इन नौ नये रूटों पर दौड़ेगी वंदे भारत ट्रेन..
उत्तराखंड: पीएम नरेन्द्र मोदी ने बीते रविवार को नौ नयी वंदे भारत रेलगाड़ियों को वीडियो कान्फ्रेसिंग के माध्यम से हरी झंडी दी। नयी सौगात देते हुये प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने कहा कि अब वह दिन दूर नही जब वंदे भारत रेलगाड़ियां देश के हर हिस्से को एक दूसरे से जोडेंगी।
पीएम मोदी ने कहा वंदे भारत गाड़ियों की लोकप्रियता लगातार बढती जा रही है, देश के हर हिस्से से इनकी मांग हो रही है। प्रधानमंत्री ने कहा जिन स्टेशनों पर वंदे भारत पहुंच चुकी है, वहां पर्यटकों की संख्या लगातार बढ रही है। ऐेसे में नये रोजगार के अवसर भी पैदा हो रहे हैं। वंदे भारत ने आर्थिक गतिविधियों में भी तेजी पैदा कर दी है। पीएम नरेन्द्र मोदी ने कहा है आज देश में जो आत्मविश्वास का वातावरण बना है, ऐसा दशकों में नही हुआ। इस अवसर पर प्रधानमंत्री ने जी-20 के सफल आयोजन पर देशवासियों का सराहा साथ ही देश के पहले सूर्य मिशन आदित्य एल-1 के प्रक्षेपण का जिक्र करते हुए कहा कि आज हर भारतीय अपने नये भारत की उपलब्ध्यिों से गौरवांवित है।
इन नये मार्गों पर दौड़ी वंदे भारत
1. पटना-हावड़ा
2. उदयपुर-जयपुर
3. हैदराबाद-बंगलूरू
4. विजयवाडा-चेन्नई
5. तिरूनेलवेली-मदुरै-चेन्नई
6. कासरगोड-तिरूवंतपुरम
7. राउरकेला-भुवनेश्वर-पुरी
8. रांची-हावड़ा
9. जामनगर-अहमदाबाद
वंदे भारत के रूप में बिहार और झारखंड के लोगों को दूसरी सेमी हाई स्पीड ट्रेन मिली। इससे पहले, पटना-रांची वंदे भारत ट्रेन को इसी साल जून से प्रारम्भ किया गया था। पीएम नरेन्द्र मोदी ने कहा उनकी सरकार रेल यात्रा को आसान बनाने पर लगातार जोर दे रही है। उन्होने कहा, वंदे भारत ट्रेन इसी भावना का एक प्रतिबिंब है।
चारधाम यात्रा- 42 लाख से अधिक श्रद्धालु कर चुके हैं दर्शन, जल्द टूटेगा पिछले साल का रिकॉर्ड..
उत्तराखंड: चारधाम यात्रा ने सितंबर महीने से एक बार फिर रफ्तार पकड़ ली है। चारधाम सहित हेमकुंड साहिब में दर्शन करने वाले श्रद्धालुओं का आंकड़ा 42 लाख पार हो चुका है। चारधाम यात्रा में देश-दुनिया से आने वाले तीर्थयात्री पिछले साल का रिकॉर्ड तोड़ने की तैयारी में हैं। चारधाम सहित हेमकुंड साहिब में दर्शन करने वाले श्रद्धालुओं का आंकड़ा 42 लाख पार हो चुका। अभी लगभग डेढ़ माह का समय बाकी है। राज्य सरकार को उम्मीद है की श्रद्धालुओं की संख्या इस बार 50 लाख पार करेगी। बता दें चारधाम यात्रा के इतिहास में पिछले साल सबसे अधिक श्रद्धालु आने का रिकॉर्ड था। साल 2022 में चारधाम यात्रा में 46 लाख से अधिक श्रद्धालु दर्शन करने आए थे।
इस साल भी शुरुआत से ही यात्रा को लेकर श्रद्धालुओं में उत्साह देखने को मिला। बारिश और बर्फबारी ने तीर्थयात्रियों की परीक्षा ली। लेकिन चुनौतियों के आगे श्रद्धालुओं के पांव नहीं रुके। जिससे सरकार को चारधामों में भीड़ नियंत्रित करने के लिए बीच-बीच में पंजीकरण बंद करना पड़ा। पर्यटन विभाग की ओर से जारी किए आंकड़ों के अनुसार चारधाम समेत हेमकुंड साहिब में अब तक 42 लाख से अधिक श्रद्धालु दर्शन कर चुके हैं। बता दें अभी तक बदरीनाथ धाम में 17,60,449 श्रद्धालु, केदारनाथ में 15,63,278 , गंगोत्री में 6,24,516, यमुनोत्री में 4,85,688 और हेमकुंड साहिब में 2,47,000 श्रद्धालु दर्शन कर चुके हैं।
1000 करोड़ का उत्तराखंड सरकार से करार कर चुके महिंद्रा ग्रुप के चेयरमैन आनंद महिंद्रा ने कहा ‘होम इज वेयर द हार्ट इज..
