हरिद्वार से सैकड़ों लोगों ने ली भाजपा की सदस्यता..
उत्तराखंड: भारतीय जनता पार्टी की रीति नीति मे विश्वास रखते हुए हरिद्वार से सैकड़ों लोगो ने बहुजन समाज पार्टी को छोड़कर भाजपा में शामिल हुये। बसपा के वरिष्ठ नेता रविन्द्र पनियाला तथा जिलाध्यक्ष लोकेन्द्र चुड़ियाला के साथ सैकड़ों की संख्या में भाजपा प्रदेश मुख्यालय में प्रदेश अध्यक्ष महेन्द्र भट्ट, मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी, हरिद्वार सांसद एवं पूर्व मुख्यमंत्री डॉ. रमेश पोखरियाल निशंक की उपस्थिति में सभी को सदस्यता दिलाई गयी।
शामिल होने वाले इन लोगों में दलित समाज, पिछड़े वर्ग, अल्पसंख्यक समाज तथा सामान्य वर्ग के लोग भी शामिल हैं जो अब तक बहुजन समाज पार्टी के लिए काम कर रहे थे। भाजपा में शामिल होकर भाजपा प्रत्याशियों के लिए काम करने का मंतव्य दोहराया। हरिद्वार में त्रिस्तरीय चुनाव पंचायत के चुनाव घोषित हो गए हैं जिसमें सभी दलों ने अपने प्रत्याशियों की घोषणा कर दी है, ऐसे में लगातार भाजपा में लोगों का शामिल होना इस बात का संकेत है कि भाजपा पंचायत चुनाव भारी बहुमत से जीतेगी।
आज भाजपा प्रदेश मुख्यालय पर चौधरी रविंद्र सिंह पनियाला जो हरिद्वार के गुर्जर नेता हैं जिला सहकारी बैंक हरिद्वार के अध्यक्ष रहे हैं ने अपने सैकड़ों साथियों के साथ भाजपा की सदस्यता लीऔर भाजपा को जिताने की घोषणा की। उनके साथ ही लोकेन्द्र सिंह पूर्व जिलाध्यक्ष बसपा समेत तमाम ब्लाक प्रमुख, बीडीसी मेम्बर, प्रधान तथा अन्य लोग भी शामिल हुए हैं। लोकेन्द्र सिंह चुड़ियाला के साथ सैकड़ों की संख्या में युवाओं ने भाजपा की सदस्यता ग्रहण की।
प्रदेश के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि भाजपा ही एक ऐसा संगठन है जो सबको साथ लेकर चलने में सक्षम है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में आज पूरा विश्व उनके साथ जुड़ रहे हैं, इसका कारण प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी का व्यक्तित्व और कृतित्व है। लगातार जनता के लिए कार्य करने की शैली तथा जन कल्याणकारी नीतियों के माध्यम से वह लोगों का दिल जीत रहे हैं। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने प्रधानमंत्री के कार्यों की सराहना करते हुए कहा कि उत्तराखंड पर प्रधानमंत्री की विशेष अनुकंपा है। उन्होंने इस अवसर पर शामिल होने वाले लोगों तथा भाजपा कार्यकर्ताओं से आग्रह किया कि केन्द्र, राज्य के साथ पंचायत व निकायों में भाजपा की सरकार लाएं ताकि सरकार तेजी से कार्य कर सके। उन्होंने कहा कि हमें हर पंचायत स्तर तक कमल स्थापित करना है। इसका भाजपा का हर वर्ग, हर पंथ के साथ काम करना है। उन्होंने सेवा सुशासन और गरीब कल्याण की भी चर्चा की तथा कोरोना काल में किये गये कार्यों की चर्चा की। मुख्यमंत्री ने कहा कि कोरोना काल में महामारी का डर लोगों को सता रहा था लेकिन केन्द्र सरकार ने टीका विकसित करने वाली कंपनियों को प्रोत्साहित कर लोगों के लिए सर्व सुलभ टीके का प्रबंधन किया। यही भाजपा का सर्व समाज के लिए काम करने का तरीका है।
