उपचुनाव के लिए भाजपा ने ये प्रत्याशी उतारे मैदान मे..
उत्तराखंड: भारतीय जनता पार्टी ने बद्रीनाथ और मंगलौर विधानसभा उपचुनाव के लिए अपने प्रत्याशियों के नामों की घोषणा कर दी है। बद्रीनाथ विधानसभा क्षेत्र से भाजपा ने पूर्व विधायक राजेंद्र भंडारी को अपना उम्मीदवार चुना है। भंडारी ने लोकसभा चुनाव के समय कांग्रेस पार्टी छोड़कर भाजपा का दामन थाम लिया था। उन्होंने अपनी विधानसभा सदस्यता से भी इस्तीफा दे दिया था, जिसके बाद अब वे भाजपा के टिकट पर चुनाव लड़ेंगे।
भाजपा ने मंगलौर विधानसभा सीट से करतार सिंह भड़ाना को अपना प्रत्याशी घोषित किया है। भड़ाना इससे पहले हरियाणा और उत्तर प्रदेश में विधायक के पद पर रह चुके हैं। उन्होंने लोकसभा चुनाव के समय भाजपा की सदस्यता ली थी, और तभी से यह अटकलें थीं कि उन्हें मंगलौर विधानसभा सीट से उम्मीदवार बनाया जा सकता है। पार्टी की पर्यवेक्षक टीमों ने बद्रीनाथ और मंगलौर विधानसभा सीटों पर रायशुमारी की प्रक्रिया पूरी कर ली थी और गुरुवार को प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट के माध्यम से केंद्रीय चुनाव समिति को नाम भेजे गए थे। देर रात समिति ने प्रत्याशियों के नामों की घोषणा कर दी।
बद्रीनाथ और मंगलौर में होगी भाजपा के विजय रथ की परीक्षा..
जानिए किस पर दांव खेलेगी पार्टी?
उत्तराखंड: प्रदेश में भाजपा क्या दो विधानसभा सीटों पर होने वाले उपचुनाव में भी विजय गाथा लिख पाएगा? सियासी जानकारों का मानना है कि बद्रीनाथ और मंगलौर का चुनावी समर भाजपा के विजय रथ की कड़ी परीक्षा लेगा। चंपावत और बागेश्वर उपचुनाव के बाद लोकसभा चुनाव में जीत से भाजपा के हौसले बुलंद है और इस बार वह मंगलौर विस के अभेद्य दुर्ग को भी भेदने की रणनीति पर काम कर रही है। 2022 के विधानसभा चुनाव में भाजपा को बद्रीनाथ विस सीट पर कांग्रेस के हाथों शिकस्त मिली थी, लेकिन कांग्रेस की जीत की पटकथा लिखने वाले राजेंद्र भंडारी अब भाजपा में शामिल हैं। हाल ही में संपन्न लोकसभा चुनाव में भाजपा ने गढ़वाल संसदीय सीट पर बद्रीनाथ विधानसभा क्षेत्र से कांग्रेस को 8254 वोटों से पीछे छोड़ा। हालांकि भंडारी के भाजपा में आने के बाद पार्टी इससे भी बड़ी लीड की उम्मीद कर रही थी।
आपको बता दे कि बद्रीनाथ सीट पर भाजपा के भंडारी पर ही दांव लगाने की ज्यादा संभावना है। लेकिन मुकाबले में कांग्रेस भी कोई कसर नहीं छोड़ेगी। उपचुनाव में कांग्रेस के पास लोस चुनाव में मिली हार का हिसाब बराबर करने का मौका है। इस लिहाज से भाजपा के लिए बद्रीनाथ का समर आसान नहीं माना जा रहा है। मंगलौर विस सीट भाजपा ने कभी नहीं जीती। मुस्लिम और अनुसूचित जाति बहुल इस सीट पर बसपा और कांग्रेस का ही कब्जा रहा है। भाजपा ने इस सीट पर प्रत्याशी तो उतारे. लेकिन उसे कभी कामयाबी नहीं मिली। 2022 के चुनाव में पार्टी प्रत्याशी दिनेश सिंह पंवार को 18763 वोट मिले थे। लोकसभा चुनाव में हरिद्वार संसदीय सीट के अंतर्गत मंगलौर से भाजपा 21 हजार वोट हासिल किए। लेकिन जीत के लिए 30 से 40 हजार वोटों की दरकार है। भाजपा के लिए इतने वोट जुटाने के लिए खास रणनीति बनानी होगी।
उत्तराखंड की पांचों सीटों पर बीजेपी की जीत, तीसरी बार लोकसभा की एक भी सीट नहीं जीती कांग्रेस..
उत्तराखंड: लोकसभा चुनाव 2024 में बीजेपी क्लीन स्वीप कर दिया है. बीजेपी ने राज्य की पांचों सीटें जीत ली हैं. कांग्रेस को लगातार तीसरी बार उत्तराखंड में लोकसभा की एक भी सीट नहीं मिली है.उत्तराखंड बीजेपी मुख्यालय में पार्टी की जीत का जश्न. बड़ी संख्या में बीजेपी कार्यकर्ता नाचते-गाते पार्टी मुख्यालय पहुंचे. टिहरी गढ़वाल लोकसभा सीट से बीजेपी की माला राज्य लक्ष्मी शाह जीत गई हैं। अल्मोड़ा पिथौरागढ़ लोकसभा सीट से भी अजय टम्टा ने जीत की हैट्रिक लगाई हैं।
नैनीताल लोकसभा सीट से भाजपा प्रत्याशी अजय भट्ट ने जीत दर्ज की है। अजय भट्ट ने कांग्रेस प्रत्याशी प्रकाश जोशी को करारी शिकस्त दी है।नैनीताल लोकसभा सीट से भारतीय जनता पार्टी के प्रत्याशी अजय भट्ट ने जीत हासिल की है। कांग्रेस प्रत्याशी प्रकाश जोशी को करारी हार का सामना करना पड़ा है। अजय भट्ट ने दो लाख से भी ज्यादा वोटों के अंतर से जीत दर्ज की है। जीत के बाद अजय भट्ट ने अपनी जीत पर जनता का धन्यवाद किया है।
वही लोकसभा चुनाव 2024 में उत्तराखंड की सबसे हॉट पौड़ी लोकसभा सीट पर बीजेपी का कमल खिल गया है. पौड़ी लोकसभा सीट पर बीजेपी कैंडिडेट अनिल बलूनी जीत गये हैं. अनिल बलूनी ने कांग्रेस के गणेश गोदियाल को हराया है. बता दें गढ़वाल लोकसभा सीट अनिल बलूनी के लिए टफ दिख रही थी. कांग्रेस कैंडिडेट गणेश गोदियाल ने सोशल मीडिया से लेकर रैलियों में जमकर बलूनी के खिलाफ माहौल बनाया. एक वक्त ऐसा लग रहा था कि अनिल बलूनी ये सीट हार जाएंगे, मगर आखिर में अनिल बलूनी ने पौड़ी लोकसभा सीट पर जीत दर्ज की.
पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट और सीएम धामी भी पार्टी प्रदेश मुख्यालय में मौजूद हैं. सीएम धामी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के यशस्वी नेतृत्व में उत्तराखंड में सभी पांच सीटों पर कमल खिल रहे हैं. जिस प्रकार मोदी सरकार में सभी वर्गों के लिए अनेक जनकल्याणकारी योजनाएं संचालित की गईं, उसी का परिणाम है कि NDA को पूर्ण बहुमत प्राप्त हो रहा है.उत्तराखंड के पूर्व मुख्यमंत्री और हरिद्वार लोकसभा सीट के प्रत्याशी त्रिवेंद्र सिंह रावत के चेहरे पर अब जीत की खुशी देखने को मिल रही है.
भाजपा में शामिल हुए मसूरी ट्रेडर्स एसोसिएशन के अध्यक्ष, कई और लोगों ने भी ली सदस्यता..
उत्तराखंड: मसूरी ट्रेडर्स एसोसिएशन के अध्यक्ष रजत अग्रवाल कांग्रेस का हाथ छोड़ दिया। वहीं, उन्होंने सोमवार को भाजपा का दामन थाम लिया। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट और कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी ने उन्हें पार्टी की सदस्यता दिलाई। उनके साथ मसूरी के कई और लोग भी भाजपा में शामिल हुए। रजत अग्रवाल का कहना हैं कि प्रधानमंत्री मोदी और सीएम धामी की नीतियों से प्रभावित होकर वह भाजपा में शामिल हुए हैं।
कल राजनाथ सिंह गौचर में करेंगे जनसभा, भाजपा ने शुरू की तैयारी..
उत्तराखंड: लोकसभा चुनाव के लिए पार्टियों का प्रचार छह दिनों बाद थम जाएगा। ऐसे में भाजपा अब चमोली जिले में स्टार प्रचारकों को उतारने वाली है। इसकी शुरुआत गौचर से होगी। गौचर में 12 अप्रैल को केंद्रीय रक्षामंत्री राजनाथ सिंह गढ़वाल लोकसभा सीट से भाजपा प्रत्याशी अनिल बलूनी के पक्ष में जनसभा को संबोधित करेंगे। भाजपा ने इसकी तैयारी शुरू कर दी है।
रक्षामंत्री के कार्यक्रम को लेकर भाजपा के प्रदेश प्रवक्ता सतीश लखेड़ा ने बुधवार को गौचर पहुंचे।उनका कहना हैं कि राजनाथ सिंह की सभा के बाद श्रीनगर में उत्तरप्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ जनसभा करेंगे। वहीं गोपेश्वर व अन्य स्थानों पर भी पार्टी स्टार प्रचारकों को उतारेगी। इस दौरान नगर अध्यक्ष सुभाष चमोली, आलम सिंह पंवार, चेतन मनोड़ी आदि मौजूद थे।
ओवैसी के खिलाफ माधवी लता ने फूंका बिगुल, अब मिली Y प्लस सुरक्षा..
देश-विदेश: हैदराबाद लोकसभा सीट से भाजपा प्रत्याशी माधवी लता की सुरक्षा को केंद्र सरकार ने बढ़ा दिया है। खुफिया एजेंसी आईबी की रिपोर्ट के बाद सरकार ने माधवी लता की सिक्योरिटी में 11 कमांडो को तैनात किया है। माधवी लता की सिक्योरिटी में 11 कमांडो को तैनात किया गया है। माधवी लता सोशल मीडिया पर हिंदुत्व समर्थक के रूप में मशहूर हैं और तीन तलाक पर अपने बयानों के बाद चर्चा में आई थी, जो अब हैदराबाद से AIMIM चीफ ओवैसी के खिलाफ चुनाव लड़ रही है।
Y प्लस कैटेगरी की सुरक्षा दी
माधवी लता को गृह मंत्रालय ने Y प्लस कैटेगरी की सुरक्षा दी है। गृह मंत्रालय ने आईबी की थ्रेट रिपोर्ट के आधार पर भाजपा प्रत्याशी माधवी को सुरक्षा दी है। Y प्लस कैटेगरी में आर्म्ड पुलिस के 11 कमांडो तैनात किए जाते हैं, जिसमें पांच पुलिस के स्टैटिक जवान वीआईपी की सुरक्षा के लिए उनके घऱ और आसपास रहते हैं। साथ ही 6 पीएसओ तीन शिफ्ट में संबंधित वीआईपी को सुरक्षा देते हैं। बता दें कि माधवी लता सुर्खियों में उस समय ज्यादा आई जब भाजपा ने उन्हें असदुद्दीन ओवैसी के खिलाफ हैदराबाद से बीजेपी का उम्मीदवार बनाया। उन्हें कट्टर हिंदुत्व का चेहरा माना जाता है। पीएम मोदी भी उनकी प्रशंसा कर चुके हैं।
कौन है Madhavi Lata?
माधवी लता पेशे से एक डॉक्टर है और विरिंची नाम का एक अस्पताल भी चलाती है। वह सोशल मीडिया पर अपने हिंदुत्व समर्थक रूख के लिए चर्चा में बनी रहती है। माधवी लता एक भरतनाट्यम नर्तकी भी हैं। माधवी लता को कोई पॉलिटिकल बैकग्राउंड नहीं है। वह हिंदुत्व की समर्थक हैं और तीन तलाक पर अपने बयानों के बाद सोशल मीडिया पर चर्चा में आई थी। बताया जाता है कि उन्होनें तीन तलाक को खत्म करने के लिए मुस्लिम महिलाओं के समूह के साथ सहयोग किया था। हैदराबाद सीट AIMIM का गढ़ मानी जाती है। इस सीट पर 1984 से ओवैसी परिवार का कब्जा रहा है। असदुद्दीन ओवैसी के पिता सुल्तान सलाहुद्दीन पहली बार इस सीट से 1984 में लोकसभा चा चुनाव जीते थे। वह 20 साल तक इस सीट से सांसद रहे। इसके बाद इस सीट का नेतृत्व असदुद्दीन ओवैसी कर रहे हैं, जिनको इस लोकसभा चुनाव में माधवी लता टक्कर दे रही है।
सीएम केजरीवाल से इस्तीफे की मांग, दिल्ली में BJP कार्यकर्ताओं का जोरदार प्रदर्शन..
देश-विदेश: दिल्ली के सीएम अरविंद केजरीवाल के इस्तीफे की मांग को लेकर भाजपा ने दिल्ली मे विरोध प्रदर्शन किया। भारतीय जनता पार्टी के कार्यकर्ता अरविंद केजरीवाल के सीएम पद से इस्तीफे की मांग कर रहे हैं। बीजेपी नेता मनजिंदर सिंह सिरसा का कहना है कि वे शराब घोटाले से ध्यान भटकाना चाहते हैं, वे कहते रहते हैं कि उन्हें (जेल से) आदेश मिल रहे हैं। केजरीवाल ईडी की हिरासत में ड्रामा कर रहे हैं।
अरविंद केजरीवाल को इस्तीफा देना होगा..
उन्होंने कहा कि मैंने एलजी और ईडी निदेशक को लिखित शिकायत दी है कि उन्होंने जो झूठा पत्र पेश किया है, उस पर कार्रवाई की जानी चाहिए। जिस तरह से गैंगस्टर और जबरन वसूली करने वाले जेल से गिरोह संचालित करते हैं, वे सीएम कार्यालय को संचालित करना चाहते हैं। अरविंद केजरीवाल जैसा भ्रष्ट व्यक्ति सीएम नहीं बन सकता। उन्हें इस्तीफा देना होगा।
भाजपा में शामिल हुए मनीष खंडूड़ी, प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट ने दिलाई सदस्यता..
उत्तराखंड: मनीष खंडूरी भारतीय जनता पार्टी में शामिल हो गए हैं। सीएम पुष्कर सिंह धामी, प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट प्रदेश प्रभारी दुष्यन्त गौतम की मौजूदगी में बीजेपी की सदस्यता ग्रहण की। पूर्व सीएम भुवनचंद खंडूरी के बेटे और पूर्व कांग्रेस नेता मनीष खंडूरी भाजपा में शामिल हो गए हैं। कल ही मनीष खंडूरी ने कांग्रेस से इस्तीफा दिया था। जिसके बाद से ही उनके बीजेपी में जाने की चर्चाएं चल रही थी। जिसके बाद उन्होंने आज भाजपा का दामन थाम लिया है।
पूर्व सीएम भुवन चंद्र खंडूरी के बेटे हैं मनीष..
मनीष खंडूरी उत्तराखंड के मुख्यमंत्री रहे रिटायर्ड मेजर जनरल भुवन चंद्र खंडूरी के बेटे और वर्तमान में विधानसभा अध्यक्ष ऋतु खंडूरी के भाई हैं। मनीष खंडूरी पत्रकार रहे और फिर उन्होंने साल 2018 के मध्य में फेसबुक ज्वाइन की। इसके बाद उन्होंने साल 2019 कांग्रेस ज्वाइन की।
आपको बता दें कि फेसबुक में अपनी भूमिका से पहले मनीष खंडूरी ने कॉग्निजेंट, टर्नर ब्रॉडकास्टिंग सिस्टम्स, बिस्क्वेयर सिस्टम्स, बिजनेस वर्ल्ड पत्रिका और बिजनेस स्टैंडर्ड अखबार के साथ काम किया है। साल 2019 में उन्होंने कांग्रेस ज्वाइन की और पौड़ी से लोकसभा चुनाव लड़ा लेकिन वो हार गए।
कल ही दिया था कांग्रेस से इस्तीफा..
मनीष खंडूरी ने आठ मार्च 2024 यानी कल ही कांग्रेस से इस्तीफा दिया। उनके इस्तीफा देने के बाद से कांग्रेस में हलचल बढ़ गई है। आज मनीष खंडूरी के बीजेपी में शामिल होने के बाद कांग्रेस को लोकसभा चुनाव से पहले बड़ा झटका लगा है।
10 मार्च को उत्तराखंड दौरे पर आएंगे जेपी नड्डा..
उत्तराखंड: भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा नौ या 10 मार्च को उत्तराखंड दौरे पर रहेंगे। लोकसभा चुनाव से पहले जेपी नड्डा का ये दौरा भाजपा के लिए अहम माना जा रहा है। बता दें अब तक दो बार जेपी नड्डा का कार्यक्रम स्थगित हो चुका है। आपको बता दें इससे पहले राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा 28 फरवरी को उत्तराखंड पहुंचने वाले थे लेकिन किसी कारण उनका ये दौरा स्थगित हो गया। जिसके बाद दो मार्च को नड्डा के उत्तराखंड पहुंचने की चर्चा थी। दो मार्च को उन्होंने हल्द्वानी में कुमाऊं क्लस्टर सम्मेलन, रायवाला में लोकसभा क्षेत्रों की चुनाव प्रबंधन की बैठक और देहरादून का प्रबुद्धजन सम्मेलन को संबोधित करना था। सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा नौ या 10 मार्च को उत्तराखंड पहुंचेंगे। लोकसभा चुनाव से पहले जेपी नड्डा का ये दौरा भाजपा के लिए अहम है।
लोकसभा चुनाव से पहले भाजपा का सदस्यता अभियान तेज, BJP में शामिल कई लोग..
उत्तराखंड: लोकसभा चुनाव से पहले भाजपा ने सदस्यता अभियान तेज कर दिया है। रविवार को हल्द्वानी में सैकड़ों लोगों ने भारतीय जनता पार्टी की सदयता ली। हल्द्वानी स्थित कुमाऊं संभाग कार्यालय में आज भाजपा सदस्यता अभियान के संयोजक पूर्व कैबिनेट मंत्री गोविंद सिंह बिष्ट के नेतृत्व में सैकड़ो लोगों ने पार्टी की सदस्यता ली। पार्टी कार्यालय में आयोजित कार्यक्रम में कई अधिवक्ताओं व सामाजिक क्षेत्र में काम करने वाले लोगों सहित विभिन्न राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों ने भाजपा जॉइन की। पूर्व कैबिनेट मंत्री गोविंद सिंह बिष्ट का कहना हैं कि भाजपा की रीति नीति से प्रभावित होकर सभी ने भाजपा में शामिल होने का फैसला लिया है। उनका कहना हैं कि केंद्र में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और राज्य में पुष्कर सिंह धामी के विकास कार्यों से प्रभावित होकर लोग भाजपा की सदस्यता ग्रहण कर रहे हैं। सदस्यता अभियान आगे भी इसी तरह जारी रहेगा।