एक्स पर कहा, दुनिया में हॉस्पिटैलिटी के क्षेत्र में सर्वाधिक अवसर भारत में..
उत्तराखंड: प्रदेश में दिसंबर में होने जा रहे इन्वेस्टर्स समिट को लेकर उद्योग जगत में उत्साह का माहौल है। पहले ही पहाड़ी राज्य में पर्यटन के क्षेत्र में 1000 करोड़ के निवेश का उत्तराखंड सरकार के साथ एमओयू साइन कर चुके महिंद्रा ग्रुप के चेयरमैन श्री आनंद महिंद्रा ने अब इसे लेकर एक्स पर अपनी राय जाहिर की है। उन्होंने लिखा है कि ‘होम इज वेयर द हार्ट इज। दुनिया में हॉस्पिटैलिटी के क्षेत्र में भारत में सर्वाधिक अवसर हैं क्यूंकि इस समय घरेलू टूरिज्म बूम पर है’।
उत्तराखंड सरकार की ओर से आगामी दिसंबर माह में इन्वेस्टर समिट का आयोजन प्रस्तावित है। इसके लिए उत्तराखंड सरकार ने ढाई लाख करोड़ के निवेश का लक्ष्य रखा है। बीते दिनों दिल्ली में हुए समिट के कर्टेन रेजर कार्यक्रम में देश के कई नामी उद्योग घरानों ने राज्य में निवेश की दिशा में कदम बढ़ाते हुए एमओयू पर हस्ताक्षर किये। हॉस्पिटैलिटी के क्षेत्र में अग्रणी महिंद्रा ग्रुप के द्वारा भी उत्तराखंड में 1000 करोड़ के निवेश के एमओयू किये गए। अब, महिंद्रा ग्रुप के चेयरमैन श्री आनंद महिंद्रा ने इसे लेकर एक्स पर अपनी राय साझा की है। उन्होंने लिखा दुनिया में भारत मे पर्यटन के क्षेत्र में अपार संभावनाएं हैं।
गौरतलब है कि उत्तराखंड सरकार (यूके) के साथ महिंद्रा ग्रुप ने 1000 करोड़ के निवेश के लिए एक समझौता ज्ञापन पर हस्ताक्षर किए हैं। पहले से उत्तराखंड में अपने ग्रुप के रिसोर्ट संचालित कर रही अग्रणी कंपनी की योजना है कि आने वाले दिनों में 4-5 बड़े रिसॉर्ट्स का निर्माण उत्तराखंड के अलग अलग क्षेत्रों में किया जाए। कंपनी का कहना है कि यह देश के किसी भी राज्य में ग्रुप द्वारा किया गया सबसे बड़ा निवेश होगा।
लोक सेवा आयोग ने जारी किया इस भर्ती परीक्षा के लिए बड़ा अपडेट..
