सीएम ने किया दून मेडिकल कॉलेज का निरीक्षण,इस बात पर जताई नाराजगी..
उत्तराखंड: मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने मंगलवार को राजकीय दून मेडिकल कॉलेज चिकित्सालय का औचक निरीक्षण। इस दौरान सीएम ने चिकित्सालय परिसर में फैली गंदगी पर नाराजगी जाहिर करते हुए अधिकारियो को परिसर को स्वच्छ एवं सुंदर बनाए रखने के निर्देश दिए। मुख्यमंत्री ने अस्पताल में आए मरीजों का हालचाल जाना। साथ ही मरीजों के तीमारदारों से बातचीत कर अस्पताल में मौजूद संसाधनों, डॉक्टरों की उपलब्धता, दवाइयों की उपलब्धता, एवं खाने-पीने की व्यवस्थाओं के बारे में जानकारी ली।
सीएम ने अस्पताल में मौजूद मरीजों के लिए बन रहे खाने को स्वयं जाकर देखा। उन्होंने कहा कि मरीजों को मिलने वाले भोजन में किसी तरह की कोई कमी नहीं होनी चाहिए। सभी तरह के पोषक तत्व भोजन में पाए जाएं, इसका भी विशेष ध्यान रखा जाए। उन्होंने रजिस्ट्रेशन डेस्क में जाकर प्रतिदिन आने वाले मरीजों की संख्या के बारे में जानकारी ली। अधिकारियों को निर्देशित करते हुए कहा कि स्वास्थ संबंधित जांच के लिए अस्पताल आए मरीजों को लंबी लाइन में ना लगाना पड़े इसके लिए रजिस्ट्रेशन डेस्क की संख्या में भी बढ़ोतरी की जाए।
सीएम ने इमरजेंसी वार्ड में जाकर वहां मौजूद डॉक्टरों, नर्सिंग स्टाफ, से भी वार्ता की। उन्होंने अस्पताल में मौजूद डॉक्टरों की उपस्थिति के बारे में भी जानकारी ली। मरीजों के इलाज में इस्तेमाल हो रही विभिन्न आधुनिक मशीनों के बारे में भी जानकारी ली। कहा कि अस्पताल में यह व्यवस्था भी सुनिश्चित किया जाए कि मरीजों को बेवजह घूमना ना पड़े। एक ही स्थान पर मरीज अधिक से अधिक लाभ लें।
भाजपा में शामिल होने का सिलसिला लगातार जारी- महेंद्र भट्ट..
उत्तराखंड: लोकसभा चुनावों में एकतरफा जीत के लक्ष्य के साथ, राजनैतिक व सामाजिक कार्यकर्ताओं का भाजपा में शामिल होने का सिलसिला लगातार जारी है। मुख्यालय में आयोजित इस कार्यक्रम में पार्टी का दामन संभालने वाले वालों में कांग्रेस चिकित्सा प्रकोष्ठ के प्रदेश अध्यक्ष, महिला कांग्रेस की प्रदेश महामंत्री समेत बड़ी संख्या में ग्राम प्रधान व सामाजिक कार्यकर्ता के नाम शामिल थे।
प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट ने काशीपुर, जसपुर समेत विभिन्न क्षेत्रों से आये लोगों को पार्टी की सदस्यता दिलाते हुए कहा, आप सही समय पर सही जगह आए हैं। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी एवं मुख्यमंत्री पुष्कर धामी के नेतृत्व में देश व प्रदेश तीव्र गति से विकास पथ पर आगे बढ़ रहा है ऐसे में राजनीति के माध्यम से राष्ट्र सेवा के लिए भाजपा से सही विकल्प कोई हो नही सकता।
आप लोगों का पार्टी में शामिल होने का समय भी सही है क्योंकि इस समय मोदी सरकार के 9 सालों की उपलब्धियों को जन जन तक पहुंचाने के लिए पार्टी द्वारा महा जनसंपर्क अभियान चलाया जा रहा है। लिहाज़ा आपसे भी अपील है कि भारत के स्वर्णिम कल के लिए मात्र 10 दिन आप इस अभियान में मोदी जी के लिए दें । आज प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में तरक्की के मार्ग पर आगे बढ़ते हुए, प्रत्येक देशवासी का स्वाभिमान बढ़ा है साथ ही दुनिया में देश का सम्मान भी शीर्ष की और बढ़ रहा है । लिहाज़ा अब हम सबको मिलकर मोदी जी को 2024 में पुनः प्रधानमंत्री बनाने के लिए आगे बढ़ना है।