वही प्रदेश अध्यक्ष महेन्द्र भट्ट ने कहा कि भाजपा ही एक ऐसा संगठन है जो जन कल्याणकारी कार्यों के लिए समर्पित रहता है। उन्होंने यह भी आग्रह किया कि देश प्रदेश के बाद अब हमें पंचायतों व निकायों में भी अपना वर्चस्व कायम करना है। उन्होंने कहा कि भाजपा परिवार बहुत बड़ा परिवार है और हमारे परिवार में लगातार लोग शामिल हो रहे हैं जो इस बात का संकेत है कि हमारा परिवार अब और बड़ा हो रहा है। उन्होंने सबसे मिलजुलकर कार्य करने का आग्रह किया तथा कहा कि बड़े परिवार के लोग आपस में मिलकर काम करेंगे तो संगठन को और ऊंचाइयां मिलेगी। उन्होंने केन्द्र की शिक्षा, स्वास्थ्य समेत तमाम कल्याणकारी योजनाओं की चर्चा की तथा कहा कि हर वर्ग हर समाज का कल्याण ही हमारा मूल उद्देश्य है।
हरिद्वार सांसद एवं पूर्व मुख्यमंत्री डा. रमेश पोखरियाल निशंक ने चौधरी रविंद्र सिंह पनियाला तथा लोकेन्द्र सिंह चूड़ियाला के भाजपा में आने पर उनका स्वागत किया तथा कहा कि चौधरी उनियाल तथा लोकेन्द्र सिंह चूड़ियाला के भाजपा मे आने से भाजपा का प्रभाव और बढ़ेगा। उन्होंने कहा कि इन दोनों नेताओं व उनके सैकड़ों सहयोगियों के आने से संगठन तो मजबूत होगा ही हम हर क्षेत्र में प्रगति करेंगे। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी का धन्यवाद करते हुए कहा कि उनके उनकी नीतियों से स्वास्थ्य सेवाओं, मेडिकल कॉलेज, शिक्षा, सड़कों के क्षेत्र में प्रदेश प्रगति के पथ पर आगे बड़ा है । उन्होंने कहा कि हरिद्वार से देहरादून आने में पहले तीन घंटे लगते थे लेकिन अब 45 मिनट में देहरादून पहुंच रहे हैं। ठीक यही स्थिति पूरे देश की है। उन्होंने कहा कि आज देहरादून से दिल्ली की दूरी कम हो गई है। यह विकास के नये मानकों का ही प्रमाण है।
इस अवसर पर जो लोग शामिल हुए हैं उनमें चौधरी रविंद्र सिंह पनियाल, लोकेन्द्र सिंह, तेलू राम, विजेन्द्र सिंह, राशिद अली, धर्मपाल, समेत भारी संख्या में लोग शामिल थे। इस अवसर पर जो वरिष्ठ नेता उपस्थित थे उनमें प्रदेश उपाध्यक्ष देशराज कर्णवाल, प्रदेश महामंत्री खिलेन्द्र चौधरी, राजेन्द्र बिष्ट, कार्यालय सचिव कौस्तुभानंद जोशी, प्रदेश मीडिया प्रभारी मनवीर सिंह चौहान, प्रदेश प्रवक्ता विनोद सुयाल, विनय गोयल, हरिद्वार जिलाध्यक्ष डॉ. जयपाल समेत भारी संख्या में लोग उपस्थित थे।
भर्ती के प्रकरणों में पायी गई अनियमितताओं की जांच की जा रही-सीएम धामी
उत्तराखंड: मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा है कि हमारे भाई बहन जो परीक्षार्थी है उनकी परीक्षाओं में कोई विलम्ब न हो, साथ ही उनकी रोजगार की आशा, निराशा में न बदले, इसके लिये लम्बित परीक्षाओं का आयोजन अधीनस्थ चयन आयोग की अर्हताओं के आधार पर लोक सेवा आयोग अथवा अन्य संस्थाओं से भर्ती प्रक्रिया सुनिश्चित कराये जाने के संबंध में शीघ्र प्रस्ताव कैबिनेट के समक्ष रखा जायेगा। मुख्यमंत्री ने कहा कि समूह ग के 7 हजार पदों पर अधीनस्थ चयन आयोग के माध्यम से भर्ती होनी थी।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा है कि अधीनस्थ सेवा चयन आयोग द्वारा की गई भर्ती के प्रकरणों में पायी गई अनियमितताओं की जांच की जा रही है, साथ ही विधानसभा अध्यक्ष द्वारा भी विधानसभा में की गई नियुक्तियों की जांच के सम्बंध में उच्च स्तरीय समिति का गठन किया गया है।हमारी सरकार युवाओं के हितों को लेकर सजग है।जिन्होंने ग़लत किया है उनके खिलाफ कठोर कार्यवाही जारी है। शीघ्र ही पारदर्शी भर्ती प्रक्रिया के साथ रिक्त पदों को भरने का अभियान चलाया जाएगा। उन्होंने कहा कि ऑनलाइन वन दरोगा भर्ती की जांच कराने के लिए भी पुलिस महानिदेशक को निर्देशित किया गया है। डीजीपी द्वारा उक्त प्रकरण की जांच एसटीएफ को सौंपी गई।
मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार ज़ीरो टॉलरन्स ऑन करप्शन की नीति से कोई समझौता न करने पर दृढ़ संकल्पित है। कोई भी दोषी बख्शा नहीं जाएगा। प्रदेश के ईमानदार और परिश्रमी युवाओं के साथ हमारी सरकार अन्याय नहीं होने देगी। राज्य के सभी नौजवानों और नागरिकों को मुख्यमंत्री ने आश्वस्त किया है राज्य सरकार उनकी आशाओं और अपेक्षाओं के अनुसार इन सभी मामलों में कड़ी कार्रवाई करेगी। किसी भी मेहनतकश युवा के साथ अन्याय नहीं होने दिया जायेगा।
मुख्यमंत्री ने कहा कि यह हमारे राज्य के लिये बहुत ही गंभीर विषय है तथा हमारे प्रदेश के सभी नौजवानों के रोजगार से जुड़ा मामला है। अधीनस्थ सेवा चयन आयोग की भर्तियों में जहां भी गड़बड़ी की शिकायत प्राप्त हो रही है वहां हमने सख्त जांच के आदेश दे दिये हैं। सभी मामलों पर कार्यवाही चल रही है जिसका परिणाम आप सभी के सामने आ भी रहा है। उन्होंने कहा कि भर्ती घोटालों में किसी को भी नही बख्शा जायेगा, चाहे किसी के हाथ कितने भी लम्बे क्यों न हो कानून द्वारा अपना काम किया जायेगा।
मुख्यमंत्री ने कहा कि हम इससे आगे के लिये भी एक नजीर बनाना चाहते हैं जिससे ऐसी घटनाओं की पुनरावृति न हो क्योंकि हमें अपने बेटे-बेटियों के आज और कल की चिंता है, उनके वर्तमान एवं भविष्य का सवाल है। हमें प्रदेश में भर्ती प्रक्रियाओं का ऐसा सिस्टम बनाना होगा कि आगे भविष्य में कोई इस तरह का कृत्य करने की सोच भी न सके।
सचिन तेंदुलकर, युवराज सिंह जैसे कई धुरंधर फिर नजर आएंगे एक साथ..
उत्तराखंड: देहरादून के अंतरराष्ट्रीय राजीव गांधी इंटरनेशनल क्रिकेट स्टेडियम में जल्द ही सचिन तेंदुलकर, युवराज सिंह, इरफान पठान, हरभजन सिंह जैसे धुरंधर खिलाड़ी एक साथ फिर क्रिकेट खेलते नजर आएंगे। बता दे कि एक सितंबर से 24 सितंबर तक चलने वाली रोड सेफ्टी वर्ल्ड सीरीज-2022 का शेड्यूल जारी हो गया है। इसमें से छह मैच दून में होंगे। 21 और 24 सितंबर को इंडिया लीजेंड्स सचिन तेंदूलकर की अगुवाई में बांग्लादेश और इंग्लैंड से भिड़ेगी। राजीव गांधी स्टेडियम में इन दिनों तैयारियां जोरों पर हैं। सूत्रों के अनुसार मैदान पर पिच की मेंटिनेंस का काम चल रहा है। सीरीज में कुल आठ देशों की टीम खेल रही हैं। राजीव गांधी क्रिकेट स्टेडियम में पांच दिन में छह मैच खेल जाएंगे।
पहला मैच 21 सितंबर को इंडिया लीजेंड्स और बांग्लादेश लीजेंड्स के बीच खेला जाएगा। 22 को वेस्टइंडीज लीजेंड्स और न्यूजीलैंड लीजेंड्स, 23 को ऑस्ट्रेलिया लीजेंड्स और साउथ अफ्रीका लीजेंड्स, 24 को इंडिया लीजेंड्स और इंग्लैंड लीजेंड्स, 25 को श्रीलंका लीजेंड्स और न्यूजीलैंड लीजेंड्स के बीच मुकाबला होगा। 25 सितंबर को ही शाम के समय ऑस्ट्रेलिया लीजेंड्स और वेस्टइंडीज लीजेंड्स के बीच मैच खेला खेला जाएगा।
इंडिया लीजेंड्स टीम
सचिन तेंदुलकर (कप्तान), युवराज सिंह, इरफान पठान, मुनाफ पटेल, युसूफ पठान, हरभजन सिंह, एस बद्रीनाथ, नमन ओझा, प्रज्ञान ओझा, विजय कुमार, राहुल शर्मा, मनप्रीत गोनी, स्टुअर्ट बिन्नी, राजेश पवार और अभिमन्यु मिथुन भारतीय टीम में रहेंगे।
भ्रष्टाचार पर ज्ञान देने वाली कांग्रेस अपने नेता पर मौन क्यों-मनवीर चौहान..