उत्तराखंड: लोक सेवा आयोग ने अधिशासी अधिकारी, नगर पंचायत एवं कर व राजस्व निरीक्षक भर्ती से जुड़ा बड़ा अपडेट जारी किया है। बताया जा रहा है कि आयोग ने उम्मीदवारों को एक बार फिर मौका दिया है। जिन्होंने इस भर्ती के लिए आवेदन किया था, उनके लिए प्रविष्टियों में संशोधन / परिवर्तन के लिए विंडो दुबारा खोली जा रही है।
जानकारी के अनुसार आयोग द्वारा जारी आदेश में लिखा है शहरी विकास विभाग में पालिका केन्द्रीयित सेवा के अन्तर्गत अधिशासी अधिकारी, नगर पंचायत एवं कर व राजस्व निरीक्षक के कुल 85 रिक्त पदों हेतु प्रकाशित विज्ञापन सं0-01/E-02 / DR/EO TR1/2023 के सापेक्ष पात्र अभ्यर्थियों से ऑनलाइन आवेदन दिनांक 18.09.2023 तक आमंत्रित किये गये थे। उक्त विज्ञापन के अति महत्वपूर्ण निर्देश के बिन्दु सं0-8 के अनुसार ऑनलाइन आवेदन की अंतिम तिथि तक आवेदन प्रक्रिया पूर्ण करने वाले अभ्यर्थियों को अंतिम अवसर प्रदान किया गया है।
बताया जा रहा है कि अभ्यर्थी अपने ऑनलाइन आवेदन पत्र में की गयी प्रविष्टियों में संशोधन / परिवर्तन (Edit/Correction) किये जाने हेतु केवल एक बार के लिए आयोग की बेवसाइट http://psc.uk.gov.inपर Online Edit Window लिंक दिनांक 25.09.2023 से दिनांक 04.10.2023 (रात्रि 11:59:59 बजे तक) तक खोला जायेगा।
दिल्ली रेफर मरीजों के तीमारदारों को मिलेगी ठहरने की सुविधा..
आवास के लिए टेंडर प्रक्रिया शुरू..
उत्तराखंड: अब गंभीर बीमारियों के इलाज के लिए दिल्ली रेफर होने वाले मरीजों के तीमारदारों को दिल्ली में ठहरने की सुविधा मिलेगी। इसके लिए स्वास्थ्य विभाग ने आवास उपलब्ध कराने के लिए टेंडर प्रक्रिया शुरू कर दी है। 26 सितंबर को टेंडर खोले जाएंगे। प्रदेश के सरकारी अस्पतालों में कैंसर, हृदय रोग समेत गंभीर बीमारियों के बेहतर इलाज की सुविधा न होने पर मरीजों को दिल्ली के बड़े अस्पतालों में रेफर किया जाता है, लेकिन मरीज के साथ रहने वाले तीमारदारों को ठहरने के लिए काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ता है। होटलों में रुकना तीमारदारों को महंगा पड़ता है। अब प्रदेश सरकार मरीज के साथ अटेंडेंट (तीमारदार) को ठहरने की सुविधा उपलब्ध कराने जा रही है।
स्वास्थ्य महानिदेशक डॉ. विनीता शाह का कहना हैं कि प्रदेश के सरकारी अस्पतालों से मरीज को दिल्ली के किसी अस्पताल में इलाज के लिए रेफर किया जाता है, तो मरीज के साथ रहने वाले अटेंडेंट को ठहरने के लिए आवास की सुविधा मुहैया कराई जाएगी। इसके लिए टेंडर प्रक्रिया चल रही है। पहली बार में किसी भी फर्म ने आवेदन नहीं किया, जिससे दोबारा से टेंडर जारी किए गए हैं।
सात अक्तूबर को केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह उत्तराखंड में मध्य क्षेत्रीय परिषद की बैठक में लेंगे भाग..
उत्तराखंड: केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह सात अक्तूबर को उत्तराखंड आएंगे। इस दिन वह मध्य क्षेत्रीय परिषद की बैठक में भाग लेंगे। यह बैठक दो बार टल चुकी है। सबसे पहले यह बैठक 15 जुलाई को होनी थी। फिर इसे 24 सितंबर को रखा गया था। आधिकारिक सूत्रों के अनुसार परिषद की यह बैठक नरेंद्रनगर स्थित एक होटल में होगी। बैठक के लिए राज्य सरकार ने तैयारी शुरू कर दी हैं। बैठक में उत्तरप्रदेश, छत्तीसगढ़, मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री, मुख्य सचिव व केंद्रीय गृह मंत्रालय के अधिकारी उत्तराखंड आएंगे।
नैनीताल हाईकोर्ट ने तीन सीनियर जजों को जबरन किया सेवानिवृत..
