हरिद्वार में किशोरी जागरुकता अभियान कार्यक्रम, रेखा आर्य ने की शिरकत..
महालक्ष्मी किट को लेकर की बड़ी घोषणा..
उत्तराखंड: महिला सशक्तिकरण एवं बाल विकास विभाग की ओर से हरिद्वार में मुख्यमंत्री महिला पोषण योजना सशक्त किशोरी सशक्त समाज के तहत किशोरी जागरुकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में कैबिनेट मंत्री रेखा आर्य ने बतौर मुख्य अतिथि शिरकत की। कैबिनेट मंत्री रेखा आर्य का एसडीएम हरिद्वार अजय वीर सिंह और जिला बाल विकास अधिकारी हरिद्वार सुलेखा सहगल सहित हरिद्वार की आंगनबाड़ी कार्यकर्तीओं ने पुष्प गुच्छ भेंट कर स्वागत किया।
इस दौरान रेखा आर्य ने कहा उत्तराखंड में किशोरियों और महिलाओं के लिए कई जागरूकता कार्यक्रम चलते हैं। राष्ट्रीय किशोर स्वास्थ्य कार्यक्रम इस कार्यक्रम के तहत, हरिद्वार, में ब्लॉक स्तरीय किशोरी और महिलाओं के लिए अनुकूल स्वास्थ्य परामर्श क्लीनिक बनाए गए हैं। यह किशोरी शक्ति योजना किशोरियों और महिलाओं को सशक्त बनाने के लिए शुरू की गई थी। इसका मकसद किशोरियों और महिलाओं को अपनी पूरी क्षमता का एहसास कराना है।उन्हें अपने जीवन की ज़िम्मेदारी उठाने में मदद करना है। सबला योजना भी 11 से 18 साल की किशोरियों के सशक्तीकरण के लिए शुरू की गई है। उत्तराखंड विभिन्न जिलों सहित हरिद्वार में भी इस योजना के तहत कई बाल विकास परियोजनाएं चल रही हैं।
यह अभियान संयुक्त राष्ट्र द्वारा घोषित ‘किशोरी शक्ति’ थीम पर आधारित है. इस अभियान के दौरान किशोरियों और महिलाओं को उनके स्वास्थ्य के प्रति डॉक्टर और डायटिशियनों और नुक्कड़ नाटकों द्वारा जागरुकता और जानकारी साझा की गई है। महिला सशक्तिकरण एवं बाल विकास मंत्री रेखा आर्या ने कहा विगत कई समय से महालक्ष्मी किट को लेकर लगातार मांग उठ रही थी। बेटी के जन्म की तरह ही बेटों के जन्म पर भी महालक्ष्मी किट दी जाए। ऐसे में जनभावनाओं के अनुरूप सीएम धामी के नेतृत्व में हुई कैबिनेट बैठक में इस पर मुहर लगी है। जिसके तहत अब प्रथम दो प्रसव उसमें, चाहे पहली लड़की हो या लड़का दोनों को ही महालक्ष्मी किट से आच्छादित किया जाएगा।
कैबिनेट मंत्री रेखा आर्य ने लिखा गृह सचिव को पत्र..