उत्तराखंड: भाजपा ने कांग्रेस पर भ्रष्टाचार पर दोहरा रवैया अपनाने का आरोप लगाते हुए कहा की कांग्रेस को विधान सभा मे उप नेता और खटीमा से विधायक भुवन कापड़ी पर स्थिति स्पष्ट करनी चाहिए। पार्टी के प्रदेश मीडिया प्रभारी मनवीर सिंह चौहान का कहना हैं कि सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो मे कांग्रेस विधायक खनन माफियाओ से डील करते नजर आ रहे है। वह किस स्थान पर पर खनन करना है इसके लिए स्थान भी चिन्हित करते दिख रहे है। उनका कहना हैं कि प्रदेश मे हर मामले की जांच की मांग करने वाले कांग्रेस अब चुप हो गयी है।
चौहान का कहना हैं कि मुख्यमंत्री हर काल खंड की निष्पक्ष रुप से जांच करवा रहे है और इसके नतीजे भी सामने आ रहे है। लेकिन विपक्ष अपने नुकसान को देखते हुए आरोप प्रत्यारोप की राजनीति कर रहा है। भर्ती गड़बड़ियों की जांच सरकार कर रही है, लेकिन कांग्रेस उसमे श्रेय लेने की कोशिश कर रही है।
चौहान ने कहा कि कांग्रेस और वायरल वीडियो मे खनन की डील कर रहे विधायक को लेकर अब कांग्रेस की नैतिकता कहां है? कांग्रेस नैतिकता के आधार पर विधायक पर कार्यवाही करे और विधायक भी अपनी स्थिति स्पष्ट करे।
उन्होंने कहा कि कांग्रेस का इतिहास घपले घोटालो का रहा है और पहले भी कैमरे पर कांग्रेस के घोटाले पकड़ मे आ चुके है। भर्ती गड़बड़ियों मे तमाम तरह के झूठे आरोप प्रत्यपरोप के जरिए कांग्रेस मे खुद को नायक बताने वाले विधायक की असलियत इससे उजागर हो गयी है और वह कितनी सफाई से जनता की आंखो मे धूल झोंक रहे है यह साफ है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस को नैतिकता के आधार पर इस पर स्थिति स्पष्ट करनी चाहिए और इसकी भी जांच की मांग करनी चाहिए।
क्या पहले दिन ही बंपर ओपनिंग करेगी ‘ब्रह्मास्त्र’..
देश-विदेश: 9 सितंबर को ब्रह्मास्त्र फिल्म सिनेमाघरों में रिलीज हो रही है। शुरुआती रुझान में तो फिल्म को काफी अच्छा रेस्पॉन्स मिल रहा है। कुछ समय पहले जब फिल्म का ट्रेलर रिलीज किया गया था, तब से दर्शक इस फिल्म का इंतजार कर रहे हैं। दर्शकों की उत्सुकता बढ़ाने के लिए अयान मुखर्जी फिल्म से जुड़ी कई क्लिप्स भी साझा कर रहे हैं। ‘ब्रह्मास्त्र’ के लिए मेकर्स और स्टारर प्रमोशन में अपनी पूरी ताकत झोंक रहे हैं। कहा जा रहा है कि ये फिल्म पहले दिन कमाई के मामले में रिकॉर्ड तोड़ देगी।
अयान मुखर्जी ने इस फिल्म का एलान काफी पहले ही कर दिया था। लेकिन कोरोना की वजह से इस फिल्म को थियेटर तक आने में पांच साल का समय लग गया। अयान मुखर्जी ने इस फिल्म के लिए 10 साल तक कड़ी मेहनत की है। उन्होंने अपनी फिल्म में स्टारकास्ट और वीएफएक्स में खूब प्रयोग किए हैं। ये एक साई-फाई फिल्म है जो टेक्नोलॉजी के अनोखे प्रयोग से बनी है। ऐसा दावा किया जा रहा है कि बाहुबली इसके सामने औसत फिल्म लगेगी।