उत्तराखंड: नैनीताल हाईकोर्ट ने कामकाज में लेटलतीफी समेत अपने पद का गलत इस्तेमाल करने जैसी वजहों के चलते बड़ा एक्शन लिया है। नैनीताल हाईकोर्ट ने तीन जजों को जबरन रिटायर किया है। मुख्य न्यायाधीश न्यायमूर्ति विपिन सांघी की सिफारिश पर राज्यपाल ने तीन वरिष्ठ जजों को रिटायर करने का आदेश जारी कर दिया है। नैनीताल हाईकोर्ट की वेबसाइट में जारी नोटिफिकेशन के अनुसार राजेंद्र जोशी श्रम न्यायालय हरिद्वार के पीठासीन अधिकारी, शमशेर अली श्रम न्यायालय काशीपुर के पीठासीन अधिकारी और शेष चंद्र देहरादून के चतुर्थ अतिरिक्त जिला एवं सत्र न्यायाधीश को जबरन रिटायर कर दिया है।
राज्यपाल की मंजूरी के बाद किया आदेश जारी..
आपको बता दें इन तीनों को उत्तराखंड न्यायिक सेवा नियमावली-2004 (संशोधित 2016) के नियम-25 (क) में उल्लेखित व्यवस्था के अनुसार राज्यपाल ने लोकहित में आदेश दिया है कि तीनों न्यायिक अधिकारी आदेश जारी होने के बाद से सेवानिवृत्त हो जाएंगे। राज्यपाल की मंजूरी के बाद ये आदेश जारी किया गया है। नैनीताल हाईकोर्ट अभी तक अनियमितता व भ्रष्टाचार की शिकायत पर करीब एक दर्जन न्यायिक अधिकारियों पर कार्रवाई कर चुका है। कार्रवाई की जद में आए न्यायिक अधिकारियों पर भ्रष्टाचार, प्रलोभन और अपने पद का दुरूपयोग करने जैसे गंभीर आरोप रहे हैं।
युवाओं के लिए सरकारी नौकरी पाने का सुनहरा मौका, 6 अक्टूबर तक कर सकते हैं आवेदन..
उत्तराखंड: लोक सेवा आयोग द्वारा खाद्य एवं औषधि प्रशासन विभाग, उत्तराखण्ड के अन्तर्गत औषधि निरीक्षक (ग्रेड-2) समूह ‘ग‘ के पदों पर सीधी भर्ती निकाली गई है। इच्छुक युवा आयोग की आधिकारिक वेबसाइट http://ukpsc.net.inपर जाकर 06 अक्टूबर, 2023 तक ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं। आवेदन का कोई अन्य तरीका/ माध्यम स्वीकार नहीं किया जाएगा।
जानकारी के अनुसार आयोग ने ये भर्ती औषधि निरीक्षक (ग्रेड-2) समूह ‘ग‘ के 19 रिक्त पदों पर निकाली है। इन पदों पर आवेदन करने के लिए वहीं उम्मीदवार होगा जिसके पास भारत में कानून द्वारा स्थापित किसी विश्वविद्यालय से क्लिनिकल फार्माकोलॉजी या माइक्रोबायोलॉजी में विशेषज्ञता के साथ फार्मेसी या फार्मास्युटिकल साइंसेज या मेडिसिन में स्नातक की डिग्री है।
आयु सीमा: 21 से 42 वर्ष.
वेतनमान: रु.44900/- रु.142400/- (लेवल-7)
चयन प्रक्रिया..
उम्मीदवारों का चयन 200 अंकों की एमसीक्यू आधारित लिखित परीक्षा के माध्यम से किया जाएगा और पद योग्यता के अनुसार प्रश्न पूछे जाएंगे।
आवेदन कैसे करें..
इच्छुक और योग्य उम्मीदवार आधिकारिक वेबसाइट http://ukpsc.net.inके माध्यम से 16 सितंबर 2023 से 06 अक्टूबर 2023 तक ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं। आवेदन का कोई अन्य तरीका/ माध्यम स्वीकार नहीं किया जाएगा।
नए उपयोगकर्ताओं को यूकेपीएससी की आधिकारिक वेबसाइट पर ओटीआर (एक बार पंजीकरण) के माध्यम से खुद को पंजीकृत करना होगा और फिर पद के लिए आवेदन करना होगा। जिन उम्मीदवारों ने पहले ही पंजीकरण करा लिया है, उन्हें अपने यूजर आईडी और पासवर्ड के साथ लॉग इन करना चाहिए और संबंधित पद के लिए आवेदन करना चाहिए।
आवेदन शुल्क- अनारक्षित : रु.172.30, ईडब्ल्यूएस: रु.172.30, ओबीसी: रु.172.30, एससी: रु.82.30, एसटी: 82.30 रुपये इन पदों के लिए इच्छुक अभ्यर्थी ऑनलाइन आवेदन करने से पूर्व आयोग की वेबसाइट https://psc.uk.gov.in/ पर प्रसारित विस्तृत विज्ञापन में वर्णित समस्त शर्तों/निर्देशों का भली-भांति अवलोकन कर लें।
प्रथम वूमेंस उत्तराखंड प्रीमियर लीग में अल्मोड़ा फ्लेमिंग बर्ड ने चमोली प्रिंसेस को हराया..