उत्तराखंड: शूटिंग के खिलाड़ियो को जल्द ही एक बड़ी खुशखबरी मिलने जा रही है। जिसके तहत शूटिंग खिलाड़ियो को शस्त्र लाइसेंस की सुविधा उपलब्ध होगी। खेल मंत्री रेखा आर्या ने इस संबंध में सचिव गृह और पुलिस महानिदेशक को पत्र लिखा है। उनका कहना हैं कि अभी तक जो भी शूटिंग से सम्बंधित खिलाड़ी होते हैं उन्हें अभ्यास के लिए शस्त्र लाइसेंस की अनुमति नही मिलती थी। ऐसे में अब उनके द्वारा यह पत्र लिखा गया है। जिसके द्वारा जल्द ही शूटिंग के खिलाड़ियो को शस्त्र लाइसेंस प्राप्त होंगे। बता दें कि पूर्व में शूटिंग स्पोर्टस से जुड़े खिलाड़ियो को अपने अभ्यास के लिए जिस शस्त्र की जरूरत होती थी उसमें उन्हें कई दिक्कतों का सामना करना पड़ता था। रेखा आर्य का कहना हैं कि इन सभी कठिनाइयों को मेरे स्तर से जल्द दूर किया जाएगा जिसके लिए मैं प्रयत्नशील हूं।
आपको बता दे कि शूटिंग स्पोटर्स से जुड़े खिलाड़ियों को शूटिंग के अभ्यास के लिए स्वयं के शस्त्र की आवश्यकता होती है। जिसके लिए शस्त्र लाइसेन्स की प्रक्रिया बहुत लंबी है। कई बार राष्ट्रीय एवं अन्तराष्ट्रीय स्तर के खिलाड़ियों द्वारा अवगत कराया गया है। भारत सरकार द्वारा खिलाड़ियों को उनके खेल से संबंधित राज्य सरकार द्वारा जारी किए जाने वाले शासनादेश में विशेष छूट का प्रावधान किए जाने के निर्देश के बाद भी खेल से जुड़े खिलाड़ियों को शस्त्र लाइसेन्स प्राप्त करने और शस्त्र खरीदने में कठिनाईयों का सामना करना पड़ रहा है। कैबिनेट मंत्री रेखा आर्य ने कहा कि यह स्थिति शूटिंग के खिलाड़ियों के लिए उचित प्रतीत नहीं होती है। उनके अभ्यास में व्यवधान पड़ता है। ऐसे में मैंने सचिव गृह और पुलिस महानिदेशक को इस संबंध में पत्र लिखा है। जिससे खेल से जुड़े खिलाड़ियों को अनावश्यक परेशानी न हो।
शिवालयों में जलाभिषेक के पत्र पर भ्रांतियां फैला रहा विपक्ष-रेखा आर्य..
उत्तराखंड: शिवालयों में जलाभिषेक से संबंधित पत्र को लेकर विवादों में आई कैबिनेट मंत्री रेखा आर्य ने सोमवार को सफाई दी। उनका कहना हैं विपक्ष पत्र पर भ्रांतियां फैला रहा है जबकि पत्र में कहीं पर भी यह नहीं कहा गया कि यदि कोई शिवालयों में जलाभिषेक नहीं करेगा तो संबंधित व्यक्ति के खिलाफ कार्रवाई होगी। उन्होंने कहा कि यह सभी लोगों की स्वेच्छा है कि वे अपने नजदीकी शिवालयों में जलाभिषेक करें या न करें। इस विवाद के लिए उन्होंने विपक्ष को जिम्मेदार ठहराया।
महिला सशक्तीकरण एवं बाल विकास मंत्री ने अपने सरकारी आवास पर मीडिया से बातचीत में कहा कि विपक्ष का काम सिर्फ भ्रांति फैलाना है। जिसे अच्छाई में भी बुराई नजर आ रही है। विपक्ष का काम अच्छाई में भी बुराई ढूंढने का है। रेखा आर्य का कहना हैं कि उनकी ओर से बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ को लेकर लिया गया संकल्प पवित्र है। जिसमें कहीं न कहीं लैंगिक असमानता को समानता की ओर लाने पर कार्य किया जा रहा है। उनकी यह कोशिश है कि जब उत्तराखंड अपना रजत जयंती वर्ष मना रहा होगा तब देवभूमि में लिंगानुपात हजार बालकों पर हजार बालिकाओं का हो।
आज अपनी 25 किलोमीटर की पैदल कांवड़ यात्रा को लेकर कैबिनेट मंत्री ने कहा कि उनकी तरफ से समाज के सभी लोगों को इस पुनीत कार्य मे भागीदारी बनने के लिए आमंत्रित किया जाता है। इस कांवड़ यात्रा के जरिये उनकी कोशिश है कि समाज में बेटियों के प्रति जो भेदभाव की सोच है, उसे खत्म किया जाए। उत्तराखंड जिसे की हम देवभूमि कहते हैं, वहां बेटियों को देवी के समान अधिकार मिले और वह भी समाज में लड़कों के बराबर खड़ी हो सकें।