ब्रह्मास्त्र की एडवांस बुकिंग चल रही है। बुकिंग से अंदाजा लगाया जा रहा है कि फिल्म को लेकर दर्शकों में भारी क्रेज है। ये फिल्म अपने पहले हफ्ते में बंपर कमाई कर सकती है। ब्रह्मास्त्र का बजट 400 करोड़ रुपये बताया जा रहा है।
ऐसे में उम्मीद जताई जा रही है कि ब्रह्मास्त्र ओपनिंग डे पर 40 करोड़ रुपये का कलेक्शन कर सकती है। कहा तो ये भी जा रहा है कि पहले दिन ये फिल्म कार्तिक आर्यन की भूल भुलैया 2 को पीछे छोड़ देगी। भूल भुलैया 2 ने ओपनिंग डे पर 14 करोड़ रुपये का कारोबार किया था। माना जा रहा है कि ब्रह्मास्त्र बॉक्स ऑफिस के सूखे को खत्म करेगी। इस फिल्म में रणबीर और आलिया के अलावा अमिताभ बच्चन, मौनी रॉय, नागार्जुन लीड रोल में नजर आने वाले हैं। फिल्म में रणबीर कपूर के किरदार का नाम शिवा है। वहीं, आलिया भट्ट के किरदार का नाम फिल्म में ईशा है। फिल्म में शाहरुख खान और दीपिका पादुकोण कैमियो कर रहे हैं। इसे करण जौहर ने प्रोड्यूस किया है।
भूस्खलन के चलते उत्तरकाशी- थत्यूड़ मार्ग पर दोनों तरफ लगी वाहनों की लंबी लाइन..
उत्तराखंड: उत्तरकाशी- थत्यूड़ मोटर मार्ग पर भूस्खलन से यातायात बाधित हो गया है। सड़क पर दोनों और वाहनों की लंबी कतार लगी है। चट्टान से मोटर मार्ग पर सुवाखोली के समय भारी बोल्डर गिर गए हैं। यात्रियों वाहन खुलने का इंतजार कर रहे हैं। नई टिहरी में उत्तरकाशी-थत्यूड़ मोटर मार्ग सुआखोली के समीप यातायात के लिए बाधित हो गया है। चट्टान से मोटर मार्ग पर सुवाखोली के समय भारी बोल्डर गिर गए हैं। उत्तरकाशी से देहरादून, देहरादून से उत्तरकाशी जाने वाहनों की सड़क के दोनों तरफ लंबी कतार लगी है। जिला आपदा प्रबंधन कार्यालय से बताया गया मोटर मार्ग पर यातायात बहाल करने में दो से तीन घंटे का समय लग सकता है।
उत्तराखंड में मैदान से लेकर पहाड़ तक अगले 48 घंटे के दौरान कहीं-कहीं तेज हवा के साथ भारी बारिश की संभावना है। मौसम विभाग ने तेज तूफान और भारी बारिश को देखते हुए येलो अलर्ट जारी किया है। वहीं, रविवार रात मौसम विभाग ने साढ़े तीन घंटे के लिए दो जिले में ऑरेंज और छह जिलों में स्थानीय येलो अलर्ट जारी किया था। इस दौरान देहरादून और टिहरी के कई इलाकों में मूसलाधार बारिश हुई। वहीं, मुख्य शिक्षा अधिकारी मुकुल कुमार सती ने मसूरी क्षेत्र, देहरादून नगर क्षेत्र, सहस्त्रधारा क्षेत्र, मालदेवता क्षेत्र व इसके आस -पास के क्षेत्र में सोमवार को शिक्षण संस्थान पूरी तरह से बंद रखने के निर्देश दिए हैं।
सामने आया अमिताभ बच्चन-रश्मिका मंदाना की फिल्म गुडबाय का पहला पोस्टर..
देश-विदेश: अमिताभ बच्चन को सिल्वर स्क्रीन पर देखने के लिए सभी हमेशा उत्साहित रहते हैं। बिग बी के फैंस जहां उन्हें ‘ब्रह्मास्त्र’ में देखने के लिए बेसब्री से इंतजार कर रहे थे, वहीं ऐसे में अपने प्रशंसकों के उत्साह को और बढ़ाने के लिए दिग्गज कलाकार ने अपनी आगामी फिल्म ‘गुडबाय’ का पहला पोस्टर जारी कर दिया है। इस फिल्म में उनके साथ साउथ की मशहूर अभिनेत्री रश्मिका मंदाना काम करती नजर आएंगी।
जब से इस फिल्म की घोषणा हुई है, तभी से फैन्स बेसब्री से इसके हर एक अपडेट का इंतजार कर रहे हैं। बिग बी के पोस्टर साझा करते ही यह सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। बता दे कि अमिताभ बच्चन ने कुछ ही देर पहले अपने आधिकारिक इंस्टाग्राम हैंडल पर अपनी आगामी फिल्म ‘गुडबाय’ का पोस्टर रिलीज किया।
इस जारी किए गए पोस्टर में अमिताभ जहां बेज रंग का कुर्ते के साथ नीले रंग की स्लीवलेस बॉम्बर जैकेट पहने हुए दिखा रहे हैं, वहीं रश्मिका एक ओवरसाइज कुर्ता पहने बिग बी के पीछे खड़ी हैं। दोनों ही कलाकार पोस्टर में एक बड़ी सी मुस्कान लिए पतंग उड़ाते नजर आ रहे हैं। इस पोस्टर को साझा करते हुए बिग बी ने लिखा, ‘परिवार का साथ है सबसे खास, जब कोई नहीं होता पास तब भी रहता है इनका एहसास। गुडबाय सिनेमाघरों में 7 अक्टूबर 2022 को रिलीज हो रही है।
इससे पहले भी मेकर्स ने ‘गुडबाय’ की रिलीज डेट का एलान करते हुए एक तस्वीर साझा की थी। इस साझा की गई तस्वीर में फिल्म की पूरी स्टार कास्ट नजर आ रही थी। तस्वीर में सुपरस्टार अमिताभ बच्चन सोफे पर बैठे नजर आ रहे हैं। वहीं सोफे के किनारे पर बैठीं रश्मिका उन्हें पॉपकॉर्न दे रही हैं। नीना गुप्ता सोफे के नीचे बैठी हैं।
परिवार के बाकी सदस्य भी जमीन पर बैठे नजर आ रहे हैं। तस्वीर में देखकर किसी को भी अपने परिवार की याद आ जाएगी क्योंकि फोटो में दिख रहा यह नजारा किसी आम परिवार जैसा था। अमिताभ की यह मल्टीस्टारर फिल्म जिंदगी, परिवार और रिश्तों पर आधारित एक दिल छू लेने वाली कहानी है। मेकर्स का मानना है कि फिल्म की कहानी इमोशंस से भरपूर होगी, जो दर्शकों को हंसाने के साथ-साथ कई बार रुलाएगी भी।
बिग बी और रश्मिका मंदाना के साथ ही इस फिल्म में नीना गुप्ता, पावेल गुलाटी, एली अविराम, सुनील ग्रोवर और साहिल मेहता भी अहम भूमिका निभाते नजर आएंगे। बता दें कि ‘गुड बाय’ का निर्देशन विकास बहल ने किया है। वहीं गुडको के साथ मिलकर एकता कपूर इस फिल्म का निर्माण कर रही हैं। आपको बता दें कि ‘गुडबाय’ से रश्मिका मंदाना बॉलीवुड डेब्यू करने जा रही हैं।
बिग ब्रेकिंग- हाईकोर्ट ने लिया अपना ये आदेश वापस..
उत्तराखंड: नैनीताल हाईकोर्ट ने अपना असिस्टेंट प्रोफेसर के 455 पदों की भर्ती का रास्ता खोल दिया है। बताया जा रहा है कि कोर्ट ने उत्तराखंड लोक सेवा आयोग के तर्कों के बाद अपना 27 जुलाई 2022 का आदेश वापस ले लिया है। साथ ही आयोग को विकलांग जनों के लिये 4 फीसदी क्षैतिज आरक्षण तय कर संशोधित विज्ञप्ति जारी करने के निर्देश दिए हैं।
आपको बता दे कि हाई कोर्ट ने पहले राज्य लोक सेवा आयोग की ओर से दिसंबर 2021 में डिग्री कॉलेजों में असिस्टेंट प्रोफेसर के 455 पदों के लिये जारी विज्ञापन को दिव्यांग जन अधिकार नियम 2017 के खिलाफ मानते हुए रद कर दिया था। कोर्ट ने आयोग को नए सिरे से विज्ञप्ति जारी करने के निर्देश दिए थे। कोर्ट ने अब मामले में आयोग के तर्क सुनने के बाद अपना फैसला पलट दिया है। साथ ही आयोग को संशोधित विज्ञप्ति जारी करने के निर्देश दिए है।
बताया जा रहा है कि शुक्रवार को मुख्य न्यायाधीश न्यायमूर्ति विपिन सांघी व न्यायमूर्ति आरसी खुल्बे की खंडपीठ में उत्तराखंड लोक सेवा आयोग की पुनर्विचार याचिका पर सुनवाई हुई, जिसमें कहा गया कि आयोग ने जटिल प्रक्रिया के तहत कुल प्राप्त 20, 449 आवेदनों की जांच कर एकेडमिक परफार्मेंस इंडिकेटर (एपीआइ) स्कोर की गणना की। आयोग को दिव्यांगजनों के लिए चार प्रतिशत रिक्तियों की गणना करने का निर्देश दिया है।
अब आयोग को अब एक शुद्धिपत्र जारी करना होगा, जिसमें विभिन्न श्रेणी में आने वाले उम्मीदवारों से आवेदन आमंत्रित कर पदों की संख्या को इंगित करते हुए क्षैतिज आरक्षण प्रदान किया जाएगा। आयोग की ओर से शुद्धिपत्र के अनुसरण में प्राप्त आवेदनों की उसी प्रकार जांच की जाएगी जिस प्रकार प्रारंभिक विज्ञापन के प्रत्युत्तर में की गई। यह विज्ञापन उसी प्रकार प्रकाशित होगा, जिस प्रकार मूल विज्ञापन प्रकाशित हुआ था।
रेल निर्माण निगम और राष्ट्रीय राजमार्ग के अधिकारियों की डीएम ने ली बैठक..