उत्तराखंड: क्रिकेट एसोसिएशन ऑफ उत्तराखंड की ओर से अभिमन्यु क्रिकेट एकेडमी में चल रही प्रथम वूमेंस उत्तराखंड प्रीमियर लीग में बुधवार को पांचवा मुकाबला अल्मोड़ा फ्लेमिंग बर्ड और चमोली प्रिंसेस के बीच खेला गया। मुकाबले में अल्मोड़ा फ्लेमिंग बर्ड की कप्तान जेसिया अख्तर ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी का फैसला किया। कप्तान जेसिया ने शानदार बल्लेबाजी करते हुए टुर्नाम्नेट का पहला शतक ठोका, उन्होंने 56 गेंदों में 107 रनों की नाबाद पारी खेलकर चमोली प्रिंसेस के सामने 20 ओवर में 149 रनों का लक्ष्य दिया। चमोली प्रिंसेस की टीम इस लक्ष्य के सामने शुरुआत से ही दबाव में दिखी और पूरी टीम कुल 58 रन बनाकर आउट हो गई। कंचन परिहार ने 25 रनों का योगदान दिया। अल्मोड़ा फ्लेमिंग बर्ड टीम की और से अंजलि कठैत ने 3 विकेट और रूचि चौहान ने दो चटकाए।
सर्दियों के सीजन में नहीं होगा उत्तराखंड में बिजली संकट..
केंद्र से मिली 1589 मेगावाट बिजली..
उत्तराखंड: प्रदेश में सर्दियों के सीजन में बिजली की किल्लत नहीं होगी। केंद्र ने छह माह के लिए 1589 मेगावाट बिजली दे दी है। केंद्रीय विद्युत प्राधिकरण की ओर से इस संबंध में आदेश जारी किया गया। यह बिजली एक अक्तूबर से मिलनी शुरू होगी। यूपीसीएल के एमडी अनिल कुमार का कहना हैं कि केंद्र ने गैर आवंटित कोटे से एक अक्तूबर से 31 मार्च 2024 तक माहवार बिजली आवंटन का आदेश जारी किया है। इसके तहत अक्तूबर माह में 456 मेगावाट, नवंबर में 378 मेगावाट, दिसंबर में 78 मेगावाट, जनवरी में 169 मेगावाट, फरवरी में 195 मेगावाट और मार्च में 313 मेगावाट बिजली मिलेगी।
केंद्र ने अपने सेंट्रल पूल से चंडीगढ़, हिमाचल, जम्मू कश्मीर और उत्तराखंड को नार्दर्न ग्रिड से बिजली देने का ये आदेश जारी किया है। पिछले दिनों सीएम पुष्कर सिंह धामी ने केंद्रीय ऊर्जा मंत्री आरके सिंह से अक्तूबर के बाद प्रदेश में बिजली संकट की आशंका के बीच माहवार बिजली की मांग की थी। उन्होंने सैद्धांतिक मंजूरी दी थी।
सर्दियों में प्रदेश की नदियों का जलस्तर गिर जाता है, जिससे यूजेवीएनएल का बिजली उत्पादन गिर जाता है। पिछले साल का आंकड़ा देखें तो एक अक्तूबर को यूजेवीएनएल का उत्पादन 2.4 करोड़ यूनिट, एक नवंबर को 1.2 करोड़ यूनिट, एक दिसंबर को 90 लाख यूनिट, एक जनवरी को एक करोड़ यूनिट उत्पादन हुआ था जबकि मांग इसके सापेक्ष कहीं ज्यादा होती है। वर्तमान में यूपीसीएल 4.4 करोड़ यूनिट की मांग पूरी कर रहा है, जिसमें यूजेवीएनएल से करीब 2.1 करोड़ यूनिट बिजली मिल रही है।