कार्यक्रम का संचालन करते हुए प्रदेश महामंत्री आदित्य कोठारी ने कहा, भट्ट जी के प्रदेश अध्यक्ष बनने के बाद से पार्टी में शामिल होने का अंतहीन श्रृंखला जारी है । इस मौके पर टिहरी सांसद महारानी माला राज्य लक्ष्मी शाह ने सभी लोगों का स्वागत करते हुए उन्हें भाजपा परिवार का सदस्य बनने पर बधाई दी। इस मौके पर श्रीमती मधु भट्ट, सुभाष बड़थ्वाल, राजेन्द्र नेगी समेत अनेक पार्टी पदाधिकारी मौजूद थे।
पार्टी में शामिल होने वाले प्रमुख नामों में शामिल हैं डॉक्टर एमपी सिंह प्रदेश अध्यक्ष कॉंग्रेस चिकित्सा प्रकोष्ठ उत्तराखंड, श्रीमती रीना सिंघल प्रदेश महामंत्री महिला प्रकोष्ठ कांग्रेस, दयाराम शर्मा नगर उपाध्यक्ष, उपेंद्र शर्मा पूर्व मंडी अध्यक्ष जसपुर, तरुण पंत पूर्व छात्रसंघ अध्यक्ष, योगेश पंत संरक्षक भद्रकाली मंदिर बागेश्वर, देवी सिंह, महेंद्र शर्मा, दौलत सिंह, फखरुद्दीन ग्राम प्रधान, शाहनवाज अहमद ग्राम प्रधान, नवीन चंद्र पांडे, बलवंत लाल एडवोकेट, प्रदीप कुमार एडवोकेट, डॉक्टर करलीकेश सिंह, कपिल कुमार, नरेश कुमार, शाहिद हुसैन, महेंद्र शर्मा।
केदारनाथ मंदिर के गर्भ गृह में नोटों की बारिश, पढ़िए पूरी खबर..
उत्तराखंड: श्री केदारनाथ धाम के गर्भ गृह में एक महिला द्वारा रूपए बरसाए जाने संबंधी वीडियो का संज्ञान लेते हुए श्री बद्रीनाथ-केदारनाथ मंदिर समिति(बीकेटीसी) के अध्यक्ष अजेंद्र अजय ने कड़ी नाराजगी जताई है, उन्होंने इस संबंध में अधिकारियों से स्पष्टीकरण तलब किया है और प्रकरण में तत्काल सख्त कार्रवाई करने के निर्देश दिए हैं।
बद्रीनाथ-केदारनाथ मंदिर समिति के मीडिया प्रभारी से मिली जानकारी के अनुसार इस संबंध में रूद्रप्रयाग के जिलाधिकारी तथा पुलिस अधीक्षक से भी बात करके दोषियों के विरूद्ध अविलंब कार्रवाई करने को कहा है। मंदिर समिति के मुख्य कार्य अधिकारी योगेंद्र सिंह का कहना है कि इस मामले की जांच की जा रही है तथा महिला के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। उनका कहना हैं कि मंदिर के अंदर मोबाइल के प्रवेश पर पूर्ण रूप से प्रतिबंध लगाने पर भी विचार किया जा रहा है।
जौलीग्रांट एयरपोर्ट पर बन रहे चार एयरोब्रिज..
विमान से सीधे टर्मिनल तक आवाजाही कर सकेंगे यात्री..
उत्तराखंड: देहरादून से हवाई यात्रा करने वाले यात्रियों को बड़ी राहत मिलने वाली है। दरअसल एयरपोर्ट पर चार एयरोब्रिज बनाए जा रहे हैं। जिसका निर्माण कार्य तेजी से चल रहा है। उम्मीद है कि दिसंबर तक चारों एयरब्रिज बनकर तैयार हो जाएंगे। इससे यात्री बिना परेशानी विमान से टर्मिनल तक आवाजाही कर सकेंगे। आपको बता दे कि वर्तमान में जौलीग्रांट एयरपोर्ट पर एक भी एयरोब्रिज नहीं है।
ऐसे में यात्रियों को विमान से टर्मिनल तक आने-जाने के लिए बस या पैदल ही आवाजाही करनी पड़ती है। इससे धूप और बारिश में यात्रियों को काफी परेशानी होती है। जिसे देखते हुए जौलीग्रांट एयरपोर्ट पर एक साथ चार एयरोब्रिज बनने का काम शुरू हुआ था। इनके तैयार होने के बाद यात्रियों की यह परेशानी दूर हो जाएगी।
इन दिनों एयरपोर्ट के विस्तारीकरण का कार्य जोरों पर है। इस के तहत 460 करोड़ की लागत से कुल 42776 वर्ग मीटर जगह में एयरपोर्ट का नया टर्मिनल बनाया जा रहा है। इसका काफी काम पूरा हो चुका है और 28729 वर्ग मीटर हिस्से पर ऑपरेशन भी शुरू किया जा चुके हैं। वहीं टर्मिनल के साथ ही चारों एयरोब्रिज बनाने का कार्य भी तेजी से किया जा रहा है। इसके अलावा एयरपोर्ट पर दस छोटे व दस बड़े विमानों की पार्किंग बनाने का कार्य भी तेजी से किया जा रहा है।
कैसे काम करता है एयरोब्रिज..
एयरोब्रिज द्वारा हवाई यात्री बिना ग्राउंड पर जाए टर्मिनल से सीधे विमान के अंदर जा सकेंगे और विमान से सीधे टर्मिनल तक आ सकेंगे। एक साथ चार एयरोब्रिज बनने के बाद एयरपोर्ट पर खड़े चार विमानों से यात्री सीधे टर्मिनल के बीच आवाजाही कर सकेंगे। इससे समय की भी बचत होगी और यात्रियों को धूप या बारिश की परेशानी भी नहीं होगी।
एयरोब्रिज सिर्फ बोइंग या एयरबस (बड़े विमानों) तक आवाजाही सुनिश्चत करेगा। एटीआर (छोटे विमानों) के लिए एयरोब्रिज कार्य नहीं करेगा। ऐसे में इनके लिए पहले जैसी व्यवस्था रहेगी। देश के चुनिंदा एयरपोर्ट पर ही एयरोब्रिज की सुविधा है।
भूमि अधिग्रहण के बाद लगेगी कैट-वन एप्रोच लाइट..
एयरपोर्ट पर कैट वन एप्रोच लाइट लगाने के लिए प्रयास तेज कर दिए गए हैं। इसके लिए चोर पुलिया की तरफ से अठूरवाला और जौलीग्रांट की 1.9780 हेक्टयर जमीन के अधिग्रहण की प्रक्रिया अंतिम चरण में है। इस जमीन के 0.0800 हेक्टयर पर जौलीग्रांट के लोगों को रास्ता दिया जाएगा।
शेष जमीन पर कैट वन एप्रोच लाइट लगाई जाएंगी। इन लाइटों के लगने के बाद कम दृश्यता और खराब मौसम में भी विमान आसानी से लैंड कर सकेंगे। फिलहाल इंस्ट्रूमेंट लैंडिंग सिस्टम (आईएलएस), पॉथ इंडिकेटर और दूसरे उपकरणों की मदद से प्लेन लैंड हो रहे हैं।
उत्तराखंड के पहाड़ी जिलों में बारिश का येलो और ऑरेंज अलर्ट जारी..
उत्तराखंड: प्रदेश में मौसम का मिजाज बदलने वाला है। मौसम विभाग ने पहाड़ी जिलों के लिए येलो और ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। पर्वतीय जिलों में 17 से 20 जून तक बारिश का येलो और ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है।मौसम विभाग ने पहाड़ी जिलों के लिए बारिश का अलर्ट जारी किया है। शनिवार को प्रदेश के पर्वतीय जिलों में कहीं-कहीं हल्की बारिश के आसार हैं। इसके अलावा पहाड़ी जिलों में बारिश होने के साथ ही गर्जना के साथ झोंकेदार हवाएं भी चल सकती हैं।
मौसम विभाग ने जारी किया येलो और आरेंज अलर्ट..
प्रदेश में आकाशीय बिजली चमकने के लिए और 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवा चलने का मौसम विभाग ने येलो अलर्ट जारी किया है।मौसम विज्ञान केंद्र के निदेशक बिक्रम सिंह का कहना हैं कि कुछ पर्वतीय जिलों में बारिश की संभावना है।
जिसके चलते 17 से 20 जून तक बारिश का येलो और ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। बीते कुछ दिनों से प्रदेश के मैदानी इलाकों में तापमान में बढ़ोतरी हो रही थी। जिसके चलते पहाड़ों पर भी गर्मी बढ़ रही थी। लेकिन बीते दिनों पहाड़ों पर मौसम बदलने के कारण मैदानी इलाकों के तापमान में स्थिरता देखने को मिल रही है। मौसम विज्ञान केंद्र के निदेशक बिक्रम सिंह ने कहा कि बीते तीन दिनों में राजधानी दून में अधिकतम तापमान 38 डिग्री से नीचे दर्ज किया गया है।
इन इलाकों में कल से दो दिन तक नहीं आएगा पानी..
उत्तराखंड: हल्द्वानी के कई इलाकों में अगले दो दिन तक पानी नहीं आएगा। जिससे लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ सकता है । ऐसे में आम जन परेशानी से बचने के लिए इंतजाम कर लें। हालांकि इस दौरान जल संस्थान टैंकरों से पेयजल आपूर्ति करेगा। जानकारी के अनुसार शीशमहल, डिग्री कालेज, नबावी रोड, बद्रीपुरा, मल्ला गोरखपुर, बाजार क्षेत्र, रामपुर रोड, कालाढूंगी रोड, बरेली रोड, राजपुरा, रेलवे बाजार आदि समीपवर्ती क्षेत्रों में 17 जून की सुबह से 18 जून की शाम तक इन क्षेत्रों में पानी नहीं आएगा।
इसलिए इन क्षेत्रों के निवासी दो दिन के लिए समुचित रूप से पानी का भंडारण करके रख सकते हैं। बताया जा रहा है कि नैनीताल रोड में वाकवे माल के समीप देवखड़ी नाले की सफाई व पुनर्निर्माण कार्य के अंतर्गत जल संस्थान की मुख्य एवं वितरण पाइपलाइन शिफ्ट की जाएगी। नई बिछाई जा रही पाइपलाइन में इंटरकनेक्शन कार्य पूर्ण होने के बाद 18 जून की शाम को सप्लाई चालू करने का प्रयास किया जाएगा। ऐसे में जनता से सहयोग की अपील की है।
रोडवेज स्टेशन के समीप रानीखेत रोड पर बस ने स्कूटी सवार को कुचला, दो की मौत..
उत्तराखंड: प्रदेश में सड़क हादसे थमने का नाम नहीं ले रहे हैं। यात्रा सीजन के चलते हर दिन हादसों की सूचनाएं मिल रही हैं। शुक्रवार को एक बार फिर बड़े हादसे की खबर है रामनगर के रोडवेज स्टेशन के समीप रानीखेत रोड पर अनियंत्रित बस ने स्कूटी सवार दो लोगों को कुचल डाला। हादसे में दोनों स्कूटी सवार की मौत हो गई।
जानकारी के अनुसार रोडवेज स्टेशन के समीप रानीखेत रोड पर बड़ा सड़क हादसा हुआ है। एक प्राइवेट बस के द्वारा स्कूटी सवार दो लोगों को कुचल दिया गया, अस्पताल ले जाते वक्त दोनों की मौत हो गई हैं। इतना ही बस ने स्विफ्ट डिज़ायर कार को भी टक्कर कार दी। घटना की सूचना मिलने पर पुलिस घटनास्थल पर पहुंची है और घटना की छानबीन शुरू कर दी है।
उत्तराखंड में शिक्षा विभाग में इन पदों पर होने वाली है बंपर भर्ती..
उत्तराखंड: प्रदेश के युवाओं के लिए शिक्षा विभाग में भर्ती को लेकर बड़ा अपडेट सामने आ रहा है। बताया जा रहा है कि विभाग में कई पदों पर जल्द ही भर्ती होने वाली है। ये भर्ती बीआरपी और सीआरपी के 955 पदों पर की जाएगी। जानकारी के अनुसार शिक्षा विभाग में बीआरपी के 255 जबकि सीआरपी के 670 पदों पर भर्ती होनी हैं।
कानूनी पेच व विभागीय विवादों के चलते कई वर्षों से इन पदों पर नियुक्तियां अटकी हुई थी। लेकिन अब इन पदों पर भर्ती के लिए सरकार ने शिक्षा विभाग को ब्लॉक और संकुल संदर्भ व्यक्ति (बीआरपी–सीआरपी) की आउटसोर्स आधार पर नियुक्ति को अपनी मंजूरी दे दी है।
बताया जा रहा है कि बीआरपी- सीआरपी की नियुक्ति में पात्रता और अनुभव के कड़े मानक तय किए जा रहे हैं। इनकी जिम्मेदारी बेसिक और जूनियर स्तर पर शिक्षण में मदद की होगी। आउटसोर्स के माध्यम से नियुक्त होने वाले कार्मिकों की सेवा अवधि केवल परियोजना की अवधि तक ही होगी। योजना समाप्त होने पर उनकी सेवाएं स्वतः ही समाप्त हो जाएगी।
श्रीनगर गढ़वाल की स्नेहा नेगी ISRO में बनी वैज्ञानिक..
उत्तराखंड: अपनी प्रतिभा के दम पर देवभूमि उत्तराखंड की बेटियां हर क्षेत्र में अपना लोहा मनवा रही हैं। सेना, खेल, थिएटर, प्रशासनिक पदों में अग्रणी रहकर ये बेटियां देवभूमि का नाम रोशन कर रही हैं। अब एक और बेटी ने उत्तराखंड का नाम रोशन किया है। श्रीनगर गढ़वाल की रहने वाली स्नेहा नेगी ने बड़ा मुकाम हासिल किया है। स्नेहा नेगी भारतीय अंतरिक्ष अनुसंधान संस्थान यानी इसरो में वैज्ञानिक बनी है। स्नेहा की उपलब्धि से परिवार में खुशी का माहौल है। स्नेहा के घर पर बधाई देने वालों का तांता लगा है।
आपको बता दे कि स्नेहा नेगी का परिवार मूलरूप से रुद्रप्रयाग जिले का रहने वाला है। स्नेहा ने भारतीय अंतरिक्ष अनुसंधान संस्थान में कंप्यूटर साइंस से संबंधित वैज्ञानिकों के पदों के लिए भर्ती में भाग लिया था, इस भर्ती का परिणाम आ गया है और इसमें स्नेहा को सफलता मिली है। स्नेहा नेगी ने सरस्वती विद्या मंदिर श्रीकोट से अपनी पढ़ाई की। हाल में उनका परिवार श्रीकोट में रहता है। उन्होंने यही से बीटेक और एमटेक की पढ़ाई पूरी की थी। इसके बाद उन्होंने 2021 में ऑल इंडिया गेट एक्जाम में 80वीं रैंक हासिल की। अब वो इसरो में वैज्ञानिक बन गयी है।
इंडिगो फ्लाइट की लैंडिंग के दौरान टला बड़ा हादसा.
जमीन से टकराया विमान का पिछला हिस्सा..
देश-विदेश: रविवार को इंडिगो का एक विमान बड़े हादसे का शिकार होने से बच गया। दरअसल दिल्ली एयरपोर्ट पर लैंडिंग के दौरान इंडिगो के विमान का पिछला हिस्सा जमीन से टकरा गया। गनीमत ये रही कि हादसे में ज्यादा नुकसान नहीं हुआ। डीजीसीए ने एक बयान जारी कर इसकी जानकारी दी है। डीजीसीए ने कहा है कि हादसे के बाद विमान की उड़ान पर रोक लगा दी गई है और घटना की जांच की जा रही है।
घटना 11 जून की है। डीजीसीए ने बताया कि इंडिगो का विमान A321-252NX (Neo) एयरक्राफ्ट फ्लाइट संख्या- 6ई-6183 की उड़ान पर कोलकाता से दिल्ली आ रहा था। दिल्ली में लैंडिंग के दौरान विमान का पिछला हिस्सा जमीन से टकरा गया। घटना दिल्ली एयरपोर्ट के रनवे 27 पर हुई। विमान के क्रू के सदस्यों को लैंडिंग में कुछ गड़बड़ी महसूस हुई तो लैंडिंग के बाद विमान की जांच की गई, जिसमें विमान के पिछले हिस्से की जमीन से टक्कर होने का पता चला। इसके बाद डीजीसीए ने कार्रवाई करते हुए विमान के क्रू के सदस्यों के उड़ान पर जाने से रोक लगा दी है और घटना की जांच की जा रही है।
शनिवार को एक अन्य मामले में इंडिगो की फ्लाइट खराब मौसम के कारण रास्ता भटककर पाकिस्तान के एयरस्पेस में दाखिल हो गई थी। जानकारी के अनुसार अमृतसर से अहमदाबाद जा रही इंडिगो एयरलाइन की एक फ्लाइट पाकिस्तान के गुंजरावाला तक पहुंच गई थी। हालांकि रास्ता भटकने के बावजूद फ्लाइट सुरक्षित अहमदाबाद में उतर गई। विमान के पाकिस्तानी एयरस्पेस में जाने के चलते अमृतसर एटीसी लगातार पाकिस्तानी एजेंसियों के संपर्क में रही और विमान की सुरक्षित वापसी कराई।