उत्तराखंड: ऋषिकेश-कर्णप्रयाग रेल लाइन से प्रभावित नरकोटा गांव के ग्रामीणों ने अपनी समस्याएं जिलाधिकारी मयूर दीक्षित के समक्ष रखी। जिला कार्यालय के एनआईसी कक्ष में आयोजित बैठक में जिलाधिकारी ने रेल निर्माण निगम और राष्ट्रीय राजमार्ग की कार्यदायी संस्थाओं को ग्रामीणों की समस्याओं का समाधान जल्द से जल्द करने के निर्देश दिए।
शुक्रवार को नरकोटा के ग्रामीणों के साथ आयोजित बैठक के दौरान जिलाधिकारी ने रेलवे निर्माण निगम व एनएच के अधिकारियों को निर्देशित करते हुए कहा कि निर्माणाधीन कार्यों के लिए बनाए गए डंपिंग जोन का मलबा बिना देरी के साफ किए जांए। किसी भी जोन में क्षमता से अधिक मलबा पाए जाने पर संबंधित कार्यदायी संस्था के खिलाफ कानूनी कार्यवाही की जाएगी। उन्होंने कहा कि नदी एवं गदेरों में किसी भी दशा में मलबा डंप न किया जाए। उन्होंने उप जिलाधिकारी एवं खनन अधिकारी को समय-समय पर निरीक्षण कर आख्या उपलब्ध कराने को कहा। जिलाधिकारी ने रेल एवं राष्ट्रीय राजमार्ग का कार्य कर रही संस्थाओं से कहा कि निर्माण कार्यों के दौरान ग्राम सभा की किसी भी संपत्ति को नुकसान होने पर संबंधित संस्थान ही उसकी मरम्मत करवाएगा।
उन्होंने रेल निर्माण निगम को 30 सितंबर तक क्षतिग्रस्त सड़क एवं पुश्ते के मरम्मत और निर्माण करने को कहा। साथ ही नरकोटा क्षेत्र में क्षतिग्रस्त शिवालय एवं गांव के रास्ते की मरम्मत करवाने के निर्देश दिए। जिलाधिकारी ने ग्रामीणों द्वारा उनके मकानों पर ब्लास्टिंग से आई दरारों की शिकायतों की पुष्टि के लिए खनन अधिकारी को स्थलीय निरीक्षण करते हुए एक सप्ताह अंतर्गत जांच आख्या उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। जिलाधिकारी मयूर दीक्षित ने बैठक के दौरान उपस्थित ग्रामीणों एवं प्रधानों को आश्वस्त करते हुए कहा कि उनकी समस्याओं के समाधान के लिए हर संभव प्रयास किया जाएगा। उन्होंने रेल निगम के अधिकारियों को ग्रामीणों के साथ समन्वय स्थापित कर कार्य करने को कहा। साथ ही उन्होंने ग्रामीणों से किसी भी निर्माण कार्यों में व्यवधान न डालने की अपील की गई।
बैठक में उप जिलाधिकारी अपर्णा ढौंढियाल, भू-वैज्ञानिक डाॅ दीपक हटवाल, अधिशासी अभियंता एनएच निर्भय सिंह, ग्राम प्रधान चंद्रमोहन, संदीप प्रसाद, भगवती प्रसाद, गुड्डी देवी, विनोद भट्ट, सुनील जोशी, दीपक सिलोडी, कुलदीप जोशी, वीपी गैरोला, विनोद बिष्ट, राजेश भट्ट, औंकार सिंह, संजय पाठक सहित नरकोटा गांव के ग्रामीण मौजूद रहे।
गांव-गांव जाकर सीएचओएस, आम लोगों का करेंगे स्वास्थ्य परीक्षण..
