेगा क्योंकि न्यूजीलैंड का रन रेट पाकिस्तान से काफी ज्यादा अधिक है वहीं पाकिस्तान के हारने पर नूजीलैंड का रास्ता साफ़ जाएगा। क्योंकि अफगानिस्तान टीम का रन रेट भी काफी कम है। अफगानिस्तान का भी अभी मौका बन रहा है। अगर नूजीलैंड और पाकिस्तान दोनों अपना मैच हार जाते हैं और अफगानिस्तान अपना मैच जीत जाती है तो उसका रास्ता एकदम साफ़ हो जायेगा।
