मकर संक्रांति पर खुले आदि बद्री मंदिर के कपाट, सात दिवसीय मेले का भी हुआ शुभारंभ..
उत्तराखंड: आदिबदरी मंदिर के कपाट पौष माह में एक महीने बंद रहने के बाद मकर संक्रांति पर खोल दिए गए हैं। ब्रह्ममुहूर्त में वैदिक मंत्रोच्चार व धार्मिक रीति रिवाज के साथ श्रद्धलुओं के दर्शनों के लिए मंदिर के कपाट खुले। मंदिर को भव्य ढंग से सजाया गया है। मंदिर के कपाट खुलने के साथ ही यहां महाभिषेक समारोह के साथ सात दिवसीय शीतकालीन पर्यटन एवं सांस्कृतिक विकास मेला शुरू हो गया है। कपाट खुलने के अवसर पर सैकड़ों भक्तों ने भगवान के पुण्य दर्शन कर आशीर्वाद लिया।
लैंसडौन एरिया में अनियंत्रित होकर खाई में गिरी कार..
उत्तराखंड: कोटद्वार से सड़क हादसे की खबर सामने आ रही है। पुलिस द्वारा दी जानकारी के अनुसार सतपुली से लगभग एक किमी आगे एक कार अनियंत्रित होकर 200 मीटर गहरी खाई में जा गिरी। बताया जा रहा है हादसे के दौरान कार में तीन लोग सवार थे। तीनों को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। बता दे कि हादसा मंगलवार सुबह का है। कार गुमखाल से आगे बैंड पर अनियंत्रित होकर गहरी खाई में जा गिरी। राहगीरों ने हादसे की सूचना पुलिस को दी। सूचना पाकर पुलिस की टीम तत्काल मौके पर पहुंची। SDRF के जवानों ने तीनों घायलों को खाई से बाहर निकालकर एम्बुलेंस की मदद से अस्पताल पहुंचाया। बताया जा रहा है तीनों लोग एक शादी समारोह में शामिल होने जा रहे थे। इससे पहले ही हादसा हो गया। घायलों की पहचान विनोद शर्मा पुत्र शांति लाल निवासी गाजियाबाद, दीवान सिंह रावत पुत्र पतम सिंह निवासी पौड़ी, अवतार सिंह रावत पुत्र कृपाल सिंह निवासी पौड़ी के रूप में हुई।
सीएम धामी ने लांच किया ऑनलाइन आरटीआई पोर्टल..
उत्तराखंड: राज्य सूचना आयोग में अब अपील और शिकायतों के पंजीकरण के लिए चक्कर नहीं काटने पड़ेंगे। प्रदेश के दूरस्थ क्षेत्रों के लोग भी घर बैठे शिकायतों का पंजीकरण कराने के साथ ही अपील में भी शामिल हो सकेंगे। सीएम धामी का कहना हैं कि ऑनलाइन आरटीआई पोर्टल से लोगों का काफी मदद मिलेगी। अपीलों की सुनवाई में आने-जाने में समय बचेगा। सूचना का अधिकार एक्ट से लोगों की ओर से शासन-प्रशासन से संबंधित अपनी व्यक्तिगत व सामुदायिक कठिनाइयों का निराकरण करने में और आसानी हो जाती है। कहा, आज शुरू की गई ऑनलाइन सुविधाओं का सबसे अधिक लाभ राज्य के दूरस्थ एवं पर्वतीय क्षेत्रों के निवासियों को प्राप्त होगा।
उनका कहना हैं कि उन्हें सूचना का अधिकार अधिनियम के तहत आवेदन एवं प्रथम अपील ऑनलाइन रूप से करने की सुविधा प्राप्त होने के साथ-साथ द्वितीय अपील में भी अपने स्थान से ही शामिल होने की सुविधा मिलेगी। उन्होंने आशा जताई कि जनसामान्य की ओर से इन सुविधाओं का अधिक से अधिक लाभ उठाया जाएगा। मुख्य सूचना आयुक्त अनिल चंद्र पुनेठा ने कहा कि द्वितीय अपीलों एवं शिकायतों के ऑनलाइन पंजीकरण तथा हाईब्रिड मोड से सुनवाई में भाग लेने की दोनों सुविधा तत्काल जनसामान्य के लिए उपलब्ध करा दी गई। पोर्टल में समस्त विभागों के लोक सूचना अधिकारियों और प्रथम अपीलीय अधिकारियों की आईडी तैयार की जाएगी।
अधिकारियों को पोर्टल पर कार्य का प्रशिक्षण दिया जाएगा। जल्द ही पोर्टल से जनसामान्य की ओर से सूचना आवेदनपत्र, आवेदन शुल्क व प्रथम अपील को ऑनलाइन रूप से भी प्रेषित किया जा सकेगा। कहा, दिसंबर 2023 में आयोग ने 521 सुनवाई करते हुए 299 वादों को निस्तारित किया। जनवरी 2022 से दिसंबर 2023 तक की अवधि में आयोग ने 11,037 सुनवाई से 6735 वादों का निस्तारण किया।
टीजीटी के 5 हजार से ज्यादा पदों पर निकली भर्ती..
देश-विदेश: शिक्षक भर्ती की तैयारी कर रहे युवाओं के लिए डीएसएसएसबी टीजीटी भर्ती 2024 की कवायद शुरू हो गई है। डीएसएसएसबी टीजीटी भर्ती 2024 का नोटिफिकेशन जारी किया गया है। इसके तहत पांच हजार से ज्यादा पदों पर भर्ती होने है। जिसके लिए अगले माह से आवेदन प्रक्रिया शुरू हो जाएगी। इच्छुक उम्मीदवार 8 फरवरी 2024 से अंतिम तिथि 8 मार्च 2024 तक आवेदन कर सकते है।
जानकारी के अनुसार टीजीटी के कुल 5118 पदों पर नियुक्तियां की जाएंगी। इस भर्ती के लिए अभ्यर्थी मान्यता प्राप्त यूनिवर्सिटी से संबंधित विषय में ग्रेजुएट और बीएड किए होने चाहिए। इस भर्ती के लिए न्यूनतम आयु 18 वर्ष और अधिकतम आयु 30 वर्ष तक रखी गई है। इस भर्ती के लिए आरक्षित वर्ग के अभ्यर्थियों को भारत सरकार के नियमों के मुताबिक आयु सीमा में छूट भी दी जाएगी। वहीं चयन प्रक्रिया की बात करें तो उम्मीदवार का चयन लिखित एग्जाम, डॉक्यूमेंट्स वेरिफिकेशन और मेडिकल एग्जाम के बाद किया जाएगा। वहीं बताया जा रहा है कि इस भर्ती के लिए आवेदन करने के लिए सामान्य, ओबीसी और ईडब्ल्यूएस वर्ग के लिए आवेदन शुल्क 100 रुपए रखा गया है। जबकि अनुसूचित जाति, अनुसूचित जनजाति, पीडब्ल्यूडी, महिलाओं के लिए आवेदन निशुल्क रखा गया है।
उत्तराखंड में UCC को लेकर मिली बड़ी खबर..
उत्तराखंड: यूसीसी (समान नागरिक संहिता) को लेकर सीएम पुष्कर सिंह धामी का बड़ा बयान सामने आया है। सीएम धामी का कहना है कि ड्राफ्ट कमेटी ने अपना कार्य पूरा कर लिया है। आपको बता दें समान नागरिक संहिता का ड्राफ्ट तैयार करने वाली समिति का कार्यकाल 22 जनवरी को पूरा हो रहा है। सीएम धामी का कहना है कि ड्राफ्ट कमेटी ने अपना कार्य पूरा कर लिया है। कार्यकाल खत्म होने से पहले समिति अपनी रिपोर्ट सरकार को सौंप देगी। जिसके बाद यूसीसी को लागू कर दिया जाएगा। बता दे कि इससे पहले सितम्बर माह 2023 में कमेटी का कार्यकाल पूरा हो रहा था। लेकिन समिति ने उस समय रिपोर्ट तैयार नहीं की थी। जिस वजह से धामी सरकार ने समिति के कार्यकाल को चार महीने के लिए बढ़ा दिया था। उत्तराखंड में समान नागरिक संहिता लागू करना प्रदेश सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता में शामिल है। इस वजह से सरकार के लिए इस समय सबसे अहम प्रदेश में यूसीसी लागू करना है। अब माना जा रहा है कि इस महीने के आखिर तक यूसीसी को लागू कर दिया जाएगा।
आज से शुरु हुआ राम मंदिर का अनुष्ठान, 11 यजमान 45 नियमों का करेंगे पालन..
उत्तराखंड: मकर सक्रांति पर्व से राम मंदिर की प्राण प्रतिष्ठा से जुड़े अनुष्ठान, यम, नियम और संयम की भी शुरुआत हो जाएगी। आठ दिन तक सभी 11 यजमान 45 नियमों का पालन करते हुए कठिन तपस्या से गुजरेंगे। इसमें प्रायश्चित, गोदान, दशविध स्नान, प्रायश्चित क्षौर और पंचगव्यप्राशन भी किया जाएगा। इन नियमों का पालन करते हुए यजमान दंपती इस अनूठे धार्मिक अनुष्ठान को संपन्न करने योग्य बनेंगे। 22 जनवरी को प्राण प्रतिष्ठा के साथ ही यजमानों का संकल्प और अनुष्ठान भी पूरा होगा। प्राण प्रतिष्ठा समारोह में 11 दंपति बतौर यजमान शामिल होंगे। सोमवार को सूर्य की राशि परिवर्तन के साथ ही प्रथम स्नान कर सभी यजमान आठ दिवसीय अनुष्ठान का संकल्प लेंगे। श्री राम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट की ओर से सभी यजमानों को 45 विधि-विधान और नियमावली उपलब्ध कराई गई है।
आठ दिनों तक 45 नियमों का पालन..
जानकारी के अनुसार यजमानों को आठ दिनों तक 45 नियमों का सख्ती से पालन करने का संकल्प दिलाया जाएगा। नियमित पूजन, संध्या के साथ ही आहार-विहार सात्विक रखते हुए अनवरत राम-नाम का जप करना होगा। 22 जनवरी को 84 सेंकेड के अभिजीत मुहूर्त में होने वाले समारोह मे पूरी तरह से सनातनी व वैदिक परंपराओं का पालन होगा।
22 जनवरी को उत्तराखंड में नहीं खुलेंगी शराब की दुकानें- सीएम धामी ने दिए ये निर्देश..
उत्तराखंड: प्रदेश सरकार ने 22 जनवरी को अयोध्या में रामलला की प्राण प्रतिष्ठा वाले दिन प्रदेश में शराब की दुकानें नहीं खुलेंगी। सीएम पुष्कर सिंह धामी ने जिलाधिकारियों को इस दिन ड्राइ डे घोषित करने के निर्देश दिए। उनका कहना हैं कि 14 से 22 जनवरी तक सांस्कृतिक उत्सव के तहत प्रदेश में भव्य आयोजन होंगे। इन कार्यक्रमों में जनभागीदारी होगी। राज्य सचिवालय में जिलाधिकारियों से वर्चुअल बैठक में सीएम ने सभी प्रमुख मंदिरों, घाटों, प्रतिष्ठानों, शहरों में बड़े स्तर पर स्वच्छता अभियान चलाने के निर्देश दिए। कहा, यह कार्यक्रम केवल सरकारी कार्यक्रम तक सीमित न रहे। इसमें महिला मंगल दल, युवक मंगल दल, स्वयं सहायता समूहों, सामाजिक संगठनों और आम जन की सहभागिता से दीपोत्सव, रामचरितमानस पाठ, भजन-कीर्तन, प्रसाद वितरण, स्वच्छता कार्यक्रम चलाए जाएं। कहा, 22 जनवरी को सभी प्रमुख मंदिरों, गुरुद्वारों में प्रसाद वितरण किया जाए। जनसहभागिता से गरीबों तक प्रसाद वितरण की व्यवस्था की जाए।
प्रसाद के रूप में उत्तराखंड के मिलेट्स को अधिक से अधिक शामिल किया जाए। सभी घरों में दीपोत्सव मनाने के लिए लोगों को प्रेरित किया जाए। भगवान सूर्य उत्तरायण में प्रवेश कर रहे हैं। इस शुभ अवसर पर अयोध्या में रामलला की प्राण प्रतिष्ठा हो रही है। पूरे प्रदेश में इस अवसर को दीपावली के उत्सव की भांति मनाया जाएगा।
कार्यक्रमों में नवाचार हो, बेस्ट जिला सम्मानित हो..
14 से 22 जनवरी तक जिलों में कई सांस्कृतिक और धार्मिक कार्यक्रमों के आयोजन किए जाएं। प्रमुख घाटों पर आरती, राम भजन, कलश यात्रा, वॉल पेंटिंग, कार्यालयों में लाइटिंग और स्वच्छता पर विशेष ध्यान दिया जाए। इन कार्यक्रमों में नवाचार हो। सबसे अच्छा कार्यक्रम करने वाला जिला सम्मानित हो। मुख्यमंत्री ने कहा, सभी विभाग भी अपने स्तर से इस उपलक्ष्य में कार्यक्रम करें। वृद्धाश्रमों, नारी निकेतन, कुष्ठाश्रम, अनाथालयों, अस्पतालों में भी सांस्कृतिक उत्सव के तहत कार्यक्रम हों।
कहां क्या होंगे कार्यक्रम..
रघुनाथ मंदिर, देवप्रयाग, पिथौरागढ़ में रामेश्वर एवं पंचेश्वर मंदिर में, चंपावत के छतार स्थित राम मंदिर एवं शारदा घाट में भी कार्यक्रमों होंगे। बागेश्वर में उत्तरायणी कौथिक में राम मंदिर थीम पर झांकियां निकलेंगी। अल्मोड़ा में कटारमल में मुख्य कार्यक्रम होगा। चमोली में प्रयागों और पंचबद्री में कार्यक्रम होंगे। नैनीताल में कैंची धाम और नैना देवी मंदिर में भी कार्यक्रम होंगे।
तेलंगाना में 40 यात्रियों से सवार बस में लगी भीषण आग, एक की मौत..
देश-विदेश: तेलंगाना के जोगुलम्बा गडवाल जिले में शनिवार सुबह बड़ा हादसा हो गया। यहां एक निजी बस में आग लगने से एक महिला जिंदा जल गई और चार अन्य यात्री घायल हो गए। यह घटना हैदराबाद-बेंगलुरु राष्ट्रीय राजमार्ग पर एर्रावल्ली चौराहे के पास देर रात करीब 2.30 पर हुई। बताया जा रहा है कि हैदराबाद से चित्तूर जा रही एक निजी ट्रैवल कंपनी की वोल्वो बस पलट गई और उसमें आग लग गई। बस में 40-50 यात्री सवार थे। जब बस में आग लगी तो लगभग सभी यात्री खिड़कियों के शीशे तोड़कर बाहर कूद गए।
आग की लपटों में फंसी महिला..
हालांकि एक महिला आग की लपटों में फंस गई और जलकर मर गई। हादसे में चार यात्री भी घायल हो गए। उनमें से तीन को गडवाल के एक अस्पताल में भर्ती कराया गया, जबकि चौथे को हैदराबाद स्थानांतरित किया गया है। सूचना मिलने पर दमकल की एक गाड़ी मौके पर पहुंची और आग पर काबू पाया। बस पूरी तरह जलकर खाक हो गई। पुलिस को संदेह है कि ड्राइवर को गाड़ी चलाते समय नींद आ गई जिसके कारण यह दुर्घटना हुई। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरु कर दी है।
14 से 22 जनवरी तक उत्तराखंड में आयोजित होंगे सांस्कृतिक उत्सव..
उत्तराखंड: 22 जनवरी को अयोध्या में रामलला विराजमान होंगे। जिसे लेकर उत्तराखंड में 14 से 22 जनवरी तक सांस्कृतिक उत्सव आयोजित किए जाएंगे। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने शुक्रवार को सचिवालय से सभी जिलाधिकारियों के साथ वर्चुअल बैठक कर इसके निर्देश दिए हैं। सीएम धामी का कहना हैं कि 22 जनवरी को अयोध्या में रामलला की प्राण प्रतिष्ठा होगी। सभी जनपदों में मंदिरों, घाटों, प्रतिष्ठानों, शहरों में बड़े स्तर पर स्वच्छता अभियान चलाया जाए। सभी जिलाधिकारी यह सुनिश्चित करें कि यह कार्यक्रम केवल सरकारी कार्यक्रम तक सीमित न रहे। इसमें महिला मंगल दल, युवक मंगल दल स्वयं सहायता समूहों, सामाजिक संगठनों और आम जन की सहभागिता से दीपोत्सव, रामचरितमानस पाठ, भजन-कीर्तन, प्रसाद वितरण, स्वच्छता कार्यक्रम चलाए जाएं।
सीएम ने कहा 22 जनवरी को सभी प्रमुख मंदिरों, गुरुद्वारों में प्रसाद वितरण किया जाए। जन सहभागिता से गरीबों तक प्रसाद वितरण की व्यवस्था की जाए। प्रसाद के रूप में उत्तराखंड के मिलेट्स को अधिक से अधिक शामिल किया जाए। सीएम ने कहा कि 22 जनवरी को सभी घरों में दीपोत्सव मनाने के लिए लोगों को प्रेरित किया जाए। इस दिन को पूरे प्रदेश में दीपावली के उत्सव की तरह मनाया जाएगा। सीएम ने सभी डीएम को निर्देश दिए कि 14 से 22 जनवरी तक जनपदों में विभिन्न सांस्कृतिक और धार्मिक कार्यक्रमों के आयोजन किये जाएं। प्रमुख घाटों पर आरती, राम भजन, कलश यात्रा, वॉल पेंटिंग, कार्यालयों में लाइटिंग और स्वच्छता पर विशेष ध्यान दिया जाए। सबसे अच्छा कार्यक्रम करने वाले जनपद को सम्मानित भी किया जाएगा। 22 जनवरी को राज्य में ड्राई डे घोषित किया जाए। इसके साथ ही वृद्धाश्रमों, नारी निकेतन, कुष्ठाश्रम, अनाथालयों, अस्पतालों में भी सांस्कृतिक उत्सव के तहत कार्यक्रम आयोजित किए जाएं।
उत्तराखंड में विजिलेंस की बड़ी कार्रवाई, रिश्वत लेते रंगेहाथ पीआरडी जवान गिरफ्तार..
उत्तराखंड: प्रदेश में लगातार भ्रष्टाचार के विरूद्ध कार्यवाही की जा रही है। एक बार फिर विजिलेंस टीम ने बड़ी कार्रवाई की है। बताया जा रहा है कि विजिलेंस की टीम ने हरिद्वार में एक पीआरडी जवान को रिश्वत लेते रंगेहाथ गिरफ्तार किया है। मामला हरिद्वार के बहादराबाद की शांतरशाह चौकी का बताया जा रहा है। यहां मारपीट के मामले में एफआर लगाने के नाम पर रिश्वत लेने के मामले में कार्रवाई की गई है। वहीं आरोपी दरोगा फरार हो गया। जिसकी तलाश की जा रही है।
जानकारी के अनुसार शिकायतकर्ता ने सतर्कता अधिष्ठान के टोल फ्री हेल्प लाईन न० 1064 पर शिकायत अंकित करायी गयी कि उसके गाँव की रहने वाली महिला द्वारा दिनांक 02- 09-2023 को थाना बहादराबाद जनपद हरिद्वार में उसके व 13 अन्य लोगों के विरुद्ध मारपीट का मुकदमा दर्ज कराया था जिसकी विवेचना शांतरशाह चौकी में तैनात विवेचक एस०आई० पंकज कुमार कर रहे है, दरोगा जी द्वारा मुकदमें में बड़ी धारा लगा कर जेल भेजने का डर दिखाकर बार-बार सेवा करने के नाम पर रिश्वत की मांग कर रहे। जिसमें कुछ समय पहले जरूरी खर्च बताकर 20,000 रु0 ने चुके है।, यह फिर से 30-40 हजार रुपये की माँग मुकदमा खत्म करने की एवज में रिश्वत के रुप में मांग कर रहे है। शिकायतकर्ता रिश्वत नहीं देना चाहता था, बल्कि ऐसे भ्रष्ट पुलिस वाले के खिलाफ कानूनी कार्यवाही चाहता था।
उक्त शिकायत पर सतर्कता अधिष्ठान सैक्टर देहरादून द्वारा गोपनीय जाँच किये जाने पर प्रथम दृष्टया सही पाये जाने पर तत्काल ट्रैप टीम का गठन किया गया, टीम द्वारा नियमानुसार कार्यवाही करते हुए दिनांक 10.01.2024 को आरोपी एस0आई0 पंकज कुमार की शिकायतकर्ता से चौकी में वार्ता करने के उपरांत एस0आई0 पंकज कुमार के कहने पर पीआरडी जवान सुरेन्द्र कुमार द्वारा शिकायतकर्ता में 30,000/- उत्कोच धनराशि ग्रहण करते हुये गिरफ्तार होते देख एस0आई0 पंकज कुमार लोगो की आवाजाही का फायदा उठाकर चतुराई से मौके से फरार हो गया। तत्पश्चात दोनों अभियुक्तों पीआरडी जवान सुरेन्द्र कुमार एवं एम0आई0 पंकज कुमार चौकी शांतरशाह थाना बहादराबाद जनपद हरिद्वार के विरुद्ध भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के अन्तर्गत मुकदमा पंजीकृत कर विवेचना जारी है। विवेचना पूर्ण कर चार्जशीट शीघ्र माननीय न्यायालय में प्रेषित की जायेगी।