उत्तराखंड: 6 सितम्बर से 2 अक्टूबर तक प्रदेशभर में आम लोगों को स्वास्थ्य के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से स्वास्थ्य जन जागरूकता अभियान चलाया जायेगा। जिसके तहत कम्युनिटी हेल्थ ऑफिसर्से गांव-गांव जाकर लोगों का स्वास्थ्य परीक्षण करेंगे। इसके साथ ही टीबी एवं मोतिया बिंद मरीजों का चिन्हिकरण, आयुष्मान योजना की जानकारी देने के साथ ही तम्बाकू मुक्त अभियान के प्रति लोगों को जागरूक करेंगे। राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन के अंतर्गत प्रदेश के सभी तेरह जनपदों में विभिन्न श्रेणी के 1071 रिक्त पदों को शीघ्र भरा जायेगा।
चिकित्सा स्वास्थ्य एवं चिकित्सा शिक्षा मंत्री डॉ0 धन सिंह रावत ने कल स्वास्थ्य महानिदेशालय देहरादून में राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन (एनएचएम) की समीक्षा बैठक ली। जिसमें उन्होंने एनएचएम के अंतर्गत विभिन्न श्रेणी के 1071 पदों को न भरे जाने पर हैरानी जताई। उन्होंने एनएचएम के अधिकारियों एवं मुख्य चिकित्साधिकारियों को एक माह के भीतर सभी रिक्त पदों को आउट सोर्स के माध्यम से भरने के निर्देश दिये। उनका कहना हैं कि प्रदेशभर के सरकारी अस्पतालों में टेक्नीशियन एवं पैरा मेडिकल स्टॉफ की कमी को दूर करने के लिये एनएचएम के तहत स्वीकृत पदों को शीघ्र भरा जाना अत्यंत आवश्यक है।
आम लोगों को सुलभ स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने के उद्देश्य से आगामी 6 सितम्बर से 2 अक्टूबर तक प्रदेशभर में स्वास्थ्य जन जागरूकता अभियान चलाया जायेगा। अभियान के तहत प्रदेशभर में तैनात एक हजार से अधिक कम्युनिटी हेल्थ ऑफिसर्स (सीएचओएस) प्रत्येक माह 10-10 गांव में जाकर लोगों का स्वास्थ्य परीक्षण करेंगे, साथ ही टीबी एवं मोतिया बिंद के मरीजों का चिन्हिकरण भी करेंगे। इसके अलावा आम लोगों को आयुष्मान योजना, तम्बाकू मुक्त एवं टीबी मुक्त उत्तराखंड अभियान की भी जानकारी देंगे।
बैठक में विभागीय मंत्री ने कुमाऊं मण्डल के मुख्य चिकित्साधिकारियों एवं जिला परियोजना प्रबंधक एनएचएम के साथ विभिन्न योजनाओं की जनपदवार समीक्षा की। इस दौरान उन्होंने सभी सीएमओ को निर्माण कार्यों में तेजी लाने के निर्देश दिये। उन्होंने साफ शब्दों में कहा कि जो कार्यदायी संस्थाएं डीपीआर के अनुरूप समय पर कार्य नहीं कर पा रही है उनको बदलने की कार्यवाही अमल में लाई जाय।
उन्होंने निर्माण कार्यों की यूसी प्रत्येक माह महानिदेशालय एवं शासन को उपलब्ध कराने के निर्देश भी मुख्य चिकित्साधिकारियों को दिये। बैठक में महानिदेशक स्वास्थ्य डॉ0 शैलजा भट्ट, अपर सचिव अमनदीप कौर, निदेशक डॉ0 विनीता शाह, निदेशक कुमाऊं मंडल डॉ0 तारा आर्या, निदेशक एनएचएम डॉ0 सरोज नैथानी, निदेशक चिकित्सा शिक्षा डॉ0 आशुतोष सयाना, वित्त नियंत्रक खजान चंद पाण्डेय, कुमाऊं मंडल के सीएमओ एवं डीपीएम सहित अन्य विभागीय अधिकारी उपस्थित रहे।