उत्तराखंड

केंद्रीय राज्यमंत्री धोत्रे ने दिए दूरस्थ क्षेत्रों में दूरसंचार सुविधाओं के विस्तार के निर्देश

केंद्रीय शिक्षा, संचार एवं इलेक्ट्रॉनिक्स और सूचना व प्रौद्योगिकी राज्य मंत्री संजय धोत्रे ने शुक्रवार को उत्तराखंड के प्रवास के दौरान राजधानी देहरादून में आयोजित बैठक में दूरसंचार सुविधाओं को लेकर विभागीय अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक की। उन्होंने उत्तराखंड में इंटरनेट सुविधाओं व मोबाइल नेटवर्क के प्रसार के संबंध में दूरसंचार विभाग, बीएसएनएल और बीबीएनएल के अधिकारियों के साथ विस्तृत चर्चा की। इस दौरान उन्होंने उत्तराखंड बीएसएनएल के ई-ऑफिस का भी उद्घाटन किया।

केंद्रीय राज्यमंत्री ने बैठक में उत्तराखंड के दूरदराज के सीमावर्ती क्षेत्रों में यू.एस.ओ. (सार्वभौमिक सेवा दायित्व) निधि द्वारा वित्तीय सहायता से मोबाइल टावरों की स्थापना की प्रगति, भारतनेट परियोजना के तहत ग्राम पंचायतों और गांवों के लिए ऑप्टिकल फाइबर कनेक्टिविटी और राष्ट्रीय ब्रॉडबैंड अभियान (एन.बी.एम.) के तहत ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों के लिए ब्रॉडबैंड कनेक्टिविटी की प्रगति की समीक्षा की।

उन्होंने विशेष रूप से उत्तराखंड के प्रवासी निवासी जो घर से काम कर रहे हैं और छात्र जो वर्तमान COVID-19 स्थिति में ऑनलाइन कक्षाओं में भाग ले रहे हैं, की जरूरतों को पूरा करने के लिए ब्रॉडबैंड कनेक्टिविटी की मजबूती पर जोर दिया। उन्होंने चार धाम यात्रा मार्ग पर मोबाइल नेटवर्क के कवरेज को बेहतर बनाने का भी निर्देश दिया। साथ ही दूरसंचार विभाग को निर्देशित किया कि उत्तराखंड सरकार और सभी दूरसंचार सेवा प्रदाताओं के साथ समन्वय कर दूरसंचार सेवाओं से वंचित क्षेत्रों को संचार सेवाओं से जोड़ने का प्रयास करें। उन्होंने राष्ट्रीय ब्रॉडबैंड अभियान के तहत ब्रॉडबैंड के प्रसार के बारे में परिकल्पित लक्ष्यों को पूरा करने के भी अधिकारियों को दिए।

बैठक में बताया गया कि उत्तराखंड में 27,108 मोबाइल बेस स्टेशन काम कर रहे हैं। इनमें से 18,598 4G तकनीक के हैं जो हाई स्पीड ब्रॉडबैंड कनेक्टिविटी प्रदान करते हैं।
बीएसएनएल ने हाल ही में नीती घाटी के मलारी क्षेत्र में मोबाइल सेवाओं को स्थापित और लॉन्च किया है।

बैठक में यह भी बताया गया कि यू.एस.ओ. परियोजना के तहत चमोली, चंपावत, पिथौरागढ़, और उत्तरकाशी के सीमावर्ती क्षेत्रों में अट्ठाइस 4G मोबाइल टावर्स की योजना प्रस्तावित है। इनमें से 22 साइटों को अधिग्रहित किया जा चुका है और 11 स्थलों पर टॉवर स्थापना का काम चल रहा है। इन क्षेत्रों में मोबाइल कनेक्टिविटी से हमारी अंतरराष्ट्रीय सीमा की सुरक्षा कर रहे अर्धसैनिक और रक्षा कर्मियों को अपने परिवार के संपर्क में रहने में मदद मिलेगी।

बताया गया कि उत्तराखंड के दूरदराज और कठिन क्षेत्रों में टेलीकॉम नेटवर्क के विस्तार से स्थानीय लोग टेली-मेडिसिन और टेली-शिक्षा और घर से काम करने सहित ई-सेवाओं का लाभ लेने के लिए 4G के उच्च गति डेटा नेटवर्क का उपयोग करने में सक्षम होंगे। इससे उत्तराखंड में तीर्थयात्रा, ट्रैकिंग और स्वास्थ्य पर्यटन को बढ़ावा देने में भी मदद मिलेगी।

केंद्रीय राज्य मंत्री धोत्रे ने राज्य में बीएसएनएल के लिए ई-ऑफिस का उद्घाटन किया। उन्होंने कहा कि बीएसएनएल की यह पहल कागजों के उपयोग को कम करने के साथ-साथ कार्यालय के काम में तत्परता और पारदर्शिता लाएगी।

बैठक में ये रहे उपस्थित

बैठक में दूरसंचार विभाग के विभाग प्रमुख एवं उप महानिदेशक (राज्य समन्वय), उत्तराखंड क्षेत्र इकाई अरुण कुमार वर्मा, बीएसएनएल उत्तराखंड के मुख्य महा प्रबन्धक सतीश शर्मा, बीबीएनएल के महाप्रबंधक महेश सिंह निखुरपा, उप महानिदेशक (रूरल) दीपक कुमार, प्रधान महाप्रबंधक सुनील कुमार सिंह, महाप्रबंधक सुनील लखेरा, निदेशक (कंप्लायंस) सुमित गुप्ता, महाप्रबंधक पंकज कुमार, निदेशक (रूरल) विजय कुमार, सहायक महानिदेशक (कंप्लायंस) अभिनव कुमार वर्मा प्रमुख रूप से उपस्थित थे।

Share Post

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *