गढ़वाली फिल्म सुनपट का अंतरराष्ट्रीय फिल्म फेस्टिवल में चयन..
उत्तराखंड: प्रदेश के विशेषकर पहाड़ की संस्कृति, यहां के लोग की समस्या, पलायन, खानपान को दर्शाती गढ़वाली लांग शार्ट फिल्म ‘सुनपट’ का गोवा में होने जा रहे अंतरराष्ट्रीय फिल्म फेस्टिवल आफ इंडिया के लिए चयन किया गया है। 35 मिनट फिल्म की पूरी शूटिंग पौड़ी गढ़वाल के बीरोंखाल क्षेत्र में बीते वर्ष की गई। आगामी 20 से 28 नवंबर तक गोवा में अंतरराष्ट्रीय फिल्म फेस्टिवल आफ इंडिया का आयोजन किया जायेगा। इसके लिए प्रेस इंफारमेशन ब्यूरो (पीआइबी) ने फिल्म फेस्टिवल में दिखाई जाने वाली फीचर व नान फीचर की 44 फिल्मों का चयन किया गया है।
जिसमें उत्तराखंड की गढ़वाली लांग शार्ट फिल्म सुनपट भी शामिल है। आपको बता दे कि मूल रूप से डांग गांव बीरोंखाल व वर्तमान में जवाहर कालोनी फरीदाबाद निवासी राहुल रावत ने निर्देशन के साथ फिल्म की कहानी लिखी है। राहुल का कहना हैं कि इस फिल्म की शूटिंग जुलाई 2020 में पूरी की गई। उन्होंने दावा किया है इस तरह के फिल्म फेस्टिवल में लगने वाली यह अब तक की पहली फिल्म होगी। फिल्म बनाने को लेकर उनका कहना हैं कि भले ही उनका जन्म उत्तराखंड में नहीं हुआ लेकिन यहां के लोगों का संघर्ष व संस्कृति को बड़े मंच पर ले जाने का उनका सपना था, इसलिए उन्होंने इस फिल्म को गढ़वाली में ही बनाया। जिसमें क्षेत्र के लोगों ने भी विभिन्न किरदार निभाया है।
आपको बता दे कि फरीदाबाद में प्रारंभिक शिक्षा के बाद राहुल ने वर्ष 2011 में मास कम्यूनिकेशन किया और इसके बाद वह 2013 में मुंबई चले गए। यहां फिल्म मेकर अमित शर्मा के साथ उन्होंने काम किया और फिल्म मेकिंग की बारिकियां सीखी। राहुल का कहना हैं कि यह उनकी पहली फिल्म है। आगे कई प्रोजेक्ट पर कार्य चल रहा है।
यह है सुनपट की कहानी
राहुल का कहना हैं कि गढ़वाली शब्द सुनपट का मतलब सन्नाटा है। सुनपट उत्तराखंड के गावों पर आधारित एक ऐसे समाज की कहानी है जिसका बीता कल खोया हुआ है और आने वाले कल धुंधला नजर आता है। फिल्म के मुख्य किरदार, अनुज और भरतू स्कूल के दोस्त हैं। फिल्म में उत्तराखंड ग्रामीण परिवेश की झलक, पहाड़ों में जीवन का संघर्ष और उसकी अनिश्चिताओं को दिखाया गया है।
खटीमा में झनकईया मेले शुभारंभ करेंगे मुख्यमंत्री धामी..
उत्तराखंड: मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी शुक्रवार को खटीमा में झनकईया मेले और कैंटीन का शुभारंभ करेंगे। मुख्यमंत्री सुबह पंतनगर एयरपोर्ट पहुंचेंगे। वहां से हेलीकॉप्टर से चंपावत जाएंगे। उसके बाद दोपहर एक बजे शहीद हरिकिशन विद्यालय 22 नंबर पुल झनकईया खटीमा पहुंचेंगे, जहां गंगा दशहरा मेले और सीएसडी कैंटीन खटीमा का उद्घाटन करेंगे।
इसके बाद गुरुनानक जयंती पर गुरुद्वारा श्री नानकमत्ता साहिब में आयोजित कार्यक्रमों में प्रतिभाग करेंगे। इसके बाद प्रस्तावित रोडवेज स्थल का भूमिपूजन, नागरिक चिकित्सालय खटीमा में आवासीय परिसर, आईसीयू और ऑक्सीजन यूनिट का लोकार्पण करेंगे। इलैक्ट्रिक चार्जिग स्टेशन, गौशाला का शिलान्यास और विद्या मंदिर खटीमा में संघ विचार प्रतिनिधियों के साथ बैठक में प्रतिभाग करेंगे। इसके बाद देहरादून के लिए प्रस्थान करेंगे।
आपको बता दे कि पवित्र शारदा घाट झनकईया में जंगल के बीच लगने वाले सात दिवसीय गंगा स्नान मेले की समस्त तैयारियां पूरी हो गई है। मेला कमेटी प्रबंधक पूरन धामी का कहना हैं कि मेला स्थान पर शारदा किनारे पवित्र शारदा घाट स्नान स्थल का कार्य पूरा हो चुका है। मेला परिसर पर मनोरंजन एवं मेलार्थियों की सुविधा के लिए खान-पान, बाजार, झूले, चरखे और अन्य सामग्री उपलब्ध है। मेले में पर्याप्त स्वयं सेवक एवं पुलिस प्रशासन की विशेष व्यवस्था की गई है।
पिथौरागढ़ के समीप खाई में गिरा वाहन, तीन की मौत, तीन घायल..
उत्तराखंड: पिथौरागढ़ जिले में एक को दर्दनाक हादसा हुआ है। यहां एक वाहन खाई में गिर गया। हादसे में तीन महिलाओं की मौत हो गई है और तीन लोग गंभीर रूप से घायल हो गए हैं। जानकारी के अनुसार हल्द्वानी से थल की ओर जा रहा एक यात्री वाहन बांसपटान के गोदीगाड़ के समीप खाई में गिर गया। इस दुर्घटना में तीन महिलाओं की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि तीन लोग गंभीर रूप से घायल हो गए हैं।
शुक्रवार की सुबह गोदीगाड़ पुल के पास वाहन के दुर्घटनाग्रस्त होने की सूचना मिलते ही बेड़ीनाग थानाध्यक्ष प्रताप सिंह नेगी जवानों के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस टीम ने राहत-बचाव अभियान चलाकर सभी घायलों को एंबुलेंस और अन्य सरकारी वाहनों से बेड़ीनाग अस्पताल पहुंचाया गया।
जहां पर चिकित्सकों ने रश्मि चंद पत्नी बृजेश चंद, गीता चंद पत्नी हरीश चंद निवासी लेजम कौली थल और प्रियंका चंद पुत्री भगवान चंद निवासी गैना बड़ालू को मृत घोषित कर दिया गया है। जबकि चालक अनिल कन्याल निवासी थल, चंदन सिंह सामंत निवासी गोलाकुड़ी तड़ीगांव और बृजेश चंद निवासी लेजम कौली गंभीर रूप से घायल हैं। इनका उपचार चल रहा है।
उत्तराखंड विधानसभा चुनाव की राजनीति में मुद्दा बन सकता है रोहित चौहान का ये गीत..
उत्तराखंड: विधानसभा के पहले दो आम चुनाव लोक गायक नरेंद्र सिंह नेगी के नाम रहे। माना जाता है कि उनके गीतों ‘नौछमी नारेण’ और ‘अब कथगा खैल्यू’ से दोनों बार जनमत प्रभावित हुआ। हालांकि विगत कुछ चुनावों में नेगी का नया गीत नहीं आया लेकिन अब 2022 के चुनाव से ठीक पहले युवा गढ़वाली गायकों रोहित चौहान और राज टाइगर की जोड़ी का ‘पटवारी’ गीत बेरोजगारी की समस्या को लोकप्रिय माध्यम से हवा दे गया है।
आपको बता दे कि दोनों कलाकारों ने गीत के माध्यम से बेरोजगारों की जिंदगी में आने वाली मुश्किलों, समूह ग की भर्ती तैयारी और फिर विवादों के चलते कई साल तक भर्ती प्रक्रिया लटकने पर तंज कसा है। जिसे युवा खासा पसंद कर रहे हैं। रोहित चौहान जानी मानी गायिका कल्पना चौहान के बेटे हैं, जबकि राज टाइगर भी गढ़वाली डीजी गीतों में खासा नाम कमा चुके हैं। दो नवंबर को जारी इस वीडियो को अभी तक चार लाख 95 हजार से ज्यादा व्यूज मिल चुके हैं।
सात सौ से अधिक युवा इस पर अपनी प्रतिक्रिया दे चुके हैं। इसे उत्तराखंड में सरकारी नौकरियों की हकीकत करार दे चुके हैं। गीत पर मिली प्रतिक्रिया से खुश राज टाइगर का कहना हैं कि उन्हें बेरोजगार फोन करके बधाई दे रहे हैं। हर किसी को लगता है कि जैसे हमने उनकी पीड़ा लिख डाली है। इतने कम समय में पांच लाख दर्शकों तक पहुंचने वाला यह उनका पहला गीत है। वही रोहित चौहान का कहना हैं कि उन्होंने इस गीत को हल्के फुल्के अंदाज में ही तैयार किया था, लेकिन यह गीत वास्तव में युवाओं की पीड़ा को छू गया है।
क्या है गीत में..
गीत में दो दोस्त अपनी प्रेमिका को इस वायदे के साथ शादी का इंतजार करने को कह रह हे हैं कि अब ‘समूह ग’ की भर्ती आ गई है, वो पटवारी बनने ही वाला है। इस बीच गीत आवेदन, तैयारी, फिजिकल की प्रक्रिया की बयां करता है, लेकिन अंत में एक खबर युवाओं का दिल तोड़ जाती है कि पटवारी भर्ती फिर अटक गई है। इस बीच उनकी प्रेमिका की शादी फौजी के साथ हो जाती है। गीत का अंत रोचक अंदाज में फिल्म ‘धड़कन’ में सुनील शेट्टी के चर्चित अंजलि, अंजलि…डायलॉग के साथ होता है।
धर्मनगरी हरिद्वार में श्री गंगा सभा की देव दीपावली आज, जलाए जाएंगे 11 हजार दीए..
उत्तराखंड: कार्तिक के पवित्र माह में आयोजित होने वाला देव दीपावली का पर्व आज गुरुवार को धर्मनगरी हरिद्वार में आयोजित किया जाएगा। यह पर्व श्री गंगा सभा के तत्वावधान में धूमधाम के साथ मनाया जाएगा। श्री गंगा सभा के महामंत्री तन्मय वशिष्ठ का कहना हैं कि ब्रह्मकुंड हरकी पैड़ी पर हजारों दीए प्रज्ज्वलित कर भगवान विष्णु और समस्त देवताओं का पूजन किया जाएगा।
प्रज्ज्वलित किए जाएंगे ग्यारह हजार दीये..
प्रतिवर्ष तीर्थ पुरोहित हरकी पैड़ी पर हजारों दीए प्रज्ज्वलित कर देव दीपावली का उत्सव मनाते हैं। इस वर्ष ग्यारह हजार दीये प्रज्ज्वलित किए जाएंगे। मनसा देवी मंदिर ट्रस्ट के अध्यक्ष एवं अखाड़ा परिषद के अध्यक्ष महंत रविंद्रपुरी भी तीर्थ पुरोहितों के साथ आयोजन में मुख्य रूप से उपस्थित रहेंगे।
आपको बता दे कि अखिल भारतीय अखाड़ा परिषद के राष्ट्रीय अध्यक्ष (निरंजनी) श्रीमहंत रविंद्र पुरी और श्रीगंगा सभा के महामंत्री तन्मय वशिष्ठ ने इस मौके पर स्थानीय निवासियों और धर्मनगरी आए श्रद्धालुओं से नजदीक के सभी गंगाघाटों पर पांच-पांच दीपक जलाने का आह्वान किया है। महामंत्री तन्मय वशिष्ठ का कहना हैं कि ब्रह्मकुंड हरकी पैड़ी पर यह आयोजन गुरुवार की शाम धूमधाम से किया जाएगा।
मुख्यमंत्री ने किया ‘अपणि सरकार’ पोर्टल का उद्घाटन, अब एक क्लिक पर मिलेगी 75 सेवाएँ..
उत्तराखंड: उत्तराखंड में उन्नति पोर्टल और अपणी सरकार कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने देहरादून में किया। अपणी सरकार कार्यक्रम के तहत अब 72 सेवाएं ऑनलाइन मिलेंगी। कार्यक्रम में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि उत्तराखंड की जनता को समर्पित यह पोर्टल सभी के लिए लाभकारी होंगे। इसमें नौ विभागों की 75 सेवाएं जैसे चरित्र, आय, जन्म, मृत्यु प्रमाण पत्र, विधवा पेंशन, वृद्धावस्था पेंशन जैसी सभी सुविधाएं मिलेंगी। सभी प्रमाणपत्र डीजी लॉकर में रहेंगे।
अपणि सरकार पोर्टल के जरिए अब एक क्लिक पर 09 विभागों की 75 सेवाओं का लाभ आमजन ऑनलाइन माध्यम से घर बैठे ले सकते हैं। सुशासन की दिशा में यह बड़ा प्रयास है। प्रदेशवासियों को वे सेवाएं घर बैठे मिल सकेंगी जिनके लिए उन्हें ऑफिसों के चक्कर काटने पड़ते थे। मुख्यमंत्री ने कहा कि इन ऑनलाईन सेवाओं के शुरू होने से लोगों को आवश्यक प्रमाण पत्र सुगमता से प्राप्त होंगे। समय और खर्चे की भी बचत होगी।
सभी प्रमाण पत्र डिजी लॉकर में एकीकृत एवं संग्रहित होंगे। मेयर देहरादून सुनील उनियाल गामा का कहना हैं कि जिन दो पोर्टल का मुख्यमंत्री द्वारा शुभारंभ किया गया है। इससे जनसुविधाएं सुलभ होंगी। पं. दीनदयाल उपाध्याय जी ने अन्त्योदय का जो संदेश दिया, इस दिशा में यह सराहनीय प्रयास है।
विभागों में समन्वय के लिए भी ये पोर्टल बहुत कारगर साबित होंगे। उन्नति पोर्टल के माध्यम से सभी विभागों की परियोजना, उसकी निगरानी एवं वर्तमान परियोजना की स्थिति की जानकारी को प्राप्त की जा सकती है।
सीएम धामी ने हरीश रावत पर साधा निशाना..
उत्तराखंड: रोजगार के आंकड़ों को लेकर कैबिनेट मंत्री सुबोध उनियाल के बाद अब मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत को निशाने पर लिया। उनका कहना हैं कि सरकार ने आंकड़े रख दिए हैं। अब हरीश रावत से पूछिए कि वह संन्यास लेंगे या नहीं। सहस्त्रधारा हेलिपैड पर राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा के स्वागत के लिए पहुंचे सीएम से इस दौरान रोजगार के आंकड़ों के संबंध में पूछा गया। मुख्यमंत्री का कहना हैं कि प्रदेश सरकार की ओर से रोजगार के आकंड़े रख दिए गए हैं। हमारे पास जो आंकड़े हैं, वह अधीनस्थ सेवा चयन आयोग के हैं। आंकड़े उसके पोर्टल पर भी होंगे।
पूर्व मुख्यमंत्री ने कहा था कि वह संन्यास ले लेंगे। उनसे यह पूछिये कि वह संन्यास लेंगे कि नहीं। यह पूछने पर कि हरीश रावत कह रहे हैं कि आंकड़े सही नहीं हैं, इस पर मुख्यमंत्री ने कहा कि हरीश रावत जी ने अपने समय में नारा दिया था कि खाता न बही जो मैं कहूं, वही सही। वे उसी पर अडिग हैं तो उसमें मैं क्या कह सकता हूं।
सरकार की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाए जाने से जुड़े प्रश्न पर मुख्यमंत्री ने कहा कि पिछले पांच साल से सरकार चल रही है। सरकार ने कई विकास कार्य किए। कोरोना महामारी से निपटने के लिए स्वास्थ्य सेवाओं और सुविधाओं का विस्तार किया। पार्टी की ओर से सेवा ही संगठन अभियान चलाया गया। उनका कहना हैं कि कुछ लोगों का काम ही राजनीतिक बयानबाजी करना है। चुनाव हैं इसलिए इस तरह के बयान आ रहे हैं। आज वह बड़ी-बड़ी बातें कर रहे हैं, लेकिन जब मुख्यमंत्री थे तो कोई काम नहीं कर पाए। हमेशा तुष्टिकरण का काम किया। हम उत्तराखंड के लिए जो जरूरी है, वह काम कर रहे हैं।
राष्ट्रीय नेताओं के दौरों से काम करने की शक्ति बढ़ेगी..
मुख्यमंत्री ने केंद्रीय नेताओं के दौरों पर कहा कि उनके आने से संगठन के लोगों के काम करने की शक्ति बढ़ती है। राष्ट्रीय अध्यक्ष नड्डा के दौरे पर उन्होंने कहा प्रधानमंत्री ने सैन्य धाम घोषित किया है। सैन्यधाम के लिए प्रत्येक शहीद सैनिक के गांव की माटी लाई जाएगी। राष्ट्रीय अध्यक्ष सम्मान यात्रा का शुभारंभ करने आए हैं।
कमलेश्वर महादेव में बैकुंठ चतुर्दशी के पर्व पर आज शाम से खड़ा दीया अनुष्ठान शुरू हो जाएगा..
उत्तराखंड: श्रीनगर स्थित कमलेश्वर महादेव मंदिर में बुधवार को बैकुंठ चतुर्दशी पर्व शुरू हो गया है। आज यहां परंपरा के अनुसार लोग भगवान शिव को रुई की 365 बाती चढ़ाते हैं। सुबह से ही मंदिर में भक्तों की भीड़ उमड़ रही है। वहीं इसके बाद कमलेश्वर महादेव में बैकुंठ चतुर्दशी के पर्व पर आज शाम से खड़ा दीया अनुष्ठान शुरू हो जाएगा।
अनुष्ठान में 182 दंपती संतान कामना के लिए खड़ा दीया करेंगे। मंदिर के महंत आशुतोष पुरी का कहना हैं कि 182 दंपतियों ने खड़ा दीया अनुष्ठान के लिए पंजीकरण करवाया है। दंपतियों को गोधुलि वेला में पूजा करने के बाद दीपक दिए जाएंगे। 18 नवंबर की तड़के स्नान और पूजा के पश्चात श्रीसंवाद दिया जाएगा।
बैकुंठ चतुर्दशी बुधवार सुबह नौ बजे से गुरुवार पूर्वाह्न 11 बजे तक रहेगी। इस दौरान पूजाएं होंगी। मंदिर में परिवार की खुशहाली के लिए रुई की बत्तियां भी भगवान शिव को अर्पित की जाएगी। इसमें पूरे साल के हिसाब से 356 बत्तियां चढ़ाई जाती हैं। हर साल सरकार और पालिका की ओर से मंदिर को सजाया जाता है। लेकिन इस बार कोई मदद नहीं की गई है। जिससे भक्तगण निराश हैं।
विधानसभा चुनाव जीतने के लिए कांग्रेस ने खोज निकाला है जीत का फॉर्मूला??
उत्तराखंड: 2022 विधानसभा चुनाव जीतने के लिए हर पार्टी फार्मूला खोजने में जुटी हुई हैं। विशेष तौर पर राजनीतिक दल जातीय और धार्मिक गणित साधने में जुटे हुए हैं। राजनीतिक दल सोशल इंजीनियरिंग के जरिए जंग जीतने की तैयारी कर रहे हैं। विशेष तौर पर कांग्रेस सवर्ण, दलित, मुस्लिम और सिख मतदाताओं को जोड़कर जीत का संयोजन देख रही हैं। इस फार्मूले से कांग्रेस को ऊधम सिंह नगर, हरिद्वार और नैनीताल जिले की कुछ सीटों में नई आस दिख रही हैं। जहां यह सोशल इंजीनियरिंग बड़ी कारगर साबित हो सकती है। हरिद्वार में दलित और मुस्लिम मतदाता बाजी पलट सकते हैं, जबकि ऊधम सिंह नगर में पिछड़े, मुस्लिम और सिख मतदाता काफी हद तक कांग्रेस की उम्मीद हैं।
यही वजह है कि कांग्रेस यशपाल आर्य की पार्टी में वापसी के बाद ही उन्हें ज्यादा तरजीह दे रही है। प्रदेश के सबसे बड़े दलित नेता यशपाल आर्य और और उनके विधायक बेटे संजीव आर्य का कांग्रेस में भव्य स्वागत बता रहा है कि कांग्रेस किस कदर दलित वोटरों को साधने की फिराक में है। यही नहीं कांग्रेस कैंपेन कमिटी के चेयरमैन हरीश रावत हर जगह अपने साथ पीसीसी चीफ गणेश गोदियाल और यशपाल आर्य को साथ लेकर चल रहे हैं।
हरीश रावत को यशपाल से बड़ी उम्मीद..
आपको बता दे कि हरीश रावत मानते हैं कि 2017 के विधानसभा चुनाव में जो दलित वोटर कांग्रेस का परंपरागत मतदाता था, वह छिटककर बीजेपी में चला गया था। इसी वजह से जीत कांग्रेस के हाथ से फिसल गई थी। हरीश रावत का कहना हैं कि यशपाल आर्य को कांग्रेस की और कांग्रेस को यशपाल आर्य की जरूरत थी। इसलिए आर्य को दोबारा से पार्टी में वापस लेने का फैसला लिया गया। अब पूर्व सीएम को उम्मीद है कि यशपाल आर्य के पार्टी में शामिल होने से कांग्रेस से दूर हुआ हुआ दलित मतदाता दोबारा पार्टी के करीब आएगा और 2022 के चुनाव में कांग्रेस की जीत सुनिश्चित होगी।
इधर, यशपाल आर्य का भी दावा है कि 2022 में कांग्रेस की जीत तय है. आर्य ने आरोप लगाया कि राज्य और केंद्र में सत्ता में होने के बावजूद बीजेपी ने गरीबों और शोषित वर्ग के लिए कोई काम नहीं किया। इसलिए इस वर्ग का साथ इस बार के चुनाव में कांग्रेस को मिलेगा।
रुद्रपुर में सिलेंडर फटने से पिता और मासूम बेटे की मौत,पत्नी अस्पताल में भर्ती..
उत्तराखंड: रुद्रपुर में सिलिंडर में भड़की आग की चपेट में आकर पिता पुत्र की मौत हो गई। सोमवार रात करीब दस बजे ट्रांजिट कैंप थाना क्षेत्र के ठाकुरनगर स्थित एक मकान में खाना बनाते समय सिलिंडर में आग लग गई।
इससे कमरे में मौजूद 30 वर्षीय केदार सिंह और पास ही सो रहा दो साल का बेटा वंश आग की चपेट में आ गए। जबकि कमरे से बाहर आई मृतक की पत्नी बच गई। हालांकि, पति और मासूम बेटे की मौत से महिला बेसुध है और उसे जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
केदार की पत्नी नेहा किसी काम से कमरे से बाहर आ गई थी जिससे वह बच गई। कमरे में भड़की आग देख नेहा चीखने चिल्लाने लगी और पति और बेटे को आग की लपटों से घिरा देख बेसुध हो गई। चीख पुकार सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंच गए और ट्रांजिट थाने की पुलिस व अग्निशमन विभाग को हादसे की सूचना दी।
सूचना मिलते ही दरोगा विजय सिंह व कौशल भाकुनी मय पुलिस बल और दमकल कर्मी भी मय वाहन के आग बुझाने पहुंचे। पुलिस और दमकल कर्मियों ने मशक्कत कर आग पर तो काबू पा लिया लेकिन केदार सिंह और उनके मासूम बेटे की आग से झुलसकर मौत हो गई।